फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs NEP Highlights: भारत सुपर-फोर में पहुंचा, नेपाल को 10 विकेट से दी शिकस्त, रोहित-शुभमन का अर्धशतक

Mon, 04 Sep 2023 11:39 PM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, पल्लेकल

खास बातें

Nepal vs India Asia Cup 2023 Highlights: एशिया कप में भारत का दूसरा मैच नेपाल के साथ था। भारत और नेपाल के बीच यह पहला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच था। भारतीय टीम नेपाल को हराकर सुपर फोर में पहुंच चुकी है। भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। नेपाल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 230 रन बनाए। हालांकि, बारिश की वजह से डकवर्थ लुईस नियम के तहत भारत को 23 ओवर में 145 रन का लक्ष्य मिला। इसे टीम इंडिया ने 20.1 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए हासिल कर लिया।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:33 PM, 04-Sep-2023

भारत ने नेपाल को 10 विकेट से हराया

भारत ने एशिया कप 2023 के अपने दूसरे मैच में नेपाल को 10 विकेट से हरा दिया। बारिश से बाधित यह मैच श्रीलंका के पल्लेकल स्टेडियम में खेला गया था। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था। नेपाल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 48.2 ओवर में 230 रन बनाए थे। इसके बाद बारिश की वजह से काफी देर तक खेल रुका रहा।

डकवर्थ लुईस नियम के तहत टीम इंडिया को 23 ओवर में 145 रन का लक्ष्य मिला था। जवाब में भारत ने 20.1 ओवर में 10 विकेट से जीत हासिल की। कप्तान रोहित शर्मा 74 रन और शुभमन गिल 67 रन बनाकर नाबाद रहे। इस जीत के साथ टीम इंडिया सुपर फोर में पहुंच गई है।

ग्रुप-ए से पाकिस्तान ने पहले स्थान पर और भारत ने दूसरे स्थान पर रहते हुए सुपर फोर के लिए क्वालिफाई किया। ग्रुप-बी में अभी श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान तीनों के सुपर फोर में पहुंचने के रास्ते खुले हुए हैं। सुपर फोर राउंड की शुरुआत छह सितंबर से होगी। भारत और पाकिस्तान एक बार फिर 10 सितंबर को भिड़ेंगे। यह मैच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा।

11:08 PM, 04-Sep-2023

IND vs NEP Live: शुभमन गिल का भी अर्धशतक

रोहित शर्मा के बाद शुभमन गिल ने भी अर्धशतक जड़ा। उन्होंने 47 गेंदों में वनडे करियर का सातवां अर्धशतक लगाया। 16 ओवर में भारत ने बिना कोई विकेट गंवाए 120 रन बना लिए हैं। टीम इंडिया को अब 42 गेंदों में 25 रन की जरूरत है। फिलहाल रोहित 61 रन और शुभमन 54 रन बनाकर क्रीज पर हैं। 

10:56 PM, 04-Sep-2023

IND vs NEP Live: रोहित शर्मा का अर्धशतक

कप्तान रोहित शर्मा ने 39 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा। उन्होंने सोमपाल कामी की गेंद पर चौका लगाकर अर्धशतक पूरा किया। यह उनके वनडे करियर का 49वां अर्धशतक रहा। 13 ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना कोई विकेट गंवाए 96 रन है। फिलहाल रोहित 53 रन और शुभमन 41 रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत को 60 गेंदों में 49 रन की जरूरत है।

विज्ञापन
10:45 PM, 04-Sep-2023

IND vs NEP Live: भारत को 81 रन की जरूरत

10 ओवर के बाद भारत ने बिना कोई विकेट गंवाए 64 रन बना लिए हैं। शुभमन गिल 30 गेंदों में 32 रन और रोहित शर्मा 30 गेंदों में 30 रन बनाकर क्रीज पर हैं। डकवर्थ लुईस नियम के तहत भारत को 23 ओवरों में 145 रन बनाने हैं। इस लिहाज से अब भारत को 78 गेंदों में 81 रन की जरूरत है।

10:21 PM, 04-Sep-2023

IND vs NEP Live: मैच शुरू

मैच शुरू हो चुका है। यह मुकाबल 23 ओवर का है। भारत को डकवर्थ लुईस नियम के तहत 145 रन का लक्ष्य मिला है। भारत ने फिलहाल तीन ओवर्स में 19 रन बना लिए हैं। ऐसे में अब भारत को 20 ओवर में 126 रन बनाने हैं। कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल क्रीज पर हैं।

विज्ञापन
10:06 PM, 04-Sep-2023

IND vs NEP Live: भारत को 145 रन का लक्ष्य

अंपायर्स ने मैदान का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने फैसला किया कि रात 10 बजकर 15 मिनट पर शुरू होगा। यह मुकाबल 23 ओवर का होगा। भारत को डकवर्थ लुईस नियम के तहत 145 रन का लक्ष्य मिला है। भारत ने फिलहाल 2.1 ओवर्स में 17 रन बना लिए हैं। ऐसे में अब भारत को 20.5 ओवर में 128 रन बनाने हैं। कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल क्रीज पर हैं। नए नियम के तहत पांच ओवर का पावरप्ले होगा। तीन गेंदबाज पांच ओवर गेंदबाजी कर सकते हैं, जबकि दो गेंदबाज चार ओवर गेंदबाजी कर सकेंगे।

08:25 PM, 04-Sep-2023

IND vs NEP Live: बारिश की वजह से फिर रुका खेल

बारिश की वजह से एक बार फिर खेल को रोकना पड़ा। भारत ने 2.1 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 17 रन बना लिए हैं। कप्तान रोहित शर्मा चार रन और शुभमन गिल 12 रन बनाकर क्रीज पर हैं। नेपाल ने 231 रन का लक्ष्य दिया है। पल्लेकल में भारत नेपाल मैच में भी बारिश ने खलल डाला है। भारतीय पारी के 2.1 ओवर के बाद भारी बारिश की वजह से मैच को रोक दिया गया। पूरे मैदान को कवर्स से ढक दिया गया था। हालांकि, अब साइड साइड से कवर्स हटा दिए गए हैं। डकवर्थ लुईस नियम का इस मैच में इस्तेमाल हो सकता है। अगर 45 ओवर का मैच हुआ तो भारत को 220 रनों का, अगर 40 ओवर का मैच हुआ तो 207 रन का, 35 ओवर में 192 रन का, 30 ओवर में 174 रन का और 20 ओवर में 130 रन का लक्ष्य मिल सकता है। 20 ओवर के मैच के लिए कट ऑफ टाइम रात 10 बजकर 27 मिनट का है।

07:37 PM, 04-Sep-2023

IND vs NEP Live: नेपाल ने बनाए 230 रन

नेपाल ने भारत को 231 रन का लक्ष्य दिया है। इस नौसिखिये टीम को ऑलआउट करने में भारत को 48.2 ओवर लग गए। नेपाल की टीम ने भारतीय गेंदबाजों के पसीने छुड़ा दिए और 230 रन बनाए। भारत की ओर से रवींद्र जडेजा और रवींद्र जडेजा ने तीन-तीन विकेट लिए। वहीं, नेपाल के लिए आसिफ शेख ने 58 रन और सोमपाल कामी ने 48 रन की बेहतरीन पारी खेली। भारतीय गेंदबाजों के इस प्रदर्शन को देखते हुए वर्ल्ड कप में टीम इंडिया की जीत की संभावना पर सवाल खड़े होने लगे हैं।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कुशाल भुर्तेल और आसिफ शेख ने नेपाल की टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। भारतीय टीम की फील्डिंग बेहद निराशाजनक रही। शुरुआती कुछ ओवरों में श्रेयस अय्यर, विराट कोहली और ईशान किशन ने तीन आसान कैच छोड़े। इसका फायदा उठाकर कुशाल और आसिफ ने पहले विकेट के लिए 65 रन जोड़े। इस साझेदारी को शार्दुल ठाकुर ने तोड़ा। उन्होंने कुशाल को विकेटकीपर ईशान के हाथों कैच कराया। कुशाल 25 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 38 रन बना सके।

इसके बाद रवींद्र जडेजा ने भीम शार्की (7), कप्तान रोहित पौडेल (5) और कुशाल मल्ला (2) को पवेलियन भेजा। इसके बाद आसिफ ने गुलशन झा के साथ 31 रन की साझेदारी निभाई। इस बीच आसिफ ने अर्धशतक पूरा किया। वह 97 गेंदों पर आठ चौके की मदद से 58 रन बनाकर सिराज की गेंद पर कैच आउट हुए। गुलशन को भी सिराज ने विकेटकीपर ईशान किशन के हाथों कैच कराया। इसके बाद दीपेंद्र सिंह एयरी और सोमपाल कामी ने सातवें विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी निभाई। दीपेंद्र को हार्दिक ने एल्बीडब्ल्यू किया। वह 25 गेंदों में तीन चौके की मदद से 29 रन बना सके।

सोमपाल ने दूसरे छोर से रन बनाना जारी रखा और कुछ शानदार शॉट्स लगाए। सोमपाल 56 गेंदों में एक चौके और दो छक्के की मदद से 48 रन बनाकर आउट हुए। संदीप लमिछाने नौ रन बनाकर रन आउट हुए। वहीं, सिराज ने ललित राजबंशी को बोल्ड कर नेपाल की पारी को 230 रन पर समेट दिया। सबसे बड़ी बात यह है कि नेपाल जैसी टीम को आउट करने में भारतीय गेंदबाज जूझते दिखे। ऐसे में मजबूत टीमों के खिलाफ इस गेंदबाजी लाइन अप के साथ उतरने को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। सिराज और जडेजा के अलावा शमी, हार्दिक और शार्दुल को एक-एक विकेट मिला। सिराज ने तीन विकेट जरूर लिए, लेकिन उन्होंने 9.2 ओवर में 61 रन लुटाए। शार्दुल को चार ओवर में 26 रन पड़े। 

07:33 PM, 04-Sep-2023

IND vs NEP Live: नेपाल को एक ओवर में दो झटके

नेपाल को 48वें ओवर में दो झटके लगे। शमी ने इस ओवर की दूसरी गेंद पर अच्छी बल्लेबाजी कर रहे सोमपाल कामी को ईशान के हाथों कैच कराया। वह 56 गेंदों में 48 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने एक चौका और दो छक्के लगाए। इसके बाद चौथी गेंद पर संदीप लमिछाने रन आउट हुए। वह नौ रन बना सके।

07:02 PM, 04-Sep-2023

IND vs NEP Live: नेपाल को सातवां झटका

42वें ओवर में 194 के स्कोर पर नेपाल को सातवां झटका लगा। हार्दिक पांड्या ने दीपेंद्र सिंह एयरी को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह 25 गेंदों में 29 रन बना सके। दीपेंद्र और सोमपाल के बीच सातवें विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी हुई। फिलहाल संदीप लमिछाने और सोमपाल क्रीज पर हैं। 42 ओवर के बाद नेपाल का स्कोर सात विकेट पर 194 रन है।

06:40 PM, 04-Sep-2023

IND vs NEP Live: शुरू हुआ मैच

बारिश रुक चुकी है। अंपायर्स ने निरीक्षण के बाद मैच को शाम 6.45 पर शुरू करने का फैसला लिया। ओवर्स में कोई कटौती नहीं की गई है। नेपाल ने बारिश की वजह से खेल रुकने तक 37.5 ओवर में छह विकेट गंवाकर 178 रन बना लिए हैं। दीपेंद्र सिंह एयरी 27 रन और सोमपाल कामी 11 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच छठे विकेट के लिए अब तक 34 रन की साझेदारी हो चुकी है।

05:46 PM, 04-Sep-2023

IND vs NEP Live: बारिश के कारण खेल रुका

बारिश के कारण खेल रुक चुका है। नेपाल का स्कोर 37.5 ओवर के बाद 178 रन पर छह विकेट है। भारत के लिए सबसे ज्यादा तीन विकेट झटके रवींद्र जडेजा ने लिए हैं। दो विकेट मोहम्मद सिराज और एक विकेट शार्दुल ठाकुर को मिला है। नेपाल के लिए सबसे ज्यादा 58 रन आसिफ शेख ने बनाए हैं। कुशल भुर्तेल 38 रन बनाकर आउट हुए। दीपेंद्र 20 गेंद में 27 और सोमपाल 20 गेंद में 11 रन बनाकर खेल रहे हैं।

05:31 PM, 04-Sep-2023

IND vs NEP Live: नेपाल का स्कोर 150 रन के पार

छह विकेट के नुकसान पर नेपाल का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। सोमपाल और दिपेंद्र कीज पर हैं। दोनों अंत तक बल्लेबाजी कर नेपाल का स्कोर 250 रन के करीब ले जाना चाहेंगे।

05:16 PM, 04-Sep-2023

IND vs NEP Asia Cup Live: नेपाल को छठा झटका

32वें ओवर में 144 के स्कोर पर नेपाल को छठा झटका लगा। सिराज ने गुलशन झा को विकेटकीपर ईशान किशन के हाथों कैच कराया। वह 35 गेंदों में तीन चौके की मदद से 23 रन बना सके। 32 ओवर के बाद नेपाल का स्कोर छह विकेट पर 145 रन है। फिलहाल सोमपाल कामी और दीपेंद्र सिहं एयरी क्रीज पर हैं।

05:06 PM, 04-Sep-2023

IND vs NEP Asia Cup Live: नेपाल को पांचवां झटका

नेपाल को 30वें ओवर में 132 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा। सिराज ने आसिफ शेख को कोहली के हाथों कैच कराया। आसिफ ने बेहतरीन बल्लेबाजी की और 97 गेंदों में आठ चौके की मदद से 58 रन बनाकर आउट हुए। 30 ओवर के बाद नेपाल का स्कोर पांच विकेट पर 134 रन है। फिलहाल दीपेंद्र सिंह एयरी और गुलशन झा क्रीज पर हैं। 

04:52 PM, 04-Sep-2023

IND vs NEP Asia Cup Live: आसिफ शेख का अर्धशतक

नेपाल के सलामी बल्लेबाज आसिफ शेख ने वनडे करियर का नौवां अर्धशतक लगाया। उन्होंने 88 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। 28 ओवर के बाद नेपाल का स्कोर चार विकेट पर 123 रन है। फिलहाल आसिफ शेख 55 रन और गुलशन झा 12 रन बनाकर क्रीज पर हैं। रवींद्र जडेजा ने तीन विकेट लिए हैं। उन्होंने भीम शार्की, रोहित पौडेल और कुशाल मल्ला को आउट किया। भुर्तेल को शार्दुल ठाकुर ने पवेलियन भेजा।

04:33 PM, 04-Sep-2023

IND vs NEP Asia Cup Live: नेपाल को चौथा झटका

22वें ओवर में 101 के स्कोर पर नेपाल को चौथा झटका लगा। जडेजा ने कुशाल मल्ला को सिराज के हाथों कैच कराया। कुशाल पांच गेंदों में दो रन बना सके। जडेजा को मिली यह तीसरी सफलता रही। 23 ओवर के बाद नेपाल का स्कोर चार विकेट पर 102 रन है। फिलहाल आसिफ शेख और गुलशन झा क्रीज पर हैं। 

04:26 PM, 04-Sep-2023

IND vs NEP Asia Cup Live: नेपाल को तीसरा झटका

नेपाल को 20वें ओवर में 93 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। रवींद्र जडेजा ने रोहित पौडेल को स्लिप में कप्तान रोहित शर्मा के हाथों कैच कराया। पौडेल आठ गेंदों में पांच रन बना सके। 20 ओवर में नेपाल का स्कोर तीन विकेट पर 93 रन है। फिलहाल आसिफ शेख और कुशाल मल्ला क्रीज पर हैं। जडेजा को मिली यह दूसरी सफलता है। इससे पहले वह भीम शार्की को आउट कर चुके हैं।

04:11 PM, 04-Sep-2023

IND vs NEP Asia Cup Live: नेपाल को दूसरा झटका

नेपाल को 16वें ओवर में 77 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। रवींद्र जडेजा ने भीम शार्की को बोल्ड किया। गेंद भीम के बल्ले से लेकर विकेट से जा टकराई। भीम सात रन बना सके। भीम और आसिफ के बीच दूसरे विकेट के लिए 12 रन की साझेदारी हुई। 16 ओवर के बाद नेपाल का स्कोर दो विकेट पर 77 रन है। फिलहाल आसिफ शेख और कप्तान रोहित पौडेल क्रीज पर मौजूद हैं।

03:46 PM, 04-Sep-2023

IND vs NEP Asia Cup Live: नेपाल को पहला झटका

10वें ओवर में 65 के स्कोर पर जाकर नेपाल को पहला झटका लगा। उससे पहले नेपाली ओपनर्स ने तीन-तीन जीवनदान मिलने के बाद भारतीय गेंदबाजों को विकेट के लिए तरसा दिया था। 10 ओवर के बाद नेपाल का स्कोर एक विकेट पर 65 रन है। शार्दुल ठाकुर ने कुशाल भुर्तेल को विकेटकीपर ईशान किशन के हाथों कैच कराया। उन्होंने 25 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 38 रन की पारी खेली। भारत की खराब फील्डिंग देखने को मिली है। श्रेयस अय्यर, विराट कोहली और ईशान किशन ने आशान कैच छोड़े। पाकिस्तान ने नेपाल को एशिया कप के पहले मैच में 104 रन पर समेट दिया था। 73 रन तक पाकिस्तान ने नेपाल के चार विकेट गिरा दिए थे। फिलहाल आसिफ शेख और भीम शार्की क्रीज पर हैं। 

03:20 PM, 04-Sep-2023

IND vs NEP Asia Cup Live: श्रेयस-कोहली के बाद ईशान ने छोड़ा कैच

पहले ओवर की आखिरी गेंद पर स्लिप में श्रेयस अय्यर ने आसान कैच छोड़ा था। इसके बाद दूसरे ओवर की पहली गेंद पर कोहली ने कवर पॉइंट में आसान कैच ड्रॉप किया। इसके बाद पांचवें ओवर की दूसरी गेंद पर विकेटकीपर ईशान किशन ने भुर्तेल का आसान कैच छोड़ दिया। भारतीय टीम ने नेपाल के ओपनर्स को तीन-तीन जीवनदान दिया और अब तक एक भी विकेट नहीं गिरा सके हैं। पांच ओवर के बाद नेपाल का स्कोर बिना कोई विकेट गंवाए 23 रन है।

03:10 PM, 04-Sep-2023

IND vs NEP Asia Cup Live: नेपाल के दो आसान कैच छूटे

शमी के पहले ओवर की आखिरी गेंद पर भुर्तेल का आसान कैच स्लिप में खड़े श्रेयस अय्यर ने छोड़ दिया। गेंद उनके हाथ से लगकर छिटक गई। न तो शमी खुश दिखे न बाकी खिलाड़ी। इसके बाद दूसरे ओवर में मोहम्मद सिराज गेंदबाजी के लिए आए। इस ओवर की पहली गेंद पर आसिफ ने कवर पॉइंट पर खड़े कोहली को आसान कैच दिया। कोहली ने यह कैच भी छोड़ दिया। गेंद उनके हाथ से लगकर नीचे गिर गई। भारतीय टीम की खराब फील्डिंग देखने को मिली है। दो ओवर के बाद नेपाल का स्कोर बिना कोई विकेट गंवाए आठ रन है। 

03:03 PM, 04-Sep-2023

IND vs NEP Asia Cup Live: नेपाल के ओपनर्स मैदान पर

नेपाल के ओपनर्स कुशाल भुर्तेल और आसिफ शेख क्रीज पर हैं। इस मैच में जसप्रीत बुमराज की जगह शमी खेल रहे हैं। 

02:55 PM, 04-Sep-2023

IND vs NEP Asia Cup Live: बारिश रुकी, समय पर शुरू होगा मैच

पल्लेकल में बारिश रुक चुकी है। मैच अपने निर्धारित समय भारतीय समयानुसार दोपहर तीन बजे शुरू होगा। सभी खिलाड़ी मैदान पर पहुंच चुके हैं। नेपाल के ओपनर्स बैटिंग करने के लिए आ चुके हैं।

02:36 PM, 04-Sep-2023

IND vs NEP Asia Cup Live: टॉस के बाद बारिश शुरू

पल्लेकल में टॉस के बाद ही बारिश शुरू हो चुकी है। 

02:35 PM, 04-Sep-2023

IND vs NEP Asia Cup Live: दोनों टीमों की प्लेइंग 11

भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जड़ेजा, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज।

नेपाल: कुशल भुर्टेल, आसिफ शेख (विकेटकीपर), रोहित पौडेल (कप्तान), भीम शर्की, सोमपाल कामी, गुलसन झा, दीपेंद्र सिंह ऐरी, कुशल मल्ला, संदीप लामिछाने, करण केसी, ललित राजबंशी।

02:31 PM, 04-Sep-2023

IND vs NEP Asia Cup Live: भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि पहले गेंदबाजी करने की कोई खास वजह नहीं है। पिछले मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी की थी और इस मैच में पहले गेंदबाजी कर गेंदबाजों का अभ्यास कराना चाहते हैं। 

02:21 PM, 04-Sep-2023

IND vs NEP Asia Cup Live: पल्लेकल में मौसम साफ

टॉस से पहले पल्लेकल में मौसम साफ है। ऐसे में पूरा मैच होने के आसार दिख रहे हैं। अगर भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करती है तो बड़ा स्कोर बना सकती है। भारत और पाकिस्तान का मैच इसी मैदान पर बारिश की भेंट चढ़ गया था। हालांकि, आज पूरा मैच होने की संभावना है।

01:55 PM, 04-Sep-2023

IND vs NEP Asia Cup Live: बारिश की भेंट चढ़ गया था भारत का मैच

भारत और पाकिस्तान का मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था। भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 266 रन बनाए थे। भारत की शीर्ष क्रम इस मैच में शाहीन अफरीदी और हारिस रऊफ के आगे फेल रहा था। भारत ने 66 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद ईशान किशन और हार्दिक पांड्या ने 138 रन की साझेदारी कर भारत को लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचाया था। दोनों बल्लेबाज अपने शतक से चूक गए थे, लेकिन भारत को अच्छी स्थिति में पहुंचा दिया था। पाकिस्तान के गेंदबाजों ने एक बार फिर प्रभावित किया था। भारतीय टीम पूरे 50 ओवर नहीं खेल पाई थी और इस मैच में भारतीय बल्लेबाज अपनी फॉर्म हासिल करना चाहेंगे।

12:54 PM, 04-Sep-2023

IND vs NEP Asia Cup Live: पहले मैच में हारा था नेपाल

नेपाल की क्रिकेट टीम को पहले मैच में पाकिस्तान के खिलाफ करारी हार झेलनी पड़ी थी। नेपाल ने पाकिस्तान को 238 रन से हराया था। नेपाल ने शुरुआत में अच्छी गेंदबाजी की थी और पाकिस्तान के चार विकेट 124 रन पर गिर गए थे। इसके बाद बाबर आजम और इफ्तिखार अहमद ने 214 रन की साझेदारी कर पाकिस्तान को बड़े स्कोर तक पहुंचाया था। दोनों ने शतक लगाए थे और पाकिस्तान की टीम छह विकेट पर 342 रन बनाने में सफल रही थी। यह स्कोर बनने के साथ ही नेपाल की हार तय हो गई थी। जवाब में नेपाल की टीम 104 रन पर सिमट गई थी और विशाल अंतर से मैच गंवाया था। भारत के खिलाफ मैच में भी नेपाल के साथ ऐसा हो सकता है।

12:47 PM, 04-Sep-2023

IND vs NEP Highlights: भारत सुपर-फोर में पहुंचा, नेपाल को 10 विकेट से दी शिकस्त, रोहित-शुभमन का अर्धशतक

Live Cricket Score Today, India vs Nepal Asia Cup 2023: नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। एशिया कप में भारत का दूसरा मैच नेपाल के साथ है। नेपाल की टीम पहले मैच में पाकिस्तान से हार गई थी। वहीं, भारत का पहला मैच पाकिस्तान के साथ बारिश की भेंट चढ़ गया था। भारत और नेपाल पहली बार कोई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच खेलेंगे। यह मैच जीतने वाली टीम सुपर चार में जगह बनाएगी। हालांकि, नेपाल के लिए भारत को हराना बेहद मुश्किल होगा।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें