फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs NED: भारतीय टीम ने दिवाली पर दिया जीत का तोहफा, नीदरलैंड को ग्रुप के आखिरी मैच में 160 रन से हराया

Sun, 12 Nov 2023 10:04 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, बंगलूरू

खास बातें

India vs Netherlands World Cup 2023: विश्व कप 2023 के 45वें और आखिरी लीग मैच में भारत ने नीदरलैंड को 160 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने ग्रुप राउंड में अपने सभी मैच जीत लिए। उसने सभी नौ विपक्षियों को हराया। बंगलूरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम इंडिया ने 50 ओवर में चार विकेट पर 410 रन बनाए। जवाब में नीदरलैंड की टीम 47.4 ओवर में 250 रन पर सिमट गई। टीम इंडिया ने दिवाली के दिन प्रशंसकों को जीत का तोहफा दिया।
विज्ञापन
भारत बनाम नीदरलैंड - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:33 PM, 12-Nov-2023

IND vs NED Match Live: भारत की बड़ी जीत

भारत ने ग्रुप राउंड के आखिरी मैच में नीदरलैंड को 160 रन से हरा दिया। टीम इंडिया अब 15 नवंबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में पहले सेमीफाइनल में उतरेगी। भारत इस टूर्नामेंट में अब तक अजेय है। उसने सभी नौ विपक्षियों को हराया है। भारत ने ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान, पाकिस्तान, बांग्लादेश, न्यूजीलैंड, इंग्लैंड, श्रीलंका, दक्षिण अफ्रीका और नीदरलैंड को हराया। टीम इंडिया के अंक तालिका में 18 अंक हैं। वह ग्रुप राउंड में अंक तालिका में शीर्ष पर रहा। दूसरी ओर, नीदरलैंड ने विश्व कप का समापन ग्रुप में सबसे नीचे 10वें स्थान के साथ किया। उसे नौ मैचों में दो जीत मिली। सात मुकाबलों में नीदरलैंड को हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद नीदरलैंड चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भाग नहीं ले सकेगा।

बंगलूरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम इंडिया ने 50 ओवर में चार विकेट पर 410 रन बनाए। जवाब में नीदरलैंड की टीम 47.4 ओवर में 250 रन पर सिमट गई। टीम इंडिया ने दिवाली के दिन प्रशंसकों को जीत का तोहफा दिया। भारत ने 2003 विश्व कप में लगातार आठ मैच जीते थे। उसने नौवीं जीत के साथ ही इस बार यह रिकॉर्ड तोड़ दिया। विश्व कप में लगातार सबसे ज्यादा मैच जीतने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के नाम है। उसने 2003 में 11 मैच जीते थे।

भारत के नौ खिलाड़ियों ने की गेंदबाजी
भारतीय गेंदबाजों ने इस मैच में शानदार प्रदर्शन किया। रोहित शर्मा ने 11 में से नौ खिलाड़ियों से गेंदबाजी कराई। केएल राहुल और श्रेयस अय्यर ने ही सिर्फ गेंदबाजी नहीं की। टीम के सीनियर खिलाड़ी विराट कोहली और रोहित शर्मा ने तो एक-एक विकेट भी लिया। शुभमन गिल और सूर्यकुमार यादव को भी गेंदबाजी का मौका मिला। भारत के लिए मोहम्मद सिराज, जसप्रीत बुमराह, रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव ने दो-दो विकेट लिए। मोहम्मद शमी को इस मैच में एक भी सफलात नहीं मिली।

नीदरलैंड के लिए तेजा ने लगाया अर्धशतक
नीदरलैंड के लिए इस मैच में सिर्फ एक खिलाड़ी ने अर्धशतक लगाया। तेजा निदामानुरू ने सबसे ज्यादा 54 रन बनाए। साइब्रांड ने 45, कॉलिन एकरमैन ने 35 और मैक्स ओडाड ने 30 रन बनाए। कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने 17 रन बनाए। लोगन वान बीक और रूलोफ वान डेर मर्वे 16-16 रन बनाकर आउट हुए। बास डी लीडे ने 12, आर्यन दत्त ने पांच और वेस्ले बर्रेसी ने चार रन बनाए। पॉल वान मीकेरेन तीन रन बनाकर नाबाद रहे।

09:25 PM, 12-Nov-2023

IND vs NED Match Live: बुमराह ने आर्यन दत्त को किया आउट

जसप्रीत बुमराह ने आर्यन दत्त को आउट कर भारत को नौवीं सफलता दिलाई। उन्होंने 47वें ओवर की पहली गेंद पर आर्यन को क्लीन बोल्ड कर दिया। नीदरलैंड ने 47 ओवर में नौ विकेट पर 247 रन बना लिए हैं। तेजा के साथ पॉल वान मीकेरेन क्रीज पर हैं।

09:13 PM, 12-Nov-2023

IND vs NED Match Live: जडेजा ने मर्वे को किया आउट

रवींद्र जडेजा ने भारत को मैच में आठवीं सफलता दिलाई। उन्होंने 44वें ओवर की चौथी गेंद पर रूलोफ वान डेर मर्वे को आउट कर दिया। मर्वे आठ गेंद पर 16 रन बनाकर मोहम्मद शमी को कैच थमा बैठे।

विज्ञापन
09:09 PM, 12-Nov-2023

IND vs NED Match Live: कुलदीप को मिली दूसरी सफलता

कुलदीप यादव ने भारत को सातवीं सफलता दिलाई। उन्होंने 43वें ओवर की पहली गेंद पर लोगन वान बीक को क्लीन बोल्ड कर दिया। वान बीक ने 15 गेंद पर 16 रन बनाए। नीदरलैंड ने 43 ओवर में सात विकेट पर 214 रन बना लिए हैं। तेजा और वान डेर मर्वे क्रीज पर हैं।

09:02 PM, 12-Nov-2023

IND vs NED Match Live: नीदरलैंड का स्कोर 200 रन के पार

छह विकेट के नुकसान पर नीदरलैंड का स्कोर 200 रन के पार जा चुका है। लोगन वन बीक और तेजा क्रीज पर हैं। दोनों अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। हालांकि, नीदरलैंड की टीम लक्ष्य से दूर है, लेकिन इन दोनों ने जमकर लड़ाई की है।

विज्ञापन
08:45 PM, 12-Nov-2023

IND vs NED Match Live: नीदरलैंड का छठा विकेट गिरा

172 रन पर नीदरलैंड का छठा विकेट गिरा है। साइब्रांड 80 गेंद में 45 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। मोहम्मद सिराज ने उन्हें बोल्ड किया। अब तेजा के साथ लोगन वन बीक क्रीज पर हैं।

08:30 PM, 12-Nov-2023

IND vs NED Match Live: नीदरलैंड का स्कोर 150 रन के पार

पांच विकेट के नुकसान पर नीदरलैंड का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। साइब्रांड के साथ तेजा क्रीज पर हैं। साइब्रांड अर्धशतक के करीब हैं। 36 ओवर के बाद नीदरलैंड का स्कोर 168/5 है।

08:21 PM, 12-Nov-2023

IND vs NED Match Live: नीदरलैंड के पांच विकेट गिरे

144 रन पर नीदरलैंड के पांच विकेट गिर चुके हैं। बुमराह ने बस डे लिडे को सटीक यॉर्कर पर बोल्ड किया। उन्होंने 21 गेंद में 12 रन बनाए। अब साइब्रांड और तेजा क्रीज पर हैं।

08:13 PM, 12-Nov-2023

IND vs NED Match Live: नीदरलैंड का स्कोर 140 रन के पार

चार विकेट के नुकसान पर नीदरलैंड का स्कोर 140 रन के पार जा चुका है। साइब्रांड और बस डे लिडे क्रीज पर हैं। नीदरलैंड की टीम जीत से काफी दूर है, लेकिन यह जोड़ी थोड़ी लड़ाई करने की कोशिश करेगी।

07:56 PM, 12-Nov-2023

IND vs NED Match Live: नीदरलैंड का चौथा विकेट गिरा

111 रन पर नीदरलैंड का चौथा विकेट गिरा है। विराट कोहली ने विपक्षी कप्तान को आउट किया। स्कॉट एडवर्ड्स 30 गेंद में 17 रन बनाकर आउट हुए। विराट ने उन्हें विकेट के पीछे लोकेश राहुल के हाथों कैच कराया। अब साइब्रांड और बस डे लिडे क्रीज पर हैं।

07:48 PM, 12-Nov-2023

IND vs NED Match Live: विराट कोहली ने की गेंदबाजी

इस मैच में कुलदीप यादव की गेंद पर कैच पकड़ने की कोशिश में मोहम्मद सिराज चोटिल हो गए। ऐसे में उनके बचे हुए छह ओवर करने के लिए विराट कोहली ने गेंद अपने हाथ में थाम ली। बंगलूरू के फैंस के लिए यह नजारा उत्साह से भर देने वाला था।

07:24 PM, 12-Nov-2023

IND vs NED Match Live: नीदरलैंड का तीसरा विकेट गिरा

72 रन पर नीदरलैंड का तीसरा विकेट गिरा है। रवींद्र जडेजा ने अपने स्पेल की पहली गेंद में ही विकेट लिया है। उन्होंने ओडाउड को बोल्ड किया। उन्होंने 42 गेंद में 30 रन बनाए।

07:12 PM, 12-Nov-2023

IND vs NED Match Live: नीदरलैंड का दूसरा विकेट गिरा

66 रन पर नीदरलैंड का दूसरा विकेट गिरा है। एकरमन 32 गेंद में 35 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। कुलदीप यादव ने उन्हें विकेटों के सामने फंसाया। अब ओडाउड के साथ एंगलब्रेट क्रीज पर हैं।

06:57 PM, 12-Nov-2023

IND vs NED Match Live: नीदरलैंड का स्कोर 50 रन के पार

एक विकेट के नुकसान पर नीदरलैंड का स्कोर 50 रन के पार जा चुका है। एकरमन और ओडाउड तेज गति से रन बना रहे हैं। दोनों ने भारतीय गेंदबाजों को परेशानी में डालकर रखा है।

06:34 PM, 12-Nov-2023

IND vs NED Match Live: नीदरलैंड का पहला विकेट गिरा

पांच रन के स्कोर पर नीदरलैंड का पहला विकेट गिरा है। मोहम्मद सिराज ने बरेसी को आउट किया। लोकेश राहुल ने उनका कैच पकड़ा। बरेसी ने पांच गेंद में चार रन बनाए। अब ओडाउड और एकरमन क्रीज पर हैं। पांच ओवर के बाद नीदरलैंड का स्कोर 17/1 है।

06:16 PM, 12-Nov-2023

IND vs NED Match Live: नीदरलैंड की बल्लेबाजी शुरू

411 रन का पीछा करते हुए नीदरलैंड की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। बरेसी और ओडाउड क्रीज पर हैं। एक ओवर के बाद नीदरलैंड का स्कोर पांच रन है।

05:47 PM, 12-Nov-2023

IND vs NED Match Live: भारत ने 410 रन बनाए

पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने चार विकेट खोकर 410 रन बनाए हैं। सबसे ज्यादा नाबाद 128 रन श्रेयस अय्यर ने बनाए। लोकेश राहुल ने 102 रन की पारी खेली। कप्तान रोहित ने 61 और गिल-कोहली ने 51 रन का योगदान दिया। इस मैच में भारत के शुरुआती पांच बल्लेबाजों ने 50 रन से ज्यादा का स्कोर बनाया। लोकेश राहुल और श्रेयस अय्यर ने चौथे विकेट के लिए 208 रन की साझेदारी की। विश्व कप में यह भारत का दूसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। इससे पहले भारत ने 2007 में बरमूडा के खिलाफ 413 रन बनाए थे। लोकेश राहुल ने 62 गेंद में अपना शतक पूरा किया और यह विश्व कप में देश के लिए सबसे तेज शतक था। नीदरलैंड के लिए बस डे लिडे ने दो विकेट लिए। मीकरेन और मर्व को एक-एक विकेट मिले।

05:42 PM, 12-Nov-2023

IND vs NED Match Live: लोकेश राहुल का शतक

लोकेश राहुल ने 64 गेंद में अपना शतक पूरा कर लिया है। उन्होंने शानदार पारी खेली है। इस विश्व कप का यह पांचवां सबसे तेज शतक है। वहीं, भारत के लिए विश्व कप का सबसे तेज शतक है। राहुल 64 गेंद में 102 रन बनाकर आउट हुए।

05:24 PM, 12-Nov-2023

IND vs NED Match Live: श्रेयस अय्यर का शतक

श्रेयस अय्यर ने 84 गेंद में अपना शतक पूरा कर लिया है। यह विश्व कप में उनका पहला शतक है। उनकी शानदार पारी के चलते भारत का स्कोर 350 रन के पार जा चुका है। अब भारत के पास 400 रन बनाने का भी मौका है। हालांकि, इसके लिए राहुल और श्रेयस को तूफानी बल्लेबाजी करनी होगी।

05:13 PM, 12-Nov-2023

IND vs NED Match Live: भारत का स्कोर 300 रन के पार

तीन विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 300 रन के पार जा चुका है। लोकेश राहुल और श्रेयस अय्यर के बीच शतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाजी तेज गति से रन बना रहे हैं। राहुल अपना अर्धशतक पूरा कर चुके हैं और श्रेयस शतक के करीब हैं।

04:55 PM, 12-Nov-2023

IND vs NED Match Live: राहुल-श्रेयस के बीच शानदार साझेदारी

लोकेश राहुल और श्रेयस अय्यर के बीच शानदार साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज अच्छी गति से रन बना रहे हैं और टीम इंडिया बड़े स्कोर की तरफ बढ़ रही है। 40 ओवर के बाद भारत का स्कोर 284/3 है। अब भारत की कोशिश आखिरी 10 ओवरों में तेजी से रन बटोरने की होगी।

04:54 PM, 12-Nov-2023

IND vs NED Match Live: भारत का स्कोर 250 रन के पार

तीन विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 250 रन के पार जा चुका है। श्रेयस अय्यर और लोकेश राहुल शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं और टीम इंडिया को विशाल स्कोर की तरफ ले जा रहे हैं।

04:28 PM, 12-Nov-2023

IND vs NED Match Live: श्रेयस अय्यर का अर्धशतक

श्रेयस अय्यर ने 48 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की है और टीम इंडिया को अच्छे स्कोर तक ले आए हैं। भारत के पास 300 रन से ज्यादा बनाने का मौका है।

04:04 PM, 12-Nov-2023

IND vs NED Match Live: भारत का तीसरा विकेट गिरा

200 रन पर भारत का तीसरा विकेट गिरा है। विराट कोहली 56 गेंद में 51 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके और एक छक्का लगाया। अब श्रेयस अय्यर के साथ लोकेश राहुल क्रीज पर हैं। 30 ओवर के बाद भारत का स्कोर 211/3 है।

03:59 PM, 12-Nov-2023

IND vs NED Match Live: विराट कोहली का अर्धशतक

विराट कोहली ने 53 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उनकी शानदार पारी के चलते भारत का स्कोर 200 रन के करीब पहुंच गया है। इस मुकाबले में भारत के शीर्ष तीन बल्लेबाजों ने अर्धशतक लगाए हैं। टीम इंडिया विशाल स्कोर की तरफ बढ़ रही है।

03:39 PM, 12-Nov-2023

IND vs NED Match Live: भारत का स्कोर 150 रन के पार

दो विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। विराट कोहली और श्रेयस अय्यर क्रीज पर हैं। दोनों अच्छी गति से रन बना रहे हैं। 22 ओवर के बाद भारत का स्कोर 158/2 है।

03:18 PM, 12-Nov-2023

IND vs NED Live: रोहित शर्मा आउट

भारत को 129 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। रोहित शर्मा 54 गेंद में आठ चौके और दो छक्के की मदद से 61 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें बास डी लीडे ने बरेसी के हाथों कैच कराया। इससे पहले शुभमन गिल 51 रन बनाकर आउट हुए थे। 18 ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 130 रन है। फिलहाल श्रेयस अय्यर और विराट कोहली क्रीज पर हैं।

03:04 PM, 12-Nov-2023

IND vs NED Live: रोहित शर्मा का अर्धशतक

रोहित शर्मा ने 44 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने शानदार पारी खेली है। विराट के साथ वह अच्छी साझेदारी कर रहे हैं। भारत का स्कोर 120 रन के पार जा चुका है। 

02:52 PM, 12-Nov-2023

IND vs NED Live: भारत का पहला विकेट गिरा

100 रन पर भारत का पहला विकेट गिरा है। शुभमन गिल 32 गेंद में 51 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। वन मीकरेन ने उन्हें निदामनुरू के हाथों कैच कराया। गिल ने अपनी पारी में तीन चौके और चार छक्के लगाए। अब रोहित शर्मा के साथ विराट कोहली क्रीज पर हैं। 13 ओवर के बाद भारत का स्कोर 104/1 है।

02:51 PM, 12-Nov-2023

IND vs NED Live: भारत का स्कोर 100 रन के पार

भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के 100 रन पहुंच चुका है। रोहित और गिल तेज गति से रन बना रहे हैं। गिल अर्धशतक पूरा कर चुके हैं। वहीं, रोहित इसके करीब हैं।

02:49 PM, 12-Nov-2023

IND vs NED Live: शुभमन गिल का अर्धशतक

शुभमन गिल ने 30 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने इस मुकाबले में तूफानी बल्लेबाजी की है और भारत का स्कोर 100 रन के करीब पहुंचा दिया है।

02:40 PM, 12-Nov-2023

IND vs NED Live: भारत ने पावरप्ले में 91 रन बनाए

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आक्रामक शुरुआत की है। पावरप्ले में टीम इंडिया ने बिना कोई विकेट खोए 91 रन बनाए हैं। रोहित शर्मा और शुभमन गिल दोनों अपने अर्धशतक के करीब पहुंच गए हैं।

02:39 PM, 12-Nov-2023

IND vs NED Live: भारत का स्कोर 50 रन के पार

भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के 50 रन के पार जा चुका है। रोहित के साथ गिल भी तेज गति से रन बना रहे हैं। दोनों ने छह ओवर के अंदर भारत का स्कोर 50 रन के पार पहुंचा दिया है।

02:02 PM, 12-Nov-2023

IND vs NED Live: भारत की शानदार शुरुआत

पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने शानदार शुरुआत की है। रोहित शर्मा तेज गति से रन बना रहे हैं। वहीं, शुभमन गिल संभलकर खेल रहे हैं। तीन ओवर के बाद भारत का स्कोर 26/0 है।

01:36 PM, 12-Nov-2023

IND vs NED Live: दोनों टीमों की प्लेइंग 11

नीदरलैंड: वेस्ले बर्रेसी, मैक्स ओडोउड, कॉलिन एकरमैन, साइब्रैंड एंगेलब्रेक्ट, स्कॉट एडवर्ड्स (विकेटकीपर/कप्तान), बास डे लीडे, तेजा निदामानुरु, लोगन वन बीक, रूलोफ वन डर मेर्वे, आर्यन दत्त, पॉल वन मीकेरेन।

भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज।

01:33 PM, 12-Nov-2023

IND vs NED Live: भारत ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। टीम इंडिया इस मैच में बिना किसी बदलाव के उतरी है। नीदरलैंड की टीम में भी कोई बदलाव नहीं है। इस मैच में भारतीय बल्लेबाज बड़ा स्कोर बनाना चाहेंगे। रोहित शर्मा दोहरा शतक लगा सकते हैं और विराट कोहली अपना 50वां वनडे शतक भी लगा सकते हैं।

01:02 PM, 12-Nov-2023

IND vs NED Live: 543 रन बना चुके हैं विराट कोहली

विराट के पास यहां शतक लगाने का सुनहरा मौका इस वजह से भी है, क्यों कि वह शानदार फार्म में चल रहे हैं। इस विश्व कप में दो शतकों की मदद से 543 रन बना चुके हैं। उनकी बल्लेबाजी भी ऐसी रही है कि एक बार निगाहें जमने के बाद वह विकेट देते नजर नहीं आए हैं। फिर वह चिन्नास्वामी स्टेडियम की रग-रग से वाकिफ हैं। आरसीबी का होने के नाते यहां उन्हें जबरदस्त समर्थन मिलेगा। विराट ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शतक लगाकर सचिन के वनडे में सर्वाधिक 49 शतक की बराबरी की थी।

यह भी पहली बार है जब विराट ने विश्व कप में 500 से अधिक रन बनाए हैं। वह इससे पहले 2011 में 282, 2015 में 305 और 2019 के विश्व कप में 443 रन बना चुके हैं। यह पहला ऐसा विश्व कप है जिसमें वह भारतीय बल्लेबाजों में रनों के मामले में अव्वल चल रहे हैं। 2011 में सचिन, 2015 में शिखर धवन और 2019 में रोहित शर्मा का जलवा रहा था।

01:01 PM, 12-Nov-2023

IND vs NED Live: विराट के पास खास मौका

भारतीय टीम ने भी कभी विश्व कप में लगातार नौ मैच नहीं जीते हैं। वहीं विराट कोहली के पास दीपावली पर वनडे में शतकों का अर्धशतक लगाने का सुनहरा मौका होगा। अगर वह ऐसा कर लेते हैं तो न सिर्फ सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ देंगे बल्कि वनडे में 50 शतक लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन जाएंगे।

01:00 PM, 12-Nov-2023

IND vs NED Live: आज देश मना रहा दिवाली

दीपों के त्योहार के बीच रविवार को भारतीय टीम नीदरलैंड केे खिलाफ देशवासियों को खुशियों की सौगात देने उतरेगी। टीम इंडिया अब तक इस विश्व कप में एक भी मैच नहीं हारी है। रोहित शर्मा की टीम की यही कोशिश रहेगी कि भारत अपराजेय का रिकॉर्ड लेकर सेमीफाइनल में खेलने उतरे। रोहित ने ऐसा कर दिया तो विश्व कप में लगातार नौ मैच जीतने वाले वह देश के पहले कप्तान होंगे।

12:06 PM, 12-Nov-2023

IND vs NED: भारतीय टीम ने दिवाली पर दिया जीत का तोहफा, नीदरलैंड को ग्रुप के आखिरी मैच में 160 रन से हराया

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज विश्व कप 2023 के 45वें मैच में भारत का सामना नीदरलैंड से है। यह मैच बंगलूरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जा रहा है। भारत और नीदरलैंड के बीच मैच लीग राउंड का आखिरी मैच भी है। इसके बाद 15 और 16 नवंबर को दो सेमीफाइनल खेले जाएंगे। भारतीय टीम पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है और 15 को न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले से पहले एक मैच प्रैक्टिस के तौर पर मैदान पर उतरेगी। वहीं, नीदरलैंड की टीम विश्व कप से बाहर हो चुकी है। वह फिलहाल आखिरी स्थान पर है। ऐसे में टीम भारत को कुछ चुनौती देने की कोशिश करेगी। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें