भारत ने आयरलैंड को 33 रन से हराकर तीन मैच की सीरीज अपने नाम कर ली है। भारतीय टीम टी20 सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त ले चुकी है। इस मैच में भारत ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 185 रन बनाए थे। इसके जवाब में आयरलैंड की टीम 152 रन ही बना सकी और मैच हार गई। भारत के लिए सबसे ज्यादा 58 रन ऋतुराज गायकवाड़ ने बनाए। संजू सैमसन ने 40 और रिंकू सिंह ने 38 रन का योगदान दिया। आयरलैंड के लिए बैरी मैकार्थी ने दो विकेट लिए। इसके जवाब में आयरलैंड ने एंड्रयू बालबर्नी के 72 रनों के दम पर खूब लड़ाई की, लेकिन मैच नहीं जीत सका। बालबर्नी के अलावा मार्क अडायर 23, कर्टिस कैंफर 18 और जॉर्ज डॉकरेल 13 रन ही दहाई का आंकड़ा छू सके। भारत के लिए जसप्रीत बुमराह, रवि बिश्नोई और प्रसिद्ध कृष्णा ने दो-दो विकेट लिए। अर्शदीप सिंह ने एक विकेट लिया।
126 रन के स्कोर पर आयरलैंड के सात विकेट गिर चुके हैं। जसप्रीत बुमराह ने बैरी मैकार्थी को रवि बिश्नोई के हाथों कैच कराया। अब मार्क अडायर और क्रैग यंग क्रीज पर हैं। 18 ओवर के बाद आयरलैंड का स्कोर सात विकेट पर 135 रन है।
एंड्रयू बालबर्नी अर्धशतक लगाकर आउट हो चुके हैं। अर्शदीप सिंह ने उन्हें संजू सैमसन के हाथों कैच कराया। बालबर्नी ने 51 गेंदों में 72 रन बनाए। अब आयरलैंड के लिए मैच जीतना बेहद मुश्किल होगा। अडायर के साथ बैरी मैकार्थी क्रीज पर हैं। 16 ओवर के बाद आयरलैंड का स्कोर छह विकेट पर 124 रन है।
चार विकेट के नुकसान पर आयरलैंड का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। एंड्रयू बालबर्नी और जॉर्ज डॉकरेल अपनी टीम को मैच में बनाए हुए हैं। दोनों सूझबूझ के साथ खेल रहे हैं।
एंड्रयू बालबर्नी ने 39 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उनकी शानदार पारी के चलते आयरलैंड की टीम मैच में बनी हुई है। उन्होंने अपनी पारी में अब तक पांच चौके और दो छक्के लगाए हैं। दूसरे छोर पर जर्ज डॉकरेल उनका साथ दे रहे हैं।
63 रन के स्कोर पर आयरलैंड का चौथा विकेट गिरा है। कर्टिस कैंफर 17 गेंद में 18 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में एक छक्का लगाया। रवि बिश्नोई ने उन्हें शिवम दुबे के हाथों कैच कराया। 12 ओवर के बाद आयरलैंड का स्कोर 81/4 है।
तीन विकेट के नुकसान पर आयरलैंड का स्कोर 50 रन के पार जा चुका है। एंड्रयू बालबर्नी और क्रर्टिस कैंफर क्रीज पर हैं। दोनों अच्छी साझेदारी कर आयरलैंड को जीत के करीब ले जाना चाहेंगे। नौ ओवर के बाद आयरलैंड का स्कोर तीन विकेट पर 57 रन है।
28 रन के स्कोर पर आयरलैंड का तीसरा विकेट गिरा है। हैरी टेक्टर को रवि बिश्नोई ने क्लीन बोल्ड किया। टेक्टर ने सात गेंद में सात रन बनाए। अब एंड्रयू बालबर्नी के साथ कर्टिस कैंफर क्रीज पर हैं। छह ओवर के बाद आयरलैंड का स्कोर तीन विकेट पर 31 रन है।
19 रन के स्कोर पर ही आयरलैंड का दूसरा विकेट गिरा है। लोर्कन टकर भी खाता खोले बिना पवेलियन लौट चुके हैं। प्रसिद्ध कृष्णा ने उन्हें ऋतुराज गायकवाड़ के हाथों कैच कराया। एक बार फिर आयरलैंड का शीर्ष क्रम फेल रहा है और टीम मुश्किल में दिख रही है। पांच ओवर के बाद आयरलैंड का स्कोर 24/2 है।
19 रन के स्कोर पर आयरलैंड का पहला विकेट गिरा है। कप्तान पॉल स्टर्लिंग खाता खोले बिना आउट हो चुके हैं। उन्होंने कुल चार गेंदों का सामना किया और प्रसिद्ध कृष्णा ने उन्हें अर्शदीप सिंह के हाथों कैच कराया। अब बालबर्नी के साथ टकर क्रीज पर हैं।
186 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आयरलैंड की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। कप्तान पॉल स्टर्लिंग और एंड्रयू बालबर्नी क्रीज पर हैं। दो ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के 18 रन है।
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 185/5 का स्कोर बनाया है और आयरलैंड के सामने जीत के लिए 186 रन का लक्ष्य रखा है। भारत के लिए सबसे ज्यादा 58 रन ऋतुराज गायकवाड़ ने बनाए। वहीं, संजू सैमसन ने 40 रन की पारी खेली। अंत के दो ओवरों में रिंकू सिंह और शिवम दुबे ने 42 रन जोड़कर भारत का स्कोर 185 रन तक पहुंचा दिया। रिंकू सिंह 38 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, शिवम दुबे 22 रन बनाकर नाबाद रहे। आयरलैंड के लिए बैरी मैकार्थी ने दो विकेट लिए। मार्क अडायर, बेंजामिन व्हाइट और क्रैग यंग को एक-एक विकेट मिला।
भारत की पारी में क्या हुआ?
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहतरीन रही। जायसवाल और ऋतुराज ने पहले विकेट के लिए 22 गेंद में 29 रन जोड़े। जायसवाल 11 गेंद में 18 रन बनाकर एक बार फिर क्रैग यंग का शिकार बने। छोटी गेंद पर पुल शॉट खेलने के प्रयास में वह बाउंड्री के पास कर्टिस कैंफर के हाथों लपके गए। पिछले मैच में अपना खाता खोलने में नाकाम रहे तिलक वर्मा इस मैच में भी फेल रहे। तिलक को मैकार्थी ने जॉर्ज डॉकरेल के हाथों कैच कराया। 34 रन पर दो विकेट गंवाने के बाद भारतीय टीम संर्घष कर रही थी। इसके बाद ऋतुराज और संजू सैमसन ने अर्धशतकीय साझेदारी कर भारतीय टीम को संभाला और टीम का स्कोर 100 रन के पार ले गए।
संजू सैमसन 26 गेंद में पांच चौके और एक छक्के की मदद से 40 रन बनाकर आउट हुए। बेंजामिन व्हाइट की ऑफ स्टंप से बाहर की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में वह बोल्ड हो गए। इसके ऋतुराज गायकवाड़ भी 43 गेंद में छह चौके और एक छक्के की मदद से 58 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने इस मैच में अपने अंतरराष्ट्रीय टी20 करियर का दूसरा अर्धशतक लगाया। मैकार्थी की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में गायकवाड़ ने टेक्टर को कैच थमाया।
129 रन पर चार विकेट गंवाने के बाद भारत की रन गति कम हो गई। 18 ओवर के बाद भारत का स्कोर 143/4 था। रिंकू सिंह और शिवम दुबे क्रीज पर थे। इसके बाद रिंकू ने मैकार्थी के 19वें ओवर में दो छक्के और एक चौके की मदद से 22 रन बटोरे। अगले ओवर में तीन छक्के लगे और अंत में भारतीय टीम 185/5 का स्कोर बनाने में सफल रही। रिंकू सिंह आखिरी ओवर में बड़ा शॉट लगाने के प्रयास में मार्क अडायर का शिकार बने। रिंकू ने 21 गेंद में दो चौके और तीन छक्कों की मदद से 38 रन बनाए। वहीं, शिवम दुबे 16 गेंद में दो छक्कों की मदद से 22 रन बनाकर नाबाद रहे। आयरलैंड के लिए मैकार्थी ने दो विकेट लिए। मार्क अडायर, क्रैग यंग और बेंजामिन व्हाइट को एक-एक विकेट मिला।
चार विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। रिंकू सिंह आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे हैं। उनकी तेज तर्रार बल्लेबाजी के चलते भारतीय टीम अच्छे स्कोर तक पहुंच चुकी है।
129 रन के स्कोर पर भारत का चौथा विकेट गिरा है। ऋतुराज गायकवाड़ अर्धशतक लगाकर आउट हो चुके हैं। बैरी मकार्थी ने उन्हें हैरी टेक्टर के हाथों कैच कराया। ऋतुराज ने 43 गेंद में 58 रन बनाए। उनकी पारी में छह चौके और एक छक्का शामिल था। अब रिंकू सिंह के साथ शिवम दुबे क्रीज पर हैं। 16 ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 132 रन है।
ऋतुराज गायकवाड़ ने 39 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने अपनी पारी में छह चौके और एक छक्का लगाया। उनके शानदार अर्धशतक के चलते टीम इंडिया मजबूत स्थिति में है। 15 ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 129 रन है।
105 रन के स्कोर पर भारत का तीसरा विकेट गिरा है। संजू सैमसन 26 गेंद में 40 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके और एक छक्का लगाया। बेंजामिन व्हाइट ने उन्हें बोल्ड किया। अब ऋतुराज गायकवाड़ के साथ रिंकू सिंह क्रीज पर हैं। 14 ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 113 रन है।
दो विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। संजू सैमसन और ऋतुराज गायकवाड़ क्रीज पर हैं। दोनों अच्छी लय में दिख रहे हैं और बड़ी साझेदारी कर भारत को विशाल स्कोर तक पहुंचाने की कोशिश करेंगे।
संजू सैमसन और ऋतुराज गायकवाड़ के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज अपने अर्धशतक के करीब पहुंच चुके हैं। सैमसन तेजी से रन बना रहे हैं, जबकि गायकवाड़ एक छोर पर संभलकर खेल रहे हैं।
दो विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 50 रन के पार जा चुका है। ऋतुराज गायकवाड़ और संजू सैमसन क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अच्छी साझेदारी हो चुकी है। आठ ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 67 रन है।
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने पावरप्ले में दो विकेट खोकर 47 रन बना लिए हैं। ऋतुराज गायकवाड़ और संजू सैमसन ने मिलकर भारतीय पारी संभाली है।
34 रन के स्कोर पर भारत का दूसरा विकेट गिर चुका है। तिलक वर्मा दो गेंद में एक रन बनाकर आउट हो चुके हैं। बैरी मैकार्थी ने उन्हें जॉर्ज डॉकरेल के हाथों कैच कराया। पिछले मैच में अपना खाता खोलने में नाकाम रहे तिलक इस मैच में भी छोटे स्कोर पर आउट हो गए। अब ऋतुराज गायकवाड़ के साथ संजू सैमसन क्रीज पर हैं। पांच ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 37 रन है।
29 रन के स्कोर पर भारत का पहला विकेट गिरा है। यशस्वी जायसवाल 11 गेंद में 18 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। क्रैग यंग ने उन्हें कर्टिस कैंफर के हाथों कैच कराया। अब ऋतुराज गायकवाड़ के साथ तिलक वर्मा क्रीज पर हैं। चार ओवर के बाद भारत का स्कोर 34/1 है।
पहले ओवर में संभलकर खेलने के बाद भारतीय बल्लेबाजों ने हाथ खोले हैं और पारी के दूसरे ओवर में 16 रन बटोरे। तीसरे ओवर में भी अच्छी बल्लेबाजी हुई और तीन ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के 26 रन है।
भारत की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। ऋतुराज गायकवाड़ और यशस्वी जायसवाल ने पारी की शुरुआत की है। दोनों ने पहले ओवर में संभलकर बल्लेबाजी की। एक ओवर के बाद भारत का स्कोर दो रन है।
आयरलैंड: एंड्रयू बालबर्नी, पॉल स्टर्लिंग (कप्तान), लोर्कन टकर (विकेटकीपर), हैरी टेक्टर, कर्टिस कैंपर, जॉर्ज डॉकरेल, मार्क अडायर, बैरी मैकार्थी, क्रैग यंग, जोशुआ लिटिल, बेंजामिन व्हाइट।
भारत: यशस्वी जयसवाल, ऋतुराज गायकवाड़, तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, शिवम दुबे, वाशिंगटन सुंदर, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, जसप्रित बुमराह (कप्तान), रवि बिश्नोई।
आयरलैंड के कप्तान पॉल स्टर्लिंग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। वहीं, भारतीय कप्तान जसप्रीत बुमराह ने कहा कि वह इस मैच में पहले बल्लेबाजी करना चाहते थे। भारतीय टीम बिना किसी बदलाव के इस मैच में मैदान में उतरी है।
सीरीज के पहले मैच में भले ही बारिश के चलते पूरा खेल नहीं हो सका था, लेकिन दूसरे मैच से पहले मौसम साफ है। ऐसे में दूसरे टी20 में पूरे 40 ओवर का खेल होने की संभावना है।
भारतीय टीम ने सीरीज का पहला मैच डकवर्थ लुईस नियम से जीता था। आयरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 139 रन बनाए थे। इसके जवाब में भारत ने दो विकेट पर 47 रन बना लिए थे और बारिश की वजह से आगे का खेल नहीं हो सका। ऐसे में टीम इंडिया ने डकवर्थ लुईस नियम के तहत दो रन से जीत हासिल की।
पहले मैच का पूरा हाल पढ़ें...
Live Cricket Score Today ,India vs Ireland T20 2023: नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और आयरलैंड के बीच टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला डबलिन में है। तीन मैच की सीरीज का पहला मुकाबला भारत ने डकवर्थ लुईस नियम से जीता था और अब दूसरा मैच भी जीतकर टीम इंडिया सीरीज अपने नाम करना चाहेगी। वहीं, आयरलैंड की कोशिश यह मैच जीतकर सीरीज में बने रहने की होगी।