फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs IRE Highlights: टी20 विश्व कप में भारत का विजयी आगाज, आयरलैंड को आठ विकेट से हराया, रोहित का अर्धशतक

Wed, 05 Jun 2024 10:54 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, न्यूयॉर्क

खास बातें

India vs Ireland T20 World Cup : टी20 विश्व कप 2024 के आठवें मैच में ग्रुप-ए में भारत का सामना आयरलैंड से था। यह मैच न्यूयॉर्क के नासाउ काउंटी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए आयरलैंड की टीम 96 रन पर सिमट गई थी। भारत ने 12.2 ओवर में दो विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
विज्ञापन
भारतीय टीम - फोटो : ICC/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:48 PM, 05-Jun-2024

भारत ने आयरलैंड को आठ विकेट से हराया

टी20 विश्व कप 2024 में भारत ने जीत के साथ शुरुआत की है। अपने पहले मैच में भारतीय टीम ने न्यूयॉर्क के नासाउ काउंटी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयरलैंड को आठ विकेट से हरा दिया है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आयरलैंड की टीम 16 ओवर में 96 रन पर सिमट गई थी। जवाब में टीम इंडिया ने 12.2 ओवर में दो विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। ऋषभ पंत ने 13वें ओवर में बैरी मैक्कार्थी की गेंद पर रिवर्स स्कूप से छक्का लगाकर मैच खत्म किया। भारत की ओर से कप्तान रोहित शर्मा ने 52 रन बनाए। हालांकि, वह रिटायर्ड हर्ट हो गए। अब तक उनकी चोट की गंभीरता का पता नहीं चल सका है। ग्रुप-ए में अब भारतीय टीम दो अंक के साथ शीर्ष पर आ गई है। उसका अगला मुकाबला नौ जून को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से है।

10:46 PM, 05-Jun-2024

IND vs IRE Match Live: भारत को दूसरा झटका

भारत को 12वें ओवर में 91 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। सूर्यकुमार यादव बड़े शॉट के चक्कर में अपना विकेट गंवा बैठे। वह दो रन बना सके। फिलहाल ऋषभ पंत और शिवम दुबे क्रीज पर हैं। भारत को छह रन की जरूरत है।

10:39 PM, 05-Jun-2024

IND vs IRE Match Live: रोहित शर्मा रिटायर्ड हर्ट

10 ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 76 रन बना लिए हैं। रोहित शर्मा ने 36 गेंद में टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 30वां अर्धशतक पूरा किया। हालांकि, ओवर खत्म होते ही वह फीजियो के साथ मैदान से बाहर चले गए। रोहित रिटायर्ड हर्ट हुए। उन्हें कुछ ओवर पहले हाथ में गेंद लगी थी। शायद इसी की वजह से वह दर्द में थे। ऐसे में उन्होंने रिटायर्ड हर्ट होने का फैसला लिया। अब तक दर्द और चोट की गंभीरता को लेकर कुछ खास जानकारी नहीं है। रोहित की जगह सूर्यकुमार यादव बल्लेबाजी के लिए आए हैं। 

विज्ञापन
10:22 PM, 05-Jun-2024

IND vs IRE Match Live: आठ ओवर समाप्त

आठ ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 52 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान रोहित शर्मा 27 गेंद में 30 रन और ऋषभ पंत 16 गेंद में 17 रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत को अब 72 गेंद में 45 रन की जरूरत है। 

10:09 PM, 05-Jun-2024

IND vs IRE Match Live: पंत-रोहित क्रीज पर

पांच ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 33 रन बना लिए हैं। फिलहाल रोहित शर्मा 17 गेंद में 22 रन और ऋषभ पंत आठ गेंद में छह रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत को एकमात्र झटका विराट कोहली के रूप में लगा। वह एक रन बना सके।

विज्ञापन
09:58 PM, 05-Jun-2024

IND vs IRE Match Live: भारत को पहला झटका

भारत को तीसरे ओवर में 22 के स्कोर पर पहला झटका लगा। मार्क अडायर ने विराट कोहली को बेंजामिन व्हाइट के हाथों कैच कराया। विराट एक रन बना सके। दोनों करीब दो साल बाद टी20 में ओपनिंग करने उतरे थे। हालांकि, यह रणनीति पहले मैच में फ्लॉप साबित हुई। फिलहाल रोहित शर्मा और ऋषभ पंत क्रीज पर हैं। तीन ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 26 रन है।

09:45 PM, 05-Jun-2024

IND vs IRE Match Live: रोहित-विराट क्रीज पर

भारत के लिए रोहित शर्मा और विराट कोहली ओपनिंग के लिए उतरे हैं। दोनों करीब दो साल बाद टी20 में ओपनिंग करने आए हैं। आयरलैंड के तरफ से मार्क अडायर ने पहले ओवर में गेंदबाजी की। एक ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना कोई विकेट गंवाए सात रन है। ओवर की आखिरी गेंद पर गेंद रोहित के बल्ले का किनारा लेकर स्लिप में गई, लेकिन बालबिर्नी कैच नहीं ले सके। गेंद चौके के लिए गई।

09:27 PM, 05-Jun-2024

भारत ने आयरलैंड को 96 रन पर समेटा

आयरलैंड की टीम 16 ओवर में 96 रन पर सिमट गई। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आयरलैंड की टीम के लिए सबसे ज्यादा रन गैरेथ डेलानी ने बनाए। उन्होंने 26 रन बनाए। वहीं, भारत की ओर से हार्दिक पांड्या ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। 

आयरलैंड की पारी
आयरलैंड की शुरुआत खराब रही थी। पारी के तीसरे ओवर में अर्शदीप सिंह ने कप्तान पॉल स्टर्लिंग और एंड्रयू बालबिर्नी को पवेलियन भेजा। स्टर्लिंग दो और बालबिर्नी पांच रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद हार्दिक पांड्या का कहर देखने को मिला। उन्होंने लोर्कन टकर (10), कर्टिस कैंफर (12) और मार्क अडायर (3) को आउट किया। वहीं, जसप्रीत बुमराह ने हैरी टेक्टर (4) और जोशुआ लिटिल (14) को पवेलियन भेजा। सिराज ने जॉर्ज डॉकरेल (3) और अक्षर पटेल ने बैरी मैक्कार्थी (0) को पवेलियन भेजा। डेलानी आखिरी विकेट के रूप में नो बॉल पर फ्री हिट पर रन आउट हुए। भारत की ओर से हार्दिक ने तीन विकेट लिए। वहीं, अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह को दो-दो विकेट मिला। मोहम्मद सिराज और अक्षर को एक-एक विकेट मिला।

न्यूयॉर्क में यह दूसरा मैच है और लगातार तीन पारियों में यहां पर टीम 100+ का स्कोर नहीं बना पाई है। इससे पहले श्रीलंका-दक्षिण अफ्रीका के बीच मुकाबले में श्रीलंकाई टीम 77 रन बना पाई थी, जबकि दक्षिण अफ्रीका ने इसे चेज किया था। अब आयरलैंड की टीम भी इस फहरिस्त में शामिल हो गई है।

09:18 PM, 05-Jun-2024

IND vs IRE Live Score: आयरलैंड को नौवां झटका

आयरलैंड को 15वें ओवर में 77 के स्कोर पर नौवां झटका लगा। बुमराह ने जोशुआ लिटिल को क्लीन बोल्ड किया। वह 14 रन बना सके। फिलहाल बेंजामिन व्हाइट और गैरेथ डेलानी क्रीज पर हैं। 15 ओवर के बाद आयरलैंड का स्कोर नौ विकेट पर 79 रन है है।

09:04 PM, 05-Jun-2024

IND vs IRE Match Live: आयरलैंड को आठवां झटका

आयरलैंड को 12वें ओवर में 50 के स्कोर पर आठवां झटका लगा। अक्षर पटेल ने अपने पहले ही ओवर में विकेट लिया। उन्होंने बैरी मैक्कार्थी का कैच अपनी ही गेंद पर लपका। वह खाता भी नहीं खोल सके। फिलहाल जोशुआ लिटिल और गैरेथ डेलानी क्रीज पर हैं। 12 ओवर के बाद आयरलैंड का स्कोर आठ विकेट पर 52 रन है।

08:57 PM, 05-Jun-2024

IND vs IRE Match Live: आयरलैंड को सातवां झटका

आयरलैंड को 49 के स्कोर पर सातवां झटका लगा। हार्दिक पांड्या ने मार्क अडायर को शिवम दुबे के हाथों कैच कराया। वह तीन रन बना सके। यह हार्दिक की तीसरी सफलता रही। इससे पहले वह लोर्कन टकर और कर्टिस कैंफर को भी हार्दिक आउट कर चुके हैं। वहीं, अर्शदीप ने दो विकेट लिए हैं। बुमराह-सिराज को एक-एक विकेट मिला है। फिलहाल गैरेथ डेलानी और बैरी मैक्कार्थी क्रीज पर हैं। 11 ओवर के बाद आयरलैंड का स्कोर सात विकेट पर 49 रन है।

08:53 PM, 05-Jun-2024

IND vs IRE Match Live: आयरलैंड को छठा झटका

10 ओवर के बाद आयरलैंड ने छह विकेट गंवाकर 49 रन बना लिए हैं। 10वें ओवर में सिराज ने जॉर्ज डॉकरेल को बुमराह के हाथों कैच कराया। वह तीन रन बना सके। फिलहाल गैरेथ डेलानी और मार्क अडेयर क्रीज पर हैं। अब तक भारत के लिए हार्दिक पांड्या और अर्शदीप सिंह दो-दो विकेट ले चुके हैं। वहीं, बुमराह और सिराज को एक-एक विकेट मिला है।

08:43 PM, 05-Jun-2024

IND vs IRE Match Live: आयरलैंड को दो और झटके

आयरलैंड को आठवें ओवर में 36 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। जसप्रीत बुमराह ने हैरी टेक्टर को विराट कोहली के हाथों कैच कराया। वह चार रन बना सके। इसके बाद नौवें ओवर में हार्दिक पांड्या ने आखिरी गेंद पर कर्टिस कैंफर को विकेटकीपर पंत के हाथों कैच कराया। कैंफर 12 रन बना सके। नौ ओवर के बाद आयरलैंड का स्कोर पांच विकेट पर 44 रन है। फिलहाल जॉर्ज डॉकरेल और गैरेथ डेलानी क्रीज पर हैं।

08:37 PM, 05-Jun-2024

IND vs IRE Match Live: आयरलैंड को तीसरा झटका

आयरलैंड को सातवें ओवर में 28 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। हार्दिक पांड्या ने अपने पहले ओवर में लोर्कन टकर को क्लीन बोल्ड किया। वह 13 गेंद में 10 रन बना सके। फिलहाल हैरी टेक्टर और कर्टिस कैंफर क्रीज पर हैं। सात ओवर के बाद आयरलैंड का स्कोर तीन विकेट पर 32 रन है।

08:31 PM, 05-Jun-2024

IND vs IRE Match Live: पावरप्ले खत्म

पावरप्ले खत्म हो चुका है। आयरलैंड ने छह ओवर के बाद 4.33 के रन रेट से दो विकेट गंवाकर 26 रन बना लिए हैं। फिलहाल लोर्कन टकर और हैरी टेक्टर क्रीज पर हैं। अर्शदीप ने पारी के तीसरे ओवर में दो विकेट लिए थे। उन्होंने कप्तान पॉल स्टर्लिंग और एंड्रयू बालबिर्नी को पवेलियन भेजा था।

08:17 PM, 05-Jun-2024

IND vs IRE Match Live: आयरलैंड को दूसरा झटका

न्यूयॉर्क के नासाउ काउंटी स्टेडियम में अर्शदीप सिंह का कहर देखने को मिल रहा है। उन्होंने पारी के तीसरे और अपने दूसरे ओवर में दो विकेट झटके। अर्शदीप ने ओवर की पहली गेंद पर कप्तान पॉल स्टर्लिंग को विकेटकीपर पंत के हाथों कैच कराया था। वह दो रन बना सके थे। इसके बाद ओवर की आखिरी गेंद पर एंड्रयू बालबिर्नी को क्लीन बोल्ड किया। वह पांच रन बना सके। तीन ओवर के बाद आयरलैंड का स्कोर दो विकेट पर नौ रन है। फिलहाल लोर्कन टकर और हैरी टेक्टर क्रीज पर हैं।

08:10 PM, 05-Jun-2024

IND vs IRE Live Score: आयरलैंड को पहला झटका

आयरलैंड को तीसरे ओवर में सात के स्कोर पर पहला झटका लगा। अर्शदीप सिंह ने कप्तान पॉल स्टर्लिंग को विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों कैच कराया। वह छह गेंद में दो रन बना सके। नासाउ काउंटी मैदान की पिच पर अब तक असीमित उछाल देखने को मिली है। कोई गेंद काफी बाउंस हो रही है तो कोई नीचे रह रही है। फिलहाल एंड्रयू बालबिर्नी और लोर्कन टकर क्रीज पर हैं।

08:05 PM, 05-Jun-2024

IND vs IRE Live Score: आयरलैंड की पारी शुरू

आयरलैंड की पारी की शुरुआत हो चुकी है। कप्तान पॉल स्टर्लिंग और एंड्रयू बालबिर्नी क्रीज पर हैं। पहले ओवर में तीन रन बने। अर्शदीप सिंह गेंदबाजी करने उतरे थे। वहीं, दूसरे ओवर में मोहम्मद सिराज गेंदबाजी के लिए आए। जसप्रीत बुमराह से कप्तान रोहित ने गेंदबाजी की शुरुआत नहीं कराई है। 

07:38 PM, 05-Jun-2024

IND vs IRE Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), विराट कोहली, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज।

आयरलैंड: पॉल स्टर्लिंग (कप्तान), एंड्रयू बालबिर्नी, लोर्कन टकर (विकेटकीपर), हैरी टेक्टर, कर्टिस कैंपर, जॉर्ज डॉकरेल, गैरेथ डेलानी, मार्क अडायर, बैरी मैक्कार्थी, जोशुआ लिटिल, बेंजामिन व्हाइट।
 

07:33 PM, 05-Jun-2024

IND vs IRE Live Score: भारत ने जीता टॉस

टी20 विश्व कप 2024 के अपने पहले मैच में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। रोहित ने कहा कि टीम इंडिया चार तेज गेंदबाजों के साथ उतरी है। इनमें बुमराह, अर्शदीप, सिराज और हार्दिक शामिल हैं। वहीं, टीम दो स्पिन ऑलराउंडर के साथ उतरी है। इनमें रवींद्र जडेजा और अक्षर पटेल शामिल हैं। यशस्वी, संजू, चहल और कुलदीप यह मैच नहीं खेल रहे। यशस्वी के न खेलने से यह बात क्लीयर है कि रोहित के साथ विराट ही ओपनिंग करेंगे। 

07:18 PM, 05-Jun-2024

IND vs IRE Live Score: पिच का खेल

नासाउ काउंटी मैदान की पिच धीमी रहेगी और स्पिनरों को ज्यादा मदद मिलेगी। इस विकेट पर भारतीय टीम आयरलैंड के बाएं हाथ के स्पिनर जॉर्ज डॉकरेल को कैसे खेलती है, यह देखना रोचक होगा। श्रीलंका और दक्षिण अफ्रीका के बीच पिछले मैच में नॉर्त्जे ने यहां चार विकेट निकाले थे। इसके अलावा केशव महाराज भी उपयोगी साबित हुए थे। श्रीलंकाई स्पिनर्स ने भी आसानी से रन नहीं लुटाए थे। श्रीलंका-दक्षिण अफ्रीका का मैच लो स्कोरिंग रहा था। श्रीलंकाई टीम ने 77 रन बनाए थे, जवाब में अफ्रीकी टीम 78 रन के लक्ष्य को 16.2 ओवर में हासिल कर पाई थी। ऐसे में न तो भारत और न ही आयरलैंड के लिए मैच आसान रहने वाला है।

07:18 PM, 05-Jun-2024

IND vs IRE Live Score: आयरलैंड को कम आंकना होगी भूल

आयरलैंड को कमजोर नहीं आंका जा सकता जिसने विश्वकप से पहले पाकिस्तान को उसकी धरती पर हराया। लिटिल को गुजरात टाइटंस के लिए आईपीएल खेलने का अनुभव भी है। आयरलैंड की टीम में पॉल स्टर्लिंग, जोश लिटिल, हैरी टेक्टर, एंडी बालबर्नी जैसे अच्छे टी-20 क्रिकेटर हैं। आयरलैंड की टीम ने हाल ही में अपने घर में पाकिस्तान को भी हराया था। यह टीम कभी भी उलटफेर कर सकती है

07:04 PM, 05-Jun-2024

IND vs IRE Live Score: यशस्वी को बैठना पड़ा सकता है बाहर

कप्तान रोहित और कोहली के लिए यशस्वी जायसवाल को बाहर रहना पड़ सकता है। ऋषभ पंत ने अभ्यास मैच में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी की और हार्दिक पंड्या ने अच्छी बल्लेबाजी और गेंदबाजी की। पंड्या ने अभ्यास सत्र में कोहली, सूर्यकुमार यादव और रोहित को अच्छी खासी गेंदबाजी की। वह प्रतिदिन तीन ओवर भी डाल पाते हैं तो भारतीय टीम में शिवम दुबे और एक अतिरिक्त स्पिनर को उतारा जा सकता है।

07:03 PM, 05-Jun-2024

IND vs IRE Live Score: तेज गेंदबाजी आक्रमण कमजोर

भारत को फायदा इस बात का है कि उसके पास आयरलैंड से बेहतर स्पिनर्स हैं। हालांकि, बुमराह के अलावा तेज गेंदबाजी आक्रमण थोड़ा कमजोर लग रहा है। कई बार बहुत ज्यादा विकल्प होना भी अच्छी स्थिति नहीं होती है और शीर्ष क्रम पर भारत के साथ ऐसा ही हो रहा है।

07:03 PM, 05-Jun-2024

IND vs IRE Live: रोहित का माना जा रहा आखिरी विश्व कप

37 वर्ष के रोहित का यह आखिरी विश्व कप माना जा रहा है और यह लगभग तय है कि वह भारत में होने वाले अगले टी-20 विश्व कप और दक्षिण अफ्रीका में 2027 में होने वाले 50 ओवरों के विश्व कप तक नहीं खेलेंगे। वहीं, बतौर कोच यह राहुल द्रविड़ का आखिरी विश्व कप है ही। टीम इंडिया जीत के साथ उन्हें उपहार भी देना चाहेगी।

07:02 PM, 05-Jun-2024

IND vs IRE Live: अनुभवी खिलाड़ियों पर जताया भरोसा

भारतीय क्रिकेट टीम 1982 और 1986 की ब्राजील फुटबॉल टीम की तरह नहीं बनना चाहती जब सुकरात, जिको, कारेका, फाल्काओ और अलेमाओ जैसे सितारे भी फीफा विश्व कप नहीं जीत सके थे। पिछले साल वनडे विश्व कप फाइनल के बाद कप्तान रोहित शर्मा अपने आंसू नहीं छिपा सके थे। वहीं, 765 रन बनाने वाले कोहली के चेहरे पर भी उदासी साफ देखी जा सकती थी। कई बार सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी मिलकर सर्वश्रेष्ठ टीम नहीं बना पाते। भारत ने अपने अनुभवी खिलाड़ियों पर भरोसा जताया है, लेकिन यह नहीं भूलना चाहिए कि यही टीम कई बार आखिरी दो तिलिस्म नहीं तोड़ सकी है। रोहित और कोहली से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।

06:28 PM, 05-Jun-2024

IND vs IRE Live: बुमराह-जडेजा अब तक खिताब नहीं जीत सके

भारतीय टीम में अभी भी कई अनसुलझे सवाल हैं मसलन यहां ‘ड्रॉप इन’ पिच पर टीम संयोजन क्या रहेगा। अभी तक यहां हुए मैचों से स्पष्ट है कि यहां रनों का अंबार नहीं लगने जा रहा है। उससे भी बड़ी चिंता खिताब के प्रबल दावेदार का ठप्पा है। रोहित शर्मा और विराट कोहली तो किसी ने किसी विश्व कप विजेता टीम के सदस्य रह चुके हैं, लेकिन जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा जैसे स्टार क्रिकेटरों ने अभी तक खिताब नहीं जीता है और वे इसके लिए बेताब हैं।

06:27 PM, 05-Jun-2024

IND vs IRE Live: 17 साल पहले टी20 विश्व कप ट्रॉफी जीती थी

भारतीय टीम बुधवार को अपने विश्व कप अभियान की शुरुआत करेगी। न्यूयॉर्क के नासाउ काउंटी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत का सामना आयरलैंड से होगा। रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे भारत के दिग्गज क्रिकेटर 17 वर्ष से टी20 विश्व कप ट्रॉफी नहीं जीत पाने का मलाल मिटाने में कोई कोर कसर बाकी नहीं रखना चाहेंगे। भारत ने 2007 में ओपनिंग टी20 विश्व कप में खिताब अपने नाम किया था।

05:58 PM, 05-Jun-2024

IND vs IRE Live Score: हार्दिक का फॉर्म में होना जरूरी

हार्दिक पांड्या का फॉर्म में होना टीम इंडिया के लिए काफी जरूरी होगा। पांड्या एक ऐसे खिलाड़ी जो टीम को काफी संतुलन प्रदान करते हैं। वहीं, जसप्रीत बुमराह और कुलदीप यादव भी भारत के लिए एक्स फैक्टर साबित हो सकते हैं। सबसे बड़ा सवाल ओपनिंग को लेकर है। रोहित शर्मा के जोड़ीदार यशस्वी जायसवाल और विराट कोहली में से कौन होगा, इसका जवाब आज टॉस के दौरान ही मिलेगा। वहीं, शिवम दुबे के खेलने को लेकर भी संशय है।

05:57 PM, 05-Jun-2024

IND vs IRE Live: दोनों टीमों के बीच आंकड़े

भारत और आयरलैंड के बीच आंकड़े को देखें तो दोनों टीमों के बीच अब तक सात मुकाबले खेले गए हैं। सातों मैच में टीम इंडिया ने जीत हासिल की है। रोहित शर्मा की अगुआई में भारतीय टीम लेकिन आयरलैंड को हल्के में लेने की कोशिश नहीं करेगी। भारत की इस टीम को ऑन पेपर काफी मजबूत माना जा रहा है। टीम में अनुभव और युवा जोश का खास मिश्रण है।

05:12 PM, 05-Jun-2024

IND vs IRE Live: नासाउ काउंटी की पिच एक अनसुलझी पहेली

इस टूर्नामेंट में अब तक नासाउ काउंटी में सिर्फ एक मैच खेला गया है, जो कि काफी लो स्कोरिंग रहा था। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ श्रीलंकाई टीम मात्र 77 रन पर सिमट गई थी। इतना ही नहीं दक्षिण अफ्रीका को 78 रन चेज करने में 17 ओवर लग गए थे। ऐसे में आयरलैंड जैसी खतरनाक टीम उलटफेर करने में माहिर है। उसने पहले भी कई बार ऐसा किया है। ऐसे में भारतीय टीम को आयरलैंड से बचकर रहने की जरूरत है। नासाउ की पिच ऐसी है, जिसके बारे में अब तक कोई अंदाजा नहीं लगा सका है। 

05:10 PM, 05-Jun-2024

IND vs IRE Live: सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

इस मैच को लेकर न्यूयॉर्क में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। न्यूयॉर्क में आतंकी हमले के खतरे को देखते हुए स्थानीय पुलिस कोई कोताही नहीं बरतना चाहेगी। दरअसल, कुछ समय पहले आईएसआईएस के एक आतंकी संगठन ने 'लोन वुल्फ' हमले की धमकी दी थी। साथ ही ड्रोन से भी हमले का डर है। नासाउ काउंटी स्टेडियम को छावनी में तब्दील किया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस वाले साधारण कपड़ों में स्नाइपर्स के साथ मैदान के अंदर मौजूद होंगे। इतना ही नहीं SWAT टीम की भी तैनाती की गई है।

05:03 PM, 05-Jun-2024

IND vs IRE Highlights: टी20 विश्व कप में भारत का विजयी आगाज, आयरलैंड को आठ विकेट से हराया, रोहित का अर्धशतक

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज टी20 विश्व कप 2024 के आठवें मैच में ग्रुप-ए में भारत का सामना आयरलैंड से है। यह मैच न्यूयॉर्क के नासाउ काउंटी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस संस्करण में यह टीम इंडिया का पहला मुकाबला है और रोहित शर्मा एंड कंपनी जीत के साथ टूर्नामेंट का आगाज करना चाहेगी। हालांकि, आयरलैंड उलटफेर करने में माहिर है और टीम इंडिया को उनसे बचकर रहने की जरूरत होगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें