रोमांचक मैच में भारत ने आयरलैंड को चार रन से हरा दिया है। आखिरी ओवर में आयरलैंड को जीत के लिए 17 रन चाहिए थे, लेकिन उमरान मलिक ने ये रन आयरलैंड को नहीं बनाने दिए। आखिरी ओवर में आयरलैंड की टीम 12 रन बना सकी। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में सात विकेट पर 225 रन बनाए थे।
दीपक हुड्डा ने 104 रन और संजू सैमसन ने 77 रन की पारी खेली। जवाब में आयरलैंड की टीम 20 ओवर में पांच विकेट पर 221 रन बना सकी। इस जीत के साथ भारत ने दो मैचों की टी-20 सीरीज भी 2-0 से अपने नाम की। बतौर कप्तान हार्दिक पांड्या ने अपनी पहली सीरीज में विपक्षी टीम को क्लीन स्वीप किया।
आयरलैंड की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया और सभी फैन्स का दिल जीत लिया। आयरलैंड की ओर से पॉल स्टर्लिंग ने 18 गेंदों पर 40 रन और कप्तान एंड्रयू बलबर्नी ने 37 गेंदों पर 60 रन बनाए। आखिर में जॉर्ज डॉकरेल ने 16 गेंदों पर 34 रन और मार्क अडेयर ने 12 गेंदों पर 23 रन की नाबाद पारी खेली।
18वें ओवर में 189 के स्कोर पर आयरलैंड को पांचवां झटका लगा। भुवनेश्वर कुमार ने हैरी टेक्टर को दीपक हुड्डा के हाथों कैच कराया। फिलहाल जॉर्ड डॉकरेल और मार्क अडेयर क्रीज पर हैं। 18 ओवर के बाद आयरलैंड का स्कोर पांच विकेट पर 195 रन है। आयरलैंड को 12 गेंदों पर 31 रन की जरूरत है।
16 ओवर में आयरलैंड ने चार विकेट गंवाकर 174 रन बना लिए हैं। फिलहाल जॉर्ज डॉकरेल पांच गेंदों पर 15 रन और हैरी टेक्टर 26 गेंदों पर 38 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। 24 गेंदों पर आयरलैंड को 52 रन की जरूरत है।
14 ओवर में आयरलैंड ने चार विकेट गंवाकर 147 रन बना लिए हैं। फिलहाल हैरी टेक्टर 19 गेंदों पर 26 रन और जॉर्ज डॉकरेल शून्य पर बल्लेबाजी कर रहे हैं। तेज गेंदबाज उमरान मलिक ने अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर का पहला विकेट झटका। उन्होंने लोर्कन टकर को सब्सटिट्यूट फील्डर चहल के हाथों कैच कराया। वे नौ गेंदों पर पांच रन बना सके।
13 ओवर के बाद आयरलैंड ने तीन विकेट गंवाकर 135 रन बना लिए हैं। फिलहाल हैरी टेक्टर 15 गेंदों पर 19 रन और लोर्कन टकर छह गेंदों पर चार रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। आयरलैंड को जीत के लिए अब भी 90 प्लस रन की जरूरत है।
11वें ओवर में 117 के स्कोर पर आयरलैंड को तीसरा झटका लगा। हर्षल पटेल ने कप्तान एंड्रयू बलबर्नी को रवि बिश्नोई के हाथों कैच कराया। बलबर्नी 37 गेंदों पर 60 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में बलबर्नी ने तीन चौके और सात छक्के लगाए। 11 ओवर के बाद आयरलैंड का स्कोर तीन विकेट पर 119 रन है। फिलहाल लोर्कन टकर और हैरी टेक्टर क्रीज पर हैं।
10 ओवर के बाद आयरलैंड ने दो विकेट गंवाकर 107 रन बना लिए हैं। फिलहाल एंड्रयू बलबर्नी 34 गेंदों पर 50 रन और हैरी टेक्टर छह गेंदों पर छह रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। बलबर्नी ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का छठा अर्धशतक लगाया।
आयरलैंड की पारी के दौरान आठवें ओवर में मैदान पर भारी ड्रामा देखने को मिला। रवि बिश्नोई इस ओवर में गेंदबाजी कर रहे थे। चौथी गेंद बिश्नोई ने गुगली फेंकी। एंड्रयू बलबर्नी ने आगे बढ़कर छक्का मारने की कोशिश की, लेकिन मिस कर गए और विकेटकीपर ईशान किशन ने स्टंप आउट किया। इसके बाद बलबर्नी वापस पवेलियन लौटने लगे। हालांकि, अंपायर ने उन्हें रोका और नो बॉल करार दिया। बिश्नोई ओवर स्टेप कर गए थे। इस तरह बलबर्नी को जीवनदान मिला। आठ ओवर के बाद आयरलैंड का स्कोर दो विकेट पर 86 रन है। बलबर्नी 25 गेंदों पर 33 रन और हैरी टेक्टर तीन रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
आयरलैंड को लगातार दूसरे ओवर में दूसरा झटका लगा। छठे ओवर में रवि बिश्नोई ने पॉल स्टर्लिंग को क्लीन बोल्ड किया था। इसके बाद सातवें ओवर में गैरेथ डेलानी रन आउट हुए। उमरान मलिक के छठे ओवर की तीसरी गेंद पर डेलानी ने रन लेने की कोशिश की, लेकिन कप्तान हार्दिक पांड्या के डायरेक्ट थ्रो पर विकेट गंवा बैठे। डेलानी खाता भी नहीं खोल सके। सात ओवर के बाद आयरलैंड का स्कोर दो विकेट पर 79 रन है। फिलहाल कप्तान एंड्रयू बलबर्नी 21 गेंदों पर 31 रन और हैरी टेक्टर क्रीज पर हैं।
तूफानी शुरुआत के बाद आखिरकार पावरप्ले के आखिरी ओवर यानी छठे ओवर में भारत को पहली सफलता मिली। आयरलैंड को 72 के स्कोर पर पहला झटका लगा। लेग स्पिनर रवि बिश्नोई ने शानदार बल्लेबाजी कर पॉल स्टर्लिंग को क्लीन बोल्ड किया। स्टर्लिंग 18 गेंदों पर 40 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में स्टर्लिंग ने पांच चौके और तीन छक्के लगाए। छह ओवर के बाद आयरलैंड का स्कोर एक विकेट पर 73 रन है। फिलहाल कप्तान एंड्रयू बलबर्नी 18 गेंदों पर 25 रन और गैरेथ डेलानी क्रीज पर हैं।
आयरलैंड ने चार ओवर में बिना विकेट गंवाए 50 रन बना लिए हैं। पॉल स्टर्लिंग 13 गेंदों पर 33 रन और कप्तान एंड्रयू बलबर्नी 11 गेंदों में 13 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। हार्दिक पांड्या ने अपने दो ओवरों में 18 रन और भुवनेश्वर कुमार अपने दो ओवरों में 29 रन लुटा चुके हैं।
दो ओवर के बाद आयरलैंड ने बिना कोई विकेट गंवाए 26 रन बना लिए हैं। पॉल स्टर्लिंग तूफानी बल्लबाजी कर रहे हैं। वे आठ गेंदों पर 24 रन और कप्तान एंड्रयू बलबर्नी शून्य पर बल्लेबाजी कर रहे हैं। भुवनेश्वर के पहले ओवर में आयरलैंड ने 18 रन बनाए। यह टी-20 क्रिकेट के इतिहास में पहली बार है जब भारतीय टीम ने पारी के पहले ओवर में 18 रन लुटाए हो। यह भारत की ओर से सबसे महंगा पहला ओवर रहा। इससे पहले 2014 में बर्मिंघम में इंग्लैंड ने और 2016 में लॉडरहिल में वेस्टइंडीज ने भारत के खिलाफ पहले ओवर में 17 रन बनाए थे।
226 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरलैंड की टीम ने आक्रामक शुरुआत की है। पहले ओवर में टीम ने 18 रन बनाए। यह सभी रन पॉल स्टर्लिंग ने भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर बनाए। इस ओवर में स्टर्लिंग ने एक छक्का और तीन चौके लगाए।
भारत ने आयरलैंड के सामने 226 रन का लक्ष्य रखा है। टीम इंडिया ने 20 ओवर में दीपक हुड्डा के शतक और संजू सैमसन के अर्धशतक की बदौलत सात विकेट पर 225 रन बनाए। दीपक हुड्डा ने 57 गेंदों पर 104 रन की पारी खेली। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय का पहला शतक रहा। दीपक टी-20 अंतरराष्ट्रीय में शतक लगाने वाले भारत के चौथे खिलाड़ी बने। वहीं, सैमसन ने 42 गेंदों पर 77 रन की पारी खेली। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 176 रन की साझेदारी की। यह भारत की ओर से किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है।
इन दोनों के अलावा टीम इंडिया के बाकी बल्लेबाज फेल रहे। भारत के तीन बल्लेबाज शून्य पर आउट हुए। इनमें दिनेश कार्तिक, अक्षर पटेल और हर्षल पटेल शामिल हैं। ईशान किशन तीन रन बना सके। वहीं, सूर्यकुमार यादव ने पांच गेंदों पर 15 रन की पारी खेली। कप्तान हार्दिक पांड्या नौ गेंदों पर 15 रन और भुवनेश्वर कुमार एक रन बनाकर नाबाद रहे। आयरलैंड की ओर से मार्क अडेयर ने तीन विकेट झटके। वहीं, जोशुआ लिटिल और क्रेग यंग को दो-दो विकेट मिले।
19वें ओवर में टीम इंडिया को दो झटके लगे। दिनेश कार्तिक और अक्षर पटेल लगातार दो गेंदों पर विकेट गंवा बैठे। दोनों शून्य पर आउट हुए। क्रेग यंग ने 19वें ओवर की पांचवीं गेंद पर दिनेश कार्तिक को विकेटकीपर टकर के हाथों कैच कराया। इसके बाद अगली गेंद पर अक्षर पटेल को डॉकरेल के हाथों कैच कराया।
दीपक हुड्डा ने बेहतरीन पारी खेलते हुए 55 गेंदों पर शतक जड़ दिया। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला शतक है। दीपक हुड्डा टी-20 अंतरराष्ट्रीय में भारत के लिए शतक लगाने वाले चौथे बल्लेबाज हैं। उनसे पहले रोहित शर्मा (चार शतक), केएल राहुल (दो शतक) और सुरेश रैना (एक शतक) लगा चुके हैं। इससे पहले दीपक ने 27 गेंदों पर फिफ्टी लगाई थी। 18वें ओवर में दीपक हुड्डा ने शतक पूरा किया। इसी ओवर की तीसरी गेंद पर सूर्यकुमार यादव आउट भी हो गए। उन्हें जोशुआ लिटिल ने विकेटकीपर टकर के हाथों कैच कराया। सूर्यकुमार पांच गेंदों पर 15 रन बना सके। इसमें दो चौके और एक छक्का शामिल है। 18वें ओवर की ही आखिरी गेंद पर दीपक हुड्डा अपना विकेट गंवा बैठे। उन्हें जोशुआ लिटिल ने एंडी मैकब्राइन के हाथों कैच कराया। दीपक हुड्डा 57 गेंदों पर 104 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने नौ चौके और छह छक्के लगाए। 18 ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 212 रन है।
17वें ओवर में 189 के स्कोर पर टीम इंडिया को दूसरा झटका लगा। मार्क अडेयर ने संजू सैमसन को क्लीन बोल्ड किया। सैमसन 42 गेंदों पर नौ चौके और चार छक्के की मदद से 77 रन बनाकर आउट हुए।
16 ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 183 रन बना लिए हैं। फिलहाल दीपक हुड्डा 53 गेंदों पर 98 रन और संजू सैमसन 40 गेंदों पर 71 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 85 गेंदों पर 170 रन की साझेदारी हो चुकी है। यह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में भारत के लिए किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है।
13 ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 138 रन बना लिए हैं। दीपक हुड्डा के बाद संजू सैमसन ने भी अर्धशतक लगाया। सैमसन ने 31 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला अर्धशतक रहा। सैमसन आयरलैंड दौरे पर पहला मैच खेल रहे थे। उन्हें चोटिल ऋतुराज की जगह प्लेइंग-11 में शामिल किया गया था। इससे पहले दीपक हुड्डा ने भी अर्धशतक जड़ा था। फिलहाल सैमसन 32 गेंदों पर 51 रन और दीपक 42 गेंदों पर 80 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच अब तक 66 गेंदों पर 126 रन की साझेदारी हो चुकी है।
12 ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 129 रन बना लिए हैं। दीपक हुड्डा तूफानी बल्लेबाजी कर रहे हैं। वे 38 गेंदों पर 76 रन और संजू सैमसन 30 गेंदों 46 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच अब तक 60 गेंदों पर 116 रन की साझेदारी हो चुकी है। 12वें ओवर में भारतीय टीम ने 19 रन बटोरे।
दीपक हुड्डा ने आयरलैंड के खिलाफ दूसरे टी-20 में 27 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा है। उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला अर्धशतक है। वहीं, संजू सैमसन भी अर्धशतक के करीब हैं। वह 29 गेंदों पर 42 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। 10 ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 97 रन है। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 80 प्लस रन की साझेदारी हो चुकी है।
नौ ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 81 रन बना लिए हैं। फिलहाल संजू सैमसन 27 गेंदों पर 40 रन और दीपक हुड्डा 23 गेंदों पर 36 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। 40 रन सैमसन का टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर है। दोनों के बीच 60 प्लस रन की साझेदारी हो चुकी है।
सात ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 58 रन बना लिए हैं। फिलहाल संजू सैमसन 21 गेंदों पर 26 रन और दीपक हुड्डा 17 गेंदों पर 28 रन बनाकर खेल रहे हैं। दोनों के बीच अब तक 45 रन की साझेदारी हो चुकी है।
भारत ने पांच ओवर के बाद एक विकेट गंवाकर 39 रन बना लिए हैं। फिलहाल संजू सैमसन 13 गेंदों पर 16 रन और दीपक हुड्डा 13 गेंदों पर 19 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। टीम इंडिया को पहला झटका ईशान किशन के रूप में लगा। वह तीन रन बना सके।
तीसरे ओवर में 13 के स्कोर पर टीम इंडिया को पहला झटका लगा। ईशान किशन पांच गेंदों पर तीन रन बनाकर आउट हुए। उन्हें मार्क अडेयर ने विकेटकीपर लोर्कन टकर के हाथों कैच कराया। फिलहाल दीपक हुड्डा और संजू सैमसन क्रीज पर हैं। तीन ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 21 रन है।
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए धीमी शुरुआत की है। टीम इंडिया ने दो ओवर में बिना किसी नुकसान को 13 रन बना लिए हैं। संजू सैमसन आठ गेंद पर 10 और ईशान किशन चार गेंद पर तीन रन बनाकर नाबाद हैं। सैमसन ने लंबे समय बाद टीम में वापसी की है।
भारत: संजू सैमसन, ईशान किशन, दीपक हुड्डा, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या (कप्तान), दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, रवि बिश्नोई, हर्षल पटेल, उमरान मलिक।
आयरलैंड: एंड्रयू बलबर्नी (कप्तान), पॉल स्टर्लिंग, गैरेथ डेलानी, हैरी टेक्टर, लोर्कन टकर (विकेटकीपर), एंडी मैकब्राइन, जॉर्ज डॉकरेल, मार्क अडेयर, क्रेग यंग, जोशुआ लिटिल और कोनोर ओल्फर्ट।
भारत के कप्तान हार्दिक पांड्या ने आयरलैंड के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया है। हार्दिक ने बतौर कप्तान लगातार दूसरा टॉस जीता। भारतीय टीम में तीन बदलाव किए गए हैं। चोटिल ऋतुराज गायकवाड़ की जगह संजू सैमसन, आवेश खान की जगह हर्षल पटेल और युजवेंद्र चहल की जगह रवि बिश्नोई को मौका दिया गया है। वहीं, आयरलैंड के कप्तान एंड्रयू बलबर्नी ने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है।
भारतीय टीम में एक बदलाव हो सकता है। चोटिल ऋतुराज गायकवाड़ की जगह संजू सैमसन को मौका दिया जा सकता है। ऐसे में सैमसन और दीपक हुड्डा में से किसी एक को ईशान किशन के साथ ओपनिंग के लिए भेजा जा सकता है।
आयरलैंड के बल्लेबाजों ने तो अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन उनके गेंदबाज उतना बेहतर नहीं कर सके। भारत की मजबूत बैटिंग लाइनअप के आगे उन्हें बेहतर करने की जरूरत होगी। क्रेग यंग ने स्विंग और सीम का अच्छा इस्तेमाल किया।
साथी गेंदबाज यंग से प्रेरणा पा सकते हैं। उन्हें पता है कि भारत जैसी टीम के खिलाफ खेलने का मौका रोज नहीं मिलने वाला और इस मौके को भुनाना चाहेंगे। हार्दिक और दीपक हुड्डा ने स्पिनर एंडी मैकब्रायन के एक ओवर में 21 रन बटोरे।
इस मैच में संजू सैमसन और राहुल त्रिपाठी में से किसी एक को मौका मिल सकता है। संजू सैमसन को पहले मैच में मौका नहीं मिला, लेकिन दूसरे मैच में उन्हें उतारा जा सकता है। चोट से उबरने के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करने वाले सूर्यकुमार यादव पहली गेंद पर आउट हो गए थे।
दूसरे मैच में उनसे अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद है। पहले मुकाबले में चोट के कारण ऋतुराज गायकवाड़ हिस्सा नहीं ले सके थे। ऐसे में राहुल त्रिपाठी और सैमसन में से किसी एक को बतौर ओपनर उतारा जा सकता है। पिछले मैच में दीपक हुड्डा को ओपनिंग उतारा गया था और उन्होंने बेहतरीन बल्लेबाजी की थी।
प्लेइंग-11 में उनकी जगह तय है। टीम मैनेजमेंट ऐसा भी कर सकता है कि हुड्डा को फिर से ओपनिंग भेजा जाए और तीसरे नंबर पर सैमसन को मौका दिया जाए। ऐसे में राहुल त्रिपाठी को फिर से बेंच पर बैठना पड़ सकता है।
आवेश खान भी डेथ ओवरों में अच्छा नहीं कर सके थे। वे भी बेहतर करना चाहेंगे। अनुभवी भुवनेश्वर कुमार एक बार फिर अपनी स्विंग करने की कला से आयरलैंड के बल्लेबाजों को परेशानी में डाल सकते हैं। 22 साल के आयरिश बल्लेबाज हैरी टेक्टर ने बेखौफ बल्लेबाजी की। उनके प्रदर्शन की भारतीय कप्तान हार्दिक ने भी तारीफ की। अगर दूसरे मैच में भी अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो उनके लिए आईपीएल के दरवाजे खुल सकते हैं।
आयरलैंड के खिलाफ सीरीज के बाद अगले महीने भारतीय टीम को इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 सीरीज भी खेलनी है। इससे पहले युवा खिलाड़ियों के पास चयनकर्ताओं को प्रभावित करने का मौका है। तेज गेंदबाज उमरान मलिक भी इस मैच में प्रभाव छोड़ना चाहेंगे। उन्हें आयरलैंड के खिलाफ पहले मैच में टीम इंडिया के लिए डेब्यू का मौका मिला।
हालांकि, वह एक ओवर ही फेंक पाए जिसमें उन्होंने 14 रन दे दिए थे। यह पारी का छठा ओवर था जिसमें हैरी टेक्टर ने मलिक की अतिरिक्त तेजी का फायदा उठाया और दो चौके और एक छक्का जड़ दिया। कप्तान हार्दिक पंड्या कह चुके हैं कि मलिक पुरानी गेंद से अच्छा प्रदर्शन करते हैं। ऐसे में उन्हें पावरप्ले के बाद गेंद सौंपी जा सकती है।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और आयरलैंड के बीच आज डबलिन में दो मैचों की टी-20 सीरीज का दूसरा मैच खेला जा रहा है। भारतीय टीम ने पहले टी-20 में सात विकेट से जीत हासिल की थी और सीरीज में 1-0 की अजेय बढ़त ले ली थी। यह मैच जीतकर टीम इंडिया सीरीज अपने नाम करना चाहेगी।