फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs IRE 1st T20: भारत ने आयरलैंड को सात विकेट से हराया, सीरीज में 1-0 की अजेय बढ़त ली

Mon, 27 Jun 2022 01:36 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, डबलिन

खास बातें

IND vs IRE (India vs Ireland): भारत और आयरलैंड की टीम दो मैचों की टी-20 सीरीज के पहला मुकाबला खेला गया। यह मैच डबलिन में खेला गया। भारतीय टीम की कमान ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या के हाथों में है। हार्दिक ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। यह मुकाबला 12-12 ओवर का था। बारिश की वजह से ओवर्स में कटौती की गई। आयरलैंड ने 109 रन का लक्ष्य दिया था, जिसे टीम इंडिया ने 9.2 ओवर में हासिल कर लिया।
विज्ञापन
भारत बनाम आयरलैंड - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

01:21 AM, 27-Jun-2022

भारत ने आयरलैंड को सात विकेट से हराया

भारत ने आयरलैंड को दो मैचों की टी-20 सीरीज के पहले मुकाबले में सात विकेट से हरा दिया है। आयरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में चार विकेट गंवाकर 108 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम ने 9.2 ओवर में तीन विकेट पर 111 रन बनाकर मैच जीत लिया। दीपक हुड्डा 29 गेंदों पर 47 रन और दिनेश कार्तिक चार गेंदों पर पांच रन बनाकर नाबाद रहे। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने आयरलैंड के खिलाफ 1-0 की अजेय बढ़त ले ली है। सीरीज का अगला मैच मंगलवार को खेला जाएगा।

आयरलैंड की पारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आयरलैंड की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने पहले दो ओवर में दो विकेट गंवा दिए थे। भुवनेश्वर कुमार ने कप्तान एंड्रयू बलबर्नी को पहले ही ओवर में क्लीन बोल्ड किया। बलबर्नी शून्य पर आउट हुए। इसके बाद भारतीय कप्तान हार्दिक पांड्या ने दूसरे ओवर में पॉल स्टर्लिंग को दीपक हुड्डा के हाथों कैच कराया। स्टर्लिंग चार रन बना सके। इसके बाद पांचवें ओवर में गैरेथ डेलानी को आवेश खान ने विकेटकीपर कार्तिक के हाथों कैच कराया। डेलानी आठ रन बना सके। 22 रन पर आयरलैंड ने तीन विकेट गंवा दिए थे।

इसके बाद हैरी टेक्टर और लोर्कन टकर ने आयरलैंड की पारी संभाली और चौथे विकेट के लिए 29 गेंदों पर 50 रन की साझेदारी निभाई। टकर को युजवेंद्र चहल ने अक्षर पटेल के हाथों कैच कराया। टकर 16 गेंदों पर 18 रन बना सके। अपनी पारी में उन्होंने दो छक्के लगाए। वहीं, हैरी टेक्टर ने पहले 30 गेंदों पर अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का तीसरा अर्धशतक लगाया। 

आखिरी के ओवरों में उन्होंने खूब रन बटोरे। हैरी टेक्टर 33 गेंदों पर छह चौके और तीन छक्के की मदद से 64 रन बनाकर नाबाद रहे। इसके अलावा जॉर्ज डॉकरेल भी चार रन बनाकर नाबाद रहे। भारत की ओर से भुवनेश्वर कुमार, हार्दिक, आवेश और चहल को एक-एक विकेट मिला। आखिरी के पांच ओवर में आयरलैंड ने 52 रन बनाए और सिर्फ एक विकेट गंवाया।

भारत की पारी
109 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत ठीक-ठाक रही। 30 रन के कुल स्कोर पर भारत को पहला झटका लगा। ईशान किशन 11 गेंदों पर तीन चौके और दो छक्के की मदद से 26 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद काफी समय बाद अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे सूर्यकुमार यादव पहली ही गेंद पर क्रेग यंग को विकेट गंवा बैठे।

सूर्या बिना खाता खोले एल्बीडब्ल्यू आउट हुए। इसके बाद कप्तान हार्दिक पांड्या ने दीपक हुड्डा ने हार्दिक के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 64 रन की साझेदारी निभाई। हार्दिक 12 गेंदों पर 24 रन बनाकर आउट हुए।

इसके बाद दीपक हुड्डा ने दिनेश कार्तिक के साथ मिलकर टीम इंडिया को जीत दिलाई। हुड्डा अर्धशतक नहीं लगा पाए और 29 गेंदों पर छह चौके और दो छक्के की मदद से 47 रन बनाकर नाबाद रहे। कार्तिक एक चौके की मदद से पांच रन बनाकर नाबाद रहे। इस तरह टीम इंडिया ने सात विकेट से जीत हासिल की।

01:16 AM, 27-Jun-2022

IND vs IRE Live: भारत को तीसरा झटका

नौवें ओवर में 94 के स्कोर पर टीम इंडिया को तीसरा झटका लगा। कप्तान हार्दिक पांड्या 12 गेंदों पर 24 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें जोशुआ लिटिल ने एल्बीडब्ल्यू आउट किया। नौ ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 103 रन है। फिलहाल दिनेश कार्तिक पांच रन और दीपक हुड्डा 39 रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत को जीत के लिए तीन ओवर में छह रन की जरूरत है।

01:01 AM, 27-Jun-2022

IND vs IRE Live: हार्दिक-हुड्डा क्रीज पर

छह ओवर के बाद भारत ने दो विकेट गंवाकर 69 रन बना लिए हैं। फिलहाल हार्दिक पांड्या आठ गेंदों पर 18 रन और दीपक हुड्डा 17 गेंदों पर 19 रन बनाकर क्रीज पर हैं। 

विज्ञापन
12:52 AM, 27-Jun-2022

IND vs IRE Live: चार ओवर के बाद भारत 45/2

भारत ने चार ओवर के बाद दो विकेट गंवाकर 45 रन बना लिए हैं। फिलहाल दीपक हुड्डा 11 रन और हार्दिक पांड्या चार रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत को 48 गेंदों पर 64 रन की जरूरत है। ईशान और सूर्यकुमार यादव आउट होकर पवेलियन लौट चुके हैं।

12:43 AM, 27-Jun-2022

IND vs IRE Live: ईशान किशन और सूर्यकुमार आउट

भारत को पहला झटका तीसरे ओवर में लगा। ईशान किशन को क्रेग यंग ने क्लीन बोल्ड कर दिया। किशन ने 11 गेंद पर 26 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और दो छक्के लगाए। किशन के बाद सूर्यकुमार यादव क्रीज पर उतरे। यादव को अगली ही गेंद पर यंग ने एलबीडब्ल्यू कर दिया। सूर्यकुमार खाता भी नहीं खोल पाए।

विज्ञापन
12:39 AM, 27-Jun-2022

IND vs IRE Live: ईशान किशन की आक्रामक बल्लेबाजी

ईशान किशन और दीपक हुड्डा लक्ष्य का पीछा करने के लिए ओपनिंग में उतरे। दोनों ने टीम इंडिया को शानदार शुरुआत दी। ईशान ने सात गेंद पर 16 रन बना लिए हैं। वहीं, दीपक हुड्डा ने पांच गेंद पर दो रन बनाए हैं। दो ओवर मे ंटीम इंडिया का स्कोर 20 रन है।

12:19 AM, 27-Jun-2022

IND vs IRE Live: आयरलैंड ने भारत को दिया 109 रन का लक्ष्य

आयरलैंड ने भारत के सामने 109 रन का लक्ष्य रखा है। 12 ओवर के इस मुकाबले में आयरलैंड ने चार विकेट गंवाकर 108 रन बनाए। हैरी टेक्टर ने तूफानी पारी खेली और 33 गेंदों पर 64 रन बनाकर नाबाद रहे।

आयरलैंड की पारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आयरलैंड की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने पहले दो ओवर में दो विकेट गंवा दिए थे। भुवनेश्वर कुमार ने कप्तान एंड्रयू बलबर्नी को पहले ही ओवर में क्लीन बोल्ड किया। बलबर्नी शून्य पर आउट हुए। इसके बाद भारतीय कप्तान हार्दिक पांड्या ने दूसरे ओवर में पॉल स्टर्लिंग को दीपक हुड्डा के हाथों कैच कराया। स्टर्लिंग चार रन बना सके। इसके बाद पांचवें ओवर में गैरेथ डेलानी को आवेश खान ने विकेटकीपर कार्तिक के हाथों कैच कराया। डेलानी आठ रन बना सके। 22 रन पर आयरलैंड ने तीन विकेट गंवा दिए थे।

इसके बाद हैरी टेक्टर और लोर्कन टकर ने आयरलैंड की पारी संभाली और चौथे विकेट के लिए 29 गेंदों पर 50 रन की साझेदारी निभाई। टकर को युजवेंद्र चहल ने अक्षर पटेल के हाथों कैच कराया। टकर 16 गेंदों पर 18 रन बना सके। अपनी पारी में उन्होंने दो छक्के लगाए। वहीं, हैरी टेक्टर ने पहले 30 गेंदों पर अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का तीसरा अर्धशतक लगाया। 

आखिरी के ओवरों में उन्होंने खूब रन बटोरे। हैरी टेक्टर 33 गेंदों पर छह चौके और तीन छक्के की मदद से 64 रन बनाकर नाबाद रहे। इसके अलावा जॉर्ज डॉकरेल भी चार रन बनाकर नाबाद रहे। भारत की ओर से भुवनेश्वर कुमार, हार्दिक, आवेश और चहल को एक-एक विकेट मिला। आखिरी के पांच ओवर में आयरलैंड ने 52 रन बनाए और सिर्फ एक विकेट गंवाया।

12:15 AM, 27-Jun-2022

IND vs IRE Live: हैरी टेक्टर का अर्धशतक

आयरलैंड के हैरी टेक्टर ने 30 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का तीसरा अर्धशतक रहा। 11 ओवर के बाद आयरलैंड ने चार विकेट गंवाकर 91 रन बना लिए हैं। 12वां ओवर जारी है।

12:05 AM, 27-Jun-2022

IND vs IRE Live: आयरलैंड को चौथा झटका

आयरलैंड को नौवें ओवर में 72 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। युजवेंद्र चहल ने लोर्कन टकर को अक्षर पटेल के हाथों कैच कराया। टकर ने हैरी टेक्टर के साथ चौथे विकेट के लिए 29 गेंदों पर 50 रन की साझेदारी निभाई। नौ ओवर के बाद आयरलैंड का स्कोर चार विकेट पर 73 रन है। फिलहाल हैरी टेक्टर 21 गेंदों पर 34 रन बनाकर और जॉर्ज डॉकरेल शून्य पर बल्लेबाजी कर रहे हैं।

12:03 AM, 27-Jun-2022

IND vs IRE Live: आठ ओवर के बाद आयरलैंड 69/3

आठ ओवर के बाद आयरलैंड ने तीन विकेट गंवाकर 69 रन बना लिए हैं। लोर्कन टकर और हैरी टेक्टर ने आयरलैंड की पारी संभाली। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 40 प्लस रन की साझेदारी कर ली है। फिलहाल लोर्कन टकर 18 रन और हैरी टेक्टर 31 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। हार्दिक ने आठवें ओवर में 13 रन लुटाए। वहीं उमरान मलिक ने अपने पहले ओवर में 18 रन लुटाए थे।

11:48 PM, 26-Jun-2022

IND vs IRE Live: उमरान ने 140 प्लस की स्पीड से बॉल फेंकी

उमरान मलिक ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने पहले ओवर में 18 रन लुटाए। वह छठे ओवर में गेंदबाजी के लिए आए और इस ओवर में दो चौके और एक छक्का पड़ा। पूरे ओवर में उमरान की गति 140 प्लस ही रही। उन्होंने अपनी पहली गेंद 148 की गति से फेंकी थी। छह ओवर के बाद आयरलैंड का स्कोर तीन विकेट पर 52 रन है। फिलहाल हैरी टेक्टर 28 रन और लोर्कन टकर चार बनाकर क्रीज पर हैं।

11:43 PM, 26-Jun-2022

IND vs IRE Live: आयरलैंड को तीसरा झटका

22 के स्कोर पर आयरलैंड को तीसरा झटका लगा। आवेश खान ने चौथे ओवर में गैरेथ डेलानी को विकेटकीपर दिनेश कार्तिक के हाथों कैच कराया। डेलानी नौ गेंदों पर आठ रन बना सके। चार ओवर के बाद आयरलैंड का स्कोर तीन विकेट पर 22 रन है। फिलहाल लोर्कन टकर और हैरी टेक्टर क्रीज पर हैं। आवेश के अलावा हार्दिक पांड्या और भुवनेश्वर कुमार को एक-एक विकेट मिला है।

11:29 PM, 26-Jun-2022

IND vs IRE Live: आयरलैंड को दूसरा झटका

दूसरे ओवर में आयरलैंड को दूसरा झटका लगा। हार्दिक पांड्या ने पॉल स्टर्लिंग को दीपक हुड्डा के हाथों कैच कराया। स्टर्लिंग पांच गेंदों पर चार रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल हैरी टेक्टर और गैरेथ डेलानी क्रीज पर हैं। पिछले ओवर में भुवनेश्वर ने बलबर्नी को पवेलियन भेजा था। दो ओवर के बाद आयरलैंड का स्कोर दो विकेट पर 14 रन है।

11:20 PM, 26-Jun-2022

IND vs IRE Live: आयरलैंड को पहला झटका

भारत बनाम आयरलैंड पहला टी-20 शुरू हो चुका है। आयरलैंड के ओपनर्स पॉल स्टर्लिंग और कप्तान एंड्रयू बलबर्नी बल्लेबाजी करने आए। हालांकि, भारतीय तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने पहले ही ओवर में आयरलैंड को पहला झटका दिया। उन्होंने कप्तान बलबर्नी को क्लीन बोल्ड किया। एक ओवर के बाद आयरलैंड का स्कोर एक विकेट पर एक रन है। फिलहाल पॉल स्टर्लिंग और गैरेथ डेलानी क्रीज पर हैं।

11:13 PM, 26-Jun-2022

IND vs IRE Live: आयरलैंड की पहली बल्लेबाजी

भारतीय कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था। आयरलैंड की टीम पहले बल्लेबाजी करेगी। खिलाड़ी वार्म अप कर रहे हैं। अभ्यास पिचों पर भुवनेश्वर, उमरान, आवेश गेंदबाजी कर रहे हैं। पावरप्ले चार ओवर का होगा। दो गेंदबाज अधिकतम तीन ओवर फेंक सकते हैं।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं

भारत: हार्दिक पांड्या (कप्तान), ईशान किशन, ऋतुराज गायकवाड़, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, युजवेन्द्र चहल, आवेश खान और उमरान मलिक।

आयरलैंड: एंड्रयू बलबर्नी (कप्तान), पॉल स्टर्लिंग,  गैरेथ डेलानी, हैरी टेक्टर, लोर्कन टकर (विकेटकीपर), एंडी मैकब्राइन, जॉर्ज डॉकरेल, मार्क अडेयर, क्रेग यंग, जोशुआ लिटिल और कोनोर ओल्फर्ट।

10:55 PM, 26-Jun-2022

IND vs IRE Live: बारिश रुकी, थोड़ी देर में शुरू हो सकता है मैच

डबलिन में बारिश रुक चुकी है। कवर्स हटा लिए गए हैं। वहीं, सुपरसोपर्स अपने काम में लग गए हैं। अंपायर्स ने मैदान का जायजा लिया और जानकारी के मुताबिक आधे घंटे बाद यानी रात 11 बजकर 20 मिनट पर मैच शुरू हो सकता है। ओवर्स में कटौती की गई है और एक टीम 12 ओवर खेलेगी। यानी 20-20 ओवर के मैच की जगह 12-12 ओवर का मैच होगा। बारिश की वजह से करीब ढाई घंटे का समय बर्बाद हुआ है।

10:29 PM, 26-Jun-2022

IND vs IRE Live: बारिश फिर शुरू

क्रिकेट फैन्स को थोड़ी देर और इंतजार करना पड़ सकता है। डबलिन में बारिश की वापसी हो चुकी है। बीच में कुछ देर के लिए बारिश रुकी थी और कवर्स हटा लिए गए थे, लेकिन थोड़ी देर बार फिर से बारिश शुरू हो गई। ऐसे में मैच शुरू होने में और देरी हो सकती है। यह मैच भारतीय समयानुसार रात नौ बजे शुरू होना था, लेकिन डेढ़ घंटे बरबाद हो चुके हैं। ऐसे में ओवर्स में भारी कटौती की जा सकती है।

10:15 PM, 26-Jun-2022

IND vs IRE Live: बारिश रुकी, थोड़ी देर में शुरू हो सकता है मैच

एक अच्छी खबर सामने आई है। डबलिन में बारिश रुक चुकी है। अब आसमान साफ है और थोड़ी देर में मैच शुरू हो सकता है। पिच से कवर्स भी हटाए जा चुके हैं। अंपायर मैदान का निरीक्षण कर रहे हैं। ओवर्स की कटौती की जा सकती है और पहले टी-20 में कम ओवर का मैच देखने को मिल सकता है। सुपरसोपर्स अपने काम में जुट गए हैं।

10:05 PM, 26-Jun-2022

IND vs IRE Live: तेज हुई बारिश

बारिश तेज होने से स्टेडियम में मौजूद दर्शक निराश नजर आ रहे हैं। हालांकि, उन्हें अभी और इंतजार करना पड़ सकता है। डबलिन में बारिश और तेज हो गई है। पिच पर कवर्स हैं। पहले टी-20 में संकट के बादल मंडरा रहे हैं।

09:23 PM, 26-Jun-2022

IND vs IRE Live: फिर से बारिश शुरू

डबलिन में बारिश फिर से शुरू हो चुकी है। ऐसे में मैच में और देरी हो सकती है। भारत बनाम आयरलैंड पहला टी-20 भारतीय समयानुसार रात नौ बजे शुरू होना था, लेकिन अब इसमें और देरी हो सकती है। इससे पहले टॉस में भी देरी हुई थी। पिच को कवर्स से पूरी तरह ढक दिया गया है।

09:02 PM, 26-Jun-2022

IND vs IRE Live: मैच शुरू होने में देरी

बारिश और गीली आउटफील्ड की वजह से मैच शुरू होने में देरी हो रही है। पहले मैच भारतीय समयानुसार रात नौ बजे शुरू होना था। हालांकि, अभी तक ये शुरू नहीं हो सका है। बारिश की वजह से टॉस में भी देरी हुई थी। अंपायर फिलहाल दोनों कप्तानों से बातचीत कर रहे हैं।

08:48 PM, 26-Jun-2022

IND vs IRE Live: दोनों टीमें इस प्रकार हैं

भारत: हार्दिक पांड्या (कप्तान), ईशान किशन, ऋतुराज गायकवाड़, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, युजवेन्द्र चहल, आवेश खान और उमरान मलिक।

आयरलैंड: एंड्रयू बलबर्नी (कप्तान), पॉल स्टर्लिंग,  गैरेथ डेलानी, हैरी टेक्टर, लोर्कन टकर (विकेटकीपर), एंडी मैकब्राइन, जॉर्ज डॉकरेल, मार्क अडेयर, क्रेग यंग, जोशुआ लिटिल और कोनोर ओल्फर्ट।

08:36 PM, 26-Jun-2022

IND vs IRE Live: भारत ने जीता टॉस, पहले गेंदबाजी चुनी

भारत ने आयरलैंड के खिलाफ पहले टी-20 में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। बतौर भारतीय कप्तान अपने पहले ही अंतरराष्ट्रीय मैच में हार्दिक पांड्या ने टॉस जीता। तूफानी गेंदबाज उमरान मलिक इस मैच में डेब्यू कर रहे हैं। आयरलैंड के कप्तान एंड्रयू बलबर्नी ने भी एक खिलाड़ी को अंतरराष्ट्रीय डेब्यू का मौका दिया है। कोनोर ओल्फर्ट को डेब्यू का मौका मिला है।

टॉस के वक्त कप्तान हार्दिक ने कहा- हम पहले बल्लेबाजी करना पसंद करते, लेकिन मौसम को देखते हुए हमें लगा कि गेंदबाजी करना बेहतर होगा। आयरलैंड में आकर अच्छा लगा। यहां टीम इंडिया के काफी फैन्स हैं। ऐसा लग रहा जैसे अपने घर में खेल रहे। भारतीय टीम की कप्तानी करना गर्व की बात है। कोई भी क्रिकेटर जो खेलना शुरू करता है, उसका सपना देश का नेतृत्व करना होता है। मैं बहुत भाग्यशाली हूं। मेरी भूमिका सरल है।

08:31 PM, 26-Jun-2022

IND vs IRE Live: बारिश की वजह से टॉस में देरी

डबलिन में फिलहाल हल्की बारिश हो रही है। इस वजह से टॉस में देरी हो रही है। टॉस भारतीय समयानुसार रात साढ़े आठ बजे होना था, लेकिन अभी तक टॉस हो नहीं सका है। मैच शुरू होने का समय रात नौ बजे है। पिच पर कवर्स थे, जिन्हें हटा लिया गया है। हालांकि, आसमानी बादल छाए हुए हैं। ऐसे में मैच में आगे भी बारिश की संभावनाएं हैं। डकवर्थ लुईस नियम का प्रभाव इस मैच में देखने को मिल सकता है।

08:13 PM, 26-Jun-2022

IND vs IRE Live: उमरान मलिक का डेब्यू

भारत के तूफानी गेंदबाज उमरान मलिक आयरलैंड के खिलाफ पहले टी-20 में डेब्यू करेंगे। उन्हें भुवनेश्वर कुमार ने टी-20 कैप सौंपी। वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में खेलने वाले भारत के 98वें खिलाड़ी हैं। उमरान दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी स्क्वॉड में थे, लेकिन उन्हें प्लेइंग-11 में मौका नहीं दिया गया था। उमरान ने आईपीएल 2022 में शानदार गेंदबाजी की थी और 14 मैचों में 22 विकेट लिए थे।

08:12 PM, 26-Jun-2022

IND vs IRE Live: पहले बल्लेबाजी या चेज करना फायदेमंद?

अगर डबलिन में हुए मैचों के परिणाम के बारे में बात करें तो यहां पर रनों का पीछा करने वाली टीम फायदे में रही हैं। दूसरे स्थान पर बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 14 मैचों में से आठ अपने नाम किए हैं। पहले बल्लेबाजी करते समय औसत स्कोर 162 है और पीछा करते समय 161 का स्कोर है। 2018 सीरीज के दौरान भारत ने दोनों मैचों में पहले बल्लेबाजी करके विजेता रही थी। वहीं आयरलैंड ने डबलिन में आठ मैचों में से दो में जीत हासिल की है और वह जीत स्कॉटलैंड के खिलाफ रही है।

08:12 PM, 26-Jun-2022

IND vs IRE Live: चहल के साथ बिश्नोई या अक्षर करेंगे गेंदबाजी?

2018 के आयरलैंड दौर पर दो मैचों की सीरीज में स्पिनर युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव ने 28 विकेटों में से 13 विकेट अपने नाम किए थे। इस दौरान 14.3 ओवर फेंककर 87 रन दिए थे। तब कलाई के स्पिनरों के खिलाफ आयरलैंड के बल्लेबाज दबाव में दिखे थे। अब टीम में कुलदीप नहीं हैं, लेकिन इस बार चहल के साथ लेग स्पिनर रवि बिश्नोई की जोड़ी बन सकती है।

युवा बिश्नोई ने टी-20 मैचों में चार विकेट लिए हैं। ऐसे में सेलेक्टर्स उनके प्रदर्शन पर निगाह रखेंगे। हालांकि, अक्षर ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछली सीरीज में शानदार गेंदबाजी की थी। इसके साथ ही वह लोअर ऑर्डर में बल्लेबाजी भी कर लेते हैं। ऐसे में ये देखने वाली बात होगी कि टीम मैनेजमेंट अक्षर और बिश्नोई में से किसे मौका देता है।

08:11 PM, 26-Jun-2022

IND vs IRE Live: दिनेश कार्तिक और सैमसन पर रहेंगी निगाहें

आयरलैंड के खिलाफ सीरीज में संजू सैमसन और ओपनर बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ पर सभी की निगाहें होंगी। सैमसन कई मौके मिलने के बाद भी टी-20 में खुद को स्थापित नहीं कर पाए हैं। ऐसे में उनके लिए मौका महत्वपूर्ण होगा।

वहीं, ऋतुराज को अगर मौका मिलता है तो उन पर दबाव होगा। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछली सीरीज में वह तेज गेंदबाजों के सामने असहज दिखे थे। वह चार मैचों में सिर्फ एक अर्धशतक लगा सके थे। ऐसे में राहुल त्रिपाठी को भी मौका दिया जा सकता है।

इसके अलावा कलाई की चोट से वापसी करने वाले सूर्यकुमार यादव के तीसरे या चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने की संभावना है। ईशान किशन ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया और वह उस लय को आगे बढ़ाना चाहेंगे। दिनेश कार्तिक दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शानदार फॉर्म में थे। उन्होंने टी-20 अंतरराष्ट्रीय का अपना पहला अर्धशतक भी लगाया था। ऐसे में वह शानदार बल्लेबाजी करना जारी रखना चाहेंगे।

08:10 PM, 26-Jun-2022

IND vs IRE Live: हार्दिक होंगे नौवें कप्तान

सीनियर खिलाड़ी रोहित शर्मा और ऋषभ पंत के इंग्लैंड दौरे पर व्यस्त होने और लोकेश राहुल के चोटिल होने की वजह से आईपीएल चैंपियन गुजरात टाइटंस के कप्तान और ऑलराउंडर हार्दिक को टीम की कमान सौंपी गई है। वे टी-20 में भारत के नौवें कप्तान होंगे।

आंकड़ों के मुताबिक, अभी तक कुल आठ कप्तानों ने टी-20 मैचों में कप्तानी की है और विराट कोहली और पंत को छोड़कर सभी ने अपना पहला मैच जीता है। लिहाजा पांड्या इस मैच को जीतकर कप्तानी के रिकॉर्ड को बरकरार रखना चाहेंगे।

08:09 PM, 26-Jun-2022

IND vs IRE Live: आयरलैंड के खिलाफ भारत ने सभी मैच जीते

भारत ने आयरलैंड के खिलाफ तीन टी-20 मैच खेले हैं और हर बार जीत हासिल की है। दोनों टीमों के बीच पिछली भिड़ंत 2018 में हुई थी, तब विराट कोहली की अगुआई में भारत ने 2-0 से सीरीज अपने नाम किया था। टी-20 मैचों में टीम इंडिया की ओर से हार्दिक नौवें कप्तान के तौर पर नियुक्त हुए हैं।

08:04 PM, 26-Jun-2022

IND vs IRE 1st T20: भारत ने आयरलैंड को सात विकेट से हराया, सीरीज में 1-0 की अजेय बढ़त ली

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज भारत और आयरलैंड की टीम दो मैचों की टी-20 सीरीज के पहले मुकाबले में आमने-सामने है। यह मैच डबलिन में खेला जा रहा है। भारतीय टीम की कमान ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या के हाथों में है। टीम इंडिया ने अपना पिछला दोनों मैच जीता था। ऐसे में टीम जीत के इस सिलसिले को बरकरार रखने उतरेगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें