फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs ENG: बारिश के कारण जल्दी खत्म हुआ तीसरे दिन का खेल, भारत ने हासिल की 96 रन की बढ़त; केएल-गिल क्रीज पर

Sun, 22 Jun 2025 10:38 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लीड्स

खास बातें

भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन का खेल बारिश के कारण जल्दी समाप्त हो गया। भारत ने दूसरी पारी में दो विकेट खोकर 90 रन बना लिए हैं। इसी के साथ उनकी बढ़त 96 रनों की हो गई है। केएल राहुल 47 और शुभमन गिल छह रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं।
विज्ञापन
केएल राहुल - फोटो : ANI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:38 PM, 22-Jun-2025

बारिश के कारण जल्दी खत्म हुआ तीसरे दिन का खेल

भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन का खेल बारिश के कारण जल्दी समाप्त हो गया। भारत ने दूसरी पारी में दो विकेट खोकर 90 रन बना लिए हैं। इसी के साथ उनकी बढ़त 96 रनों की हो गई है। केएल राहुल 47 और शुभमन गिल छह रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं।

भारत ने पहली पारी में 471 रन बनाए थे। इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में ओली पोप के शतक और हैरी ब्रूक की 99 रनों की पारी की बदौलत 10 विकेट पर 465 रन बनाए। इस तरह भारत ने छह रन की बढ़त हासिल की। दूसरी पारी में तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक टीम इंडिया ने दो विकेट पर 90 रन बनाए और उनकी बढ़त 96 रनों की हो गई।

दूसरी पारी में भारत की शुरुआत झटके के साथ हुई। ब्रायडन कार्स ने 16 के स्कोर पर यशस्वी जायसवाल को विकेटकीपर जेमी स्मिथ के हाथों कैच कराया। वह 11 गेंदों में सिर्फ चार रन बना पाए। इसके बाद मोर्चा केएल राहुल और साई सुदर्शन ने संभाला। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 66 रनों की साझेदारी हुई जिसे बेन स्टोक्स ने तोड़ा। उन्होंने सुदर्शन को जैक क्रॉली के हाथों कैच कराया। वह 48 गेंदों में 30 रन बनाकर आउट हुए। दिन का खेल समाप्त होने तक सलामी बल्लेबाज केएल राहुल 75 गेंदों में सात चौके की मदद से 47 और शुभमन गिल 10 गेंदों में एक चौके की मदद से छह रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं।

10:22 PM, 22-Jun-2025

IND vs ENG Live Score: साई सुदर्शन 30 रन बनाकर आउट

भारत को दूसरा झटका बेन स्टोक्स ने दिया। उन्होंने साई सुदर्शन को क्रॉली के हाथों कैच कराया। वह 48 गेंदों में 30 रन बनाकर आउट हुए। सुदर्शन ने दूसरे विकेट के लिए केएल राहुल के साथ 66 रन जोड़े। अब क्रीज पर कप्तान शुभमन गिल आए हैं।

09:51 PM, 22-Jun-2025

IND vs ENG Live Score: केएल राहुल और साई सुदर्शन के बीच 40+ रन की साझेदारी

केएल राहुल और साई सुदर्शन के बीच 40 से ज्यादा रनों की साझेदारी हो चुकी है। टीम का स्कोर एक विकेट पर 64 रन हो गया है। इस तरह टीम इंडिया ने 70 रन की बढ़त हासिल कर ली है।

विज्ञापन
09:34 PM, 22-Jun-2025

IND vs ENG Live Score: भारत की बढ़त 50 के पार पहुंची

केएल राहुल और साई सुदर्शन के बीच 30+ रन की साझेदारी हो चुकी है। दोनों अच्छी फॉर्म में नजर आ रहे हैं। भारत ने इसी के साथ 50 से ज्यादा रनों की बढ़त हासिल कर ली है।

08:57 PM, 22-Jun-2025

IND vs ENG Live Score: भारत को लगा पहला झटका

इग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच की दूसरी पारी में भारत को पहला झटका 16 रन के स्कोर पर लगा है। ओपनर यशस्वी जायसवाल चार रन बनाकर ब्रायडन कार्स का शिकार बने हैं। अब क्रीज पर केएल राहुल का साथ देने साई सुदर्शन आए हैं।

विज्ञापन
08:41 PM, 22-Jun-2025

IND vs ENG Live Score: भारत की दूसरी पारी शुरू

तीसरे सत्र का खेल शुरू हो चुका है। भारत छह रन की बढ़त हासिल करने के बाद दूसरी पारी का आगाज कर रहा है। यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल क्रीज पर मौजूद हैं।

08:21 PM, 22-Jun-2025

IND vs ENG Live Score: 465 रन पर ऑलआउट हुआ इंग्लैंड

इंग्लैंड की टीम पहली पारी में 465 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह भारत को छह रन की बढ़त मिल गई। इससे पहले भारत ने 471 रन बनाए थे। तीसरे दिन का खेल इंग्लैंड ने 209/3 के स्कोर से शुरू किया था। उस वक्त ओली पोप 101 और हैरी ब्रूक बिना खाता खोले क्रीज पर मौजूद थे। 

प्रसिद्ध कृष्णा ने इंग्लैंड को तीसरे दिन के पहले सत्र में करारा झटका दिया। उन्होंने ओली पोप को विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों कैच आउट कराया। वह 137 गेंदों में 14 चौकों की मदद से 106 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद मोर्चा हैरी ब्रूक और बेन स्टोक्स ने संभाला। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 51 रन की साझेदारी हुई जिसे मोहम्मद सिराज ने तोड़ा। उन्होंने कप्तान स्टोक्स को पंत के हाथों कैच कराया। वह 52 गेंदों में 20 रन बनाकर आउट हुए। इसी के साथ पंत ने भी टेस्ट में 150 कैच पूरे कर लिए। वह टेस्ट में 150 विकेट पूरे करने वाले तीसरे भारतीय विकेटकीपर बन गए।

276 पर पांच विकेट खो चुकी इंग्लैंड को एक बड़ी साझेदारी की जरूरत थी। उनकी इस दरकार को ब्रूक और जेमी स्मिथ ने पूरा किया। दोनों ने छठे विकेट के लिए 88 गेंदों में 73 रन जोड़े और स्कोर 350 के करीब पहुंचा दिया। प्रसिद्ध कृष्णा ने दूसरे सत्र में फिर अपनी गेंदबाजी का जादू बिखेरा और विकेटकीपर बल्लेबाज जेमी स्मिथ को अपना शिकार बनाया। वह पांच चौके और एक छक्के की मदद से 40 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद ब्रूक को वोक्स का साथ मिला। उन्होंने सातवें विकेट के लिए 49 रन जोड़े। ब्रूक पहली पारी में 99 रन बनाकर आउट हो गए। वह अपने नौवें टेस्ट शतक से सिर्फ एक रन से चूक गए। उन्हें भी प्रसिद्ध कृष्णा ने ही पवेलियन भेजा। इसके बाद वोक्स को ब्रायडन कार्स का साथ मिला और दोनों ने 55 रनों की साझेदारी निभाई। सिराज ने कार्स को बोल्ड किया। वह 23 गेंदों में 22 रन बनाकर आउट हुए। क्रिस वोक्स को बुमराह ने अपना शिकार बनाया। वह 55 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 38 रन बनाकर आउट हुए। जोश टंग 11 रन बना पाए जबकि शोएब बशीर एक रन बनाकर नाबाद रहे। 

पहली पारी में भारत के लिए जसप्रीत बुमराह ने पांच विकेट लिए। उन्होंने टेस्ट में 14वीं बार एक पारी में पांच विकेट अपने नाम किए। वहीं, प्रसिद्ध कृष्णा को तीन और मोहम्मद सिराज को दो विकेट मिले। रवींद्र जडेजा और शार्दुल ठाकुर के हाथ खाली रहे।

08:11 PM, 22-Jun-2025

IND vs ENG Live Score: बुमराह ने दिया इंग्लैंड को नौवां झटका

बुमराह ने इंग्लैंड को नौवां झटका दिया। उन्होंने क्रिस वोक्स को बोल्ड किया। वह 38 रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर शोएब बशीर आए हैं। इंग्लैंड का स्कोर 460/9 है।

07:51 PM, 22-Jun-2025

IND vs ENG Live Score: सिराज ने दिया इंग्लैंड को आठवां झटका

सिराज ने इंग्लैंड को आठवां झटका दिया। उन्होंने ब्रायडन कार्स को अपना शिकार बनाया। वह 22 रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर जोश टंग आए हैं। इंग्लैंड का स्कोर 450 के पार पहुंच गया है।

07:35 PM, 22-Jun-2025

IND vs ENG Live Score: वोक्स-कार्स के बीच 30+ रन की साझेदारी

वोक्स और कार्स के बीच अच्छी साझेदारी पनप रही है। दोनों के बीच 30 से ज्यादा रनों की साझेदारी हो चुकी है। इंग्लैंड का स्कोर 440 के पार पहुंच गया है।

07:17 PM, 22-Jun-2025

IND vs ENG Live Score: इंग्लैंड का स्कोर 400 के पार

इंग्लैंड का स्कोर 400 के पार पहुंच गया है। क्रिस वोक्स 13 और ब्रायडन कार्स दो रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं। इंग्लैंड अब भी भारत से 67 रन पीछे है।

07:13 PM, 22-Jun-2025

IND vs ENG Live Score: 99 रन बनाकर आउट हुए ब्रूक

हैरी ब्रूक अपने नौवें टेस्ट शतक से सिर्फ एक रन से चूक गए। प्रसिद्ध कृष्णा ने उन्हें शार्दुल ठाकुर के हाथों कैच आउट कराया। वह 112 गेंदों में 11 चौके और दो छक्के की मदद से 99 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अब क्रिस वोक्स का साथ देने ब्रायडन कार्स आए हैं।

06:59 PM, 22-Jun-2025

IND vs ENG Live Score: शतक के करीब पहुंचे ब्रूक

हैरी ब्रूक शतक के करीब पहुंच गए हैं। वह 109 गेंदों में 97 रन पर खेल रहे हैं। इंग्लैंड का स्कोर भी 380 के पार पहुंच गया है।

06:28 PM, 22-Jun-2025

IND vs ENG Live Score: प्रसिद्ध ने तोड़ी ने ब्रूक-स्मिथ की 70+ रन की साझेदारी

प्रसिद्ध कृष्णा ने हैरी ब्रूक और जेमी स्मिथ की 73 रनों की साझेदारी को दूसरे सत्र में तोड़ दिया। उन्होंने स्मिथ को अपना शिकार बनाया। बाउंड्री लाइन पर खड़े जडेजा ने शानदार कैच लपका, लेकिन इससे पहले वह बाउंड्री के पार जाते उन्होंने साई सुदर्शन की तरफ गेंद फेंकी और उन्होंने उसे लपक लिया। इस तरह इंग्लैंड को छठा झटका लगा। स्मिथ 52 गेंदों में पांच चौके और एक छक्के की मदद से 40 रन बनाकर आउट हुए। अब ब्रूक का साथ देने क्रिस वोक्स आए हैं।

06:15 PM, 22-Jun-2025

IND vs ENG Live Score: दूसरे सत्र का खेल शुरू

दूसरे सत्र का खेल शुरू हो चुका है। हैरी ब्रूक और जेमी स्मिथ क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों के बीच 50 से ज्यादा रनों की साझेदारी हो चुकी है। भारत को इस सत्र में छठे विकेट की तलाश होगी।

05:42 PM, 22-Jun-2025

IND vs ENG Live Score: लंच तक इंग्लैंड का स्कोर 327/5

लंच तक इंग्लैंड ने पांच विकेट खोकर 327 रन बना लिए हैं। हैरी ब्रूक 77 गेंदों में सात चौके और एक छक्के की मदद से 57 रन और जेमी स्मिथ 45 गेंदों में चार चौके की मदद से 29 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं। अभी भी इंग्लैंड भारत से 144 रन पीछे है।

05:19 PM, 22-Jun-2025

IND vs ENG Live Score: हैरी ब्रूक ने जड़ा पचासा

हैरी ब्रूक ने अपने टेस्ट करियर का 12वां अर्धशतक पूरा कर लिया है। वह शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं और जेमी स्मिथ के साथ छठे विकेट के लिए 30 से ज्यादा रनों की साझेदारी निभा चुके हैं। इंग्लैंड का स्कोर भी 300 के पार पहुंच गया है।

04:57 PM, 22-Jun-2025

IND vs ENG Live Score: सिराज ने तोड़ी स्टोक्स-ब्रूक की अर्धशतकीय साझेदारी

सिराज ने इंग्लैंड को पांचवां झटका दिया। उन्होंने कप्तान बेन स्टोक्स को अपना शिकार बनाया। वह 52 गेंदों में तीन चौके की मदद से 20 रन बनाकर आउट हुए। स्टोक्स ने ब्रूक के साथ पांचवें विकेट के लिए 51 रन जोड़े। अब क्रीज पर जेमी स्मिथ आए हैं। 68 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 286/5 है।

04:37 PM, 22-Jun-2025

IND vs ENG Live Score: ब्रूक-स्टोक्स के बीच 40+ रन की साझेदारी

ब्रूक और स्टोक्स के बीच 40 से ज्यादा रनों की साझेदारी हो चुकी है। दोनों शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। इंग्लैंड का स्कोर 268/4 है।

04:04 PM, 22-Jun-2025

ND vs ENG Live Score: हैरी ब्रूक और बेन स्टोक्स की साझेदारी बनाने की कोशिश

हैरी ब्रूक और बेन स्टोक्स के बीच एक अच्छी साझेदारी बनाने की कोशिश हो रही है। दोनों 30 गेंदों का सामना कर चुके हैं और 19 रन की साझेदारी निभा चुके हैं।

03:41 PM, 22-Jun-2025

IND vs ENG Live Score: ओली पोप आउट हुए

तीसरे दिन की शुरुआत में भारत को बड़ी सफलता हाथ लगी है। प्रसिद्ध कृष्णा ने ओली पोप को अपना शिकार बनाया। वह 137 गेंदों में 14 चौके की मदद से 106 रन बनाकर आउट हुए। कृष्णा ने पोप को विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों कैच आउट कराया। अब क्रीज पर बेन स्टोक्स आए हैं। उनका साथ देने के लिए हैरी ब्रूक मौजूद हैं।

03:31 PM, 22-Jun-2025

IND vs ENG Live Score: तीसरे दिन का खेल शुरू

तीसरे दिन का खेल शुरू हो चुका है। ओली पोप 101 और हैरी ब्रूक बिना खाता खोले क्रीज पर मौजूद हैं। इंग्लैंड का स्कोर 209/3 है।

03:21 PM, 22-Jun-2025

IND vs ENG Live Score: इंग्लैंड की पहली पारी

इंग्लैंड की शुरुआत झटके के साथ हुई। पहली पारी के शुरुआती ओवर में ही बुमराह ने जैक क्राउली को आउट किया और इंग्लैंड को पहला झटका दिया। बुमराह ने पहले ओवर की अंतिम गेंद पर क्राउली को स्लिप में करुण नायर के हाथों कैच कराकर आउट किया। क्राउली छह गेंदों पर चार रन बनाकर आउट हुए। शुरुआती झटका लगने के बाद बेन डकेट और ओली पोप ने मोर्चा संभाला और दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 122 रनों की साझेदारी हुई। डकेट 94 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से 62 रन बनाकर आउट हुए। सलामी बल्लेबाज ने 68 गेंदों में अपना पचासा पूरा किया। इसके बाद बुमराह ने जोर रूट को अपना शिकार बनाया। वह 58 गेंदों में 28 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

ओली पोप ने शनिवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए 125 गेंदों में अपना नौवां शतक पूरा किया। वह दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक 131 गेंदों में 100 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं। उनके साथ हैरी ब्रूक हैं जिन्होंने 11 गेंदों का सामना किया है लेकिन अब तक खाता नहीं खोल पाए हैं।

03:20 PM, 22-Jun-2025

IND vs ENG Live Score: भारत की पहली पारी

भारतीय टीम की पहली पारी 471 रन पर समाप्त हो गई। भारत के लिए पहली पारी में यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल और ऋषभ पंत ने शतक लगाए, जबकि केएल राहुल ने 42 रन की पारी खेली। इन चार बल्लेबाजों के अलावा अन्य कोई भी प्रभावित नहीं कर सका। इंग्लैंड के लिए कप्तान बेन स्टोक्स और तेज गेंदबाज जोश टंग ने चार-चार विकेट लिए, जबकि ब्रायडन कार्स और शोएब बशीर को एक-एक विकेट मिला। इंग्लैंड ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था, लेकिन गिल, यशस्वी और पंत ने शतक लगाकर टीम का स्कोर 450 के पार पहुंचाया। 

भारत के लिए राहुल और यशस्वी ने अच्छी शुरुआत की और पहले विकेट के लिए 91 रन जोड़े। डेब्यू करने वाले साई सुदर्शन, आठ साल बाद वापसी करने वाले करुण नायर और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पहली पारी में खाता भी नहीं खोल सके। वहीं, जडेजा ने 11 और प्रसिद्ध कृष्णा ने एक रन बनाए। भारत ने दूसरे सत्र की शुरुआत तक ही अपने शेष विकेट गंवा दिए। भारत के लिए निराशाजनक बात यह है कि तीन बल्लेबाजों के शतक लगाने के बावजूद टीम 500 रन का आंकड़ा नहीं छू सकी। 

भारत ने दूसरे दिन की शुरुआत तीन विकेट पर 359 रन से की थी, लेकिन लंच ब्रेक के बाद पूरी टीम 471 रन पर ही सिमट गई। भारत ने शनिवार को 112 रन जोड़कर अपने शेष सात विकेट गंवा दिए। भारत अगर 500 रन का आंकड़ा नहीं छू सका तो इसका श्रेय स्टोक्स और टंग को जाता है जिन्होंने दूसरे दिन शानदार गेंदबाजी की। इस दौरान मौसम ने भी तेज गेंदबाजों का साथ दिया क्योंकि ज्यादातर समय ओवरकास्टर कंडीशन्स रही। 

03:19 PM, 22-Jun-2025

IND vs ENG Live Score: ओली पोप के शतक से इंग्लैंड का स्कोर 200 के पार

भारत और इंग्लैंड के बीच पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन का खेल समाप्त हो गया है। भारत की पहली पारी 471 रन पर ऑलआउट हुई थी। इंग्लैंड ने ओली पोप के शतक और बेन डकेट के अर्धशतक की मदद से स्टंप्स तक पहली पारी में तीन विकेट पर 209 रन बनाए हैं। इंग्लैंड की टीम अभी भारत से 262 रन पीछे चल रही है। दिन के खेल की समाप्ति तक पोप 100 और हैरी ब्रूक बिना खाता खोले क्रीज पर मौजूद थे। भारत के लिए पहली पारी में अब तक तीनों विकेट तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने झटके हैं। 

03:15 PM, 22-Jun-2025

IND vs ENG: बारिश के कारण जल्दी खत्म हुआ तीसरे दिन का खेल, भारत ने हासिल की 96 रन की बढ़त; केएल-गिल क्रीज पर

Live Cricket Score, India vs England 1st Test Day 3 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज भारत और इंग्लैंड के बीच जारी हेडिंग्ले टेस्ट का तीसरा दिन है। पहली पारी में भारत ने 471 रन बनाए हैं। इंग्लैंड ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक तीन विकेट पर 209 रन बना लिए हैं। फिलहाल ओली पोप और हैरी ब्रूक क्रीज पर हैं।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें