इंग्लैंड ने पांचवां टी20 मैच 56 रनों से अपने नाम कर भारत को पांच मैचों की सीरीज में 4-0 से मात दी। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में तीन विकेट पर 257 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 201 रन ही बना सकी। भारत ने इस तरह लगातार दूसरी टी20 सीरीज गंवाई। विश्व चैंपियन भारत से इस तरह टी20 में नंबर एक का ताज भी छिन जाएगा। अगले सप्ताह आईसीसी रैंकिंग में इंग्लैंड भारत को पछाड़कर नंबर एक टी20 टीम बन जाएगी।
भारत के लिए इस मैच में ईशान किशन और तिलक वर्मा ने अर्धशतक लगाए। इन दोनों बल्लेबाजों ने फॉर्म में वापसी की, लेकिन भारतीय टीम के हालात नहीं बदले। ईशान ने सबसे ज्यादा 56 और तिलक ने 53 रन बनाए। भारत के लिए श्रेयस अय्यर ने 28, संजू सैमसन ने 27 और शिवम दुबे ने 14 रन बनाए। इंग्लैंड की ओर से सैम करन ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए, जबकि आदिल राशिद को दो विकेट मिले। जोफ्रा आर्चर, जोश टंग और लियाम डॉवसन को एक-एक विकेट मिला।
तिलक वर्मा अर्धशतक लगाकर आउट हो गए हैं। तिलक ने 24 गेंदों पर पचासा पूरा किया, लेकिन अगली ही गेंद पर वह अपना विकेट गंवा बैठे। तिलक 25 गेंदों पर तीन चौकों और चार छक्कों की मदद से 53 रन बनाकर आउट हुए।
भारत के शिवम दुबे के रूप में पांचवां झटका लगा है। सैम करन ने शिवम को आउट किया जो 10 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 14 रन बनाकर आउट हुए।
ईशान किशन ने इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें टी20 मुकाबले में अर्धशतक जड़ दिया है। ईशान एक छोर से पारी को संभाले हुए हैं जिससे भारत का स्कोर 11 ओवर में तीन विकेट पर 115 रन हो गया है।
भारत को कप्तान श्रेयस अय्यर के रूप में तीसरा झटका लगा है। ईशान किशन और सैमसन के बीच अच्छी साझेदारी पनप रही थी, लेकिन डॉवसन ने इसे तोड़ा। श्रेयस 16 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 28 रन बनाकर आउट हुए। श्रेयस और ईशान के बीच तीसरे विकेट के लिए 55 रनों की साझेदारी हुई।
भारत को पावरप्ले के अंदर दूसरा झटका लगा है। अभिषेक शर्मा के बाद संजू सैमसन भी पवेलियन लौट गए हैं। सैमसन को सैम करन ने आउट किया जो 14 गेंदों पर तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 27 रन बनाकर आउट हुए।
भारतीय टीम को पहला झटका अभिषेक शर्मा के रूप में 25 रन के स्कोर पर लगा है। जोफ्रा आर्चर ने अभिषेक को तीसरे ओवर की तीसरी गेंद पर तीन रन के स्कोर पर पवेलियन भेजा है। आर्चर ने अभिषेक को विकेट के पीछे बटलर के हाथों कैच कराया है।
इंग्लैंड के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की पारी शुरू हो गई है। भारत के लिए संजू सैमसन के साथ अभिषेक शर्मा पारी की शुरुआत करने उतरे हैं।
जोस बटलर और हैरी ब्रूक के बीच दूसरे विकेट के लिए हुई साझेदारी के दम पर इंग्लैंड ने भारत को 258 रनों का लक्ष्य दिया है। भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया, लेकिन इंग्लैंड ने 20 ओवर में तीन विकेट पर 257 रन बनाए। भारत के खिलाफ टी20 में किसी टीम का यह सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले यह रिकॉर्ड इंग्लैंड के ही नाम था जिसने टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में भारत के खिलाफ सात विकेट पर 246 रन बनाए थे।
इंग्लैंड के लिए बटलर और ब्रूक ने दमदार बल्लेबाजी की और दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 233 रन जोड़े। यह टी20 में भारत के खिलाफ सबसे बड़ी साझेदारी है। बटलर ने जहां शतक लगाया वहीं ब्रूक 45 गेंदों पर चार चौकों और आठ छक्कों की मदद से 95 रन बनाकर नाबाद रहे। बटलर ने 64 गेंदों पर 12 चौकों और आठ छक्कों की मदद से 131 रनों की पारी खेली। इस मैच में भारत की फील्डिंग बेहद खराब रही और टीम ने लगातार कैच छोड़े जिसका फायदा बटलर और ब्रूक ने उठाया। भारत के लिए शिवम दुबे ने दो विकेट झटके, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा को एक सफलता मिली।
शिवम दुबे ने 19वें ओवर में इंग्लैंड को दो झटके दिए। शिवम ने पहले बटलर को आउट किया और फिर अगली ही गेंद पर जैकब बैथेल को पवेलियन भेजा। बैथेल खाता खोले बिना आउट किया। हालांकि, वह हैट्रिक पूरी नहीं कर सके।
भारत को आखिरकार दूसरी सफलता मिली। शिवम दुबे ने जोस बटलर को आउट कर इंग्लैंड को दूसरा झटका दिया। बटलर और ब्रूक के बीच दूसरे विकेट के लिए 233 रनों की साझेदारी हुई जो भारत के खिलाफ टी20 में सबसे बड़ी साझेदारी है। बटलर 64 गेंदों पर 12 चौकों और आठ छक्कों की मदद से 131 रन बनाकर आउट हुए।
बटलर और ब्रूक के बीच दूसरे विकेट के लिए 200+ रनों की साझेदारी हो गई है। यह भारत के खिलाफ टी20 में सबसे बड़ी साझेदारी है। अभी दो ओवर का खेल शेष है, लेकिन इंग्लैंड का स्कोर 220 रन के पार पहुंच गया है। इस मैच में भारत की फील्डिंग काफी खराब रही है और खिलाड़ियों ने कई कैच छोड़े हैं।
जोस बटलर ने भारत के खिलाफ 51 गेंदों पर शतक जड़ दिया है। बटलर और ब्रूक ने इस मैच में दमदार बल्लेबाजी की है और दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए करीब 200 रनों की साझेदारी होने जा रही है।
हैरी ब्रूक और जोश बटलर के बीच दूसरे विकेट के लिए 150+ रनों की साझेदारी हो गई है। भारत के खिलाफ इंग्लैंड की टीम बड़े स्कोर की ओर अग्रसर है। शिवम दुबे ने ब्रूक का कैच छोड़ दिया था जो भारतीय टीम को भारी पड़ रहा है।
हैरी ब्रूक के बाद जोस बटलर ने भी अर्धशतक जड़ दिया है। बटलर ने 34 गेंदों पर पचासा पूरा किया। बटलर और ब्रूक के बीच दूसरे विकेट के लिए शानदार साझेदारी हो रही है। भारत को अब विकेट की तलाश है।
इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 19 गेंदों पर अर्धशतक जड़ दिया है। ब्रूक और बटलर के बीच दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी भी पूरी हो गई है।
ब्रूक और बटलर के बीच दूसरे विकेट के लिए 60+ रनों की साझेदारी हो गई है। इंग्लैंड का स्कोर सात ओवर में 70 रन पहुंच गया है। भारत को अब विकेट की तलाश है।
पहला झटका लगने के बाद हैरी ब्रूक और जोश बटलर के बीच साझेदारी पनप रही है। इन दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर टीम का स्कोर 30 के पार पहुंचा दिया है।
प्रसिद्ध कृष्णा ने फिल सॉल्ट को आउट कर इंग्लैंड को पहला झटका दिया। सॉल्ट नौ गेंदों पर एक चौके की मदद से छह रन बनाकर आउट हुए।
भारत के खिलाफ पांचवें टी20 मैच में इंग्लैंड की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। इंग्लैंड के लिए जोस बटलर के साथ फिल सॉल्ट पारी की शुरुआत करने उतरे हैं।
भारत: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, प्रसिद्ध कृष्णा।
इंग्लैंड: फिल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बैथेल, टॉम बेंटन, सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉवसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, जोश टंग।
भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने इंग्लैंड के खिलाफ टी20 मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। भारत ने इस मैच में दो बदलाव किए हैं। वैभव सूर्यवंशी की जगह संजू सैमसन को मौका दिया गया है, जबकि सूर्यांश शेडगे को भी प्लेइंग-11 में जगह मिली है। शेडगे वाशिंगटन सुंदर की जगह खेलेंगे।
भारत और इंग्लैंड के बीच पांचवें टी20 का टॉस भारतीय समयानुसार शाम 7:15 बजे होगा, जबकि मैच शआम 7:30 बजे से शुरू होगा। यानी मैच में आधे घंटे की देरी होगी। ये मुकाबला शाम सात बजे से होना था, लेकिन भारतीय टीम के जाम में फंसने के कारण देरी हुई।
भारतीय टीम स्टेडियम पहुंच गई है। अब कुछ ही देर में दोनों कप्तान टॉस के लिए मैदान पर आएंगे, जिसके बाद मुकाबले की औपचारिक शुरुआत होगी।
भारत और इंग्लैंड के बीच पांचवें टी20 मुकाबले के टॉस में देरी होगी। भारतीय टीम जाम में फंसी हुई है जिस कारण अब तक स्टेडियम नहीं पहुंच सकी है।
इंग्लैंड ने इस सीरीज में हर विभाग में भारत को पीछे छोड़ा है। फिल सॉल्ट, जोस बटलर, हैरी ब्रूक और जैकब बेथेल ने भारतीय गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाया। वहीं आदिल रशीद, विल जैक्स और लियाम डॉसन जैसे स्पिनरों ने गति में बदलाव कर भारतीय बल्लेबाजों को खूब परेशान किया। अब इंग्लैंड की नजर सिर्फ सीरीज जीतने पर नहीं, बल्कि आईसीसी टी20 रैंकिंग में नंबर-1 बनने पर भी है।
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम का प्रदर्शन उम्मीदों के बिल्कुल विपरीत रहा है। सीरीज का एक मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया, जबकि खेले गए चार में से तीन मैच भारत हार चुका है। अब आखिरी मुकाबले में हार का मतलब होगा 0-4 से सीरीज गंवाना। टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 2006 से शुरुआत के बाद यह भारत का सबसे लंबा दौर है जहां टीम एक भी मैच नहीं जीत सकी है। बेलफास्ट से शुरू हुआ यह निराशाजनक सफर अब साउथम्प्टन में खत्म होगा, लेकिन टीम के सामने सम्मान बचाने की चुनौती है।
Today Cricket Live Score IND vs ENG 5th T20I 2026: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और इंग्लैंड के बीच आज पांचवां और अंतिम टी20 मुकाबला खेला जा रहा है। भारत पहले ही सीरीज गंवा चुका है, लेकिन अब दांव पर टी20 में नंबर एक का ताज है। अगर भारतीय टीम ये मैच हारी तो इंग्लैंड के हाथों नंबर एक का स्थान भी गंवा देगी।