भारत ने इंग्लैंड को चौथे टी20 में 15 रन से हराकर सीरीज में 3-1 से अजेय बढ़त बना ली। इस तरह टीम इंडिया ने 2019 से चला आ रहा विजयी अभियान जारी रखा। यह टीम इंडिया की लगातार 17वीं सीरीज जीत है। अब इस सीरीज का आखिरी मुकाबला मुंबई में रविवार को खेला जाएगा, जिसमें जीत के साथ टीम इंडिया 4-1 से सीरीज खत्म करना चाहेगी। महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में इंग्लैंड ने टॉस हारकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। टीम इंडिया ने 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 181 रन बनाए। जवाब में इंग्लिश टीम 19.4 ओवर में 166 रन पर सिमट गई।
ताश के पत्तों की तरह ढहा इंग्लैंड का बल्लेबाजी क्रम
लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन इस लय को बरकरार नहीं रख सकी। फिल सॉल्ट और बेन डकेट के बीच पहले विकेट के लिए 62 रनों की साझेदारी हुई, जो पिछले 11 अंतरराष्ट्रीय मैचों में पहली 50+ ओपनिंग साझेदारी है। इसे रवि बिश्नोई ने पावरप्ले के आखिरी ओवर की अंतिम गेंद पर तोड़ा। उन्होंने बेन डकेट को अपना शिकार बनाया। वह 19 गेंदों में 39 रन बनाकर लौटे जबकि अक्षर पटेल ने फिल सॉल्ट को आउट किया। वह 23 रन बना पाए। इसके बाद मोर्चा चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए हैरी ब्रूक उतरे। उन्होंने 26 गेंदों में 51 रन बनाए। उनके अलावा कोई बल्लेबाज विकेट पर ज्यादा देर तक नहीं टिक सका। इंग्लैंड के लिए जोस बटलर ने दो, लियाम लिविंगस्टोन ने नौ, जैकब बेथेल ने छह, ब्रायडन कार्स ने शून्य, जेमी ओवरटन ने 19, जोफ्रा आर्चर ने शून्य, साकिब महमूद ने एक और आदिल रशीद ने 10* रन बनाए। भारत के लिए हर्षित राणा और रवि बिश्नोई ने तीन-तीन विकेट लिए जबकि वरुण चक्रवर्ती को दो विकेट मिले। वहीं, अर्शदीप सिंह को एक सफलता मिली।
हर्षित को दूसरी सफलता जैकब बेथेल के रूप में मिली। उन्होंने 21 वर्षीय ऑलराउंडर को सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच कराया। वह छह रन बनाकर पवेलियन लौटे। फिलहाल क्रीज पर जेमी ओवरटन और जोफ्रा ऑर्चर मौजूद हैं।
पारी के 15वें ओवर में इंग्लैंड को वरुण चक्रवर्ती ने दो झटके दिए। उन्होंने पहले हैरी ब्रूक को अपना शिकार बनाया। वह 26 गेंदों में 51 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद वरुण ने ब्रायडन कार्स को पवेलियन भेजा। वह खाता भी नहीं खोल सके। आठवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए जेमी ओवरटन उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए जैकब बेथेल मौजूद हैं।
इंग्लैंड को चौथा झटका हर्षित राणा ने दिया। उन्होंने लियाम लिविंगस्टोन को अपना शिकार बनाया। वह नौ रन बनाकर आउट हुए। हर्षित को शिवम दुबे की जगह टीम में शामिल किया गया था। वह कनकशन सब्सीट्यूट के तौर पर मैदान पर उतरे और इस प्रारूप में डेब्यू किया। यह तेज गेंदबाज के टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला विकेट भी है।
रवि बिश्नोई ने अपनी घातक गेंदबाजी का मुजायरा पेश करते हुए इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ दो रन बना सके। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए लियाम लिविंगस्टोन उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए हैरी ब्रूक क्रीज पर मौजूद हैं। नौ ओवर के बाद टीम का स्कोर 78/3 है।
65 के स्कोर पर इंग्लैंड को दूसरा झटका अनुभवी स्पिनर अक्षर पटेल ने दिया। उन्होंने फिल सॉल्ट को अपना शिकार बनाया। वह 21 गेंदों में 23 रन बनाकर पवेलियन लौटे। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए हैरी ब्रूक उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए जोस बटलर क्रीज पर मौजूद हैं। सात ओवर का खेल पूरा हो चुका है, इंग्लैंड को जीत के लिए 77 गेंदों में 116 रनों की जरूरत है।
इंग्लैंड को पहला झटका 62 रन के स्कोर पर लगा। रवि बिश्नोई ने बेन डकेट को सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच कराया। वह 39 रन बनाकर आउट हुए। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए जोस बटलर उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए फिल सॉल्ट क्रीज पर मौजूद हैं।
भारत द्वारा दिए गए 182 रनों के लक्ष्य का पीछा करने के लिए इंग्लैंड तैयार है। फिल सॉल्ट और बेन डकेट क्रीज पर मौजूद हैं। इंग्लिश टीम के प्रशंसकों को दोनों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत भारत ने चौथे टी20 मैच में इंग्लैंड के खिलाफ 20 ओवर में नौ विकेट पर 181 रन बनाए हैं। इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। 12 के स्कोर पर टीम ने तीन विकेट खो दिए थे। साकिब महमूद ने संजू सैमसन (1), तिलक वर्मा (0) और सूर्यकुमार यादव (0) को पवेलियन भेजा। इसके बाद मोर्चा रिंकू सिंह और अभिषेक शर्मा ने संभाला। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 32 गेंदों में 45 रनों की साझेदारी हुई, जिसके दम पर टीम इंडिया ने अपने 50 रन पूरे किए।
पारी का आठवां ओवर फेंकने आए आदिल रशीद ने सलामी बल्लेबाज अभिषेक को जैकब बेथेल के हाथों कैच कराया। वह 29 रन बनाकर आउट हुए जबकि रिंकू ने 26 गेंदों में 30 रनों की आतिशी पारी खेली। इसके बाद शिवम दुबे और हार्दिक पांड्या ने भारत का लक्ष्य 160 रनों के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 87 रनों की साझेदारी हुई। भारतीय ऑलराउंडर ने अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पांचवां पचासा 27 गेंदों में जड़ा जबकि तिलक ने 31 गेंदों में टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर चौथा पचासा जड़ा। दोनों इस मैच में 53-53 रनों की शानदार पारियां खेलने में कामयाब हुए।
भारत के लिए अक्षर पटेल ने पांच रन बनाए जबकि अर्शदीप शून्य और रवि बिश्नोई बिना खाता खोले नाबाद रहे। इंग्लैंड के लिए साकिब महमूद ने तीन, जेमी ओवरटन ने दो और ब्रायडन कार्स तथा आदिल रशीद ने एक-एक विकेट चटकाया।
शिवम दुबे ने 31 गेंदों में अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर चौथा पचासा जड़ा।
भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या अर्धशतकीय पारी खेलकर पवेलियन लौटे। उन्होंने 27 गेंदों में अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पांचवां पचाया जड़ा। इंग्लैंड के खिलाफ वह 30 गेंदों में 53 रन बनाने में कामयाब हुए। उन्होंने शिवम दुबे के साथ छठे विकेट के लिए 45 गेंदों में 87 रनों की साझेदारी निभाई। उन्हें जेमी ओवरटन ने जोस बटलर के हाथों कैच कराया। आठवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए अक्षर पटेल उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए शिवम क्रीज पर मौजूद हैं।
भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या दमदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने महज 27 गेंदों में अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पांचवां अर्धशतक जड़ा है। वहीं, शिवम दुबे भी शानदार प्रदर्शन करते नजर आ रहे हैं। 17.5 ओवर के बाद टीम का स्कोर 166/5 है।
हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे ने मोर्चा संभाल रखा है। दोनों के बीच 67* रनों की साझेदारी हो चुकी है। 17 ओवर के बाद भारत का स्कोर 146/5 है।
भारत को 79 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा। ब्रायडन कार्स ने रिंकू सिंह को अपना शिकार बनाया। वह 26 गेंदों में चार चौके और एक छक्के की मदद से 30 रन बनाकर पवेलियन लौटे। सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए हार्दिक पांड्या उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए शिवम दुबे क्रीज पर मौजूद हैं।
10 ओवर का खेल पूरा हो चुका है, भारत चार विकेट पर 72 रन बना चुका है। फिलहाल क्रीज पर रिंकू सिंह (29) और शिवम दुबे (8) मौजूद हैं। दोनों के बीच एक साझेदारी पनप रही है।
भारत को चौथा झटका आदिल रशीद ने दिया। उन्होंने आठवें ओवर की दूसरी गेंद पर अभिषेक शर्मा को जैकब बेथेल के हाथों कैच कराया। वह 19 गेंदों में 29 रन बनाकर पवेलियन लौटे। छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए शिवम दुबे उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए रिंकू सिंह क्रीज पर मौजूद हैं।
पावरप्ले में भारत ने तीन विकेट गंवाए। इस सीरीज में पहला मैच खेल रहे साकिब महमूद ने दूसरे ओवर में संजू सैमसन (1), तिलक वर्मा (0) और सूर्यकुमार यादव (0) को अपना शिकार बनाया। इसके बाद मोर्चा रिंकू सिंह और अभिषेक शर्मा ने संभाला। दोनों के बीच एक साझेदारी पनप रही है। शुरुआती छह ओवर के बाद भारत का स्कोर 47/3 है।
12 रन के स्कोर पर भारत ने तीसरा विकेट खो दिया। उन्हें भी साकिब महमूद ने ही अपना शिकार बनाया। वह बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए रिंकू सिंह उतरे हैं। फैंस को उनसे आज अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।
इस मैच में भारत के खिलाफ दूसरा ओवर फेंकने आए साकिब महमूद कहर बरपा रहे हैं। उन्होंने लगातार दो गेंदों पर दो विकेट चटकाए हैं। पहली गेंद पर तेज गेंदबाज ने संजू सैमसन (1) को आउट किया। इसके बाद दूसरी गेंद पर तिलक वर्मा (0) को पवेलियन भेजा। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए सूर्यकुमार यादव उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए अभिषेक शर्मा क्रीज पर मौजूद हैं।
भारत को पहला झटका साकिब महमूद ने दिया। उन्होंने संजू सैमसन को अपना शिकार बनाया। विकेटकीपर बल्लेबाज सिर्फ एक रन बनाकर पवेलियन लौटे। तीसरे नंबर पर अब बल्लेबाजी के लिए तिलक वर्मा उतरे हैं।
भारत की पारी शुरू हो चुकी है। संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों से इस मुकाबले में भारत को अच्छी शुरुआत दिलाने की उम्मीद है।
भारत: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, रवि बिश्नोई, वरुण चक्रवर्ती।
इंग्लैंड: फिल सॉल्ट (विकेटकीपर), बेन डकेट, जोस बटलर (कप्तान), हैरी ब्रूक, लियाम लिविंगस्टोन, जैकब बेथेल, जेमी ओवरटन, ब्रायडन कार्स, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, साकिब महमूद।
इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बताया की इस मैच में टीम इंडिया तीन बदलावों के साथ उतरी है। मोहम्मद शमी की जगह अर्शदीप सिंह उतरे हैं, रिंकू सिंह को ध्रुव जुरेल की जगह मौका मिला है जबकि वाशिंगटन सुंदर की जगह शिवम दुबे को प्लेइंग 11 में शामिल किया गया है।
मोहम्मद शमी काफी समय बाद टीम में लौटे हैं और राजकोट में उन्होंने अच्छी वापसी की। देखना यह है कि जसप्रीत बुमराह की गैर मौजूदगी में क्या भारत के सर्वश्रेष्ठ टी20 गेंदबाज अर्शदीप सिंह को जगह मिलती है तो पावरप्ले में सफलता दिला सकते हैं।
रिंकू सिंह की कमर की तकलीफ के कारण सातवें नंबर पर ध्रुव जुरेल को उतारा गया लेकिन वह इस प्रारूप में फिट नहीं हो पा रहे। रिंकू को पहले दो मैचों में आराम दिया गया और वह चौथे मैच तक फिट हो सकते हैं। वैसे रिंकू भी अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में नहीं हैं। गंभीर जब कोलकाता नाइट राइडर्स के मेंटोर बने तब रिंकू को 2024 आईपीएल में कुल 70 गेंद खेलने को मिली और वह टी20 विश्व कप टीम में जगह नहीं बना सके।
तीनों मैचों में वह फिल सॉल्ट को कैच देकर पवेलियन लौट गए। सैमसन मुख्य कोच गौतम गंभीर के पसंदीदा खिलाड़ियों में से है और समझा जा रहा है कि अगले साल होने वाले टी20 विश्व कप को देखते हुए वह उन पर भरोसा बनाये रखेंगे। लेकिन उन्हें तकनीकी कमियों से पार पाना होगा।
तेज रफ्तार के सामने संजू सैमसन की कमजोरी और रिंकू सिंह का खराब फॉर्म और फिटनेस इंग्लैंड के खिलाफ शुक्रवार को चौथे टी20 मैच से पहले भारतीय टीम प्रबंधन की चिंता का सबब होगा। राजकोट में तीसरा मैच हारने के बाद भारतीय टीम के पास मुंबई में दो फरवरी को होने वाले आखिरी मैच से पहले सीरीज जीतने का एक और मौका है। सूर्यकुमार यादव की टीम ने कोलकाता और चेन्नई में पहले दो मैच जीते थे। केरल के विकेटकीपर बल्लेबाज सैमसन ने टी20 सत्र की शुरूआत बांग्लादेश और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन शतक के साथ की। मौजूदा सीरीज में उनका स्कोर 26, 5 और तीन रहा है जो चिंता की बात है। वह 145 किमी की रफ्तार से अधिक वाली गेंदों का सामना नहीं कर पा रहे। बांग्लादेश के खिलाफ उन्होंने तसकीन अहमद, तंजीम हसन शाकिब की गेंदें खेलीं थी जबकि दक्षिण अफ्रीका के एंडिले साइमलेन और लुथो सिपाम्ला की गेंदों का उन्होंने सामना किया। ये बहुत खतरनाक तेज गेंदबाज नहीं हैं और सैमसन ने उन्हें बखूबी खेला। वहीं इंग्लैंड के जोफ्रा आर्चर और मार्क वुड 145 से 155 किमी की रफ्तार से गेंद डालते हैं जिनकी गति सैमसन के लिये परेशानी का कारण बन गई है।
भारतीय टीम 2017 से इंग्लैंड पर टी-20 सीरीज में श्रेष्ठता दर्ज करती आ रही है। 2017 में भारत ने इंग्लैंड को तीन मैचों की सीरीज में 2-1 से, 2018 में तीन मैचों की सीरीज में 2-1 से, 2021 में पांच मैचों की सीरीज में 3-2 से और 2022 में तीन मैचों की सीरीज में 2-1 से हराया था।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला पुणे में खेला जा रहा है। इस मैच में टीम इंडिया जीत के साथ सीरीज में अजेय बढ़त बनाने का लक्ष्य लेकर उतरी है। भारत इस सीरीज में फिलहाल 2-1 से आगे है।