फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs ENG Highlights: भारत ने इंग्लैंड को दूसरे टी20 मैच में दो विकेट से हराया, तिलक ने बनाए नाबाद 72 रन

Sat, 25 Jan 2025 10:36 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, चेन्नई

खास बातें

IND vs ENG 2nd T20i 2025: भारतीय टीम ने तिलक वर्मा की जिम्मेदारी भरी पारी की मदद से इंग्लैंड को दूसरे टी20 मुकाबले में दो विकेट से हराया और पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली। टीम एक समय कठिन स्थिति में थी, लेकिन तिलक ने अर्धशतक लगाकर टीम को जीत दिलाई। 
विज्ञापन
तिलक वर्मा - फोटो : BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:33 PM, 25-Jan-2025

IND vs ENG Live: भारत की शानदार जीत

भारतीय टीम ने तिलक वर्मा की शानदार अर्धशतकीय पारी के दम पर इंग्लैंड को दूसरे टी20 मुकाबले में दो विकेट से हराया और पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में नौ विकेट पर 165 रन बनाए थे। जवाब में तिलक ने 55 गेंदों पर चार चौकों और पांच छक्कों की मदद से नाबाद 72 रनों की पारी खेली जिसकी मदद से भारत ने 19.2 ओवर में आठ विकेट पर 166 रन बनाकर मैच जीता। भारत के लिए तिलक के अलावा वॉशिंगटन सुंदर ने 19 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 26 रन बनाए, जबकि नौवें बल्लेबाज के रूप में उतरे रवि बिश्नोई पांच गेंदों पर नौ रन बनाकर नाबाद लौटे। 

इंग्लैंड के लिए ब्राइडन कार्से ने तीन विकेट लिए और टीम को जीत दिलाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन तिलक की पारी के सामने उनका यह प्रयास सफल नहीं हो सका। इंग्लैंड की ओर से जोफ्रा आर्चर, मार्क वुड, आदिल राशिद, जैमी ओवरटन और लियाम लिविंगस्टोन ने एक-एक विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और उसने पांच विकेट 78 रन पर गंवा दिए थे, लेकिन तिलक ने वॉशिंगटन के साथ साझेदारी कर टीम को उबारने की कोशिश की। वॉशिंगटन के आउट होने के बाद तिलक ने मोर्चा संभाला और जिम्मेदारी भरी पारी खेलते हुए टीम को जीत दिलाई। 

इससे पहले, भारत ने टॉस जीतकर इंग्लैंड को बल्लेबाजी का न्योता दिया, लेकिन पहले टी20 की तरह चेन्नई में भी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। हालांकि, बटलर ने एक बार फिर टीम को मुश्किल से उबारा और 30 गेंदों पर दो चौकों और तीन छक्कों की मदद से 45 रन बनाए। बटलर के अलावा ब्राइडन कार्से ने 17 गेंदों पर एक चौके और तीन छक्के की मदद से 31 रन की पारी खेली जिससे इंग्लैंड 20 ओवर में नौ विकेट पर 165 रन बनाने में सफल रहा। 

बटलर पहले टी20 की तरह चेन्नई में भी अच्छी लय में दिख रहे थे, लेकिन अक्षर पटेल ने उन्हें आउट कर लगातार दूसरा अर्धशतक लगाने से रोका। इसके बाद कार्से ने भी कुछ तेज पारी खेली और फिर निचले क्रम के बल्लेबाजों ने भी योगदान दिया जिससे इंग्लैंड की टीम लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचने में सफल रही। इंग्लैंड के लिए हैरी ब्रूक ने 13 रन, लियाम लिविंगस्टोन ने 13 और जैमी स्मिथ ने 22 रन बनाए। जोफ्रा आर्चर नौ गेंदों पर 12 रन और मार्क वुड तीन गेंदों पर पांच रन बनाकर नाबाद लौटे। भारत के लिए वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट लिए, जबकि अर्शदीप सिंह, हार्दिक पांड्या, वॉशिंगटन सुंदर और अभिषेक शर्मा को एक-एक विकेट मिला।

10:30 PM, 25-Jan-2025

IND vs ENG Live: रोमांचक स्थिति पर पहुंचा मैच

भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा टी20 मुकाबला रोमांचक स्थिति पर पहुंच गया है। भारत को छह गेंदों पर छह रन चाहिए, जबकि इंग्लैंड को जीत के लिए दो विकेट की जरूरत है। फिलहाल तिलक वर्मा और रवि बिश्नोई क्रीज पर मौजूद हैं। 

10:16 PM, 25-Jan-2025

IND vs ENG Live: अर्शदीप सिंह आउट

आदिल राशिद ने अर्शदीप सिंह को आउट कर भारत को आठवां झटका दिया है। अर्शदीप चार गेंदों पर छह रन बनाकर आउट हुए। भारत को अब जीत के लिए 18 गेंदों पर 20 रनों की जरूरत है। क्रीज पर तिलक वर्मा डटे हुए हैं जो 61 रन बनाकर खेल रहे हैं। 

विज्ञापन
10:06 PM, 25-Jan-2025

IND vs ENG Live: भारत को लगा सातवां झटका

भारत को सातवां झटका लियाम लिविंगस्टोन ने दिया। उन्होंने अक्षर पटेल को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ दो रन बना सके। नौवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए अर्शदीप सिंह उतरे हैं। 

09:57 PM, 25-Jan-2025

IND vs ENG Live: 13 ओवर के बाद भारत का स्कोर 113/5

13 ओवर का खेल पूरा हो चुका है। वाशिंगटन सुंदर 25 और तिलक वर्मा 38 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं। दोनों के बीच अच्छी साझेदारी देखने को मिल रही है।

विज्ञापन
09:34 PM, 25-Jan-2025

IND vs ENG Live: पांचवां विकेट गिरा

भारत को पांचवां झटका हार्दिक पांड्या के रूप में लगा। वह सिर्फ सात रन बनाकर आउट हुए। उन्हें ओवरटन ने अपना शिकार बनाया।

09:27 PM, 25-Jan-2025

IND vs ENG Live: भारत को लगा चौथा झटका

ब्राइडन कार्से ने भारत को एक और झटका देते हुए ध्रुव जुरेल को पवेलियन भेजा। भारत ने इस तरह 66 के स्कोर पर चौथा विकेट गंवा दिया है। जुरेल पांच गेंदों पर चार रन बनाकर आउट हुए। कार्से का इस मैच का यह दूसरा विकेट है। 

09:18 PM, 25-Jan-2025

IND vs ENG Live: सूर्यकुमार पवेलियन लौटे

ब्राइडन कार्से ने कप्तान सूर्यकुमार यादव को आउट कर भारत को तीसरा झटका दिया। सूर्यकुमार और तिलक वर्मा के बीच शानदार साझेदारी चल रही थी, लेकिन कार्से ने सूर्यकुमार को बोल्ड कर इस साझेदारी का अंत किया। सूर्यकुमार सात गेंदों पर 12 रन बनाकर आउट हुए। 

09:15 PM, 25-Jan-2025

IND vs ENG Live: भारत का स्कोर 50 के पार

शुरुआती झटकों के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा ने आक्रामक रवैया अपनाया और भारत की रन गति तेज की। भारत का स्कोर पांच ओवर की समाप्ति के बाद दो विकेट पर 51 रन हो गया है। इस दौरान तिलक वर्मा ने विकेट के पीछे जोफ्रा आर्चर पर शानदार छक्का लगाया। 

09:00 PM, 25-Jan-2025

IND vs ENG Live: सैमसन पवेलियन लौटे

जोफ्रा आर्चर ने संजू सैमसन को आउट कर भारत को दूसरा झटका दिया। भारत ने इस तरह 19 रन के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए हैं। सैमसन सात गेंदों पर पांच रन बनाकर आउट हुए। 

08:55 PM, 25-Jan-2025

IND vs ENG Live: अभिषेक शर्मा आउट हुए

मार्क वुड ने भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को आउट कर इंग्लैंड को पहली सफलता दिलाई। अभिषेक ने पहले टी20 मैच में शानदार अर्धशतक लगाया था, लेकिन इस मैच में वह बड़ी पारी नहीं खेल सके और छह गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 12 रन बनाकर आउट हुए। 

08:47 PM, 25-Jan-2025

IND vs ENG Live: भारत की पारी शुरू

इंग्लैंड के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की पारी शुरू हो गई है। इंग्लैंड ने भारत के सामने जीत के लिए 166 रनों का लक्ष्य रखा है। भारत के लिए अभिषेक शर्मा के साथ संजू सैमसन पारी का आगाज करने उतरे हैं। 

08:30 PM, 25-Jan-2025

IND vs ENG Live: भारत को मिला 166 रनों का लक्ष्य

इंग्लैंड ने कप्तान जोस बटलर की शानदार पारी के दम पर भारत के सामने जीत के लिए 166 रनों का लक्ष्य रखा है। भारत ने टॉस जीतकर इंग्लैंड को बल्लेबाजी का न्योता दिया, लेकिन पहले टी20 की तरह चेन्नई में भी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। हालांकि, बटलर ने एक बार फिर टीम को मुश्किल से उबारा और 30 गेंदों पर दो चौकों और तीन छक्कों की मदद से 45 रन बनाए। बटलर के अलावा ब्राइडन कार्से ने 17 गेंदों पर एक चौके और तीन छक्के की मदद से 31 रन की पारी खेली जिससे इंग्लैंड 20 ओवर में नौ विकेट पर 165 रन बनाने में सफल रहा। 

बटलर पहले टी20 की तरह चेन्नई में भी अच्छी लय में दिख रहे थे, लेकिन अक्षर पटेल ने उन्हें आउट कर लगातार दूसरा अर्धशतक लगाने से रोका। इसके बाद कार्से ने भी कुछ तेज पारी खेली और फिर निचले क्रम के बल्लेबाजों ने भी योगदान दिया जिससे इंग्लैंड की टीम लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचने में सफल रही। इंग्लैंड के लिए हैरी ब्रूक ने 13 रन, लियाम लिविंगस्टोन ने 13 और जैमी स्मिथ ने 22 रन बनाए। जोफ्रा आर्चर नौ गेंदों पर 12 रन और मार्क वुड तीन गेंदों पर पांच रन बनाकर नाबाद लौटे। भारत के लिए वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट लिए, जबकि अर्शदीप सिंह, हार्दिक पांड्या, वॉशिंगटन सुंदर और अभिषेक शर्मा को एक-एक विकेट मिला। 

08:25 PM, 25-Jan-2025

IND vs ENG Live: इंग्लैंड को लगा नौवां झटका

हार्दिक पांड्या ने आदिल राशिद को आउट कर इंग्लैंड को नौवां झटका दिया। राशिद 11 गेंदों पर 10 रन बनाकर आउट हुए। इंग्लैंड ने 19 ओवर की समाप्ति तक नौ विकेट पर 157 रन बना लिए हैं। 

08:20 PM, 25-Jan-2025

IND vs ENG Live: इंग्लैंड का स्कोर 150 के पार

गिरते विकेटों के बीच इंग्लैंड ने स्कोर 150 रन के पार पहुंचा दिया है। भारत ने इंग्लैंड के आठ विकेट गिरा दिए हैं, लेकिन टीम की कोशिश ज्यादा से ज्यादा रन स्कोर बोर्ड पर खड़ा करने की है। क्रीज पर फिलहाल आदिल राशिद और जोफ्रा आर्चर मौजूद हैं। 

08:13 PM, 25-Jan-2025

IND vs ENG Live: कार्से रन आउट हुए

अच्छी पारी खेल रहे ब्राइडन कार्से रन चुराने के चक्कर में अपना विकेट गंवा बैठे। कार्से अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे और इंग्लैंड की पारी को संभाले हुए थे, लेकिन संवाद में कमी के चलते अपना विकेट खो बैठे। कार्से ने 17 गेंदों पर एक चौके और तीन छक्कों की मदद से 31 रन बनाए। 

08:11 PM, 25-Jan-2025

IND vs ENG Live: वरुण को मिली दूसरी सफलता

वरुण चक्रवर्ती ने जैमी ओवरटन को आउट कर इंग्लैंड को सातवां झटका दिया। वरुण ने ओवरटन को बोल्ड किया जो सात गेंदों पर पांच रन बनाकर आउट हुए। वरुण का इस मैच का यह दूसरा विकेट है। 

08:00 PM, 25-Jan-2025

IND vs ENG Live: अभिषेक ने स्मिथ को आउट किया

इंग्लैंड की पारी लड़खड़ा गई है और उसने 104 रन के स्कोर पर छह विकेट गंवा दिए हैं। कप्तान सूर्यकुमार ने 13वां ओवर डालने के लिए अभिषेक शर्मा को भेजा और उन्होंने कप्तान को निराश नहीं किया। अभिषेक की गेंद पर जैमी स्मिथ ने बड़ा शॉट खेलने का प्रयास किया, लेकिन बाउंड्री पर तिलक वर्मा को कैच थमा बैठे। स्मिथ 12 गेंदों पर एक चौका और दो छक्के की मदद से 22 रन बनाकर आउट हुए। 

07:53 PM, 25-Jan-2025

IND vs ENG Live: इंग्लैंड की आधी टीम पवेलियन लौटी

अक्षर पटेल ने लियाम लिविंगस्टोन को आउट कर इंग्लैंड को पांचवां झटका दिया जिससे 90 रन के स्कोर पर उसकी आधी टीम पवेलियन लौट गई। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड की पारी लड़खड़ा गई है। अक्षर का इस मैच का यह दूसरा विकेट है, इससे पहले उन्होंने बटलर को अपना शिकार बनाया था। लिविंगस्टोन 14 गेंदों पर 13 रन बनाकर आउट हुए। 

07:45 PM, 25-Jan-2025

IND vs ENG Live: बटलर अर्धशतक से चूके

अक्षर पटेल ने इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर को आउट कर इंग्लैंड को चौथा झटका दिया है। बटलर अर्धशतक लगाने के करीब थे, लेकिन वह ऐसा नहीं कर सके और बाउंड्री पर कैच थमा बैठे। बटलर ने 30 गेंदों पर दो चौकों और तीन छक्कों की मदद से 45 रन बनाए। इंग्लैंड ने इस तरह 77 रन पर चार विकेट गंवा दिए हैं। 

07:35 PM, 25-Jan-2025

IND vs ENG Live: वरुण चक्रवर्ती को मिली सफलता

वरुण चक्रवर्ती ने इंग्लैंड के उपकप्तान हैरी ब्रूक को आउट कर इंग्लैंड को तीसरा झटका दिया। बटलर ने दो विकेट गिरने के बाद पावरप्ले तक टीम को संभाले रखा था, लेकिन वरुण चक्रवर्ती ने अपने पहले ही ओवर में इंग्लैंड को बड़ा झटका दिया। वरुण पहली बार अपने होम ग्राउंड पर भारत के लिए टी20 मुकाबला खेल रहे हैं। इंग्लैंड ने 59 रन के स्कोर पर तीन विकेट गंवा दिए हैं। फिलहाल बटलर के साथ लियाम लिविंगटस्टोन मौजूद हैं। 

07:31 PM, 25-Jan-2025

IND vs ENG Live: पावरप्ले हुआ समाप्त

कप्तान जोस बटलर की शानदार पारी के दम पर इंग्लैंड ने पावरप्ले खत्म होने तक स्कोर 50 के पार पहुंचा दिया है। बटलर ने शुरुआती झटकों के बाद टीम को संभाला और आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करना जारी रखा। इंग्लैंड ने छह ओवर की समाप्ति तक दो विकेट पर 58 रन बना लिए हैं। फिलहाल क्रीज पर बटलर के साथ उपकप्तान हैरी ब्रूक मौजूद हैं। 

07:21 PM, 25-Jan-2025

IND vs ENG Live: बेन डकेत आउट हुए

स्पिनर वॉशिंगटन सुंदर ने अपने पहले ही ओवर की पहली गेंद पर बेन डकेत को आउट कर इंग्लैंड को दूसरा झटका दिया। डकेत छह गेंदों पर तीन रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, कप्तान जोस बटलर अभी क्रीज पर मौजूद हैं और उनका साथ देने हैरी ब्रूक उतरे हैं। 

07:19 PM, 25-Jan-2025

IND vs ENG Live: बटलर ने इंग्लैंड को संभाला

शुरुआती झटका लगने के बाद कप्तान जोस बटलर ने इंग्लैंड को संभाला और तीन ओवर की समाप्ति तक मेहमान टीम ने एक विकेट पर 26 रन बना लिए हैं। 

07:03 PM, 25-Jan-2025

IND vs ENG Live: अर्शदीप को मिली पहली सफलता

भारतीय टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने पहले ही ओवर में सफलता दिलाई और फिल सॉल्ट को अपना शिकार बनाया। सॉल्ट ने अर्शदीप पर चौके के साथ शुरुआत की थी, लेकिन अर्शदीप ने इसी ओवर में उनका शिकार किया। सॉल्ट ने तीन गेंदों पर चार रन बनाए। अर्शदीप के टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का यह 98वां विकेट है। 

07:01 PM, 25-Jan-2025

IND vs ENG Live: इंग्लैंड की पारी शुरू

भारत के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में इंग्लैंड की पारी शुरू हो चुकी है। भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया है। इंग्लैंड की ओर से फिल सॉल्ट और बेन डकेत क्रीज पर उतरे हैं, जबकि भारत की ओर से तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने गेंदबाजी की शुरुआत की है। 

06:35 PM, 25-Jan-2025

IND vs ENG Live: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

भारतः संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, वॉशिंगटन सुंदर, ध्रुव जुरेल, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती। 
इंग्लैंडः बेन डकेत, फिल सॉल्ट (विकेटकीपर), जोस बटलर (कप्तान), हैरी ब्रूक, लियाम लिविंगस्टोन, जैमी स्मिथ, जैमी ओवरटन, ब्राइडन कार्से, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, मार्क वुड। 

06:31 PM, 25-Jan-2025

IND vs ENG Live: भारत ने जीता टॉस

भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया है। भारतीय टीम ने इस मैच के लिए प्लेइंग-11 में दो बदलाव किया है। ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी और रिंकू सिंह की जगह ध्रुव जुरेल और वॉशिंगटन को शामिल किया गया है। वहीं, इंग्लैंड की टीम में भी दो बदलाव हुए हैं। 

06:26 PM, 25-Jan-2025

IND vs ENG Live: शमी का शामिल होना फिटनेस पर निर्भर

भारतीय टीम निश्चित तौर पर शमी को मैदान पर उतारना चाहेगी, लेकिन यह सब कुछ उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगा। भारत को हालांकि पहले मैच में इस 34 वर्षीय तेज गेंदबाज की कमी नहीं खली थी। इस मैच में तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने शानदार प्रदर्शन करके भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी।

06:25 PM, 25-Jan-2025

IND vs ENG Live: अक्षर, बिश्नोई और वरुण को जगह मिलना तय 

कोलकाता के ईडेन गार्डेंस पर स्पिन और तेज गेंदबाज दोनों को मदद मिली, लेकिन चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम पर स्पिनरों का दबदबा रहता है। ऐसे में भारतीय टीम उपकप्तान अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई और वरुण चक्रवर्ती जैसे तीन स्पिनर के साथ उतर सकती है। तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने पिछले मैच में प्रभावित किया था और वह इस प्रारूप में भारत के सबसे सफल गेंदबाज बने थे। उनका भी प्लेइंग-11 में रहना तय है।

06:14 PM, 25-Jan-2025

IND vs ENG Live: भारत की अपडेटेड टीम

इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीमः
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अक्षर पटेल (उपकप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद शमी, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, वॉशिंगटन संदर, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), शिवम दुबे, रमनदीप सिंह

06:03 PM, 25-Jan-2025

IND vs ENG Live: नीतीश-रिंकू चोटिल

ऑलराउंडर शिवम दुबे इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के शेष तीन मुकाबलों के लिए भारतीय टीम में शामिल होंगे और वह नीतीश कुमार रेड्डी की जगह लेंगे जो चोटिल हो गए हैं। वहीं, रिंकू सिंह भी चोट के कारण दूसरे और तीसरे टी20 मैच में नहीं खेल पाएंगे। उनकी जगह रमनदीप सिंह को टीम में शामिल किया गया है। दूसरे टी20 से ठीक पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने यह जानकारी दी है। 

06:00 PM, 25-Jan-2025

IND vs ENG Highlights: भारत ने इंग्लैंड को दूसरे टी20 मैच में दो विकेट से हराया, तिलक ने बनाए नाबाद 72 रन

Today Cricket Live Score IND vs ENG 2nd T20i 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। पहले टी20 मैच में जीत से सीरीज की शुरुआत करने वाली भारतीय टीम खिलाड़ियों की चोट से परेशान चल रही है। टीम के ऑलराउंडर नीतीश रेड्डी चोट के कारण सीरीज से ही बाहर हो गए हैं, जबकि रिंकू सिंह भी दूसरे और तीसरे टी20 के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। इन सब के बीच भारत की नजरें चेन्नई में दूसरे टेस्ट को जीतकर सीरीज में बढ़त हासिल करने की होगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें