फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs ENG Highlights: भारत ने इंग्लैंड को सात विकेट से हराया, अभिषेक की तूफानी पारी, 20 गेंदों पर जड़ा पचासा

Wed, 22 Jan 2025 10:00 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, कोलकाता

खास बातें

IND vs ENG 1st T20i 2025: भारतीय टीम ने इंग्लैंड को सात विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। इस मैच में अभिषेक शर्मा ने 34 गेंदों पर 79 रनों की तूफानी पारी खेली और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई
विज्ञापन
अभिषेक शर्मा - फोटो : BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:59 PM, 22-Jan-2025

IND vs ENG Live: भारत ने शानदार जीत

सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की तूफानी पारी के दम पर भारत ने इंग्लैंड को पहले टी20 मैच में सात विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 132 रन बनाए थे, लेकिन अभिषेक ने 34 गेंदों पर पांच चौकों और आठ छक्कों की मदद से 79 रन बनाए जिसके दम पर भारत ने 12.5 ओवर में तीन विकेट पर 133 रन बनाकर मैच जीता। इंग्लैंड की ओर से तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने दो विकेट और आदिल राशिद ने एक विकेट लिया।  

कम स्कोर का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को संजू सैमसन और अभिषेक ने अच्छी शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 41 रन जोड़े। हालांकि, आर्चर ने पहले सैमसन (26) और फिर कप्तान सूर्यकुमार यादव को खाता खोले बिना आउट किया जिससे भारत की पारी लड़खड़ा गई। हालांकि, अभिषेक ने इसके बाद हाथ खोले और महज 20 गेंदों पर पचासा जड़ दिया। अभिषेक ने इंग्लैंड के हर गेंदबाज को निशाना बनाया। अभिषेक इसके साथ ही टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले संयुक्त रूप से तीसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए। अभिषेक की पारी का अंत आदिल राशिद ने किया। फिर तिलक वर्मा और हार्दिक पांड्या ने जीत की औपचारिकता पूरी की। तिलक 16 गेंदों पर 19 रन और हार्दिक चार गेंदों पर तीन रन बनाकर नाबाद लौटे। 

इससे पहले, स्पिनर वरुण चक्रवर्ती के नेतृत्व में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया जिससे इंग्लैंड की पारी 132 रन पर ऑलआउट हो गई। इंग्लैंड के लिए कप्तान जोस बटलर ने अर्धशतक जड़ा और 44 गेंदों पर आठ चौकों और दो छक्कों की मदद से 68 रन बनाए। इंग्लैंड के सिर्फ तीन ही बल्लेबाज दहाई अंक तक पहुंच सके और बटलर के अलावा अन्य कोई बल्लेबाज प्रभावित नहीं कर सका। भारत ने इस मैच के लिए अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को प्लेइंग-11 में जगह नहीं दी थी, लेकिन अर्शदीप सिंह ने जिम्मा संभाला और शुरुआत में ही मेहमान टीम को दो झटके देकर भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई। अर्शदीप इसके साथ ही भारत के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे सफल गेंदबाज बन गए। भारत के लिए वरुण ने तीन विकेट लिए, जबकि अर्शदीप सिंह, हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल को दो-दो विकेट मिले। 

09:53 PM, 22-Jan-2025

IND vs ENG Live: अभिषेक शर्मा आउट

स्पिनर आदिल राशिद ने अभिषेक शर्मा को आउट कर भारत को तीसरा झटका दिया। अभिषेक 34 गेंदों पर पांच चौकों और आठ छक्कों की मदद से 79 रन बनाकर आउट हुए। भारत को अब जीत के लिए आठ रनों की जरूरत है। 

09:49 PM, 22-Jan-2025

IND vs ENG Live: जीत के करीब पहुंचा भारत

अभिषेक शर्मा की तूफानी पारी के दम पर भारतीय टीम जीत के करीब पहुंच गई है। भारत ने 11 ओवर की समाप्ति तक दो विकेट पर 116 रन बना लिए हैं और उसे जीत के लिए 54 गेंदों पर और 17 रन बनाने हैं। अभिषेक 31 गेंदों पर 71 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।  

विज्ञापन
09:36 PM, 22-Jan-2025

IND vs ENG Live: अभिषेक का अर्धशतक

सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए महज 20 गेंदों पर अर्धशतक पूरा कर लिया है। भारत ने सैमसन और सूर्यकुमार के विकेट जल्दी गंवा दिए थे, लेकिन अभिषेक ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी और भारत का स्कोर 90 रन के पार पहुंचा दिया। 

09:29 PM, 22-Jan-2025

IND vs ENG Live: अभिषेक ने संभाला

दो झटके लगने के बाद सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने भारतीय पारी को संभाला। भारत ने सात ओवर की समाप्ति तक दो विकेट पर 67 रन बना लिए हैं। अभिषेक 13 गेंदों पर 29 रन और तिलक वर्मा छह गेंदों पर सात रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। 

विज्ञापन
09:17 PM, 22-Jan-2025

IND vs ENG Live: सूर्यकुमार खाता खोले बिना आउट

तेज गेंदबाज आर्चर ने एक ही ओवर में भारत को दूसरा झटका दिया है। सैमसन को आउट करने के बाद आर्चर ने भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव को पवेलियन भेजा जो खाता खोले बिना आउट हुए। आर्चर की गेंद पर सूर्यकुमार ने शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद हवा में ज्यादा ऊंची गई और विकेट के पीछे फिल सॉल्ट ने कैच पकड़ा। 

09:14 PM, 22-Jan-2025

IND vs ENG Live: भारत को लगा पहला झटका

जोफ्रा आर्चर ने संजू सैमसन को आउट कर भारत को पहला झटका दिया है। सैमसन अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे और उन्होंने अभिषेक शर्मा के साथ मिलकर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई थी। सैमसन 20 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से 26 रन बनाकर आउट हुए। 

09:07 PM, 22-Jan-2025

IND vs ENG Live: भारत की तेज शुरुआत

संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने भारत को तेज शुरुआत दिलाई है और टीम का स्कोर तीन ओवर की समाप्ति के बाद बिना किसी नुकसान के 33 रन बना लिए हैं। इसमें सैमसन का योगदान अधिक है जो 13 गेंदों पर 23 रन बनाकर खेल रहे हैं। वहीं, अभिषेक ने अबतक 10 रन बनाए हैं। 

08:53 PM, 22-Jan-2025

IND vs ENG Live: भारत की पारी शुरू

भारत की पारी शुरू हो गई है और संजू सैमसन के साथ अभिषेक शर्मा पारी का आगाज करने उतरे हैं। इंग्लैंड ने भारत के सामने जीत के लिए 133 रनों का लक्ष्य रखा है। इंग्लैंड की ओर से तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर गेंदबाजी की शुरुआत करने आए हैं। 

08:39 PM, 22-Jan-2025

IND vs ENG Live: इंग्लैंड की पारी 132 रनों पर सिमटी

इंग्लैंड ने भारत के सामने पहले टी20 मैच में जीत के लिए 133 रनों का लक्ष्य रखा है। स्पिनर वरुण चक्रवर्ती के नेतृत्व में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया जिससे इंग्लैंड की पारी 20 ओवर में 132 रन पर ऑलआउट हो गई। इंग्लैंड के लिए कप्तान जोस बटलर ने अर्धशतक जड़ा और 44 गेंदों पर आठ चौकों और दो छक्कों की मदद से 68 रन बनाए। इंग्लैंड के सिर्फ तीन ही बल्लेबाज दहाई अंक तक पहुंच सके और बटलर के अलावा अन्य कोई बल्लेबाज प्रभावित नहीं कर सका।

भारत ने इस मैच के लिए अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को प्लेइंग-11 में जगह नहीं दी थी, लेकिन अर्शदीप सिंह ने जिम्मा संभाला और शुरुआत में ही मेहमान टीम को दो झटके देकर भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई। अर्शदीप इसके साथ ही भारत के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे सफल गेंदबाज बन गए। भारत के लिए वरुण ने तीन विकेट लिए, जबकि अर्शदीप सिंह, हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल को दो-दो विकेट मिले। 

08:22 PM, 22-Jan-2025

IND vs ENG Live: वरुण ने बटलर को आउट किया

वरुण चक्रवर्ती ने शानदार गेंदबाजी करते हुए इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर की पारी का अंत किया। बटलर बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में बाउंड्री पर नीतीश रेड्डी को कैच थमा बैठे। बटलर ने 44 गेंदों पर आठ चौकों और दो छक्कों की मदद से 68 रन बनाए। इंग्लैंड ने 109 के स्कोर पर आठवां विकेट गंवाया। वरुण ने इस मैच में चार ओवर के स्पैल में 23 रन देकर तीन विकेट लिए। 

08:19 PM, 22-Jan-2025

IND vs ENG Live: एटकिंसन पवेलियन लौटे

अक्षर पटेल ने मैच की अपनी दूसरी सफलता हासिल की और इंग्लैंड को सातवां झटका दिया। अक्षर ने गस एटकिंसन को आउट किया जो 13 गेंदों पर दो रन बनाकर आउट हुए। क्रीज पर हालांकि, कप्तान जोस बटलर मौजूद हैं। 

08:10 PM, 22-Jan-2025

IND vs ENG Live: इंग्लैंड को छठा झटका

अक्षर पटेल ने जैमी ओवरटन को आउट कर इंग्लैड को छठा झटका दिया। ओवरटन चार गेंदों पर दो रन बनाकर आउट हुए। इंग्लैंड की पारी लड़खड़ा गई है और उसने 97 रनों पर छह विकेट गंवा दिए हैं। हालांकि, कप्तान जोस बटलर अर्धशतक लगाकर क्रीज पर मौजूद हैं। 

08:03 PM, 22-Jan-2025

IND vs ENG Live: इंग्लैंड की आधी टीम पवेलियन लौटी

हार्दिक पांड्या ने जैकब बेथेल को आउट कर इंग्लैंड को पांचवां झटका दिया। इस तरह 83 रन के स्कोर पर इंग्लैंड की आधी टीम पवेलियन लौट गई है। हार्दिक का इस मैच का यह पहला विकेट है। दूसरी ओर, कप्तान बटलर क्रीज पर टिके हुए हैं और उन्होंने अर्धशतक पूरा कर लिया है। 

08:00 PM, 22-Jan-2025

IND vs ENG Live: बटलर का अर्धशतक

इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने भारत के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में अर्धशतक जड़ दिया है। बटलर ने 34 गेंदों पर पचासा पूरा किया। 

07:55 PM, 22-Jan-2025

IND vs ENG Live: बटलर अर्धशतक के करीब

शुरुआती झटकों के बावजूद इंग्लैंड के कप्तान बटलर ने टीम को संभाले रखा है और वह अर्धशतक लगाने के करीब पहुंच गए हैं। बटलर की साहसिक पारी के दम पर इंग्लैंड ने 10 ओवर की समाप्ति के बाद चार विकेट पर 74 रन बना लिए हैं। 

07:43 PM, 22-Jan-2025

IND vs ENG Live: वरुण को दूसरी सफलता

अर्शदीप के बाद वरुण चक्रवर्ती ने शानदार गेंदबाजी कर इंग्लैंड टीम को फिर मुश्किल में डाल दिया है। आठवां ओवर डालने आए वरुण ने तीन गेंद के अंदर दो विकेट लिए। वरुण ने पहले हैरी ब्रूक को आउट किया और फिर लियाम लिविंगस्टोन को खाता खोले बिना पवेलियन भेजा। कप्तान बटलर हालांकि क्रीज पर टिके हुए हैं। 

07:40 PM, 22-Jan-2025

IND vs ENG Live: हैरी ब्रूक आउट

स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने हैरी ब्रूक को आउट कर भारत को तीसरी सफलता दिलाई। ब्रूक 14 गेंदों पर 17 रन बनाकर आउट हुए। दो झटके लगने के बाद बटलर ने ब्रूक के साथ मिलकर पारी को संभाला था, लेकिन वरुण ने इस साझेदारी को ज्यादा देर टिकने नहीं दिया। 

07:30 PM, 22-Jan-2025

IND vs ENG Live: बटलर ने संभाला

शुरुआती दो झटकों के बाद कप्तान जोस बटलर ने इंग्लैंड को संभाला जिससे पांच ओवर की समाप्ति के बाद इंग्लैंड ने दो विकेट पर 38 रन बना लिए हैं। इससे पहले, भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने फिल सॉल्ट और बेन डकेत को आउट कर मेहमान टीम को दो झटके दिए थे। 

07:17 PM, 22-Jan-2025

IND vs ENG Live: अर्शदीप को दूसरी सफलता

भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए इंग्लैंड को दूसरा झटका दिया। पहले ही ओवर में सॉल्ट को आउट करने वाले अर्शदीप ने बेन डकेत को पवेलियन की राह दिखाई। डकेत रिंकू सिंह को कैच देकर आउट हुए। उन्होंने चार गेंदों पर चार रन बनाए। इसके साथ ही अर्शदीप टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत के सबसे सफल गेंदबाज बन गए हैं और उन्होंने स्पिनर युजवेंद्र चहल को पीछे छोड़ दिया है। अर्शदीप अबतक इस प्रारूप में भारत के लिए 97 विकेट ले चुके हैं, जबकि चहल ने 96 विकेट लिए हैं। 

07:03 PM, 22-Jan-2025

IND vs ENG Live: सॉल्ट खाता खोले बिना आउट

तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने इंग्लैंड को पहले ही ओवर में झटका दिया है। विकेटकीपर फिल सॉल्ट खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए हैं। सॉल्ट ने अर्शदीप की गेंद पर शॉट लगाने की कोशिश की, लेकिन गेंद पीछे की ओर गई और सैमसन ने कैच लपका। 

07:01 PM, 22-Jan-2025

IND vs ENG Live: इंग्लैंड की पारी शुरू

भारत के खिलाफ इंग्लैंड की पारी शुरू हो गई है। फिल सॉल्ट के साथ बेन डकेत पारी का आगाज करने उतरे हैं। 

06:35 PM, 22-Jan-2025

IND vs ENG Live: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

भारतः अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती। 
इंग्लैंड: बेन डकेत, फिल सॉल्ट (विकेटकीपर), जोस बटलर (कप्तान), हैरी ब्रूक, लियाम लिविंगस्टोन, जैकब बेथेल, जैमी ओवरटन, गस एटकिंसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, मार्क वुड।

06:31 PM, 22-Jan-2025

IND vs ENG Live: भारत ने जीता टॉस

भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। माना जा रहा था कि अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को इस मैच के लिए प्लेइंग-11 में शामिल किया जाएगा, लेकिन उन्हें इस मैच के लिए टीम जगह नहीं दी गई है लिहाजा उनका भारतीय टीम में वापसी का इंतजार बढ़ गया है। 

06:07 PM, 22-Jan-2025

IND vs ENG Live: संजू-अभिषेक करेंगे ओपनिंग

पिछले साल टी20 विश्व कप में खिताब जीत के बाद इस प्रारूप में टीम में कई बदलाव हुए हैं। रोहित शर्मा और विराट कोहली के टी20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास और शुभमन गिल के बाहर रहने से शीर्ष क्रम बदला नजर आया है। पिछले कुछ सीरीज से संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ओपनिंग करने उतर रहे हैं और इंग्लैंड के खिलाफ भी यही जोड़ी पारी का आगाज करने उतर सकती है। वहीं, कप्तान सूर्यकुमार यादव तीसरे और तिलक वर्मा चौथे स्थान पर उतरते दिखाई दे सकते हैं जैसा पिछले साल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में देखने मिला था। 

05:56 PM, 22-Jan-2025

IND vs ENG Live: कोलकाता में भारत को इंग्लैंड से मिली है हार

कोलकाता का ईडेन गार्डेंस कई ऐतिहासिक जीत का गवाह रहा है और टी20 में यह भारत के लिए लकी ग्राउंड है। भारत ने इस मैदान पर अबतक सात टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं जिसमें छह में उसे जीत मिली है, जबकि एक मैच गंवाया है। दिलचस्प बात यह है कि भारत को इस मैदान पर एकमात्र टी20 हार इंग्लैंड से ही मिली है। इंग्लैंड ने 2011 में खेले गए मैच में भारत को हराया था। सूर्यकुमार यादव की अगुआई वाली टीम के पास अब इंग्लैंड को हराने का अवसर रहेगा।

05:55 PM, 22-Jan-2025

IND vs ENG Live: भारत को हराना नहीं आसान

टी20 प्रारूप में भारत को हराना किसी भी टीम के लिए आसान नहीं होता है। हालांकि, भारतीय टीम के खिलाफ इस प्रारूप में जीत हासिल करने में इंग्लैंड का कोई तोड़ नहीं है। शीर्ष टीमों में इंग्लैंड ऐसी टीम है जिसका भारत के खिलाफ जीत प्रतिशत सबसे ज्यादा है। इंग्लैंड ने 24 में से 11 बार भारतीय टीम के खिलाफ जीत दर्ज की है और उसका जीत प्रतिशत 45.80 प्रतिशत है जो अन्य टीमों के मुकाबले सबसे ज्यादा है। वहीं, दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड का जीत का प्रतिशत भी भारत के खिलाफ बेहतर है। ओवरऑल बात करें तो किसी भी टीम के लिए भारत को उसकी जमीन पर हराना आसान नहीं है। टी20 में भारत पिछले कुछ समय से अजेय चल रहा है।

05:50 PM, 22-Jan-2025

IND vs ENG Highlights: भारत ने इंग्लैंड को सात विकेट से हराया, अभिषेक की तूफानी पारी, 20 गेंदों पर जड़ा पचासा

Today Cricket Live Score IND vs ENG 1st T20i 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और इंग्लैंड के बीच कोलकाता के ईडेन गार्डेंस पर आज पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में नजरें तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी पर होंगी जो 14 महीने बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी कर रहे हैं।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें