फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs ENG Highlights: इंग्लैंड ने भारत को पांच विकेट से हराया, डकेट का शतक; रूट-क्रावली का पचासा

Tue, 24 Jun 2025 10:59 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लीड्स

खास बातें

India vs England 1st Test Day 5: भारतीय टीम की इंग्लैंड दौरे पर शुरुआत अच्छी नहीं रही है और उसे मेजबान टीम से पहले टेस्ट मैच में पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा है। भारत ने इस मैच में बढ़त हासिल की थी, लेकिन इंग्लैंड यह मुकाबला अपने नाम करने में सफल रहा। 
विज्ञापन
बेन डकेट - फोटो : PTI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:59 PM, 24-Jun-2025

IND vs ENG Live Score: इंग्लैंड को मिली जीत

बेन डकेट के शतक और जैक क्रावली तथा जो रूट के अर्धशतकों की मदद से इंग्लैंड ने भारत को पहले टेस्ट मैच के पांचवें दिन पांच विकेट से हराया। इंग्लैंड ने इस तरह पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। भारतीय टीम पहली पारी में बढ़त लेने के बावजूद इस मैच को जीत नहीं सकी। भारत ने इंग्लैंड के सामने 371 रनों का लक्ष्य रखा था। इंग्लैंड ने दूसरी पारी में पांच विकेट पर 373 रन बनाकर जीत हासिल की। भारत की हार का सबसे बड़ा कारण दूसरी पारी में गेंदबाजों का लचर प्रदर्शन रहा। इंग्लैंड के लिए रूट 53 रन और जैमी स्मिथ 44 रन बनाकर नाबाद लौटे। भारत की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा और शार्दुल ठाकुर ने दो-दो विकेट लिए, जबकि रवींद्र जडेजा को एक विकेट मिला। 

भारत की दूसरी पारी चौथे दिन 364 रन पर ऑलआउट हुई थी और उसने कुल 370 रनों की बढ़त हासिल कर इंग्लैंड को 371 रनों का लक्ष्य दिया था। इंग्लैंड ने पांचवें दिन की शुरुआत बिना किसी नुकसान के 21 रन से की। इंग्लैंड को अंतिम दिन जीत के लिए 350 रन चाहिए थे, जबकि भारत को 10 विकेट लेने थे। इंग्लैंड के लिए जैक क्रावले और बेन डकेट ने शानदार बल्लेबाजी की और पहले विकेट के लिए 188 रनों की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति पर पहुंचाया। इन दोनों बल्लेबाजों ने पांचवें दिन पहले सत्र में भारत को सफलता हासिल नहीं करने दी। 

भारत ने दूसरे सत्र में चार विकेट लिए, लेकिन अंत में रूट और स्मिथ ने मोर्चा संभाला और इंग्लैंड को जीत दिला दी। इंग्लैंड के लिए डकेट ने 149 रन, क्रावली ने 65, कप्तान बेन स्टोक्स ने 33, ओली पोप ने आठ रन बनाए, जबकि हैरी ब्रूक खाता खोले बिना पवेलियन लौटे। पहली पारी में पांच विकेट लेने वाले भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह दूसरी पारी में खाली हाथ रहे और एक भी विकेट हासिल नहीं कर सके। 

10:51 PM, 24-Jun-2025

IND vs ENG Live Score: रूट का अर्धशतक

इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जो रूट ने 84 गेंदों पर अर्धशतक पूरा कर लिया है। इंग्लैंड का स्कोर 355 रन हो गया है और उसे अब जीत के लिए 16 रनों की जरूरत है। 

10:48 PM, 24-Jun-2025

IND vs ENG Live Score: इंग्लैंड के 350 रन पूरे

इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ दूसरी पारी में 350 रन पूरे कर लिए हैं। इंग्लैंड को जीत के लिए अब 21 रन और बनाने हैं। क्रीज पर जो रूट और जैमी स्मिथ मौजूद हैं। 

विज्ञापन
09:59 PM, 24-Jun-2025

IND vs ENG Live Score: जडेजा ने दिया इंग्लैंड को पांचवां झटका

रवींद्र जडेजा ने इंग्लैंड को पांचवां झटका दिया। उन्होंने बेन स्टोक्स और जो रूट के बीच पांचवें विकेट के लिए हुई 49 रनों की साझेदारी को तोड़ा। जडेजा ने कप्तान स्टोक्स को अपना शिकार बनाया। वह 33 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अब क्रीज पर जेमी स्मिथ और जो रूट मौजूद हैं। इंग्लैंड को जीत के लिए 69 रन और भारत को पांच विकेट की जरूरत है।

09:56 PM, 24-Jun-2025

IND vs ENG Live Score: इंग्लैंड को चाहिए 80 से कम रन

इंग्लैंड को जीत के लिए 80 से कम रन चाहिए। बेन स्टोक्स और जो रूट के बीच 47 रनों की साझेदारी हो चुकी है।

विज्ञापन
09:30 PM, 24-Jun-2025

IND vs ENG Live Score: तीसरे सत्र का खेल जारी

तीसरे सत्र का खेल जारी है। इंग्लैंड को अब जीत के लिए 100 से कम रन चाहिए। वहीं, भारत को यह मुकाबला अपने नाम करने के लिए छह विकेट लेने होंगे। फिलहाल जो रूट और बेन स्टोक्स क्रीज पर मौजूद हैं।

09:23 PM, 24-Jun-2025

IND vs ENG Live: तीसरे सत्र का खेल शुरू

भारत और इंग्लैंड के बीच पहले टेस्ट मैच के पांचवें दिन तीसरे सत्र का खेल शुरू हो गया है। इंग्लैंड को यह मैच जीतने के लिए 102 रनों की जरूरत है, जबकि भारत जीत से छह विकेट दूर है। इंग्लैंड ने चार विकेट पर 269 रन बना लिए हैं। फिलहाल जो रूट और कप्तान बेन स्टोक्स क्रीज पर मौजूद हैं। 

08:54 PM, 24-Jun-2025

IND vs ENG Live: टी तक इंग्लैंड का स्कोर 269/4

इंग्लैंड ने टी ब्रेक तक दूसरी पारी में चार विकेट पर 269 रन बनाए हैं और उसे अभी जीत के लिए 102 रन और बनाने हैं। बेन डकेट और जैक क्रावले ने पहले सत्र में भारत को कोई सफलता हासिल नहीं करने दी थी, लेकिन प्रसिद्ध कृष्णा और शार्दुल ठाकुर ने दूसरे सत्र में दो-दो विकेट लेकर भारत को चार सफलताएं दिलाई। फिलहाल क्रीज पर जो रूट 14 और बेन स्टोक्स 13 रन बनाकर मौजूद हैं। 

08:33 PM, 24-Jun-2025

IND vs ENG Live: ब्रूक खाता खोले बिना आउट

हैरी ब्रूक खाता खोले बिना आउट हो गए हैं। शार्दुल ने लगातार दो गेंदों पर दो विकेट लिए हैं। उन्होंने पहले बेन डकेट को आउट किया और फिर अगली ही गेंद पर हैरी ब्रूक को पवेलियन भेजा। इंग्लैंड ने 253 रन के स्कोर पर चार विकेट गंवा दिए हैं और उसे 118 रन और बनाने हैं। 

08:30 PM, 24-Jun-2025

IND vs ENG Live: भारत को मिली बड़ी सफलता

शार्दुल ठाकुर ने बेन डकेट को आउट कर भारत को बड़ी सफलता दिलाई है। डकेट 170 गेंदों पर 21 चौके और एक छक्के की मदद से 149 रन बनाकर आउट हो गए हैं। डकेट शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन शार्दुल ने उन्हें अपना शिकार बनाया। 

08:19 PM, 24-Jun-2025

IND vs ENG Live: डकेट की शानदार बल्लेबाजी

इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज बेन डकेट की शानदार बल्लेबाजी जारी है जिससे इंग्लैंड का स्कोर दो विकेट पर 246 रन हो गया है। इंग्लैंड को अब जीत के लिए 125 रनों की जरूरत है। 

07:41 PM, 24-Jun-2025

IND vs ENG Live: प्रसिद्ध को दूसरी सफलता

प्रसिद्ध कृष्णा ने इंग्लैंड को दूसरा झटका दिया और ओली पोप को बोल्ड किया। पोप आठ गेंदों पर आठ रन बनाकर आउट हुए। क्रीज पर हालांकि, बेन डकेट टिक हुए हैं। इंग्लैंड ने 206 रन पर दो विकेट गंवा दिए हैं। उसे अब 165 रन और बनाने हैं। 

07:31 PM, 24-Jun-2025

IND vs ENG Live: भारत को पहली सफलता

तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने जैक क्रावले को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई है। क्रावले और डकेट के बीच पहले विकेट के लिए 188 रनों की साझेदारी हुई जिसे प्रसिद्ध ने तोड़ा। क्रावले 126 गेंदों पर सात चौकों की मदद से 65 रन बनाकर आउट हुए। 

07:25 PM, 24-Jun-2025

IND vs ENG Live: खेल दोबारा शुरू

भारत और इंग्लैंड के बीच पहले टेस्ट मैच के पांचवें दिन का खेल दोबारा शुरू हो गया है। बारिश के कारण करीब 20 मिनट तक मुकाबला रुका रहा। इंग्लैंड के लिए बेन डकेट और जैक क्रावले क्रीज पर मौजूद हैं।

07:05 PM, 24-Jun-2025

IND vs ENG Live: बारिश के कारण खेल रुका

भारत और इंग्लैंड के बीच पहले टेस्ट मैच के पांचवें दिन का खेल बारिश के कारण रुक गया है। बेन डकेट और क्रावले ने पहले विकेट के लिए 181 रनों की साझेदारी कर इंग्लैंड को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है। भारतीय टीम को अब तक कोई सफलता नहीं मिल सकी है। इंग्लैंड को अब जीत के लिए और 190 रन बनाने हैं। 

06:57 PM, 24-Jun-2025

IND vs ENG Live: डकेट का शतक

इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज बेन डकेट ने 121 गेंदों पर शतक पूरा कर लिया है। डकेट ने क्रावले के साथ मिलकर इंग्लैंड को शानदार शुरुआत दिलाई है और दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 175 रनों से अधिक की साझेदारी कर ली है। डकेट को 97 रन के स्कोर पर उस वक्त जीवनदान मिला जब यशस्वी जायसवाल ने उनका कैच छोड़ दिया। डकेट ने इसका फायदा उठाया और शतक पूरा करने में सफल रहे। इंग्लैंड ने बिना किसी नुकसान के 177 रन बना लिए हैं और उसे अब जीत के लिए और 194 रन बनाने की जरूरत है। 

06:37 PM, 24-Jun-2025

IND vs ENG Live: क्रावले का अर्धशतक

बेन डकेट के बाद जैक क्रावले ने भी अर्धशतक पूरा कर लिया है। क्रावले ने 111 गेंदों पर पचासा पूरा किया। इन दोनों बल्लेबाजों के 144 रनों की साझेदारी पूरी हो चुकी है। भारतीय टीम को अब तक एक भी सफलता नहीं मिली है। 

06:12 PM, 24-Jun-2025

IND vs ENG Live: दूसरे सत्र की शुरुआत

भारत और इंग्लैंड के बीच पहले टेस्ट मैच के पांचवें दिन दूसरे सत्र के खेल की शुरुआत हो गई है। इंग्लैंड ने दूसरी पारी में अब तक 118 रन बनाए हैं और उसे जीत के लिए अभी और 253 रन बनाने हैं। इंग्लैंड के लिए राहत की बात यह है कि उसका अब तक एक भी विकेट नहीं गिरा है। दूसरी ओर, भारीय टीम को विकेट की तलाश है। 

05:31 PM, 24-Jun-2025

IND vs ENG Live: लंच तक इंग्लैंड का स्कोर 117/0

इंग्लैंड ने पहले टेस्ट मैच के पांचवें दिन पहले सत्र में भारत को कोई सफलता हासिल नहीं करने दी है। 371 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए जैक क्रावले और बेन डकेट ने इंग्लैंड को शानदार शुरुआत दिलाई है और पहले सत्र में भारतीय गेंदबाजों को कोई विकेट हासिल नहीं करने दिया है। लंच ब्रेक तक इंग्लैंड ने दूसरी पारी में बिना किसी नुकसान के 117 रन बनाए हैं। उसे अभी जीत हासिल करने के लिए 254 रन और बनाने होंगे। शुरुआती सत्र में भारतीय गेंदबाजी आक्रमण कोई दम नहीं दिखा सका और क्रावले तथा डकेट की जोड़ी ने आसानी से बल्लेबाजी की। डकेट ने इस दौरान अर्धशतक भी पूरा किया। 

05:06 PM, 24-Jun-2025

IND vs ENG Live: डकेट-क्रावले के बीच शानदार साझेदारी

बेन डकेट और क्रावले के बीच पहले विकेट के लिए 100+ रनों की साझेदारी पूरी हो गई है। भारत के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए इन दोनों ने इंग्लैंड को मजबूत शुरुआत दिलाई है। 

04:51 PM, 24-Jun-2025

IND vs ENG Live: डकेट का अर्धशतक

इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज बेन डकेट ने भारत के खिलाफ दूसरी पारी में अर्धशतक जड़ दिया है। डकेट और क्रावले के बीच पहले विकेट के लिए 80 रन से अधिक की साझेदारी हो चुकी है। दूसरी तरफ, भारतीय गेंदबाज विकेट के लिए तरस गए हैं और उन्हें अब तक एक भी सफलता नहीं मिल सकी है। इंग्लैंड को अब 285 रन और बनाने हैं। 

04:23 PM, 24-Jun-2025

IND vs ENG Live: पहले विकेट के लिए 50+ रनों की साझेदारी

भारत के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए जैक क्रावले और बेन डकेट के बीच पहले विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी हो गई है। भारत को अब तक एक भी सफलता नहीं मिल सकी है। 

03:47 PM, 24-Jun-2025

IND vs ENG Live: काली पट्टी बांधकर उतरे दोनों टीमों के खिलाड़ी

मैच के आखिरी दिन भारत और इंग्लैंड के खिलाड़ी बांह पर काली पट्टी बांधकर उतरे। पूर्व भारतीय स्पिनर दिलीप दोशी को श्रद्धांजलि देने के लिए दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने दिन का खेल शुरू होने से पहले एक मिनट का मौन भी रखा। दिलीप दोशी का सोमवार को निधन हो गया था। 

03:32 PM, 24-Jun-2025

IND vs ENG Live: पांचवें दिन का खेल शुरू

भारत और इंग्लैंड के बीच पहले टेस्ट मैच के पांचवें दिन का खेल शुरू हो गया है। भारत ने इंग्लैंड के सामने 371 रनों का लक्ष्य रखा है। इंग्लैंड ने आज बिना किसी नुकसान के 21 रन से आगे पारी बढ़ाई है। क्रीज पर क्रावले और डकेट मौजूद हैं। 

11:58 AM, 24-Jun-2025

IND vs ENG Live: भारत ने दिया है 371 रनों का लक्ष्य

भारत की दूसरी पारी 364 रन पर ऑलआउट हुई थी और उसने कुल 370 रनों की बढ़त हासिल कर इंग्लैंड को 371 रनों का लक्ष्य दिया था। लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने चौथे दिन का खेल समाप्त होने तक दूसरी पारी में बिना किसी नुकसान के 21 रन बना लिए थे और उसे अब पांचवें और अंतिम दिन 350 रन और बनाने होंगे। दिन के खेल की समाप्ति तक जैक क्रावले 12 और बेन डकेट 9 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। भारत को अगर इस मुकाबले में जीत हासिल करनी है तो उसे मंगलवार को इंग्लैंड के सभी 10 विकेट गिराने होंगे।

11:54 AM, 24-Jun-2025

IND vs ENG Highlights: इंग्लैंड ने भारत को पांच विकेट से हराया, डकेट का शतक; रूट-क्रावली का पचासा

Live Cricket Score, India vs England 1st Test Day 5: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और इंग्लैंड के बीच पहले टेस्ट मैच का आज पांचवां और आखिरी दिन है। भारत ने इंग्लैंड को 371 रनों का लक्ष्य दिया है। अब पांचवें दिन दोनों टीमें जीत हासिल करने के लिए पूरा जोर लगाएंगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें