फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ind vs Eng Highlights: बारिश के कारण चौथे दिन खेल समाप्त, इंग्लैंड जीत से 35 रन दूर; रूट और ब्रूक के शतक

Sun, 03 Aug 2025 10:41 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लंदन

खास बातें

भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला लंदन के द ओवल मैदान पर खेला जा रहा है। रविवार का खेल बारिश के कारण समय से पहले समाप्त हो गया। इंग्लैंड ने दिन का खेल समाप्त होने तक छह विकेट पर 339 रन बना लिए हैं। उन्हें जीत के लिए पांचवें और अंतिम दिन 35 रन बनाने होंगे।
विज्ञापन
रूट-ब्रूक - फोटो : PTI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:41 PM, 03-Aug-2025

चौथे दिन का खेल समाप्त

भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला लंदन के द ओवल मैदान पर खेला जा रहा है। रविवार का खेल बारिश के कारण समय से पहले समाप्त हो गया। इंग्लैंड ने दिन का खेल समाप्त होने तक छह विकेट पर 339 रन बना लिए हैं। उन्हें जीत के लिए पांचवें और अंतिम दिन 35 रन बनाने होंगे। स्टंप्स के समय जेमी स्मिथ 17 गेंदों में दो रन और जेमी ओवरटन बिना खाता खोले क्रीज पर मौजूद हैं। बता दें कि, इंग्लैंड ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। मेहमानों ने पहली पारी में करुण नायर के अर्धशतक की मदद से 224 रन बनाए। इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में जैक क्राउली (64) और हैरी ब्रूक (53) की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 247 रन बनाए और 23 रन की बढ़त हासिल की। दूसरी पारी में भारत ने यशस्वी जायसवाल के शतकीय और आकाश दीप (64), रवींद्र जडेजा (53) व वाशिंगटन सुंदर (53) की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 396 रन बनाए। इस तरह भारत ने इंग्लैंड पर 373 रन की बढ़त हासिल की और  उन्हें 374 रनों का लक्ष्य दिया। जवाब में इंग्लैंड ने हैरी ब्रूक (111) और जो रूट की शतकीय पारियों की मदद से 339 रन बना लिए हैं।

चौथे दिन का खेल एक विकेट पर 50 रन से शुरू हुआ। उस वक्त बेन डकेट 34 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। उनका साथ देने के लिए कप्तान ओली पोप आए थे। इससे पहले शनिवार (तीसरे दिन) को तीसरे सत्र में मोहम्मद सिराज ने करारा झटका दिया। उन्होंने आखिरी गेंद पर जैक क्राउली को बोल्ड किया। वह 36 गेंदों में 14 रन बनाकर आउट हुए। क्राउली और बेन डकेट के बीच पहले विकेट के लिए 50 रनों की साझेदारी हुई। चौथे दिन इंग्लैंड को जीत के लिए 324 रनों की जरूरत थी। 82 के स्कोर पर उन्हें दूसरा झटका लगा। प्रसिद्ध कृष्णा ने बेन डकेट को स्लिप में केएल राहुल के हाथों कैच कराया। वह 83 गेंद में छह चौके की मदद से 54 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद सिराज ने इंग्लैंड को तीसरा झटका दिया। उन्होंने कप्तान ओली पोप को एलबीडब्ल्यू आउट किया। वह 34 गेंदों में पांच चौके की मदद से 27 रन बना पाए।

106 के स्कोर पर तीन विकेट गंवा चुकी इंग्लैंड को जो रूट और हैरी ब्रूक का सहारा मिला। दोनों दीवार बनकर डटे रहे और टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया। इस दौरान हैरी ब्रूक ने 91 गेंदो में अपने टेस्ट करियर का 10वां शतक पूरा किया। वह 98 गेंदों में 14 चौके और दो छक्के की मदद से 111 रन बनाकर आउट हुए।उन्होंने चौथे विकेट के लिए जो रूट के साथ 195 रन की साझेदारी निभाई। यह भारत के खिलाफ चौथी पारी में इंग्लैंड की ओर से दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है। इससे पहले रूट और बेयरस्टो ने 2022 में एजबेस्टन टेस्ट मैच में इंग्लैंड के सबसे बड़े सफल लक्ष्य का पीछा करते हुए 269* रन जोड़े थे।

भारत के खिलाफ दूसरी पारी में जो रूट ने अपने टेस्ट करियर का 39वां शतक पूरा किया। उन्होंने 101 गेंदों में अपना सैकड़ा पूरा किया। भारत के खिलाफ यह उनका 13वां टेस्ट शतक भी है। इसके अलावा इंग्लैंड में यह जो रूट का यह 24वां टेस्ट शतक है, जो घरेलू टेस्ट मैचों में किसी भी खिलाड़ी द्वारा बनाए गए सर्वाधिक शतक हैं। इससे पहले रिकी पोंटिंग, जैक कैलिस और महेला जयवर्धने ने 23-23 शतक बनाए थे। रूट 152 गेंदों में 105 रन बनाकर आउट हुए जबकि ब्रूक 98 गेंदों में 111 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

10:03 PM, 03-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: खराब रोशनी के कारण रुका मैच

खराब रोशनी के कारण मैच बीच में रोक दिया गया है। इंग्लैंड जीत से 35 रन दूर है। मेजबानों ने छह विकेट पर 339 रन बना लिए हैं। जेमी स्मिथ दो और जेमी ओवरटन बिना खाता खोले क्रीज पर मौजूद हैं।

09:39 PM, 03-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: इंग्लैंड को छठा झटका

इंग्लैंड को छठा झटका प्रसिद्ध कृष्णा ने दिया। उन्होंने जो रूट को अपना शिकार बनाया। वह 105 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अब जेमी स्मिथ का साथ देने जेमी ओवरटन आए हैं। भारत पर जीत से इंग्लैंड 35+ रन दूर है।

विज्ञापन
09:26 PM, 03-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: इंग्लैंड को पांचवां झटका

इंग्लैंड को पांचवां झटका प्रसिद्ध कृष्णा ने दिया। उन्होंने जैकब बेथल को बोल्ड किया। वह 31 गेंदों में पांच रन बना पाए। अब रूट का साथ देने जेमी स्मिथ आए हैं। इंग्लैंड को जीत के लिए सिर्फ 42 रन चाहिए।

09:13 PM, 03-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: जो रूट का 39वां टेस्ट शतक

जो रूट ने 101 गेंदों में 39वां टेस्ट शतक पूरा कर लिया। इंग्लैंड को अब जीत के लिए 49 रनों की जरूरत है। मेजबानों का स्कोर 320 के पार पहुंच गया है।

विज्ञापन
09:01 PM, 03-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: तीसरे सत्र का खेल जारी

तीसरे सत्र का खेल जारी है। रूट शतक के करीब हैं। उन्होंने 98 रन बना लिए हैं। उनका साथ देने के लिए जैकब बेथेल क्रीज पर मौजूद हैं।

08:29 PM, 03-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: इंग्लैंड जीत से 57 रन दूर

दूसरे सत्र का खेल समाप्त हो गया और इंग्लैंड जीत से 57 रन दूर है। जो रूट 98 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं। चायकाल तक मेजबानों ने चार विकेट पर 317 रन बना लिए हैं। जैकब बेथेल (1) भी मौजूद हैं।

08:10 PM, 03-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: 301 पर इंग्लैंड को चौथा झटका

इंग्लैंड को चौथा झटका 301 के स्कोर पर लगा। आकाश दीप ने मोहम्मद सिराज के हाथों हैरी ब्रूक को कैच कराया। वह 98 गेंदों में 14 चौके और दो छक्के की मदद से 111 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने चौथे विकेट के लिए जो रूट के साथ 195 रन की साझेदारी निभाई। अब रूट का साथ देने जैकब बेथल आए हैं। इंग्लैंड को भारत पर जीत के लिए 73 रन की जरूरत है।

07:57 PM, 03-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: ब्रूक का 10वां शतक

हैरी ब्रूक ने 91 गेंदो में अपने टेस्ट करियर का 10वां शतक पूरा किया। वह शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं और जो रूट के साथ 180 रनों की साझेदारी निभा चुके हैं। इंग्लैंड को भारत पर जीत के लिए 88 रनों की जरूरत है।

07:34 PM, 03-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: ब्रूक और रूट के बीच 150+ रन की साझेदारी

ब्रूक और रूट के बीच 150 रनों की साझेदारी पूरी हो चुकी है। इंग्लैंड अब भी भारत से 116 रन पीछे है।

07:06 PM, 03-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: ब्रूक के बाद रूट का भी पचासा

ब्रूक के बाद जो रूट ने भी अर्धशतक पूरा कर लिया। उन्होंने 81 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। दोनों बल्लेबाजों के बीच 110 से ज्यादा रनों की साझेदारी हो चुकी है और टीम भारत से 146 रन पीछे है।

06:54 PM, 03-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: ब्रूक-रूट के बीच 100+ रन की साझेदारी

ब्रूक और रूट के बीच 100 से ज्यादा रनों की साझेदारी हो चुकी है। इंग्लैंड का स्कोर भी तीन विकेट पर 200 के पार पहुंच गया है। अब उन्हें जीत के लिए 166 रनों की जरूरत है।

06:25 PM, 03-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: ब्रूक का तीसरा पचासा

हैरी ब्रूक ने 37 गेंदों में अपने टेस्ट करियर का 14वां अर्धशतक पूरा कर लिया। मौजूदा सीरीज में यह उनका तीसरा पचासा है। वह रूट के साथ 70 से ज्यादा रनों की साझेदारी निभा चुके हैं और भारत से जीत के लिए अब भी इंग्लैंड को 190 रन की जरूरत है।

06:16 PM, 03-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: दूसरे सत्र का खेल शुरू

दूसरे सत्र का खेल शुरू हो चुका है। हैरी ब्रूक और रूट क्रीज पर मौजूद हैं। इंग्लैंड को जीत के लिए 200 से ज्यादा रनों की जरूरत है।

05:36 PM, 03-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: पहले सत्र का खेल समाप्त

पहले सत्र का खेल समाप्त हो गया। इंग्लैंड ने इस सत्र में कुल 114 रन बनाए और लंच तक स्कोर तीन विकेट पर 164 रन हो गया है। मेजबान अब भी भारत से 210 रन पीछे है। फिलहाल जो रूट 46 गेंदों में 23 और हैरी ब्रूक 30 गेंदों में 38 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। भारत ने इंग्लैंड को शुरुआती सत्र में दो झटके दिए। प्रसिद्ध कृष्णा ने बेन डकेट को अपना शिकार बनाया। वह 83 गेंदों में छह चौके की मदद से 54 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद मोहम्मद सिराज ने कप्तान ओली पोप को पवेलियन की राह दिखाई। वह 27 रन बनाकर आउट हुए।

05:17 PM, 03-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: रूट और ब्रूक के बीच 40+ रन की साझेदारी

रूट और ब्रूक के बीच 40 से ज्यादा रनों की साझेदारी हो चुकी है। इंग्लैंड अब भी भारत से 220+ रन पीछे है। भारत को चौथे विकेट की तलाश है।

04:44 PM, 03-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: 106 पर इंग्लैंड को तीसरा झटका

106 पर इंग्लैंड को तीसरा झटका मोहम्मद सिराज ने दिया। उन्होंने कप्तान ओली पोप को एलबीडब्ल्यू आउट किया। वह 34 गेंदों में पांच चौके की मदद से 27 रन बना पाए। इंग्लैंड ने तीन विकेट पर 106 रन बना लिए हैं। अब जो रूट का साथ देने हैरी ब्रूक आए हैं। 

04:15 PM, 03-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: इंग्लैंड को दूसरा झटका

इंग्लैंड को 82 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। प्रसिद्ध कृष्णा ने बेन डकेट को स्लिप में केएल राहुल के हाथों कैच कराया। वह 83 गेंद में छह चौके की मदद से 54 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल जो रूट और कप्तान ओली पोप क्रीज पर हैं। 23 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर दो विकेट पर 83 रन है। उन्हें जीत के लिए अभी भी 291 रन की जरूरत है।

04:07 PM, 03-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: बेन डकेट का अर्धशतक

चौथे दिन बेन डकेट ने शानदार अर्धशतक जड़ा। उन्होंने 76 गेंदों में अपने टेस्ट करियर का 16वां पचासा पूरा किया। वह ओली पोप के साथ 32 रनों की साझेदारी निभा चुके हैं। इंग्लैंड का स्कोर भी 70 के पार पहुंच गया है।

03:32 PM, 03-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: चौथे दिन का खेल शुरू

चौथे दिन का खेल शुरू हो चुका है। बेन डकेट का साथ देने ओली पोप आए हैं। इंग्लैंड को जीत के लिए 324 रन बनाने होंगे।

03:28 PM, 03-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: इंग्लैंड को जीत के लिए 324 रन बनाने होंगे

भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला लंदन के द ओवल पर खेला जा रहा है। भारत ने इंग्लैंड के सामने 374 रन का लक्ष्य रखा है। इंग्लैंड ने दूसरी पारी में एक विकेट पर 50 रन बना लिए हैं। दिन का खेल समाप्त होने तक बेन डकेट 48 गेंदों में 34 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। इससे पहले भारत की दूसरी 396 रन पर समाप्त हुई थी। वहीं, इंग्लैंड की पहली पारी 247 पर समाप्त हुई थी जबकि भारत ने पहली पारी में 224 रन बनाए। इस आधार पर मेजबानों को भारत पर 23 रनों की बढ़त हासिल हुई। अब इंग्लैंड को जीत के लिए 324 रन बनाने होंगे।

03:28 PM, 03-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: सिराज ने किया क्राउली को बोल्ड

374 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम को दिन का खेल समाप्त होने से ठीक पहले मोहम्मद सिराज ने करारा झटका दिया। उन्होंने आखिरी गेंद पर जैक क्राउली को बोल्ड किया। वह 36 गेंदों में 14 रन बनाकर आउट हुए। क्राउली और बेन डकेट के बीच पहले विकेट के लिए 50 रनों की साझेदारी हुई। दिन का खेल समाप्त होने तक डकेट 48 गेंदों में चार चौके की मदद से 34 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।

03:27 PM, 03-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: जडेजा ने हासिल की बड़ी उपलब्धि

ओवल टेस्ट की दूसरी पारी में जडेजा ने शानदार प्रदर्शन किया और 53 रन बनाकर आउट हुए। इसी के साथ वह छठे या उससे निचले स्थान पर विदेशी टेस्ट सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए। जडेजा ने इस दौरे पर 516 रन बनाए। इस मामले में शीर्ष पर सर गारफील्ड सोबर्स हैं, जिन्होंने 1966 में इंग्लैंड के खिलाफ 722 रन बनाए। दूसरे स्थान पर पाकिस्तान के वसीम राजा हैं, जिन्होंने 1976/77 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 517 रन बनाए थे। जडेजा ने छठे या उससे निचले स्थान पर बल्लेबाजी करते हुए विदेशी टेस्ट में सर्वाधिक 50+ स्कोर बनाने के मामले में वेस्टइंडीज के गैरी एलेक्जेंडर और पाकिस्तान के वसीम राजा की बराबरी कर ली। तीनों के नाम छह-छह अर्धशतकीय पारियां दर्ज हो गई हैं। इसके अलावा जडेजा इंग्लैंड में किसी सीरीज में सर्वाधिक 50+ स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। इस मामले में उन्होंने सुनील गावस्कर, विराट कोहली और ऋषभ पंत को पीछे छोड़ दिया। तीनों के नाम पांच-पांच अर्धशतकीय पारियां दर्ज हैं।

03:26 PM, 03-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: भारत की दूसरी पारी

यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने भारतीय टीम को मुकाबले के दूसरे दिन (शुक्रवार) दूसरी पारी में अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 46 रनों की साझेदारी हुई, जिसे जोश टंग ने तोड़ा। उन्होंने राहुल को रूट के हाथों कैच कराया। वह 28 गेंदों में सात रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद बल्लेबाजी के लिए आए साई सुदर्शन 11 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें गस एटकिंसन ने एलबीडब्ल्यू आउट किया। इस दौरान यशस्वी जायसवाल ने 44 गेंदों में अपना 13वां अर्धशतक पूरा किया। मौजूदा सीरीज में यह उनका तीसरा पचासा है। दिन का खेल समाप्त होने तक बाएं हाथ के बल्लेबाज 51 और आकाश दीप चार रन बनाकर डटे थे।

दूसरी पारी में भले ही केएल राहुल सात रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि, उन्होंने बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। वह SENA (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) देशों में एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे भारतीय सलामी बल्लेबाज बन गए। मौजूदा सीरीज में केएल राहुल ने 532 रन बनाए हैं। वहीं, इस मामले में शीर्ष पर सुनील गावस्कर हैं। पूर्व बल्लेबाज ने 1979 में इंग्लैंड दौरे पर एक टेस्ट सीरीज में 542 रन बनाए थे। तीसरे स्थान पर मुरली विजय हैं, जिन्होंने 2014-15 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर 482 रन बनाए थे। केएल ने पहली पारी में 14 रन बनाए थे।

तीसरे दिन के खेल की शुरुआत दो विकेट पर 75 रन के स्कोर से हुई। यशस्वी 51 और आकाश दीप चार रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 107 रनों की साझेदारी हुई। नाइटवॉचमैन के तौर पर बल्लेबाजी के लिए आए आकाश दीप बल्लेबाजी में चमक गए। उन्होंने 70 गेंदों में अपने टेस्ट करियर का पहला अर्धशतक लगाया। आकाश दीप 66 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें ओवरटन ने एटकिंसन के हाथों कैच कराया।

लंच के बाद भारत को चौथा झटका लगा। कप्तान शुभमन गिल 11 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें गस एटकिंसन ने एलबीडब्ल्यू आउट किया। इसके बाद बल्लेबाजी के लिए आए करुण नायर कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए। वह 32 गेंदों में 17 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें भी एटकिंसन ने ही पवेलियन की राह दिखाई। इस दौरान यशस्वी जायसवाल ने  127 गेंदों में अपने टेस्ट करियर का छठा शतक पूरा किया। वह शानदार फॉर्म में नजर आए।  इंग्लैंड के खिलाफ यह उनका चौथा शतक है जबकि मौजूदा सीरीज में दूसरा सैकड़ा है। वह 118 रन बनाकर आउट हो गए। 

तीसरे सत्र में रवींद्र जडेजा ने मोर्चा संभाला। उन्होंने ध्रुव जुरेल के साथ 50 रनों की साझेदारी निभाई और अपना अर्धशतक पूरा किया। जडेजा 77 गेंदों में 53 रन बनाकर आउट हुए जबकि जुरेल ने 34 रन बनाए। वहीं, वाशिंगटन सुंदर ने भी अपनी प्रतिभा का बखूबी प्रदर्शन किया और 46 गेंदों में 53 रन बनाकर पवेलियन लौटे। मोहम्मद सिराज अपना खाता भी नहीं खोल पाए। वहीं, प्रसिद्ध कृष्णा खाता खोले बिना क्रीज पर मौजूद रहे। इंग्लैंड के लिए जोश टंग ने पांच, गस एटकिंसन ने तीन और जेमी ओवरटन ने दो विकेट झटके।

01:56 PM, 03-Aug-2025

Ind vs Eng Highlights: बारिश के कारण चौथे दिन खेल समाप्त, इंग्लैंड जीत से 35 रन दूर; रूट और ब्रूक के शतक

Live Cricket Score, India vs England (Ind vs Eng) 5th Test 2025 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और इंग्लैंड के बीच जारी आखिरी टेस्ट मैच का आज चौथा दिन है। ओवल में खेले जा रहे इस मुकाबले में भारतीय टीम ने मेजबानों को 374 रनों का लक्ष्य दिया है। इंग्लैंड ने दूसरी पारी में एक विकेट पर 50 रन बना लिए हैं। अब उसे जीत के लिए 324 रनों की जरूरत है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें