फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs ENG Highlights: भारत ने चार विकेट से जीता दूसरा वनडे, रवींद्र जडेजा के बाद रोहित शर्मा ने मचाया धमाल

Sun, 09 Feb 2025 10:12 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, कटक

खास बातें

Live Cricket Score Today, India vs England 2nd ODI 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत ने दूसरे वनडे में इंग्लैंड को चार विकेट से हराकर तीन मैचों की वनडे सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त बना ली। कटक के बाराबटी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड ने बेन डकेट और जो रूट की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत 49.5 ओवर में 10 विकेट पर 304 रन बनाए। जवाब में भारत ने रोहित शर्मा की शतकीय पारी की बदौलत 44.3 ओवर में छह विकेट गंवाकर 308 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। 
विज्ञापन
रोहित शर्मा - फोटो : BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:48 PM, 09-Feb-2025

भारत ने चार विकेट से जीता दूसरा वनडे

भारत ने दूसरे वनडे में इंग्लैंड को चार विकेट से हराकर तीन मैचों की वनडे सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त बना ली। कटक के बाराबटी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड ने बेन डकेट और जो रूट की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत 49.5 ओवर में 10 विकेट पर 304 रन बनाए। जवाब में भारत ने रोहित शर्मा की शतकीय पारी की बदौलत 44.3 ओवर में छह विकेट गंवाकर 308 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। दोनों टीमों के बीच तीसरा मुकाबला अहमदाबाद में 12 फरवरी को खेला जाएगा। इस मैच में भारतीय टीम जीत के साथ इंग्लैंड का सूपड़ा साफ करने के उद्देश्य से उतरेगी।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत शानदार हुई थी। रोहित शर्मा और शुभमन गिल के बीच पहले विकेट के लिए 136 रनों की साझेदारी हुई, जिसे जैमी ओवरटन ने तोड़ा। उन्होंने युवा बल्लेबाज गिल को 17वें ओवर में बोल्ड किया। 25 वर्षीय बल्लेबाज 52 गेंदों में 60 रनों की पारी खेलकर पवेलियन लौटे। उन्होंने लगातार दूसरे मैच में अर्धशतक जड़ा। गिल ने अपने वनडे करियर का 15वां पचासा 45 गेंदों में पूरा किया। 

तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए विराट कोहली एक बार फिर ऑफ स्टंप के बाहर जा रही गेंद पर आउट हो गए। आदिल रशीद ने अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ पांच रन बना सके। इसके बाद मोर्चा श्रेयस अय्यर ने संभाला। उन्होंने तीसरे विकेट के लिए हिटमैन के साथ 70 गेंदों की साझेदारी की। इस दौरान भारतीय कप्तान ने 76 गेंदों में 32वां शतक जड़ा। वह 90 गेंदों में 12 चौके और सात छक्कों की मदद से 119 रनों की शानदार पारी खेलकर पवेलियन लौटे। उन्हें लियाम लिविंगस्टोन ने पारी के 30वें ओवर में आदिल रशीद के हाथों कैच कराया। 

इंग्लैंड के खिलाफ श्रेयस अय्यर ने 44, हार्दिक पांड्या ने 10, अक्षर पटेल ने 41* और रवींद्र जडेजा ने 11* रन बनाए। इंग्लैंड के लिए जैमी ओवरटन ने दो विकेट लिए जबकि गस एटकिंसन, आदिल रशीद और लियाम लिविंगस्टोन को एक-एक सफलता मिली।

09:11 PM, 09-Feb-2025

IND vs ENG Live Score: श्रेयस अय्यर 44 रन बनाकर आउट

भारत को चौथा झटका श्रेयस अय्यर के रूप में लगा। उन्हें बटलर ने रनआउट किया। छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए केएल राहुल उतरे हैं।

08:38 PM, 09-Feb-2025

IND vs ENG Live Score: रोहित शर्मा लौटे पवेलियन

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा 90 गेंदों में 12 चौके और सात छक्कों की मदद से 119 रनों की शानदार पारी खेलकर पवेलियन लौटे। उन्हें लियाम लिविंगस्टोन ने पारी के 30वें ओवर में आदिल रशीद के हाथों कैच कराया। अब पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए अक्षर पटेल उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए श्रेयस अय्यर क्रीज पर मौजूद हैं। 30 ओवर के बाद भारत का स्कोर 220/3 है।

विज्ञापन
08:19 PM, 09-Feb-2025

IND vs ENG Live Score: रोहित शर्मा ने जड़ा शतक

चैंपियंस ट्रॉफी से पहले रोहित शर्मा ने शानदार वापसी कर ली है। उन्होंने दूसरे वनडे मैच में महज 76 गेंदों में 32वां शतक जड़ा है। इससे पहले वह खराब फॉर्म में नजर आ रहे थे। हिटमैन ने 13 वनडे पारियों के बाद शतक लगाकर आलोचकों को मुंहतोड़ जवाब दिया है।

07:53 PM, 09-Feb-2025

IND vs ENG Live Score: विराट कोहली पांच रन बनाकर आउट हुए

भारतीय टीम को दूसरा झटका विराट कोहली के रूप में लगा। उन्हें आदिल रशीद ने अपना शिकार बनाया। कोहली एक बार फिर ऑफ स्टंप के बाहर जा रही गेंद पर बल्ला लगने की वजह से विकेटकीपर फिल सॉल्ट के हाथों कैच आउट हो गए। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए श्रेयस अय्यर उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए रोहित शर्मा क्रीज पर मौजूद हैं। 20 ओवर के बाद भारत का स्कोर 151/2 है।

विज्ञापन
07:35 PM, 09-Feb-2025

IND vs ENG Live Score: शुभमन गिल 60 रन बनाकर आउट

भारत को पहला झटका जैमी ओवरटन ने दिया। उन्होंने शुभमन गिल को बोल्ड किया। युवा बल्लेबाज 52 गेंदों में 60 रनों की शानदार पारी खेलकर पवेलियन लौटे। उन्होंने नौ चौके और एक छक्का लगाया। पहले विकेट के लिए गिल और रोहित के बीच 136 रनों की साझेदारी हुई। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए अब विराट कोहली उतरे हैं।

07:29 PM, 09-Feb-2025

IND vs ENG Live Score: लगातार दूसरे मैच में गिल ने जड़ा पचासा

रोहित शर्मा के बाद शुभमन गिल ने भी अर्धशतक जड़ दिया है। उन्होंने 45 गेंदों में अपने वनडे करियर का 15वां पचासा पूरा किया है। दोनों शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। 15 ओवर के बाद भारत का स्कोर 114/0 है।

07:02 PM, 09-Feb-2025

IND vs ENG Live Score:रोहित शर्मा ने लगाया अर्धशतक

रोहित शर्मा जबरदस्त फॉर्म में नजर आ रहे हैं। उन्होंने महज 30 गेंदों में अपने वनडे करियर का 58वां अर्धशतक पूरा किया है। इस दौरान शुभमन गिल भी उनका भरपूर साथ निभा रहे हैं। दोनों के बीच 70+ रनों की साझेदारी हो चुकी है। 

06:50 PM, 09-Feb-2025

IND vs ENG Live Score: फिर शुरू हुआ मैच

27 मिनट बाद एक बार फिर मुकाबला शुरू हो गया है। रोहित शर्मा और शुभमन गिल क्रीज पर पहुंच चुके हैं। 

06:18 PM, 09-Feb-2025

IND vs ENG Live Score: फिर खराब हुई फ्लड लाइट

भारत बनाम इंग्लैंड मैच में फ्लड लाइट बाधा बनी हुई है। 6:13 बजे फ्लड लाइट खराब होने के कारण मैच रुका, इसके बाद 6:16 पर आई फिर 6:17 पर फिर चली गई। 6:19 पर फिर लाइट आई लेकिन 6:21 पर फिर चली गई।

06:14 PM, 09-Feb-2025

IND vs ENG Live Score: कम रोशनी के कारण बीच में रुका मैच

6:13 बजे मैच को बीच में रोका गया। इसका कारण फ्लडलाइट का खराब होना है। मैदान पर कम रोशनी की वजह से खिलाड़ियों को खेलने में दिक्कत होती है। छह ओवर का खेल पूरा हो चुका है और भारत का स्कोर 47/0 है। रोहित 29 और गिल 16 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं।

06:09 PM, 09-Feb-2025

IND vs ENG Live Score: क्रिस गेल से आगे निकले रोहित शर्मा

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक छक्के लगाने के मामले में रोहित शर्मा ने क्रिस गेल को पीछे छोड़ दिया है। उनके नाम 267 मैचों में 333* छक्के दर्ज हो गए हैं। हिटमैन आज जबरदस्त फॉर्म में नजर आ रहे हैं। उन्होंने 16 गेंदों में 27 रन बना लिए हैं। वहीं शुभमन गिल 10 रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं। पांच ओवर के बाद टीम का स्कोर 40/0 है।

05:53 PM, 09-Feb-2025

IND vs ENG Live: भारत की पारी शुरू

भारत की पारी शुरू हो चुकी है। रोहित शर्मा और शुभमन गिल क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।

05:15 PM, 09-Feb-2025

IND vs ENG Live: इंग्लैंड की पारी समाप्त

इंग्लैंड ने बेन डकेत और जो रूट के अर्धशतकों की मदद से भारत को जीत के लिए 305 रनों का लक्ष्य दिया है। इंग्लैंड ने 49.5 ओवर में 304 रन बनाए। भारत के लिए अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने सबसे ज्यादा तीन विकेट झटके। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी थी और फिल सॉल्ट तथा डकेत ने अर्धशतकीय साझेदारी कर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। डकेत ने 65 रन बनाए, जबकि पिछले कुछ समय से वनडे में फॉर्म के लिए जूझ रहे जो रूट ने 69 रनों की पारी खेली। 

रूट और डकेत के अलावा लियाम लिविंगस्टोन ने 32 गेंदों पर 41 रन बनाए जिससे टीम चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा करने में सफल रही। शुरुआत में इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों को काफी परेशान किया, लेकिन अंत में उसके विकेट गिरते रहे जिससे भारत रन गति में लगाम लगाने में सफल रहा। हालांकि, इसके बावजूद इंग्लैंड की टीम 300 रन का आंकड़ा पार करने में सफल रही। इंग्लैंड के लिए सॉल्ट ने 26 रन, हैरी ब्रूक ने 31 रन, कप्तान जोस बटलर ने 34, आदिल राशिद ने 14, जैमी ओवरटन ने छह और गस एटकिंसन ने तीन रन बनाए। 

भारत के लिए जडेजा के अलावा मोहम्मद शमी, हर्षित राणा, हार्दिक पांड्या और डेब्यू करने वाले वरुण चक्रवर्ती को एक-एक विकेट मिले। 

05:07 PM, 09-Feb-2025

IND vs ENG Live: राशिद रन आउट हुए

आदिल राशिद रन आउट होकर आउट हो गए हैं जिससे इंग्लैंड ने 297 के स्कोर पर आठ विकेट गंवा दिए हैं। राशिद पांच गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 14 रन बनाकर आउट हुए। 

04:57 PM, 09-Feb-2025

IND vs ENG Live: इंग्लैंड को लगा सातवां झटका

तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने गस एटकिंसन को आउट कर इंग्लैंड को सातवां झटका दिया। एटकिंसन सात गेंदों पर तीन रन बनाकर आउट हुए। शमी का इस मैच का यह पहला विकेट है। 

04:46 PM, 09-Feb-2025

IND vs ENG Live: ओवरटन पवेलियन लौटे

जडेजा ने शानदार गेंदबाजी जारी रखते हुए अपना इस मैच का तीसरा विकेट लिया और जैमी ओवरटन को अपना शिकार बनाया। ओवरटन बड़ा शॉट लगाने के चक्कर में कैच आउट हो गए। ओवरटन 10 गेंदों पर छह रन बनाकर आउट हुए। 

04:39 PM, 09-Feb-2025

IND vs ENG Live: भारत को मिली पांचवीं सफलता

रवींद्र जडेजा ने जो रूट को आउट कर भारत को पांचवीं सफलता दिलाई है। रूट अर्धशतक लगाकर 72 गेंदों पर 69 रन बनाकर आउट हुए। रूट ने अपनी पारी के दौरान छह चौके लगाए। जडेजा का इस मैच का यह दूसरा विकेट है। इंग्लैंड ने 43 ओवर की समाप्ति तक पांच विकेट पर 250 रन बना लिए हैं। 

04:19 PM, 09-Feb-2025

IND vs ENG Live: बटलर आउट हुए

हार्दिक पांड्या ने जोस बटलर को आउट कर इंग्लैंड को चौथा झटका दिया है। बटलर 35 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 34 रन बनाकर आउट हुए। इंग्लैंड ने 219 रन के स्कोर पर अपना चौथा विकेट गंवा दिया है। जो रूट हालांकि, अर्धशतक लगाकर क्रीज पर मौजूद हैं। अब उनका साथ देने लियाम लिविंगस्टोन उतरे हैं। 

04:16 PM, 09-Feb-2025

IND vs ENG Live: रूट का अर्धशतक

इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जो रूट ने भारत के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक जड़ दिया है। रूट ने 60 गेंदों पर पचासा लगाया, जो उनका 40वां अर्धशतक है। इंग्लैंड का स्कोर 200 रन के पार पहुंच गया है। क्रीज पर रूट के अलावा कप्तान जोस बटलर भी मौजूद हैं। 

04:04 PM, 09-Feb-2025

IND vs ENG Live: इंग्लैंड के 200 रन पूरे

जो रूट और कप्तान जोस बटलर की अच्छी साझेदारी की मदद से इंग्लैंड ने 35 ओवर की समाप्ति तक 200 रन पूरे कर लिए हैं। रूट धीरे-धीरे अर्धशतक की ओर बढ़ रहे हैं और 45 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। उनके साथ बटलर भी 22 रन बनाकर क्रीज पर टिके हुए हैं। 

03:35 PM, 09-Feb-2025

IND vs ENG Live: भारत को मिली तीसरी सफलता

हर्षित राणा ने भारत को तीसरी सफलता दिलाई। इंग्लैंड के बल्लेबाज हैरी ब्रूक बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में अपना विकेट गंवा बैठे हैं। शुभमन गिल ने शानदार कैच पकड़कर ब्रूक को आउट किया जो 52 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्के की मदद से 31 रन बनाकर आउट हुए। 

03:33 PM, 09-Feb-2025

IND vs ENG Live: रूट-ब्रूक क्रीज पर डटे

हैरी ब्रूक और जो रूट क्रीज पर डटे हुए हैं जिससे इंग्लैंड का स्कोर 29 ओवर बाद 160 रन के पार पहुंच गया है। 29 ओवर बाद इंग्लैंड ने दो विकेट पर 165 रन बना लिए हैं। रूट 33 रन और ब्रूक 30 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। 

03:09 PM, 09-Feb-2025

IND vs ENG Live: इंग्लैंड 120 रन के पार

23 ओवर के बाद इंग्लैंड ने दो विकेट गंवाकर 130 रन बना लिए हैं। फिलहाल जो रूट और हैरी ब्रूक क्रीज पर हैं। इससे पहले वरुण ने फिल सॉल्ट और जडेजा ने बेन डकेट को आउट किया था। सॉल्ट 26 रन डकेट 65 रन बनाकर आउट हुए थे। 

02:48 PM, 09-Feb-2025

IND vs ENG Live: इंग्लैंड को लगा दूसरा झटका

रवींद्र जडेजा ने बेन डकेत को आउट कर इंग्लैंड को दूसरा झटका दिया। डकेत शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे और उन्होंने अर्धशतक लगाया। डकेत 56 गेंदों पर 10 चौकों की मदद से 65 रन बनाकर आउट हुए। इंग्लैंड ने 16 ओवर की समाप्ति के बाद दो विकेट पर 102 रन बना लिए हैं। फिलहाल क्रीज पर जो रूट के साथ हैरी ब्रूक मौजूद हैं। 

02:24 PM, 09-Feb-2025

IND vs ENG Live: फिल सॉल्ट आउट

डेब्यू कर रहे स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने भारत को आखिरकार पहली सफलता दिलाई। वरुण ने सलामी बल्लेबाज फिल सॉल्ट को आउट किया जो बेन डकेत के साथ मिलकर अच्छी साझेदारी निभा रहे थे। सॉल्ट 29 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 26 रन बनाकर आउट हुए। इसके साथ ही सॉल्ट और डकेत के बीच पहले विकेट के लिए 81 रनों की साझेदारी का अंत हुआ। 

02:22 PM, 09-Feb-2025

IND vs ENG Live: बेन डकेत का पचासा

इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज बेन डकेत ने भारत के खिलाफ दूसरे वनडे मुकाबले में अर्धशतक जड़ दिया है। डकेत ने सॉल्ट के साथ मिलकर इंग्लैंड को अच्छी शुरुआत दिलाई और उसका स्कोर 80 रन के पार पहुंच गया है। 

02:11 PM, 09-Feb-2025

IND vs ENG Live: सॉल्ट-डकेत की शानदार साझेदारी

सॉल्ट और डकेत ने पहले विकेट के लिए 50+ रनों की साझेदारी कर ली है। इन दोनों बल्लेबाजों ने इंग्लैंड को मजबूत शुरुआत दिलाई है और भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा है। नौ ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर बिना किसी नुकसान के 66 रन है। 

01:54 PM, 09-Feb-2025

IND vs ENG Live: इंग्लैंड की अच्छी शुरुआत

बेन डकेत और फिल सॉल्ट ने इंग्लैंड को भारत के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में अच्छी शुरुआत दिलाई है। इन दोनों बल्लेबाजों ने अब तक भारतीय गेंदबाजों को सफलता हासिल करने नहीं दी है। इंग्लैंड ने पांच ओवर की समाप्ति तक बिना किसी नुकसान के 35 रन बना लिए हैं। डकेत 27 रन और सॉल्ट छह रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। 

01:32 PM, 09-Feb-2025

IND vs ENG Live: इंग्लैंड की पारी शुरू

भारत के खिलाफ दूसरे वनडे मुकाबले में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी है। उसके लिए फिल सॉल्ट और बेन डकेत पारी की शुरुआत करने उतरे हैं, जबकि तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी गेंदबाजी की शुरुआत करने आए हैं। 

01:07 PM, 09-Feb-2025

IND vs ENG Live: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

भारतः रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, रवींद्र जडेजा, हर्षित राणा, मोहम्मद शमी, वरुण चक्रवर्ती। 
इंग्लैंडः फिल सॉल्ट (विकेटकीपर), बेन डकेत, जो रूट, हैरी ब्रूक, जोस बटलर (कप्तान), लियाम लिविंगस्टोन, जैमी ओवरटन, गस एटकिंसन, आदिल राशिद, मार्क वुड, साकिब महमूद।

01:02 PM, 09-Feb-2025

IND vs ENG Live: इंग्लैंड ने जीता टॉस

इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने भारत के खिलाफ दूसरे वनडे मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया है। इंग्लैंड ने इस मुकाबले के लिए प्लेइंग-11 में तीन बदलाव किए हैं। मार्क वुड, गस एटकिंसन और जैमी ओवरटन को एकादश में शामिल किया गया है। भारत ने दो बदलाव किए हैं। यशस्वी जायसवाल की जगह विराट कोहली की टीम में वापसी हुई है, जो पिछले मैच में घुटने में सूजन के कारण नहीं खेले थे। वहीं, कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव की जगह वरुण चक्रवर्ती को डेब्यू का मौका दिया गया है। 

12:47 PM, 09-Feb-2025

IND vs ENG Live: वरुण चक्रवर्ती करेंगे डेब्यू

स्पिनर वरुण चक्रवर्ती दूसरे वनडे मुकाबले से इस प्रारूप में डेब्यू करेंगे। वरुण ने इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था जिसके बाद अंतिम समय में उन्हें वनडे टीम में जगह दी गई थी। वरुण पहले मैच में नहीं खेले थे, लेकिन उन्हें अब डेब्यू करने का अवसर मिल गया। टॉस से पहले वरुण को अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने डेब्यू कैप पहनाई। 

12:45 PM, 09-Feb-2025

IND vs ENG Live: कोहली फिट हुए

भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने पुष्टि करते हुए बताया था कि विराट कोहली दाहिने घुटने के दर्द से उबर चुके हैं और वह इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में खेलने के लिए फिट हैं। कोहली नागपुर में खेले गए पहले वनडे मैच से बाहर रहे थे। बल्लेबाजी कोच से पहले भारतीय उपकप्तान शुभमन गिल ने भी इस बात की पुष्टि की थी कि कोहली फिट हैं और वह दूसरे मैच में खेलेंगे। 

12:34 PM, 09-Feb-2025

IND vs ENG Live: कोहली 14000 वनडे रन पूरे करने के करीब 

कोहली ने वनडे क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है और वह इस प्रारूप में 14000 रन पूरे करने से केवल 94 रन दूर हैं। अगर वह यह उपलब्धि हासिल कर लेते हैं तो फिर वह सचिन तेंदुलकर (18,426) और कुमार संगकारा (14,234) के बाद इस मुकाम पर पहुंचने वाले दुनिया के तीसरे बल्लेबाज बन जाएंगे। कोहली की तरह कप्तान रोहित भी रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। वह पहले वनडे में केवल दो रन बना पाए थे। मुंबई के इस बल्लेबाज ने पिछले साल श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो में 64 रन बनाने के बाद किसी भी प्रारूप में अर्धशतक नहीं लगाया है। अगर रोहित दूसरे वनडे में भी रन नहीं बना पाते हैं तो उनकी फॉर्म और भविष्य को लेकर आशंकाएं पैदा हो जाएंगी।

12:33 PM, 09-Feb-2025

IND vs ENG Live: रोहित की फॉर्म और कोहली की फिटनेस पर नजरें

भारत ने नागपुर में खेले गए पहले मैच में शानदार जीत दर्ज की थी। पहले मैच में कप्तान रोहित शर्मा का बल्ला नहीं चला था और उनका रन बनाने का संघर्ष जारी रहा था। वहीं, स्टार बल्लेबाज विराट कोहली घुटने में चोट के कारण इस मैच नहीं खेले थे। अब दूसरे वनडे में नजरें रोहित की फॉर्म और कोहली की फिटनेस पर रहेंगी। 

12:29 PM, 09-Feb-2025

IND vs ENG Highlights: भारत ने चार विकेट से जीता दूसरा वनडे, रवींद्र जडेजा के बाद रोहित शर्मा ने मचाया धमाल

Live Cricket Score Today, India vs England 2nd ODI 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। पहले मैच में जीत के साथ तीन मैचों की वनडे सीरीज की शुरुआत करने वाली भारतीय टीम की नजरें अजेय बढ़त हासिल करने पर टिकी हैं। भारतीय टीम कटक में हो रहे इस मैच को जीतकर सीरीज अपने नाम करने उतरी है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें