भारत ने इंग्लैंड को चार विकेट से हराकर तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है। इससे पहले टीम इंडिया ने इंग्लैंड को पांच मैचों की टी20 सीरीज में 4-1 से हराकर सीरीज अपने नाम की थी। गुरुवार को नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और 47.4 ओवर में 248 रन बनाए। जवाब में भारत ने 38.4 ओवर में छह विकेट पर 251 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। वनडे विश्व कप 2023 के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने सात वनडे मैच गंवाए हैं। अब टीम इंडिया की नजर दूसरे वनडे में जीत के साथ अजेय बढ़त बनाने पर होगी। यह मुकाबला कटक में नौ फरवरी को खेला जाएगा।
जायसवाल-रोहित के बाद गिल-अय्यर ने संभाला मोर्चा
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं हुई थी। यशस्वी जायसवाल (15) और रोहित शर्मा (02) 19 रन के स्कोर पर आउट हो गए। इसके बाद मोर्चा शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर ने संभाला। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 64 गेंदों में 94 रनों की साझेदारी हुई। इस दौरान दाएं हाथ के बल्लेबाज श्रेयस ने अपने वनडे करियर का 19वां पचासा किया। इसके लिए उन्होंने 30 गेंदें खेलीं। इस प्रारूप में यह उनके बल्ले से निकली दूसरी सबसे तेज फिफ्टी है। इससे पहले उन्होंने 2019 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 28 गेंदों में अर्धशतक जड़ा था।
अय्यर के बाद गिल को मिला अक्षर का साथ
30 वर्षीय बल्लेबाज को जैकब बेथेल ने 16वें ओवर की आखिरी गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट किया। अय्यर 36 गेंदों में नौ चौकों और दो छक्कों की मदद से 59 रन बनाने में कामयाब हुए। इसके बाद पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए अक्षर पटेल ने शुभमन गिल का साथ दिया और दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 100 से ज्यादा रनों की विशाल साझेदारी हुई, जिसे आदिल रशीद ने 34वें ओवर में तोड़ा। उन्होंने बाएं हाथ के बल्लेबाज अक्षर पटेल को बोल्ड किया। वह 47 गेंदों में 52 रन बनाकर लौटे। उन्होंने 46 गेंदों में अपने वनडे करियर का तीसरा अर्धशतक पूरा किया।
गिल ने जड़ा वनडे में 14वां पचासा
छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे केएल राहुल सिर्फ दो रन बना सके। वहीं, शुभमन गिल 87 रनों की दमदार पारी खेलकर आउट हुए। उन्होंने 60 गेंदों में अपने करियर का 14वां अर्धशतक पूरा किया। इस दौरान उन्होंने सात चौके लगाए। हार्दिक पांड्या ने नौ* और रवींद्र जडेजा* ने 12 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। इंग्लैंड के लिए साकिब महमूद और आदिल रशीद ने दो-दो विकेट लिए जबकि जोफ्रा आर्चर और जैकब बेथेल को एक-एक सफलता मिली।
शुभमन गिल 87 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें साकिब महमूद ने अपना शिकार बनाया। आठवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए रवींद्र जडेजा उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए हार्दिक पांड्या क्रीज पर मौजूद हैं।
भारत को पांचवां झटका केएल राहुल के रूप में लगा। उन्हें आदिल रशीद ने अपना शिकार बनाया। इस मैच में वह सिर्फ दो रन बना पाए। सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए हार्दिक पांड्या उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए शुभमन गिल क्रीज पर मौजूद हैं।
भारतीय टीम को चौथा झटका अक्षर पटेल के रूप में लगा। उन्हें आदिल रशीद ने अपना शिकार बनाया। वह 52 रनों की दमदार पारी खेलकर पवेलियन लौटे। छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए केएल राहुल उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए शुभमन गिल क्रीज पर मौजूद हैं। 34 ओवर के बाद भारत का स्कोर 222/4 है।
श्रेयस अय्यर और शुभमन गिल के बाद अक्षर पटेल ने भी अर्धशतक जड़ दिया है। उन्होंने महज 46 गेंदों में अपने करियर का तीसरा पचासा पूरा किया। भारत अब जीत के करीब पहुंच गया है। शुभमन गिल फिलहाल 80 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं। दोनों के बीच 100+ रनों की साझेदारी हो चुकी है।
तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे शुभमन गिल ने 60 गेंदों में अपने करियर का 14वां अर्धशतक पूरा कर लिया है। इस दौरान उन्होंने सात चौके लगाए। अब वह 50* रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं और उनका साथ देने के लिए अक्षर पटेल (29*) भी डटे हुए हैं।
भारत को तीसरा झटका श्रेयस अय्यर के रूप में लगा। उन्हें जैकब बेथेल ने एलबीडब्ल्यू किया। वह 36 गेंदों में 59 रन बनाकर आउट हुए। इस दौरान उन्होंने नौ चौके और दो छक्के लगाए। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए अक्षर पटेल उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए शुभमन गिल क्रीज पर मौजूद हैं।
चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे श्रेयस अय्यर ने तूफानी अंदाज में अपने वनडे करियर का 19वां अर्धशतक लगाया। उन्होंने महज 30 गेंदों में पचासा जड़ा। यह उनके वनडे करियर का दूसरा सबसे तेज अर्धशतक है। इससे पहले उन्होंने 2019 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 28 गेंदों में अर्धशतक जड़ा था। 15 ओवर के बाद भारत का स्कोर 111/2 है।
शुरुआती 10 ओवर में भारत ने दो विकेट गंवा दिए। यशस्वी जायसवाल 15 और रोहित शर्मा दो रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद मोर्चा श्रेयस अय्यर और शुभमन गिल ने संभाल लिया है। दोनों के बीच 50+ रनों की साझेदारी हो चुकी है।
भारत को दूसरा झटका तेज गेंदबाज साकिब महमूद ने दिया। उन्होंने कप्तान रोहित शर्मा को आउट किया। वह सात गेंदों में दो रन बनाकर पवेलियन लौटे। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए अब श्रेयस अय्यर उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए शुभमन गिल क्रीज पर मौजूद हैं।
भारत को पहला झटका तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने दिया। उन्होंने यशस्वी जायसवाल को अपना शिकार बनाया। वह बाहर जाती गेंद पर बल्ला लगाने की भूल कर बैठे और विकेटकीपर फिल सॉल्ट ने कोई गलती किए बिना कैच लपक लिया। बाएं हाथ के बल्लेबाज इस मैच में 15 रन बनाकर आउट हुए। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए शुभमन गिल उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए रोहित शर्मा क्रीज पर मौजूद हैं।
भारत की पारी शुरू हो चुकी है। यशस्वी जायसवाल और रोहित शर्मा क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों से आज फैंस को अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।
डेब्यू कर रहे तेज गेंदबाज हर्षित राणा और स्पिनर रवींद्र जडेजा की अगुआई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत ने 47.4 ओवर में इंग्लैंड को 248 रन पर ऑलआउट कर दिया। इंग्लैंड के लिए कप्तान जोस बटलर और जैकेब बेथेल ने अर्धशतक जड़े जिस कारण टीम चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा करने में सफल रही। भारत की ओर से हर्षित और जडेजा ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि मोहम्मद शमी, अक्षर पटेल और कुलदीप यादव को एक-एक विकेट मिला।
इस मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया और फिल सॉल्ट तथा बेन डकेत ने पहले विकेट के लिए 75 रन जोड़कर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। सॉल्ट के रन आउट होने के बाद इंग्लैंड की पारी लड़खड़ा गई और हर्षित ने भारतीय टीम की वापसी कराने में कोई कसर नहीं छोड़ी। इसके बाद बटलर ने सधी हुई बल्लेबाजी कर इंग्लैंड को संभाला, लेकिन उनके आउट होने के बाद टीम फिर लड़खड़ाई। हालांकि, बेथेल टिके रहे और उन्होंने पचासा जड़ा। पर बेथेल के आउट होने के बाद शेष बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके और टीम पूरे 50 ओवर भी नहीं खेल सकी।
इंग्लैंड के लिए बटलर ने 52 रन, बेथेल ने 51 रन, सॉल्ट ने 43 रन और डकेत ने 32 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके।
रवींद्र जडेजा ने शानदार गेंदबाजी जारी रखते हुए आदिल राशिद को आउट कर इंग्लैंड को नौवां झटका दिया। राशिद 16 गेंदों पर आठ रन बनाकर आउट हुए। 47 ओवर बाद इंग्लैंड ने नौ विकेट पर 242 रन बना लिए हैं। जडेजा का इस मैच का यह तीसरा विकेट है।
रवींद्र जडेजा ने जैकेब बेथेल को आउट कर भारत को आठवीं सफलता दिलाई। बेथेल अर्धशतक लगाकर आउट हुए। उन्होंने 64 गेंदों पर 51 रन बनाए। जडेजा का इस मैच का यह दूसरा विकेट है। जडेजा ने इसके साथ ही एक खास उपलब्धि अपने नाम कर ली है। वह भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। जडेजा अबतक इस टीम के खिलाफ वनडे में 41 विकेट ले चुके हैं। उन्होंने इस मामले में जेम्स एंडरसन को पीछे छोड़ा जिन्होंने दोनों देशों के बीच वनडे सीरीज के दौरान 40 विकेट लिए थे।
इंग्लैंड के बल्लेबाज जैकब बेथेल ने भारत के खिलाफ पहले वनडे मैच में अर्धशतक जड़ दिया है। बेथेल इसके साथ ही भारत में वनडे में 50+ स्कोर करने वाले इंग्लैंड के सबसे युवा बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में जो रूट को पछाड़ा जिन्होंने 22 साल 24 दिन की उम्र में 2013 में 50+ स्कोर बनाया था। बेथेल ने भारत के खिलाफ 21 साल 106 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की।
अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने ब्राइडन कार्से को बोल्ड कर इंग्लैंड को सातवां झटका दिया। कार्से 18 गेंदों पर 10 रन बनाकर आउट हुए। शमी का इस मैच का यह पहला विकेट है। इंग्लैंड का स्कोर 200 के पार पहुंच गया है।
तेज गेंदबाज हर्षित राणा ने अपना तीसरा विकेट लिया और इंग्लैंड को एक और झटका दिया। हर्षित ने लियाम लिविंगस्टोन को आउट किया जो 10 गेंदों पर पांच रन बनाकर आउट हुए। इंग्लैंड ने इस तरह 183 रन पर छह विकेट गंवा दिए हैं।
इंग्लैंड को पांचवां झटका कप्तान जोस बटलर के रूप में लगा। उन्हें अक्षर पटेल ने अपना शिकार बनाया। दाएं हाथ का यह बल्लेबाज 67 गेंदों में 52 रनों की दमदार पारी खेलकर आउट हुआ। उन्होंने 58 गेंदों में अपने वनडे करियर का 27वां अर्धशतक पूरा किया। सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए लियाम लिविंगस्टोन उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए जैकब बेथेल क्रीज पर मौजूद हैं।
इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। उन्होंने महज 58 गेंदों में 50 रन पूरे कर लिए। यह उनके वनडे करियर का 27वां पचासा है। इसी के साथ इंग्लैंड का स्कोर भी 160 रन के पार पहुंच गया है।
कप्तान जोस बटलर क्रीज पर टिके हुए हैं और अर्धशतक के करीब पहुंच गए हैं। इंग्लैंड ने 27 ओवर बाद चार विकेट पर 145 रन बना लिए हैं।
रवींद्र जडेजा ने अनुभवी बल्लेबाज जो रूट को आउट कर इंग्लैंड को चौथा झटका दिया है। जडेजा ने रूट को एलबीडब्ल्यू आउट किया, लेकिन इंग्लैंड के इस बल्लेबाज ने अंपायर के फैसले को चुनौती दी। हालांकि, इंग्लैंड का यह रिव्यू असफल रहा और रूट को पवेलियन लौटना पड़ा। रूट ने 31 गेंदों पर एक चौके की मदद से 19 रन बनाए। इंग्लैंड ने 111 रन के स्कोर पर चार विकेट गंवा दिए हैं।
अच्छी शुरुआत के बाद लड़खड़ाई इंग्लैंड की पारी को कप्तान जोस बटलर और अनुभवी बल्लेबाज जो रूट ने संभाला। 16 ओवर बाद इंग्लैंड का स्कोर तीन विकेट पर 102 रन हो गया है। तीन झटके लगने के बाद इंग्लैंड की रन गति धीमी पड़ गई है। रूट 14 रन और बटलर 12 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
तेज गेंदबाज हर्षित राणा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार गेंदों के अंदर इंग्लैंड को दूसरा झटका दिया है। 11वां ओवर करने आए हर्षित ने पहले इस ओवर की तीसरी गेंद पर बेन डकेत को आउट किया फिर ओवर की अंतिम गेंद पर हैरी ब्रूक को विकेटकीपर केएल राहुल के हाथों कैच कराकर चलता किया। ब्रूक खाता भी नहीं खोल सके और पवेलियन लौट गए। इंग्लैंड की बल्लेबाजी अच्छी शुरुआत के बाद लड़खड़ा गई है। एक समय इंग्लैंड ने पहले विकेट के लिए बिना किसी नुकसान के 75 रन बनाए थे, लेकिन हर्षित ने मैच में वापसी कराई और इंग्लैंड ने दो रन के अंदर तीन विकेट गंवा दिए।
डेब्यू कर रहे तेज गेंदबाज हर्षित राणा महंगे साबित होने के बाद आखिरकार विकेट लेने में सफल रहे हैं। हर्षित ने क्रीज पर टिक चुके सलामी बल्लेबाज बेन डकेत को आउट कर इंग्लैंड को दूसरा झटका दिया। डकेत 29 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 32 रन बनाकर आउट हुए।
इंग्लैंड को 75 रन के स्कोर पर पहला झटका लगा है। अर्धशतक की ओर बढ़ रहे सलामी बल्लेबाज फिल सॉल्ट रन आउट हो गए और पचासा पूरा नहीं कर सके। इसके साथ ही उनकी बेन डकेत के साथ चल रही अर्धशतकीय साझेदारी टूट गई और भारत को पहली सफलता मिली। सॉल्ट 26 गेंदों पर पांच चौकों और तीन छक्कों की मदद से 43 रन बनाकर आउट हुए।
फिल सॉल्ट और बेन डकेत के बीच पहले विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाजों ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई है जिससे इंग्लैंड का स्कोर छह ओवर बाद बिना किसी नुकसान के 52 रन पहुंच गया है। इस दौरान छठा ओवर करने आए हर्षित राणा के ओवर से सॉल्ट ने 26 रन बटोरे। डेब्यू करने वाले हर्षित अब तक महंगे साबित हुए हैं। सॉल्ट ने हर्षित के इस ओवर में तीन छक्के और दो चौके जड़े।
भारत के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में इंग्लैंड ने सधी हुई शुरुआत की है। पांच ओवर बाद इंग्लैंड का स्कोर बिना किसी नुकसान के 26 रन है। डकेत 17 और सॉल्ट आठ रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
भारत के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में भारत की पारी शुरू हो गई है। इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया है। फिल सॉल्ट और बेन डकेत इंग्लैंड के लिए पारी का आगाज करने उतरे हैं, जबकि भारत की ओर से अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी गेंदबाजी की शुरुआत करने आए हैं।
इंग्लैंडः बेन डकेत, फिल सॉल्ट (विकेटकीपर), जो रूट, हैरी ब्रूक, जोस बटलर (कप्तान), लियाम लिविंगस्टोन, जैकब बैथेल, ब्राइडन कार्से, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, साकिब महमूद।
भारतः रोहित शर्मा (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, श्रेयस अय्यर, शुभमन गिल (उपकप्तान), हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी।
इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने भारत के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया है। रोहित ने टॉस के दौरान बताया कि विराट कोहली इस मैच में नहीं खेलेंगे। भारतीय कप्तान ने कहा कि कोहली के घुटने में चोट है, जिस कारण वह इस मैच का हिस्सा नहीं होंगे।
यशस्वी जायसवाल भी इस मैच से वनडे में डेब्यू करेंगे। उन्हें भी हर्षित के साथ टीम की कैप पहनाई गई है। यशस्वी को कप्तान रोहित शर्मा, जबकि हर्षित को अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने डेब्यू कैप पहनाई।
तेज गेंदबाज हर्षित राणा इस मुकाबले से भारतीय वनडे टीम में डेब्यू करेंगे। हर्षित ने इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टी20 मुकाबले में कन्कशन सब्स्टीट्यूट के तौर पर टी20 में डेब्यू किया था और पहले ही मैच में प्रभावित करने में सफल रहे थे। अब उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे मैच के लिए मौका दिया गया है।
शमी वनडे विश्व कप 2023 में शानदार फॉर्म में थे और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फाइनल में खेलने के बाद वह अब इस प्रारूप में खेलेंगे। टी20 सीरीज में टीम दो तेज गेंदबाजों के साथ उतरी थी, लेकिन वनडे में तीन विशेषज्ञ तेज गेंदबाजों का होना जरूरी है। ऐसे में शमी को मौका मिल सकता है। कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव चोट से वापसी कर रहे हैं, लेकिन वरुण चक्रवर्ती ने टी20 सीरीज में काफी प्रभावित किया था। इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन करने के कारण स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को भारतीय टीम में शामिल किया गया है। उन्हें वनडे में डेब्यू का मौका मिल सकता है और वह अच्छा प्रदर्शन जारी रखकर चैंपियंस ट्रॉफी के लिए टीम में शामिल होने का मजबूत दावा पेश कर सकते हैं।
इंग्लैंड भी चैंपियंस ट्रॉफी से पहले उचित टीम संयोजन तैयार करने पर ध्यान देगा। उसे आईसीसी टूर्नामेंट से पहले अपनी कमजोरियों को जल्द से जल्द दूर करना होगा। उसे इस सीरीज से पहले ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में हार का सामना करना पड़ा था। इंग्लैंड की टीम में जो रूट को छोड़कर अधिकतर वही बल्लेबाज हैं जिन्हें टी20 सीरीज में रन बनाने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा था। विकेटकीपर जेमी स्मिथ पिंडली की मांसपेशियों में खिंचाव के कारण पहले दो वनडे से बाहर रह सकते हैं।
कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे खिलाड़ी पिछले कुछ समय से रन बनाने के लिए जूझ रहे हैं और उनके प्रदर्शन पर सभी की निगाह रहेगी। यह दोनों स्टार खिलाड़ी पिछले महीने रणजी ट्रॉफी में भी खेले थे, लेकिन उसमें भी असफलता ही उनके हाथ लगी थी। अब वह उस प्रारूप में वापसी करेंगे जिसमें उन्होंने वर्षों तक अपना दबदबा बनाए रखा था।
Live Cricket Score Today, India vs England 1st ODI 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज भारत और इंग्लैंड के बीच नागपुर में तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है। भारतीय टीम इस सीरीज से 19 फरवरी से होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी की तैयारियों को पुख्ता करने उतरेगी।