भारत और इंग्लैंड के बीच पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन का खेल समाप्त हो गया है। भारत की पहली पारी 471 रन पर ऑलआउट हुई थी। इंग्लैंड ने ओली पोप के शतक और बेन डकेट के अर्धशतक की मदद से स्टंप्स तक पहली पारी में तीन विकेट पर 209 रन बनाए हैं। इंग्लैंड की टीम अभी भारत से 262 रन पीछे चल रही है। दिन के खेल की समाप्ति तक पोप 100 और हैरी ब्रूक बिना खाता खोले क्रीज पर मौजूद थे। भारत के लिए पहली पारी में अब तक तीनों विकेट तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने झटके हैं।
भारत ने अच्छी शुरुआत की थी और जैक क्रावली को सस्ते में आउट किया था जो चार रन बनाकर आउट हुए थे। इसके बाद पोप और डकेट ने दूसरे विकेट के लिए 122 रन जोड़े और टीम को संभाला। बुमराह ने फिर डकेट को बोल्ड किया जो 62 रन बनाकर आउट हुए। अंत में बुमराह ने जो रूट का भी विकेट लिया। रूट 28 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए जो रूट को आउट कर दिया है। रूट स्लिप में करुण नायर को कैच थमा बैठे। इसके साथ ही रूट और पोप के बीच तीसरे विकेट के लिए 79 रनों की साझेदारी का अंत हुआ। रूट 58 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 28 रन बनाकर आउट हुए।
ओली पोप ने 125 गेंदों पर शतक पूरा कर लिया है। पोप ने अच्छी बल्लेबाजी की और शतक पूरा करने में सफल रहे। पोप ने रूट के साथ मिलकर अर्धशतकीय साझेदारी भी पूरी की।
ओली पोप क्रीज पर टिके हुए और उन्होंने इंग्लैंड की पारी को संभाले रखा है। पोप का साथ देने के लिए दूसरे छोर पर जो रूट मौजूद हैं। इंग्लैंड का स्कोर 140 रन के पार पहुंच गया है। इंग्लैंड की टीम भारत से फिलहाल 330 रन पीछे चल रही है।
जसप्रीत बुमराह ने बेन डकेट को आउट कर इंग्लैंड को दूसरा झटका दिया। इसी के साथ डकेट और ओली पोप के बीच दूसरे विकेट के लिए 122 रनों की साझेदारी का अंत हुआ। डकेट 94 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से 62 रन बनाकर आउट हुए।
ओली पोप ने अर्धशतक पूरा कर लिया है। वह शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। उनका साथ देने के लिए बेन डकेट क्रीज पर मौजूद हैं।
ओली पोप और बेन डकेट की शानदार साझेदारी की मदद से इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन टी ब्रेक तक पहली पारी में एक विकेट पर 107 रन बना लिए हैं। फिलहाल क्रीज पर डकेट 53 रन और पोप 48 रन बनाकर मौजूद हैं। भारत की पहली पारी 471 रन पर ऑलआउट हुई थी और जसप्रीत बुमराह ने जैक क्रावले को सस्ते में आउट कर भारत को शुरुआती सफलता दिलाई थी। हालांकि, पोप और डकेट इसके बाद क्रीज पर टिके और उन्होंने दूसरे सत्र में भारत को अन्य सफलता हासिल नहीं करने दी। इंग्लैंड की टीम फिलहाल भारत से 364 रन पीछे चल रही है।
इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज बेन डकेट ने 68 गेंदों पर अर्धशतक पूरा कर लिया है। डकेट और ओली पोप के बीच दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी भी पूरी हो चुकी है। पोप भी अर्धशतक लगाने के करीब पहुंच गए हैं। इंग्लैंड का स्कोर फिलहाल एक विकेट र 105 रन है और वह अभी भारत से 366 रन पीछे चल रही है।
डकेट और पोप के बीच दूसरे विकेट के लिए 80 से अधिक रनों की साझेदारी पूरी हो चुकी है। शुरुआती झटका लगने के बाद इन दो बल्लेबाजों ने इंग्लैंड को संभाला और भारतीय गेंदबाजों को विकेट के लिए तरसा दिया है। इंग्लैंड का स्कोर 85 रन के पार पहुंच गया है।
इंग्लैंड का स्कोर 50 रन के पार पहुंच गया है। बेन डकेट और ओली पोप के बीच अर्धशतकीय साझेदारी भी पूरी हो चुकी है। भारत को पहली सफलता बुमराह ने दिलाई थी, लेकिन डकेट और पोप ने इंग्लैंड की पारी को संभाला।
शुरुआती झटका लगने के बाद बेन डकेट और ओली पोप के बीच साझेदारी पनप रही है। डकेट और पोप ने अब तक 35 रनों की साझेदारी कर ली है।
भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने पहले ही ओवर में जैक क्रावले को आउट कर इंग्लैंड को शुरुआती झटका दिया है। बुमराह ने पहले ओवर ही अंतिम गेंद पर क्रावले को स्लिप में करुण नायर के हाथों कैच कराकर आउट किया। क्रावले छह गेंदों पर चार रन बनाकर आउट हुए।
लीड्स में बारिश रुकने के बाद मैच दोबारा शुरू हो गया है और इंग्लैंड की पहली पारी शुरू हो गई है। भारत की पहली पारी 471 रन पर ऑलआउट हुई थी, लेकिन तभी बारिश आने के कारण मैच रोकना पड़ा था। इंग्लैंड के लिए जैक क्रावले के साथ बेन डकेट पारी का आगाज करने उतरे हैं।
लीड्स में बारिश रुक गई है और कवर्स में हट गए हैं। दोनों टीमों के बीच मैच दोबारा जल्द शुरू होगा। भारत की पहली पारी 471 रन पर ऑलआउट हो गई थी और अब इंग्लैंड पहली पारी की शुरुआत करने उतरेगा।
भारत और इंग्लैंड के बीच पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन बारिश का साया पड़ गया है जिससे मुकाबला फिलहाल रुका हुआ है। भारत की पहली पारी 471 रन पर ऑलआउट हो गई है, लेकिन बारिश के कारण इंग्लैंड की पारी शुरू नहीं हो पा रही है।
भारतीय टीम की पहली पारी 471 रन पर समाप्त हो गई है। भारत के लिए पहली पारी में यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल और ऋषभ पंत ने शतक लगाए, जबकि केएल राहुल ने 42 रन की पारी खेली। इन चार बल्लेबाजों के अलावा अन्य कोई भी प्रभावित नहीं कर सका। इंग्लैंड के लिए कप्तान बेन स्टोक्स और तेज गेंदबाज जोश टंग ने चार-चार विकेट लिए, जबकि ब्रायडन कार्स और शोएब बशीर को एक-एक विकेट मिला। इंग्लैंड ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था, लेकिन गिल, यशस्वी और पंत ने शतक लगाकर टीम का स्कोर 450 के पार पहुंचाया।
भारत के लिए राहुल और यशस्वी ने अच्छी शुरुआत की और पहले विकेट के लिए 91 रन जोड़े। डेब्यू करने वाले साई सुदर्शन, आठ साल बाद वापसी करने वाले करुण नायर और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पहली पारी में खाता भी नहीं खोल सके। वहीं, जडेजा ने 11 और प्रसिद्ध कृष्णा ने एक रन बनाए। भारत ने दूसरे सत्र की शुरुआत तक ही अपने शेष विकेट गंवा दिए। भारत के लिए निराशाजनक बात यह है कि तीन बल्लेबाजों के शतक लगाने के बावजूद टीम 500 रन का आंकड़ा नहीं छू सकी।
भारत ने दूसरे दिन की शुरुआत तीन विकेट पर 359 रन से की थी, लेकिन लंच ब्रेक के बाद पूरी टीम 471 रन पर ही सिमट गई। भारत ने शनिवार को 112 रन जोड़कर अपने शेष सात विकेट गंवा दिए। भारत अगर 500 रन का आंकड़ा नहीं छू सका तो इसका श्रेय स्टोक्स और टंग को जाता है जिन्होंने दूसरे दिन शानदार गेंदबाजी की। इस दौरान मौसम ने भी तेज गेंदबाजों का साथ दिया क्योंकि ज्यादातर समय ओवरकास्टर कंडीशन्स रही।
जोश टंग ने रवींद्र जडेजा को बोल्ड कर भारत को नौवां झटका दिया। जडेजा 15 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 11 रन बनाकर आउट हुए।
जसप्रीत बुमराह खाता खोले बिना आउट हो गए हैं। लंच ब्रेक के बाद बुमराह बल्लेबाजी के लिए उतरे थे, लेकिन टंग ने उन्हें अपना शिकार बनाया। भारत ने 458 के स्कोर पर आठवां विकेट गंवा दिया है।
भारत और इंग्लैंड के बीच पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन दूसरे सत्र का खेल शुरू हो गया है। लंच ब्रेक से पहले भारत ने शुभमन गिल, करुण नायर, ऋषभ पंत और शार्दुल ठाकुर के विकेट गंवाए थे। फिलहाल क्रीज पर रवींद्र जडेजा के साथ जसप्रीत बुमराह मौजूद हैं।
भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन पहले सत्र में चार विकेट गंवाए। भारत ने लंच ब्रेक तक सात विकेट पर 454 रन बनाए हैं। फिलहाल क्रीज पर रवींद्र जडेजा दो रन बनाकर मौजूद हैं। भारत ने दूसरे दिन की शुरुआत तीन विकेट पर 359 रन से की थी। ऋषभ पंत और कप्तान शुभमन गिल अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे। पंत ने इस दौरान अपने टेस्ट करियर का सातवां शतक भी लगाया, लेकिन शोएब बशीर ने गिल को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा।
गिल के आउट होने के बाद करुण नायर भी ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिके और खाता खोले बिना ही स्टोक्स का शिकार बने। नायर ने आठ साल बाद भारतीय टीम में वापसी की है, लेकिन वह पहली पारी में प्रभाव नहीं छोड़ सके। फिर पंत भी जोश टंग का शिकार बने और छठे बल्लेबाज के रूप में पवेलियन लौटे। स्टोक्स ने इसके बाद शार्दुल ठाकुर को आउट किया और भारत को सातवां झटका दिया। शार्दुल के आउट होने के साथ ही लंच ब्रेक की घोषणा कर दी गई।
भारत को शार्दुल ठाकुर के रूप में सातवां झटका लगा। शार्दुल एक रन बनाकर पवेलियन लौटे। शार्दुल को बेन स्टोक्स ने आउट किया। स्टोक्स इस पारी में अब तक चार विकेट ले चुके हैं।
भारत को ऋषभ पंत के रूप में छठा झटका लगा है। जोश टंग की गेंद पर पंत एलबीडब्ल्यू आउट हुए। पंत ने मैदानी अंपायर के फैसले के खिलाफ डीआरएस लिया, लेकिन उन्हें आउट करार दिया गया। पंत 178 गेंदों पर 12 चौकों और छह छक्कों की मदद से 134 रन बनाकर आउट हुए। भारत का स्कोर 450 रन के पार पहुंच गया है और अब क्रीज पर रवींद्र जडेजा और शार्दुल ठाकुर मौजूद हैं।
करुण नायर खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए हैं। नायर ने आठ साल भारतीय टीम में वापसी की थी, लेकिन वह पहली पारी में प्रभावित नहीं कर सके। बेन स्टोक्स ने इंग्लैंड को पांचवीं सफलता दिलाई। इंग्लैंड के कप्तान स्टोक्स इस मैच में अब तक तीन विकेट ले चुके हैं।
भारत को कप्तान शुभमन गिल के रूप में चौथा झटका लगा है। इसके साथ ही गिल और पंत के बीच चौथे विकेट के लिए 209 रनों की साझेदारी का अंत हुआ। शोएब बशीर ने गिल को जोश टंग के हाथों कैच कराकर इंग्लैंड को बड़ी सफलता दिलाई। गिल अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन 227 गेंदों पर 19 चौकों और एक छक्के की मदद से 147 रन बनाकर आउट हुए। पंत का साथ देने के लिए अब करुण नायर उतरे हैं।
भारतीय टीम के उपकप्तान ऋषभ पंत ने शोएब बशीर पर छक्का लगाकर शतक पूरा किया। यह पंत का सातवां टेस्ट शतक है और वह टेस्ट में सर्वाधिक शतक लगाने वाले भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ दिया है।
इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में भारत का स्कोर 400 रन के पार पहुंच गया है। गिल और पंत के बीच चौथे विकेट के लिए अब तक 183 रनों की साझेदारी हो चुकी है। उपकप्तान पंत शतक के करीब पहुंच गए हैं और 95 रन बनाकर खेल रहे हैं। दूसरी ओर, कप्तान गिल भी 139 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
गिल और पंत के बीच चौथे विकेट के लिए 150 रन की साझेदारी पूरी हो चुकी है। भारतीय टीम का स्कोर 370 रन के पार पहुंच गया है।
भारत और इंग्लैंड के बीच पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन का खेल शुरू हो गया है। भारत ने तीन विकेट पर 359 रन से शुरुआत की है। गिल ने पहले दिन शतक लगा दिया था, जबकि पंत अर्धशतक लगा चुके थे।
भारत के लिए यशस्वी और केएल राहुल ने पारी का आगाज किया और टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 91 रन जोड़े। इंग्लैंड को पहली सफलता ब्रायडन कार्स ने दिलाई जिन्होंने राहुल को अपना शिकार बनाया। राहुल 42 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद डेब्यू मैच खेल रहे साई सुदर्शन खाता खोले बिना आउट हुए।
भारत और इंग्लैंड के बीच पहले टेस्ट मैच के शुरुआती दिन बल्लेबाजों का दम दिखा था। भारत ने स्टंप्स तक पहली पारी में तीन विकेट पर 359 रन बना लिए थे। भारत की ओर से दिन का खेल समाप्त होने तक कप्तान शुभमन गिल 175 गेंदों पर 16 चौकों और एक छक्के की मदद से 127 रन और उपकप्तान ऋषभ पंत 102 गेंदों पर छह चौकों और दो छक्कों की मदद से 65 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। भारत के लिए यह शानदार दिन रहा और यशस्वी जायसवाल तथा गिल ने शतक जड़े, जबकि पंत अर्धशतक लगाने में सफल रहे।
Live Cricket Score, India vs England(Ind vs Eng) First Test 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और इंग्लैंड के बीच लीड्स में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच का आज दूसरा दिन है। शुरुआती दिन भारत ने यशस्वी जायसवाल और कप्तान शुभमन गिल के शतकों तथा उपकप्तान ऋषभ पंत के अर्धशतक से 350 रनों का आंकड़ा पार कर लिया था। अब भारतीय टीम की नजरें इस लय को जारी रखने पर होंगी।