फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs BAN Highlights: भारत ने बांग्लादेश को तीसरे टी20 में 133 रनों से हराया, सीरीज 3-0 से क्लीन स्वीप

Sat, 12 Oct 2024 10:46 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, हैदराबाद

खास बातें

India vs Bangladesh 3rd T20 2024: भारतीय टीम ने बांग्लादेश को 133 रनों से हराकर तीन मैचों की टी20 सीरीज 3-0 से जीत ली। टेस्ट सीरीज के बाद भारत ने मेहमान टीम का टी20 सीरीज में भी सूपड़ा साफ किया। बांग्लादेश की टीम इस भारत दौरे पर एक भी मैच नहीं जीत सकी।
विज्ञापन
भारत बनाम बांग्लादेश - फोटो : BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:42 PM, 12-Oct-2024

IND vs BAN Live: भारत ने बांग्लादेश को किया क्लीन स्वीप

बल्लेबाजों के बाद स्पिनर रवि बिश्नोई की अगुआई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से भारत ने हैदराबाद में खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले में 133 रनों से हराया। भारत ने इसके साथ ही तीन मैचों की यह सीरीज 3-0 से जीत क्लीन स्वीप किया। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए संजू सैमसन के शतक और कप्तान सूर्यकुमार यादव के अर्धशतक की मदद से 20 ओवर में छह विकेट पर 297 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेश निर्धारित ओवर में सात विकेट पर 164 रन ही बना सका। 

भारत के लिए बिश्नोई ने तीन विकेट लिए, जबकि तेज गेंदबाज मयंक यादव को दो विकेट मिले। बांग्लादेश की ओर से तौहीद ह्रदोय 42 गेंदों पर 63 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत ने बांग्लादेश को टेस्ट सीरीज में भी 2-0 से क्लीन स्वीप किया था और अब टी20 सीरीज में भी सूपड़ा साफ करने में सफल रहे। भारत ने इस मैच में अपने टी20 इतिहास का सर्वोच्च स्कोर बनाया था और शुरुआत से ही भारतीय गेंदबाज बांग्लादेश पर दबाव बनाने में सफल रहे। 

10:30 PM, 12-Oct-2024

IND vs BAN Live: बिश्नोई को मिली तीसरी सफलता

भारतीय स्पिनर रवि बिश्नोई ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रिशाद हुसैन को खाता खोले बिना आउट किया। बिश्नोई का इस मैच का यह तीसरा विकेट है। वहीं, तौहीद ह्रदोय ने शानदार पारी खेल अर्धशतक पूरा किया। 

10:26 PM, 12-Oct-2024

IND vs BAN Live: नीतीश को मिली सफलता

नीतीश कुमार रेड्डी ने मेहदी हसन मिराज को आउट कर बांग्लादेश को छठा झटका दिया। मेहदी नौ गेंद खेल कर तीन रन बनाकर आउट हुए। बांग्लादेश को अब 20 गेंदों पर 160 रन बनाने हैं। 

विज्ञापन
10:17 PM, 12-Oct-2024

IND vs BAN Live: मयंक ने महमूदुल्लाह को आउट किया

मयंक यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए महमूदुल्लाह को आउट किया और भारत को पांचवीं सफलता दिलाई। महमूदुल्लाह का बांग्लादेश के लिए यह अंतिम मुकाबला था। उन्होंने इस सीरीज के दौरान एलान किया था कि वह भारत के खिलाफ तीसरे टी20 के बाद अंतरराष्ट्रीय टी20 से संन्यास लेंगे। महमूदुल्लाह आठ रन बनाकर आउट हुए। 

10:04 PM, 12-Oct-2024

IND vs BAN Live: लिटन दास आउट हुए

स्पिनर रवि बिश्नोई ने शानदार गेंदबाजी जारी रखते हुए लिटन दास को आउट किया। लिटन 25 गेंदों पर आठ चौकों की मदद से 42 रन बनाकर आउट हुए। लिटन तौहीद ह्रदोय के साथ मिलकर साझेदारी बना रहे थे, लेकिन बिश्नोई ने इस साझेदारी का अंत कर दिया। अब महमूदुल्लाह क्रीज पर उतरे हैं जिनका यह अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला है। 

विज्ञापन
09:50 PM, 12-Oct-2024

IND vs BAN Live: लिटन-तौहीद क्रीज पर टिके

शुरुआती झटकों के बाद लिटन दास और तौहीद ह्रदोय क्रीज पर टिक हुए हैं और बांग्लादेश की पारी आगे बढ़ा रहे हैं। बांग्लादेश ने 10 ओवर की समाप्ति तक तीन विकेट पर 94 रन बनाए हैं। बांग्लादेश को अभी भी 60 गेंदों पर 204 रन बनाने हैं। लिटन 21 गेंदों पर 37 रन और ह्रदोय 19 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। 

09:37 PM, 12-Oct-2024

IND vs BAN Live: कप्तान शांतो पवेलियन लौटे

स्पिनर रवि बिश्नोई ने कप्तान नजमुल हुसैन शांतो को आउट कर बांग्लादेश को तीसरा झटका दिया। शांतो 11 गेंदों पर 14 रन बनाकर आउट हुए। बांग्लादेश ने इस तरह 59 रन पर तीन विकेट गंवा दिए हैं। 

09:26 PM, 12-Oct-2024

IND vs BAN Live: वाशिंगटन ने तंजिद को पवेलियन भेजा

स्पिनर वाशिंगटन सुंदर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तंजिद हसन को रियान पराग के हाथों कैच कराया और बांग्लादेश को दूसरा झटका दिया। तंजिद 12 गेंदों पर 15 रन बनाकर आउट हुए। 

09:06 PM, 12-Oct-2024

IND vs BAN Live: इमोन खाता खोले बिना आउट

तेज गेंदबाज मयंक यादव ने शानदार शुरुआत करते हुए सलामी बल्लेबाज परवेज हुसैन इमोन को पहली ही गेंद पर खाता खोले बिना आउट कर भारत को सफलता दिलाई। अब क्रीज पर तंजिद हसन के साथ कप्तान नजमुल हुसैन शांतो मौजूद हैं। 

08:54 PM, 12-Oct-2024

IND vs BAN Live: भारत ने दिया 298 रनों का लक्ष्य

भारतीय टीम ने बांग्लादेश को तीसरे टी20 मैच में जीत के लिए 298 रनों का विशाल लक्ष्य दिया है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार बल्लेबाजी की और अपने टी20 इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर बनाया। भारत के लिए संजू सैमसन ने शतक जड़ा, जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अर्धशतक लगाया। सैमसन ने महज 40 गेंदों पर शतक जड़ा जो भारत के लिए इस प्रारूप में लगाया गया दूसरा सबसे तेज सैकड़ा है। सैमसन ने कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 173 रनों की साझेदारी की। 

सैमसन और सूर्यकुमार की पारी के दम पर ही भारत इतने बड़े स्कोर तक पहुंचने में सफल रहा। अभिषेक शर्मा के जल्दी आउट होने के बाद सैमसन और सूर्यकुमार ने बांग्लादेश के गेंदबाजों को जमकर खबर ली और लगातार आक्रामक बल्लेबाजी की। सैमसन 47 गेंदों पर 11 चौकों और आठ छक्कों की मदद से 111 रन बनाकर आउट हुए, जबकि सूर्यकुमार 35 गेंदों पर आठ चौकों और पांच छक्कों की मदद से 75 रन बनाकर आउट हुए। सैमसन और सूर्यकुमार के आउट होने के बाद हार्दिक पांड्या और रियान पराग ने साझेदारी निभाई और महज 26 गेंदों पर 70 रन जोड़कर भारत का स्कोर 300 के करीब पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। 

भारत के लिए सैमसन और सूर्यकुमार के अलावा हार्दिक ने 18 गेंदों पर चार चौकों और चार छक्कों की मदद से 47 रन बनाए, जबकि रियान ने 13 गेंदों पर एक चौका और चार छक्कों के दम पर 34 रनों की पारी खेली। रिंकू सिंह चार गेंदों पर एक छक्के की मदद से आठ रन और वाशिंगटन सुंदर एक रन बनाकर नाबाद लौटे। बांग्लादेश की ओर से तंजिम हसन साकिब ने चार ओवर में 66 रन लुटाकर तीन विकेट झटके, जबकि तस्कीन अहमद, मुस्तफिजुर रहमान और महमूदुल्लाह को एक-एक विकेट मिले। 

08:45 PM, 12-Oct-2024

IND vs BAN Live: रियान पराग आउट

बांग्लादेश ने रियान पराग को आउट कर भारत को चौथा झटका दिया। पराग 13 गेंदों पर 34 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने पांड्या के साथ चौथे विकेट के लिए 26 गेंदों पर 70 रनों की साझेदारी की। भारतीय बल्लेबाजों ने बांग्लादेश के गेंदबाजों की जमकर खबर ली और टी20 में अपना सर्वोच्च स्कोर बना डाला है जबकि अभी भी पारी समाप्त होने में आठ गेंद शेष हैं। 

08:39 PM, 12-Oct-2024

IND vs BAN Live: भारत ने बनाया अपना सर्वोच्च स्कोर

सैमसन और सूर्युकमार की आतिशी पारी के बाद हार्दिक पांड्या और रियान पराग ने भी तेजी से खेलना जारी रखा जिससे भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ 18 ओवर की समाप्ति के बाद तीन विकेट पर 267 रन बना लिए हैं। यह भारत का अब तक का सर्वोच्च टी20 स्कोर है। इससे पहले भारत का टी20 में सर्वोच्च स्कोर 2017 में श्रीलंका के खिलाफ इंदौर में खेले गए मैच में पांच विकेट पर 260 रन था।  

08:22 PM, 12-Oct-2024

IND vs BAN Live: सूर्यकुमार यादव आउट हुए

सैमसन के आउट होने के थोड़ी देर बाद ही कप्तान सूर्यकुमार यादव पवेलियन लौट गए हैं। रिशाद हुसैन ने सूर्यकुमार को आउट कर बांग्लादेश को तीसरे सफलता दिलाई। सूर्यकुमार 35 गेंदों पर आठ चौकों और पांच छक्कों की मदद से 75 रन बनाकर आउट हुए। 

08:19 PM, 12-Oct-2024

IND vs BAN Live: सैमसन आउट हुए

मुस्तफिजुर रहमान ने शानदार बल्लेबाजी कर रहे संजू सैमसन की पारी का अंत किया। सैमसन 47 गेंदों पर 11 चौकों और आठ छक्कों की मदद से 111 रन बनाकर आउट हुए। सैमसन ने महज 40 गेंदों पर शतक जड़ा जो भारत के लिए इस प्रारूप में लगाया गया दूसरा सबसे तेज सैकड़ा है। सैमसन ने कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 173 रनों की साझेदारी की। 

08:09 PM, 12-Oct-2024

IND vs BAN Live: संजू सैमसन ने जड़ा शतक

भारतीय सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन ने बांग्लादेश के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए शतक जड़ दिया है। संजू ने महज 40 गेंदों पर सैकड़ा जड़ा जो इस प्रारूप में भारत के लिए दूसरा सबसे तेज शतक है। सैमसन का टी20 में भारत के लिए यह पहला शतक है। सैमसन के साथ कप्तान सूर्यकुमार यादव भी क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए अब तक 163 रनों की साझेदारी हो चुकी है। 

07:59 PM, 12-Oct-2024

IND vs BAN Live: सूर्यकुमार ने जड़ा पचासा

संजू सैमसन की आक्रामक बल्लेबाजी के बीच कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी शानदार प्रदर्शन कर अर्धशतक जड़ा दिया। इन दोनों बल्लेबाजों की बेहतरीन साझेदारी से भारत ने 11वें ओवर में ही 160 रन का आंकड़ा पार कर लिया है। 

07:56 PM, 12-Oct-2024

IND vs BAN Live: सैमसन ने रिशाद के ओवर से जुटाए 30 रन

भारतीय सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी की और रिशाद हुसैन को आड़े हाथों लिया। 10वां ओवर डालने आए रिशाद पर सैमसन ने लगातार पांच गेंदों पर पांच छक्के जड़े और कुल 30 रन जुटाए। सैमसन ने पहली गेंद पर कोई रन नहीं लिया, जबकि अगली पांच गेंदों को सीमा रेखा के पार भेजा। 

07:36 PM, 12-Oct-2024

IND vs BAN Live: सैमसन ने जड़ा अर्धशतक

संजू सैमसन ने पिछले दो मैचों की निराशा को पीछे छोड़ते हुए बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में अर्धशतक जड़ा। सैमसन ने सिर्फ 22 गेंदों पर पचासा पूरा किया। उन्होंने सूर्यकुमार यादव के साथ मिलकर आक्रामक पारी खेली। भारत ने इन दोनों बल्लेबाजों की शानदार पारी के दम पर आठवें ओवर में ही 100 रन का आंकड़ा पार कर लिया है। 

07:33 PM, 12-Oct-2024

IND vs BAN Live: सूर्यकुमार-सैमसन की आक्रामक बल्लेबाजी

सूर्यकुमार यादव और संजू सैमसन ने आक्रामक बल्लेबाजी की जिससे भारत ने पावरप्ले समाप्त होने तक एक विकेट पर 82 रन बना लिए हैं। यह भारत का टी20 में पावरप्ले में बनाया गया सबसे ज्यादा स्कोर है। सूर्यकुमार और सैमसन के बीच दूसरे विकेट के लिए 50 रनों से अधिक की साझेदारी पूरी हो गई है। भारत ने सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का विकेट जल्दी गंवा दिया था, सेकिन सूर्यकुमार और सैमसन ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की और पहले छह ओवर में ही बांग्लादेश के गेंदबाजों की जमकर धुलाई की। 

07:24 PM, 12-Oct-2024

IND vs BAN Live: भारत का स्कोर 50 रन के पार

भारतीय टीम ने शुरुआती झटका के बाद शानदार प्रदर्शन करते हुए पांचवें ओवर में ही 50 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है। अभिषेक शर्मा का विकेट गंवाने के बाद भारत को कप्तान सूर्यकुमार यादव और सैमसन ने तेज शुरुआत दिलाई औऱ दोनों बल्लेबाजों ने आक्रमक अंदाज में खेलना जारी रखा। 

07:11 PM, 12-Oct-2024

IND vs BAN Live: भारत को लगा पहला झटका

तंजिम हसन साकिब ने अभिषेक शर्मा को आउट कर भारत को पहला झटका दिया। अभिषेक चार रन बनाकर आउट हुए। अभिषेक ने साकिब की गेंद पर शॉट खेलने का प्रयास किया, लेकिन गेंद हवा में गई और मेहदी हसन ने कैच लपका।

07:02 PM, 12-Oct-2024

IND vs BAN Live: भारत की पारी शुरू

बांग्लादेश के खिलाफ भारत की पारी शुरू हो गई है। संजू सैमसन के साथ अभिषेक शर्मा पारी की शुरुआत करने आए हैं। बांग्लादेश के लिए मेहदी हसन मिराज ने पहला ओवर डाला। 

06:33 PM, 12-Oct-2024

IND vs BAN Live: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

भारतः संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), नीतीश रेड्डी, हार्दिक पांड्या, रियान पराग, रिंकू सिंह, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, मयंक यादव। 

बांग्लादेशः परवेज हुसैन इमोन, लिटन दास (विकेटकीपर), नजमुल हुसैन शांतो (कप्तान), तंजिद हसन, तौहीद ह्रदोय, महमूदुल्लाह, मेहदी हसन, तस्कीन अहमद, रिशाद हुसैन, मुस्तफिजुर रहमान, तंजिम हसन साकिब। 

06:31 PM, 12-Oct-2024

IND vs BAN Live: भारत ने जीता टॉस

भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे और अंतिम टी20 मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। भारत ने इस मैच के लिए प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। इस मैच में तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह की जगह रवि बिश्नोई को टीम में शामिल किया गया है। हर्षित राणा इस मैच में डेब्यू करने वाले थे, लेकिन तबियत खराब होने के कारण वह इस मैच के लिए उपलब्ध नहीं हो सके। वहीं, बांग्लादेश ने टीम में दो बदलाव किए हैं। 

06:11 PM, 12-Oct-2024

IND vs BAN Live: दूसरे मैच में नहीं चला सैमसन का बल्ला

टीम प्रबंधन ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी के प्रदर्शन पर भी करीबी नजर रखेगा जिन्होंने दिल्ली में दूसरे टी20 मैच में 34 गेंद पर 74 रन की धमाकेदार पारी खेलने के अलावा दो विकेट भी लिए। इन सकारात्मक पहलुओं के बीच संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की सलामी जोड़ी का प्रदर्शन टीम के लिए चिंता का विषय होगा। सैमसन को पारी शुरू करने का मौका दिया गया लेकिन केरल का यह विकेटकीपर बल्लेबाज अभी तक इसका फायदा नहीं उठा पाया है। उन्होंने पहले मैच में 29 और दूसरे मैच में 10 रन बनाए। 

06:05 PM, 12-Oct-2024

IND vs BAN Live: बिश्नोई और हर्षित राणा को मिलेगा मौका?

सैमसन को अगर हैदराबाद मौका मिलता है तो उन्हें उसे हर हाल में भुनाना होगा क्योंकि टीम प्रबंधन टीम में शामिल दूसरे विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा को भी मौका दे सकता है। टीम प्रबंधन को दूसरे सलामी बल्लेबाज अभिषेक से भी बड़ी पारी की उम्मीद होगी जो अभी तक पहले दो मैच में 15 और 16 रन ही बना पाए हैं। इसके अलावा भारतीय टीम प्रबंधन लेग स्पिनर रवि बिश्नोई और ऑलराउंडर हर्षित राणा को भी मौका देने पर विचार कर सकता है। जहां तक बांग्लादेश का सवाल है जो उसे अभी तक बल्लेबाजों ने काफी निराश किया है। उसे अगर वर्तमान दौरे में अपनी एकमात्र जीत हासिल करनी है तो कप्तान नजमुल हुसैन शंटो और लिटन दास जैसे सीनियर बल्लेबाजों को अच्छा प्रदर्शन करना होगा।

05:52 PM, 12-Oct-2024

IND vs BAN Highlights: भारत ने बांग्लादेश को तीसरे टी20 में 133 रनों से हराया, सीरीज 3-0 से क्लीन स्वीप

Live Cricket Score Today, India vs Bangladesh 3rd T20 2024: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। तीन मैचों की टी20 सीरीज में पहले ही 2-0 की अजेय बढ़त बना चुकी भारतीय टीम की नजरें बांग्लादेश के खिलाफ क्लीन स्वीप करने पर टिकी होंगी। भारत ने ग्वालियर और दिल्ली में खेले गए शुरुआती दो मुकाबलों में जीत दर्ज की थी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें