फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs BAN Highlights : भारत ने बांग्लादेश को 50 रनों से हराया, कुलदीप यादव ने झटके तीन विकेट

Sat, 22 Jun 2024 11:25 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, एंटीगुआ

खास बातें

India vs Bangladesh T20 World Cup : भारतीय टीम ने बांग्लादेश के खिलाफ सुपर आठ चरण के अपने दूसरे मैच में दमदार प्रदर्शन किया और लगातार दूसरी जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में लगभग प्रवेश सुनिश्चित कर लिया है। दूसरी तरफ, बांग्लादेश ने लगातार दूसरा मैच गंवाया और उसके लिए आगे की राहें लगभग समाप्त हो गई है।
विज्ञापन
भारत बनाम बांग्लादेश लाइव स्कोर - फोटो : BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:16 PM, 22-Jun-2024

Live Score IND vs BAN : भारत ने बांग्लादेश को दी मात

हार्दिक पांड्या की अर्धशतकीय पारी के बाद कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव की अगुआई में गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन से भारत ने सुपर आठ चरण के मुकाबले में बांग्लादेश को 50 रनों से हराया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 196 रन बनाए थे। जवाब में बांग्लादेश की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 146 रन ही बना सकी। भारत का विजयी अभियान इस तरह जारी रहा और टीम ने टूर्नामेंट में लगातार पांचवां मुकाबला जीता। भारतीय टीम ने सुपर आठ चरण में लगातार दो मैच जीतकर सेमीफाइनल का दावा पुख्ता कर लिया है। टीम का सामना अब 24 जून को इस चरण के अंतिम मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया से होगा।

भारतीय टीम ग्रुप एक में लगातार दो मैच जीतकर चार अंकों के साथ शीर्ष पर आ गई है और उसने सेमीफाइनल के लिए लगभग क्वालिफाई कर लिया है। मालूम हो कि दोनों ग्रुप से शीर्ष दो टीमें अंतिम चार के लिए क्वालिफाई करेंगी। भारत के लिए इस मैच में हार्दिक पांड्या ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने नाबाद 50 रनों की पारी खेली और एक विकेट भी झटका। हार्दिक को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेअयर ऑफ द मैच चुना गया। कुलदीप ने दमदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके, जबकि जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह को दो-दो विकेट मिले। बांग्लादेश के लिए कप्तान नजमुल हुसैन शंटो ने सर्वाधिक 40 रन बनाए। बांग्लादेश की टीम ने सुपर आठ चरण में लगातार दूसरा मैच गंवाया और उसके लिए आगे के दरवाजे अब लगभग बंद हो गए हैं। 

11:09 PM, 22-Jun-2024

Live Score IND vs BAN : बुमराह को मिली दूसरी सफलता

तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए बांग्लादेश को सातवां झटका दिया। रिशाद हुसैन 10 गेंदों पर 24 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। बुमराह का यह इस मैच का दूसरा विकेट है। 

10:59 PM, 22-Jun-2024

Live Score IND vs BAN : अर्शदीप ने जाकिर को आउट किया

तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने जाकिर अली को आउट कर बांग्लादेश को छठा झटका दिया। नए बल्लेबाज के तौर पर उतरे जाकिर कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर सके और चार गेंदों पर एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए। 

विज्ञापन
10:55 PM, 22-Jun-2024

Live Score IND vs BAN : कप्तान शंटो आउट हुए

तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने कप्तान नजमुल हुसैन शंटो को आउट कर बांग्लादेश की पारी लड़खड़ा दी। शंटो अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन बुमराह के खिलाफ बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में अपना विकेट गंवा बैठे। बुमराह ने अर्शदीप सिंह के हाथों कैच कराकर शंटो की पारी का अंत किया। शंटो 32 गेंदों पर 40 रन बनाकर आउट हुए। 

10:44 PM, 22-Jun-2024

Live Score IND vs BAN : शाकिब पवेलियन लौटे

कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए बांग्लादेश को चौथा झटका दिया। कुलदीप ने अनुभवी बल्लेबाज शाकिब अल हसन को आउट कर भारत को चौथी सफलता दिलाई। शाकिब सात गेंदों पर 11 रन बनाकर आउट हुए। कुलदीप का इस मैच का यह तीसरा विकेट है। 

विज्ञापन
10:36 PM, 22-Jun-2024

Live Score IND vs BAN : कुलदीप ने तौहीद को आउट किया

कुलदीप यादव ने एक बार फिर अपनी गेंदबाजी से बांग्लादेश को परेशानी में डाला और नए बल्लेबाज के तौर पर उतरे तौहीद ह्रदोय को आउट कर भारत को तीसरी सफलता दिलाई। तौहीद छह गेंदों पर चार रन बनाकर आउट हुए। 

10:28 PM, 22-Jun-2024

Live Score IND vs BAN : तंजिद पवेलियन लौटे

कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तंजिद हसन को आउट कर बांग्लादेश को दूसरा झटका दिया। तंजिद कप्तान नजमुल हुसैन के साथ मिलकर अच्छी साझेदारी निभा रहे थे, लेकिन कुलदीप ने एलबीडब्ल्यू आउट कर तंजिद की पारी का अंत किया। तंजिद 29 रन बनाकर आउट हुए। 

10:19 PM, 22-Jun-2024

Live Score IND vs BAN : तंजिद-शंटो ने संभाला

पहला झटका लगने के बाद तंजिद हसन ने कप्तान नजमुल हुसैन शंटो के साथ मिलकर बांग्लादेश की पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने शानदार बल्लेबाजी कर पावरप्ले में अन्य कोई झटके लगने नहीं दिया। बांग्लादेश ने आठ ओवर की समाप्ति के बाद एक विकेट पर 50 रन बना लिए हैं। तंजिद 27 रन और शंटो सात रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। 

10:06 PM, 22-Jun-2024

Live Score IND vs BAN : लिटन दास आउट हुए

हार्दिक पांड्या ने सलामी बल्लेबाज लिटन दास को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। लिटन ने तंजिद हसन के साथ मिलकर बांग्लादेश को सधी हुई शुरुआत दिलाई थी, लेकिन हार्दिक इस साझेदारी को तोड़ने में सफल रहे। लिटन 10 गेंदों पर 13 रन बनाकर आउट हुए। 

10:00 PM, 22-Jun-2024

Live Score IND vs BAN : बांग्लादेश की सधी शुरुआत

भारत के खिलाफ 197 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश ने सधी हुई शुरुआत की और तीन ओवर की समाप्ति तक कोई विकेट नहीं गंवाया। बांग्लादेश का स्कोर तीन ओवर के बाद बिना किसी नुकसान के 16 रन हो गया है।

09:48 PM, 22-Jun-2024

Live Score IND vs BAN : बांग्लादेश की पारी शुरू

बांग्लादेश की पारी शुरू हो चुकी है। सलामी बल्लेबाजी के लिए लिट्टन दास और तंजीद हसन उतरे हैं। दोनों टीम को अच्छी शुरुआत दिलाना चाहेंगे। पारी का पहला ओवर अर्शदीप सिंह फेंक रहे हैं।

09:33 PM, 22-Jun-2024

Live Score IND vs BAN : बांग्लादेश को मिला 197 रनों का लक्ष्य

उपकप्तान हार्दिक पांड्या के नाबाद अर्धशतक के दम पर भारत ने सुपर आठ चरण के अपने दूसरे मुकाबले में बांग्लादेश के सामने जीत के लिए 197 रनों का लक्ष्य रखा। बांग्लादेश ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया और टीम 20 ओवर में पांच विकेट पर 196 रन बनाने में सफल रही। भारत का इस विश्व कप में यह सर्वोच्च टोटल है। भारत के लिए हार्दिक ने 27 गेंदों पर नाबाद 50 रनों की पारी खेली और टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। बांग्लादेश के लिए तंजिम हसन साकिब और रिशाद हुसैन ने दो-दो विकेट झटके। 

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन कप्तान रोहित शर्मा इस साझेदारी को और बड़ी नहीं कर सके और शाकिब अल हसन की गेंद पर आउट हुए। रोहित का विकेट लेने के साथ ही शाकिब टी20 विश्व कप में 50 विकेट पूरे करने वाले पहले गेंदबाज बन गए। लगातार खराब फॉर्म में चल रहे विराट कोहली का बल्ला भी इस मैच में बोला और उन्होंने 24 गेंदों पर 36 रनों की पारी खेली। कोहली हार्दिक के बाद भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज रहे, लेकिन अर्धशतक से चूक गए। वहीं, शिवम दुबे ने हार्दिक पांड्या का अच्छा साथ निभाया और 24 गेंदों पर 34 रनों की पारी खेली। एक समय ऐसा लग रहा था कि भारतीय टीम 200 रन का स्कोर पार कर लेगी, लेकिन बांग्लादेश के गेंदबाज कुछ हद तक वापसी करने में सफल रहे। 

09:19 PM, 22-Jun-2024

Live Score IND vs BAN : शिवम दुबे आउट हुए

रिशाद हुसैन ने भारत को एक और झटका देते हुए शिवम दुबे को आउट किया। शिवम हार्दिक पांड्या के साथ अच्छी साझेदारी निभा रहे थे, लेकिन रिशाद की गेंद पर बोल्ड होकर पांचवें बल्लेबाज के रूप में आउट हुए। शिवम ने 24 गेंदों पर 34 रन बनाए। 

09:13 PM, 22-Jun-2024

Live Score IND vs BAN : हार्दिक-शिवम ने संभाली पारी

झटकों के बाद उपकप्तान हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे ने भारतीय पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने कुछ अच्छे शॉट खेले जिसकी मदद से भारत ने 16 ओवर की समाप्ति के बाद चार विकेट पर 146 रन बना लिए हैं। शिवम 20 रन और हार्दिक 19 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। 

08:54 PM, 22-Jun-2024

Live Score IND vs BAN : ऋषभ पंत आउट

रिशाद हुसैन ने विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को आउट कर भारत को चौथा झटका दिया। पंत शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे और लगातार बड़े शॉट खेल रहे थे, लेकिन रिशाद की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे। पंत 24 गेंदों पर 36 रन बनाकर आउट हुए। 

08:37 PM, 22-Jun-2024

Live Score IND vs BAN : सूर्यकुमार यादव पवेलियन लौटे

तंजिम ने भारतीय टीम को एक और झटका देते हुए सूर्यकुमार यादव को सस्ते में पवेलियन भेजा। कोहली के आउट होने के बाद नए बल्लेबाज के तौर पर क्रीज पर उतरे सूर्यकुमार ने पहली गेंद पर छक्का जड़ा, लेकिन अगली ही गेंद पर विकेटकीपर को कैच थमा बैठे। सूर्यकुमार ने दो गेंदों पर छह रन बनाए।

08:34 PM, 22-Jun-2024

Live Score IND vs BAN : तंजिम ने समाप्त की कोहली की पारी

तेज गेंदबाज तंजिम हसन साकिब ने शानदार लय में दिख रहे विराट कोहली को बोल्ड कर भारत को दूसरा झटका दिया। कोहली अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन अपना विकेट गंवा बैठे। कोहली 28 गेंदों पर एक चौका और तीन छक्के की मदद से 37 रन बनाकर आउट हुए।

08:25 PM, 22-Jun-2024

Live Score IND vs BAN : भारत का स्कोर 50 के पार

रोहित शर्मा भले ही जल्दी अपना विकेट गंवा बैठे, लेकिन विराट कोहली ने ऋषभ पंत के साथ मिलकर भारतीय पारी को संभाला जिसकी मदद से भारत ने पावरप्ले समाप्त होने के बाद एक विकेट पर 53 रन बना लिए हैं। कोहली 18 गेंदों पर 27 रन और पंत तीन रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। 

08:14 PM, 22-Jun-2024

Live Score IND vs BAN : कप्तान रोहित आउट

शाकिब अल हसन ने भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को आउट कर भारत को पहला झटका दिया। रोहित 11 गेंदों पर 23 रन बनाकर आउट हुए। 

08:12 PM, 22-Jun-2024

Live Score IND vs BAN : भारत की अच्छी शुरुआत

कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली ने भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई। तीन ओवर की समाप्ति के बाद भारत ने बिना किसी नुकसान के 29 रन बना लिए हैं। 

08:01 PM, 22-Jun-2024

Live Score IND vs BAN : भारत की पारी शुरू

बांग्लादेश के खिलाफ भारत की पारी शुरू हो गई है और रोहित शर्मा के साथ विराट कोहली पारी का आगाज करने उतरे हैं। बांग्लादेश की ओर से मेहदी हसन गेंदबाजी की शुरुआत करने आए हैं। 

07:35 PM, 22-Jun-2024

Live Score IND vs BAN : दोनों टीमों की प्लेइंग-11

बांग्लादेशः तंजिद हसन, लिटन दास (विकेटकीपर), नजमुल हुसैन शंटो (कप्तान), तौहीद ह्रदोय, शाकिब अल हसन, महमूदुल्लाह, जाकिर अली, राशिद हुसैन, मेहदी हसन, तंजिम हसन साकिब, मुस्ताफिजुर रहमान।

भारतः रोहित शर्मा (कप्तान), विराट कोहली, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह। 

07:33 PM, 22-Jun-2024

Live Score IND vs BAN : बांग्लादेश का टॉस जीतकर फील्डिंग का फैसला

बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हुसैन शंटो ने भारत के खिलाफ सुपर आठ चरण के मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने इस मुकाबले के लिए प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं, बांग्लादेश के लिए तस्कीन अहमद इस मुकाबले से बाहर हैं। 

07:02 PM, 22-Jun-2024

Live Score IND vs BAN : बांग्लादेश के बल्लेबाजों ने किया है निराश

वेस्टइंडीज में भारत का एकमात्र लक्ष्य खिताब जीतना है और बांग्लादेश के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन उसी सिलसिले में अगला कदम होगा चूंकि 24 जून को सामना ऑस्ट्रेलिया से है। बांग्लादेश के बल्लेबाजों ने अभी तक निराश किया है और उसे उम्मीदें बनाए रखने के लिए हर हालत में जीत दर्ज करनी होगी। उसे टीम में पावर हिटर्स की कमी खल रही है। सलामी बल्लेबाज लिटन दास और तंजीद खान के खराब प्रदर्शन ने भी उसकी परेशानियां बढ़ा दी हैं। बांग्लादेश के बल्लेबाजों के सामने चुनौती जसप्रीत बुमराह का सामना करने की है जो अब तक बेहतरीन फॉर्म में हैं और उनका इकोनॉमी रेट 3.46 रही है। बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने ऑस्ट्रेलिया से मिली हार के बाद कहा था, शीर्षक्रम का रन बनाना जरूरी है। उम्मीद है कि गेंदबाज भी फॉर्म में लौटेंगे। हमारा लक्ष्य भारत के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का है। 

06:38 PM, 22-Jun-2024

Live Score IND vs BAN : कोहली के प्रदर्शन पर क्या बोले विक्रम राठौड़?

भारत के बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौड़ ने कहा कि मौजूदा टी20 विश्व कप में विराट कोहली को चुनौती मिल रही है, लेकिन उनके कमजोर प्रदर्शन से कम अनुभवी खिलाड़ियों को खुद को साबित करने और टीम के हित में योगदान देने का मौका मिल रहा है। राठौड़ से कोहली के योगदान के बाद भी टीम की लगातार चौथी जीत के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'मै खुश नही हूं। मुझे अच्छा लगेगा अगर वह अधिक रन बनाएं। हां, यह अच्छा है जब आपको कभी-कभी चुनौती दी जाती है। आप जानते हैं, जिन लोगों को कभी-कभी भारत में बहुत अधिक बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिल पाता, उन्होंने ही आज रन बनाए हैं। हमारे मध्यक्रम ने अच्छा योगदान दिया है। यह देखना अच्छा रहा।'

06:18 PM, 22-Jun-2024

Live Score IND vs BAN : बांग्लादेश का भारत के खिलाफ रिकॉर्ड खराब

बांग्लादेश की टीम का प्रदर्शन इस विश्व कप में ठीक-ठाक रहा है। ग्रुप स्टेज में टीम चार में से तीन मैच जीती थी और एक में हार का सामना करना पड़ा था, जबकि सुपर-8 में भी यह टीम एक मैच हार चुकी है। उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप जैसे गेंदबाजों से पार पाना होगा। बांग्लादेश का भारत के खिलाफ टी20 रिकॉर्ड भी बेहद खराब है। उसने टीम इंडिया के खिलाफ टी20 में 13 मैच खेले हैं। इनमें से भारत ने 12 मैच जीते हैं, जबकि एक में टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा है।

06:06 PM, 22-Jun-2024

Live Score IND vs BAN : बांग्लादेश के लिए करो या मरो का मुकाबला

बांग्लादेश को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सुपर आठ के मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था और टीम अगर भारत के खिलाफ प्रभावी प्रदर्शन नहीं कर सकी तो उसके लिए आगे के दरवाजे बंद हो जाएंगे। बांग्लादेश ने ग्रुप चरण में श्रीलंका, नेपाल और नीदरलैंड्स को हराकर सुपर आठ के लिए क्वालिफाई किया था। उसे ग्रुप चरण में सिर्फ दक्षिण अफ्रीका के हाथों चार रन से हार का सामना करना पड़ा था। अतीत में भारत और बांग्लादेश के बीच टी20 में काफी करीबी मुकाबले देखने को मिले हैं, ऐसे में प्रशंसकों को एक बार फिर रोमांचक मुकाबला होने की उम्मीद है। 

06:04 PM, 22-Jun-2024

IND vs BAN Live : भारत का शानदार अभियान

भारत ने टी20 विश्व कप में अपने अभियान की शुरुआत आयरलैंड के खिलाफ की थी जहां टीम ने सात विकेट से जीत दर्ज की थी। इसके बाद टीम ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को हराया था और फिर सह मेजबान अमेरिका को मात देकर सुपर आठ चरण के लिए क्वालिफाई किया था। भारत का कनाडा के खिलाफ ग्रुप चरण का मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया था और टीम ने अफगानिस्तान के खिलाफ 47 रनों से जीत दर्ज की।

05:56 PM, 22-Jun-2024

Live Score IND vs BAN : शिवम दुबे की फॉर्म चिंता का विषय

बाएं हाथ के बल्लेबाज शिवम दुबे को बीच के और डेथ ओवरों में छक्के लगाने के लिए टीम में रखा गया था लेकिन अभी तक वह अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतरे हैं। आईपीएल में जिस फॉर्म के कारण उन्हें भारतीय टीम में जगह दी गई थी, वह अभी तक नजर नहीं आया है। उन्होंने अमेरिका के खिलाफ ग्रुप मैच में नाबाद 31 रन बनाए, लेकिन सूर्यकुमार यादव के प्रयासों से भारत को जीत मिली। एक और बार उनके नाकाम रहने पर टीम प्रबंधन संजू सैमसन को उतारने का फैसला ले सकता है।

05:47 PM, 22-Jun-2024

IND vs BAN Live : अच्छी लय में दिख रहे हैं भारतीय गेंदबाज

तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की अगुआई में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया है। ग्रुप चरण के बाद अफगानिस्तान के खिलाफ सुपर आठ के मुकाबले में भी भारतीय गेंदबाजों ने दमदार प्रदर्शन किया और लक्ष्य का बचाव करते हुए विरोधी टीम पर दबाव बनाने में सफलता प्राप्त की। अर्शदीप सिंह और हार्दिक पांड्या भी बुमराह का साथ बखूबी निभा रहे हैं, जबकि अफगानिस्तान के खिलाफ पहली बार टी20 विश्व कप में प्लेइंग-11 में शामिल किए गए कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव ने भी प्रभावित किया। 

05:39 PM, 22-Jun-2024

IND vs BAN Live : रोहित-कोहली पर रहेगा दारोमदार

खिताब की प्रबल दावेदार भारतीय टीम ने अफगानिस्तान के खिलाफ सुपर आठ चरण के पहले मैच में बेहतरीन प्रदर्शन किया। बाकी दोनों मैचों के बीच ज्यादा अंतराल नहीं है लिहाजा कप्तान रोहित शर्मा उम्मीद कर रहे होंगे कि उनके स्टार खिलाड़ी रंगत में लौटें। विराट कोहली और रोहित अब तक टीम को मजबूत शुरुआत नहीं दिला पाए हैं। इन दोनों बल्लेबाजों के बल्ले से अब तक बड़ी पारी नहीं निकली है। रोहित और कोहली इस टूर्नामेंट में बड़ी पारी खेलने के लिए बेताब होंगे और आगे की चुनौती को देखते हुए भारतीय सलामी जोड़ी के पास फॉर्म में वापसी का अच्छा मौका रहेगा। 

05:31 PM, 22-Jun-2024

IND vs BAN Highlights : भारत ने बांग्लादेश को 50 रनों से हराया, कुलदीप यादव ने झटके तीन विकेट

Live Cricket Score (IND vs BAN) India vs Bangladesh T20 World Cup : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत का सुपर आठ चरण में मुकाबला बांग्लादेश से है। भारतीय टीम की कोशिश विजयी अभियान जारी रखकर सेमीफाइनल का दावा पुख्ता करने की होगी, जबकि बांग्लादेश के लिए एक और हार उसकी आगे पहुंचने की संभावना समाप्त कर देगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें