भारत ने बांग्लादेश को सात विकेट से हरा दिया है। वनडे विश्व कप में यह टीम इंडिया की लगातार चौथी जीत है। इस जीत के साथ ही भारत ने अंक तालिका में दूसरे स्थान पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट खोकर 256 रन बनाए थे। इसके जवाब में भारत ने 41.3 ओवर में तीन विकेट खोकर 261 रन बना लिए और मैच अपने नाम कर लिया। भारत के लिए विराट कोहली ने छक्के के साथ मैच खत्म किया। इसी छक्के के साथ उन्होंने वनडे क्रिकेट में अपना 48वां शतक भी पूरा किया।
बांग्लादेश के लिए सबसे ज्यादा 66 रन लिटन दास ने बनाए। वहीं, तंजीद हसन ने 51 रन की पारी खेली। अंत में महमुदुल्लाह ने 46 रन की पारी खेल टीम का स्कोर 250 रन के करीब पहुंचाया। मुश्फिकुर रहीम ने 38 रन का योगदान दिया। भारत के लिए जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा ने दो-दो विकेट लिए। शार्दुल ठाकुर और कुलदीप यादव को एक-एक विकेट मिला।
भारत के लिए विराट कोहली ने नाबाद 103 रन बनाए। शुभमन गिल ने 53 और रोहित शर्मा ने 48 रन का योगदान दिया। लोकेश राहुल ने भी नाबाद 34 रन बनाए। बांग्लादेश के लिए मेहदी हसन ने दो और हसन महमूद ने एक विकेट लिया। भारत का अगला मैच न्यूजीलैंड के साथ है। दोनों टीमें अंक तालिका में शीर्ष दो स्थानों पर हैं और यही दोनों टीमें हैं, जो अब तक अजेय हैं। ऐसे में 22 अक्तूबर को होने वाला यह मैच बेहद रोमांचक होगा।
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी टीम इंडिया को जीत की बधाई दी है। उन्होंने लिखा "एक और असाधारण खेल! बांग्लादेश के खिलाफ शानदार जीत पर हमें अपनी क्रिकेट टीम पर गर्व है। विश्व कप के दौरान हमारी टीम शानदार फॉर्म में है। अगले मैच के लिए शुभकामनाएं"
विराट कोहली और लोकेश राहुल के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज अच्छी गति से रन बना रहे हैं और टीम इंडिया जीत के करीब पहुंच गई है। भारत का स्कोर 250 रन के पार जा चुका है।
तीन विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 200 रन के पार जा चुका है। विराट कोहली और लोकेश राहुल ने भारतीय पारी को संभाला है और टीम इंडिया जीत के करीब पहुंच रही है। विराट के पास अपना शतक पूरा करने का भी मौका है। 35 ओवर के बाद भारत का स्कोर 206/3 है।
178 रन के स्कोर पर भारत का तीसरा विकेट गिरा है। श्रेयस अय्यर 25 गेंद में 19 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। मेहदी हसन मिराज ने उन्हें महमुदुल्लाह के हाथों कैच कराया। अब विराट कोहली के साथ लोकेश राहुल क्रीज पर हैं। यह जोड़ी टीम इंडिया के लिए मैच खत्म करना चाहेगी। 30 ओवर के बाद भारत का स्कोर 184/3 है।
विराट कोहली ने 48 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। यह वनडे क्रिकेट में उनका 69वां अर्धशतक है। कोहली की पारी के चलते टीम इंडिया बेहतर स्थिति में है और आसानी से मैच अपने नाम करने की तरफ बढ़ रही है। 28 ओवर के बाद भारत का स्कोर 174/2 है।
दो विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। विराट कोहली और श्रेयस अय्यर क्रीज पर हैं। दोनों तेज गति से रन बना रहे हैं। टीम इंडिया आसानी से लक्ष्य के करीब पहुंच रही है। 25 ओवर के बाद भारत का स्कोर 161/2 है।
132 रन के स्कोर पर भारतीय टीम का दूसरा विकेट गिरा है। शुभमन गिल 55 गेंद में 53 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। मेहदी हसन की गेंद पर महमुदुल्लाह ने उनका शानदार कैच पकड़ा। अब विराट कोहली के साथ श्रेयस अय्यर क्रीज पर हैं। 20 ओवर के बाद भारत का स्कोर 142/2 है।
शुभमन गिल ने 52 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने विश्व कप में अपने दूसरे मैच में शानदार बल्लेबाजी की है। संयमित रहने के साथ ही गिल ने खराब गेंदों में बड़े शॉट भी लगाए हैं। अपनी पारी में वह अब तक पांच चौके और दो छक्के लगा चुके हैं। दूसरे छोर पर विराट कोहली भी शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं और टीम इंडिया तेजी से लक्ष्य की तरफ बढ़ रही है।
एक विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। विराट कोहली और शुभमन गिल क्रीज पर हैं। कोहली ने इस पारी में तूफानी शुरुआत की है। हसन महमूद की नो गेंदों ने उनकी मदद की। कोहली ने शुरुआती चार गेंद में 13 रन बनाए हैं।
88 रन पर भारत का पहला विकेट गिरा है। रोहित शर्मा अर्धशतक से चूक गए हैं। उन्होंने 40 गेंद में सात चौके और दो छक्कों की मदद से 48 रन बनाए। हसन महमूद की गेंद पर तौहिद हृदॉय ने उनका कैच पकड़ा। 13 ओवर के बाद भारत का स्कोर 103/1 है।
भारत ने पावरप्ले में बिना कोई विकेट खोए 63 रन बनाए हैं। रोहित शर्मा और शुभमन गिल की जोड़ी ने शानदार बल्लेबाजी की है।
रोहित शर्मा और शुभमन गिल की जोड़ी ने भारतीय टीम को शानदार शुरुआत दी है। भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के 50 रन के पार जा चुका है। रोहित तेज गति से रन बना रहे हैं। वहीं, गिल संभलकर खेल रहे हैं।
भारतीय टीम ने इस मैच में अच्छी शुरुआत की है। रोहित शर्मा और शुभमन गिल तेज गति से रन बना रहे हैं। पांच ओवर के बाद भारत का स्कोर 33/0 है।
257 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने पारी की शुरुआत की है। दोनों पहले ओवर से ही बड़े शॉट खेल रहे हैं। टीम इंडिया ने तेज शुरुआत की है। दो ओवर के बाद भारत का स्कोर 14/0 है।
बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट खोकर 256 रन बनाए हैं। वनडे विश्व कप 2023 में लगातार चौथी जीत हासिल करने के लिए टीम इंडिया के सामने 257 रन का लक्ष्य है। बांग्लादेश के लिए सबसे ज्यादा 66 रन लिटन दास ने बनाए। वहीं, तंजीद हसन ने 51 रन की पारी खेली। अंत में महमुदुल्लाह ने 46 रन की पारी खेल टीम का स्कोर 250 रन के करीब पहुंचाया। मुश्फिकुर रहीम ने 38 रन का योगदान दिया। भारत के लिए जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा ने दो-दो विकेट लिए। शार्दुल ठाकुर और कुलदीप यादव को एक-एक विकेट मिला।
पहली पारी में क्या हुआ?
बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन चोट की वजह से यह मैच नहीं खेले। उनकी जगह टीम की कमान संभाल रहे नजमुल हसन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। तंजीद हसन और लिटन दास ने शानदार शुरुआत की। दोनों ने पावरप्ले में 63 रन जोड़े। बांग्लादेश का पहला विकेट 93 रन के स्कोर पर गिरा। तंजिद 43 गेंद में 51 रन बनाकर आउट हुए। कुलदीप यादव ने उन्हें विकेटों के सामने फंसाया। इसके बाद कप्तान नजमुल आठ रन बनाकर जडेजा का शिकार बने। महेदी हसन को तीन रन के स्कोर पर सिराज ने आउट किया। इसके बाद लिटन दास भी 66 रन बनाकर जडेजा का शिकार बने।
93 पर पहला विकेट खोने वाले बांग्लादेश का स्कोर 137/4 हो गया। इसके बाद मुश्फिकुर रहीम ने तौहिद हृदॉय के साथ मिलकर पारी संभाली। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 42 रन की साझेदारी की। शार्दुल ने 16 रन के स्कोर पर तौहिद को आउट किया। रहीम भी 38 रन बनाकर बुमराह का शिकार बने। अंत में महमुदुल्लाह ने 36 गेंद में 46 रन बनाकर टीम का स्कोर 250 रन के करीब पहुंचाया। आखिरी ओवर में बुमराह ने महमुदुल्लाह का अर्धशतक नहीं होने दिया और उन्हें शानदार यॉर्कर पर बोल्ड किया। शोरिफुल ने आखिरी गेंद में छक्का लगाकर बांग्लादेश का स्कोर 256 रन तक पहुंचाया। भारत के लिए जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा ने दो-दो विकेट लिए। शार्दुल और कुलदीप को एक-एक विकेट मिला।
हार्दिक पांड्या इस मैच में तीन गेंद करने के बाद ही चोटिल हो गए। गेंद करने के बाद फील्डिगं के प्रयास में उनके पैर की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया। इस वजह से वह आगे गेंदबाजी नहीं कर पाए। विराट कोहली ने उनके ओवर की बची हुई तीन गेंदें की। हार्दिक की चोट की गंभीरता का पता नहीं लगाया जा सका है, लेकिन स्कैन के लिए वह अस्पताल गए हैं और दूसरी पारी में भी बल्लेबाजी के लिए उनका आना मुश्किल है।
248 रन के स्कोर पर बांग्लादेश का आठवां विकेट गिरा है। महमुदुल्लाह रियाद 36 गेंद में 46 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। जसप्रीत बुमराह ने शानदार यॉर्कर गेंद पर उन्हें क्लीन बोल्ड किया।
233 रन पर बांग्लादेश ने सात विकेट गंवा दिए हैं। सिराज ने नसुम अहमद को आउट कर भारत को सातवीं सफलता दिलाई। नसुम ने 18 गेंद में 14 रन बनाए। लोकेश राहुल ने उनका कैच पकड़ा। अब महमुदुल्लाह के साथ मुस्तफिजुर रहमान क्रीज पर हैं।
201 रन के स्कोर पर बांग्लादेश का छठा विकेट गिरा है। मुश्फिकुर रहीम 46 गेंद में 38 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। जसप्रीत बुमराह की गेंद पर रवींद्र जडेजा ने उनका शानदार कैच पकड़ा। अब महमुदुल्लाह के साथ नसूम अहमद क्रीज पर हैं। 45 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर 210/6 है।
पांच विकेट के नुकसान पर बांग्लादेश का स्कोर 200 रन के पार जा चुका है। मुश्फिकुर रहीम और महमुदुल्लाह क्रीज पर हैं। दोनों अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं और अपनी टीम को लड़ने लायक स्कोर तक ले जाने की कोशिश करेंगे।
179 रन के स्कोर पर बांग्लादेश की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। शार्दुल ठाकुर ने तौहिद हृदॉय को आउट कर भारत को पांचवीं सफलता दिलाई। हृदॉय ने 35 गेंद में 16 रन बनाए। शुभमन गिल ने उनका कैच पकड़ा। अब मुश्फिकुर रहीम के साथ महमुदुल्लाह रियाद क्रीज पर हैं। 40 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर 189/5 है।
चार विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। मुश्फिकुर रहीम और तौहिद हृदॉय क्रीज पर हैं। दोनों अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं और अपनी टीम को अच्छे स्कोर तक ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। 33 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर 161/4 है।
बांग्लादेश को 28वें ओवर में 137 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। रवींद्र जडेजा ने मैदान पर जम चुके लिटन दास को शुभमन गिल के हाथों कैच कराया। लिटन ने 82 गेंदों में 66 रन की पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने सात चौके लगाए। बांग्लादेश ने 28 ओवर में चार विकेट गंवाकर 138 रन बना लिए हैं। फिलहाल तौहिद हृदोय और मशफिकुर रहीम क्रीज पर हैं।
बांग्लादेश को 25वें ओवर में 129 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। मोहम्मद सिराज ने मेहदी हसन मिराज को विकेटकीपर केएल राहुल के हाथों कैच कराया। 25 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर तीन विकेट पर 131 रन है। फिलहाल तौहिद हृदोय और लिटन दास क्रीज पर हैं।
21 ओवर के बाद बांग्लादेश ने दो विकेट गंवाकर 113 रन बना लिए हैं। फिलहाल मेहदी हसन मिराज एक रन और लिटन दास 62 गेंदों में 50 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। लिटन ने वनडे करियर का 12वां अर्धशतक लगाया। यह उनका भारत के खिलाफ वनडे में पहला अर्धशतक रहा।
बांग्लादेश को 20वें ओवर में 110 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। रवींद्र जडेजा ने कप्तान नजमुल हुसैन शांतो को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह 17 गेंदों में आठ रन बना सके। 20 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर दो विकेट पर 110 रन है। फिलहाल लिटन दास 48 रन और मेहदी हसन मिराज क्रीज पर हैं।
18 ओवर के बाद बांग्लादेश ने एक विकेट गंवाकर 103 रन बना लिए हैं। लिटन दास 52 गेंदों में 44 रन और नजमुल हुसैन शांतो पांच रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। इससे पहले कुलदीप ने तंजीद हसन को आउट किया था।
15वें ओवर मं 93 के स्कोर पर बांग्लादेश को पहला झटका लगा। कुलदीप यादव ने तंजीद हसन को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह 43 गेंदों में पांच चौके और तीन छक्के की मदद से 51 रन बनाकर आउट हुए। 15 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर एक विकेट पर 94 रन है। फिलहाल कप्तान नजमुल हसन शांतो और लिटन दास क्रीज पर हैं।
बांग्लादेश ने 14 ओवर में बिना विकेट गंवाए 90 रन बना लिए हैं। तंजीद हसन ने वनडे करियर का पहला अर्धशतक लगाया। उन्होंने 40 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। फिलहाल तंजी 41 गेंदों में 50 रन और लिटन दास 43 गेंदों में 37 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
बांग्लादेश ने 12 ओवर के बाद बिना विकेट गंवाए 72 रन बना लिए हैं। फिलहाल तंजीद हसन 35 गेंदों में 42 रन और लिटन दास 37 गेंदों में 28 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। भारतीय गेंदबाज विकेट लेने के लिए जूझते दिख रहे हैं।
भारत और बांग्लादेश मैच में हार्दिक पांड्या चोटिल हो गए। नौवें ओवर की तीसरी गेंद के बाद गेंद को रोकने के प्रयास में उन्होंने दायां टांग अड़ाने की कोशिश की। ऐसे में उनकी बाएं पैर की मांसपेशियां खिंच गईं। फीजियो मैदान पर आए और उन्होंने उनके बाएं पैर में टेप बांधी। इसके बाद हार्दिक ने वापस से बॉलिंग करने की कोशिश की, लेकिन नहीं कर पाए। ऐसे में रोहित ने उनसे गेंदबाजी नहीं कराने का फैसला किया। विराट कोहली को बाकी बची तीन गेंद कराने को कहा गया। हार्दिक फीजियो के साथ मैदान के बाहर चले गए। कोहली ने बाकी तीन गेंदें फेंकी और दो सिंगल दिए। नौ ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर बिना विकेट गंवाए 47 रन है। फिलहाल तंजीद हसन 24 और लिटन दास 21 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
छह ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर बिना विकेट गंवाए 19 रन है। लिटन दास 10 रन और तंजीद हसन नौ रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
बांग्लादेश के ओपनर्स लिटन दास और तंजीद हसन क्रीज पर हैं। दो ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर बिना कोई विकेट गंवाए पांच रन है। भारत के लिए बुमराह ने पहले ओवर और सिराज ने दूसरे ओवर में गेंदबाजी की।
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।
बांग्लादेश: लिटन दास, तंजीद तमीम, मेहदी हसन मिराज, नजमुल हुसैन शांतो (कप्तान), नसुम अहमद, मुश्फिकुर रहीम (विकेटकीपर), तौहिद हृदॉय, महमुदुल्लाह, हसन महमूद, मुस्तफिजुर रहमान, शोरिफुल इस्लाम।
बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया है। बांग्लादेश के लिए नियमित कप्तान शाकिब अल हसन नहीं खेल रहे हैं। यह उनकी टीम के लिए बड़ा झटका है। शाकिब टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ी हैं। उनकी जगह नजमुल हसन शांतो कप्तानी कर रहे हैं। वहीं, भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि वह टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का ही फैसला करने वाले थे। ऐसे में टॉस हारकर भी ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। रोहित ने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है।
भारतीय खिलाड़ी स्टेडियम पहुंच चुके हैं। फिलहाल पुणे में धूप खिली हुई है। फैंस का भारी जमावड़ा स्टेडियम के बाहर है। स्टेडियम फुल रहने की संभावना है। दोनों टीमों के बीच मजेदार टक्कर देखने को मिल सकती है।
भारतीय सरजमीं पर दोनों के बीच यह सिर्फ चौथा वनडे मुकाबला होगा। दोनों टीमें भारत में वनडे में सिर्फ तीन बार भिड़ी हैं। पिछली बार दोनों का भारतीय सरजमीं पर 25 साल पहले यानी 1998 में मुकाबला हुआ था। भारत ने अपने घर में बांग्लादेश को तीनों वनडे में शिकस्त दी है। 1990 में भारत ने चंडीगढ़ में बांग्लादेश को नौ विकेट से हराया था।
इसके बाद 1998 में मोहाली में बांग्लादेश को पांच विकेट से शिकस्त दी थी। 1998 में ही वानखेड़े में बांग्लादेश को भारत ने पांच विकेट से हराया था। 25 साल बाद जब भारतीय सरजमीं पर बांग्लादेश की टीम खेलने आएगी तो उनके मन में यह रिकॉर्ड जरूर होगा। हालांकि, टक्कर दिलचस्प रहने वाला है। इन तीन मुकाबलों के अलावा भारत ने बांग्लादेश जाकर 25 और किसी न्यूट्रेल वेन्यू (तटस्थ स्थान) पर 12 मैच खेले हैं।
दोनों टीमें वनडे विश्व कप में चार बार आमने-सामने आ चुकी हैं। इनमें से भारत ने तीन मुकाबले जीते हैं और बांग्लादेश को सिर्फ एक मैच में जीत मिली है। दोनों टीमें विश्व कप में सबसे पहली बार 2007 में पोर्ट ऑफ स्पेन में आमने-सामने आई थीं। वह मैच इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया था।
बांग्लादेश ने बड़ा उलटफेर करते हुए ग्रुप स्टेज में राहुल द्रविड़ की भारतीय टीम को पांच विकेट से हराया था। इसके बाद टीम इंडिया विश्व कप से ही बाहर हो गई थी। 2011 विश्व कप में मीरपुर में दोनों ग्रुप स्टेज में एक बार फिर आमने-सामने आए। इस बार महेंद्र सिंह धोनी के नेतृत्व में टीम इंडिया ने बांग्लादेश को 87 रन से शिकस्त दी।
इस मैच में वीरेंद्र सहवाग और विराट कोहली ने शतक जड़े थे। इसके बाद धोनी के ही नेतृत्व में 2015 में मेलबर्न में हुए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भारत ने बांग्लादेश को 109 रन से हराया था। 2019 में विराट कोहली के नेतृत्व में भारतीय टीम ने बर्मिंघम में बांग्लादेश को 28 रन से शिकस्त दी थी। अब 2023 विश्व कप में यह दोनों के बीच पांचवां मुकाबला होगा।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज भारत और बांग्लादेश के बीच वनडे विश्व कप 2023 का 17वां मुकाबला खेला जाएगा। भारतीय टीम शानदार फॉर्म में चल रही है और उसने अब तक अपने तीनों मुकाबले जीते हैं। वहीं बांग्लादेश की टीम को तीन में से एक में जीत मिली है और दो में हार का सामना करना पड़ा है। भारत-बांग्लादेश के बीच यह मुकाबला पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जा रहा है।