भारत ने बांग्लादेश को 41 रन से हराकर एशिया कप के फाइनल में प्रवेश कर लिया। दुबई अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में बुधवार को खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने अभिषेक शर्मा की अर्धशतकीय पारी के दम पर 20 ओवर में छह विकेट पर 168 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेश की टीम 19.3 ओवर में सिर्फ 127 रन ही बना पाई और ऑलआउट हो गई। उनकेलिए सैफ हसन ने सर्वाधिक 69 रन बनाए। वहीं, भारत के लिए कुलदीप यादव ने तीन विकेट लिए जबकि जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती ने दो-दो विकेट झटके। इसके अलावा अक्षर पटेल और तिलक वर्मा ने एक-एक सफलता हासिल की।
बांग्लादेश के 112 पर आठ विकेट गिरे। वरुण चक्रवर्ती ने मोहम्मद सैफुद्दीन को अपना शिकार बनाया। इसके बाद रिशाद हुसैन और तंजीम हसन साकिब को कुलदीप ने पवेलियन की राह दिखाई। फिलहाल क्रीज पर सैफ हसन और नसुम अहमद मौजूद हैं। 17 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर आठ विकेट पर 115 रन है।
सैफ हसन ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। वहीं, जाकिर अली रनआउट हो गए। फिलहाल सैफुद्दीन और सैफ क्रीज पर हैं। बांग्लादेश ने पांच विकेट पर 103 रन बना लिए हैं।
बांग्लादेश को तीसरा झटका अक्षर पटेल ने दिया। उन्होंने तौहीद हृदोय को अभिषेक शर्मा के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ सात रन बना पाए। अब सैफ हसन का साथ देने शमीम हुसैन आए हैं।
बांग्लादेश को दूसरा झटका कुलदीप यादव ने पारी के सातवें ओवर में दिया। उन्होंने परवेज हुसैन इमोन को अभिषेक शर्मा के हाथों कैच कराया। वह 19 गेंदों में 21 रन बनाकर आउट हुए। अब सैफ हसन का साथ देने तौहीद हृदोय आए हैं।
भारत और बांग्लादेश के बीच जारी एशिया कप के सुपर-4 मुकाबले का लुत्फ उठाने मशहूर बॉलीवुड अभिनेता बॉबी देओल भी पहुंचे।
बांग्लादेश को पहला झटका पारी के दूसरे ओवर की दूसरी गेंद पर लगा। जसप्रीत बुमराह ने शिवम दुबे के हाथों तंजीद हसन को कैच आउट कराया। वह सिर्फ एक रन बना पाए। अब सैफ हसन का साथ देने परवेज हुसैन इमोन आए हैं।
बांग्लादेश की पारी शुरू हो चुकी है। सैफ हसन और तंजीद हसन क्रीज पर मौजूद हैं।
भारत ने बांग्लादेश के सामने 169 रनों का लक्ष्य रखा है। टॉस जीतकर बांग्लादेश के कप्तान जाकिर अली ने भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 77 रनों की साझेदारी हुई। इसके बाद भारत का बल्लेबाजी क्रम कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाया। अभिषेक 37 गेंदों में 75 रन बनाकर आउट हुए और गिल 29 रन बनाकर पवेलियन लौटे। वहीं, हार्दिक पांड्या ने 29 गेंदों में 38 रन बनाए। बांग्लादेश के लिए रिशाद हुसैन ने दो विकेट लिए जबकि तंजीह हसन साकिब, मुस्तफिजुर रहमान और मोहम्मद सैफुद्दीन को एक-एक सफलता मिली।
129 के स्कोर पर भारत की आधी टीम पवेलियन लौट गई। भारत को पांचवां झटका तंजीम हसन साकिब ने दिया। उन्होंने सैफ हसन के हाथों तिलक वर्मा को कैच कराया। वह सात गेंदों में पांच रन बना पाए। अब हार्दिक का साथ देने बाएं हाथ के बल्लेबाज अक्षर पटेल आए हैं।
भारत को चौथा झटका सूर्यकुमार यादव के रूप में लगा। उन्हें मुस्तफिजुर रहमान ने विकेट के पीछे जाकिर अली के हाथों कैच कराया। वह 11 गेंदों में सिर्फ पांच रन बना पाए। अब हार्दिक पांड्या का साथ देने तिलक वर्मा आए हैं।
भारत को तीसरा झटका अभिषेक शर्मा के रूप में लगा। वह 75 रन बनाकर रनआउट हो गए। अब सूर्यकुमार यादव का साथ देने हार्दिक पांड्या आए हैं।
भारत को दूसरा झटका भी रिशाद हुसैन ने दिया। उन्होंने शिवम दुबे को तौहीद हृदोय के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ दो रन बना पाए। अब अभिषेक शर्मा का साथ देने सूर्यकुमार यादव आए हैं।
सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने लगातार दूसरे मैच में अर्धशतक लगाया है। उन्होंने 25 गेंदों में अपने टी20 करियर का चौथा पचासा पूरा किया। इससे पहले उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में अर्धशतक लगाया था। वह शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं।
भारत को पहला झटका रिशाद हुसैन ने दिया। उन्होंने तंजीम हसन के हाथों उपकप्तान शुभमन गिल को कैच कराया। वह 19 गेंदों में दो चौके और एक छक्के की मदद से 29 रन बनाकर आउट हुए। अब अभिषेक शर्मा का साथ देने शिवम दुबे आए हैं। सात ओवर के बाद भारत का स्कोर 81/1 है।
पावरप्ले में शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा ने भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई है। दोनों के बीच 72 रनों की साझेदारी हो चुकी है।
शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा ने भारत को तेज शुरुआत दिलाई है। शुरुआती चार ओवर के बाद भारत ने बिना किसी नुकसान के 38 रन बना लिए हैं।
भारत की पारी शुरू हो चुकी है। अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं और टीम को आतिशी शुरुआत दिलाना चाहेंगे।
भारत: अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती।
बांग्लादेश: सैफ हसन, तंजीद हसन तमीम, परवेज हुसैन इमोन, तौहीद हृदोय, शमीम हुसैन, जाकिर अली (विकेटकीपर/कप्तान), मोहम्मद सैफुद्दीन, रिशाद हुसैन, तंजीम हसन साकिब, नसुम अहमद, मुस्तफिजुर रहमान।
बांग्लादेश के कप्तान लिटन दास इस मुकाबले में नहीं खेल रहे हैं। वह चोट के कारण इस मैच का हिस्सा नहीं हैं। उनकी जगह जाकिर अली नेतृत्व कर रहे हैं। बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। जाकिर ने इस बात की पुष्टि की है कि टीम में चार बदलाव किए गए हैं जबकि भारत प्लेइंग 11 में बिना किसी बदलाव के उतरेगा।
भारत के लिए चिंता की बात तिलक वर्मा का स्पिनरों को अच्छे से नहीं खेल पाना है। क्रिकमेट्रिक विश्लेषण साइट के अनुसार तिलक का स्ट्राइक रेट 2025 में स्पिन के खिलाफ कम रहा है। उन्होंने 2024 में स्पिनरों की 61 गेंद खेलकर 116 रन बनाये जबकि डॉट गेंद का प्रतिशत 21-3 रहा है। इस साल उन्होंने सात पारियों में स्पिनरों की 80 गेंद खेलकर 92 रन बनाये और डॉट गेंदों का प्रतिशत 38 रहा है। तिलक और संजू सैमसन दोनों चौथे या पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हैं और ऐसे में स्पिनरों को बखूबी खेलना जरूरी है।
बांग्लादेश के दो सर्वश्रेष्ठ टी20 बल्लेबाज कप्तान लिटन दास और तौहीद हृदोय के आंकड़े भी दमदार नहीं हैं। बांग्लादेश चाहेगा कि भारत पहले बल्लेबाजी करे और तेज गेंदबाज मुस्ताफिजूर रहमान के साथ उसके स्पिनर रिशाद हुसैन और आफ स्पिनर मेहदी हसन जल्दी विकेट निकालें। भारत को 150-160 रन पर रोकने की दशा में ही बांग्लादेश के लिए कोई उम्मीद बनेगी।
कागजों पर बांग्लादेशी टीम भारत के सामने कहीं नहीं ठहरती और सूर्यकुमार यादव की टीम एक और शानदार जीत की प्रबल दावेदार है। लेकिन इस प्रारूप में कुछ भी कयास लगाना संभव नहीं है और बांग्लादेश के स्पिनर बेहतर प्रदर्शन करके पासा पलट भी सकते हैं। बल्लेबाजी में हालांकि बांग्लादेश का भारत से कोई मुकाबला नहीं है। भारत के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा शानदार फॉर्म में हैं और 210 की औसत से रन बना रहे हैं। वहीं शुभमन गिल का पाकिस्तान के खिलाफ मैच के बाद स्ट्राइक रेट 158 के आसपास है।
आंकड़ों के आधार पर देखा जायेगा तो यह मुकाबला भी एकतरफा रहने की उम्मीद है क्योंकि दोनों टीमों के बीच 17 टी20 मैचों में से बांग्लादेश एक ही जीत सका है। वनडे विश्व कप 2015 में मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर रोहित शर्मा को संदेह का लाभ देते हुए 'नॉट आउट' करार दिए जाने के बाद से दोनों टीमों के मुकाबले तनाव से भरे रहे हैं। शेख हसीना सरकार के गिरने के बाद से भारत के बांग्लादेश के साथ राजनयिक संबंध भी तनावपूर्ण रहे हैं। बीसीसीआई ने इस साल अगस्त में बांग्लादेश में होने वाली सफेद गेंद की सीरीज भी 2026 तक स्थगित कर दी बशर्ते वहां लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकार सत्तारूढ़ हो।
रिंकू सिंह को अब तक इस टूर्नामेंट में खेलने का मौका मिला है। माना जा रहा है कि बांग्लादेश के खिलाफ मैच में उन्हें अक्षर पटेल की जगह मौका मिल सकता है। दरअसल, पिछले मैच में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने उनसे सिर्फ एक ओवर गेंदबाजी कराई थी। वहीं, तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को एक बार फिर आराम मिल सकता है। उनकी जगह अर्शदीप सिंह की प्लेइंग 11 में वापसी हो सकती है। दरअसल, बुमराह ने पाकिस्तान के खिलाफ अपने चार ओवर के स्पैल में सबसे ज्यादा (45) रन खर्च किए थे। उनकी इकोनॉमी भी 11.25 की रही और उन्हें कोई विकेट भी नहीं मिला। वहीं, अर्शदीप को अब तक सिर्फ एक मैच खेलने का मौका मिला है, जिसमें उन्होंने एक विकेट भी हासिल किया था।
एशिया कप 2025 का रोमांच प्रशंसकों के सिर चढ़कर बोल रहा है। सुपर-4 की जंग में भारत अपने दूसरे मुकाबले के लिए तैयार है। सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में टीम इंडिया बांग्लादेश से भिड़ने के लिए तैयार है। बुधवार को दुबई अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम पर खेले जाने वाले मैच में भारत की प्लेइंग 11 में दो बदलाव हो सकते हैं।
Live Cricket Score Today, T20 Asia Cup Ind vs Ban 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज भारत और बांग्लादेश के बीच सुपर-4 का मुकाबला खेला जाएगा, जिसमें सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व वाली भारतीय टीम जीत हासिल कर फाइनल के लिए दावेदारी मजबूत करना चाहेगी।