भारत ने बल्लेबाजों के बाद गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन के दम पर बांग्लादेश को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में 86 रनों से हराया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नीतीश रेड्डी और रिंकू सिंह के शानदार अर्धशतकों से 20 ओवर में नौ विकेट पर 221 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेश की टीम निर्धारित ओवर में नौ विकेट पर 135 रन ही बना सकी। भारत ने इसके साथ ही तीन मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। भारत ने इससे पहले बांग्लादेश को टेस्ट सीरीज में 2-0 से हराकर क्लीन स्वीप किया था।
बांग्लादेश के लिए सबसे ज्यादा रन महमूदुल्लाह ने बनाए जो 39 गेंदों पर तीन छक्कों की मदद से 41 रन बनाकर आउट हुए। भारत की ओर से बल्ले के बाद गेंद से नीतीश रेड्डी ने उम्दा प्रदर्शन किया और दो विकेट अपने नाम किए। वहीं, पिछले मैच में प्रभावित करने वाले स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने भी दो विकेट लिए। दिलचस्प बात यह रही कि भारत के हर गेंदबाज को विकेट मिला। नीतीश और वरुण के अलावा अर्शदीप सिंह, वाशिंगटन सुंदर, अभिषेक शर्मा, मयंक यादव और रियान पराग के खाते में एक-एक विकेट आए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश की बल्लेबाजी काफी खराब रही और महमूदुल्लाह को छोड़कर अन्य कोई बल्लेबाज प्रभावित नहीं कर सका। बांग्लादेश ने नियमित रूप से विकेट गंवाए और उसके बल्लेबाज साझेदारी नहीं निभा सके जिसका उसे काफी नुकसान उठाना पड़ा। भारत के लिए अपना दूसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे नीतीश रेड्डी ने ऑलराउंड प्रदर्शन किया और बल्ले के बाद गेंद से भी अहम योगदान दिया। भारत ने इस तरह टी20 में बांग्लादेश के खिलाफ अपना दबदबा बरकरार रखा है। दोनों टीमों के बीच अब इस सीरीज का अंतिम मुकाबला 12 अक्तूबर को हैदराबाद में खेला जाएगा।
नीतीश रेड्डी ने महमूदुल्लाह को आउट कर बांग्लादेश को नौवां झटका दिया। महमूदुल्लाह 39 गेंदों पर 41 रन बनाकर आउट हुए। नीतीश का इस मैच का यह दूसरा विकेट है।
नीतीश रेड्डी ने बल्ले के बाद गेंदबाजी से बेहतर प्रदर्शन किया। नीतीश ने तंजिम हसन साकिब को आउट कर बांग्लादेश को आठवां झटका दिया। साकिब 10 गेंदों पर आठ रन बनाकर आउट हुए। बांग्लादेश ने 18 ओवर की समाप्ति के बाद आठ विकेट पर 122 रन बनाए हैं और उसे जीत के लिए 12 गेंदों पर 100 रन बनाने की जरूरत है।
तेज गेंदबाज मयंक यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए जाकिर अली को आउट किया और बांग्लादेश को छठा झटका दिया। जाकिर दो गेंद खेलकर एक रन बनाकर आउट हुए। बांग्लादेश ने 12 ओवर की समाप्ति के बाद छह विकेट पर 87 रन बनाए हैं। टीम को अब 48 गेंदों पर 135 रन बनाने हैं।
रियान पराग ने मेहदी हसन मिराज को आउट कर भारत को पांचवीं सफलता दिलाई। बांग्लादेश ने 80 रन पर पांच विकेट गंवा दिए हैं। मिराज 16 गेंदों पर 16 रन बनाकर आउट हुए।
अभिषेक शर्मा ने तौहीद ह्रदोय को आउट कर बांग्लादेश को चौथा झटका दिया है। ह्रदोय छह गेंदों पर दो रन बनाकर आउट हुए। लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश की पारी लड़खड़ा गई है और उसने सात ओवर की समाप्ति के बाद 46 रन के अंदर चार विकेट गंवा दिए हैं। फिलहाल क्रीज पर मेहदी हसन मिराज के साथ महमूदुल्लाह मौजूद हैं।
स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने लिटन दास को आउट कर बांग्लादेश को तीसरा झटका दिया। लिटन दास 11 गेंदों पर 14 रन बनाकर आउट हुए। बांग्लादेश ने इस तरह पावरप्ले में तीन विकेट गंवा दिए हैं।
वाशिंगटन सुंदर ने बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हुसैन शांतो को आउट कर बांग्लादेश को दूसरा झटका दिया। शांतो सात गेंदों पर 11 रन बनाकर आउट हुए। बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश ने 41 रन पर दो विकेट गंवा दिए हैं। वाशिंगटन की गेंद पर शांतो ने बड़ा शॉट खेलने का प्रयास किया जिसे बाउंड्री पर खड़े हार्दिक पांड्या ने लपका। हार्दिक ने इसके साथ ही टी20 अंतरराष्ट्रीय में 50 कैच पूरे कर लिए हैं।
तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने परवेज हुसैन इमोन को आउट कर बांग्लादेश को पहला झटका दिया। इमोन 12 गेंदों पर 16 रन बनाकर आउट हुए। बांग्लादेश ने अच्छी शुरुआत की थी और दो ओवर में 20 रन बनाए थे, लेकिन तीसरा ओवर करने आए अर्शदीप ने इमोन को बोल्ड कर भारत को पहली सफलता दिलाई।
भारत के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश की पारी शुरू हो गई है। भारत के लिए परवेज हुसैन इमोन और लिटन दास पारी का आगाज करने उतरे हैं। भारत के लिए तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह गेंदबाजी की शुरुआत करने आए हैं।
भारतीय टीम ने बांग्लादेश के सामने 222 रनों का लक्ष्य रखा है। भारत के लिए नीतीश रेड्डी और रिंकू सिंह ने शानदार अर्धशतक जड़े जिसकी मदद से टीम ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 221 रन बनाए। बांग्लादेश ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया, लेकिन भारत ने तेज शुरुआत की। हालांकि, बांग्लादेश के गेंदबाजों ने पावरप्ले में ही भारत को तीन झटके देकर टीम को मुश्किल में डाल दिया था।
शुरुआती झटकों के बाद नीतीश और रिंकू ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 108 रनों की साझेदारी हुई। इस दौरान अपना दूसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेल रहे नीतीश ने करियर का पहला अर्धशतक जड़ा। पचासा लगाने के बाद भी नीतीश ने आक्रामक बल्लेबाजी नहीं रोकी और लगातार शॉट खेलते रहे। नीतीश हालांकि, 34 गेंदों पर चार चौकों और सात छक्कों की मदद से 74 रन बनाकर आउट हुए। नीतीश के आउट होने के बाद रिंकू सिंह ने भी अर्धशतक जड़ा, लेकिन वह 29 गेंदों पर पांच चौकों और तीन छक्कों की मदद से 53 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
हार्दिक पांड्या ने कुछ बड़े शॉट खेलकर भारत का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया, लेकिन भारतीय टीम ने अंतिम ओवर में तीन विकेट गंवाए। हार्दिक 19 गेंदों पर दो चौकों और दो छक्कों के सहारे 32 रन बनाकर आउट हुए। बांग्लादेश के लिए रिशाद हुसैन ने तीन विकेट लिए, जबकि तस्कीन अहमद, तंजिम हसन साकिब और मुस्तफिजुर रहमान ने दो-दो विकेट लिए।
रियान पराग छठे बल्लेबाज के तौर पर आउट हो गए हैं। रियान ने छह गेंदों पर 15 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। उन्हें साकिब ने आउट हुए। वहीं, अंतिम ओवर में हार्दिक पांड्या भी अपना विकेट गंवा बैठे। उन्हें रिशाद हुसैन ने आउट हुए। हार्दिक 19 गेंदों पर 32 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ दिल्ली में खेले जा रहे दूसरे टी20 मुकाबले में 200 रन पूरे कर लिए हैं।
रिंकू सिंह की शानदार पारी का अंत तस्कीन अहमद ने किया। रिंकू बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में अपने विकेट गंवा बैठे। रिंकू ने 29 गेंदों पर पांच चौकों और तीन छक्कों की मदद से 53 रन बनाए और पांचवें बल्लेबाज के रूप में आउट हुए।
भारतीय बल्लेबाज रिंकू सिंह ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक जड़ा। रिंकू ने छक्के के साथ पचासा पूरा किया। भारतीय टीम ने इसके साथ ही 16वें ओवर की समाप्ति के बाद चार विकेट पर 182 रन बना लिए हैं। रिंकू ने महज 26 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया और नीतीश के आउट होने के बावजूद रन गति को धीमी नहीं पड़ने दिया।
मुस्तफिजुर ने नीतीश रेड्डी की शानदार पारी का अंत किया। आक्रमक अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे नीतीश बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में विकेट गंवा बैठे। नीतीश ने 34 गेंदों पर चार चौकों और सात छक्कों की मदद से 74 रन बनाए। उन्होंने विषम परिस्थिति में रिंकू सिंह के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 108 रनों की साझेदारी की जिससे भारत मुश्किल हालात से उबर सका।
भारतीय बल्लेबाज नीतीश रेड्डी ने अपने दूसरे ही टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में अर्धशतक जड़ दिया है। बांग्लादेश के खिलाफ पहले टी20 से डेब्यू करने वाले नीतीश ने दूसरे मैच में रिंकू के साथ मिलकर शानदार साझेदारी निभाई और भारत को शुरुआती झटकों से उबारा। नीतीश ने अर्धशतक पूरा करने के लिए 27 गेंदों का सहारा लिया। नीतीश ने धीमी शुरुआत की थी और पहली 13 गेंदों पर 13 रन बनाए थे, लेकिन अगली 14 गेंदों पर उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी की और 37 रन जुटाए।
शुरुआती झटके लगने के बाद नीतीश रेड्डी और रिंकू ने मिलकर आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और भारतीय पारी को संभाला। भारत ने नौ ओवर की समाप्ति तक तीन विकेट पर 77 रन बनाए हैं। नीतीश 16 गेंदों पर 23 रन और रिंकू 11 गेंदों पर 16 रन बनाकर खेल रहे हैं।
भारत ने पावरप्ले में तीन विकेट गंवाए और उसका शीर्ष क्रम आक्रमक शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सका। बांग्लादेश ने पहले छह ओवर में मेजबान टीम के तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। भारत ने इस दौरान तीन विकेट पर 45 रन बनाए। फिलहाल क्रीज पर नीतीश रेड्डी और रिंकू सिंह मौजूद हैं।
भारतीय टीम ने पावरप्ले में तीसरा विकेट गंवा दिया है। कप्तान सूर्यकुमार यादव मुस्तफिजुर की गेंद पर शांतो को कैच थमा बैठे और तीसरे बल्लेबाज के रूप में पवेलियन लौटे। सूर्यकुमार ने 10 गेंदों पर एक चौके की मदद से आठ रन बनाए।
तंजिम हसन साकिब ने सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को बोल्ड कर भारत को पावरप्ले में दूसरा झटका दे दिया है। अभिषेक ने भारत को तेज शुरुआत दिलाई थी, लेकिन तंजिम ने उन्हें बोल्ड कर भारत को दूसरा झटका दिया। अभिषेक 11 गेंदों पर 15 रन बनाकर आउट हुए। भारत ने इस तरह 25 रन के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए हैं।
तस्कीन अहमद ने संजू सैमसन को आउट कर भारत को पहला झटका दिया। सैमसन ने अभिषेक के साथ मिलकर अच्छी शुरुआत की थी और पहले ओवर से 15 रन जुटाए थे, लेकिन तस्कीन ने दूसरे ओवर की अंतिम गेंद पर सैमसन को आउट किया। सैमसन सात गेंदों पर 10 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में भारत की पारी शुरू हो गई है और संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा पारी का आगाज करने उतरे हैं। बांग्लादेश ने स्पिनर मेहदी हसन मिराज से गेंदबाजी की शुरुआत कराई है।
भारतः संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), नीतीश रेड्डी, हार्दिक पांड्या, रियान पराग, रिंकू सिंह, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, मयंक यादव।
बांग्लादेशः परवेज हुसैन इमोन, लिटन दास (विकेटकीपर), नजमुल हुसैन शांतो (कप्तान), तौहीद ह्रदोय, महमूदुल्लाह, जाकिर अली, मेहदी हसन मिराज, रिशाद हुसैन, तस्कीन अहमद, तंजिम हसन साकिब, मुस्तफिजुर रहमान।
बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने भारत के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला लिया है। बांग्लादेश ने इस मुकाबले के लिए टीम में एक बदलाव किया है। मेहमान टीम में शौरिफुल इस्लाम की जगह साकिब को लिया गया है। दूसरी ओर, भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस के दौरान बताया कि भारतीय टीम ने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है।
पहले मैच में आसान जीत दर्ज करने वाली भारतीय टीम में किसी तरह के बदलाव की संभावना नहीं है। अपना पहला मैच खेल रहे तेज गेंदबाज मयंक यादव और ऑलराउंडर नीतीश रेड्डी ने ग्वालियर में अपना प्रभाव छोड़ा था। अर्शदीप सिंह ने तेज गेंदबाजी में अगुआ की भूमिका अच्छी तरह से निभाई थी जबकि स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने तीन साल के बाद सफल वापसी की थी।
सैमसन अमूमन मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते हैं लेकिन पहले मैच में उन्होंने पारी का आगाज किया था तथा 19 गेंद पर 29 रन बनाए थे। कप्तान सूर्यकुमार पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि सैमसन सीरीज में आगे भी यह भूमिका निभाते रहेंगे। सैमसन और उनके साथ पारी की शुरुआत करने वाले अभिषेक शर्मा पिछले मैच में अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल पाए थे। यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल को विश्राम दिए जाने के कारण सैमसन और अभिषेक को यह मौका मिला है जिसका वह पूरा फायदा उठाना चाहेंगे।
भारत ने पहले मैच में किया ऑलराउंड प्रदर्शन
ऋषभ पंत, अक्षर पटेल और जसप्रीत बुमराह जैसे प्रमुख खिलाड़ियों को विश्राम दिए जाने के बावजूद भारतीय टीम ने ग्वालियर में पहले मैच में जिस तरह से शुरू से लेकर आखिर तक अपना दबदबा बनाए रखा उससे सीमित ओवरों की क्रिकेट में उसकी मजबूत बेंच स्ट्रेंथ का पता चलता है। भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन इस मैच में अपनी चमक बिखेरने के लिए आतुर होंगे। उन्होंने 2015 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था लेकिन प्रदर्शन में निरंतरता नहीं होने के कारण वह अंदर बाहर होते रहे।
Live Cricket Score Today, India vs Bangladesh 2nd T20 2024: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। तीन मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 से आगे चल रही भारतीय टीम का सामना दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में बांग्लादेश से है। सूर्यकुमार यादव की अगुआई वाली टीम इस मैच को जीतकर सीरीज में अजेय बढ़त लेना चाहेगी।