पहले दिन का खेल खत्म होने तक भारत का स्कोर छह विकेट पर 278 रन है। श्रेयस अय्यर 82 रन बनाकर खेल रहे हैं, जबकि रविचंद्रन अश्विन का बल्लेबाजी के लिए आना बाकी है। इसके बाद पुछल्ले बल्लेबाज शुरू हो जाएंगे। दूसरे दिन श्रेयस अय्यर के साथ अश्विन बल्लेबाजी के लिए आएंगे और भारतीय टीम 350 रन के करीब स्कोर बनाने की कोशिश करेगी।
पहले दिन क्या हुआ?
भारतीय कप्तान लोकेश राहुल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। उन्होंने गिल के साथ मिलकर अच्छी शुरुआत दी। हालांकि, गिल 20 रन बनाकर आउट हो गए। इस समय टीम का स्कोर 41 रन था। गिल के पवेलियन लौटते ही कप्तान राहुल और विराट कोहली भी आउट हो गए। 48 रन के स्कोर पर तीन विकेट गंवाने के बाद भारतीय टीम मुश्किल में थी। इसके बाद पंत और पुजारा ने भारतीय पारी को संभाला दोनों ने चौथे विकेट के लिए 64 रन की साझेदारी की। इसके बाद पंत भी 46 रन बनाकर आउट हो गए।
पुजारा ने श्रेयस के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने शानदार बल्लेबाजी की और अपने-अपने अर्धशतक पूरे किए। हालांकि, पुजारा दिन के अंत में शतक बनाने से ठीक पहले आउट हो गए। उन्होंने 90 रन की पारी खेली। इसके बाद अक्षर ने श्रेयस के साथ मिलकर 19 रन जोड़े, लेकिन दिन की आखिरी गेंद पर वह भी आउट हो गए। अब श्रेयस अय्यर क्रीज पर बने हुए हैं। वहीं, रविचंद्रन अश्विन, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और उमेश यादव का बल्लेबाजी करना बाकी है।
पहले दिन बांग्लादेश के लिए तैजुल इस्लाम ने तीन विकेट लिए। वहीं, मेहदी हसन मिराज को दो विकेट मिले। खालेद अहमद के नाम एक सफलता लगी। इबादत हसन ने भी श्रेयस अय्यर को आउट कर दिया था, लेकिन बेल्स नहीं गिरीं और श्रेयस अभी भी खेल रहे हैं।
अक्षर पटेल पहले दिन की आखिरी गेंद पर आउट हुए। महेदी हसन की गेंद पर अक्षर टर्न के लिए खेले और डिफेंस किया, लेकिन गेंद सीधी रही और अक्षर के पैड में जाकर लगी। अंपायर ने उन्हें आउट दिया। अक्षर ने रिव्यू भी लिया, लेकिन वह आउट रहे।
261 रन के स्कोर पार भारत को पांचवां झटका लगा है। चेतेश्वर पुजारा 203 गेंदों में 90 रन की बेहतरीन पारी खेलने के बाद आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में कुल 11 चौके लगाए। तैजुल इस्लाम ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। पुजारा जब बल्लेबाजी के लिए आए थे, तब भारत का स्कोर 41 रन था और जब आउट हुए तब भारत का स्कोर 261 रन हो चुका था। उन्होंने पांचवें विकेट के लिए श्रेयस अय्यर के साथ 149 रन की साझेदारी की। अब अक्षर पटेल और श्रेयस अय्यर क्रीज पर हैं। 87 ओवर के बाद भारत का स्कोर पांच विकेट पर 265 रन है।
चार विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 250 रन के पा जा चुका है। चेतेश्वर पुजारा अपने शतक के करीब पहुंच गए हैं। श्रेयस अय्यर भी अर्धशतक लगाकर खेल रहे हैं। दिन के तीसरे सत्र में पुजारा तेजी से रन बना रहे हैं। अब भारतीय टीम बेहतर स्थिति में पहुंच गई है। 80 ओवर में भारतीय टीम ने चार विकेट के नुकसान पर 250 रन बनाए हैं।
चेतेश्वर पुजारा और श्रेयस अय्यर के बीच शतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज अपना अर्धशतक पूरा कर चुके हैं और भारतीय टीम को बेहतर स्कोर की तरफ ले जा रहे हैं। एक समय पर भारत ने 112 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद से इन दोनों ने बेहतरीन बल्लेबाजी की है और भारतीय टीम का स्कोर 200 रन के पार ले जा चुके हैं। दोनों अभी भी संयम के साथ बल्लेबाजी कर रहे हैं और बड़ी पारी खेलने की कोशिश कर रहे हैं। 70 ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट के नुकसान पर 222 रन है।
चेतेश्वर पुजारा के बाद श्रेयस अय्यर ने भी अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने पांचवें विकेट के लिए पुजारा के साथ बेहतरीन साझेदारी की है और भारतीय टीम को मुश्किल से बाहर निकाल कर बाहर लाए हैं। अपने छोटे से टेस्ट करियर में अय्यर ने काफी प्रभावित किया है। इस मैच में भी उन्होंने मुश्किल हालातों में बेहतरीन पारी खेली है। इसी के साथ भारत का स्कोर चार विकेट के नुकसान पर 200 रन के पार जा चुका है।
पुजारा ने अपने टेस्ट करियर का 34वां अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने इसके लिए 125 गेंदों का सामना किया। वह अब तक छह चौके लगा चुके हैं। जब पुजारा बल्लेबाजी के लिए आए थे तब भारत का स्कोर 41/1 था। वहीं, पुजारा टीम का स्कोर 189 रन तक ले जा चुके हैं।
भारतीय टीम का स्कोर चार विकेट के नुकसान पर 175 रन के पार जा चुका है। पुजारा और श्रेयस अय्यर की जोड़ी धैर्य के साथ बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया को अच्छे स्कोर की तरफ ले जा रही है। दोनों बल्लेबाज अच्छी लय में दिख रहे हैं और दोनों ही अपने अर्धशतक के करीब पहुंच चुके हैं।
चायकाल तक भारतीय टीम का स्कोर 56 ओवर के खेल के बाद 174/4 है। चेतेश्वर पुजारा एक छोर संभालकर खेल रहे हैं। वह 116 गेंद पर 42 रन बनाकर खेल रहे हैं। वहीं, श्रेयस अय्यर 77 गेंद पर 41 रन बनाकर खेल रहे हैं। दोनों बल्लेबाजों के बीच 62 रन की साझेदारी हो चुकी है। अब यह जोड़ी और बड़ी साझेदारी कर भारत को अच्छे स्कोर तक पहुंचाने की कोशिश करेगी।
बांग्लादेश के लिए इस सत्र में एकमात्र विकेट मेहदी हसन ने लिया। उन्होंने ऋषभ पंत को बोल्ड किया। पंत 46 रन बनाकर आउट हुए।
चेतेश्वर पुजारा और श्रेयस अय्यर के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज बेहतरीन तरीके से खेल रहे हैं और भारत का स्कोर आगे बढ़ा रहे हैं। पुजारा अपने अर्धशतक के करीब पहुंच रहे हैं।
चार विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। श्रेयस अय्यर और चेतेश्वर पुजारा के बीच बेहतरीन साझेदारी पनप रही है। ये दोनों भारत को अच्छे स्कोर की तरफ ले जा रहे हैं। पुजारा धीरे-धीरे अपने अर्धशतक के करीब पहुंच रहे हैं। 46 ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 155 रन है।
चार विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 125 रन के पार जा चुका है। चेतेश्वर पुजारा अपने स्वभाव के अनुसार एक छोर संभालकर खेल रहे हैं। वहीं, दूसरे छोर पर श्रेयस अय्यर उनका साथ निभाने के लिए आए हैं। दोनों खिलाड़ी बड़ी साझेदारी कर भारत को बड़े स्कोर तक ले जाने की कोशिश कर रहे हैं।
112 रन के स्कोर पर भारत का चौथा विकेट गिरा है। ऋषभ पंत 46 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। मेंहदी हसन की गेंद पर वह बोल्ड हो गए। मेंहदी की अंदर आती गेंद को वह ऑफ साइड में खेलना चाहते थे, लेकिन गेंद उनके बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर स्टंप पर चली गई। अब चेतेश्वर पुजारा के साथ श्रेयस अय्यर क्रीज पर हैं। 34 ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 121 रन है।
तीन विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। पंत और पुजारा की जोड़ी एक बार फिर भारत को मुश्किल से निकाल चुकी है। भारत ने 48 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे, लेकिन इसके बाद इस जोड़ी ने टीम इंडिया का स्कोर 100 रन के पार पहुंचा दिया है।
चेतेश्वर पुजारा और ऋषभ पंत के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। पंत तेजी से रन बना रहे हैं और पुजारा संभलकर खेल रहे हैं। ये जोड़ी एक बार फिर भारतीय टीम को मुश्किल से निकाल आई है।
भारत और बांग्लादेश के बीच पहले टेस्ट में पहले दिन के पहले सत्र का खेल हो चुका है। लंच तक भारत ने 26 ओवर में तीन विकेट खोकर 85 रन बनाए हैं। चेतेश्वर पुजारा 32 गेंद में 12 रन और ऋषभ पंत 26 गेंद में 29 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। भारत के लिए शुभमन गिल, केएल राहुल और विराट कोहली बड़ी पारी नहीं खेल पाए। बांग्लादेश के लिए तैजुल इस्लाम ने दो और खालेद अहमद ने एक विकेट लिया।
तीन विकेट के नुकसान पर भारतीय टीम का स्कोर 50 रन के पार जा चुका है। शुभमन गिल, लोकेश राहुल और विराट कोहली बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे हैं। अब चेतेश्वर पुजारा और ऋषभ पंत क्रीज पर हैं। इन दोनों पर भारत को बड़े स्कोर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी होगी।
विराट कोहली पांच गेंद में सिर्फ एक रन बनाकर आउट हो चुके हैं। तैजुल इस्लाम ने उन्हें एल्बीडब्ल्यू आउट किया। इस साल टी20 और वनडे में शतक लगाने वाले विराट से इस पारी में टेस्ट शतक की उम्मीद थी, लेकिन वह अपना खाता खोलने के बाद ही आउट हो गए। भारत ने 48 रन के स्कोर पर तीसरा विकेट गंवाया। टीम इंडिया सात रन के अंतराल में तीन विकेट गंवाकर मुश्किल में आ गई है। अब ऋषभ पंत और चेतेश्वर पुजारा क्रीज पर हैं। इन दोनों को बड़ी साझेदारी कर मैच में टीम इंडिया की वापसी करानी होगी।
45 रन के स्कोर पर भारत का दूसरा विकेट गिरा है। कप्तान लोकेश राहुल 54 गेंद में 22 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके लगाए। खालेद अहमद ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। राहुल ने भी इस मैच में अच्छी शुरुआत की थी और बेहतरीन लय में दिख रहे थे, लेकिन वह भी छोटे स्कोर पर आउट हो गए। अब चेतेश्वर पुजारा और विराट कोहली की अनुभवी जोड़ी क्रीज पर है।
41 रन के स्कोर पर भारत का पहला विकेट गिरा है। शुभमन गिल 20 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने कुल 40 गेंदों का सामना किया और अपनी पारी में तीन चौके लगाए। तैजुल इस्लाम ने यासिर अली के हाथों उन्हें कैच आउट कराया। अब कप्तान राहुल के साथ चेतेश्वर पुजारा क्रीज पर हैं।
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत टीम ने अच्छी शुरुआत की है। चटग्राम की पिच से तेज गेंदबाजों को कोई मदद नहीं मिल रही है और गेंद आसानी से बल्ले पर आ रही है। भारत के दोनों सलामी बल्लेबाज इसका फायदा उठाकर आसानी से रन बना रहे हैं। सात ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के 30 रन हो चुका है। टीम इंडिया पहली पारी में ही बड़ा स्कोर कर बांग्लादेश को दबाव में लाना चाहेगी। मैच के तीसरे और चौथे दिन स्पिन गेंदबाजों को पिच से ज्यादा मदद मिल सकती है। इसी दिन भारत बांग्लादेश को बल्लेबाजी कराना चाहेगा। फिलहाल भारत की कोशिश शुरुआती दो दिन खेलकर विशाल स्कोर बनाने की होगी।
भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। कप्तान लोकेश राहुल और शुभमन गिल ने पारी की शुरुआत की है। बांग्लादेश के लिए पहला ओवर इबादत हसन ने किया। इस मैच में भारत के नियमित कप्तान रोहित शर्मा नहीं खेल रहे हैं। इसी वजह से शुभमन गिल को खेलने का मौका मिला है और वह पारी की शुरुआत कर रहे हैं। गिल इस मौके को भुलाना चाहेंगे।
भारतीय टीम इस मैच में तीन स्पिन गेंदबाजों के साथ मैदान पर उतरी है। अक्षर पटेल और रविचंद्रन अश्विन के अलावा कुलदीप यादव को इस मैच में मौका दिया गया है। वहीं, उमेश यादव और मोहम्मद सिराज पर तेज गेंदबाजी का दारोमदार है।
बांग्लादेश: जाकिर हसन, नजमुल हुसैन शंतो, लिटन दास, शाकिब अल हसन (कप्तान), मुश्फिकुर रहीम (विकेटकीपर), यासिर अली, नुरुल हसन, मेहदी हसन मिराज, तैजुल इस्लाम, खालिद अहमद, इबादत हुसैन।
भारत: शुभमन गिल, केएल राहुल (कप्तान), चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, रविचंद्रन अश्विन, कुलदीप यादव, उमेश यादव, मोहम्मद सिराज।
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और बांग्लादेश के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मैच चटग्राम के जहूर अहमद चौधरी स्टेडियम में है। दो मैचों की टेस्ट सीरीज जीतकर भारत बांग्लादेश से वनडे सीरीज की हार का बदला लेना चाहेगा। वहीं, बांग्लादेश की टीम टेस्ट में भी भारत को हराकर अपना नाम करना चाहेगी।
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से भी यह सीरीज भारत के लिए बेहद अहम है। फाइनल में पहुंचने के लिए भारत को यह सीरीज हर हाल में जीतनी होगी, क्योंकि भारत की अगली सीरीज ऑस्ट्रेलिया के साथ है। वहीं, टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में भारत फिलहाल चौथे स्थान पर है। फाइनल में पहुंचने के लिए टीम इंडिया को दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका को पीछे छोड़ना होगा।