दूसरे दिन भारत ने 278/6 के स्कोर से अपनी पारी को आगे बढ़ाया, लेकिन श्रेयस अय्यर जल्द ही आउट हो गए। पहले दिन उन्हें दो जीवनदान मिले थे और दूसरे दिन भी उन्हें एक जीवनदान मिला, लेकिन अय्यर अपना शतक नहीं पूरा कर सके। उन्होंने 86 रन बनाए। इसके बाद कुलदीप यादव और अश्विन ने आठवें विकेट के लिए 92 रन की साझेदारी कर भारत का स्कोर 385 रन तक पहुंचा दिया। अश्विन 58 और कुलदीप 40 रन बनाकर आउट हुए। अंत में उमेश ने दो छक्कों की मदद से भारत ने पहली पारी में 404 रन का स्कोर खड़ा किया।
बांग्लादेश के लिए तैजुल इस्लाम और मेहदी हसन मिराज ने चार-चार विकेट लिए। खालेद अहमद और इबादत हसन के नाम एक सफलता लगी।
बांग्लादेश की पारी की पहली गेंद में ही सिराज ने नजमुल हसन शान्तो को पवेलियन भेज दिया। चौथे ओवर में उमेश ने यासिर अली को बोल्ड किया। यहीं से बांग्लादेश की पारी पटरी से उतर गई। सिराज ने कुल तीन विकेट लिए और बांग्लादेश के शीर्ष क्रम को झकझोर दिया। इसके बाद कुलदीप यादव ने अपना स्पिन का जलवा दिखाया। उन्होंने छह ओवर के अंतराल में चार विकेट लेकर बांग्लादेश के मध्यक्रम को झकझोर कर रख दिया।
बांग्लादेश की टीम पर फॉलोऑन का खतरा मंडरा रहा है। मुश्फिकुर रहीम अब तक टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 28 रन की पारी खेली। लिटन दास ने 24 और जाकिर हसन ने 20 रन बनाए। नुरुल हसन 16 रन बनाकर आउट हुए।
दूसरे दिन का खेल खत्म हो चुका है। भारत के 404 रन के जवाब में बांग्लादेश ने पहली पारी में आठ विकेट खोकर 133 रन बना लिए हैं। टीम इंडिया के पास 271 रन की बढ़त है और बांग्लादेश के दो विकेट बचे हुए हैं। वनडे सीरीज में शानदार बल्लेबाजी करने वाले मेहदी हसन मिराज और इबादत हसन क्रीज पर हैं। इन दोनों के बीच अच्छी साझेदारी हो चुकी है और तीसरे दिन यह जोड़ी अपनी टीम को फॉलोऑन से बचाने की कोशिश करेगी। भारत के लिए कुलदीप यादव और मोहम्मद सिराज ने शानदार गेंदबाजी की। कुलदीप ने चार और सिराज ने तीन विकेट लिए। उमेश यादव को एक विकेट मिला।
कुलदीप यादव के सामने बांग्लादेश के बल्लेबाज पस्त हो गए हैं। उन्होंने तैजुल इस्लाम को अपना चौथा शिकार बनाया। तैजुल ने चार गेंदों का सामना किया और अपना खाता भी नहीं खेल पाए। कुलदीप की गुगली पर वह क्लीन बोल्ड हो गए। 102 रन पर आठ विकेट गंवाने के बाद बांग्लादेश की टीम मुश्किल में दिख रही है। बांग्लादेश की टीम अभी भी भारत से 302 रन पीछे है।
102 रन के स्कोर पर बांग्लादेश का सातवां विकेट गिरा है। कुलदीप यादव ने मुश्फिकुर रहीम को एलबीडब्ल्यू आउट किया। रहीम ने 58 गेंद में 28 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके लगाए। रहीम का विकेट गिरने के साथ बांग्लादेश की टीम मुश्किल में आ गई है।
कुलदीप यादव ने भारत को छठी सफलता दिलाई है। उन्होंने विकेटकीपर नुरुल हसन को शुभमन गिल के हाथों कैच आउट कराया। नुरुल हसन ने 22 गेंद में 16 रन बनाए। उनके बल्ले से तीन चौके निकले। शॉर्ट लेग पर शुभमन गिल ने शानदार कैच पकड़ा। अब बांग्लादेश के टीम मुश्किल में दिख रही है।
75 रन के स्कोर पर बांग्लादेश की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। कप्तान शाकिब अल हसन 25 गेंदों में तीन रन बनाकर आउट हो चुके हैं। कुलदीप यादव की गेंद पर विराट कोहली ने उनका कैच पकड़ा। अब बांग्लादेश की टीम मुश्किल में फंसती दिख रही है। फॉलोऑन बचाने के लिए भी बांग्लादेश को अच्छी बल्लेबाजी करने होगी।
चार विकेट के नुकसान पर बांग्लादेश का स्कोर 70 रन के पार जा चुका है। मुश्फिकुर रहीम और शाकिब अल हसन की अनुभवी जोड़ी क्रीज पर है। इन दोनों पर ही बड़ी साझेदारी कर बांग्लादेश को मुश्किल से बाहर निकालने का दारोमदार होगा।
मोहम्मद सिराज ने बांग्लादेश की टीम को मुश्किल में डाल दिया है। उन्होंने जाकिर हसन को पवेलियन भेज भारत को चौथी सफलता दिलाई। इस मैच में यह उनका तीसरा विकेट है। जाकिर हसन ने अपने टेस्ट करियर की पहली पारी में 45 गेंद पर 20 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से तीन चौके निकले। अब बांग्लादेश के लिए कप्तान शाकिब अल हसन और मुश्फिकुर रहीम की अनुभवी जोड़ी क्रीज पर है। इस जोड़ी पर बांग्लादेश को मुश्किल से बाहर निकलाने का दारोमदार होगा।
तीन विकेट के नुकसान पर बांग्लादेश का स्कोर 50 रन के पार जा चुका है। मुश्फिकुर रहीम और जाकिर हसन क्रीज पर हैं। भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया है और यह जोड़ी बड़ी साझेदारी कर बांग्लादेश को मुश्किल से बाहर निकालने की कोशिश करेगी।
39 रन के स्कोर पर बांग्लादेश का तीसरा विकेट गिरा है। मोहम्मद सिराज ने लिटन दास को बोल्ड किया। लिटन दास ने 30 गेंद पर 24 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके लगाए। अब जाकिर हसन के साथ मुश्फिकुर रहीम क्रीज पर हैं। बांग्लादेश ने 15 ओवर में तीन विकेट खोकर 44 रन बना लिए हैं।
दूसरे दिन आखिरी सत्र का खेल शुरू हो चुका है। बांग्लादेश के लिए लिटन दास और जाकिर क्रीज पर हैं। इस सत्र में भारतीय टीम बांग्लादेश के मध्यक्रम पर दबाव बनाने की कोशिश करेगी।
दूसरे दिन दो सत्र का खेल पूरा होने तक बांग्लादेश ने अपनी पहली पारी में दो विकेट खोकर 37 रन बना लिए हैं। जाकिर हसन और लिटन दास क्रीज पर मौजूद हैं। लिटन दास ने चायकाल से पहले तेजी से रन बनाए। वह 26 गेंद में 24 रन बनाकर खेल रहे हैं। अब तक उनके बल्ले से पांच चौके निकले हैं। वहीं भारत के लिए उमेश यादव और मोहम्मद सिराज ने एक-एक विकेट लिया है। बांग्लादेश की टीम अभी भी भारत से 367 रन पीछे है।
इस सत्र में भारत ने तीन विकेट खोकर 52 रन बनाए और अपना स्कोर 404 रन तक पहुंचाया। इसके बाद गेंद के साथ कमाल करते हुए टीम इंडिया ने दो विकेट हासिल कर लिए हैं और 37 रन ही दिए हैं। अब तीसरे सत्र में भारतीय स्पिन गेंदबाज बांग्लादेश के मध्यक्रम पर दबाव बनाकर विकेट निकलाने की कोशिश करेंगे।
पांच रन के स्कोर पर बांग्लादेश का दूसरा विकेट गिरा है। उमेश यादव ने यासिर अली को बोल्ड किया। यासिर ने 17 गेंद में चार रन बनाए। यासिर उमेश की गेंद को ऑफ साइड में खेलना चाह रहे थे, लेकिन गेंद बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर स्टंप में चली गई और बांग्लादेश का दूसरा विकेट गिर गया। चार ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर छह रन पर चार विकेट है। जाकिर के साथ लिटन दास क्रीज पर हैं।
मोहम्मद सिराज ने पारी की पहली ही गेंद पर बांग्लादेश को पहला झटका दे दिया है। उन्होंने नजमुल हसन शान्तो को विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों कैच कराया। 404 रन का स्कोर बनाने के बाद भारत ने गेंद के साथ शानदार शुरुआत की है। अब बांग्लादेश के बल्लेबाजों पर और दबाव रहेगा। दो ओवर का खेल खत्म होने के बाद बांग्लादेश का स्कोर एक विकेट पर तीन रन है। जाकिर और यासिर की जोड़ी क्रीज पर मौजूद है। जाकिर अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे हैं।
पहली पारी में भारत ने 404 रन बनाए हैं। दूसरे दिन टीम इंडिया ने 278/6 से आगे खेलना शुरू किया था। अश्विन और कुलदीप यादव ने शानदार बल्लेबाजी कर टीम इंडिया का स्कोर 400 के पार पहुंचाया। वहीं, बांग्लादेश के लिए आज मेहदी हसन और तैजुल इस्लाम ने विकेट लिए।
पहली पारी में क्या हुआ?
भारतीय कप्तान लोकेश राहुल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। उन्होंने गिल के साथ मिलकर अच्छी शुरुआत दी। हालांकि, गिल 20 रन बनाकर आउट हो गए। इस समय टीम का स्कोर 41 रन था। गिल के पवेलियन लौटते ही कप्तान राहुल और विराट कोहली भी आउट हो गए। 48 रन के स्कोर पर तीन विकेट गंवाने के बाद भारतीय टीम मुश्किल में थी। इसके बाद पंत और पुजारा ने भारतीय पारी को संभाला दोनों ने चौथे विकेट के लिए 64 रन की साझेदारी की। इसके बाद पंत भी 46 रन बनाकर आउट हो गए।
पुजारा ने श्रेयस के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने शानदार बल्लेबाजी की और अपने-अपने अर्धशतक पूरे किए। हालांकि, पुजारा दिन के अंत में शतक बनाने से ठीक पहले आउट हो गए। उन्होंने 90 रन की पारी खेली। इसके बाद अक्षर ने श्रेयस के साथ मिलकर 19 रन जोड़े, लेकिन दिन की आखिरी गेंद पर वह भी आउट हो गए।
दूसरे दिन की शुरुआत में ही श्रेयस अय्यर पवेलियन लौट गए। इसके बाद कुलदीप यादव और अश्विन ने आठवें विकेट के लिए 92 रन की साझेदारी कर भारत का स्कोर 385 रन तक पहुंचा दिया। अश्विन 58 और कुलदीप 40 रन बनाकर आउट हुए। अंत में उमेश ने दो छक्कों की मदद से भारत का स्कोर 404 तक पहुंचा दिया।
बांग्लादेश के लिए तैजुल इस्लाम और मेहदी हसन मिराज ने चार-चार विकेट लिए। खालेद अहमद और इबादत हसन के नाम एक सफलता लगी।
393 रन के स्कोर पर भारत का नौवां विकेट गिरा है। कुलदीप यादव 114 गेंद में 40 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके लगाए। तैजुल इस्लाम ने उन्हें एलबीडब्ल्यू आउट किया। अब मोहम्मद सिराज और उमेश यादव क्रीज पर हैं।
385 रन के स्कोर पर भारत का आठवां विकेट गिरा है। रविचंद्रन अश्विन 113 गेंद में 58 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उनके बल्ले से दो चौके और दो छक्के निकले। मेहदी हसन की गेंद पर अश्विन आगे बढ़कर शॉट खेलना चाहते थे, लेकिन गेंद सीधी निकल गई और अश्विन गेंद के साथ बल्ले का संपर्क नहीं कर पाए। विकेटकीपर ने नुरुल हसन ने उन्हें स्टंप आउट किया। अश्विन ने आठवें विकेट के लिए कुलदीप यादव के साथ 92 रन की बेहतरीन साझेदारी की। इस साझेदारी ने मैच में भारत को आगे कर दिया है। अब टीम इंडिया आसानी से 400 से ज्यादा का स्कोर बनाएगी और बांग्लादेश के बल्लेबाजों पर काफी दबाव रहेगा। उमेश यादव और कुलदीप यादव क्रीज पर हैं। कुलदीप अपने अर्धशतक के करीब पहुंच चुके हैं।
सात विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 375 रन के पार जा चुका है। कुलदीप यादव और रविचंद्रन अश्विन के बीच 80 रन से ज्यादा की साझेदारी हो चुकी है। यह जोड़ी भारत को मैच में बहुत आगे ले आई है। अश्विन अपना अर्धशतक पूरा कर चुके हैं और कुलदीप भी इसी दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। बांग्लादेश के गेंदबाजों का हौसला टूट गया है। अब इस मैच में भारत की पकड़ मजबूत हो रही है।
रविचंद्रन अश्विन ने टेस्ट क्रिकेट में अपना 13वां अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने इसके लिए इस मैच में 91 गेंदों का सामना किया। उनकी इस पारी में दो चौके और दो छक्के शामिल हैं। अश्विन की शानदार पारी के चलते भारतीय टीम बेहतर स्थिति में पहुंच गई है। अब टीम इंडिया जितने ज्यादा रन बनाएगी। बांग्लादेश पर दबाव उतना ज्यादा बढ़ता जाएगा। 126 ओवर का खेल होने के बाद भारत का स्कोर सात विकेट पर 368 रन है।
सात विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 350 रन के पार जा चुका है। कुलदीप यादव और रविचंद्रन अश्विन बेहतरीन अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच आठवें विकेट के लिए अर्दशतकीय साझेदारी हो चुकी है और यह जोड़ी भारत को बेहतरीन स्कोर तक ले गई है। 122 ओवर का खेल होने के बाद भारत का स्कोर सात विकेट पर 154 रन है। अश्विन अपने अर्धशतक के करीब भी पहुंच गए हैं।
दूसरे दिन पहले सत्र का खेल खत्म होने तक टीम इंडिया ने सात विकेट के नुकसान पर 348 रन बना लिए हैं। रविचंद्रन अश्विन और कुलदीप यादव के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज धीमी गति से रन बना रहे हैं और संयम के साथ बल्लेबाजी करते हुए भारत को अच्छे स्कोर तक पहुंचा दिया है। अश्विन 40 और कुलदीप 21 रन बनाकर खेल रहे हैं।
दूसरे दिन पहले सत्र में बांग्लादेश के गेंदबाजों ने शानदार शुरुआत की और श्रेयस अय्यर का विकेट हासिल किया। श्रेयस दूसरे दिन भी जीवनदान मिलने के बावजूद अपना शतक नहीं पूरा कर सके और कल के स्कोर में सिर्फ चार रन जोड़कर आउट हो गए। दिन का पहला घंटा बांग्लादेश के गेंदबाजों के नाम रहा, लेकिन इसके बाद कुलदीप और अश्विन की जोड़ी ने शानदार खेल दिखाया और भारत को अच्छे स्कोर तक पहुंचा दिया।
रविचंद्रन अश्विन और कुलदीप यादव के बीच आठवें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। इसके साथ ही टीम भारतीय टीम का स्कोर 350 रन के करीब पहुंच गया है। इस मैच में भारत की शुरुआत कुछ खास नहीं थी, लेकिन एक बार फिर बल्लेबाजी में गहराई का फायदा टीम इंडिया को मिला। मध्यक्रम ने टीम को संभाला और भारत को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया। चटग्राम की पिच में स्पिन गेंदबाजों को काफी मदद मिल रही है। ऐसे में बांग्लादेश के लिए 350 रन के स्कोर की बराबरी करना बेहद मुश्लिक हो सकता है।
आठवें विकेट के लिए कुलदीप यादव और रविचंद्रन अश्विन के बीच उपयोगी साझेदारी हो रही है। दोनों बल्लेबाज संभलकर संयम के साथ खेल रहे हैं और धीरे-धीरे भारत का स्कोर 350 रन के करीब ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। 115 ओवर का खेल खत्म होने के बाद भारत का स्कोर सात विकेट पर 331 रन है।
सात विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 300 रन के पार जा चुका है। रविचंद्रन अश्विन के साथ कुलदीप यादव क्रीज पर हैं। दोनों बल्लेबाज धीमी गति से बल्लेबाजी कर रहे हैं और दूसरी गेंद के थोड़ा पुराने होने का इंतजार कर रहे हैं। कुलदीप ने अब तक अपना खाता नहीं खोल है। वहीं, अश्विन भी धीमी गति से रन बना रहे हैं। यह जोड़ी टीम इंडिया का स्कोर 350 रन के करीब ले जाने की कोशिश करेगी।
दूसरे दिन भारत को श्रेयस अय्यर के रूप में पहला झटका लगा है। वह आज के दिन अपने खाते में सिर्फ चार रन जोड़ सके। इस बीच उन्हें एक जीवनदान भी मिला, लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा पाए। अय्यर ने 192 गेंदों पर 86 रन बनाए। उनकी पारी में 10 चौके शामिल थे। इबादत हसन ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। अब रविचंद्रन अश्विन के साथ कुलदीप यादव क्रीज पर हैं। 99 ओवर का खेल हो चुका है और भारत ने सात विकेट खोकर 293 रन बना लिए हैं।
दूसरे दिन अश्विन ने बेहतरीन बल्लेबाजी की है और भारत का स्कोर 300 रन के करीब पहुंच चुका है। आज भी श्रेयस को एक जीवनदान मिला है। लिटन दास ने उनका आसान कैच छोड़ दिया। 97 ओवर के बाद भारत का स्कोर छह विकेट पर 293 रन है।
दूसरे दिन का खेल शुरू हो चुका है। रविचंद्रन अश्विन अब श्रेयस अय्यर का साथ निभाने के लिए आए हैं। बांग्लादेश के लिए तैजुल इस्लाम ने गेंदबाजी की शुरुआत की। भारत ने दिन की पहली ही गेंद पर रन बनाया। छह विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 280 रन के पार जा चुका है।
भारतीय कप्तान लोकेश राहुल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। उन्होंने गिल के साथ मिलकर अच्छी शुरुआत दी। हालांकि, गिल 20 रन बनाकर आउट हो गए। इस समय टीम का स्कोर 41 रन था। गिल के पवेलियन लौटते ही कप्तान राहुल और विराट कोहली भी आउट हो गए। 48 रन के स्कोर पर तीन विकेट गंवाने के बाद भारतीय टीम मुश्किल में थी। इसके बाद पंत और पुजारा ने भारतीय पारी को संभाला दोनों ने चौथे विकेट के लिए 64 रन की साझेदारी की। इसके बाद पंत भी 46 रन बनाकर आउट हो गए।
पुजारा ने श्रेयस के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने शानदार बल्लेबाजी की और अपने-अपने अर्धशतक पूरे किए। हालांकि, पुजारा दिन के अंत में शतक बनाने से ठीक पहले आउट हो गए। उन्होंने 90 रन की पारी खेली। इसके बाद अक्षर ने श्रेयस के साथ मिलकर 19 रन जोड़े, लेकिन दिन की आखिरी गेंद पर वह भी आउट हो गए। अब श्रेयस अय्यर क्रीज पर बने हुए हैं। वहीं, रविचंद्रन अश्विन, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और उमेश यादव का बल्लेबाजी करना बाकी है।
पहले दिन बांग्लादेश के लिए तैजुल इस्लाम ने तीन विकेट लिए। वहीं, मेहदी हसन मिराज को दो विकेट मिले। खालेद अहमद के नाम एक सफलता लगी। इबादत हसन ने भी श्रेयस अय्यर को आउट कर दिया था, लेकिन बेल्स नहीं गिरीं और श्रेयस अभी भी नाबाद हैं।
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और बांग्लादेश के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला चटग्राम के जहूर अहमद चौधरी स्टेडियम में खेला जा रहा है। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से भारत के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है। टीम इंडिया इस सीरीज के दोनों मैच जीतकर विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में अपनी स्थिति बेहतर करना चाहेगी।