फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs BAN Highlights: भारत ने बांग्लादेश को सात विकेट से हराया, हार्दिक-सूर्यकुमार की शानदार बल्लेबाजी

Sun, 06 Oct 2024 10:01 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, ग्वालियर

खास बातें

India vs Bangladesh 1st T20 2024: भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को सात विकेट से हराया। इस मैच में अर्शदीप सिंह और वरुण चक्रवर्ती के बाद सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। भारत ने इस तरह तीन मैचों की सीरीज 1-0 की बढ़त बना ली है। 
विज्ञापन
भारत बनाम बांग्लादेश लाइव स्कोर - फोटो : BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:54 PM, 06-Oct-2024

IND vs BAN Live: भारत ने जीता मुकाबला

गेंदबाजों के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव और ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से भारतीय टीम ने ग्वालियर में खेले गए पहले टी20 मुकाबले में बांग्लादेश को सात विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.5 ओवर में 127 रन बनाए थे। जवाब में भारतीय टीम ने 11.5 ओवर में तीन विकेट पर 132 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम किया। भारत के लिए सबसे ज्यादा रन हार्दिक ने बनाए जो 16 गेंदों पर पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से 39 रन बनाकर नाबाद रहे। 

हार्दिक के अलावा कप्तान सूर्यकुमार ने भी आक्रामक बल्लेबाजी की और 14 गेंदों पर दो चौकों और तीन छक्कों की मदद से 29 रन बनाए। अपना पहला मैच खेलने वाले नीतीश रेड्डी भी 15 गेंदों पर 16 रन बनाकर नाबाद लौटे। बांग्लादेश के लिए मुस्तफिजुर रहमान और मेहदी हसन मिराज ने एक-एक विकेट झटके। 

09:49 PM, 06-Oct-2024

IND vs BAN Live: हार्दिक-नीतीश की शानदार बल्लेबाजी

हार्दिक पांड्या और नीतीश रेड्डी ने बल्ले से अपना दम दिखाया और भारत को जीत की ओर अग्रसर कर दिया। भारतीय टीम को जीत के लिए 54 गेंदों पर 12 रनों की जरूरत है। हार्दिक 25 रन और नीतीश 15 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। 

09:31 PM, 06-Oct-2024

IND vs BAN Live: संजू सैमसन आउट हुए

मेहदी हसन मिराज ने संजू सैमसन को आउट कर भारत को तीसरा झटका दिया। अच्छी शुरुआत के बाद बांग्लादेश ने भारतीय रन गति पर लगाम लगाने की कोशिश की है। ओपनिंग बल्लेबाज के तौर पर उतरे सैमसन 19 गेंदों पर 29 रन बनाकर आउट हुए। भारत ने आठ ओवर की समाप्ति के बाद तीन विकेट पर 84 रन बना लिए हैं। 

विज्ञापन
09:21 PM, 06-Oct-2024

IND vs BAN Live: भारत को लगा दूसरा झटका

मुस्तफिजुर रहमान ने कप्तान सूर्यकुमार यादव को आउट कर भारत को दूसरा झटका दिया। सूर्यकुमार तेजी से खेल रहे थे और बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में विकेट गंवा बैठे। सूर्यकुमार 14 गेंदों पर दो चौकों और तीन छक्कों की मदद से 29 रन बनाकर आउट हुए। 

09:18 PM, 06-Oct-2024

IND vs BAN Live: भारत का स्कोर 50 के पार

कप्तान सूर्यकुमार यादव ने तेजी से खेलते हुए भारत का स्कोर पांच ओवर के बाद 50 रन के पार पहुंचा दिया है। सूर्यकुमार और सैमसन ने अभिषेक शर्मा के आउट होने के बाद भारतीय पारी को गति दी। इस दौरान सूर्यकुमार ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की और टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा छक्का लगाने के मामले में इंग्लैंड के जोस बटलर को पीछे छोड़ दिया। सूर्यकुमार इस सूची में चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं। 

विज्ञापन
09:02 PM, 06-Oct-2024

IND vs BAN Live: अभिषेक शर्मा रन आउट हुए

अभिषेक शर्मा तेजी से रन चुराने के चक्कर में रन आउट हो गए। भारत को इस तरह 25 रन के स्कोर पर पहला झटका लगा है। भारतीय टीम ने तेजी से शुरुआत की थी, लेकिन अभिषेक जल्दबाजी में अपना विकेट गंवा बैठे। अभिषेक सात गेंदों पर 16 रन बनाकर आउट हुए। 

08:54 PM, 06-Oct-2024

IND vs BAN Live: भारत की पारी शुरू

बांग्लादेश के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय पारी शुरू हो गई है और अभिषेक शर्मा तथा संजू सैमसन पारी का आगाज करने उतरे हैं। बांग्लादेश ने भारत के सामने जीत के लिए 128 रनों का लक्ष्य है। 

08:42 PM, 06-Oct-2024

IND vs BAN Live: बांग्लादेश की पारी 127 रन पर ढेर

तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और स्पिनर वरुण चक्रवर्ती की अगुआई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत ने बांग्लादेश को 19.5 ओवर में 127 रन पर ऑलआउट कर दिया। बांग्लादेश ने इस तरह पहले मैच में भारत के सामने जीत के लिए 128 रनों का लक्ष्य रखा है। बांग्लादेश के लिए मेहदी हसन मिराज ने 32 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से नाबाद 35 रन बनाए। भारत की ओर से अर्शदीप और वरुण ने तीन-तीन विकेट झटके, जबकि डेब्यू करने वाले मयंक यादव, अनुभवी ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या और वाशिंगटन सुंदर ने एक-एक विकेट अपने नाम किए।

अर्शदीप ने बांग्लादेश को शुरुआती झटके दिए जिससे टीम अंत तक नहीं उबर सकी और उसकी बल्लेबाजी काफी खराब रही। भारत के लिए तीन साल बाद कोई टी20 मुकाबला खेलने उतरे वरुण ने वापसी पर प्रभावित किया, जबकि अर्शदीप ने भी कसी हुई गेंदबाजी कर बांग्लादेश को बड़ा स्कोर खड़ा करने से रोके रखा। मयंक यादव ने अपने टी20 करियर का पहला ओवर मेडन डाला और एक विकेट लेने में भी सफल रहे। कुल मिलाकर भारतीय गेंदबाजी इस मैच में शानदार रही। 

08:31 PM, 06-Oct-2024

IND vs BAN Live: हार्दिक ने शौरिफुल को आउट किया

भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने शौरिफुल इस्लाम को आउट कर भारत को नौवीं सफलता दिलाई। शौरिफुल खाता खोले बिना आउट हुए। बांग्लादेश ने 18 ओवर की समाप्ति के बाद नौ विकेट पर 117 रन बनाए हैं। 

08:29 PM, 06-Oct-2024

IND vs BAN Live: बांग्लादेश को लगा आठवां झटका

तस्कीन अहमद जल्दी से रन चुराने के चक्कर में अपना विकेट गंवा बैठे और रन आउट होकर आठवें बल्लेबाज के रूप में पवेलियन लौटे। तस्कीन 13 गेंदों पर 12 रन बनाकर आउट हुए। 

08:12 PM, 06-Oct-2024

IND vs BAN Live: वरुण को मिली तीसरी सफलता

भारतीय स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने शानदार वापसी की है और बांग्लादेश की पारी लड़खड़ा दी है। वरुण ने रिशाद हुसैन को आउट कर बांग्लादेश को सातवां झटका दिया। रिशाद पांच गेंदों पर 11 रन बनाकर आउट हुए। वरुण का इस मैच का यह तीसरा विकेट है। मालूम हो कि वरुण तीन साल बाद भारत के लिए कोई टी20 मुकाबला खेल रहे हैं। 

08:03 PM, 06-Oct-2024

IND vs BAN Live: बांग्लादेश को लगा छठा झटका

वाशिंगटन सुंदर ने कप्तान नजमुल हुसैन शांतो को आउट कर बांग्लादेश को छठा झटका दिया। शांतो 25 गेंदों पर 27 रन बनाकर आउट हुए। बांग्लादेश की पारी लड़खड़ा गई है और उसने 12 ओवर की समाप्ति के बाद छह विकेट पर 75 रन बनाए हैं। फिलहाल क्रीज पर मेहदी हसन मिराज और रिशाद हुसैन मौजूद हैं। 

07:49 PM, 06-Oct-2024

IND vs BAN Live: बांग्लादेश को लगा पांचवां झटका

स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने जाकिर अली को आउट कर बांग्लादेश को पांचवां झटका दिया। वरुण ने जाकिर को बोल्ड किया जिससे बांग्लादेश ने 57 रन के स्कोर पर अपना पांचवां विकेट गंवा दिया। वरुण का इस मैच का यह दूसरा विकेट है। 

07:39 PM, 06-Oct-2024

IND vs BAN Live: मयंक को मिला करियर का पहला विकेट

बांग्लादेश के खिलाफ पहले टी20 से डेब्यू करने वाले तेज गेंदबाज मयंक यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला विकेट झटका। अपना पहला ओवर मेडन डालने वाले मयंक ने अपने दूसरे ही ओवर में महमूदुल्लाह को आउट किया। महमूदुल्लाह दो गेंदों पर एक रन बनाकर आउट हुए। बांग्लादेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही है और उसने आठ ओवर की समाप्ति के बाद 85 रन पर चार विकेट गंवा दिए हैं। 

07:34 PM, 06-Oct-2024

IND vs BAN Live: तौहीद ह्रदोय आउट हुए

स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तौहीद ह्रदोय को अपना शिकार बनाया और भारत को तीसरी सफलता दिलाई। वरुण की गेंद पर ह्रदोय ने बड़ा शॉट लगाने की कोशिश की, लेकिन हार्दिक पांड्या को कैच थमा बैठे। ह्रदोय 18 गेंदों पर 12 रन बनाकर आउट हुए। बांग्लादेश ने 40 रन पर तीन विकेट गंवा दिए हैं और उसकी शुरुआत अच्छी नहीं रही है। तीन साल बाद भारत के लिए टी20 मुकाबला खेल रहे वरुण की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और उन्होंने अपने पहले ओवर से 15 रन लुटाए थे, लेकिन कप्तान सूर्यकुमार ने उन पर भरोसा जताया और वरुण अगले ही ओवर में विकेट निकालने में सफल रहे। 

07:31 PM, 06-Oct-2024

IND vs BAN Live: पावरप्ले में कमाल नहीं दिखा सका बांग्लादेश

बांग्लादेश की टीम भारत के खिलाफ पावरप्ले में जलवा नहीं बिखेर सकी और उसने छह ओवर की समाप्ति के बाद दो विकेट पर 39 रन बनाए। इस मैच से डेब्यू करने वाले तेज गेंदबाज मयंक यादव ने अपना पहला ही ओवर मेडन फेंका। बांग्लादेश के लिए तौहीद ह्रदोय और नजमुल हुसैन शांतो क्रीज पर मौजूद हैं। 

07:13 PM, 06-Oct-2024

IND vs BAN Live: अर्शदीप ने परवेज को आउट किया

भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए बांग्लादेश को दूसरा झटका दिया। अर्शदीप ने लिटन के बाद परवेज हुसैन इमोन को बोल्ड किया। बांग्लादेश ने इस तरह 15 रन के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए हैं और उसे दोनों झटके अर्शदीप ने ही दिए हैं। परवेज नौ गेंदों पर आठ रन बनाकर आउट हुए। 

07:06 PM, 06-Oct-2024

IND vs BAN Live: बांग्लादेश को लगा पहला झटका

तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने लिटन दास को पहले ही ओवर में आउट कर भारत को शुरुआती सफलता दिलाई। लिटन ने अर्शदीप की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद हवा में टंग गई और ज्यादा दूर नहीं जा सकी। रिंकू सिंह ने लिटन का शानदार कैच पकड़ा और इस तरह बांग्लादेश को पहला झटका लगा। लिटन दो गेंदों पर चार रन बनाकर पवेलियन लौटे। 

07:02 PM, 06-Oct-2024

IND vs BAN Live: बांग्लादेश की पारी शुरू

भारत के खिलाफ पहले मुकाबले में बांग्लादेश की पारी शुरू हो गई है। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। बांग्लादेश के लिए लिटन दास के साथ परवेज हुसैन पारी का आगाज करने उतरे हैं, जबकि भारत की ओर से तेज गेंदबाज मयंक यादव गेंदबाजी की शुरुआत करने आए हैं। 

06:36 PM, 06-Oct-2024

IND vs BAN Live: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

भारतः अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव (कप्तान), नीतीश रेड्डी, हार्दिक पांड्या, रियान पराग, रिंकू सिंह, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, मयंक यादव। 

बांग्लादेशः लिटन दास (विकेटकीपर), नजमुल हुसैन शांतो (कप्तान), परवेज हुसैन इमोन, तौहीद ह्रदोय, महमूदुल्लाह, जाकिर अली, मेहदी हसन मिराज, रिशाद हुसैन, तस्कीन अहमद, मुस्तफिजुर रहमान, शौरिफुल इस्लाम। 

06:31 PM, 06-Oct-2024

IND vs BAN Live: भारत ने जीता टॉस

बांग्लादेश के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। सूर्यकुमार ने बताया कि इस मुकाबले के लिए तिलक वर्मा, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा और जितेश शर्मा को मौका नहीं दिया गया है। भारत के लिए तेज गेंदबाज मयंक यादव और नीतीश रेड्डी ने डेब्यू किया है। वहीं, स्पिनर वरुण चक्रवर्ती तीन साल बाद भारतीय टीम के लिए कोई टी20 मुकाबला खेलेंगे। 

06:26 PM, 06-Oct-2024

IND vs BAN Live: चोट के बाद वापसी के लिए हार्दिक तैयार

तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए कप्तान सूर्यकुमार यादव उतरेंगे तो चौथे स्थान पर रियान पराग खेलते हुए नजर आ सकते हैं। जिम्बाब्वे के खिलाफ इसी साल डेब्यू करने वाले दाएं हाथ के बल्लेबाज ने अब तक चार पारियों में 57 रन बनाए हैं। वह श्रीलंका दौरे पर भी भारत की टीम का हिस्सा थे। पांचवें नंबर पर स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या उतरेंगे जो दो महीने से ज्यादा समय के बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय में क्रिकेट में वापसी करेंगे। छठे स्थान पर रिंकू सिंह को मौका मिलेगा। श्रीलंका दौरे पर उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिले थे।

06:13 PM, 06-Oct-2024

IND vs BAN Live: भारतीय टीम मुकाबले के लिए तैयार

सूर्यकुमार यादव की अगुआई में भारतीय टीम बांग्लादेश के खिलाफ इस मुकाबले के लिए तैयार है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने एक वीडियो शेयर किया जिसमें कप्तान सूर्यकुमार, मुख्य कोच गौतम गंभीर और अनुभवी ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या मैदान पर उतरे। 

06:10 PM, 06-Oct-2024

IND vs BAN Live: अभिषेक-सैमसन करेंगे पारी की शुरुआत

बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में अभिषेक शर्मा के साथ संजू सैमसन पारी की शुरुआत करने उतरेंगे। भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मैच से एक दिन पूर्व इसकी जानकारी दी थी। सूर्यकुमार यादव ने पहले टी20 मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था, संजू सैमसन खेलेंगे और अभिषेक शर्मा के साथ सीरीज में ओपनिंग बल्लेबाज के तौर पर उतरेंगे।

06:04 PM, 06-Oct-2024

IND vs BAN Highlights: भारत ने बांग्लादेश को सात विकेट से हराया, हार्दिक-सूर्यकुमार की शानदार बल्लेबाजी

Live Cricket Score Today, India vs Bangladesh 1st T20 2024: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। टेस्ट सीरीज जीतने के बाद भारतीय टीम की नजरें अब टी20 सीरीज में सकारात्मक शुरुआत करने पर टिकी होगी। सूर्यकुमार की अगुआई में टीम इंडिया ग्वालियर में जीत के साथ सीरीज का आगाज करना चाहेगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें