भारत ने ऑस्ट्रेलिया को टी20 वर्ल्ड कप के प्रैक्टिस मैच में छह रन से हरा दिया है। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 186 रन बनाए। केएल राहुल ने 33 गेंदों में 57 रन और सूर्यकुमार यादव ने 33 गेंदों में 50 रन की पारी खेली। जवाब में डेथ ओवर्स में भारत की शानदार गेंदबाजी और फील्डिंग की बदलौत ऑस्ट्रेलियाई टीम 20 ओवर में 180 रन पर ऑलआउट हो गई।
आखिरी पांच ओवर में ऑस्ट्रेलिया को 43 रन की जरूरत थी। तब उसके आठ विकेट बचे थे। फिंच और मैक्सवेल बल्लेबाजी कर रहे थे। इसके बाद भुवनेश्वर कुमार ने 16वें ओवर में सिर्फ चार रन दिए और एक विकेट लिया। 17वें ओवर में अश्विन ने 10 रन दिए। 18वें ओवर में अर्शदीप गेंदबाजी के लिए आए और 13 रन दिए। पिछले कुछ समय से टीम इंडिया के लिए 19वां परेशानी का सबब रही है।
हालांकि, इस मैच में हर्षल पटेल 19वां ओवर लेकर आए और सिर्फ पांच रन खर्च किए। इस ओवर में दो विकेट भी गिरे। हर्षल ने पहले फिंच को क्लीन बोल्ड किया। फिर इस ओवर में विराट कोहली के डायरेक्ट हिट पर टिम डेविड रन आउट हुए। 20वें ओवर में मोहम्मद शमी पहली बार गेंदबाजी के लिए आए। उन्हें 11 रन बचाने थे। सामने पैट कमिंस और जोश इंगलिस थे।
शमी के आखिरी ओवर का रोमांच
ऑस्ट्रेलिया को 16वें ओवर में तीसरा झटका लगा। भुवनेश्वर ने मैक्सवेल को विकेटकीपर कार्तिक के हाथों कैच कराया। मैक्सवेल 16 गेंदों में 23 रन बना सके। 16 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर तीन विकेट पर 148 रन है।
14 ओवर में ऑस्ट्रेलिया ने दो विकेट गंवाकर 134 रन बना लिए हैं। फिलहाल एरॉन फिंच 43 गेंदों में 62 रन और ग्लेन मैक्सवेल 16 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 30+ रन की साझेदारी हो चुकी है। ऑस्ट्रेलिया को 36 गेंदों में 53 रन की जरूरत है।
11 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया ने दो विकेट गंवाकर 97 रन बना लिए हैं। फिलहाल एरॉन फिंच 34 गेंदों में 43 रन और ग्लेन मैक्सवेल बल्लेबाजी कर रहे हैं। भारतीय गेंदबाजी काफी महंगे साबित हुए हैं। मिचेल मार्श को भुवनेश्वर ने बोल्ड किया। इसके बाद युजवेंद्र चहल ने 11वें ओवर में स्टीव स्मिथ को बोल्ड किया। स्मिथ 11 रन बना सके। फिलहाल ऑस्ट्रेलिया को फिलहाल 54 गेंदों में 90 रन की जरूरत है।
आठ ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया ने एक विकेट गंवाकर 76 रन बना लिए हैं। फिलहाल एरॉन फिंच 24 गेंदों में 31 रन और स्टीव स्मिथ दो रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। भारतीय गेंदबाजी काफी महंगे साबित हुए हैं। मिचेल मार्श एकमात्र आउट होने वाले खिलाड़ी हैं। उन्हें भुवनेश्वर ने बोल्ड किया। ऑस्ट्रेलिया को फिलहाल 72 गेंदों में 111 रन की जरूरत है।
छठे ओवर में 41 के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका लगा। भुवनेश्वर कुमार ने मिचेल मार्श को बोल्ड किया। मार्श 18 गेंदों पर 35 रन की शानदार पारी खेलकर आउट हुए। अपनी पारी में मार्श ने चार चौके और दो छक्के लगाए। फिलहाल स्टीव स्मिथ और एरॉन फिंच क्रीज पर हैं।
187 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने तीन ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 27 रन बना लिए हैं। फिलहाल मिचेल मार्श 12 गेंदों में 21 रन और कप्तान एरॉन फिंच छह गेंदों में पांच रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
भारत ने प्रैक्टिस मैच में ऑस्ट्रेलिया के सामने 20 ओवर में 187 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 186 रन बनाए। केएल राहुल और सूर्यकुमार यादव के अलावा कोई बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सका। राहुल ने 33 गेंदों में 57 रन और सूर्यकुमार ने 33 गेंदों में 50 रन की पारी खेली।
टीम इंडिया की शुरुआत शानदार रही। रोहित शर्मा और राहुल ने पहले विकेट के लिए 45 गेंदों में 78 रन की साझेदारी निभाई। पहले चार ओवर में तो रोहित खाता भी नहीं खोल पाए थे, क्योंकि उन्हें स्ट्राइक नहीं मिल रहा था। राहुल ने अर्धशतक जड़ा, लेकिन इसके बाद ज्यादा देर तक मैदान पर नहीं टिक सके। वह 33 गेंदों में छह चौके और तीन छक्के की मदद से 57 रन बनाकर आउट हुए।
रोहित 14 गेंदों में 15 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, विराट कोहली 13 गेंदों में 19 रन ही बना सके। हार्दिक पांड्या भी फेल रहे और दो ही रन बनाकर आउट हुए। दिनेश कार्तिक और सूर्यकुमार यादव ने भारतीय पारी संभालने की कोशिश की। हालांकि, कार्तिक 14 गेंदों में 20 रन बनाकर आउट हो गए। सूर्यकुमार ने अर्धशतक जड़ा। वह आखिरी ओवर में फुल टॉस पर छक्का जड़ने के चक्कर में कैच आउट हो गए।
सूर्या ने 33 गेंदों पर 50 रन की अपनी पारी में छह चौके और एक छक्का लगाया। अश्विन दो गेंदों पर छह रन बनाकर आउट हुए। वहीं, अक्षर पटेल छह रन बनाकर नाबाद रहे। ऑस्ट्रेलिया की ओर से केन रिचर्डसन ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए। वहीं, स्टार्क, ग्लेन मैक्सवेल और एश्टन एगर को एक-एक विकेट मिला।
भारत ने 17 ओवर के बाद पांच विकेट गंवाकर 157 रन बना लिए हैं। फिलहाल सूर्यकुमार यादव 21 गेंदों में 32 रन और अक्षर पटेल दो रन बनाकर क्रीज पर हैं। दिनेश कार्तिक 14 गेंदों में 20 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें केन रिचर्डसन ने मैक्सवेल के हाथों कैच कराया।
14 ओवर के बाद भारत ने चार विकेट गंवाकर 128 रन बना लिए हैं। फिलहाल दिनेश कार्तिक एक रन और सूर्यकुमार यादव 25 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। 14वें ओवर में हार्दिक पांड्या दो रन बनाकर आउट हुए। उन्हें केन रिचर्डसन ने टिम डेविड के हाथों कैच कराया।
13वें ओवर में मिचेल स्टार्क ने विराट कोहली को मिचेल मार्श के हाथों कैच कराया। कोहली 13 गेंदों में 19 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में एक चौका और एक छक्का लगाया। इससे पहले रोहित भी 15 रन बनाकर आउट हुए थे। वहीं, केएल राहुल ने 57 रनों की तूफानी पारी खेली थी। फिलहाल हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव क्रीज पर हैं।
10 ओवर के बाद भारत ने दो विकेट गंवाकर 89 रन बना लिए हैं। फिलहाल विराट कोहली छह रन और सूर्यकुमार यादव पांच रन बनाकर क्रीज पर हैं। इससे पहले केएल राहुल 33 गेंदों में 57 रन बनाकर मैक्सवेल की गेंद पर कैच आउट हुए। वहीं, कप्तान रोहित शर्मा 14 गेंदों में 15 रन बनाकर एश्टन एगर की गेंद पर कैच आउट हुए।
नौवें ओवर में 80 के स्कोर पर भारत को दूसरा झटका लगा। उन्हें एश्टन एगर ने मैक्सवेल के हाथों कैच कराया। रोहित 14 गेंदों में 15 रन बना सके। अपनी पारी में उन्होंने एक चौका और एक छक्का लगाया। फिलहाल विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव क्रीज पर हैं। नौ ओवर के बाद भारत का स्कोर 82/2 है।
आठवें ओवर में भारत को पहला झटका लगा। केएल राहुल 33 गेंदों में 57 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में छह चौके और तीन छक्के लगाए। राहुल को मैक्सवेल ने एश्टन एगर के हाथों कैच कराया। फिलहाल विराट कोहली और रोहित शर्मा क्रीज पर हैं। आठ ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 79 रन है।
सात ओवर के बाद भारत ने बिना कोई विकेट गंवाए 75 रन बना लिए हैं। केएल राहुल ने 27 गेंदों में अर्धशतक जड़ा। वह फिलहाल 31 गेंदों में 55 रन और रोहित शर्मा 11 गेंदों में 14 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
तीन ओवर के बाद भारत ने बिना कोई विकेट गंवाए 27 रन बना लिए हैं। तीन ओवर के बाद भी कप्तान रोहित शर्मा खाता नहीं खोल पाए हैं। वह अब तक सिर्फ दो गेंद ही खेल सके हैं। वहीं, केएल राहुल 16 गेंदों में 23 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
भारत के लिए केएल राहुल और रोहित शर्मा ओपनिंग के लिए आए हैं। राहुल ने वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछल मैच में खूब रन बनाए थे और वह अच्छे फॉर्म में हैं। मिचेल स्टार्क के पहले ओवर में उन्होंने एक चौका भी जड़ा। एक ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना कोई विकेट गंवाए नौ रन है। फिलहाल राहुल पांच गेंदों में आठ रन और रोहित खाता खोले बिना मैदान पर हैं।
ऑस्ट्रेलिया (प्लेइंग इलेवन): एरॉन फिंच (कप्तान), ग्लेन मैक्सवेल, मिशेल मार्श, स्टीव स्मिथ, मार्कस स्टोइनिस, जोश इंगलिस (विकेटकीपर), टिम डेविड, एश्टन एगर, पैट कमिंस, मिशेल स्टार्क, केन रिचर्डसन।
बेंच पर: मैथ्यू वेड, डेविड वॉर्नर, एडम जैम्पा, जोश हेजलवुड
भारतीय स्क्वॉड (11 बैटिंग, 11 फील्डिंग): रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा, हार्दिक पांड्या, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), दिनेश कार्तिक, रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, हर्षल पटेल, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह।
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान एरॉन फिंच ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। टॉस के दौरान फिंच ने कहा- पिच काफी अच्छी लग रही है और हम लक्ष्य का पीछा करना चाहेंगे। हमने इस टूर्नामेंट से पहले यहां क्रिकेट खेला है। हम इंग्लैंड के खिलाफ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर पाए थे। कुछ विकेट जल्दी गंवा दिए। डेविड वॉर्नर, मैथ्यू वेड, जोश हेजलवुड और एडम जैम्पा आज के मैच में नहीं खेल रहे।
वहीं, रोहित ने कहा- बस कुछ चीजों को आजमाना चाहता हूं। हमें पहले बल्लेबाजी करने और लक्ष्य निर्धारित करने में कोई आपत्ति नहीं है। हम यहां जल्दी आ गए और पर्थ में ट्रेनिंग कैंप लगाई। ये दो प्रैक्टिस गेम हमें यहां ढलने में मदद करेगा। हम यहां दो मैचों में कुछ चीजों को आजमाना चाहते हैं। मुझे पता है कि मेरे दिमाग में कौन से गेंदबाज खेलेंगे, लेकिन उन्हें आत्मविश्वास देना जरूरी है। उनमें से कुछ ऑस्ट्रेलिया के अपने पहले दौरे पर हैं, जो क्रिकेट खेलने और परिस्थितियों को सीखने का आनंद लेने के लिए एक शानदार जगह है। यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है, एक आईसीसी टूर्नामेंट में भारतीय कप्तान के रूप में मेरा पहला मौका है और मैं इसका आनंद लेना चाहूंगा।
भारतीय टीम के कप्तान रोहित और टीम मैनेजमेंट के लिए सबसे बड़ा सवाल ऋषभ पंत और दिनेश कार्तिक में से किसी एक विकेटकीपर बल्लेबाज को चुनना है। पंत के नहीं खेलने पर भारतीय मध्यक्रम या यूं कहें बैटिंग लाइन अप में अक्षर को छोड़कर कोई बाएं हाथ का बल्लेबाज नहीं है। वहीं, कार्तिक फिलहाल अच्छे फॉर्म में हैं। प्रैक्टिस मैच में प्लेइंग-11 तय नहीं होती। किसी भी गेंदबाज या बल्लेबाज को आजामाया जा सकता है।
जसप्रीत बुमराह के चोटिल होकर वर्ल्ड कप से बाहर होने के बाद चयनकर्ताओं ने मोहम्मद शमी को स्क्वॉड में शामिल किया। हालांकि, वह कितने फिट हैं, यह अब तक पता नहीं चल सका है। कोरोना से उबरने के बाद उन्हें एक भी मैच प्रैक्टिस नहीं मिली है। ऐसे में इस मैच के जरिये उनकी फिटनेस को परखा जाएगा।
कोहली काफी दिनों बाद टीम में वापसी करेंगे। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा मैच वह नहीं खेले थे। वहीं, वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो वार्म अप मैचों में भी उन्होंने हिस्सा नहीं लिया था।
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने हाल ही में बताया था कि पाकिस्तान के खिलाफ सुपर-12 राउंड के पहले मैच के लिए उन्होंने पहले ही प्लेइंग-11 सोच रखा है। ऐसे में वह उसी प्लेइंग-11 के साथ मैच प्रैक्टिस के लिए मैदान पर उतर सकते हैं।
टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-12 राउंड से पहले सुपर-12 में पहुंच चुकी टीमों को आपस में प्रैक्टिस मैच खेलना है। इसी कड़ी में सोमवार को भारत का सामना ऑस्ट्रेलिया से है। टीम इंडिया फिलहाल टी20 में दुनिया की नंबर-वन टीम है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया डिफेंडिंग चैंपियन है। हाल ही में भारत ने अपने घरेलू मैदान पर ऑस्ट्रेलिया को तीन मैचों की सीरीज में 2-1 से पटखनी दी थी। ऐसे में प्रैक्टिस मैच में भी टीम इंडिया इस दबदबे को बनाए रखने की कोशिश करेगी।