ऑस्ट्रेलिया ने भारत को वर्षा से बाधित पहले वनडे मुकाबले में सात विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली है। बारिश के कारण चार बार मैच को रोकना पड़ा जिस कारण इसे 26-26 ओवर कराने का फैसला किया गया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 26 ओवर में नौ विकेट पर 136 रन बनाए। डकवर्थ लुइस नियम के तहत ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 131 रनों का लक्ष्य मिला। ऑस्ट्रेलिया ने कप्तान मिचेल मार्श की शानदार पारी के दम पर 21.1 ओवर में तीन विकेट पर 131 रन बनाकर मैच जीत लिया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया के लिए मार्श ने अच्छी बल्लेबाजी की और वह अंत तक टिके रहे। मार्श हालांकि, अर्धशतक पूरा नहीं कर सके और 52 गेंदों पर दो चौकों और तीन छक्कों की मदद से 46 रन बनाकर नाबाद रहे। मार्श के अलावा जोश फिलिप ने 37 रन बनाए, जबकि मैट रेनशॉ 21 रन बनाकर नाबाद रहे। ऑस्ट्रेलिया के लिए ट्रेविस हेड ने आठ और मैथ्यू शॉर्ट ने आठ रन बनाए। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह, अक्षर पटेल और वाशिंगटन सुंदर को एक-एक विकेट मिला।
ऑस्ट्रेलिया को तीसरा झटका 99 के स्कोर पर वाशिंगटन सुंदर ने दिया। उन्होंने जोश फिलिप को अर्शदीप सिंह के हाथों कैच कराया। वह 29 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 37 रन बनाकर आउट हुए। अब मिचेल मार्श का साथ देने मैट रेनशॉ आए हैं।
कप्तान मिचेल मार्श और जोश फिलिप के बीच साझेदारी पनप रही है जिससे ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 70 के पार पहुंच गया है। भारत के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने दो विकेट गंवाए हैं, लेकिन मार्श और फिलिप ने टीम को संभाले रखा है।
भारत के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 35 रन के पार पहुंच गया है। क्रीज पर मिचेल मार्श के साथ मैथ्यू शॉर्ट मौजूद हैं।
ऑस्ट्रेलिया को ट्रेविस हेड के रूप में पहला झटका लगा है। हेड पांच गेंदों पर दो चौकों की मदद से आठ रन बनाकर आउट हुए। हेड को अर्शदीप सिंह ने पवेलियन की राह दिखाई।
भारत के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की पारी शुरू हो गई है। ऑस्ट्रेलिया के लिए ट्रेविस हेड के साथ मिचेल मार्श पारी की शुरुआत करने उतरे हैं। भारत ने वर्षा से बाधित मुकाबले में 26 ओवर में नौ विकेट पर 136 रन बनाए। डकवर्थ लुइस नियम के तहत ऑस्ट्रेलिया को 131 रनों का संशोधित लक्ष्य मिला है।
भारतीय टीम ने वर्षा से बाधित पहले वनडे मैच में 26 ओवर में नौ विकेट पर 136 रन बनाए। बारिश के कारण चार बार मैच रोकना पड़ा जिसके कारण ओवरों में कटौती की गई और मुकाबला 26 ओवर का कराया गया। डकवर्थ लुइस नियम के तहत ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 26 ओवर में 131 रन बनाने होंगे। भारत के लिए केएल राहुल ने सबसे ज्यादा 38 रन बनाए, जबकि अक्षर पटेल ने 31 रनों की पारी खेली।
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन भारत की बल्लेबाजी खराब रही और उसने पावरप्ले में ही रोहित शर्मा, विराट कोहली और कप्तान शुभमन गिल के विकेट गंवाए। रोहित और कोहली 223 दिनों बाद भारत के लिए खेलने उतरे थे, लेकिन दोनों ही बल्लेबाज प्रभावित नहीं कर सके। इसके बाद श्रेयस अय्यर भी 11 रन बनाकर आउट हुए। अक्षर और राहुल ने साझेदारी कर भारतीय पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन बार-बार आ रही बारिश ने उनकी लय गड़बड़ा दी।
चौथी बार जब खेल शुरू हुआ तो ओवर में भारी कटौती हुई और मैच 26 ओवर कराने का फैसला किया गया। राहुल ने फिर तेजी से खेलना शुरू किया जिससे भारत का स्कोर 100 रन के पार पहुंचा। हालांकि, बड़ा शॉट लगाने के चक्कर में राहुल अपना विकेट गंवा बैठे। वहीं, भारतीय टीम भी ताश के पत्तों की तरह बिखरती रही। अंतिम ओवर में नीतीश ने कुछ अच्छे शॉट खेले जिससे टीम सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने में सफल रही। अपना डेब्यू मैच खेल रहे नीतीश रेड्डी 11 गेंदों पर दो छक्कों की मदद से 19 रन बनाकर नाबाद लौटे। ऑस्ट्रेलिया की ओर से मैथ्यू कुहनेमैन, मिचेल ओवन और जोश हेजलवुड ने दो-दो विकेट लिए, जबकि मिचेल स्टार्क और नाथन एलिस को एक-एक सफलता मिली।
भारत को केएल राहुल के रूप में सातवां झटका लगा है। राहुल अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन 31 गेंदों पर दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 38 रन बनाकर आउट हुए।
भारत को वाशिंगटन सुंदर के रूप में छठा झटका लगा है। वाशिंगटन 10 गेंदों पर एक चौके की मदद से 10 रन बनाकर आउट हुए।
भारतीय टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंच गया है। केएल राहुल अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं और उन्होंने कुछ बड़े शॉट्स लगाए हैं। भारत ने 21 ओवर की समाप्ति के बाद पांच विकेट पर 101 रन बना लिए हैं।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे मैच में भारत की आधी टीम पवेलियन लौट गई है। भारत ने अक्षर पटेल का विकेट गंवा दिया है जो 38 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 31 रन बनाकर आउट हुए।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मैच दोबारा शुरू हो गया है। बारिश के चलते मैच को बार-बार रोकना पड़ रहा है और अब ये मुकाबला 26-26 ओवर का कराने का फैसला किया गया है। भारत ने 17 ओवर की समाप्ति के बाद चार विकेट पर 54 रन बनाए हैं। क्रीज पर केएल राहुल के साथ अक्षर पटेल मौजूद हैं।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मुकाबला दोपहर दो बजे शुरू होगा। बारिश के कारण मैच बार-बार रुक रहा है और अब एक बार फिर ओवरों में कटौती की गई है। अब मुकाबला 26 ओवर का कराया जाएगा।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पर्थ में खेला जा रहा पहला वनडे मैच बार-बार बारिश के कारण रोका जा रहा है। यह चौथी बार है जब मैच को रोकना पड़ा है। अब तक सिर्फ 16.4 ओवर का ही खेल हो चुका है और भारत ने चार विकेट गंवाकर 52 रन बनाए हैं।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे मैच में भारत ने 50 रन पूरे कर लिए हैं। भारतीय टीम ने 16वें ओवर में जाकर 50 रन का आंकड़ा छुआ है। भारत के लिए केएल राहुल और अक्षर पटेल क्रीज पर मौजूद हैं।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मैच दोबारा शुरू हो गया है। बार-बार बारिश के चलते फिर ओवरों में कटौती की गई है और अब मुकाबला 32-32 ओवर का होगा। क्रीज पर केएल राहुल के साथ अक्षर पटेल मौजूद हैं।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मैच में तीसरी बार बारिश का साया पड़ गया है। 12:20 पर मैच दोबारा शुरू हुआ था, लेकिन 15 मिनट भी नहीं चल सका क्योंकि बारिश के कारण फिर इसे रोकना पड़ा है। भारत ने 14.2 ओवर की समाप्ति तक चार विकेट गंवाकर 46 रन बनाए हैं। फिलहाल अक्षर पटेल और केएल राहुल क्रीज पर मौजूद हैं।
भारत को श्रेयस अय्यर के रूप में चौथा झटका लगा है। श्रेयस 24 गेंदों पर एक चौके की मदद से 11 रन बनाकर आउट हुए। भारत ने 45 रन के स्कोर पर चार विकेट गंवा दिए हैं। फिलहाल क्रीज पर अक्षर का साथ देने केएल राहुल उतरे हैं।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बारिश के बाद मैच फिर से शुरू हो गया है। भारत की ओर से श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल क्रीज पर मौजूद हैं। बारिश के चलते ओवरों में कटौती हुई है और मैच 35-35 ओवर का कराने का फैसला लिया गया है।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला वनडे मैच बारिश के कारण रुका हुआ है और भारतीय समयानुसार यह 12:20 बजे दोबारा शुरू होगा। बारिश के कारण दो बार मैच रोकना पड़ा और ओवरों में भी कटौती की गई है। अब यह मुकाबला 35-35 ओवर का कराया जाएगा।
पर्थ में बारिश रुक गई है और पिच से कवर्स भी हटाए जा रहे हैं। उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही मैच दोबारा शुरू होगा। अंपायर मैदान पर मौजूद हैं और स्थिति देख रहे हैं।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला वनडे मैच बारिश के कारण रुका हुआ है। बारिश रुक गई थी और लग रहा था कि मैच जल्द शुरू होगा, लेकिन फिर हल्की बारिश शुरू हो गई है जिससे इंतजार बढ़ता ही रहा है। पिच कवर्स से ढकी हुई है और अंपायर छाता लेकर मैदान पर घुम रहे हैं और पिच का मुआयना कर रहे हैं।
पर्थ में बारिश रुक गई है और अंपायरों ने मैदान का निरीक्षण किया है। मैदानकर्मी पानी सुखाने के लिए काम पर लग गए हैं और उम्मीद है कि जल्द खेल दोबारा होगा। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहले वनडे मैच में दो बार बारिश ने खलल डाली। मैच करीब एक घंटे से अधिक समय तक रुका हुआ है।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बारिश के कारण पहला वनडे मैच रुका हुआ है। पर्थ में फिलहाल बारिश बंद हो गई है, लेकिन पिच कवर्स से ढकी हुई है। अंपायर ने मैदान का निरीक्षण किया है। यह दूसरी बार है जब मैच में बारिश ने खलल डाला है।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मैच में बारिश ने फिर खलला डाला और दूसरी बार मैच को रोकना पड़ा है। भारत ने 11.5 ओवर में तीन विकेट पर 37 रन बनाए थे। फिलहाल क्रीज पर श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल मौजूद हैं।
भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे मैच में पावरप्ले में तीन विकेट गंवाए। भारत ने 10 ओवर की समाप्ति तक तीन विकेट पर 27 रन बनाए। यह उसका 2023 से वनडे में पावरप्ले का दूसरा न्यूनतम स्कोर है। पावरप्ले के दौरान भारतीय टीम तीन बाउंड्री ही लगा सकी। वहीं, उसने रोहित शर्मा, विराट कोहली और कप्तान शुभमन गिल के विकेट गंवाए।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बारिश रुकने के बाद पहला वनडे मैच दोबारा शुरू हो गया है। बारिश के कारण ओवर में कटौती की गई है और मैच अब 49-49 ओवर का कराया जाएगा। भारत ने नौ ओवर की समाप्ति तक तीन विकेट पर 25 रन बनाए हैं। फिलहाल क्रीज पर श्रेयस अय्यर के साथ अक्षर पटेल मौजूद हैं।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला वनडे मैच बारिश के कारण रोकना पड़ा है। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही है और उसने 8.5 ओवर में तीन विकेट पर 25 रन बनाए हैं। भारत ने रोहित शर्मा, विराट कोहली और कप्तान शुभमन गिल का विकेट गंवा दिया है। रोहित और कोहली ने सात महीने बाद भारतीय जर्सी में वापसी की है, लेकिन वह इसे यादगार नहीं बना सके।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत की पारी लड़खड़ा गई है और टीम ने नौवें ओवर में ही तीसरा विकेट गंवा दिया है। रोहित और कोहली के बाद कप्तान शुभमन गिल भी पवेलियन लौट गए हैं। गिल 18 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 10 रन बनाकर आउट हुए।
भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे मैच में दूसरा झटका लगा है। रोहित शर्मा के बाद विराट कोहली भी पवेलियन लौट गए हैं। कोहली खाता भी नहीं खोल सके और मिचेल स्टार्क की गेंद पर कोनोली को कैच थमा बैठे। रोहित और कोहली ने सात महीने बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की, लेकिन दोनों ही इसे यादगार नहीं बना सके। भारत ने महज 21 रन पर दो विकेट गंवा दिए हैं।
भारत को रोहित शर्मा के रूप में पहला झटका लगा है। रोहित 223 दिन बाद भारत के लिए खेलने उतरे, लेकिन सिर्फ 16 मिनट ही क्रीज पर टिक सके। रोहित जोश हेजलवुड की गेंद पर स्लिप में कैच थमा बैठे। रोहित अपना 500वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे हैं, लेकिन वह इसे यादगार नहीं बना सके और 14 गेंदों पर एक चौके की मदद से आठ रन बनाकर आउट हुए।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे मैच में भारत की पारी शुरू हो गई है। ऑस्ट्रेलिया ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। भारत के लिए रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने पारी की शुरुआत की है। रोहित का यह 500वां अंतरराष्ट्रीय मैच है।
भारत: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह।
ऑस्ट्रेलिया: ट्रेविस हेड, मिचेल मार्श (कप्तान), मैथ्यू शॉर्ट, जोश फिलिप (विकेटकीपर), मैट रेनशॉ, कूपर कोनोली, मिचेल ओवेन, मिचेल स्टार्क, नाथन एलिस, मैथ्यू कुहनेमैन, जोश हेजलवुड।
ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श ने भारत के खिलाफ पहले वनडे मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। टॉस के दौरान भारतीय कप्तान शुभमन गिल से पूछा गया कि अगर वह टॉस जीतते तो क्या करते? इस पर गिल ने कहा कि वह भी पहले गेंदबाजी करना पसंद करते। गिल ने बताया कि इस मैच से नीतीश कुमार रेड्डी डेब्यू करेंगे और टीम इस मैच में तीन तेज गेंदबाज और तीन ऑलराउंडरों के साथ खेलने उतरेगी।
भारतीय टीम के ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे मैच से 50 ओवर के प्रारूप में डेब्यू करेंगे। टॉस से पहले रोहित शर्मा ने नीतीश को वनडे कैप पहनाई और सभी खिलाड़ियों ने उनका स्वागत किया। ऑस्ट्रेलिया के लिए भी दो खिलाड़ी वनडे डेब्यू करेंगे। मैट रेनशॉ और मिचेल ओवन को वनडे कैप दी गई है।
गिल ने टेस्ट प्रारूप में भारतीय कप्तान के तौर पर अपना दम दिखाया है और अब उनके सामने वनडे में भी इस लय को बरकरार रखने की चुनौती होगी। गिल के लिए अच्छी बात यह है कि उन्हें ऐसे समय कप्तानी मिली है जब रोहित और कोहली भी टीम का हिस्सा हैं। गिल को इन दोनों दिग्गजों से सलाह लेने का मौका मिलेगा। टीम संयोजन की बात करें तो इस बात की संभावना ना के बराबर है कि टीम प्रबंधन रोहित और गिल की सलामी जोड़ी से छेड़छाड़ करेगा। ऐसे में यशस्वी जायसवाल को अपने मौके के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।
रोहित और कोहली के लिए पिछले सात महीनों में काफी कुछ बदल चुका है। इन दोनों को लक्ष्य 2027 वनडे विश्व कप में खेलना है, लेकिन इस सीरीज से यह तय हो जाएगा कि रोहित और कोहली वैश्विक टूर्नामेंट के लिए कितने फिट हैं। इन दोनों ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए काफी ट्रेनिंग की है। रोहित ने तो कुछ किलो वजन भी घटाया है, लेकिन इन दोनों के लिए लय में आना चुनौती होगी क्योंकि आईपीएल के बाद से रोहित-कोहली ने कोई मैच नहीं खेला है। दोनों के लिए अच्छी बात यह है कि उनकी वापसी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हो रही है जिसके सामने उनका रिकॉर्ड अच्छा रहा है। इस सीरीज के जरिये दोनों के करियर की भविष्य को लेकर दिशा तय हो सकती है।
Live Cricket Score, India vs Australia (IND vs AUS) 1st ODI: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला पर्थ में खेला जाएगा। चैंपियंस ट्रॉफी के बाद रोहित शर्मा और विराट कोहली पहली बार भारत के लिए खेलते नजर आएंगे। यह शुभमन गिल की बतौर वनडे कप्तान पहली सीरीज है।