फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND Vs AUS Highlights: चौथे दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 3/0, भारत के पास 88 रन की बढ़त

Sun, 12 Mar 2023 05:33 PM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, अहमदाबाद

खास बातें

India vs Australia BGT Test Series 2023 Day 4 Highlights: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज का चौथा और आखिरी मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 480 रन बनाए हैं। इसके जवाब में भारत ने 571 रन बनाए और 91 रन की बढ़त ली। चौथे दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 3/0 है। भारत के पास अभी भी 88 रन की बढ़त है।
विज्ञापन
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

05:08 PM, 12-Mar-2023

चौथे दिन का खेल खत्म

अहमदाबाद टेस्ट में चौथे दिन का खेल खत्म हो चुका है। दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया का स्कोर बिना किसी नुकसान के तीन रन है। मैथ्यू कुह्नमैन खाता खोले बिना क्रीज पर हैं। वहीं, उनके साथ ट्रेविस हेड तीन रन बनाकर खेल रहे हैं। भारत के पास अभी भी 88 रन की बढ़त है। मैच के आखिरी दिन टीम इंडिया कंगारू टीम को छोटे से छोटे स्कोर पर समेटने की कोशिश करेगी। अगर पांचवें दिन की पिच पर भारतीय टीम कमाल करती है तो यह मैच जीत सकती है। सपाट पिच पर यह मैच ड्रॉ होने के करीब है।

मैच में अब तक क्या हुआ?
इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। उस्मान ख्वाजा के 180 और कैमरून ग्रीन के 114 रन के चलते ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 480 रन बनाए। भारत के लिए रविचंद्रन अश्विन ने सबसे ज्यादा छह विकेट लिए। इसके जवाब में भारत ने शुभमन गिल के 128, विराट कोहली के 186 और अक्षर पटेल के 79 रन के चलते भारत ने 571 रन का स्कोर खड़ा किया। नाथन लियोन और टॉड मर्फी ने तीन-तीन विकेट लिए। पहली पारी के आधार पर भारत को 91 रन की बढ़त मिली। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने चौथे दिन का खेल खत्म होने तक बिना कोई विकेट गंवाए तीन रन बना लिए हैं।

04:44 PM, 12-Mar-2023

IND Vs AUS Test Live: ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी शुरू

दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। ट्रेविस हेड और कुह्नमैन ने पारी की शुरुआत की है। उस्मान ख्वाजा बल्लेबाजी के लिए नहीं आए हैं और उनकी जगह नाइट वाचमैन के रूप में कुह्नमैन को भेजा गया है।

04:33 PM, 12-Mar-2023

IND Vs AUS Test Live: भारत ने पहली पारी में 571 रन बनाए

भारत ने पहली पारी में 571 रन बनाए हैं। इसके साथ ही टीम इंडिया ने 91 रन की बढ़त ली है। भारत के लिए विराट कोहली ने सबसे ज्यादा 186 रन बनाए। वहीं, शुभमन गिल ने 128 रन की पारी खेली। अक्षर पटेल ने भी 79 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया के लिए नाथन लियोन और टॉड मर्फी ने तीन-तीन विकेट लिए। इस पारी में भारत के नौ ही विकेट गिरे, लेकिन श्रेयस अय्यर चोट की वजह से बल्लेबाजी करने नहीं आ सके और नौ विकेट पर ही भारत की पारी खत्म हो गई।

विज्ञापन
04:21 PM, 12-Mar-2023

IND Vs AUS Test Live: भारत का आठवां विकेट गिरा

569 रन के स्कोर पर भारत का आठवां विकेट गिरा है। उमेश यादव अपना खाता खोले बिना रन आउट हो गए। उन्होंने किसी गेंद का सामना नहीं किया। विराट के कहने पर दो रन लेने के प्रयास में उमेश ने अपना विकेट गंवाया। अब कोहली के साथ शमी क्रीज पर हैं।

04:16 PM, 12-Mar-2023

IND Vs AUS Test Live: भारत का सातवां विकेट गिरा

568 रन के स्कोर पर भारत का सातवां विकेट गिरा है। रविचंद्रन अश्विन 12 गेंद में सात रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में एक चौका लगाया। अब विराट कोहली के साथ उमेश यादव क्रीज पर हैं। 176 ओवर के बाद भारत का स्कोर सात विकेट पर 568 रन है।

विज्ञापन
03:55 PM, 12-Mar-2023

IND Vs AUS Test Live: भारत का छठा विकेट गिरा

555 रन पर भारत का छठा विकेट गिरा है। अक्षर पटेल 113 गेंद में 79 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके और चार छक्के लगाए। मिशेल स्टार्क ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। अब विराट कोहली के साथ रविचंद्रन अश्विन क्रीज पर हैं। 174 ओवर के बाद भारत का स्कोर छह विकेट पर 560 रन है।

03:41 PM, 12-Mar-2023

IND Vs AUS Test Live: अक्षर पटेल और विराट कोहली के बीच 150 रन की साझेदारी

अक्षर पटेल और विराट कोहली के बीच 150 रन की साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज अब ताबड़तोड़ अंदाज में रन बना रहे हैं। भारत की बढ़त भी 70 रन से ज्यादा की हो गई है। विराट अपने दोहरे शतक और अक्षर पटेल शतक की तरफ बढ़ रहे हैं। 172 ओवर के बाद भारत का स्कोर पांच विकेट पर रन है।

03:24 PM, 12-Mar-2023

IND Vs AUS Test Live: अक्षर पटेल का अर्धशतक

विराट कोहली के 150 रन पूरे होने के बाद अक्षर पटेल ने भी अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। अब भारतीय टीम तेजी से रन बना रही है। भारत की बढ़त भी 50 रन के पार हो चुकी है। विराट और अक्षर के बीच मैच पलटने वाली साझेदारी पनप रही है।

03:01 PM, 12-Mar-2023

IND Vs AUS Test Live: भारत का स्कोर 500 रन के पार

विराट कोहली ने अहमदाबाद टेस्ट में अपने 150 रन पूरे कर लिए हैं। इसी के साथ उन्होंने अक्षर पटेल के साथ शतकीय साझेदारी भी कर ली है और भारत का स्कोर पांच विकेट पर 500 रन के पार पहुंचा दिया है। अक्षर पटेल भी अपने अर्धशतक के करीब हैं। अब भारतीय टीम तेजी से रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया पर बड़ी बढ़त लेना चाहेगी।

02:49 PM, 12-Mar-2023

IND Vs AUS Test Live: अहमदाबाद टेस्ट में भारत ने बढ़त ली, कोहली 150 रन और अक्षर अर्धशतक के करीब

अहमदाबाद टेस्ट में चौथे दिन तीसरे सत्र का खेल शुरू हो चुका है। विराट कोहली अपने 150 रन के करीब पहुंच गए हैं। वहीं, अक्षर पटेल भी अपने अर्धशतक के करीब हैं। भारत का स्कोर 500 रन के करीब पहुंच गया है।

02:23 PM, 12-Mar-2023

IND Vs AUS Test Live: चायकाल तक भारत का स्कोर 472/5

मैच के चौथे दिन चायकाल तक भारत का स्कोर 472/5 है। भारतीय टीम अभी भी ऑस्ट्रेलिया के स्कोर से आठ रन पीछे है। विराट कोहली 135 और अक्षर पटेल 38 रन बनाकर खेल रहे हैं। दोनों के बीच 79 रन की साझेदारी हो चुकी है। अब भारत की कोशिश तेजी से रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया पर बड़ी बढ़त लेने की होगी।

02:00 PM, 12-Mar-2023

IND Vs AUS Test Live: भारत का स्कोर 450 रन के पार

पांच विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 450 रन के पार जा चुका है। अक्षर पटेल और विराट कोहली क्रीज पर हैं। दोनों अब थोड़ी तेज गति से रन बना रहे हैं और भारत का स्कोर ऑस्ट्रेलिया के करीब ले जा चुके हैं। चायकाल से पहले ये दोनों टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया के स्कोर के करीब ले जाने की कोशिश करेंगे। इसके बाद दिन के आखिरी सत्र में भारत की कोशिश ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बड़ी बढ़त लेने की होगी। हालांकि, यह मैच ड्रॉ होने की संभावना बहुत ज्यादा है।

01:32 PM, 12-Mar-2023

IND Vs AUS Test Live: विराट कोहली और अक्षर पटेल के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

विराट कोहली और अक्षर पटेल के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। इसी के साथ भारत का स्कोर पांच विकेट पर 450 रन के करीब पहुंच गया है। कोहली शतक लगाकर खेल रहे हैं। वहीं, अक्षर पटेल अपने अर्धशतक की तरफ बढ़ रहे हैं।

12:55 PM, 12-Mar-2023

IND Vs AUS Test Live: भारत का स्कोर 400 रन के पार

भारत का स्कोर पांच विकेट पर 400 रन के पार जा चुका है। विराट कोहली के साथ अक्षर पटेल क्रीज पर हैं। 

12:43 PM, 12-Mar-2023

IND Vs AUS Test Live: विराट कोहली का शतक

विराट कोहली ने अपना शतक पूरा कर लिया है। उन्होंने 241 गेंद में अपने 100 रन पूरे किए। विराट अब तक अपनी पारी में पांच चौके लगा चुके हैं। भारत का स्कोर 400 रन के करीब पहुंच चुका है। विराट कोहली ने टेस्ट में 28वां शतक लगाया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यह उनका 75वां शतक है।
 

12:38 PM, 12-Mar-2023

IND Vs AUS Test Live: भारत की आधी टीम पवेलियन लौटी

393 रन के स्कोर पर भारत की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। श्रीकर भरत के रूप में भारत का पांचवां विकेट गिरा है। भरत को नाथन लियोन ने पीटर हैंड्सकॉम्ब के हाथों कैच कराया। भरत ने 88 गेंद में दो चौकों और तीन छक्कों की मदद से 44 रन बनाए। उन्होंने विराट के साथ अर्धशतकीय साझेदारी कर भारतीय टीम को बेहतर स्थिति में पहुंचाया।

12:28 PM, 12-Mar-2023

IND Vs AUS Test Live: लंच के बाद खेल शुरू

लंच के बाद का खेल शुरू हो चुका है। भारतीय टीम ने दिन के दूसरे सत्र में आक्रामक शुरुआत की है। श्रीकर भरत ने ग्रीन के एक ओवर में दो छक्के और एक चौका जड़ दिया। इस तरह टीम इंडिया ने उनके ओवर में 21 रन बटोरे। विराट अपने शतक और भरत अर्धशतक के करीब हैं। भारत का स्कोर 136 ओवर के बाद चार विकेट पर 392 रन है।

11:34 AM, 12-Mar-2023

IND Vs AUS Test Live: लंच तक भारत का स्कोर 362/4

चौथे दिन पहले सत्र का खेल खत्म हो चुका है। भारत का स्कोर 362/4 है। भारतीय टीम अभी भी ऑस्ट्रेलिया के स्कोर से 118 रन पीछे है। विराट कोहली 88 और श्रीकर भरत 25 रन बनाकर खेल रहे हैं। दूसरे सत्र में कोहली की कोशिश अपना शतक पूरा करने की होगी। वहीं, भारतीय टीम तेजी से रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया की बढ़त खत्म करना चाहेगी।

11:28 AM, 12-Mar-2023

IND Vs AUS Test Live: विराट कोहली और श्रीकर भरत के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

विराट कोहली और श्रीकर भरत के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज संभलकर खेल रहे हैं और भारत को बेहतर स्थिति में ले जा रहे हैं। 

11:22 AM, 12-Mar-2023

IND Vs AUS Test Live: भारत का स्कोर 350 रन के पार

चार विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 350 रन के पार जा चुका है। विराट कोहली और श्रीकर भरत क्रीज पर हैं। दोनों बल्लेबाज संभलकर खेल रहे हैं और भारत का स्कोर ऑस्ट्रेलिया के करीब ले जा रहे हैं। विराट कोहली अपने शतक के करीब पहुंच रहे हैं।

10:58 AM, 12-Mar-2023

Live Score IND vs AUS: अय्यर की चोट ने बढ़ाई भारत की परेशानी

श्रेयस अय्यर को मैच के तीसरे दिन पीठ के निचले हिस्से में दर्द हुआ था। इसके बाद उन्हें स्कैन के लिए ले जाया गया। फिलहाल बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी देख-रेख कर रही है। भारत की पहली पारी में छठे नंबर पर अय्यर की जगह श्रीकर भरत को बल्लेबाजी के लिए भेजा गया है।

10:43 AM, 12-Mar-2023

Live Score IND vs AUS: भारत का स्कोर 330 रन के पार

चार विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 330 रन के पार जा चुका है। विराट कोहली के साथ मिलकर श्रीकर भरत ने भारतीय पारी को संभाला है। दोनों बल्लेबाज संभलकर बल्लेबाजी कर रहे हैं और टीम इंडिया को बेहतर स्थिति में ले जा रहे हैं। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 23 रन की साझेदारी हो चुकी है। भरत के पास इस मैच में बड़ी पारी खेल खुद को साबित करने का बेहतरीन मौका है।

10:01 AM, 12-Mar-2023

IND vs AUS 4th Test Day 4 Live: भारत का चौथा विकेट गिरा

309 रन के स्कोर पर भारत का चौथा विकेट गिरा है। रवींद्र जडेजा 84 गेंद में 28 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में दो चौके और एक छक्का लगाया। टॉड मर्फी ने उन्हें उस्मान ख्वाजा के हाथों कैच कराया। अब विराट कोहली के साथ श्रीकर भरत क्रीज पर हैं। चार विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 310 रन के पार जा चुका है।

09:44 AM, 12-Mar-2023

IND vs AUS 4th Test Day 4 Live: भारत का स्कोर 300 रन के पार

तीन विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 300 रन के पार जा चुका है। विराट कोहली और रवींद्र जडेजा के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज शानदार लय में हैं और भारतीय टीम का स्कोर ऑस्ट्रेलिया के करीब ले जा रहे हैं। 103 ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 302 रन है।

09:34 AM, 12-Mar-2023

IND vs AUS 4th Test Day 4 Live: अहमदाबाद में चौथे दिन का खेल शुरू

अहमदाबाद में चौथे दिन का खेल शुरू हो चुका है। विराट कोहली और रवींद्र जडेजा की जोड़ी क्रीज पर हैं। 101 ओवर का खेल होने के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 297 रन है। आज के दिन भारतीय टीम तेजी से रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया पर बढ़त लेना चाहेगी और पांचवें दिन कंगारू टीम को सस्ते में समेट कर मैच जीतने की कोशिश करेगी।

09:32 AM, 12-Mar-2023

IND vs AUS 4th Test Day 4 Live: मैच में अब तक क्या हुआ?

अहमदाबाद में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। उस्मान ख्वाजा के 180 रन और कैमरून ग्रीन के 114 रन के चलते कंगारू टीम ने पहली पारी में 480 रन बनाए। इसके जवाब में भारत ने शुभमन गिल के शतक और विराट कोहली के अर्धशतक के दम पर तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक 289 रन बनाए।

09:25 AM, 12-Mar-2023

IND vs AUS 4th Test Day 4 Live: सीरीज में अब तक क्या हुआ?

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार मैच की सीरीज का पहला मुकाबला नागपुर में खेला गया था। भारत ने यह मैच पारी और 132 रन से जीता था। दूसरा मुकाबला दिल्ली में हुआ था और भारतीय टीम छह विकेट से जीती थी। तीसरा मैच इंदौर में हुआ था और ऑस्ट्रेलिया ने नौ विकेट से जीत हासिल की। चौथा और आखिरी मुकाबला अहमदाबाद में खेला जा रहा है।

08:46 AM, 12-Mar-2023

IND Vs AUS Highlights: चौथे दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 3/0, भारत के पास 88 रन की बढ़त

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज का चौथा और आखिरी मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है। भारतीय टीम के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है। टीम इंडिया यह मैच जीतकर सीरीज 3-1 से अपने नाम करना चाहेगी और विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में अपनी जगह पक्की करना चाहेगी। वहीं, ऑस्ट्रेलिया की कोशिश यह मैच जीतकर सीरीज 2-2 से बराबर करने पर होगी।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें