फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs AUS 1st Test Highlights: भारत ने पारी और 132 रन से जीता पहला मैच, दूसरी पारी में 91 रन पर सिमटे कंगारू

Sat, 11 Feb 2023 02:45 PM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नागपुर

खास बातें

1st Test IND vs AUS 2023: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला भारत ने पारी और 132 रन से जीत लिया है। इस जीत के साथ ही भारत ने चार मैच की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। नागपुर में ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 177 रन बनाए थे। इसके जवाब में भारत ने 400 रन का स्कोर खड़ा किया और 223 रन की बढ़त हासिल की। दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया की टीम सिर्फ 91 रन पर सिमट गई और मैच पारी और 132 रन से हार गई।
विज्ञापन
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

02:22 PM, 11-Feb-2023

भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराया

भारत ने ऑस्ट्रेलिया को पारी और 132 रन से हरा दिया है। मोहम्मद शमी ने स्कॉट बोलैंड को आउट कर ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी 91 रन पर समेट दी। उन्होंने बोलैंड को विकेटों के सामने फंसाया। दूसरे छोर पर स्टीव स्मिथ 25 रन बनाकर नाबाद रहे। इस मैच में जीत के साथ ही भारत ने चार टेस्ट की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। भारत के लिए रवींद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन इस मैच के हीरो रहे। जडेजा ने सात विकेट लिए और 70 रन बनाए। वहीं, अश्विन ने 23 रन बनाने के साथ आठ विकेट झटके।

ऑस्ट्रेलिया के लिए पूरे मैच में कोई खिलाड़ी अर्धशतक तक नहीं लगा सका। हालांकि, गेंदबाजों में टॉड मर्फी ने अपने डेब्यू मैच में सात विकेट लेकर शानदार शुरुआत जरूर की है।




 मैच में क्या हुआ?
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत बेहद खराब रही। दो रन के स्कोर पर दोनों सलामी बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। इसके बाद लाबुशेन और स्मिथ ने 82 रन की साझेदारी कर पारी को संभाला, लेकिन जडेजा ने लंच के बाद अपना कहर बरपाया। उन्होंने पांच विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया को बैकफुट पर ढकेल दिया। अश्विन ने भी तीन विकेट लिए और ऑस्ट्रेलिया की टीम 177 रन पर सिमट गई। मार्नस लाबुशेन ने सबसे ज्यादा 49 रन बनाए। 

भारत ने पहली पारी में शानदार शुरुआत की और रोहित-राहुल ने पहले विकेट के लिए 76 रन जोड़ दिए। इसके बाद लोकेश राहुल 20 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन रोहित एक छोर पर जमे रहे। पुजारा, कोहली और सूर्यकुमार सस्ते में आउट हुए पर रोहित ने भारत को मैच में ऑस्ट्रेलिया से आगे रखा। वह 120 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद रवींद्र जडेजा ने 70 और अक्षर पटेल ने 84 रन की पारी खेली। अंत में शमी ने 37 रन बनाकर भारत को अहम बढ़त दिलाई। 

पहली पारी में भारत को 223 रन की बढ़त मिलने के बाद ऑस्ट्रेलिया की हार लगभग तय हो गई थी और कंगारू टीम ने लड़ने का जज्बा भी नहीं दिखाया। मैच के तीसरे दिन दूसरे सत्र में ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी हुई और एक सेशन में ही पूरी टीम 32.3 ओवर में 91 रन पर सिमट गई। स्टीव स्मिथ एक छोर पर 25 रन बनाकर नाबाद रहे, लेकिन उन्हें किसी का साथ नहीं मिला। 17 रन बनाने वाले लाबुशेन टीम के दूसरे सर्वश्रेष्ठ स्कोरर थे। भारत के लिए अश्विन ने पांच, जडेजा और शमी ने दो-दो विकेट लिए।

02:12 PM, 11-Feb-2023

IND vs AUS 1st Test Live Score Day 3: ऑस्ट्रेलिया का नौवां विकेट गिरा

मोहम्मद शमी ने नाथन लियोन को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को नौवां झटका दिया है। लियोन ने 20 गेंद में दो चौको की मदद से आठ रन बनाए। शमी ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। अब टीम इंडिया यह मैच जीतने से सिर्फ एक विकेट दूर है।

01:56 PM, 11-Feb-2023

IND vs AUS 1st Test Live Score Day 3: ऑस्ट्रेलिया का आठवां विकेट गिरा

75 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया का आठवां विकेट गिरा है और टीम इंडिया जीत के बेहद करीब आ गई है। अक्षर पटेल ने टॉड मर्फी को कप्तान रोहित के हाथों कैच कराया। मर्फी ने 15 गेंद में दो रन बनाए। अब स्टीव स्मिथ के साथ नाथन लियोन क्रीज पर हैं और टीम इंडिया जीत से सिर्फ दो विकेट दूर है।

विज्ञापन
01:46 PM, 11-Feb-2023

IND vs AUS 1st Test Live Score Day 3: ऑस्ट्रेलिया का सातवां विकेट गिरा

रवींद्र जडेजा ने ऑस्ट्रेलियाई टीम को सातवां झटका दिया है। उन्होंने कंगारू कप्तान पैट कमिंस को विकेटकीपर श्रीकर भरत के हाथों कैच कराया। कमिंस ने 13 गेंद में एक रन बनाया। अब स्टीव स्मिथ के साथ टॉड मर्फी क्रीज पर हैं। अब ऑस्ट्रेलिया की हार लगभग तय हो चुकी है, लेकिन स्टीव स्मिथ और मर्फी कोशिश करेंगे कि पारी की हार को टाला जाए। 24 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर सात विकेट पर 68 रन है। पारी की हार टालने के लिए अभी भी ऑस्ट्रेलिया को 155 रन की जरूरत है।

01:33 PM, 11-Feb-2023

IND vs AUS 1st Test Live Score Day 3: ऑस्ट्रेलिया का छठा विकेट गिरा

64 रन पर ऑस्ट्रेलिया का छठा विकेट गिरा है। रविचंद्रन अश्विन ने एलेक्स कैरी को आउट करके कंगारू टीम को छठा झटका दिया है। इस पारी में यह उनका पांचवां विकेट है। अश्विन ने एलेक्स कैरी को विकेटों के सामने फंसाया। कैरी ने छह गेंद में दो चौकों की मदद से 10 रन बनाए। अब स्टीव स्मिथ के साथ पैट कमिंस क्रीज पर हैं। भारतीय टीम आज ही ऑस्ट्रेलिया को समेटकर मैच अपने नाम कर सकती है।

विज्ञापन
01:24 PM, 11-Feb-2023

IND vs AUS 1st Test Live Score Day 3: ऑस्ट्रेलिया की आधी टीम आउट

दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया की आधी टीम एक सत्र के अंदर पवेलियन लौट गई है। रविचंद्रन अश्विन ने पीटर हैंड्सकॉम्ब को विकेटों के सामने फंसाया और ऑस्ट्रेलिया को पांचवां झटका दिया। इस पारी में यह उनकी चौथी सफलता है। इसके साथ ही उन्होंने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में नाथन लियोन और हरभजन सिंह को पीछे छोड़ दिया है। हरभजन और लियोन के नाम 95 विकेट हैं, जबकि अश्विन के नाम 96 विकेट हो गए हैं। 19 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 64 रन पर पांच विकेट है। स्टीव स्मिथ और एलेक्स कैरी क्रीज पर हैं।


01:22 PM, 11-Feb-2023

IND vs AUS 1st Test Live Score Day 3: ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 50 रन के पार

चार विकेट के नुकसान पर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 50 रन के पार जा चुका है। स्टीव स्मिथ और पीटर हैंड्सकॉम्ब क्रीज पर हैं। दोनों स्पिन के अच्छे खिलाड़ी हैं। ऐसे में यह जोड़ी कोशिश करेगी कि बड़ी साझेदारी कर ऑस्ट्रेलिया को पारी की हार से बचाया जाए। 

01:11 PM, 11-Feb-2023

IND vs AUS 1st Test Live Score Day 3: ऑस्ट्रेलिया का चौथा विकेट गिरा

42 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया को चौथा झटका लगा है। मैट रेनशॉ सात गेंद में दो रन बनाकर अश्विन की गेंद पर एलबीडबल्यू आउट हो गए। इस पारी में यह अश्विन की तीसरी सफलता है। ऑस्ट्रेलियाई टीम मैच हारने की कगार पर पहुंच रही है। अब ऑस्ट्रेलिया के लिए पारी की हार टालना भी मुश्किल होगा। भारत के पास अभी भी 181 रन की बढ़त है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के छह विकेट बचे हैं।

01:03 PM, 11-Feb-2023

IND vs AUS 1st Test Live Score Day 3: ऑस्ट्रेलिया का तीसरा विकेट गिरा

34 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया का तीसरा विकेट गिरा है। रविचंद्र अश्विन ने डेविड वॉर्नर को विकेटों के सामने फंसाया है। वॉर्नर ने आउट होने से पहले दो बेहतरीन चौके लगाए, लेकिन अश्विन इससे परेशान नहीं हुए और अपने प्लान पर टिके रहे। इसका इनाम उन्हें विकेट के रूप में मिला। वॉर्नर ने 41 गेंद में 10 रन बनाए। अब स्टीव स्मिथ के साथ मैट रेनशॉ क्रीज पर हैं।

12:53 PM, 11-Feb-2023

IND vs AUS 1st Test Live Score Day 3: ऑस्ट्रेलिया का दूसरा विकेट गिरा

26 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया का दूसरा विकेट गिरा है। मार्नस लाबुशेन 28 गेंद में 17 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। रवींद्र जडेजा ने उन्हें विकेटों के सामने फंसाया। लाबुशेन ने अपनी पारी में तीन चौके लगाए। अब डेविड वॉर्नर के साथ स्टीव स्मिथ क्रीज पर हैं। 12 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर दो विकेट पर 26 रन है।

12:37 PM, 11-Feb-2023

IND vs AUS 1st Test Live Score Day 3: विराट ने वॉर्नर का कैच छोड़ा

विराट कोहली ने डेविड वॉर्नर को एक रन के स्कोर पर जीवनदान दिया है। स्लिप खड़े कोहली के पास अश्विन की गेंद पर आसान कैच आया था, लेकिन गेंद उनके हाथ से छिटक गई। वॉर्नर इस मौके का फायदा उठाकर बड़ी पारी खेल सकते हैं। आठ ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर एक विकेट पर 20 रन हो चुका है।

12:23 PM, 11-Feb-2023

IND vs AUS 1st Test Live Score Day 3: ऑस्ट्रेलिया का पहला विकेट गिरा

दूसरी पारी में सात रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया का पहला विकेट गिरा है। उस्मान ख्वाजा इस पारी में भी फेल रहे हैं। पहली पारी में उन्होंने एक रन बनाए थे और इस पारी में पांच रन बनाकर आउट हुए हैं। रविचंद्रन अश्विन ने उन्हें विराट कोहली के हाथों कैच कराया। ख्वाजा ने नौ गेंद में एक चौके की मदद से पांच रन बनाए। अब डेविड वॉर्नर के साथ मार्नस लाबुशेन क्रीज पर हैं।


12:21 PM, 11-Feb-2023

IND vs AUS 1st Test Live Score Day 3: ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी शुरू

ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी शुरू हो चुकी है। डेविड वॉर्नर और उस्मान ख्वाजा की सलामी जोड़ी क्रीज पर है। दोनों बड़ी साझेदारी कर अपनी टीम को मुश्किल से निकालना चाहेंगे। इस मैच में वापसी करने के लिए ऑस्ट्रेलिया को कम से कम दो दिन बल्लेबाजी करनी होगी और बड़ा स्कोर बनाना होगा। पहले कंगारू टीम भारत की 223 रन की बढ़त खत्म करना चाहेगी। इसके बाद टीम इंडिया के सामने लक्ष्य रखने की कोशिश करेगी। हालांकि, यह आसान नहीं होगा।

11:30 AM, 11-Feb-2023

IND vs AUS 1st Test Live Score Day 3: भारत की पहली पारी 400 रन पर खत्म

भारत ने पहली पारी में 400 रन बनाए हैं। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने अक्षर पटेल को क्लीन बोल्ड कर भारत की पारी खत्म की। अक्षर पटेल ने 174 गेंद में 84 रन बनाए। उनकी पारी में 10 चौके और एक छक्का शामिल था। अक्षर शतक से जरूर चूक गए, लेकिन उनकी बेहतरीन पारी के चलते भारत ने 223 रन की बढ़त ले ली है। नागपुर की पिच में स्पिन गेंदबाजों को काफी मदद मिल रही है और यह बढ़त निर्णायक साबित हो सकती है। भारत की पारी खत्म होने के साथ ही अंपायरों ने लंच का एलान कर दिया है। अब दिन के बाकी दो सत्र में भारतीय गेंदबाज कंगारू टीम को समेटने की कोशिश करेंगे।

मैच में अब तक क्या हुआ?
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन कंगारू बल्लेबाज पूरी तरह फेल रहे। मार्नस लाबुशेन (49 रन) और स्टीव स्मिथ (37 रन) ने थोड़ी कोशिश की, लेकिन ये दोनों भी कुछ खास नहीं कर पाए। ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 177 रन पर सिमट गई। जडेजा ने पांच और अश्विन ने तीन विकेट लिए। इसके जवाब में भारत ने शानदार शुरुआत की। पहले कप्तान रोहित ने शतक लगाया। इसके बाद रवींद्र जडेजा ने 70 और अक्षर पटेल ने 84 रन की पारी खेली। मोहम्मद शमी ने भी 37 रन बनाए और भारत का स्कोर 400 रन तक पहुंचा दिया। ऑस्ट्रेलिया के लिए टॉड मर्फी ने सात और पैट कमिंस ने दो विकेट लिए।

भारत के पास पहली पारी के आधार पर 223 रन की बढ़त है, जो निर्णायक साबित हो सकती है।

11:27 AM, 11-Feb-2023

IND vs AUS 1st Test Live Score Day 3: भारत का स्कोर 400 रन के पार

भारत का स्कोर नौ विकेट पर 400 रन के पार जा चुका है। अक्षर पटेल ने सिराज के साथ मिलकर शानदार बल्लेबाजी की है और भारत को बेहतर स्थिति में ले गए हैं। वह अपने शतक के करीब भी पहुंच रहे हैं। भारत की बढ़त 220 रन से ज्यादा हो गई है।

11:04 AM, 11-Feb-2023

IND vs AUS 1st Test Live Score Day 3: भारत का नौवां विकेट गिरा

380 रन के स्कोर पर भारत का नौवां विकेट गिरा है। मोहम्मद शमी 47 गेंद पर 37 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में दो चौके और तीन छक्के लगाए। अक्षर पटेल के साथ शमी ने 52 रन की साझेदारी की। वह मर्फी का सातवां शिकार बने। एलेक्स कैरी ने उनका कैच पकड़ा। अब अक्षर पटेल के साथ मोहम्मद सिराज क्रीज पर हैं। भारत की आखिरी जोड़ी तेजी से रन बनाकर टीम का स्कोर 400 रन के पार ले जाने की कोशिश करेगी।

11:01 AM, 11-Feb-2023

IND vs AUS 1st Test Live Score Day 3: भारत की बढ़त 200 रन से ज्यादा

भारत की बढ़त 200 रन से ज्यादा हो गई है। मोहम्मद शमी ने एक ओवर में 14 रन बनाकर भारत के लिए मैच और आसान कर दिया है। अब शमी और अक्षर के बीच साझेदारी भी 50 रन से ज्यादा की हो चुकी है और टीम इंडिया बेहतर स्थिति में है।

11:00 AM, 11-Feb-2023

IND vs AUS 1st Test Live Score Day 3: शमी-अक्षर के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

मोहम्मद शमी और अक्षर पटेल के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज अच्छी लय में दिख रहे हैं। शमी तेजी से रन बना रहे हैं तो वहीं, अक्षर आराम से बल्लेबाजी कर रहे हैं। यह जोड़ी भारत का स्कोर 400 रन के करीब ले गई है।

10:31 AM, 11-Feb-2023

IND vs AUS 1st Test Live Score Day 3: भारत का स्कोर 350 रन के पार

आठ विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 350 रन के पार जा चुका है। अक्षर पटेल और मोहम्मद शमी क्रीज पर हैं। दोनों बड़ी साझेदारी करने की कोशिश कर रहे हैं। ये दोनों अब तक 24 रन जोड़ चुके हैं। अक्षर पटेल लंबे समय तक बल्लेबाजी करने की कोशिश करेंगे और उनकी निगाह अपने शतक पर भी होगी। भारत की बढ़त 175 रन के पार जा चुकी है।

09:52 AM, 11-Feb-2023

IND vs AUS 1st Test Live Score Day 3: भारत का आठवां विकेट गिरा

328 रन के स्कोर पर भारत का आठवां विकेट गिरा है। रवींद्र जडेजा 185 गेंद में 70 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में नौ चौके लगाए। इसके बाद वह मर्फी का छठा शिकार बने। अब भारतीय टीम भी जल्द सिमट सकती है, क्योंकि दूसरे छोर पर अक्षर पटेल के साथ मोहम्मद शमी क्रीज पर हैं। अब सिर्फ सिराज का बल्लेबाजी के लिए आना बाकी है।

09:50 AM, 11-Feb-2023

IND vs AUS 1st Test Live Score Day 3: भारत की बढ़त 150 रन के पार

सात विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 325 रन के पार जा चुका है। इसके साथ ही भारत की बढ़त भी 150 रन से ज्यादा की हो गई है। रवींद्र जडेजा और अक्षर पटेल की जोड़ी क्रीज पर है और दोनों बड़ी साझेदारी के लिए फिर से नजरें जमाने की कोशिश कर रहे हैं।

09:39 AM, 11-Feb-2023

IND vs AUS 1st Test Day 3 Live: तीसरे दिन का खेल शुरू

तीसरे दिन का खेल शुरू हो चुका है। रवींद्र जडेजा और अक्षर पटेल की जोड़ी क्रीज पर है। दोनों आज अपना शतक पूरा करने की कोशिश करेंगे। अगर भारतीय टीम पहली पारी में 200 रन की बढ़त हासिल कर पाती है तो ऑस्ट्रेलिया को पारी के अंतर से भी हरा सकती है। हालाांकि, फिलहाल भारत की कोशिश तीसरे दिन ज्यादा से ज्यादा समय तक बल्लेबाजी करने की होगी।

08:48 AM, 11-Feb-2023

IND vs AUS 1st Test Day 3 Live: मैच में अब तक क्या हुआ?

ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 177 रन बनाए। 49 रन बनाने वाले मार्नस लाबुशेन टीम के सर्वश्रेष्ठ स्कोरर रहे। स्टीव स्मिथ ने 37 और एलेक्स कैरी ने 36 रन बनाए। भारत के लिए जडेजा ने पांच और अश्विन ने तीन विकेट लिए। इसके जवाब में भारत ने सात विकेट खोकर 321 रन बना लिए हैं। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा 120 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, रवींद्र जडेजा 66 और अक्षर पटेल 52 रन बनाकर खेल रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के लिए टॉड मर्फी पांच विकेट ले चुके हैं, लेकिन भारत के पास 144 रन की बढ़त हो चुकी है। तीसरे दिन भारतीय टीम अपनी बढ़त को 200 रन के पार ले जाना चाहेगी।

08:38 AM, 11-Feb-2023

IND vs AUS 1st Test Highlights: भारत ने पारी और 132 रन से जीता पहला मैच, दूसरी पारी में 91 रन पर सिमटे कंगारू

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार मैच की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जा रहा है। आज मुकाबले का तीसरा दिन है। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 177 रन बनाए। इसके जवाब में भारत ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक सात विकेट पर 321 रन बना लिए हैं। रवींद्र जडेजा और अक्षर पटेल अर्धशतक लगाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों खिलाड़ी आज शतक बनाने की कोशिश करेंगे और भारत को निर्णायक बढ़त दिलाना चाहेंगे।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें