भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेला जा रहा है। लंदन के ओवल में खेले जा रहे टेस्ट के दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने अपनी पहली पारी में पांच विकेट गंवाकर 151 रन बना लिए हैं। भारत को फॉलोऑन बचाने के लिए 269 रन यानी अब 118 रन और बनाने हैं। फिलहाल अजिंक्य रहाणे 29 रन और श्रीकर भरत पांच रन बनाकर नाबाद हैं। ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 469 रन बनाए थे। यानी भारतीय टीम अभी उसके स्कोर से 318 रन पीछे है।
भारत का टॉप ऑर्डर पूरी तरह फेल रहा। कप्तान रोहित शर्मा 15 रन, शुभमन गिल 13 रन, चेतेश्वर पुजारा 14 रन, विराट कोहली 14 रन बनाकर आउट हुए। 71 रन तक भारत ने चार विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद रवींद्र जडेजा और रहाणे ने पांचवें विकेट के लिए 71 रन की साझेदारी निभाई। जडेजा को ऑफ स्पिनर नाथन लियोन ने स्लिप में कैच आउट कराया। वह 48 रन बना सके। एक तरफ जहां भारतीय कप्तान रोहित ने दिग्गज ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को इसलिए नहीं खिलाया क्योंकि ओवल में गेंद स्पिन नहीं होगी, वहीं दूसरी तरफ लियोन ने विकेट निकालकर करारा तमाचा जड़ा। अभी तीन दिन और बचे हैं, ऐसे में ट्रॉफी तक का रास्ता बेहद कठिन दिख रहा है।
इससे पहले गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया ने तीन विकेट पर 327 रन से आगे खेलना शुरू किया और टोटल में 142 रन जोड़कर ऑलआउट हो गए। ट्रेविस हेड 163 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, स्टीव स्मिथ ने टेस्ट करियर का 31वां शतक लगाया। वह 121 रन बनाकर आउट हुए। कैमरन ग्रीन छह रन, एलेक्स कैरी 48 रन, मिचेल स्टार्क पांच रन, पैट कमिंस नौ रन और लियोन नौ रन बनाकर आउट हुए।वहीं, बुधवार को पहले दिन उस्मान ख्वाजा खाता खोले बिना पवेलियन लौटे थे। वहीं, डेविड वॉर्नर ने 43 रन और मार्नस लाबुशेन ने 26 रन की पारी खेली थी। भारत की ओर से मोहम्मद सिराज ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए। वहीं, मोहम्मद शमी और शार्दुल ठाकुर को दो-दो विकेट मिले। रवींद्र जडेजा ने एक विकेट लिया।
भारत को 142 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा। जिस पिच पर भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के मुताबिक ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन विकेट नहीं ले सकते थे, उसी पिच पर ऑस्ट्रेलिया के ऑफ स्पिनर नाथन लियोन ने रवींद्र जडेजा को बाहर होती स्पिन पर स्लिप में कैच आउट कराया। जडेजा 51 गेंदों में 48 रन बनाकर आउट हुए। जडेजा और रहाणे के बीच पांचवें विकेट के लिए 71 रन की साझेदारी हुई। रोहित 15 रन, शुभमन 13 रन, पुजारा 14 रन, विराट 14 रन बनाकर पहले ही पवेलियन लौट चुके हैं। भारत को फॉलोऑन बचाने के लिए 269 रन बनाने हैं।
71 पर चार विकेट गंवाने के बाद अजिंक्य रहाणे और रवींद्र जडेजा ने पारी संभाली है। दोनों के बीच अब तक पांचवें विकेट के लिए 60+ रन की साझेदारी हो चुकी है। जडेजा 48 रन और रहाणे 26 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
भारत ने चार विकेट पर 100 रन पूरे कर लिए हैं। फिलहाल अजिंक्य रहाणे 17 रन और रवींद्र जडेजा 20 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अब तक 29 रन की साझेदारी हो चुकी है। टीम इंडिया को फॉलोऑन बचाने के लिए भारत को 269 रन बनाने हैं, यानी टीम को 169 रन और बनाने हैं। रहाणे और जडेजा से काफी उम्मीदें हैं।
टीम इंडिया वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में मुश्किल में नजर आ रही है। 71 के स्कोर पर भारत को चौथा झटका लगा। रोहित शर्मा, शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा के बाद अब विराट कोहली भी पवेलियन लौट चुके हैं। कोहली को स्टार्क ने स्लिप में स्टीव स्मिथ के हाथों कैच कराया। वह 14 रन बना सके।
भारत को 50 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। रोहित शर्मा और शुभमन गिल के बाद चेतेश्वर पुजारा भी पवेलियन लौट चुके हैं। वह 25 गेंदों में 14 रन बना सके। भारतीय टीम मुश्किल में नजर आ रही है। फिलहाल विराट कोहली और अजिंक्य रहाणे क्रीज पर हैं।
चायकाल तक भारत ने दो विकेट गंवाकर 37 रन बना लिए हैं। फिलहाल चेतेश्वर पुजारा तीन और विराट कोहली चार रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। भारत को दूसरे सत्र में 10 ओवर बल्लेबाजी करने को मिला और उसी में दो बड़े विकेट गंवा दिए। भारत अब भी ऑस्ट्रेलिया से 432 रन पीछे है। ऐसे में आज तीसरे सत्र में विराट और पुजारा को बड़ी साझेदारी करनी होगी।
भारतीय टीम को लगातार दो ओवर में दो बड़े झटके लगे हैं। छठे ओवर की आखिरी गेंद पर पैट कमिंस ने रोहित शर्मा को एल्बीडब्ल्यू आउट किया था। वह 15 रन बना सके थे। इसके बाद सातवें ओवर की चौथी गेंद पर स्कॉट बोलैंड ने शुभमन गिल को क्लीन बोल्ड किया। वह 15 गेंदों में 13 रन बना सके। सात ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 30 रन है। फिलहाल विराट कोहली और चेतेश्वर पुजारा क्रीज पर हैं।
30 के स्कोर पर टीम इंडिया को पहला झटका लगा। कप्तान रोहित शर्मा 26 गेंदों में 15 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने एल्बीडब्ल्यू आउट किया। फिलहाल चेतेश्वर पुजारा और शुभमन गिल क्रीज पर हैं।
भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में पांच ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 23 रन बना लिए हैं। टीम इंडिया ने तीन ओवर में ही 22 रन जोड़ लिए थे। फिलहाल रोहित 25 गेंदों में 15 रन और शुभमन छह रन बनाकर क्रीज पर हैं। इससे पहले ऑस्ट्रेलियाई पारी 469 रन पर समाप्त हो गई थी। मोहम्मद सिराज ने चार विकेट झटके थे।
ओवल में ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 469 रन बनाए हैं। ट्रेविस हेड ने सबसे ज्यादा 163 रन की पारी खेली। वहीं, स्टीव स्मिथ ने 121 रन बनाए। इन दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 285 रन की साझेदारी की। एलेक्स कैरी ने 48 और डेविड वॉर्नर ने 43 रन बनाए। भारत के लिए सबसे ज्यादा चार विकेट मोहम्मद सिराज ने लिए। शार्दुल ठाकुर और मोहम्मद शमी ने दो-दो विकेट लिए। रवींद्र जडेजा ने एक विकेट लिया। मिचेल स्टार्क रन आउट हुए। इस बड़े स्कोर की बराबरी करने के लिए भारत को तीसरे दिन के अंत तक बल्लेबाजी करनी होगी।
मोहम्मद सिराज ने नाथन लियोन को क्लीन बोल्ड कर भारत को नौवीं सफलता दिलाई है। लियोन ने 25 गेंद में एक चौके की मदद से नौ रन बनाए। अब पैट कमिंस के साथ स्कॉट बोलैंड क्रीज पर हैं।
453 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया का आठवां विकेट गिरा है। एलेक्स कैरी 69 गेंद में 48 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। रवींद्र जडेजा ने उन्हें विकेटों के सामने फंसाया। कैरी ने अपनी पारी में सात चौके और एक छक्का लगाया। अब पैट कमिंस के साथ स्टीव स्मिथ क्रीज पर हैं।
ओवल के मैदान पर दूसरे दिन दूसरे सत्र का खेल शुरू हो चुका है। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस और एलेक्स कैरी क्रीज पर हैं। दोनों ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 450 रन के पार ले जाने की कोशिश करेंगे। 110 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 422/7 है।
ओवल में दूसरे दिन पहले सत्र का खेल हो चुका है। ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में सात विकेट खोकर 422 रन बना लिए हैं। ट्रेविस हेड 163 और स्टीव स्मिथ 121 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। एलेक्स कैरी 22 और पैट कमिंस दो रन बनाकर खेल रहे हैं। भारत के लिए मोहम्मद शमी, सिराज और शार्दुल दो-दो विकेट ले चुके हैं। अब टीम इंडिया की कोशिश दूसरे सत्र में ऑस्ट्रेलिया की पारी खत्म करने की होगी। वहीं, ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज अपनी टीम का स्कोर 450 रन के करीब ले जाना चाहेंगे।
402 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलियाई टीम का सातवां विकेट गिरा है। मिचेल स्टार्क 20 गेंद में पांच रन बनाकर आउट हो चुके हैं। अक्षर पटेल के सटीक थ्रो ने उन्हें पवेलियन भेजा। अब कप्तान पैट कमिंस और एलेक्स कैरी क्रीज पर हैं। 104 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर सात विकेट पर 402 रन है।
छह विकेट के नुकसान पर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 400 रन के पार जा चुका है। एलेक्स कैरी और मिचेल स्टार्क क्रीज पर हैं। भारतीय टीम दूसरे दिन लंच से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम को समेटना चाहेगी।
स्टीव स्मिथ 268 गेंद में 121 रन की शानदार पारी खेलने के बाद आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में 19 चौके लगाए। शार्दुल ठाकुर ने उन्हें बोल्ड किया। अब एलेक्स कैरी के साथ मिचेल स्टार्क क्रीज पर हैं। अब टीम इंडिया की कोशिश ऑस्ट्रेलिया को 400 रन के अंदर समेटने की होगी। 99 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर छह विकेट पर 387 रन है।
ओवल में दूसरे दिन एक घंटे का खेल हो चुका है। भारतीय गेंदबाजों ने दो विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया पर दबाव बनाया है। हालांकि, ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 97 ओवर में पांच विकेट खोकर 382 रन बना लिए हैं। स्टीव स्मिथ शतक लगाकर खेल रहे हैं। वहीं, दूसरे छोर पर एलेक्स कैरी उनके साथ हैं।
मोहम्मद शमी ने भारत को पांचवीं सफलता दिलाई है। उन्होंने कैमरून ग्रीन को दूसरी स्लिप पर शुभमन गिल के हाथों कैच कराया। ग्रीन ने सात गेंद में एक चौके की मदद से छह रन बनाए। दूसरे दिन पहले ही सत्र में दो विकेट लेकर भारतीय टीम ने मैच में थोड़ी वापसी की है। 95 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर पांच विकेट पर 376 रन है।
ट्रेविस हेड शतक लगाकर आउट हो चुके हैं। मोहम्मद सिराज ने उन्हें विकेटकीपर श्रीकर भरत के हाथों कैच कराया। ट्रेविस हेड ने 174 गेंद में 163 रन बनाए। उनकी पारी में 25 चौके और एक छक्का शामिल था। अब स्टीव स्मिथ के साथ कैमरून ग्रीन क्रीज पर मौजूद हैं। 92 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर चार विकेट पर 367 रन है।
ट्रेविस हेड का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। वहीं, स्टीव स्मिथ भी शतक पूरा कर चुके हैं। इन दोनों के बीच शानदार साझेदारी के चलते ऑस्ट्रेलिया का स्कोर तीन विकेट पर 350 रन के करीब पहुंच गया है। अब कंगारू टीम इस मैच में बेहद मजबूत स्थिति में है।
ट्रेविस हेड के बाद स्टीव स्मिथ ने भी अपना शतक पूरा कर लिया है। दूसरे दिन का खेल शुरू होने के बाद स्मिथ ने दो चौके लगाकर शतक लगाया। इस मैदान पर यह उनका तीसरा शतक है। स्मिथ की शानदार पारी के चलते ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 350 रन के करीब पहुंच गया है और मैच में कंगारू टीम की स्थिति बेहद मजबूत बनी हुई है।
ओवल में दूसरे दिन का खेल शुरू हो चुका है। ट्रेविस हेड और स्टीव स्मिथ क्रीज पर हैं। स्मिथ अपने शतक के करीब हैं और वह यह खास कीर्तिमान अपने नाम करना चाहेंगे।
टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को चौथे ओवर में मोहम्मद सिराज ने पहला झटका दिया। उन्होंने उस्मान ख्वाजा को विकेटकीपर केएस भरत के हाथों कैच कराया। ख्वाजा खाता भी नहीं खोल सके। दो के स्कोर पर पहला विकेट गिरने के बाद डेविड वॉर्नर ने मार्नस लाबुशेन के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 69 रन की साझेदारी निभाई। वॉर्नर को लंच से ठीक पहले शार्दुल ठाकुर ने विकेटकीपर भरत के हाथों कैच कराया। वह 60 गेंदों में आठ चौके की मदद से 43 रन बनाकर आउट हुए। लंच तक ऑस्ट्रेलिया ने दो विकेट गंवाकर 73 रन बना लिए थे।
लंच की ठीक बाद मोहम्मद शमी ने मार्नस लाबुशेन को क्लीन बोल्ड किया। वह 62 गेंदों में तीन चौके की मदद से 26 रन बनाकर आउट हुए। 24.1 ओवर में लाबुशेन का विकेट गिरा था। इसके बाद ट्रेविस हेड और स्टीव स्मिथ ने जबरदस्त बल्लेबाजी की और पूरे दिन कोई विकेट नहीं गिरने दिया। चायकाल तक ऑस्ट्रेलिया का स्कोर तीन विकेट पर 170 रन था।
ट्रेविस हेड का रिकॉर्ड
हेड ने टेस्ट करियर का छठा शतक पूरा किया, जबकि स्मिथ ने 38वां अर्धशतक लगाया। हेड ने अब तक अपनी पारी में 22 चौके और एक छक्का लगाया है। वहीं, स्मिथ ने अब तक अपनी पारी में 14 चौके लगाए हैं। हेड ने अपनी नाबाद शतकीय पारी के साथ ही टेस्ट फाइनल में खास रिकॉर्ड बना दिया। वह टेस्ट फाइनल में शतक जड़ने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले 2021 के टेस्ट फाइनल में भी कोई बल्लेबाज शतक नहीं लगा पाया था। भारत की तरफ से शमी, सिराज और शार्दुल को एक-एक विकेट मिला।
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मैच भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच इंग्लैंड के द ओवल मैदान में खेला जा रहा है। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पहले दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 327/3 था। ट्रेविस हेड शतक लगाकर खेल रहे हैं, जबकि स्मिथ 95 रन पर नाबाद है। मैच के दूसरे दिन भारतीय गेंदबाज कंगारू टीम को जल्द से जल्द आउट करना चाहेंगे। वहीं, ऑस्ट्रेलिया की कोशिश पहली पारी में बड़ा स्कोर बनाने की होगी।