फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs AUS Highlights: 2023 फाइनल का बदला पूरा, भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह

Tue, 25 Jun 2024 12:08 AM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, सेंट लुसिया

खास बातें

India vs Australia T20 World Cup : भारतीय टीम ने सुपर आठ चरण में अपना शानदार अभियान जारी रखा और शान से सेमीफाइनल में जगह बनाई। भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर पिछले साल वनडे विश्व कप के फाइनल में मिली हार का बदला भी चुकता कर लिया है। ऑस्ट्रेलिया के लिए अब आगे की राह बेहद कठिन हो गई है। 
विज्ञापन
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया लाइव स्कोर - फोटो : BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:45 PM, 24-Jun-2024

Live Score IND vs AUS : भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 24 रनों से हराया

भारतीय टीम ने रोहित शर्मा के बाद अर्शदीप सिंह की अगुआई में गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन की मदद से ऑस्ट्रेलिया को 24 रनों से हराकर टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह बनाई। भारत ने रोहित शर्मा के 92 रनों की पारी के दम पर 20 ओवर में पांच विकेट पर 205 रन बनाए, जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम 20 ओवर में सात विकेट पर 181 रन ही बना सकी और उसे लगातर दूसरी हार का सामना करना पडा। ऑस्ट्रेलिया के लिए ट्रेविस हेड ने 43 गेंदों पर नौ चौकों और चार छक्कों की मदद से 76 रन बनाए। उन्होंने कप्तान मिचेल मार्श के साथ दूसरे विकेट के लिए 81 रनों की साझेदारी की। एक समय लग रहा था कि ऑस्ट्रेलियाई टीम यह मुकाबला जीत जाएगी, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने जोरदार वापसी की और टूर्नामेंट में अपना विजयी अभियान जारी रखा। भारत के लिए तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने तीन विकेट लिए, जबकि कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव को दो विकेट मिले।

भारत ने इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया से पिछले साल हुए वनडे विश्व कप की हार का बदला चुकता कर लिया। ऑस्ट्रेलिया ने उस वक्त फाइनल में भारत को हराकर विजेता बनने का सपना तोड़ दिया था और अब भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर उसके लिए आगे की राहें बेहद मुश्किल कर दी है। भारत ने सुपर आठ चरण में अपने तीनों मैच जीते और वह छह अंकों के साथ ग्रुप एक में शीर्ष पर रहा। ऑस्ट्रेलिया की टीम तीन मैचों के बाद दो हार और एक जीत के साथ दूसरे स्थान पर है। अफगानिस्तान के दो मैचों में एक जीत और एक हार के साथ दो अंक हैं और वह तीसरे स्थान पर है। अफगानिस्तान का मंगलवार सुबह बांग्लादेश से मुकाबला होना है और अगर टीम वो मैच जीतने में सफल रही तो सेमीफाइनल में जगह बना लेगी और ऑस्ट्रेलिया का सफर यहीं थम जाएगा। भारत का सेमीफाइनल में सामना गत चैंपियन इंग्लैंड से होगा। इससे पहले भी 2022 में दोनों टीमों का सामना अंतिम चार में हुआ था जहां इंग्लैंड की टीम जीत दर्ज करने में सफल रही थी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला 27 जून को गुयाना में खेला जाएगा। 

 

11:41 PM, 24-Jun-2024

Live Score IND vs AUS : आखिरी छह गेंदों पर चाहिए 29 रन

ऑस्ट्रेलिया को भारत के खिलाफ जीत के लिए छह गेंदों पर 29 रन चाहिए और उसके चार विकेट शेष हैं। क्रीज पर पैट कमिंस और मिचेल स्टार्क मौजूद हैं, जबकि गेंदबाजी के लिए हार्दिक पांड्या आए हैं। 

11:35 PM, 24-Jun-2024

Live Score IND vs AUS : टिम डेविड पवेलियन लौटे

अर्शदीप सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए टिम डेविड को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को सातवां झटका दिया। डेविड 11 गेंदों पर 15 रन बनाकर आउट हुए। अर्शदीप का यह इस मैच का तीसरा विकेट है। ऑस्ट्रेलिया को अब जीत के लिए 12 गेंदों पर 39 रन चाहिए। 

विज्ञापन
11:29 PM, 24-Jun-2024

Live Score IND vs AUS : भारतीय टीम को मिली छठी सफलता

भारतीय टीम ने शानदार वापसी करते हुए ऑस्ट्रेलिया की पारी लड़खड़ा दी है। अर्शदीप सिंह ने मैथ्यू वेड को आउट कर भारत को छठी सफलता दिलाई। कुलदीप यादव ने शानदार कैच पकड़कर वेड को पवेलियन भेजा। मैथ्यू वेड दो गेंदों पर एक रन बनाकर आउट हुए। ऑस्ट्रेलिया को अब जीत के लिए 16 गेंदों पर 52 रनों की जरूरत है।

11:24 PM, 24-Jun-2024

Live Score IND vs AUS : ट्रेविस हेड आउट हुए

तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए ट्रेविस हेड को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को बड़ा झटका दिया। हेड शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन 76 रन बनाकर पवेलियन लौटे। ऑस्ट्रेलिया ने 150 रन पर पांच विकेट गंवा दिए हैं। 

विज्ञापन
11:13 PM, 24-Jun-2024

Live Score IND vs AUS : स्टोइनिस आउट हुए

स्पिनर अक्षर पटेल ने मार्कस स्टोइनिस को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को चौथा झटका दिया। स्टोइनिस चार गेंदो पर दो रन बनाकर आउट हुए। 

11:06 PM, 24-Jun-2024

Live Score IND vs AUS : ग्लेन मैक्सवेल आउट हुए

कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव ने ग्लेन मैक्सवेल को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को तीसरा झटका दिया। मैक्सवेल 12 गेंदों पर 20 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, ट्रेविस हेड क्रीज पर मौजूद हैं और लगातार अच्छे शॉट खेल रहे हैं। 

10:51 PM, 24-Jun-2024

Live Score IND vs AUS : हेड का पचासा

हेड ने अपने पचास रन पूरे कर लिए हैं। इस विश्व कप में यह उनकी दूसरी फिफ्टी है। इससे पहले उन्होंने स्कॉटलैंड के खिलाफ 68 रनों की पारी खेली थी। 10 ओवर के बाद टीम का स्कोर 99/2 है।

10:48 PM, 24-Jun-2024

Live Score IND vs AUS : ऑस्ट्रेलिया को लगा दूसरा झटका

ऑस्ट्रेलिया को दूसरा झटका कुलदीप यादव ने दिया। उन्होंने 87 रन के स्कोर पर मिचेल मार्श को अक्षर पटेल के हाथों कैच आउट कराया। वह 28 गेंदों में 37 रन बनाकर आउट हुए। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए ग्लेन मैक्सवेल उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए ट्रेविस हेड क्रीज पर मौजूद हैं।

10:33 PM, 24-Jun-2024

Live Score IND vs AUS : पावरप्ले समाप्त, ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 65/1

पावरप्ले समाप्त हो चुका है। ऑस्ट्रेलिया ने छह ओवर में एक विकेट पर 65 रन बना लिए हैं। हेड (26) और मार्श (31) दमदार प्रदर्शन करते नजर आ रहे हैं। 

10:24 PM, 24-Jun-2024

Live Score IND vs AUS : चार ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 36/1

चार ओवर के ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 36/1 है। मिचेल मार्श 16 और ट्रेविस हेड 13 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं।

10:09 PM, 24-Jun-2024

Live Score IND vs AUS : ऑस्ट्रेलिया को लगा पहला झटका

ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका छह रन के स्कोर पर लगा। अर्शदीप सिंह ने डेविड वॉर्नर को आउट किया। वह सिर्फ छह रन बना सके। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए कप्तान मिचेल मार्श उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए क्रीज पर ट्रेविस हेड मौजूद हैं।

09:52 PM, 24-Jun-2024

Live Score IND vs AUS : ऑस्ट्रेलिया को मिला 206 रनों का लक्ष्य

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान रोहित शर्मा के शानदार 92 रनों की पारी की मदद से 20 ओवर में पांच विकेट पर 205 रन बनाए। भारत ने इस मैच में दमदार बल्लेबाजी की और ऑस्ट्रेलिया के सामने 206 रनों का लक्ष्य रखा। इस विश्व कप में यह पहली बार है जब भारत ने 200 रन का स्कोर खड़ा किया है। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था और जोश हेजलवुड ने खाता खोले बिना विराट कोहली को आउट कर कप्तान का फैसला सही साबित किया। हालांकि, रोहित आज अलग ही रंग में नजर आए और उन्होंने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए कंगारू टीम के गेंदबाजों को आड़े हाथों लिया। रोहित ने इस दौरान महज 19 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। 

रोहित ने स्टार्क के ओवर से 29 रन निकाले और दमदार बल्लेबाजी जारी रखी। रोहित एक समय शतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन स्टार्क ने उनकी पारी का अंत किया। रोहित ने 41 गेंदों की अपनी पारी में सात चौके और आठ छक्के जड़े। रोहित टी20 अंतरराष्ट्रीय में 200 छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज बने। रोहित के आउट होने के बाद भले ही भारतीय पारी थोड़ी धीमी पड़ गई, लेकिन सूर्यकुमार यादव, शिवम दुबे और हार्दिक पांड्या ने कुछ अच्छे शॉट खेल टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया। वहीं, विराट कोहली एक बार फिर असफल रहे और टूर्नामेंट में दूसरी बार खाता खोले बिना आउट हुए। ऑस्ट्रेलिया के लिए स्टार्क और स्टोइनिस ने दो-दो विकेट झटके।

09:45 PM, 24-Jun-2024

Live Score IND vs AUS : शिवम दुबे पवेलियन लौटे

मार्कस स्टोइनिस ने डेविड वॉर्नर के हाथों कैच कराकर शिवम दुबे का विकेट लिया। शिवम अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन स्टोइनिस ने उनकी पारी का अंत किया। शिवम 22 गेंदों पर 28 रन बनाकर पांचवें बल्लेबाज के रूप में आउट हुए। क्रीज पर हालांकि, हार्दिक पांड्या टिके हुए हैं। भारत ने 19वें ओवर की समाप्ति के बाद पांच विकेट पर 195 रन बना लिए हैं। 

09:42 PM, 24-Jun-2024

Live Score IND vs AUS : भारत का स्कोर 180 रन के पार पहुंचा

भारतीय उपकप्तान हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे ने भारतीय पारी को संभाला और 18 ओवर की समाप्ति के बाद स्कोर 180 रन के पार पहुंचाया। भारतीय टीम को कप्तान रोहित शर्मा ने तेज शुरुआत दिलाई थी, लेकिन उनके आउट होने के बाद भारतीय पारी धीमी पड़ गई थी। 

09:26 PM, 24-Jun-2024

Live Score IND vs AUS : सूर्यकुमार यादव आउट हुए

मिचेल स्टार्क ने शानदार गेंदबाजी जारी रखते हुए सूर्यकुमार यादव को आउट कर भारत को चौथा झटका दिया। सूर्यकुमार 16 गेंदों पर 31 रन बनाकर आउट हुए। भारतीय टीम ने अच्छी बल्लेबाजी जारी रखते हुए 150 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है। 

09:11 PM, 24-Jun-2024

Live Score IND vs AUS : रोहित शर्मा शतक से चूके

तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने शानदार लय में चल रहे कप्तान रोहित शर्मा को आउट कर भारत को तीसरा झटका दिया। रोहित इस मैच में शानदार फॉर्म में दिख रहे थे और शतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन स्टार्क ने बोल्ड कर भारतीय कप्तान की पारी का अंत किया। रोहित 41 गेंदों पर 92 रन बनाकर आउट हुए। रोहित भले ही शतक बनाने से चूक गए, लेकिन यह उनका टी20 विश्व कप में सर्वश्रेष्ठ निजी स्कोर है।

09:00 PM, 24-Jun-2024

IND vs AUS T20 Live : भारत की दमदार बल्लेबाजी

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की तूफानी पारी से भारत ने दमदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 10 ओवर की समाप्ति तक दो विकेट पर 114 रन बना लिए हैं। रोहित 37 गेंदों पर 89 रन और सूर्यकुमार यादव चार गेंदों पर सात रन बनाकर खेल रहे हैं। 

08:51 PM, 24-Jun-2024

IND vs AUS T20 Live : ऋषभ पंत आउट हुए

मार्कस स्टोइनिस ने विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को आउट कर भारत को दूसरा झटका दिया। पंत 14 गेंदों पर 15 रन बनाकर आउट हुए। रोहित शर्मा हालांकि दूसरे छोर से तूफानी बल्लेबाजी कर रहे हैं और धीरे-धीरे शतक की ओर बढ़ रहे हैं। भारत ने आठ ओवर की समाप्ति पर दो विकेट पर 93 रन बना लिए हैं। रोहित 29 गेंदों पर 76 रन बनाकर खेल रहे हैं। 

08:36 PM, 24-Jun-2024

IND vs AUS T20 Live : रोहित शर्मा ने जड़ा अर्धशतक

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए 19 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा। रोहित की दमदार बल्लेबाजी से भारत ने पांचवें ओवर की समाप्ति के बाद एक विकेट पर 52 रन बना लिए हैं। रोहित के साथ ऋषभ पंत भी क्रीज पर मौजूद हैं।

08:33 PM, 24-Jun-2024

IND vs AUS T20 Live : मैच दोबारा शुरू

बारिश के कारण कुछ समय के लिए मैच रुकने के बाद इसे दोबारा शुरू कर दिया गया है। रोहित शर्मा और ऋषभ पंत बल्लेबाजी के लिए उतरे हैं, जबकि पैट कमिंस गेंदबाजी करने आए हैं। 

08:25 PM, 24-Jun-2024

IND vs AUS T20 Live : बारिश के कारण खेल रुका

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सेंट लुसिया में खेला जा रहा सुपर आठ चरण का मुकाबला बारिश के कारण रुक गया है। बारिश के कारण मैदान को कवर्स से ढक दिया गया है और दोनों टीमों के खिलाड़ी मैदान से बाहर चले गए हैं। भारत ने 4.1 ओवर के बाद एक विकेट पर 43 रन बना लिए हैं। भारत के लिए कप्तान रोहित शर्मा तूफानी बल्लेबाजी कर रहे हैं और उन्होंने 14 गेंदों पर दो चौकों और पांच छक्कों की मदद से 41 रन बना लिए हैं। रोहित के साथ ऋषभ पंत छह गेंदों पर एक रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। भारत को विराट कोहली के रूप में पहला झटका लगा जो खाता खोले बिना आउट हुए। 

08:17 PM, 24-Jun-2024

IND vs AUS T20 Live : रोहित ने स्टार्क पर किया प्रहार

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क को आड़े हाथों लिया और उनके ओवर से 29 रन जुटाए। रोहित ने स्टार्क के इस ओवर में चार छक्के जड़े, जबकि एक चौका लगाया।

08:08 PM, 24-Jun-2024

IND vs AUS T20 Live : कोहली खाता खोले बिना आउट हुए

ऑस्ट्रेलिया ने भारत को बड़ा झटका देते हुए विराट कोहली को खाता खोले बिना आउट कर दिया। तेज गेंदबाज जोश हेडलवुड की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में कोहली कैच थमा बैठे। कोहली ने चार गेंदें खेली लेकिन खाता नहीं खोल सके। भारत ने छह रन पर अपना शुरुआती विकेट गंवाया। टी20 विश्व कप में यह दूसरी बार है जब कोहली खाता खोले बिना पवेलियन लौटे हैं। 

08:00 PM, 24-Jun-2024

IND vs AUS T20 Live : भारत की पारी शुरू

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत की पारी शुरू हो गई है और रोहित शर्मा के साथ विराट कोहली क्रीज पर उतरे हैं। ऑस्ट्रेलिया के लिए मिचेल स्टार्क गेंदबाजी की शुरुआत करने आए हैं। 

07:36 PM, 24-Jun-2024

IND vs AUS Live Match : दोनों टीमों की प्लेइंग-11

भारतः रोहित शर्मा (कप्तान), विराट कोहली, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह।

ऑस्ट्रेलियाः ट्रेविस हेड, डेविड वॉर्नर, मिचेल मार्श (कप्तान), ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टोइनिस, टिम डेविड, मैथ्यू वेड (विकेटकीपर), पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क, एडम जांपा, जोश हेजलवुड।
 

07:33 PM, 24-Jun-2024

IND vs AUS Live Match : ऑस्ट्रेलिया का टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला

ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श ने भारत के खिलाफ सुपर आठ मुकाबले के दौरान टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। ऑस्ट्रेलिया ने इस मुकाबले के लिए प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। टीम ने एश्टन एगर की जगह मिचेल स्टार्क को एकादश में जगह दी है। दूसरी तरफ, भारत ने इस मैच के लिए प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है।

07:24 PM, 24-Jun-2024

IND vs AUS Live Match : कैसी रहेगी पिच?

सेंट लूसिया के डैरेन सैमी स्टेडियम में अब तक 180 से ज्यादा मैच खेले जा चुके हैं और ज्यादातर मैचों में टीमों की तरफ से अच्छा प्रदर्शन देखने को मिला है। अफगानिस्तान के खिलाफ वेस्टइंडीज द्वारा बनाया गया 218 रन का स्कोर इस मैदान पर पहले बल्लेबाजी करते हुए बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर है। वहीं, लक्ष्य का पीछा करते हुए इस मैदान पर दूसरी पारी में  197 रन बने हैं। ऐसे में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाला मुकाबला हाई-स्कोरिंग हो सकता है।

07:10 PM, 24-Jun-2024

IND vs AUS Live : बुमराह लेंगे वॉर्नर की क्लास

भारत का तेज गेंदबाजी आक्रमण किसी भी टीम के खिलाफ प्रभाव छोड़ने में अब तक सफल रहा है। अनुभवी गेंदबाज बुमराह ने मौजूदा टू्र्नामेंट की पांच पारियों में 10 विकेट अपने नाम किए हैं। पावरप्ले में वह भारत को सफलता दिलाने में अब तक कामयाब रहे हैं। ऐसे में डेविड वॉर्नर और बुमराह के बीच टक्कर देखने को मिल सकती है। क्रिकेट के इस प्रारुप में दोनों का 11 पारियों में आमना-सामना हुआ है। जिसमें बुमराह ने दो बार उन्हें आउट किया है।

07:01 PM, 24-Jun-2024

IND vs AUS Live : पांड्या बिखेरेंगे जलवा

ऑलराउंडर्स के तौर पर भारतीय टीम में हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल और रवींद्र जडेजा मौजूद हैं। ये तीनों ही खिलाड़ी गेंद और बल्ले से प्रभाव छोड़ने में कामयाब हुए हैं। उप-कप्तान बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए मुकाबले में भारत के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। उन्होंने जोरदार अर्धशतक ठोका था। वहीं, अक्षर और जडेजा ने गेंद से बांग्लादेश के बल्लेबाजों को परेशान किया। हालांकि, दोनों को कोई सफलता हासिल नहीं हुई। 

06:51 PM, 24-Jun-2024

IND vs AUS Live : दोनों टीमें स्टेडियम पहुंचीं

भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें इस मुकाबले के लिए डेरेन सैमी स्टेडियम पहुंच चुकी हैं। थोड़ी देर बाद इस मुकाबले का टॉस होगा। बारिश की संभावना है, लेकिन फिलहाल मौसम साफ है।

06:37 PM, 24-Jun-2024

IND vs AUS Live : सेंट लुसिया में मौसम सुहाना

सेंट लुसिया में मौसम सुहाना है और फिलहाल बारिश नहीं हो रही है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर दिनेश कार्तिक ने फोटो शेयर करते हुए बताया कि मौसम फिलहाल ठीक है, लेकिन थोड़ी बारिश की भी संभावना है।
 

06:31 PM, 24-Jun-2024

IND vs AUS Live : भारतीय टीम में बदलाव की संभावना कम

टी20 विश्व कप 2024 के 51वें मैच में भारत की प्लेइंग 11 में बदलाव की संभावना कम है। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए ऋषभ पंत उतरेंगे। स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज मौजूदा टूर्नामेंट में भारत के लिए दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने पांच मैचों में 135.71 के स्ट्राइक रेट से 152 रन बनाए हैं। उनका उच्चतम स्कोर 42 रनों का रहा है। बीच के ओवरों में उनकी और सूर्या की जोड़ी भारत के लिए उपयोगी साबित हो सकती है। टी20 क्रिकेट के नंबर एक बल्लेबाज ने भारत के लिए इस विश्व कप में  दो अर्धशतकों की मदद से 118 रन बनाए हैं। हालांकि, बांग्लादेश के खिलाफ वह सिर्फ छह रन बना सके थे। तंजीम ने उन्हें विकेटकीपर के हाथों कैच कराया था।

06:12 PM, 24-Jun-2024

IND vs AUS Live : स्टार्क से होगा रोहित का सामना

कोहली का साथ रोहित शर्मा देंगे जिनकी टक्कर ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज मिचेल स्टार्क से होगी। घातक गेंदबाज मैच की शुरुआत से ही भारत पर दबाव बनाने की कोशिश करेंगे। हालांकि, रोहित का फॉर्म में होना अच्छा संकेत है। शनिवार को खेले गए मुकाबले में हिटमैन ने 11 गेंदों में 23 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 209.09 के स्ट्राइक रेट से तीन चौके और एक छक्का लगाया। क्रिकेट के इस प्रारुप में दोनों खिलाड़ियों का पांच पारियों में आमना-सामना हुआ है। 16 गेंदों में रोहित ने 23 रन बनाए हैं। वहीं, एक मैच में स्टार्क ने उन्हें आउट किया है। बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों के खिलाफ रोहित को संघर्ष करते देखा गया है। हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए मुकाबले में फजलहक फारुकी ने आउट किया था। 2024 में वह आठ बार बाएं हाथ के गेंदबाजों का शिकार बने हैं। 19 पारियों में उन्होंने 128 रन बनाए हैं। 

05:57 PM, 24-Jun-2024

IND vs AUS Live : विश्व कप में कोहली का रिकॉर्ड

हालांकि, कोहली भी पीछे नहीं हैं। उन्होंने टी20 विश्व कप की 29 पारियों में 129.7 के स्ट्राइक रेट से 1170 रन बनाए हैं। इनमें उनके नाम 14 अर्धशतक दर्ज हैं। बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए पिछले मैच में किंग कोहली का बल्ला जमकर गरजा। उन्होंने 28 गेंदों में एक चौके और तीन छक्कों की मदद से 37 रनों की दमदार पारी खेली। भारत को अच्छी शुरुआत दिलाने में स्टार बल्लेबाज का अहम योगदान रहा। कोहली और जम्पा के बीच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की 12 पारियों में टक्कर हुई है। इनमें उन्होंने 74 रन बनाए हैं। वहीं, तीन बार लेग स्पिनर ने उन्हें अपना शिकार बनाया है। 

05:40 PM, 24-Jun-2024

IND vs AUS Live : सेंट लुसिया में बारिश रुकी

प्रशंसकों के लिए राहत की बात यह है कि सेंट लुसिया में बारिश रुक गई है। सुबह के समय यहां बारिश हुई थी, लेकिन अब मौसम साफ है और धूप खिली हुई है। हालांकि, मैच के दौरान भी बारिश की संभावना जताई जा रही है, लेकिन अभी मौसम साफ है।

05:37 PM, 24-Jun-2024

IND vs AUS Live : कोहली और जांपा के बीच होगी टक्कर

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जाने वाले इस मुकाबले पर दोनों टीमों की विस्फोटक बैटिंग लाइनअप पर सभी की नजरें रहेंगी। जहां विराट कोहली का सामना एडम जांपा से होगा। बीच के ओवरों में ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज भारत के लिए मुसीबत बन सकते हैं। उन्होंने 84 पारियों में 7.2 के इकोनॉमी रेट से 103 विकेट अपने नाम किए हैं। वहीं, टी20 विश्व कप में जांपा के नाम 19 पारियों में 34 विकेट दर्ज हैं।

05:31 PM, 24-Jun-2024

IND vs AUS Highlights: 2023 फाइनल का बदला पूरा, भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह

Live Cricket Score (IND vs AUS) India vs Australia T20 World Cup : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज सुपर आठ चरण के ग्रुप एक का अहम मुकाबला भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच है। भारतीय टीम टूर्नामेंट में अजेय चल रही है और इस मैच को जीतकर वह सेमीफाइनल में जगह बना लेगी, जबकि पिछला मैच हार चुकी ऑस्ट्रेलिया के लिए यह मैच करो या मरो मुकाबले की तरह है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें