फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs AUS Highlights: आईसीसी की सभी ट्रॉफी जीतने वाली पहली टीम बनी ऑस्ट्रेलिया, भारत को 209 रन से हराया

Sun, 11 Jun 2023 05:27 PM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लंदन

खास बातें

WTC Final 2023 IND vs AUS Highlights: विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 209 रन से हरा दिया है। ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 469 रन बनाए थे। इसके जवाब में टीम इंडिया 296 रन पर सिमट गई थी और पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया को 173 रन की बढ़त मिली थी। ऑस्ट्रेलिया ने 270 रन बनाकर दूसरी पारी घोषित की और भारत के सामने 444 रन का लक्ष्य रखा। इसके जवाब में भारतीय टीम 234 रन पर सिमट गई और मैच 209 रन से हार गई।
 
विज्ञापन
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

05:10 PM, 11-Jun-2023

ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराया

ऑस्ट्रेलिया ने भारत की दूसरी पारी 234 रन पर समेट दी। इसके साथ ही विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल 209 रन के विशाल अंतर से जीत लिया। इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया आईसीसी की सभी ट्रॉफी जीतने वाली पहली टीम बन गई है। वहीं, भारत को लगातार दूसरी बार टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में हार का सामना करना पड़ा है। इस हार के साथ ही भारत के आईसीसी ट्रॉफी जीतने का सूखा बरकरार है। टीम इंडिया पिछले 10 वर्षों में कोई आईसीसी ट्रॉफी नहीं जीत पाई है। साल 2013 में भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी अपने नाम की थी।

इस मैच में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 469 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। ट्रेविस हेड ने 163 और स्टीव स्मिथ ने 121 रन बनाए। इसके जवाब में भारतीय टीम 296 रन ही बना पाई। अजिंक्य रहाणे के 89, शार्दुल ठाकुर के 51 और रवींद्र जडेजा के 48 रनों ने भारतीय टीम को फॉलोऑन से बचाया। ऑस्ट्रेलिया ने अपनी दूसरी पारी आठ विकेट पर 270 रन बनाकर घोषित की। एलेक्स कैरी ने नाबाद 66 रन बनाए। पैट कमिंस और मार्नस लाबुशेन ने 41-41 रन बनाए। मैच की चौथी पारी में भारत के सामने 444 रन का लक्ष्य था। इसके जवाब में भारतीय टीम 234 रन पर सिमट गई। सबसे ज्यादा 49 रन विराट कोहली ने बनाए। अजिंक्य रहाणे ने 46 और रोहित ने 43 रन का योगदान दिया। इसके साथ ही टीम इंडिया फाइनल मैच 209 रन से हार गई।

ऑस्ट्रेलिया के लिए मिचेल स्टार्क ने चार, पैट कमिंस ने चार, स्कॉट बोलैंड ने पांच विकेट, कैमरून ग्रीन ने दो विकेट और नाथन लियोन ने पांच विकेट लिए। वहीं, भारत के लिए मोहम्मद शमी ने चार, मोहम्मद सिराज ने पांच, उमेश यादव ने दो, शार्दुल ठाकुर ने दो और रवींद्र जडेजा ने चार विकेट लिए।

04:57 PM, 11-Jun-2023

IND vs AUS Live Score: श्रीकर भरत 23 रन बनाकर आउट

224 रन के स्कोर पर भारत का नौवां विकेट गिरा है। श्रीकर भरत 41 गेंद में 23 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। नाथन लियोन ने अपनी ही गेंद पर उनका कैच पकड़ा। अब मोहम्म शमी और मोहम्मद सिराज क्रीज पर हैं। ऑस्ट्रेलियाई टीम जीत की दहलीज पर पहुंच चुकी है। वहीं, लगातार दूसरी बार टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भारत की हार तय हो गई है।

04:49 PM, 11-Jun-2023

IND vs AUS Live Score: उमेश यादव एक रन बनाकर आउट

220 रन के स्कोर पर भारत का आठवां विकेट गिरा है। उमेश यादव 12 गेंद में एक रन बनाकर आउट हो चुके हैं। मिचेल स्टार्क ने उन्हें विकेटकीपर एलेक्स कैरी के हाथों कैच कराया। अब श्रीकर भरत के साथ मोहम्मद शमी क्रीज पर हैं।

विज्ञापन
04:34 PM, 11-Jun-2023

IND vs AUS Live Score: शार्दुल ठाकुर को नाथन लियोन ने आउट किया

213 रन के स्कोर पर भारत का सातवां विकेट गिरा है। शार्दुल ठाकुर को नाथन लियोन ने आउट किया। उन्होंने पांच गेंदों का सामना किया, लेकिन अपना खाता नहीं खोल पाए। इस विकेट के साथ ही भारतीय टीम हार की दहलीज पर खड़ी है। अब श्रीकर भरत के साथ उमेश यादव क्रीज पर हैं। 

04:28 PM, 11-Jun-2023

IND vs AUS Live Score: अजिंक्य रहाणे 46 रन बनाकर आउट

212 रन के स्कोर पर भारत का छठा विकेट गिरा है। अजिंक्य रहाणे 108 गेंद में 46 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। मिचेल स्टार्क ने उन्हें विकेटकीपर एलेक्स कैरी के हाथों कैच कराया। अब श्रीकर भरत के साथ शार्दुल ठाकुर क्रीज पर हैं। 57 ओवर के बाद भारत का स्कोर छह विकेट पर 212 रन है।

विज्ञापन
04:15 PM, 11-Jun-2023

IND vs AUS Live Score: भारत का स्कोर 200 रन के पार

पांच विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 200 रन के पार जा चुका है। अजिंक्य रहाणे और श्रीकर भरत क्रीज पर हैं। दोनों अच्छी गति से रन बना रहे हैं। इन दोनों को बड़ी साझेदारी करनी होगी।

03:34 PM, 11-Jun-2023

IND vs AUS Live Score: खाता भी नहीं खोल पाए जडेजा

179 रन के स्कोर पर भारत की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। रवींद्र जडेजा खाता खोले बिना आउट हो गए। बोलैंड ने उन्हें विकेटकीपर एलेक्स कैरी के हाथों कैच कराया। अब भारतीय टीम मुश्किल में आ गई है। भारत के लिए यह मैच जीतना लगभग असंभव हो चुका है। अजिंक्य रहाणे के साथ श्रीकर भरत क्रीज पर हैं। 48 ओवर के बाद भारत का स्कोर पांच विकेट पर 184 रन है।

03:31 PM, 11-Jun-2023

IND vs AUS Live Score: विराट कोहली 49 रन बनाकर आउट

179 रन के स्कोर पर भारत का चौथा विकेट गिरा है। विराट कोहली 78 गेंद में 49 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। वह शानदार लय में थे और अपनी पारी में सात चौके लगा चुके थे, लेकिन उन्होंने ऑफ स्टंप के बाहर की गेंद पर शॉट खेलने की कोशिश की और बोलैंड की गेंद पर स्टीव स्मिथ ने शानदार कैच पकड़ा।

03:02 PM, 11-Jun-2023

IND vs AUS Live Score: पांचवें दिन का खेल शुरू

ओवल के मैदान में पांचवें दिन का खेल शुरू हो चुका है। अजिंक्य रहाणे और विराट कोहली क्रीज पर हैं। दोनों संभलकर खेल रहे हैं। विराट कोहली अपने अर्धशतक के करीब पहुंच चुके हैं। 42 ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 168 रन है।

02:41 PM, 11-Jun-2023

IND vs AUS Live Score: मैच में अब तक क्या हुआ?

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को चौथे ओवर में मोहम्मद सिराज ने पहला झटका दिया। उन्होंने उस्मान ख्वाजा को विकेटकीपर केएस भरत के हाथों कैच कराया। ख्वाजा खाता भी नहीं खोल सके। दो के स्कोर पर पहला विकेट गिरने के बाद डेविड वॉर्नर ने मार्नस लाबुशेन के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 69 रन की साझेदारी निभाई। वॉर्नर को लंच से ठीक पहले शार्दुल ठाकुर ने विकेटकीपर भरत के हाथों कैच कराया। वह 60 गेंदों में आठ चौके की मदद से 43 रन बनाकर आउट हुए। लंच तक ऑस्ट्रेलिया ने दो विकेट गंवाकर 73 रन बना लिए थे।

लंच की ठीक बाद मोहम्मद शमी ने मार्नस लाबुशेन को क्लीन बोल्ड किया। वह 62 गेंदों में तीन चौके की मदद से 26 रन बनाकर आउट हुए। 24.1 ओवर में लाबुशेन का विकेट गिरा था। इसके बाद ट्रेविस हेड और स्टीव स्मिथ ने जबरदस्त बल्लेबाजी की और पूरे दिन कोई विकेट नहीं गिरने दिया और पहले दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया का स्कोर तीन विकेट पर 327 रन था। दूसरे दिन भारतीय गेंदबाजों ने वापसी की और ऑस्ट्रेलिया की टीम 142 रन और जोड़कर ऑल आउट हो गई। पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया ने 469 रन बनाए। ट्रेविस हेड 163 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, स्टीव स्मिथ ने टेस्ट करियर का 31वां शतक लगाया। वह 121 रन बनाकर आउट हुए। कैमरन ग्रीन छह रन, एलेक्स कैरी 48 रन, मिचेल स्टार्क पांच रन, पैट कमिंस नौ रन और लियोन नौ रन बनाकर आउट हुए। भारत के लिए सिराज ने चार विकेट लिए। शमी और शार्दुल को दो-दो विकेट मिले। जडेजा ने एक विकेट लिया।

ऑस्ट्रेलिया के 469 रन के जवाब में भारत का टॉप ऑर्डर पूरी तरह फेल रहा। कप्तान रोहित शर्मा 15 रन, शुभमन गिल 13 रन, चेतेश्वर पुजारा 14 रन, विराट कोहली 14 रन बनाकर आउट हुए। 71 रन तक भारत ने चार विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद रवींद्र जडेजा और रहाणे ने पांचवें विकेट के लिए 71 रन की साझेदारी निभाई। जडेजा को ऑफ स्पिनर नाथन लियोन ने स्लिप में कैच आउट कराया। वह 48 रन बना सके। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने अपनी पहली पारी में पांच विकेट गंवाकर 151 रन बनाए। 

तीसरे दिन की शुरुआत में ही श्रीकर भरत पांच रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन अजिंक्य रहाणे और शार्दुल ने शतकीय साझेदारी कर भारत को फॉलोऑन से बचाया। रहाणे 89 और शार्दुल 51 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद भारत के पुछल्ले बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर पाए और भारत की पहली पारी 296 रन पर सिमट गई। ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में 173 रन की बढ़त मिली। कप्तान कमिंस ने तीन विकेट लिए। स्कॉट बोलैंड, मिचेल स्टार्क और कैमरून ग्रीन को दो-दो विकेट मिले। एक विकेट नाथन लियोन ने लिया।

दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। डेविड वॉर्नर एक रन बनाकर सिराज का शिकार बने। इसके बाद ख्वाजा भी 13 रन बनाकर उमेश की गेंद पर आउट हो गए। इसके बाद स्मिथ और लाबुशेन ने तीसरे विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी की, लेकिन जडेजा ने स्मिथ को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद उन्होंने ट्रेविस हेड को भी आउट कर दिया। लाबुशेन 41 और ग्रीन 25 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद एलेक्स कैरी 66 रन बनाकर नाबाद रहे। स्टार्क ने 41 और कमिंस ने पांच रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया ने आठ विकेट पर 270 रन बनाकर अपनी पारी घोषित की और भारत के सामने 444 रन का लक्ष्य रखा। 

मैच की चौथी पारी में विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने शानदार शुरुआत की। रोहित और गिल ने 41 रन की साझेदारी की, लेकिन 18 रन के निजी स्कोर पर गिल विवादित तरीके से आउट हो गए। इसके बाद रोहित भी 43 रन के निजी स्कोर पर नाथन लियोन का शिकार बने। वहीं, चेतेश्वर पुजारा 27 रन बनाकर कमिंस का शिकार बने। इसके बाद विराट कोहली और अजिंक्य रहाणे ने बेहतरीन साझेदारी की और भारतीय टीम मैच में बनी हुई है। चौथे दिन का खेल खत्म होने तक भारत का स्कोर तीन विकेट पर 164 रन था। विराट कोहली 44 और रहाणे 20 रन बनाकर खेल रहे हैं। भारत को जीत के लिए 280 रन की जरूरत है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए भारत को ऑल आउट करना होगा।

02:38 PM, 11-Jun-2023

IND vs AUS Highlights: आईसीसी की सभी ट्रॉफी जीतने वाली पहली टीम बनी ऑस्ट्रेलिया, भारत को 209 रन से हराया

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मैच भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जा रहा है। आज मुकाबले का पांचवां दिन है। ऑस्ट्रेलिया ने भारत के सामने 444 रन का लक्ष्य रखा है। इसके जवाब में भारतीय टीम ने चौथे दिन का खेल खत्म होने तक तीन विकेट पर 164 रन बना लिए हैं। भारतीय टीम को आखिरी दिन जीत के लिए 280 रन बनाने की जरूरत है।
 

मैच में चौथे दिन क्या हुआ जानने के लिए यहां क्लिक करें

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें