फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs AUS: विश्व कप में भारत का विजयी आगाज, ऑस्ट्रेलिया को छह विकेट से हराया; राहुल ने छक्के से खत्म किया मैच

Sun, 08 Oct 2023 10:02 PM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, चेन्नई

खास बातें

World Cup IND vs AUS 2023 Highlights: वनडे विश्व कप 2023 में भारत ने अपने पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया को छह विकेट से हरा दिया है। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 199 रन बनाए थे। इसके जवाब में भारत ने चार विकेट खोकर 201 रन बना लिए और अपने विश्व कप अभियान का विजयी आगाज किया।
विज्ञापन
विराट कोहली और लोकेश राहुल - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:53 PM, 08-Oct-2023

भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराया

भारत ने ऑस्ट्रेलिया को छह विकेट से हराकर अपने विश्व कप अभियान का विजयी आगाज किया है। इस मैच में भारत की जीत के हीरो लोकेश राहुल और विराट कोहली रहे। हालांकि, दोनों बल्लेबाज शतक से चूक गए। राहुल ने नाबाद 97 और कोहली ने 85 रन की पारी खेली। इन दोनों के अलावा सिर्फ हार्दिक पांड्या ही अपना खाता खोल पाए। उन्होंने 11 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया के लिए जोश हेजलवुड ने तीन और मिचेल स्टार्क ने एक विकेट लिया। बल्ले के साथ ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा 46 रन स्टीव स्मिथ ने बनाए। वॉर्नर ने भी 41 रन की पारी खेली। अंत में स्टार्क ने 28 रन का योगदान दिया। भारत के लिए रवींद्र जडेजा ने तीन विकेट लिए। कुलदीप यादव और जसप्रीत बुमराह को दो-दो विकेट मिले। सिराज, हार्दिक और अश्विन ने एक-एक विकेट लिया।

इस मैच में जीत के साथ ही भारत ने दो अहम अंक हासिल कर लिए हैं। अंक तालिका में टीम इंडिया पांचवें स्थान पर आ गई है। भारत का अगला मैच 11 अक्तूबर को अफगानिस्तान के साथ होगा।

मैच में क्या हुआ?
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बुमराह ने अपने दूसरे ही ओवर में मिचेल मार्श को आउट कर दिया। वह अपना खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद स्मिथ और वॉर्नर ने 69 रन की साझेदारी कर ऑस्ट्रेलियाई पारी को संभाला, लेकिन कुलदीप ने वॉर्नर को आउट कर साझेदारी को तोड़ा। वॉर्नर ने 41 रन बनाए। स्मिथ और लाबुशेन ने 36 रन जोड़े, लेकिन जडेजा ने स्मिथ को 46 और लाबुशेन को 27 के स्कोर पर आउट किया। उन्होंने एलेक्स कैरी को खाता तक नहीं खोलने दिया और 119 रन पर ऑस्ट्रेलिया की आधी टीम पवेलियन लौट गई। कुलदीप ने मैक्सवेल को 15 रन के निजी स्कोर पर बोल्ड किया। जल्द ही ग्रीन भी आठ रन के स्कोर पर अश्विन का शिकार बन गए। कमिंस 15 और जैंपा छह रन बनाकर आउट हुए। अंत में मिचेल स्टार्क ने 28 रन बनाकर अपनी टीम का स्कोर 199 रन तक पहुंचाया। भारत के लिए रवींद्र जडेजा ने तीन विकेट लिए। कुलदीप यादव और जसप्रीत बुमराह को दो-दो विकेट मिले। सिराज, हार्दिक और अश्विन ने एक-एक विकेट लिया।

200 रन का पीछा करने उतरे भारत की शुरुआत बेहद खराब रही। दो रन के स्कोर पर तीन बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। ईशान किशन, रोहित शर्मा और श्रेयस अय्यर अपना खाता तक नहीं खोल सके। स्टार्क ने ईशान किशन और हेजलवुड ने रोहित, श्रेयस को अपना शिकार बनाया। इसके बाद कोहली ने राहुल के साथ मिलकर पारी संभाली। 12 रन के स्कोर पर उन्हें जीवनदान भी मिला। इसके बाद इन दोनों ने पीछे मुडकर नहीं देखा। दोनों ने अपने अर्धशतक लगाए और शतकीय साझेदारी की। इसके बाद भी क्रीज पर जमे रहे। कोहली अपने शतक से चूके और 85 रन के स्कोर पर हेजलवुड का तीसरा शिकार बने। इसके बाद राहुल ने हार्दिक पांड्या के साथ मिलकर मैच खत्म किया। हालांकि, वह भी अपने शतक से चूक गए और 97 रन के निजी स्कोर पर नाबाद रहे। ऑस्ट्रेलिया के लिए हेजलवुड ने तीन और स्टार्क ने एक विकेट लिया।

09:34 PM, 08-Oct-2023

IND vs AUS Live Score: विराट कोहली शतक से चूके

विराट कोहली 116 गेंद में 85 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। जोश हेजलवुड ने उन्हें मार्नस लाबुशेन के हाथों कैच कराया। कोहली ने अपनी पारी में छह चौके लगाए और राहुल के साथ 165 रन की साझेदारी की। हालांकि, वह मैच नहीं खत्म कर सके और अपने शतक से भी चूक गए, लेकिन वह टीम इंडिया को जीत की दहलीज पर पहुंचाकर आउट हुए हैं। अब भारत को जीत के लिए सिर्फ 33 रन की जरूरत है। राहुल के साथ हार्दिक क्रीज पर हैं।

09:17 PM, 08-Oct-2023

IND vs AUS Live Score: भारत का स्कोर 150 रन के पार

तीन विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। विराट और राहुल के बीच बेहतरीन साझेदारी ने टीम इंडिया को जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया है। दोनों की साझेदारी भी 150 रन की हो चुकी है। कोहली अपने शतक के करीब पहुंच रहे हैं।

विज्ञापन
09:08 PM, 08-Oct-2023

IND vs AUS Live Score: मैच में भारत की पकड़ मजबूत

विराट कोहली और लोकेश राहुल की शानदार साझेदारी ने मैच में भारत की पकड़ मजबूत कर दी है। 200 रन का पीछा करते हुए टीम इंडिया ने दो रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद से ये दोनों भारत का स्कोर 140 रन तक ले आए हैं। अब दोनों आसानी से रन बना रहे हैं और मैच में भारत की पकड़ मजबूत हो चुकी है।

08:37 PM, 08-Oct-2023

IND vs AUS Live Score: राहुल का अर्धशतक

लोकेश राहुल ने 72 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। यह वनडे क्रिकेट में उनका 16वां अर्धशतक है। उन्होंने विराट कोहली के साथ मिलकर शानदार साझेदारी की है और मैच में टीम इंडिया की वापसी कराई है। अब उनकी कोशिश बड़ी पारी खेल टीम इंडिया को जीत दिलाने की होगी। 30 ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 120 रन है।

विज्ञापन
08:34 PM, 08-Oct-2023

IND vs AUS Live Score: कोहली राहुल के बीच शतकीय साझेदारी

विराट कोहली और लोकेश राहुल के बीच शतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों ने 146 गेंद में 100 रन जोड़े हैं और मैच में टीम इंडिया की वापसी कराई है। भारत ने दो रन पर अपने तीन विकेट गंवा दिए थे। रोहित, ईशान और श्रेयस खाता तक नहीं खोल पाए थे। इसके बाद इन दोनों ने संभलकर बल्लेबाजी की है और मैच में टीम इंडिया को वापस ले आए हैं। कोहली का अर्धशतक हो चुका है और राहुल इसके बेहद करीब हैं।

08:28 PM, 08-Oct-2023

IND vs AUS Live Score: विराट का अर्धशतक

विराट कोहली ने 75 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। यह वनडे में उनका 67वां अर्धशतक है। उन्हें 12 रन के स्कोर पर जीवनदान मिला था। इसके बाद से वह बहुत संभलकर खेले हैं और आसानी से रन बना रहे हैं।

08:06 PM, 08-Oct-2023

IND vs AUS Live Score: कोहली-राहुल अर्धशतक के करीब

विराट कोहली और लोकेश राहुल अपने अर्धशतक के करीब पहुंच गए हैं। दोनों ने बहुत ही संयमित पारी खेली है और अब आसानी से रन बना रहे हैं। दोनों की साझेदारी 100 रन के करीब पहुंच रही है और मैच में भारत की पकड़ मजबूत हो रही है।

07:42 PM, 08-Oct-2023

IND vs AUS Live Score: भारत का स्कोर 50 रन के पार

दो रन पर भारत के तीन विकेट गिर गए थे। इसके बाद विराट कोहली ने लोकेश राहुल के साथ मिलकर भारतीय पारी को संभाला है। हालांकि, ये दोनों क्रीज पर उतने सहज नहीं दिखे हैं, लेकिन रन बनाने और साझेदारी करने में सफल रहे हैं। दोनों के बीच 83 गेंद में अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। अब यह जोड़ी बड़ी साझेदारी कर टीम इंडिया को लक्ष्य के करीब ले जाना चाहेगी। 16 ओवर के बाद भारत का स्कोर 52/3 है।

07:23 PM, 08-Oct-2023

IND vs AUS Live Score: भारत का स्कोर 30 रन के पार

दो रन पर तीन विकेट गिरने के बाद कोहली और राहुल ने भारत की पारी संभाली है। ये दोनों मिलकरटीम इंडिया का स्कोर 30 रन के पार ले गए हैं। 12 ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 35 रन है।

07:07 PM, 08-Oct-2023

IND vs AUS Live Score: विराट कोहली को जीवनदान

विराट कोहली को 12 रन के स्कोर पर जीवनदान मिला है। जोश हेजलवुड की गेंद पर कोहली ने पुल शॉट खेलने की कोशिश की और गेंद हवा में ऊपर चली गई। मिचेल मार्श कैच पकड़ने के लिए गए, लेकिन गेंद कभी उनके हाथ ही नहीं आई। इस तरह विराट क्रीज पर बने हुए हैं। लोकेश राहुल उनके साथ हैं। आठ ओवर के बाद भारत का स्कोर 21/3 है।

06:57 PM, 08-Oct-2023

IND vs AUS Live Score: भारतीय खिलाड़ियों ने बनाए शर्मनाक रिकॉर्ड

इस मैच में भारत के शुरुआती तीन बल्लेबाज खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए। यह पहला मौका है, जब किसी वनडे मैच में भारत के शुरुआती चार बल्लेबाजों में तीन कोई रन नहीं बना सके। वहीं, यह तीसरी बार है, जब भारत के दोनों ओपनर खाता खोले बिना आउट हुए हैं। विश्व कप में दूसरी बार ऐसा हुआ है।

06:42 PM, 08-Oct-2023

IND vs AUS Live Score: भारत का तीसरा विकेट गिरा

दो रन के स्कोर पर भारत ने तीन विकेट गंवा दिए हैं। भारत के तीन अहम बल्लेबाज खाता खोले बिना आउट हो चुके हैं। ईशान और रोहित के बाद श्रेयस अय्यर भी खाता खोले बिना आउट हुए। श्रेयस को जोश हेजलवुड ने डेविड वॉर्नर के हाथों कैच कराया। 200 रन के स्कोर का पीछा करते हुए टीम इंडिया मुश्किल में आ चुकी है। अब विराट कोहली और लोकेश राहुल क्रीज पर हैं।

06:37 PM, 08-Oct-2023

IND vs AUS Live Score: भारत के दो विकेट गिरे

दो रन के स्कोर पर ही भारत के दो विकेट गिर चुके हैं। जोश हेजलवुड ने रोहित शर्मा को विकेटों के सामने फंसाया। रोहित ने छह गेंद का सामना किया, लेकिन कोई रन नहीं बना सके।

06:31 PM, 08-Oct-2023

IND vs AUS Live Score: ईशान किशन खाता खोले बिना आउट

दो रन के स्कोर पर भारत का पहला विकेट गिरा है। ईशान किशन खाता खोले बिना आउट हो चुके हैं। स्टार्क ने उन्हें कैमरन ग्रीन के हाथों कैच कराया। किशन पहली ही गेंद में बड़ा शॉट लगाने के प्रयास में आउट हुए। अब रोहित शर्मा के साथ विराट कोहली क्रीज पर हैं।

06:28 PM, 08-Oct-2023

IND vs AUS Live Score: भारत की बल्लेबाजी शुरू

भारतीय टीम की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। रोहित शर्मा के साथ ईशान किशन ने पारी की शुरुआत की है। ऑस्ट्रेलिया के लिए मिचेल स्टार्क ने पहला ओवर किया।

05:59 PM, 08-Oct-2023

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया की टीम 199 रन पर सिमटी

ऑस्ट्रेलियाई टीम भारत के खिलाफ 49.3 ओवर में 199 रन पर सिमट गई है। भारत को यह मैच जीतने के लिए 300 गेंदों में सिर्फ 200 रन बनाने होंगे। हालांकि, पिच बल्लेबाजी के लिए आसान नहीं है। ऐसे में भारत को थोड़ा संभलकर खेलना होगा। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा 46 रन स्टीव स्मिथ ने बनाए। वॉर्नर ने भी 41 रन की पारी खेली। अंत में स्टार्क ने 28 रन का योगदान दिया। भारत के लिए रवींद्र जडेजा ने तीन विकेट लिए। कुलदीप यादव और जसप्रीत बुमराह को दो-दो विकेट मिले। सिराज, हार्दिक और अश्विन ने एक-एक विकेट लिया।

पहली पारी में क्या हुआ?
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बुमराह ने अपने दूसरे ही ओवर में मिचेल मार्श को आउट कर दिया। वह अपना खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद स्मिथ और वॉर्नर ने 69 रन की साझेदारी कर ऑस्ट्रेलियाई पारी को संभाला, लेकिन कुलदीप ने वॉर्नर को आउट कर साझेदारी को तोड़ा। वॉर्नर ने 41 रन बनाए। स्मिथ और लाबुशेन ने 36 रन जोड़े, लेकिन जडेजा ने स्मिथ को 46 और लाबुशेन को 27 के स्कोर पर आउट किया। उन्होंने एलेक्स कैरी को खाता तक नहीं खोलने दिया और 119 रन पर ऑस्ट्रेलिया की आधी टीम पवेलियन लौट गई। कुलदीप ने मैक्सवेल को 15 रन के निजी स्कोर पर बोल्ड किया। जल्द ही ग्रीन भी आठ रन के स्कोर पर अश्विन का शिकार बन गए। कमिंस 15 और जैंपा छह रन बनाकर आउट हुए। अंत में मिचेल स्टार्क ने 28 रन बनाकर अपनी टीम को लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचाया। वनडे में 199 रन बड़ा स्कोर नहीं है, लेकिन पिच के लिहाज से यह छोटा स्कोर नहीं है। 

 भारत के लिए रवींद्र जडेजा ने तीन विकेट लिए। कुलदीप यादव और जसप्रीत बुमराह को दो-दो विकेट मिले। सिराज, हार्दिक और अश्विन ने एक-एक विकेट लिया।

05:51 PM, 08-Oct-2023

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया का नौवां विकेट गिरा

189 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया का नौवां विकेट गिरा है। हार्दिक पांड्या ने एडम जैम्पा को विराट कोहली के हाथों कैच कराया। जैम्पा ने 20 गेंद में छह रन बनाए। अब स्टार्क के साथ हेजलवुड क्रीज पर हैं। 49 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर नौ विकेट पर 195 रन है।

05:23 PM, 08-Oct-2023

IND vs AUS Live Score: बुमराह ने कमिंस को आउट किया

165 रन पर ऑस्ट्रेलिया ने आठ विकेट गंवा दिए हैं। जसप्रीत बुमराह ने पैट कमिंस को श्रेयस अय्यर के हाथों कैच कराया। कमिंस ने एक चौके और एक छक्के की मदद से 24 गेंद में 15 रन बनाए। अब स्टार्क के साथ एडम जैम्पा क्रीज पर हैं।

05:17 PM, 08-Oct-2023

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 150 रन के पार

सात विकेट के नुकसान पर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। पैट कमिंस और मिचेल स्टार्क क्रीज पर हैं। ये दोनों अंत तक रहकर अपनी टीम का स्कोर 200 रन के करीब ले जाना चाहेंगे। 40 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 156/7 है।

04:59 PM, 08-Oct-2023

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया के सात विकेट गिरे

140 रन पर ही ऑस्ट्रेलिया ने सातवां विकेट भी गंवा दिया है। रविचंद्रन अश्विन ने कैमरन ग्रीन को हार्दिक पांड्या के हाथों कैच कराया। ग्रीन ने 20 गेंद में आठ रन बनाए। अब कप्तान पैट कमिंस के साथ मिचेल स्टार्क क्रीज पर हैं।

04:58 PM, 08-Oct-2023

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया के छह विकेट गिरे

140 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया का छठा विकेट गिरा है। ग्लेन मैक्सवले 25 गेंद में 15 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। कुलदीप यादव ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया।

04:26 PM, 08-Oct-2023

IND vs AUS Live Score: 119 रन पर ऑस्ट्रेलिया की आधी टीम पवेलियन लौटी

119 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। रवींद्र जडेजा ने तीन गेंदों पर दो विकेट लिए हैं। उन्होंने स्टीव स्मिथ के बाद अगले ओवर में लाबुशेन को आउट किया और दो गेंद बाद ही एलेक्स कैरी को पवेलियन भेज दिया। कैरी अपना खाता तक नहीं खोल सके। वह विकेटों के सामने पकड़े गए। अब ग्लेन मैक्सवेल के साथ कैमरन ग्रीन क्रीज पर हैं।

04:20 PM, 08-Oct-2023

IND vs AUS Live Score: जडेजा ने लाबुशेन को आउट किया

रवींद्र जडेजा ने स्टीव स्मिथ के बाद मार्नस लाबुशेन को भी आउट किया है। लाबुशेन ने 41 गेंद में 27 रन बनाए। उनके बल्ले से सिर्फ एक चौका निकला। लोकेश राहुल ने विकेट के पीछे उनका कैच पकड़ा। ऑस्ट्रेलिया का स्कोर चार विकेट पर 119 रन है। मैक्सवेल का साथ देने के लिए एलेक्स कैरी क्रीज पर आए हैं।

04:09 PM, 08-Oct-2023

IND vs AUS Live Score: स्टीव स्मिथ अर्धशतक से चूके

110 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया का तीसरा विकेट गिरा है। रवींद्र जडेजा ने स्टीव स्मिथ को क्लीन बोल्ड किया। स्मिथ ने 71 गेंद में 46 रन बनाए। वह अपने अर्धशतक से चूक गए। अब मार्नस लाबुशेन के साथ ग्लेन मैक्सवेल क्रीज पर हैं। 28 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 112/3 है।

04:01 PM, 08-Oct-2023

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 100 रन के पार

दो विकेट के नुकसान पर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। स्टीव स्मिथ और मार्नस लाबुशेन क्रीज पर हैं। दोनों अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं और ऑस्ट्रेलिया को बड़े स्कोर की तरफ ले जा रहे हैं। दोनों के बीच अच्छी साझेदारी हो रही है। स्टीव स्मिथ अपने अर्धशतक के करीब पहुंच रहे हैं। 27 ओवर के बाद भारत का स्कोर 110/2 है।

03:36 PM, 08-Oct-2023

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 20 ओवर में 85/2

ऑस्ट्रेलिया की पारी के 20 ओवर समाप्त हो चुके हैं। उसने दो विकेट पर 85 रन बनाए हैं। स्टीव स्मिथ 36 और मार्नश लाबुशेन आठ रन बनाकर नाबाद हैं। कंगारू टीम की नजर वॉर्नर के आउट होने के बाद एक बड़ी साझेदारी करने पर है। वहीं, भारतीय टीम जल्द से जल्द एक और विकेट लेकर उसे दबाव में लाना चाहेगी।

03:22 PM, 08-Oct-2023

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया को लगा दूसरा झटका

बाएं हाथ के स्पिनर कुलदीप यादव ने भारत को दूसरी सफलता दिलाई। उन्होंने 17वें ओवर की तीसरी गेंद पर ऑस्ट्रेलियाई ओपनर डेविड वॉर्नर को आउट कर दिया। वॉर्नर ने 52 गेंद पर 41 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में छह चौके लगाए। आउट होने से पहले वॉर्नर ने दूसरे विकेट के लिए स्टीव स्मिथ के साथ 69 रन की साझेदारी की। ऑस्ट्रेलिया ने 17 ओवर में दो विकेट पर 74 रन बना लिए हैं। स्टीव स्मिथ 33 रन बनाकर नाबाद हैं। मार्नश लाबुशेन को खाता खोलना है।

03:06 PM, 08-Oct-2023

IND vs AUS Live Score: स्मिथ-वॉर्नर के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

डेविड वॉर्नर और स्टीव स्मिथ के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं और ऑस्ट्रेलिया को अच्छे स्कोर की तरफ ले जा रहे हैं। 14 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 66/1 है।

02:56 PM, 08-Oct-2023

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 50 रन के पार

एक विकेट के नुकसान पर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 50 रन के पार जा चुका है। डेविड वॉर्नर और स्टीव स्मिथ क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अच्छी साझेदारी हो चुकी है। ये दोनों बड़ी पारी खेलकर ऑस्ट्रेलिया को अच्छे स्कोर तक ले जाना चाहेंगे।

02:54 PM, 08-Oct-2023

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया ने पावरप्ले में 43 रन बनाए

पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने पावरप्ले में एक विकेट खोकर 43 रन बनाए हैं। मिचेल मार्श के जल्दी आउट होने के बाद स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर ने पारी संभाली है। दोनों अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं।

02:28 PM, 08-Oct-2023

IND vs AUS Live Score: भारतीय गेंदबाजों ने ऑस्ट्रेलिया पर दबाव बनाया

भारतीय तेज गेंदबाजों ने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों पर दबाव बनाया है। मिचेल मार्श को शून्य के स्कोर पर आउट करने के बाद बुमराह और सिराज की जोड़ी ने स्मिथ और वॉर्नर को बांधकर रखा है। छह ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर एक विकेट पर 16 रन है।

02:11 PM, 08-Oct-2023

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया का पहला विकेट गिरा

पांच रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलियाई टीम का पहला विकेट गिरा है। जसप्रीत बुमराह ने मिचेल मार्श को विराट कोहली के हाथों कैच कराया। मार्श ने छह गेंदों का सामना किया, लेकिन अपना खाता तक नहीं खोल सके। अब वॉर्नर के साथ स्टीव स्मिथ क्रीज पर हैं। चार ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर एक विकेट के नुकसान पर 11 रन है।

02:01 PM, 08-Oct-2023

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी शुरू

ऑस्ट्रेलियाई टीम की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। डेविड वॉर्नर और मिचेल मार्श ने पारी की शुरुआत की है। भारत के लिए जसप्रीत बुमराह ने पहला ओवर किया। दो ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर बिना किसी नुकसान के पांच रन है।

01:37 PM, 08-Oct-2023

IND vs AUS Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग 11

ऑस्ट्रेलिया: डेविड वार्नर, मिचेल मार्श, स्टीवन स्मिथ, मार्नस लाबुशेन, कैमरन ग्रीन, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), ग्लेन मैक्सवेल, पैट कमिंस (कप्तान), मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड, एडम जैम्पा।

भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), ईशान किशन, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।

01:34 PM, 08-Oct-2023

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी

ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। कंगारू टीम बड़ा स्कोर बनाकर भारत को दबाव में डालना चाहती है। भारत के लिए शुभमन गिल यह मैच नहीं खेल रहे हैं। उनकी जगह ईशान किशन को टीम में शामिल किया गया है।

01:25 PM, 08-Oct-2023

IND vs AUS Live Score: पिच से स्पिन गेंदबाजों को मिलेगी मदद

चेन्नई की पिच सूखी हुई है और यहां स्पिन गेंदबाजों का काफी मदद मिलेगी। रवि शास्त्री और हरभजन सिंह के अनुसार भारतीय कप्तान तीन स्पिन गेंदबाजों के साथ उतरना चाहेंगे। वहीं, ऑस्ट्रेलिया भी जैम्पा के साथ एक अन्य स्पिन गेंदबाज को मौका दे सकता है। भारतीय टीम में मोहम्मद शमी का खेलना मुश्किल है।

12:53 PM, 08-Oct-2023

IND vs AUS Live Score: कैसा है मौसम का हाल?

एशिया कप 2023 के दौरान बारिश ने काफी मुकाबलों में खल डाला था। वनडे विश्व कप 2023 के अभ्यास मैचों के दौरान भी जमकर बारिश हुई थी। भारत के दोनों मुकाबले धुल गए थे। ऐसे में भारत-ऑस्ट्रेलिया के मैच में भी बारिश को लेकर फैंस चिंतित हैं। मैच के दौरान चेन्नई के मौसम का हाल जानने के लिए यहां क्लिक करें।

11:43 AM, 08-Oct-2023

IND vs AUS Live Score: क्या है संभावित प्लेइंग 11

शुभमन गिल की बीमारी ने भारत की चिंता बढ़ा दी है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में उनका खेलना मुश्किल लग रहा है। भारत की संभावित प्लेइंग 11 जानने के लिए यहां क्लिक करें।

11:12 AM, 08-Oct-2023

IND vs AUS Live Score: कहां देख सकते हैं मैच?

भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों टीमों का यह विश्व कप 2023 में पहला मैच होगा। विश्व कप में भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया मैच के लाइव टेलीकास्ट से जुड़ी जानकारी के लिए यहां क्लिक करें।

10:50 AM, 08-Oct-2023

IND vs AUS: विश्व कप में भारत का विजयी आगाज, ऑस्ट्रेलिया को छह विकेट से हराया; राहुल ने छक्के से खत्म किया मैच

Live Cricket Score Today, ICC ODI World Cup 2023 India vs Australia 2023: नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। वनडे विश्व कप 2023 में भारत का पहला मैच ऑस्ट्रेलिया के साथ है। दोनों टीमें जीत के साथ विश्व कप अभियान शुरू करना चाहेंगी। चेन्नई के मैदान में स्पिन गेंदबाजों को मदद मिलती है। ऐसे में कुलदीप यादव अहम हो सकते हैं। हालांकि, चेन्नई में ऑस्ट्रेलिया का रिकॉर्ड शानदार है और विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया को हराना आसान नहीं होगा।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें