ऑस्ट्रेलिया ने भारत को मेलबर्न में बॉक्सिंग डे टेस्ट में 184 रन से हरा दिया है। जीत के लिए मिले 340 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की दूसरी पारी 155 रन पर सिमट गई। भारतीय टीम को आज ही लक्ष्य मिला था, लेकिन टीम इंडिया तीन सत्र भी नहीं खेल सकी और 11 बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। मेलबर्न में टीम इंडिया की टेस्ट में यह 13 साल बाद हार है। इससे पहले भारतीय टीम को 2011 में हार मिली थी। इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने पांच मैचों की सीरीज में चार टेस्ट के बाद 2-1 की बढ़त बना ली है। अब पांचवां और आखिरी टेस्ट तीन जनवरी से सिडनी में खेला जाएगा।
रोहित की कप्तानी में पिछले दो महीने में छह टेस्ट में टीम इंडिया की यह पांचवीं टेस्ट हार है। न्यूजीलैंड के खिलाफ 3-0 से हार के बाद भारत को एडिलेड में और फिर अब मेलबर्न में हार मिली है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 474 रन बनाए थे। स्टीव स्मिथ ने शतक जमाया था। जवाब में भारत ने अपनी पहली पारी में 369 रन बनाए। 21 साल के नीतीश रेड्डी ने बेहतरीन शतक लगाया। ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी के आधार पर 105 रन की बढ़त मिली थी। इसके बाद भारत ने ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी में 234 रन पर समेट दिया। बढ़त मिलाकर ऑस्ट्रेलिया की कुल बढ़त 339 रन की हुई थी और भारत को 340 रन का लक्ष्य मिला, लेकिन टीम इंडिया न तो यह मैच जीत सकी और न ही ड्रॉ करा सकी, जबकि उनके पास सिर्फ एक दिन था।
इस हार के साथ ही भारत के विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में पहुंचने की उम्मीदों को भी झटका लगा है। अब उसे अन्य टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा। साथ ही सिडनी में अगले टेस्ट को जीतना ही होगा। ड्रॉ या हार टीम इंडिया को रेस से बाहर कर देगी।
154 के स्कोर पर भारत को नौवां झटका लगा। जसप्रीत बुमराह खाता खोले बिना आउट हुए। उन्हें बोलैंड ने स्मिथ के हाथों कैच कराया। फिलहाल 13 ओवर का खेल बचा है।
भारत को 150 पर आठवां झटका लगा। आकाश दीप सात रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल 15 ओवर का खेल बाकी है। वॉशिंगटन सुंदर और जसप्रीत बुमराह क्रीज पर हैं।
भारत को 140 के स्कोर पर सातवां झटका लगा। यशस्वी 84 रन बनाकर आउट हुए। उनके साथ बेइमानी हुई। दरअसल, कमिंस की लेग साइड पर शॉर्ट पिच गेंद को यशस्वी ने फाइन लेग पर खेलने की कोशिश की। वह चूके और गेंद विकेटकीपर कैरी के हाथों में गई। मैदानी अंपायर ने उन्हें नॉटआउट दिया। इसके बाद कमिंस ने डीआरएस लिया। थर्ड अंपायर बांग्लादेश के शरफुदौला ने रिप्ले देखा। स्नोकोमीटर पर बल्ले और गेंद का कोई कनेक्शन नहीं दिखा। हालांकि, गेंद थोड़ी डिफ्लेक्ट हुई थी और थर्ड अंपायर ने इसे एविडेंस मानकर यशस्वी को आउट दे दिया। थर्ड अंपायर शरफुदौला ने मैदानी अंपायर को अपना फैसला बदलने कहा। इसके बाद यशस्वी नाखुश दिखे और उन्होंने मैदानी अंपायर के सामने अपनी नाराजगी भी जताई। हालांकि, मैदानी अंपायर ने उन्हें जाने कहा। मेलबर्न में मौजूद फैंस भी थर्ड अंपायर के फैसले से खुश नहीं दिखे और चीटर-चीटर से पूरा स्टेडियम गूंज उठा। थर्ड अंपायर का फैसला इसलिए गलत है क्योंकि स्निकोमीटर को एविडेंस मानकर ही खिलाड़ी और गेंद से कनेक्शन का पता किया जाता है। स्निकोमीटर में कोई हलचल न होने के बावजूद बिना किसी कनक्लूसिव एविडेंस के फैसला बदलने को कहना साफतौर पर बेइमानी है। पर्थ में पहले टेस्ट के दौरान राहुल के साथ भी गलत हुआ था। तब राहुल के बैट और पैड के बीच संपर्क हुआ था। तभी गेंद भी बल्ले के बगल से गुजरी थी। हालांकि, बल्ले और गेंद के बीच साफ गैप दिखा था। थर्ड अंपायर ने स्निकोमीटर को एविडेंस मानते हुए राहुल को आउट दिया था।
भारत पर हार का खतरा मंडरा रहा है। 130 पर टीम इंडिया को छठा झटका लगा। पिछली पारी के शतकवीर नीतीश रेड्डी इस मैच में एक रन बनाकर नाथन लियोन का शिकार बने। फिलहाल यशस्वी जायसवाल और वॉशिंगटन सुंदर क्रीज पर हैं। एक वक्त भारत का स्कोर 121 रन पर तीन विकेट था और नौ रन बनाने में भारत ने तीन और विकेट गंवा दिए। फिलहाल टीम इंडिया का स्कोर छह विकेट पर 132 रन है। 27 ओवर का खेल और बाकी है और जीत के लिए 208 रन बनाने हैं।
127 के स्कोर पर भारत को पांचवां झटका लगा। रवींद्र जडेजा दो रन बनाकर स्कॉट बोलैंड का शिकार बने। भारत का स्कोर पांच विकेट पर 130 रन है। अभी 29 और ओवर का खेल बाकी है और जीत के लिए 210 और रन की जरूरत है। फिलहाल यशस्वी के साथ नीतीश रेड्डी क्रीज पर हैं।
भारत को 121 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। ट्रेविस हेड ने ऋषभ पंत को मिचेल मार्श के हाथों कैच कराया। वह 104 गेंद में 30 रन बना सके। पंत ने यशस्वी के साथ मिलकर दूसरे सत्र में भारत का कोई विकेट नहीं गिरने दिया था, लेकिन तीसरे सत्र में वह एकाग्रता खो बैठे और बड़े शॉट के चक्कर में विकेट गंवा बैठे। पंत ने यशस्वी के साथ 88 रन की साझेदारी की। फिलहाल भारत का स्कोर चार विकेट पर 126 रन है और जीत के लिए 214 और रन की दरकार है। आज कम से कम 31 और ओवर का खेल बाकी है। यशस्वी का साथ देने रवींद्र जडेजा आए हैं।
पांचवें दिन चायकाल तक 340 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने अपनी दूसरी पारी में तीन विकेट गंवाकर 112 रन बना लिए हैं। भारत ने दूसरे सत्र में एक भी विकेट नहीं गंवाया। तीनों झटके पहले सत्र में ही लगे थे। रोहित शर्मा नौ रन और विराट कोहली पांच रन बनाकर आउट हुए थे। केएल राहुल खाता नहीं खोल सके थे। आज कम से कम 38 ओवर का खेल और बाकी है और टीम इंडिया को जीत के लिए 228 और रन की दरकार है। यशस्वी जायसवाल 63 रन और ऋषभ पंत 28 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों के बीच अब तक 79 रन की साझेदारी हो चुकी है। दोनों ने दूसरे सत्र में संभल कर खेला और विकेट नहीं गिरने दिया। अब भारत इस टेस्ट को ड्रॉ भी कराने की स्थिति में है। ऑस्ट्रेलिया की ओर से पैट कमिंस ने अब तक दो विकेट लिए हैं, जबकि मिचेल स्टार्क को एक विकेट मिला है।
यशस्वी ने टेस्ट करियर का 10वां अर्धशतक लगाया। उन्होंने ऋषभ पंत के साथ अब तक 53 रन की साझेदारी कर ली है। आज कम से कम 52 ओवर का खेल और बाकी है और भारत ने तीन विकेट पर 86 रन बना लिए हैं। भारत को जीत के लिए अब भी 254 रन की जरूरत है।
भारत ने तीन विकेट गंवाकर 66 रन बना लिए हैं। टीम इंडिया को अब 275 रन की जरूरत है। आज कम से कम 57 ओवर का खेल और होना है। फिलहाल ऋषभ पंत और यशस्वी जायसवाल क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 30 से ज्यादा रन की साझेदारी हो चुकी है।
पांचवें दिन के दूसरे सत्र का खेल जारी है। भारत ने तीन विकेट गंवाकर 33 रन बना लिए हैं। भारत को जीत के लिए अभी भी 307 रन की जरूरत है। अभी भी 65 ओवर बचे हैं। ऋषभ पंत और यशस्वी जायसवाल क्रीज पर हैं। रोहित नौ रन और कोहली पांच रन बनाकर आउट हुए। केएल राहुल खाता नहीं खोल सके।
पांचवें दिन लंच ब्रेक तक भारत ने अपनी दूसरी पारी में 33 रन पर तीन विकेट गंवा दिए हैं। कप्तान रोहित शर्मा नौ रन और विराट कोहली पांच रन बनाकर आउट हुए। वहीं, केएल राहुल खाता नहीं खोल सके। कमिंस ने एक ही ओवर में रोहित और राहुल को आउट किया था। वहीं, कोहली को मिचेल स्टार्क ने स्लिप में ख्वाजा के हाथों कैच कराया। तीनों ही स्लिप में कैच देकर आउट हुए हैं। भारतीय बल्लेबाजों की ऑफ स्टंप से बाहर की गेंदों को छेड़छाड़ करने की गलती एकबार फिर उजागर हुई है। भारत को 340 रन का लक्ष्य मिला था, जिसके जवाब में टीम इंडिया की पारी लड़खड़ा गई है और टीम इंडिया पर अब हार का खतरा भी मंडरा रहा है। फिलहाल यशस्वी जायसवाल 14 रन बनाकर नाबाद हैं। आज 65.5 ओवर का खेल और बाकी है और टीम इंडिया को जीत के लिए 307 रन की जरूरत है।
25 पर भारत को दूसरा झटका लगा। दूसरी पारी के 17वें ओवर में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने रोहित शर्मा और केएल राहुल को आउट किया। ओवर की पहली गेंद पर कमिंस ने रोहित को मिचेल मार्श के हाथों कैच कराया था। वह 40 गेंद में नौ रन बनाकर आउट हुए थे। इसके बाद ओवर की आखिरी गेंद पर कमिंस ने राहुल को ख्वाजा के हाथों कैच कराया। राहुल खाता नहीं खोल सके। भारत पर एक बार फिर हार का खतरा मंडराने लगा है। भारत को अब 315 रन की जरूरत है। 73 ओवर बाकी हैं।
25 पर भारत को पहला झटका लगा। अब तक कंट्रोल में दिख रहे कप्तान रोहित शर्मा अचानक से पैट कमिंस की गेंद पर शॉट लगाने गए और स्लिप में कैच दे बैठे। मिचेल मार्श ने उनका कैच लिया। रोहित नौ रन बना सके। रोहित इस सीरीज में खराब फॉर्म में रहे हैं। फिलहाल केएल राहुल और यशस्वी क्रीजल पर हैं।
रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल संभल कर खेल रहे हैं। गेंद स्विंग और सीम दोनों हो रही है। नई गेंद होने की वजह से ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज पूरा दमखम लगा रहे हैं। हालांकि, दोनों भारतीय ओपनर्स गेंद को पूरा सम्मान दे रहे हैं और कोई खराब शॉट नहीं खेल रहे। टीम इंडिया ने 12 ओवर के बाद बिना विकेट के 20 रन बना लिए हैं। अब टीम इंडिया को बाकी बचे 80 ओवर में 320 रन की जरूरत है।
भारत की दूसरी पारी की शुरुआत हो चुकी है। रोहित और यशस्वी क्रीज पर हैं। सवाल यह है कि क्या पैट कमिंस एंड कंपनी स्टार्क की फिटनेस को लेकर श्योर नहीं हैं। हालांकि, कल जब स्टार्क से रविवार को उनकी फिटनेस को लेकर बात की गई तो उन्होंने कहा था कि वह 20 ओवर गेंदबाजी के लिए तैयार हैं।
भारत को अगर इस सीरीज में 2-1 से बढ़त हासिल करनी है तो यहां आज बचे 92 ओवर में 340 रन बनाने होंगे। अब तक मेलबर्न में सिर्फ एक बार 300 से ज्यादा रन के लक्ष्य को सफलतापूर्वक चेज किया गया है। अब भारत को मेलबर्न में इतिहास भी रचना होगा और इस मैदान पर सबसे बड़े लक्ष्य का पीछा करना होगा। ऐसा इसलिए क्योंकि इससे पहले मेलबर्न में टेस्ट में सबसे सफल चेज 332 रन का था, जो इंग्लैंड ने 1928 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ किया था। 300 रन के ऊपर के लक्ष्य को बस इसी मैच में सफलतापूर्वक पीछा किया गया था। अभी भी इस मैच में तीनों नतीजे संभव हैं।
मेलबर्न में टेस्ट में सबसे सफल रन चेज
| लक्ष्य (रन) | टीम | खिलाफ | साल |
|---|---|---|---|
| 332 | इंग्लैंड | ऑस्ट्रेलिया | 1928 |
| 297 | इंग्लैंड | ऑस्ट्रेलिया | 1895 |
| 295 | दक्षिण अफ्रीका | ऑस्ट्रेलिया | 1953 |
| 286 | ऑस्ट्रेलिया | इंग्लैंड | 1929 |
| 282 | इंग्लैंड | ऑस्ट्रेलिया | 1908 |
ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी पांचवें दिन 234 रन पर सिमट गई। भारत के सामने 340 रन का लक्ष्य है। कंगारुओं को पहली पारी के आधार पर 105 रन की बढ़त हासिल थी, यानी कुल बढ़त 339 रन की हुई। पांचवें दिन बोलैंड और लियोन बल्लेबाजी करने आए और क्रीज पर 18 मिनट बिता सके। बुमराह ने नाथन लियोन को क्लीन बोल्ड किया। वह 41 रन बना सके। लियोन और बोलैंड के बीच 61 रन की साझेदारी हुई। उन्होंने 13वीं बार टेस्ट में पारी में पांच विकेट लिए। बोलैंड 15 रन बनाकर नाबाद रहे। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 474 रन बनाए थे। जवाब में भारत की पहली पारी 369 रन पर समाप्त हुई थी।
ऑस्ट्रेलियाई टीम का पारी घोषित नहीं करना आश्चर्यजनक है, क्योंकि जिस ऑस्ट्रेलियाई टीम को जाना जाता है वह आक्रामक हैं और रिस्क लेने के लिए जाने जाते हैं, लेकिन यह ऑस्ट्रेलियाई टीम यहां डिफेंसिव खेल रही है। सवाल यह है कि क्या पैट कमिंस एंड कंपनी स्टार्क की फिटनेस को लेकर श्योर नहीं हैं। हालांकि, कल जब स्टार्क से रविवार को उनकी फिटनेस को लेकर बात की गई तो उन्होंने कहा था कि वह 20 ओवर गेंदबाजी के लिए तैयार हैं।
पांचवें और आखिरी दिन का खेल शुरू हो चुका है। ऑस्ट्रेलिया ने पारी घोषित नहीं की यानी बोलैंड और लियोन बल्लेबाजी के लिए उतरे हैं। सिराज ने भारत की ओर से आज का पहला ओवर डाला। ऑस्ट्रेलिया नौ विकेट पर 228 रन से आगे खेल रही है।
अब तक मेलबर्न में सिर्फ एक बार 300 से ज्यादा रन के लक्ष्य को सफलतापूर्वक चेज किया गया है। अब भारत को मेलबर्न में इतिहास भी रचना होगा और इस मैदान पर सबसे बड़े लक्ष्य का पीछा करना होगा। ऐसा इसलिए क्योंकि इससे पहले मेलबर्न में टेस्ट में सबसे सफल चेज 332 रन का था, जो इंग्लैंड ने 1928 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ किया था। 300 रन के ऊपर के लक्ष्य को बस इसी मैच में सफलतापूर्वक पीछा किया गया था। सोमवार को 98 ओवर का खेल होगा। यह देखने वाली बात होगी कि टीम इंडिया शुरुआती सत्र में ऑस्ट्रेलियाई पारी समेट पाती है या नहीं।
ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी में बल्लेबाजी खराब रही। मार्नस लाबुशेन ने सबसे ज्यादा 70 रन बनाए। वहीं, कप्तान पैट कमिंस ने 41 रन की पारी खेली। इसके अलावा लियोन ने रन बनाए हैं। ऑस्ट्रेलिया के पांच बल्लेबाज तो दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। इनमें सैम कोंस्टास (8), ट्रेविस हेड (1), मिचेल मार्श (0), एलेक्स कैरी (2) और मिचेल स्टार्क (5) शामिल हैं। उस्मान ख्वाजा 21 रन और स्टीव स्मिथ 13 रन बनाकर आउट हुए। भारत की ओर से बुमराह ने अब तक चार विकेट और सिराज ने तीन विकेट लिए हैं। रवींद्र जडेजा को एक विकेट मिला।
चौथे दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने अपनी दूसरी पारी में नौ विकेट गंवाकर 228 रन बना लिए थे। पहली पारी के आधार पर उनके पास 105 रन की बढ़त थी। ऐसे में टीम की कुल बढ़त 333 रन की हो चुकी है। स्कॉट बोलैंड और नाथन लियोन की शानदार बल्लेबाजी ने भारत को विकेट के लिए तरसा दिया है। दोनों ने 10वें विकेट के लिए अब तक 110 गेंद में 55 रन की साझेदारी कर ली है। लियोन 41 रन और बोलैंड 10 रन बनाकर नाबाद हैं। ऑस्ट्रेलिया को नौवां झटका 173 के स्कोर पर लगा था। कंगारुओं ने अपनी पहली पारी में 474 रन बनाए थे। जवाब में भारत की पहली पारी रविवार को ही 369 रन पर समाप्त हुई थी।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मेलबर्न में बॉक्सिंग डे टेस्ट खेला जा रहा है। दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का यह चौथा टेस्ट है। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। शुक्रवार को दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 474 रन बनाए थे। जवाब में भारत की पहली पारी 369 रन पर समाप्त हुई। सोमवार को पांचवां और आखिरी दिन का खेल जारी है।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मेलबर्न में बॉक्सिंग डे टेस्ट खेला जा रहा है। दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का यह चौथा टेस्ट है। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। शुक्रवार को दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 474 रन बनाए थे। जवाब में भारत की पहली पारी 369 रन पर समाप्त हुई। सोमवार को पांचवां और आखिरी दिन का खेल जारी है।