09:37 AM, 16-Dec-2024
IND vs AUS Live Score: बारिश के कारण फिर रुका खेल
बारिश के कारण आज चौथी बार मैच को रोकना पड़ा है। चौथी बार मैच रुकने से पहले भारत ने अपनी पहली पारी में तीन विकेट गंवाकर 39 रन बना लिए हैं। फिलहाल केएल राहुल 21 रन और ऋषभ पंत नौ रन बनाकर नाबाद हैं। भारत की पहली पारी की शुरुआत खराब रही। यशस्वी जायसवाल पारी की दूसरी ही गेंद पर आउट हुए थे। अब तीसरे ओवर में भारत ने शुभमन गिल का विकेट खो दिया है। दोनों को स्टार्क ने पवेलियन भेजा। शुभमन एक रन बना सके, जबकि यशस्वी ने चार रन बनाए थे। इसके बाद विराट कोहली से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन वह भी कुछ खास नहीं कर सके और तीन रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें जोश हेजलवुड ने आउट किया। आज बारिश का फोरकास्ट है। ऐसे में आज पूरे दिन बारिश का खलल रह सकता है।
ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी
ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 445 रन बनाए थे। इस लिहाज से भारत अभी भी 418 रन से पीछे है। सोमवार को ऑस्ट्रेलिया ने सात विकेट पर 405 रन से आगे खेलना शुरू किया और 40 रन बनाने में आखिरी के तीन विकेट गंवा दिए। एलेक्स कैरी ने अर्धशतक जमाया। मिचेल स्टार्क को बुमराह ने तो नाथन लियोन को सिराज ने आउट किया। वहीं, आकाश दीप ने कैरी को आउट कर ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर अपना पहला विकेट लिया। स्टार्क ने 18 तो लियोन ने दो रन बनाए। कैरी ने 88 गेंद में सात चौके और दो छक्के की मदद से 70 रन की पारी खेली। बुमराह ने छह विकेट झटके। वहीं, सिराज को दो विकेट मिले। आकाश दीप और नीतीश को एक-एक विकेट मिला।
इससे पहले रविवार को ऑस्ट्रेलिया ने बिना किसी विकेट के 28 रन से आगे खेलना शुरू किया था और दूसरे दिन 377 रन बनाए और सात विकेट गंवाए थे। बुमराह ने पहले सत्र में उस्मान ख्वाजा (21) और नाथन मैकस्वीनी (9) को आउट कर दो झटके दिए। इसके बाद पहले सत्र में ही नीतीश रेड्डी ने मार्नस लाबुशेन (12) को पवेलियन भेजा। हालांकि, इसके बाद स्टीव स्मिथ और ट्रेविस हेड ने दूसरे सत्र में कोई विकेट नहीं गिरने दिया। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 242 रन की साझेदारी निभाई।
हेड ने टेस्ट करियर का नौवां और स्मिथ ने 33वां शतक जड़ा। स्मिथ 190 गेंद पर 12 चौके की मदद से 101 रन और हेड 160 गेंद पर 18 चौके की मदद से 152 रन बनाकर आउट हुए। मिचेल मार्श पांच रन और कप्तान पैट कमिंस 20 रन बनाकर आउट हुए। कमिंस ने सातवें विकेट के लिए कैरी के साथ 58 रन की साझेदारी निभाई।