फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs AUS Highlights: पहले दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 156/4, भारत से 47 रन आगे

Wed, 01 Mar 2023 07:32 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, इंदौर

खास बातें

Australia vs India (IND vs AUS) 3rd Test Highlights: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरा टेस्ट मैच इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जा रहा है। टीम इंडिया चार मैचों की टेस्ट सीरीज में पहले ही 2-0 की अजेय बढ़त बना चुकी है। इस टेस्ट को जीतकर भारतीय टीम सीरीज जीतना चाहेगी। साथ ही यह मैच जीतने पर टीम इंडिया वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लेगी। भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। टीम इंडिया पहली पारी में 109 रन पर सिमट गई। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक चार विकेट पर 156 रन बना लिए हैं। पहली पारी में कंगारू टीम अब तक 47 रन की बढ़त ले चुकी है।
विज्ञापन
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

04:43 PM, 01-Mar-2023

IND vs AUS Live Score: पहले दिन का खेल खत्म

इंदौर टेस्ट में पहले दिन का खेल खत्म हो चुका है। ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में चार विकेट पर 156 रन बना लिए हैं। भारत ने पहली पारी में 109 रन बनाए थे। इस लिहाज से ऑस्ट्रेलियाई टीम अब तक 47 रन की बढ़त ले चुकी है। मैच के दूसरे दिन भारत की कोशिश जल्द से जल्द ऑस्ट्रेलिया की पारी खत्म करने की होगी। वहीं, ऑस्ट्रेलिया टीम पहली पारी में ही बड़ी बढ़त लेकर मैच में अपनी पकड़ मजबूत करना चाहेगी।

मैच में पहले दिन क्या हुआ?
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। रोहित और गिल की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 27 रन जोड़े। कप्तान रोहित बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में 12 रन के स्कोर पर स्टंप आउट हो गए। इसके बाद विकेटों की झड़ी लग गई। गिल 21, पुजारा एक और कोहली 22 रन बनाकर आउट हुए। श्रेयस खाता भी नहीं खोल पाए। भरत ने 17 और अक्षर ने 12 रन की पारी खेल भारत को थोड़ी बेहतर स्थिति में पहुंचाया। अश्विन तीन रन बनाकर आउट हुए और उमेश ने 17 रन की पारी खेल भारत का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया। सिराज खाता खोले बिना ही रन आउट हो गए और भारतीय पारी 109 रन पर सिमट गई।

इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया का पहला विकेट 12 रन पर गिर गया था। रवींद्र जडेजा ने ट्रेविस हेड को विकेटों के सामने फंसा कर भारत को पहली सफलता दिलाई थी। हालांकि, इसके बाद ख्वाजा और लाबुशेन ने 96 रन की साझेदारी कर ऑस्ट्रेलिया को मैच में काफी आगे कर दिया। लाबुशेन 31 और ख्वाजा 60 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान स्मिथ ने 26 रन बनाए। पीटर हैंड्सकॉम्ब सात और कैमरून ग्रीन छह रन बनाकर क्रीज पर हैं। पहली पारी के आधार पर ऑस्ट्रेलिया को 47 रन की बढ़त मिल चुकी है। भारत के लिए सभी चार विकेट रवींद्र जडेजा ने लिए हैं।

04:27 PM, 01-Mar-2023

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 150 रन के पार

चार विकेट के नुकसान पर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। कैमरून ग्रीन और पीटर हैंड्सकॉम्ब क्रीज पर हैं। भारत के लिए सभी चार विकेट रवींद्र जडेजा ने लिए हैं। अब टीम इंडिया की कोशिश ऑस्ट्रेलिया को छोटे स्कोर पर समेटने की होगी। वहीं, ऑस्ट्रेलिया पहली पारी में बड़ी बढ़त लेने की कोशिश करेगा।

04:22 PM, 01-Mar-2023

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया का चौथा विकेट गिरा

146 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया का चौथा विकेट गिरा है। स्टीव स्मिथ को रवींद्र जडेजा ने विकेटकीपर श्रीकर भरत के हाथों कैच कराया। स्मिथ ने 38 गेंद में 26 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया ने इस पारी में चार विकेट गंवाए हैं और सभी जडेजा के ही नाम रहे हैं। अब पीटर हैंड्सकॉम्ब के साथ कैमरून ग्रीन क्रीज पर हैं। 50 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर चार विकेट पर 151 रन है।

विज्ञापन
04:20 PM, 01-Mar-2023

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 150 रन के करीब

तीन विकेट के नुकसान पर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 150 रन के करीब पहुंच गया है। स्टीव स्मिथ और पीटर हैंड्सकॉम्ब क्रीज पर हैं। दोनों संभलकर बल्लेबाजी कर रहे हैं और ऑस्ट्रेलिया को बड़े स्कोर तक ले जाने की कोशिश कर रहे हैं।

04:01 PM, 01-Mar-2023

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया का तीसरा विकेट गिरा

125 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया का तीसरा विकेट गिरा है। रवींद्र जडेजा ने उस्मान ख्वाजा को आउट कर भारत को तीसरी सफलता दिलाई है। ख्वाजा ने 147 गेंद में 60 रन बनाए। शुभमन गिल ने उनका कैच पकड़ा। अब स्टीव स्मिथ के साथ पीटर हैंड्सकॉम्ब क्रीज पर हैं।

विज्ञापन
03:32 PM, 01-Mar-2023

IND vs AUS Live Score: पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया ने बढ़त ली

इंदौर टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में बढ़त ले ली है। कंगारू टीम का स्कोर दो विकेट के नुकसान पर 110 रन के पार जा चुका है। स्टीव स्मिथ और उस्मान ख्वाजा क्रीज पर हैं। दोनों संभलकर बल्लेबाजी कर रहे हैं और ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में बड़ी बढ़त दिलाने की कोशिश कर रहे हैं।

03:22 PM, 01-Mar-2023

IND vs AUS 3rd Test Live: ऑस्ट्रेलिया का दूसरा विकेट गिरा

108 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया का दूसरा विकेट गिरा है। मार्नस लाबुशेन 91 गेंद में 31 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। रवींद्र जडेजा ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। अब उस्मान ख्वाजा के साथ स्टीव स्मिथ क्रीज पर हैं। ऑस्ट्रेलिया की अभी भी भारत के स्कोर से एक रन पीछे है, लेकिन उसके आठ विकेट बचे हुए हैं। अब कंगारू टीम की कोशिश पहली पारी में बड़ी बढ़त लेने की होगी। 35 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर दो विकेट पर 108 रन है।

03:07 PM, 01-Mar-2023

IND vs AUS 3rd Test Live: ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 100 रन के पार

एक विकेट के नुकसान पर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। उस्मान ख्वाजा अर्धशतक लगाकर खेल रहे हैं। वहीं, मार्नस लाबुशेन भी क्रीज पर जम गए हैं और अर्धशतक के करीब पहुंच रहे हैं। कंगारू टीम इस मैच में बेहद मजबूत स्थिति में आ गई है। अब ऑस्ट्रेलिया की कोशिश पहली पारी में बड़ी बढ़त लेकर भारतीय टीम में दबाव बनाने पर होगी।

03:04 PM, 01-Mar-2023

IND vs AUS 3rd Test Live: उस्मान ख्वाजा का अर्धशतक

उस्मान ख्वाजा ने टेस्ट क्रिकेट में अपना 21वां अर्धशतक पूरा कर लिया है। 102 गेंदों में उन्होंने अपने 50 रन पूरे किए। उनकी इस पारी में चार चौके शामिल थे। इसी के साथ ऑस्ट्रेलिया का स्कोर भी 100 रन के पार जा चुका है।

02:48 PM, 01-Mar-2023

IND vs AUS 3rd Test Live: तीसरे सत्र का खेल शुरू

इंदौर टेस्ट में तीसरे सत्र का खेल शुरू हो चुका है। ऑस्ट्रेलिया के उस्मान ख्वाजा और मार्नस लाबुशेन क्रीज पर हैं। दोनों के बीच शानदार साझेदारी हो चुकी है और मैच में ऑस्ट्रेलिया की पकड़ मजबूत है। ख्वाजा अपने अर्धशतक के करीब पहुंच गए हैं। वहीं ऑस्ट्रेलिया का स्कोर एक विकेट पर 100 रन के करीब है।

02:20 PM, 01-Mar-2023

IND vs AUS 3rd Test Live: चायकाल तक ऑस्ट्रेलिया की पकड़ मजबूत

चायकाल तक ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में एक विकेट गंवाकर 71 रन बना लिए हैं। फिलहाल उस्मान ख्वाजा 77 गेंदों में 33 रन और मार्नस लाबुशेन 51 गेंदों में 16 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच अब तक 123 गेंदों मं 59 रन की साझेदारी हो चुकी है। जिस इंदौर की पिच पर ऑस्ट्रेलियाई स्पिनरों ने कहर बरपाया, वहां भारतीय गेंदबाज विकेट को तरस गए हैं। ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर्स ने भारत की पहली पारी को तीन घंटे के अंदर समेट दिया था। वहीं, भारतीय गेंदबाज दो घंटे में ऑस्ट्रेलिया का सिर्फ एक विकेट गिरा पाए हैं।

02:07 PM, 01-Mar-2023

IND vs AUS 3rd Test Live: भारतीय गेंदबाज को विकेट को तरसे

जिस इंदौर की पिच पर ऑस्ट्रेलियाई स्पिनरों ने कहर बरपाया, वहां भारतीय गेंदबाज विकेट को तरस गए हैं। 21 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया ने एक विकेट पर 70 रन बना लिए हैं। फिलहाल उस्मान ख्वाजा 32 रन और मार्नस लाबुशेन 16 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 50+ रन की साझेदारी हो चुकी है। 

01:18 PM, 01-Mar-2023

IND vs AUS 3rd Test Live: लाबुशेन-ख्वाजा क्रीज पर

ऑस्ट्रेलिया ने पांच ओवर के बाद एक विकेट गंवाकर 22 रन बना लिए हैं। फिलहाल उस्मान ख्वाजा नौ रन और मार्नस लाबुशेन एक रन बनाकर क्रीज पर हैं। चौथे ओवर में जडेजा ने लाबुशेन को क्लीन बोल्ड किया था, लेकिन यह नो बॉल निकली। इससे पहले जडेजा ने ट्रेविस हेड को एल्बीडब्ल्यू आउट किया था। अब तक स्पिनर्स इस मैच में 10 विकेट ले चुके हैं।

01:03 PM, 01-Mar-2023

IND vs AUS 3rd Test Live: ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका

ऑस्ट्रेलिया को 12 के स्कोर पर पहला झटका लगा। रवींद्र जडेजा ने पारी के दूसरे ओवर में ही ट्रेविस हेड को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। हेड छह गेंदों में नौ रन बना सके। फिलहाल उस्मान ख्वाजा और मार्नस लाबुशेन क्रीज पर हैं।

12:46 PM, 01-Mar-2023

IND vs AUS 3rd Test Live: भारत की पहली पारी 109 रन पर सिमटी

भारत की पहली पारी 109 रन पर खत्म हो गई। आज मैच शुरू होने के बाद से ही ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने कहर बरपाया है। खासतौर पर ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर्स को खेलने में भारतीय बल्लेबाज नाकाम रहे। ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर्स ने नौ विकेट झटके, जबकि आखिरी विकेट सिराज (0) रन आउट हुए।

पारी के पहले ही ओवर में मिचेल स्टार्क की गेंद पर रोहित शर्मा को दो जीवनदान मिला। इसके फायदा वह नहीं उठा सके और पहले विकेट के रूप में आउट हुए। रोहित 12 रन बना सके। इसके बाद तो विकेट की झड़ी लग गई। केएल राहुल की जगह खेल रहे शुभमन गिल कैच आउट हुए। वह 18 गेंदों में 21 रन बना सके। 

इसके बाद चेतेश्वर पुजारा एक रन, रवींद्र जडेजा चार रन बनाकर आउट हुए। श्रेयस अय्यर खाता भी नहीं खोल सके, जबकि विराट कोहली 52 गेंदों में 22 रन बना सके। श्रीकर भरत 30 गेंदों में 17 रन बनाकर आउट हुए। लंच तक भारत ने सात विकेट गंवाकर 84 रन बनाए थे। 

लंच के बाद कुह्नेमैन ने रविचंद्रन अश्विन (3) और उमेश यादव को आउट किया। उमेश ने 13 गेंदों में एक चौका और दो छक्के की मदद से 17 रन की पारी खेली। सिराज रन आउट हुए, जबकि अक्षर 12 रन बनाकर नाबाद रहे।

बाएं हाथ के स्पिनर मैथ्यू कुह्नेमैन ने पहली बार पारी में पांच विकेट लिए, जबकि लियोन को तीन विकेट मिले। टॉड मर्फी को एक विकेट मिला। कुह्नेमैन ने रोहित, शुभमन, श्रेयस, अश्विन और उमेश को आउट किया। वहीं, पुजारा, जडेजा और भरत को लियोन ने पवेलियन भेजा। कोहली को टॉड मर्फी ने आउट किया।

109 रन भारत का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू मैदान पर चौथा लोएस्ट टोटल है। 1983 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वानखेड़े में भारत ने 104 रन, 2017 में पुणे में 105 रन, 2017 में पुणे में ही 107 रन और अब 109 रन बनाए हैं। 

12:42 PM, 01-Mar-2023

IND vs AUS 3rd Test Live: भारत को नौवां झटका

भारत को 108 के स्कोर पर नौवां झटका लगा। उमेश यादव 13 गेंदों पर 17 रन की मजेदार पारी खेलने के बाद आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में दो छक्के और एक चौका लगाया। कुह्नेमैन ने पांच विकेट ले लिए हैं। फिलहाल मोहम्मद सिराज और अक्षर पटेल क्रीज पर हैं।

12:24 PM, 01-Mar-2023

IND vs AUS 3rd Test Live: भारत को आठवां झटका

भारत को लंच के बाद रविचंद्रन अश्विन के रूप में पहला झटका लगा। उन्हें कुह्नेमैन ने विकेटकीपर कैरी के हाथों कैच कराया। अश्विन तीन रन बना सके। फिलहाल उमेश यादव और अक्षर पटेल क्रीज पर हैं। 29 ओवर के बाद भारत का स्कोर आठ विकेट पर 88 रन है।

11:37 AM, 01-Mar-2023

IND vs AUS 3rd Test Live: लंच तक भारत 84/7

लंच तक भारत ने सात विकेट गंवाकर 84 रन बना लिए हैं। फिलहाल रविचंद्रन ्अश्विन एक रन और अक्षर पटेल छह रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। आज मैच शुरू होने के बाद से ही ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने कहर बरपाया है। खासतौर पर ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर्स को खेलने में भारतीय बल्लेबाज नाकाम रहे हैं। पारी के पहले ही ओवर में मिचेल स्टार्क की गेंद पर रोहित शर्मा को दो जीवनदान मिला। इसके फायदा वह नहीं उठा सके और पहले विकेट के रूप में आउट हुए। रोहित 12 रन बना सके।

इसके बाद तो विकेट की झड़ी लग गई। केएल राहुल की जगह खेल रहे शुभमन गिल कैच आउट हुए। वह 18 गेंदों में 21 रन बना सके। इसके बाद चेतेश्वर पुजारा एक रन, रवींद्र जडेजा चार रन बनाकर आउट हुए। श्रेयस अय्यर खाता भी नहीं खोल सके, जबकि विराट कोहली 52 गेंदों में 22 रन बना सके। श्रीकर भरत 30 गेंदों में 17 रन बनाकर आउट हुए। बाएं हाथ के स्पिनर मैथ्यू कुह्नेमैन और नाथन लियोन ने तीन-तीन विकेट लिए। कुह्नेमैन ने रोहित, शुभमन और श्रेयस को आउट किया। वहीं, पुजारा, जडेजा और भरत को लियोन ने पवेलियन भेजा। कोहली को टॉड मर्फी ने आउट किया।

11:27 AM, 01-Mar-2023

IND vs AUS 3rd Test Live: भारत को सातवां झटका

भारत को पारी के 25वें ओवर में सातवां झटका लगा। श्रीकर भरत 30 गेंदों में 17 रन की पारी खेलने के बाद एल्बीडब्ल्यू आउट हुए। लियोन ने उन्हें पवेलियन भेजा। अपनी पारी में भरत ने एक चौका और एक छक्का लगाया। फिलहाल रविचंद्रन अश्विन और अक्षर पटेल क्रीज पर हैं। 25 ओवर के बाद भारत का स्कोर सात विकेट पर 82 रन है।

11:13 AM, 01-Mar-2023

IND vs AUS 3rd Test Live: विराट कोहली भी आउट

22 ओवर में भारत ने छह विकेट गंवाकर 71 रन बना लिए हैं। विराट कोहली 22 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें टॉड मर्फी ने एल्बीडब्ल्यू आउट किया। कोहली ने आउट होने से पहले 52 गेंदें खेलीं। अपनी पारी में उन्होंने दो चौके लगाए। फिलहाल श्रीकर भरत और अक्षर पटेल क्रीज पर हैं।

10:27 AM, 01-Mar-2023

IND vs AUS 3rd Test Live: भारत की आधी टीम पवेलियन लौटी

भारत ने आज मैच शुरू होने के एक घंटे के अंदर पांच विकेट गंवा दिए हैं। भारत का स्कोर फिलहाल 45 रन है। साढ़े नौ बजे मैच की शुरुआत हुई थी और साढ़े 10 बजे तक रोहित शर्मा (12), शुभमन गिल (21), चेतेश्वर पुजारा (1), रवींद्र जडेजा (4) और श्रेयस अय्यर (0) पवेलियन लौट चुके हैं। ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर्स अब तक मैच में हावी रहे हैं। मैथ्यू कुह्नेमैन ने रोहित, शुभमन और श्रेयस को आउट किया। वहीं नाथन लियोन ने चेतेश्वर पुजारा और रवींद्र जडेजा को आउट किया। फिलहाल विराट कोहली और केएस भरत क्रीज पर हैं।

10:15 AM, 01-Mar-2023

IND vs AUS 3rd Test Live: पुजारा भी आउट

भारत को पारी के नौवें ओवर में तीसरा झटका लगा। नाथन लियोन ने चेतेश्वर पुजारा को क्लीन बोल्ड किया। इंदौर के होल्कर स्टेडियम में गेंद काफी टर्न हो रही है। भारतीय बल्लेबाज अब तक ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर्स को खेलने में नाकाम रहे हैं। नौ ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 40 रन है। सुबह साढ़े नौ में मैच शुरू हुआ था और 10:15 तक आते-आते यानी 45 मिनट के अंदर भारत ने रोहित-शुभमन और पुजारा के विकेट गंवा दिए हैं। फिलहाल विराट कोहली और रवींद्र जडेजा क्रीज पर हैं।

10:06 AM, 01-Mar-2023

IND vs AUS 3rd Test Live: शुभमन गिल भी आउट

बाएं हाथ के स्पिनर मैथ्यू कुह्नेमैन ने भारत को शुरुआती दो झटके दिए हैं। उन्होंने पहले रोहित को विकेटकीपर एलेक्स कैरी के हाथों स्टंप आउट कराया था। अब उन्होंने केएल राहुल की जगह टीम में मौका पाने वाले शुभमन गिल को स्टीव स्मिथ के हाथों कैच कराया। शुभमन 18 गेंदों में 21 रन बना सके। फिलहाल विराट कोहली और चेतेश्वर पुजारा क्रीज पर हैं। भारत का स्कोर दो विकेट पर 

09:57 AM, 01-Mar-2023

IND vs AUS 3rd Test Live: रोहित शर्मा स्टंपिंग का हुए शिकार

भारत को पारी के छठे ओवर में 27 के कुल स्कोर पर पहला झटका लगा। कप्तान रोहित मिले दो जीवनदान को भुना नहीं सके। उन्हें मैथ्यू कुह्नेमैन ने विकेटकीपर एलेक्स कैरी के हाथों स्टंप आउट कराया। रोहित बाएं हाथ के स्पिनर कुह्नेमैन की गेंद पर बड़े शॉट के लिए आगे बढ़े। गेंद टप्पा खाकर घूम गई और कैरी ने मौके को नहीं गंवाया। रोहित 23 गेंदों में 12 रन बना सके। फिलहाल शुभमन गिल और चेतेश्वर पुजारा क्रीज पर हैं।

09:42 AM, 01-Mar-2023

IND vs AUS 3rd Test Live: रोहित को दो जीवनदान

भारत के लिए कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल ओपनिंग के लिए उतरे। मिचेल स्टार्क के पहले ही ओवर में रोहित शर्मा को दो-दो जीवनदान मिला। पहली ही गेंद पर रोहित के बल्ले का किनारा लगा। पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने अपील की, लेकिन फील्ड अंपायर ने नकार दिया। इसके बाद कप्तान स्टीव स्मिथ रिव्यू के लिए नहीं गए। बाद में टीवी स्क्रीन पर रिप्ले पर दिखा कि गेंद ने उनके बल्ले का किनारा लिया था।

इसके बाद चौथी गेंद पर गेंद जाकर रोहित के बैटिंग पैड पर लगी। स्टार्क ने अपील की, लेकिन बाकी खिलाड़ियों ने उनका साथ नहीं दिया। कप्तान स्मिथ फिर रिव्यू के लिए नहीं गए। बाद में रिप्ले में दिखा कि रोहित एल्बीडब्ल्यू आउट थे। अगर स्मिथ डीआरएस का इस्तेमाल करते तो दोनों मौकों पर रोहित आउट होते। हालांकि, ऐसा नहीं हुआ और रोहित को जीवनदान मिला। चार ओवर के बाद भारत ने बिना विकेट गंवाए 22 रन हैं। रोहित आठ और शुभमन 14 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।

09:06 AM, 01-Mar-2023

IND vs AUS 3rd Test Live: दोनों टीमें इस प्रकार हैं

भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, रवींद्र जडेजा, केएस भरत (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, उमेश यादव, मोहम्मद सिराज।

ऑस्ट्रेलिया: ट्रेविस हेड, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन,  स्टीव स्मिथ (कप्तान), पीटर हैंड्सकॉम्ब, कैमरन ग्रीन, एलेक्स केरी (विकेटकीपर), मिचेल स्टार्क, टॉड मर्फी, नाथन लियोन , मैथ्यू कुह्नेमैन।

09:02 AM, 01-Mar-2023
डेविड वॉर्नर की जगह कैमरून ग्रीन खेल रहे - फोटो : सोशल मीडिया

IND vs AUS 3rd Test Live: भारत ने टॉस जीतकर बैटिंग चुनी

भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया है। कप्तान ने प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए हैं। केएल राहुल और मोहम्मद शमी को बाहर कर दिया गया है। राहुल की जगह शुभमन गिल और शमी की जगह उमेश यादव को खेलने को मौका मिला है। वहीं, पैट कमिंस की अनुपस्थिति में ऑस्ट्रेलियाई टीम की कप्तानी कर रहे स्टीव स्मिथ ने भी प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए हैं। कमिंस की जगह स्टार्क और वॉर्नर की जगह कैमरन ग्रीन को मौका दिया गया है।


शमी की जगह उमेश खेलते दिखेंगे, रोहित ने कहा कि टीम मैनेजमेंट ने शमी को आराम दिया है

कमिंस की जगह स्टार्क को मौका मिला है, कमिंस निजी कारणों से ऑस्ट्रेलिया लौट चुके हैं

08:34 AM, 01-Mar-2023

IND vs AUS 3rd Test Live: दोनों टीमों के टेस्ट में आंकड़े

दोनों देशों के बीच इस फॉर्मेट में आंकड़ों की बात की जाए तो भारत और ऑस्ट्रेलिया टेस्ट में 104 मैचों मे आमने-सामने आ चुके हैं। इसमें से टीम इंडिया ने 32 और ऑस्ट्रेलिया ने 43 मैच जीते। एक मैच टाई और 28 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं। भारत मे दोनों टीमे 52 टेस्ट में आमने-सामने आ चुकी हैं। टीम इंडिया ने 23 और ऑस्ट्रेलिया ने 13 मैचों में जीत हासिल की। 15 टेस्ट ड्रॉ रहे और एक मैच टाई रहा। इंदौर के होल्कर स्टेडियम में दोनों टीमें पहली बार भिड़ेंगी।

08:33 AM, 01-Mar-2023

IND vs AUS 3rd Test Live: लगातार 16वीं टेस्ट सीरीज जीतने का मौका

इंदौर में टेस्ट जीतने के साथ ही भारत का इस टेस्ट सीरीज पर भी कब्जा हो जाएगा। ऐसा हुआ तो टीम इंडिया की यह अपने घर में लगातार 16वीं टेस्ट सीरीज जीत होगी। टीम 2012 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज हारने के बाद से कोई टेस्ट सीरीज नहीं हारी है।

08:33 AM, 01-Mar-2023

IND vs AUS 3rd Test Live: स्टार्क और ग्रीन की होगी वापसी

उस्मान ख्वाजा के साथ ट्रेविस हेड के ऑस्ट्रेलियाई पारी की शुरुआत करने की उम्मीद है। ख्वाजा ने दिल्ली में 81 रन की पारी खेली थी और हेड ने अपनी आक्रामक शैली से स्पिनरों पर दबाव बनाया था। उनके प्रमुख बल्लेबाज स्टीव स्मिथ और मार्नस लाबुशेन की औसत दो मैचों में 30 से कम की रही है और उनके बड़े योगदान के बिना ऑस्ट्रेलिया के पलटवार करने की संभावना कम ही नजर आती है। ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन और तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क दोनों फिट हो चुके हैं। दोनों तीसरे टेस्ट में उतर सकते हैं। मेहमान टीम तीन स्पिनर्स नाथन लियोन, टॉड मर्फी और मैथ्यू कुह्नमैन के साथ उतर सकती है।

08:32 AM, 01-Mar-2023

IND vs AUS 3rd Test Live: अश्विन-जडेजा फिर दिखा सकते हैं कमाल

अश्विन और जडेजा के दबदबे का यह आलम रहा है कि अक्षर पटेल को ज्यादा गेंदबाजी का अवसर ही नहीं मिला है। ऑस्ट्रेलिया की सफलता इस बात पर निर्भर करती है कि वह भारतीय स्पिनरों का सामना कैसे करते हैं। रन हमेशा महत्वपूर्ण होते हैं, लेकिन वे कितनी देर पिच पर टिकते हैं, यह भी अहम होगा। उन्हें डिफेंस और आक्रमण दोनों में संतुलन बनाने की जरूरत होगी। अश्विन और जडेजा के सामने चुनौती कम नहीं होगी।

08:32 AM, 01-Mar-2023

IND vs AUS 3rd Test Live: स्टीव स्मिथ करेंगे कप्तानी

कमिंस की अनुपस्थिति में स्टीव स्मिथ टीम की कमान संभालेंगे। माना जा रहा है कि ऑस्ट्रेलियाई टीम इस मैच में बदली हुई रणनीति के साथ उतरेगी। दिल्ली टेस्ट में बल्लेबाजों ने बार-बार स्वीप शॉट खेले थे और विकेट गंवाए थे। तीसरे टेस्ट में उनके शॉट चयन में बदलाव हो सकता है। भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा की घूमती गेंदों का सामना करने के लिए इस बार वह पारंपरिक शॉट ज्याादा खेलते नजर आ सकते हैं।

08:31 AM, 01-Mar-2023

IND vs AUS 3rd Test Live: बदलेगी बल्लेबाजी की शैली

होल्कर स्टेडियम में लाल और काली मिट्टी दोनों तरह की पिच हैं और क्यूरेटर ने काली मिट्टी की पिच पर मैच कराने का निर्णय लिया है। काली मिट्टी की पिच पर गेंद लाल मिट्टी की पिच के मुकाबले कम घूमती है और उछाल भी कम होता है।

ऑस्ट्रेलियाई टीम को नागपुर और दिल्ली में हुई हार के बाद तैयारियों के लिए पर्याप्त समय मिला है। हालांकि, उनका मनोबल थोड़ा कमजोर होगा क्योंकि दिल्ली टेस्ट में तो वे एक सत्र में मैच गंवा बैठे थे। अगर ऑस्ट्रेलिया के टीम कॉम्बिनेशन को देखें तो उसमें भी बदलाव होगा। कप्तान पैट कमिंस अपनी बीमार मां को देखने के लिए ऑस्ट्रेलिया में हैं। इसके अलावा एश्टन एगर, जोश हेजलवुड और डेविड वॉर्नर भी स्वदेश लौट गए हैं।

08:30 AM, 01-Mar-2023

IND vs AUS 3rd Test Live: राहुल या शुभमन में कौन खेलेगा?

यदि भारतीय टीम पहले दिन बल्लेबाजी करने उतरती है तो चेतेश्वर पुजारा और विराट कोहली जैसे बल्लेबाजों के लिए बड़ा स्कोर बनाने के लिए परिस्थितियां आदर्शपूर्ण होंगी। रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन और अक्षर पटेल न केवल गेंद से योगदान दे रहे हैं बल्कि खूब रन भी बना रहे हैं।

हालांकि, हर बार निचले क्रम के बल्लेबाजों से बड़े योगदान की अपेक्षा नहीं की जा सकती, ऐसे में मुख्य दारोमदार शीर्षक्रम के बल्लेबाजों पर ही होगा। ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजों के स्वीप शॉट खेलने की रणनीति के उलट भारतीय बल्लेबाजों ने मेहमान स्पिनरों के सामने परंपरागत तरीके अपनाए। रोहित ने अपना फुटवर्क दिखाया तो मध्यक्रम में विराट कोहली आत्मविश्वास से खेलते दिखे हैं। अपने सौवें टेस्ट की दूसरी पारी में चेतेश्वर पुजारा के नाबाद 31 रन उन्हें तीसरे टेस्ट में बेहतर करने के लिए और विश्वास जगा सकते हैं।

08:28 AM, 01-Mar-2023

IND vs AUS 3rd Test Live: शीर्षक्रम पर बड़ा दारोमदार

भारतीय टीम के लिए सलामी जोड़ी को लेकर दुविधा की स्थिति है। टीम मैनेजमेंट इस सोच में है कि केएल राहुल और शुभमन गिल में किस बल्लेबाज को कप्तान रोहित शर्मा के साथ उतारा जाए। राहुल अब टीम के उपकप्तान नहीं है, लेकिन टीम मैनेजमेंट को उन पर काफी विश्वास है। कप्तान रोहित शर्मा और कोच राहुल द्रविड़ समेत टीम मैनेजमेंट उन्हें फॉर्म में वापसी का एक और मौका देने चाहते हैं।  इस सीरीज में एकमात्र शतक रोहित शर्मा के बल्ले से निकला है।

08:27 AM, 01-Mar-2023

IND vs AUS 3rd Test Live: ऑस्ट्रेलिया की नजर वापसी पर

भारतीय टीम घरेलू मैदानों पर अपने दबदबे को कायम रखते हुए बुधवार से इंदौर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरू होने वाले तीसरे टेस्ट में एक और टेस्ट सीरीज जीत के इरादे से उतरेगी। भारतीय टीम चार मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-0 से बढ़त पर है। अगर भारतीय टीम होल्कर स्टेडियम में जीत हासिल करने में सफल रहती है तो वह जून में होने वाले विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भी प्रवेश कर लेगी। दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया की कोशिश जीत के साथ सीरीज में वापसी की होगी।

08:21 AM, 01-Mar-2023

IND vs AUS Highlights: पहले दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 156/4, भारत से 47 रन आगे

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज से भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरे टेस्ट मैच की शुरुआत हो रही है। यह मैच इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जा रहा है। टीम इंडिया चार मैचों की टेस्ट सीरीज में पहले ही 2-0 की अजेय बढ़त बना चुकी है। इस टेस्ट को जीतकर भारतीय टीम सीरीज जीतना चाहेगी। साथ ही यह मैच जीतने पर टीम इंडिया वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लेगी। थोड़ी देर में टॉस होगा।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें