रोहित शर्मा और विराट कोहली की शानदार साझेदारी की मदद से भारत ने तीसरे वनडे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को नौ विकेट से हरा दिया है। ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 46.4 ओवर में 236 रन बनाए। जवाब में रोहित शर्मा ने शतक लगाया और कोहली ने अर्धशतकीय पारी खेली। इन दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए 168 रनों की साझेदारी हुई जिसके दम पर भारत ने 38.3 ओवर में एक विकेट पर 237 रन बनाकर मैच जीता। ऑस्ट्रेलिया ने हालांकि, तीन मैचों की यह सीरीज 2-1 से अपने नाम की।
इस मैच में भारतीय गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया और ऑस्ट्रेलिया को बड़ा स्कोर बनाने से रोका। लक्ष्य का पीछा करते हुए रोहित और गिल ने भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई और दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 69 रनों की साझेदारी हुई। इसे जोश हेजलवुड ने गिल को आउट कर तोड़ा। इसके बाद रोहित और कोहली की जोड़ी ने मोर्चा संभाला और ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों की जमकर क्लास ली। यह दोनों बल्लेबाज अंत तक टिके रहे और नाबाद रहते हुए पवेलियन लौटे। रोहित ने 125 गेंदों पर 13 चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 121 रन बनाए, जबकि कोहली 81 गेंदों पर सात चौकों की मदद से 74 रन बनाकर नाबाद लौटे।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे मुकाबले में भारतीय टीम लक्ष्य के करीब पहुंच गई है। रोहित और कोहली ने शानदार बल्लेबाजी की और दोनों की साझेदारी जारी है। भारत ने 37 ओवर की समाप्ति तक एक विकेट पर 219 रन बनाए हैं और उसे जीत के लिए 78 गेंदों पर 18 रन बनाने हैं। रोहित और कोहली के बीच दूसरे विकेट के लिए 150 रनों की साझेदारी पूरी हो चुकी है।
भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक लगाया। रोहित ने 105 गेंदों पर अपने वनडे करियर का 33वां सैकड़ा पूरा किया। कोहली और रोहित के बीच दूसरे विकेट के लिए 130+ रनों की साझेदारी पूरी हो गई है। रोहित इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया में वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
भारतीय टीम के अनुभवी बल्लेबाज श्रेयस अय्यर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे मैच के दौरान चोटिल हो गए। श्रेयस को फील्डिंग करते वक्त चोट लगी थी। बीसीसीआई ने उनकी फिटनेस पर जानकारी देते हुए बताया है कि श्रेयस को अस्पताल ले जाया गया है और उनकी चोट पर नजर रखी जा रही
विराट कोहली वनडे में सर्वाधिक रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। कोहली अब तक इस प्रारूप में 14235 रन बना चुके हैं और उन्होंने इस मामले में श्रीलंका के पूर्व कप्तान कुमार संगराकार को पीछे छोड़ दिया है। संगकारा ने वनडे में 14234 रन बनाए हैं। इस मामले में कोहली से आगे अब बस सचिन तेंदुलकर हैं जिन्होंने 18426 रन बनाए हैं।
कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अर्धशतक लगाने के साथ ही लक्ष्य का पीछा करते हुए सर्वाधिक बार 50+ स्कोर लगाने के मामले में सचिन को पीछे छोड़ दिया है। कोहली ने वनडे में 70वीं बार चेज करते हुए 50+ स्कोर बनाया, जबकि सचिन ने इस दौरान 69 बार 50+ स्कोर किए हैं।
विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में अर्धशतक जड़ दिया है। कोहली ने 56 गेंदों पर करियर का 75वां वनडे अर्धशतक लगाया। रोहित और कोहली के बीच दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी पूरी हो गई है।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत का स्कोर 150 के पार पहुंच गया है। रोहित और कोहली के बीच अच्छी साझेदारी हो रही है और दोनों बल्लेबाज 90+ रनों की साझेदारी कर चुके हैं।
रोहित और कोहली के बीच शानदार साझेदारी चल रही है। दोनों बल्लेबाज दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी कर चुके हैं। भारत को अब जीत के लिए 100 से भी कम रन चाहिए।
भारतीय सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगातार दूसरे मैच में अर्धशतक लगाया। रोहित ने 63 गेंदों पर अपने वनडे करियर का 60वां पचासा पूरा किया। उन्होंने इससे पहले एडिलेड में भी अर्धशतक लगाया था। रोहित और कोहली के बीच दूसरे विकेट के लिए 50+ रनों की साझेदारी हो गई है।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत के 100 रन पूरे हो गए हैं। रोहित शर्मा अर्धशतक लगाने के करीब और उनका साथ देने के लिए कोहली भी क्रीज पर मौजूद हैं।
पहला झटका लगने के बाद विराट कोहली क्रीज पर उतरे। कोहली के साथ रोहित क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों बल्लेबाज वनडे में 101वीं बार साझेदारी करने उतरे हैं। विराट सीरीज के दो मैचों में खाता नहीं खोल सके थे, लेकिन इस मैच में जैसे ही उन्होंने एक रन लिया दर्शक खुशी में झूम उठे। कोहली भी इस दौरान खुद को नहीं रोक सका और उन्होंने खुशी का इजहार किया। एक रन लेते ही कोहली हंसने लगे।
भारतीय टीम को शुभमन गिल के रूप में पहला झटका लगा। गिल और रोहित के बीच अच्छी साझेदारी हो रही थी और दोनों ने पहले विकेट के लिए 69 रन जोड़े। गिल 26 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 24 रन बनाकर आउट हुए।
भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए 50 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है। भारत के लिए रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई है और दोनों के बीच पहले विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी हो गई है।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने अच्छी शुरुआत की है। रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने सधी हुई बल्लेबाजी की जिससे भारत ने पांच ओवर की समाप्ति के बाद बिना किसी नुकसान के 22 रन बनाए हैं।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की पारी शुरू हो गई है। भारत के लिए रोहित शर्मा के साथ कप्तान शुभमन गिल ने पारी की शुरुआत की है। ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 237 रनों का लक्ष्य दिया है।
ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे वनडे मुकाबले में भारत के सामने 237 रनों का लक्ष्य रखा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया की पारी 46.4 ओवर में 236 रन पर ऑलआउट हो गई। ऑस्ट्रेलिया के लिए मैट रेनशॉ ने अर्धशतक लगाया और सबसे ज्यादा 56 रन बनाए। भारतीय टीम की ओर से तेज गेंदबाज हर्षित राणा ने दमदार प्रदर्शन किया और कुल चार विकेट झटके जिससे ऑस्ट्रेलिया टीम बड़ा स्कोर नहीं खड़ा कर सकी।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया को मिचेल मार्श और ट्रेविस हेड ने अच्छी शुरुआत दिलाई। इन दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 61 रन जोड़े। भारत को पहली सफलता सिराज ने दिलाई। इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई पारी थोड़ी लड़खड़ा गई। हालांकि, रेनशॉ और एलेक्स कैरी के बीच चौथे विकेट के लिए 59 रनों की साझेदारी हुई जिसे हर्षित राणा ने एलेक्स कैरी को आउट कर तोड़ा। इसके बाद रेनशॉ भी अर्धशतक लगाकर पवेलियन लौट गए।
ऑस्ट्रेलिया ने इसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए और कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। पिछले दो मैच की तुलना में इस मुकाबले में भारत का गेंदबाजी आक्रमण बेहतर नजर आया। ऑस्ट्रेलिया के लिए रेनशॉ के अलावा मार्श ने 41, मैथ्यू शॉर्ट ने 30, ट्रेविस हेड ने 29, एलेक्स कैरी ने 24, कूपर कोनोली ने 23, नाथन एलिस ने 16, मिचेल स्टार्क ने 2 और मिचेल ओवन ने 1 रन बनाए। एडम जांपा दो रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि जोश हेजलवुड खाता भी नहीं खोल सके। भारत की ओर से हर्षित के चार विकेट के अलावा वाशिंगटन सुंदर को दो सफलता मिली, जबकि सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव और अक्षर पटेल को एक-एक विकेट मिला। इस मैच में भारत के सभी गेंदबाज को सफलता मिली।
हर्षित राणा ने कूपर कोनोली को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को नौवां झटका दिया है। कोनोली 34 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 23 रन बनाकर आउट हुए।
प्रसिद्ध कृष्णा ने नाथन एलिस को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को आठवां झटका दिया है। एलिस 19 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 16 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया ने इस तरह 223 रन के स्कोर पर आठ विकेट गंवा दिए। फिलहाल क्रीज पर एडम जांपा और कोनोली मौजूद हैं।
कुलदीप यादव ने मिचेल स्टार्क को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को सातवां झटका दिया है। स्टार्क पांच गेंदों पर दो रन बनाकर आउट हुए। क्रीज पर कोनोली और नाथन एलिस मौजूद हैं। ऑस्ट्रेलिया ने 39 ओवर की समाप्ति तक सात विकेट पर 201 रन बना लिए हैं।
हर्षित राणा ने मिचेल ओवन को आउट कर भारत को छठी सफलता दिलाई है। ओवन चार गेंदों पर एक रन बनाकर आउट हो गए हैं। हर्षित का इस मैच का यह दूसरा विकेट है। ओवन का कैच रोहित शर्मा ने पकड़ा।
ऑस्ट्रेलिया की आधी टीम 195 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट गई है। वाशिंगटन सुंदर ने रेनशॉ को आउट कर भारत को पांचवीं सफलता दिलाई। रेनशॉ 58 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 56 रन बनाकर आउट हुए।
हर्षित राणा ने एलेक्स कैरी को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को चौथा झटका दिया है। कैरी का कैच श्रेयस अय्यर ने पकड़ा, लेकिन इस दौरान उन्हें चोट भी लगी। कैरी 37 गेंदों पर एक चौके की मदद से 24 रन बनाकर आउट हुए। कैरी और रेनशॉ के बीच 59 रनों की साझेदारी हुई।
रेनशॉ ने भारत के खिलाफ तीसरे वनडे में अर्धशतक जड़ दिया है। रेनशॉ ने 48 गेंदों पर अपना पचासा पूरा किया। वह एलेक्स कैरी के साथ चौथे विकेट के लिए 50+ रनों की साझेदारी निभा चुके हैं।
रेनशॉ और एलेक्स कैरी के बीच चौथे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी हो गई है। ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 33 ओवर की समाप्ति के बाद तीन विकेट पर 178 रन हो गया है।
वाशिंगटन सुंदर ने मैथ्यू शॉर्ट को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को तीसरा झटका दिया है। वाशिंगटन की गेंद पर शॉर्ट विराट कोहली को कैच थमा बैठे और 41 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 30 रन बनाकर आउट हुए।
भारत के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 100 रन के पार पहुंच गया है। ऑस्ट्रेलिया ने 21 ओवर की समाप्ति के बाद दो विकेट पर 118 रन बनाए हैं। फिलहाल क्रीज पर रेनशॉ और शॉर्ट मौजूद हैं।
अक्षर पटेल ने मिचेल मार्श को आउट ऑस्ट्रेलिया को दूसरा झटका दिया है। मार्श अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे और अर्धशतक लगाने के करीब थे, लेकिन अक्षर ने उन्हें बोल्ड कर दिया। मार्श 50 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 41 रन बनाकर आउट हुए।
भारत के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 70 रन के पार पहुंच गया है। भारत को अब तक एक सफलता मिली है और सिराज ने हेड को पवेलियन भेजा है। फिलहाल क्रीज पर मार्श के साथ शॉर्ट मौजूद हैं।
भारतीय टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने ट्रेविस हेड को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई है। हेड और मार्श के बीच पहले विकेट के लिए 61 रनों की साझेदारी हुई। हेड 25 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 29 रन बनाकर आउट हुए।
भारत के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में ऑस्ट्रेलिया ने 50 रन पूरे कर लिए हैं। इसी के साथ हेड और मार्श के बीच पहले विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी हो गई है। भारत को अब विकेट की तलाश है।
भारत के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में ऑस्ट्रेलिया ने सधी शुरुआत की है। ऑस्ट्रेलिया ने पांच ओवर की समाप्ति के बाद बिना किसी नुकसान के 26 रन बना लिए हैं।
भारत के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में ऑस्ट्रेलिया की पारी शुरू हो गई है। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है। ऑस्ट्रेलिया के लिए मिचेल मार्श के साथ ट्रेविस हेड बल्लेबाजी करने उतरे हैं।
भारत: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।
ऑस्ट्रेलिया: मिचेल मार्श (कप्तान), ट्रेविस हेड, मैथ्यू शॉर्ट, मैट रेनशॉ, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, मिचेल ओवन, नाथन एलिस, मिचेल स्टार्क, एडम जांपा, जोश हेजलवुड।
ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श ने भारत के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया है। सिडनी में पिछले नौ वनडे पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं। इसलिए कोई आश्चर्य नहीं कि ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। ऑस्ट्रेलिया ने प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है और जेवियर बार्टलेट की जगह एलिस की वापसी हई है। वहीं, भारत ने दो बदलाव करते हुए कुलदीप यादव और प्रसिद्ध कृष्णा को मौका दिया है। कुलदीप और प्रसिद्ध को नीतीश रेड्डी और अर्शदीप सिंह की जगह प्लेइंग-11 में मौका मिला है। नीतीश रेड्डी को दूसरे मैच के दौरान चोट लगी थी जिस कारण वह तीसरे मैच के लिए उपलब्ध नहीं हैं।
भारतीय टीम तीसरे वनडे के लिए प्लेइंग-11 में दो बदलाव कर सकती है। टीम प्रबंधन की कोशिश गेंदबाजी आक्रमण को धार देने की होगी, ऐसे में कलाई के स्पिनर कुलदीप की जगह प्लेइंग-11 में बन सकती है। कुलदीप को वाशिंगटन सुंदर की जगह एकादश में लाया जा सकता है। वहीं, हर्षित राणा की जगह प्रसिद्ध कृष्णा को भी टीम में मौका मिल सकता है। हर्षित दूसरे वनडे में कुछ दिक्कतों का सामना कर रहे थे और पूरी तरह फिट नजर नहीं आ रहे थे। भारत ने अब तक स्पिन विभाग की जिम्मेदारी अक्षर पटेल और वाशिंगटन सुंदर पर डाली है जो अच्छी बल्लेबाजी भी कर सकते हैं, लेकिन यह दोनों गेंदबाजी में प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं और ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजों को उन्हें खेलने में किसी तरह की परेशानी नहीं हुई है। वहीं, नीतीश जैसे बल्लेबाज को आठवें नंबर पर उतारना सही रणनीति नहीं लगती है। गेंदबाजी में भी वह प्रभाव छोड़ने में असफल रहे।
जब से यह सीरीज शुरू हुई है सबसे ज्यादा चर्चा रोहित शर्मा और विराट कोहली पर ही चल रही है। संभवत: इन दोनों दिग्गजों का यह आखिरी ऑस्ट्रेलिया दौरा है, ऐसे में रोहित-कोहली को खेलता देखने के लिए सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर प्रशंसकों का जमावड़ा लगने की उम्मीद है। रोहित ने जहां पहले मैच में सस्ते में आउट होने के बाद दूसरे मैच से दमदार वापसी की और अर्धशतक लगाया। वहीं, कोहली लगातार दो मैचों में शून्य पर आउट हुए। कोहली से सिडनी में बड़ी पारी खेलने की उम्मीद रहेगी। यह देखना भी दिलचस्प होगा कि सीरीज समाप्त होने के बाद रोहित और कोहली अपने वनडे भविष्य को लेकर कोई बड़ा फैसला लेते हैं या नहीं।
भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया को शुरुआती दोनों मैचों में चुनौती नहीं दे सका। इस दौरान गेंदबाजों ने काफी निराश किया और दोनों ही मैच में लक्ष्य का बचाव नहीं किया जा सका। पर्थ में खेले गए पहले वनडे मैच में बारिश ने काफी प्रभाव डाला, लेकिन एडिलेड में भी गेंदबाजों का निराशाजनक प्रदर्शन जारी रहा। वहीं, फील्डिंग में भी भारत ने कुछ गलतियां की। अक्षर पटेल और मोहम्मद सिराज जैसे खिलाड़ियों ने आसान से कैच छोड़े जिससे ऑस्ट्रेलिया को जीवनदान मिले। भारतीय टीम को अपनी फील्डिंग में सुधार की जरूरत है।
Live Cricket Score, India vs Australia (IND vs AUS) 3rd ODI: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच जारी तीन मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला सिडनी में खेला जाएगा। इस मैच में भारतीय टीम जीत के साथ सीरीज का समापन करना चाहेगी। हालांकि, मौजूदा सीरीज के शुरुआती दो मुकाबले जीतकर मेजबानों ने 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है।