फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs AUS Day 2 Highlights: दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 61/1, भारतीय टीम से 62 रन आगे

Sat, 18 Feb 2023 05:15 PM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

India vs Australia (IND vs AUS) Highlights 2nd Test Day 2: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज के दूसरे मैच में दो दिन का खेल खत्म हो चुका है। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए 263 रन बनाए। इसके जवाब में भारतीय टीम ने 262 रन बनाए और ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में एक रन की बढ़त मिली। वहीं, दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 61/1 है। कंगारू टीम भारत से 62 रन आगे और उसके नौ विकेट बचे हुए हैं, जबकि मैच में तीन दिन का खेल बाकी है।
विज्ञापन
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

05:08 PM, 18-Feb-2023

दूसरे दिन का खेल खत्म

दिल्ली टेस्ट में दूसरे दिन का खेल खत्म हो चुका है। ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में एक विकेट खोकर 61 रन बना लिए हैं और भारत से 62 रन आगे हैं। ऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड 39 और मार्नस लाबुशेन 16 रन बनाकर खेल रहे हैं। दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया ने अब तक तेजी से रन बनाए हैं और मैच के तीसरे दिन भी कंगारू टीम बड़ा स्कोर खड़ा करना चाहेगी। अगर भारत के सामने 200 रन का लक्ष्य रहता है तो टीम इंडिया को चौथी पारी में इसे हासिल करने में परेशानी आ सकती है।

मैच में अब तक क्या हुआ?
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। उस्मान ख्वाजा (81) और पीटर हैंड्सकॉम्ब (72) के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने 263 रन बनाए। भारत के लिए शमी ने चार और अश्विन-जडेजा ने तीन-तीन विकेट लिए। इसके जवाब में भारत ने 262 रन बनाए। अक्षर पटेल ने 74 और विराट ने 44 रन बनाए। अक्षर और अश्विन ने शतकीय साझेदारी कर भारत को मुश्किल से निकाला। ऑस्ट्रेलिया के लिए नाथन लियोन ने पांच, टॉड मर्फी और कुह्नेमन ने दो-दो विकेट लिए। पहली पारी के आधार पर ऑस्ट्रेलिया को एक रन की बढ़त मिली। इसके बाद दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया ने एक विकेट पर 61 रन बना लिए हैं और कुल बढ़त 62 रन की हो गई है। हेड और लाबुशेन नाबाद हैं। अब टीम इंडिया तीसरे दिन ऑस्ट्रेलिया को छोटे स्कोर पर समेटने की कोशिश करेगी। वहीं, ऑस्ट्रेलिया भारत के सामने बड़ा लक्ष्य रखना चाहेगा।

04:53 PM, 18-Feb-2023

IND vs AUS Live Score: दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 50 रन के पार

दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलियाई टीम तेजी से रन बना रही है और भारत के सामने जल्द से जल्द बड़ा स्कोर खड़ा करने की कोशिश कर रही है। कंगारू टीम यह समझ चुकी है कि स्पिन पिच पर उनके बल्लेबाजों के लिए लंबी पारी खेलना मुश्किल है। इसी वजह से यह टीम तेजी से रन बनाकर भारत के सामने बड़ा लक्ष्य रखना चाहती है। एक विकेट के नुकसान पर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 50 रन के पार जा चुका है। 

04:39 PM, 18-Feb-2023

IND vs AUS Live Score: दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया का पहला विकेट गिरा

दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया का पहला विकेट 23 रन पर गिरा है। रवींद्र जडेजा की गेंद पर श्रेयस अय्यर ने शानदार कैच पकड़कर पहली पारी के हीरो उस्मान ख्वाजा को चलता किया। उस्मान ख्वाजा ने 13 गेंद में छह रन बनाए। अब ट्रेविस हेड के साथ मार्नस लाबुशेन क्रीज पर हैं। सात ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर एक विकेट पर 30 रन है।

विज्ञापन
04:22 PM, 18-Feb-2023

IND vs AUS Live Score: दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी शुरू

दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। उस्मान ख्वाजा और ट्रेविस हेड की सलामी जोड़ी क्रीज पर है। इस मैच में पहली पारी में डेविड वॉर्नर ने ख्वाजा के साथ पारी की शुरुआत की थी, लेकिन वह सिर में गेंद लगने की वजह से मैच से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह मैट रेनशॉ ऑस्ट्रेलियाई टीम में शामिल हुए हैं। ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में दो ओवर का खेल होने के बाद बिना विकेट खोए चार रन बना लिए हैं।

04:10 PM, 18-Feb-2023

IND vs AUS Live Score: भारत ने पहली पारी में 262 रन बनाए

भारतीय टीम ने पहली पारी में 262 रन बनाए हैं, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 263 रन बनाए थे। इस तरह ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी के आधार पर एक रन की बढ़त मिली है। मैथ्यू कुह्नमन ने मोहम्मद शमी को क्लीन बोल्ड कर भारतीय पारी खत्म की। शमी ने नौ गेंद में दो रन बनाए। अब ऑस्ट्रेलियाई टीम दूसरी पारी में बड़ा स्कोर खड़ा कर भारत के सामने बड़ा लक्ष्य रखने की कोशिश करेगी। वहीं, भारत ऑस्ट्रेलिया को छोटे से छोटे स्कोर पर समेटना चाहेगा। चौथी पारी में टीम इंडिया के लिए 150 रन से ज्यादा के लक्ष्य का पीछा करना आसान नहीं होगा।

मैच में अब तक क्या हुआ?
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। उस्मान ख्वाजा (81) और पीटर हैंड्सकॉम्ब (72) के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने 263 रन बनाए। भारत के लिए शमी ने चार और अश्विन-जडेजा ने तीन-तीन विकेट लिए। इसके जवाब में भारत ने 262 रन बनाए। अक्षर पटेल ने 74 और विराट ने 44 रन बनाए। अक्षर और अश्विन ने शतकीय साझेदारी कर भारत को मुश्किल से निकाला। ऑस्ट्रेलिया के लिए नाथन लियोन ने पांच, टॉड मर्फी और कुह्नेमन ने दो-दो विकेट लिए। पहली पारी के आधार पर ऑस्ट्रेलिया के पास एक रन की बढ़त है।

विज्ञापन
04:02 PM, 18-Feb-2023

IND vs AUS Live Score: भारत का नौवां विकेट गिरा

259 रन पर भारत का नौवां विकेट गिरा है। अक्षर पटेल 115 गेंद में 74 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में नौ चौके और तीन छक्के लगाए। टॉड मर्फी की गेंद पर पैट कमिंस ने उनका शानदार कैच पकड़ा। अक्षर की इस शानदार पारी के चलते भारतीय टीम मैच में वापस आ गई है। 83 ओवर के बाद भारत का स्कोर नौ विकेट पर 262 रन है।

03:52 PM, 18-Feb-2023

IND vs AUS Live Score: भारत का आठवां विकेट गिरा

253 रन के स्कोर पर भारत का आठवां विकेट गिरा है। पैट कमिंस ने नई गेंद के साथ अक्षर पटेल और रविचंद्रन अश्विन के बीच 114 रन की साझेदारी तोड़ दी है। उन्होंने अश्विन को मैट रेनशॉ के हाथों कैच कराया। अश्विन ने 71 गेंद में पांच चौकों की मदद से 37 रन बनाए। अब अक्षर पटेल के साथ मोहम्मद शमी क्रीज पर हैं। अक्षर अर्धशतक लगाकर खेल रहे हैं और अब तेजी से रन बनाकर अपनी टीम को बढ़त दिलाना चाहेंगे। भारत अभी भी ऑस्ट्रेलिया से 10 रन पीछे है।

03:46 PM, 18-Feb-2023

IND vs AUS Live Score: भारत का स्कोर 250 रन के पार

भारत का स्कोर सात विकेट पर 250 रन के पार जा चुका है। अक्षर पटेल और रविचंद्रन अश्विन के बीच सीरीज की पहली शतकीय साझेदारी के चलते भारतीय टीम मैच में वापस आ गई है। हालांकि, 80 ओवर पूरे होने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने नई गेंद ले ली है और अब टीम इंडिया को समेटने की कोशिश करेगा।

03:39 PM, 18-Feb-2023

IND vs AUS Live Score: अक्षर और अश्विन के बीच शतकीय साझेदारी

अक्षर पटेल और रविचंद्रन अश्विन के बीच आठवें विकेट के लिए शतकीय साझेदारी हो चुकी है। ये दोनों एक बार फिर बल्ले के साथ कमाल कर रहे हैं और भारत को मैच में बराबरी पर ले आए हैं। अक्षर ने लगातार दूसरी पारी में बेहतरीन अर्धशतक लगाया है। इस सीरीज में यह पहली शतकीय साझेदारी है। 79 ओवर के बाद भारत का स्कोर सात विकेट पर 243 रन है।

03:26 PM, 18-Feb-2023

IND vs AUS Live Score: अक्षर पटेल का अर्धशतक

अक्षर पटेल ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने 94 गेंद में अपने 50 रन पूरे किए। वह अब तक छह चौके और दो छक्के लगा चुके हैं। अक्षर ने अश्विन के साथ बेहतरीन साझेदारी कर ऑस्ट्रेलिया को बड़ी बढ़त लेने से रोक दिया है। अश्विन भी धीरे-धीरे अपने अर्धशतक के करीब पहुंच रहे हैं। भारत फिलहाल ऑस्ट्रेलिया से 31 रन पीछे है।

02:53 PM, 18-Feb-2023

IND vs AUS Live Score: भारत का स्कोर 200 रन के पार

सात विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 200 रन के पार जा चुका है। रविचंद्रन अश्विन और अक्षर पटेल के बीच बेहतरीन अर्धशतकीय साझेदारी ने ऑस्ट्रेलिया को बड़ी बढ़त लेने से रोक दिया है। अब ये दोनों तेजी से रन बनाकर टीम इंडिया का स्कोर ऑस्ट्रेलिया के करीब ले जाने की कोशिश करेंगे।

02:43 PM, 18-Feb-2023

IND vs AUS Live Score: अश्विन और अक्षर के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

रविचंद्रन अश्विन और अक्षर पटेल के बीच आठवें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। खासकर अक्षर पटेल अच्छी लय में दिख रहे हैं और ये दोनों भारत का स्कोर ऑस्ट्रेलिया के करीब पहुंचाना चाहेंगे। 66 ओवर में भारत ने सात विकेट पर 193 रन बना लिए हैं।

02:35 PM, 18-Feb-2023

IND vs AUS Live Score: तीसरे सत्र का खेल शुरू

तीसरे सत्र का खेल शुरू हो चुका है। अश्विन और अक्षर की जोड़ी क्रीज पर है। ये दोनों अच्छी साझेदारी कर भारत का स्कोर 200 रन के करीब ले जा चुके हैं। अब यह जोड़ी ऑस्ट्रेलिया की बढ़त 50 रन से कम करने की कोशिश करेगी।

02:14 PM, 18-Feb-2023

IND vs AUS Live Score: दूसरे सत्र का खेल खत्म

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज के दूसरे मैच में चायकाल तक भारत का स्कोर 179/7 है। भारतीय टीम अभी भी ऑस्ट्रेलिया के स्कोर से 84 रन पीछे है। हालांकि, अश्विन और अक्षर ने आठवें विकेट के लिए 40 रन की साझेदारी कर ली है और दोनों अभी भी नाबाद हैं। यह जोड़ी दिन के आखिरी सत्र में बड़ा स्कोर खड़ा कर ऑस्ट्रेलिया की बढ़त खत्म करना चाहेगी।  वहीं, ऑस्ट्रेलियाई टीम भारत को जल्द से जल्द समेटकर पहली पारी में बढ़त लेने की कोशिश करेगी।
 

02:03 PM, 18-Feb-2023

IND vs AUS Live Score: अश्विन और अक्षर के बीच अच्छी साझेदारी

रविचंद्रन अश्विन और अक्षर पटेल के बीच उपयोगी साझेदारी हो चुकी है। दोनों ने भारत का स्कोर 170 रन के पार पहुंचा दिया है। अब ऑस्ट्रेलिया की बढ़त 100 रन से कम रह गई है। यह जोड़ी इस बढ़त को कम से कम करने की कोशिश करेगी। 61 ओवर के बाद भारत का स्कोर सात विकेट पर 174 रन है।

01:35 PM, 18-Feb-2023

IND vs AUS Live Score: भारत का स्कोर 150 रन के पार

सात विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। अश्विन और अक्षर पटेल क्रीज पर हैं। ये भारत की आखिरी जोड़ी है, जो बल्लेबाजी करने में सक्षम है। इसके बाद सिर्फ शमी और सिराज को बल्लेबाजी के लिए आना है। ऐसे में ये दोनों बड़ी साझेदारी कर भारत को ऑस्ट्रेलिया के स्कोर के करीब ले जाना चाहेंगे।

01:25 PM, 18-Feb-2023

IND vs AUS Live Score: भारत का सातवां विकेट गिरा

139 रन के स्कोर पर भारत का सातवां विकेट गिरा है। श्रीकर भरत 12 गेंद में छह रन बनाकर आउट हो चुके हैं। नाथन लियोन ने उन्हें स्टीव स्मिथ के हाथों कैच कराया। इसी के साथ लियोन ने भारत के खिलाफ 100 विकेट पूरे कर लिए हैं। अब अक्षर पटेल और रविचंद्रन अश्विन क्रीज पर हैं।

01:14 PM, 18-Feb-2023

IND vs AUS Live Score: भारत का छठा विकेट गिरा

135 रन के स्कोर पर भारत का छठा विकेट गिरा है। विराट कोहली 84 गेंद में 44 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके लगाए। कुह्मैन ने उनको विकेटों के सामने फंसाया। अंपायर ने कोहली को आउट दिया था, लेकिन उन्होंने रिव्यू लिया। रिव्यू में दिख रहा था कि गेंद एक साथ बल्ले और पैड में लगी है, लेकिन अंपायर ने उन्हें आउट करार दिया। यह निर्णय विवादास्पद हो सकता है। अब केएस भरत के साथ अक्षर पटेल क्रीज पर हैं।

12:58 PM, 18-Feb-2023

IND vs AUS Live Score: भारत का पांचवां विकेट गिरा

125 रन के स्कोर पर भारत की आधी टीम पवेलियन लौट गई है। रवींद्र जडेजा 74 गेंद में 26 रन बनाकर मर्फी की गेंद पर एलबीडबल्यू आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके लगाए। जडेजा और कोहली के बीच 59 रन की साझेदारी हुई। अब विराट कोहली के साथ श्रीकर भरत क्रीज पर हैं।

12:53 PM, 18-Feb-2023

IND vs AUS Live Score: जडेजा और कोहली के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

विराट कोहली और रवींद्र जडेजा की जोड़ी ने भारतीय पारी को संभाला है। दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। ये दोनों भारतीय टीम को मैच में वापस लाने की कोशिश कर रहे हैं। अब भारतीय टीम और ऑस्ट्रेलिया के स्कोर का अंतर 150 रन से कम रह गया है। कोहली अब थोड़ी तेज गति से रन बना रहे हैं और अर्धशतक की तरफ बढ़ रहे हैं। 45 ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 120 रन है।

12:34 PM, 18-Feb-2023

IND vs AUS Live Score: भारत का स्कोर 100 रन के पार

चार विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। विराट कोहली और रवींद्र जडेजा के बीच अच्छी साझेदारी हो चुकी है और दोनों भारत को मुश्किल से निकलाने की कोशिश कर रहे हैं। 42 ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 110 रन है।

12:31 PM, 18-Feb-2023

IND vs AUS Live Score: दूसरे सत्र का खेल शुरू

लंच के बाद दूसरे सत्र का खेल शुरू हो चुका है। विराट कोहली और रवींद्र जडेजा क्रीज पर हैं। दोनों बल्लेबाज बड़ी साझेदारी कर भारतीय टीम को मुश्किल से निकलना चाहेंगे। वहीं, ऑस्ट्रेलियाई टीम पिछले सत्र की तरह इस सत्र में भी विकेट लेकर भारत की पारी छोटे स्कोर पर समेटना चाहेगी। ऑस्ट्रेलिया उम्मीद करेगी कि टॉड मर्फी और कुह्मैन भी विकेट लेकर लियोन का सपोर्ट करें।

11:37 AM, 18-Feb-2023

IND vs AUS Live Score: पहले सत्र का खेल खत्म

दिल्ली टेस्ट में दूसरे दिन पहले सत्र का खेल खत्म हो चुका है। लंच तक भारत का स्कोर 88/4 है। विराट कोहली 14 और रवींद्र जडेजा 15 रन बनाकर खेल रहे हैं। भारत अभी भी ऑस्ट्रेलिया के स्कोर से 175 रन पीछे है। ऑस्ट्रेलिया के लिए सभी चार विकेट नाथन लियोन ने लिए हैं। भारत को इस मैच में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए बड़ी साझेदारी की जरूरत है। विराट कोहली और रवींद्र जडेजा लंबी पारी खेलकर अपनी टीम को बेहतर स्थिति में ले जाना चाहेंगे।

10:58 AM, 18-Feb-2023

IND vs AUS Live Score: भारत का चौथा विकेट गिरा

66 रन के स्कोर पर भारत को चौथा झटका लगा है। श्रेयस अय्यर को नाथन लियोन ने पीटर हैंड्सकॉम्ब के हाथों कैच कराया है। श्रेयस अय्यर ने 15 गेंद में चार रन बनाए। टीम इंडिया नाथन लियोन की फिरकी में फंसकर परेशानी से घिर गई है। अब विराट कोहली के साथ रवींद्र जडेजा क्रीज पर हैं। मैच में बने रहने के लिए भारत को बड़ी साझेदारी की जरूरत है। पहली पारी में पिछड़ने पर टीम इंडिया यह मैच गंवा सकती है और इससे भारत के टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने की संभावना कम हो जाएगी। 27 ओवर के बाद भारत का स्कोर 67 रन पर चार विकेट है।

10:38 AM, 18-Feb-2023

IND vs AUS 2nd Test Live: भारत का तीसरा विकेट गिरा

54 रन के स्कोर पर भारत का तीसरा विकेट गिरा है। चेतेश्वर पुजारा अपने 100वें टेस्ट की पहली पारी में खाता भी नहीं खोल पाए। नाथन लियोन ने उन्हें विकेटों के सामने फंसाया। पुजारा ने कुल सात गेंदों का सामना किया। नाथन लियोन ने एक ही ओवर में दो विकेट लेकर टीम इंडिया को बैकफुट में ढकेल दिया है। अब विराट के सात श्रेयस अय्यर क्रीज पर हैं। भारत के तीनों विकेट लियोन ने झटके हैं और ऑस्ट्रेलिया को बेहतर स्थिति में पहुंचा दिया है। अब टीम इंडिया को मैच में पकड़ बनाने के लिए मशक्कत करनी होगी। श्रेयस और विराट बड़ी साझेदारी कर भारत की वापसी करना चाहेंगे।

10:34 AM, 18-Feb-2023

IND vs AUS 2nd Test Live: भारत का दूसरा विकेट गिरा

53 रन पर भारत का दूसरा विकेट गिरा है। कप्तान रोहित शर्मा 69 गेंद पर 32 रन बनाकर आउट हो गए हैं। नाथन लियोन ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। अपने दोनों सलामी बल्लेबाज सस्ते में गंवाने के बाद भारतीय टीम मुश्किल में आ गई है और अब विराट-पुजारा पर टीम को संभालने की जिम्मेदारी है। वहीं, नाथन लियोन मैच में ऑस्ट्रेलिया को बनाए हुए हैं।

10:25 AM, 18-Feb-2023

IND vs AUS 2nd Test Live: भारत का स्कोर 50 रन के पार

एक विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 50 रन के पार जा चुका है। कप्तान रोहित शर्मा और अपना 100वां टेस्ट खेल रहे चेतेश्वर पुजारा क्रीज पर हैं। दोनों बड़ी पारी खेलकर टीम इंडिया को बेहतर स्थिति में ले जाना चाहेंगे। 19 ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 53 रन है।

10:14 AM, 18-Feb-2023

IND vs AUS 2nd Test Live: भारत का पहला विकेट गिरा

46 रन के स्कोर पर भारत को पहला झटका लगा है। लोकेश राहुल 41 गेंद में 17 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। नाथन लियोन ने उन्हें विकेटों के सामने फंसाया। राहुल ने रिव्यू लेकर खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन गेंद लेग स्टंप के कोने में लग रही थी और उन्हें बाहर जाना पड़ा। अब कप्तान रोहित के साथ चेतेश्वर पुजारा क्रीज पर हैं।

09:43 AM, 18-Feb-2023

IND vs AUS 2nd Test Live: दूसरे दिन का खेल शुरू

दूसरे दिन का खेल शुरू हो चुका है। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और उपकप्तान लोकेश राहुल क्रीज पर हैं। दोनों आज बड़ी पारी खेलना चाहेंगे और टीम इंडिया को बेहतर स्थिति में पहुंचाने की कोशिश करेंगे। भारत की कोशिश आज बड़ा स्कोर बनाकर पहली पारी के आधार पर बढ़त लेने की होगी। 13 ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के 33 रन है।

09:41 AM, 18-Feb-2023

IND vs AUS 2nd Test Live: चोटिल वॉर्नर मैच से बाहर

ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर चोट के चलते मैच से बाहर हो गए हैं। वॉर्नर की जगह मैट रेनशॉ को प्लेइंग 11 में शामिल किया गया है। ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी के 10वें ओवर में सिराज की गेंद वॉर्नर के सिर पर लगी थी। इसके बाद वह खेलते रहे थे, लेकिन फील्डिंग के लिए मैदान में नहीं आए। वह पूरी तरह से फिट नहीं हैं। ऐसे में रेनशॉ को कंकसन सबस्टीट्यूट के रूप में टीम में शामिल किया गया है।

09:38 AM, 18-Feb-2023

IND vs AUS 2nd Test Live: 100वें टेस्ट में पुजारा से कमाल की उम्मीद

भारतीय टेस्ट टीम के सबसे अहम बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा का यह 100वां टेस्ट है। पुजारा से सभी को इस मैच में बड़ी पारी की उम्मीद होगी। पुजारा भी इस मैच को अपने लिए खास बनाना चाहेंगे। अगर वह इस मैच में शतक लगा पाते हैं तो अपने 100वें टेस्ट में शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज होंगे।

08:44 AM, 18-Feb-2023

IND vs AUS Day 2 Highlights: दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 61/1, भारतीय टीम से 62 रन आगे

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार मैच की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है। आज मुकाबले का दूसरा दिन है। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। उस्मान ख्वाजा और पीटर हैंड्सकॉम्ब के अर्धशतक के चलते कंगारू टीम ने पहली पारी में 263 रन बनाए। भारत के लिए शमी ने चार और अश्विन-जडेजा ने तीन-तीन विकेट लिए। 

भारत ने पहली पारी में बिना कोई विकेट खोए 21 रन बना लिए हैं। कप्तान रोहित शर्मा 13 और उपकप्तान लोकेश राहुल चार रन बनाकर खेल रहे हैं। दोनों मैच के दूसरे दिन बड़ी पारी खेलने की कोशिश करेंगे। फिलहाल टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया से 242 रन पीछे है और आज भारतीय खिलाड़ी बड़ा स्कोर बनाकर पहली पारी में कंगारू टीम पर बढ़त लेना चाहेंगे।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें