फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs AUS Highlights: ऑस्ट्रेलिया ने भारत को दो विकेट से हराकर सीरीज में बनाई अजेय बढ़त, कोनोली का पचासा

Thu, 23 Oct 2025 05:09 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, एडिलेड

खास बातें

India vs Australia (IND vs AUS) 2nd ODI: ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त ले ली है। भारत के लिए इस मैच में रोहित शर्मा और श्रेयस अय्यर ने अर्धशतक लगाए, लेकिन मैथ्यू शॉर्ट और कूपर कोनोली ने इनकी मेहनत पर पानी फेर दिया।
विज्ञापन
भारतीय टीम - फोटो : BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

05:08 PM, 23-Oct-2025

IND vs AUS 2nd ODI Live Score: ऑस्ट्रेलिया ने बनाई अजेय बढ़त

ऑस्ट्रेलिया ने भारत को दूसरे वनडे मैच में दो विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। ऑस्ट्रेलिया ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। भारत ने रोहित शर्मा और श्रेयस अय्यर के अर्धशतकों से 50 ओवर में नौ विकेट पर 264 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया के लिए मैथ्यू शॉर्ट और कूपर कोनोली ने अर्धशतक लगाए जिससे टीम ने 46.2 ओवर में आठ विकेट पर 265 रन बनाकर मैच जीता।

लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 54 रन के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए थे, लेकिन मैथ्यू शॉर्ट ने पारी को संभाला और अर्धशतक लगाने में सफल रहे। इस दौरान मैट रेनशॉ ने उनका साथ बखूबी निभाया। भारत रेनशॉ और एलेक्स कैरी के विकेट निकाले जिससे ऑस्ट्रेलिया पर दबाव बढ़ा। फिर हर्षित राणा ने शॉर्ट को भी पवेलियन भेज दिया। हालांकि, कोनोली टिके रहे और उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की जीत सुनिश्चित की। भारत को अंत में कुछ विकेट मिले, लेकिन ऑस्ट्रेलिया लक्ष्य के इतने करीब पहुंच गया था कि यहां से भारत का जीतना मुश्किल था। 

ऑस्ट्रेलिया की ओर से शॉर्ट ने सबसे ज्यादा 74 रन बनाए, जबकि कोनोली 61 रन बनाकर नाबाद रहे। ऑस्ट्रेलिया के लिए मिचेल ओवन ने 36, मैट रेनशॉ ने 30, ट्रेविस हेड ने 28, मिचेल मार्श ने 11, कैरी ने 9, मिचेल स्टार्क ने 4 और जेवियर बार्टलेट ने 3 रनों का योगदान दिया। भारत की तरफ से अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा और वाशिंगटन सुंदर को दो-दो विकेट मिले, जबकि मोहम्मद सिराज और अक्षर पटेल ने एक-एक विकेट मिले। 

05:02 PM, 23-Oct-2025

IND vs AUS 2nd ODI Live Score: रोमांचक मोड़ पर पहुंचा मैच

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरा वनडे रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है। सिराज ने स्टार्क को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को आठवां झटका दिया। कंगारूओं को अब जीत के लिए 25 गेंदों पर पांच रन चाहिए, जबकि भारत को सीरीज में बराबरी करने के लिए दो विकेट लेने की जरूरत है। 

04:53 PM, 23-Oct-2025

IND vs AUS 2nd ODI Live Score: ऑस्ट्रेलिया को सातवां झटका

ऑस्ट्रेलिया को जेवियर बार्टलेट के रूप में सातवां झटका लगा है। अर्शदीप सिंह ने बार्टलेट को आउट किया। हालांकि, कोनोली अर्धशतक लगाकर क्रीज पर मौजूद हैं। ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 33 गेंदों पर 10 रन चाहिए।

विज्ञापन
04:42 PM, 23-Oct-2025

IND vs AUS 2nd ODI Live Score: ऑस्ट्रेलिया को छठा झटका

वाशिंगटन सुंदर ने मिचेल ओवन को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को छठा झटका दिया है। ओवन 23 गेंदों पर दो चौकों और तीन छक्कों की मदद से 36 रन बनाकर आउट हुए।

04:39 PM, 23-Oct-2025

IND vs AUS 2nd ODI Live Score: कोनोली का पचासा

कूपर कोनोली ने भारत के खिलाफ 42 गेंदों पर अर्धशतक जड़ दिया है। ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 250 रन के करीब पहुंच गया है।

विज्ञापन
04:19 PM, 23-Oct-2025

IND vs AUS 2nd ODI Live Score: ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 200 के पार

ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 200 रन के पार पहुंच गया है। ऑस्ट्रेलिया के लिए कूपर कोनोली और मिचेल ओवन क्रीज पर मौजूद हैं। भारत के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 38 ओवर की समाप्ति तक पांच विकेट पर 204 रन बनाए हैं। ऑस्ट्रेलिया को अब 72 गेंदों पर 61 रनों की जरूरत है।

04:10 PM, 23-Oct-2025

IND vs AUS 2nd ODI Live Score: ऑस्ट्रेलिया को लगा पांचवां झटका

हर्षित राणा ने मैथ्यू शॉर्ट को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को पांचवां झटका दिया है। शॉर्ट 78 गेंदों पर चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 74 रन बनाकर आउट हुए। शॉर्ट और कोनोली के बीच पांचवें विकेट के लिए 55 रनों की साझेदारी हुई।

04:07 PM, 23-Oct-2025

IND vs AUS 2nd ODI Live Score: शॉर्ट और कोनोली के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

मैथ्यू शॉर्ट और कूपर कोनोली के बीच पांचवें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी हो चुकी है। ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 200 रन के करीब पहुंच गया है।

03:52 PM, 23-Oct-2025

IND vs AUS 2nd ODI Live Score: ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 150 के पार

भारत के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 150 रन के पार पहुंच गया है। ऑस्ट्रेलिया ने 32 ओवर की समाप्ति तक चार विकेट पर 155 रन बनाए हैं। कंगारू टीम की ओर से मैथ्यू शॉर्ट और कोनोली क्रीज पर मौजूद हैं।

03:31 PM, 23-Oct-2025

IND vs AUS 2nd ODI Live Score: एलेक्स कैरी आउट

वाशिंगटन सुंदर ने एलेक्स कैरी को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को चौथा झटका दिया है। कैरी 17 गेंदों पर नौ रन बनाकर आउट हो गए हैं। 

03:27 PM, 23-Oct-2025

IND vs AUS 2nd ODI Live Score: शॉर्ट का अर्धशतक

मैथ्यू शॉर्ट ने 48 गेंदों पर अर्धशतक पूरा कर लिया है। ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए तीन विकेट पर 130 रन बना लिए हैं। शॉर्ट के साथ एलेक्स कैरी भी क्रीज पर मौजूद हैं। 

03:25 PM, 23-Oct-2025

IND vs AUS 2nd ODI Live Score: ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 125 के पार

भारत के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 125 रन के पार पहुंच गया है। क्रीज पर फिलहाल एलेक्स कैरी के साथ मैथ्यू शॉर्ट मौजूद हैं।

03:09 PM, 23-Oct-2025

IND vs AUS 2nd ODI Live Score: ऑस्ट्रेलिया को लगा तीसरा झटका

ऑस्ट्रेलिया को तीसरा झटका लगा है। अक्षर पटेल ने रेनशॉ को पवेलियन भेज दिया है। रेनशॉ और मैथ्यू शॉर्ट के बीच तीसरे विकेट के लिए 55 रनों की साझेदारी हुई। रेनशॉ 30 गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 30 रन बनाकर आउट हुए।

03:01 PM, 23-Oct-2025

IND vs AUS 2nd ODI Live Score: ऑस्ट्रेलिया के 100 रन पूरे

ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए 100 रन पूरे कर लिए हैं। ऑस्ट्रेलिया की ओर से क्रीज पर मैथ्यू शॉर्ट और मैट रेनशॉ मौजूद हैं। 

02:43 PM, 23-Oct-2025

IND vs AUS 2nd ODI Live Score: ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 70 के पार

भारत के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 70 के पार पहुंच गया है। ऑस्ट्रेलिया ने 16 ओवर की समाप्ति के बाद दो विकेट पर 76 रन बनाए हैं। क्रीज पर मैट रेनशॉ और मैथ्यू शॉर्ट मौजूद हैं। 

02:23 PM, 23-Oct-2025

IND vs AUS 2nd ODI Live Score: हेड पवेलियन लौटे

हर्षित राणा ने ट्रेविस हेड को आउट कर भारत को दूसरी सफलता दिलाई है। हेड का कैच विराट कोहली ने पकड़ा। हेड 40 गेंदों पर एक चौके और एक छक्के की मदद से 28 रन बनाकर आउट हुए। 

02:20 PM, 23-Oct-2025

IND vs AUS 2nd ODI Live Score: ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 50 के पार

भारत के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 50 रन के पार पहुंच गया है। ऑस्ट्रेलिया को मिचेल मार्श के रूप में पहला झटका लगा, लेकिन ट्रेविस हेड और शॉर्ट ने पारी संभाली और स्कोर 50 के पार पहुंचाया।

02:00 PM, 23-Oct-2025

IND vs AUS 2nd ODI Live Score: मिचेल मार्श आउट

अर्शदीप सिंह ने मिचेल मार्श को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई है। अर्शदीप ने राहुल के हाथों कैच कराकर मार्श को आउट किया। मार्श 24 गेंदों पर एक चौके की मदद से 11 रन बनाकर आउट हुए। 

01:51 PM, 23-Oct-2025

IND vs AUS 2nd ODI Live Score: ऑस्ट्रेलिया की धीमी शुरुआत

भारत के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने धीमी शुरुआत की है। ऑस्ट्रेलिया ने पांच ओवर की समाप्ति तक बिना किसी नुकसान के 11 रन बनाए हैं। शुरुआती ओवरों में भारतीय गेंदबाज ऑस्ट्रेलिया की सलामी जोड़ी पर दबाव बनाने में सफल रहे हैं। 

01:28 PM, 23-Oct-2025

IND vs AUS 2nd ODI Live Score: ऑस्ट्रेलिया की पारी शुरू

भारत के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की पारी शुरू हो गई है। भारत ने ऑस्ट्रेलिया के सामने दूसरे वनडे मैच में 265 रनों का लक्ष्य रखा है। ऑस्ट्रेलिया के लिए मिचेल मार्श के साथ ट्रेविस हेड पारी की शुरुआत करने उतरे हैं। 

12:55 PM, 23-Oct-2025

Live Score IND vs AUS: भारत की पारी समाप्त

भारत ने ऑस्ट्रेलिया के सामने 265 रनों का लक्ष्य रखा है। ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे वनडे मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारत ने रोहित शर्मा और श्रेयस अय्यर के अर्धशतकों के बाद हर्षित राणा और अर्शदीप सिंह की साझेदारी से 50 ओवर में नौ विकेट पर 264 रन बनाए। भारत के लिए सबसे ज्यादा रन रोहित ने बनाए जो 73 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, श्रेयस अय्यर ने 61 रनों की पारी खेली। रोहित और श्रेयस के बीच तीसरे विकेट के लिए 118 रनों की साझेदारी हुई।

भारत की शुरुआत इस मैच में अच्छी नहीं रही और जेवियर बार्टलेट ने कप्तान शुभमन गिल और विराट कोहली को आउट कर मेहमान टीम को शुरुआती झटके दिए। कोहली लगातार दूसरे मैच में खाता खोले बिना आउट हुए। इसके बाद रोहित ने श्रेयस के साथ मिलकर पारी को संभाला और शतकीय साझेदारी की। रोहित हालांकि, शतक लगाने से चूक गए। इसके बाद श्रेयस भी ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके। इन दोनों बल्लेबाजों के आउट होने के बाद भारतीय पारी लड़खड़ा गई। अक्षर पटेल ने अच्छी बल्लेबाजी की, लेकिन वह भी 44 रन बनाकर आउट हुए। अंत में हर्षित और अर्शदीप ने नौवें विकेट के लिए 37 रन जोड़े जिससे भारत का स्कोर 260 के पार पहुंचने में सफल रहा।

भारत के लिए रोहित, श्रेयस और अक्षर के अलावा अर्शदीप ने 13, वाशिंगटन सुंदर ने 12, केएल राहुल ने 11, गिल ने नौ और नीतीश रेड्डी ने आठ रन बनाए। वहीं, हर्षित राणा 24 रन बनाकर नाबाद रहे। ऑस्ट्रेलिया की ओर से एडम जांपा ने चार विकेट लिए, जबकि जेवियर बार्टलेट को तीन विकेट मिले। मिचेल स्टार्क के हाथ दो सफलता लगी। 

12:40 PM, 23-Oct-2025

Live Score IND vs AUS: भारत के 250 रन पूरे

भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में 250 रन पूरे कर लिए हैं। भारत के लिए हर्षित राणा और अर्शदीप सिंह क्रीज पर मौजूद हैं। 

12:29 PM, 23-Oct-2025

Live Score IND vs AUS: भारत की पारी लड़खड़ाई

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में भारत की पारी लड़खड़ा गई है। स्पिनर एडम जांपा ने शानदार गेंदबाजी जारी रखते हुए भारत को आठवां झटका दिया। नीतीश रेड्डी 10 गेंदों पर एक चौके की मदद से आठ रन बनाकर आउट हुए।

12:25 PM, 23-Oct-2025

Live Score IND vs AUS: अक्षर अर्धशतक से चूके

भारत को अक्षर पटेल के रूप में सातवां झटका लगा है जो अर्धशतक लगाने से चूक गए हैं। एडम जांपा ने अक्षर को आउट किया। अक्षर 41 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 44 रन बनाकर आउट हुए।

12:12 PM, 23-Oct-2025

Live Score IND vs AUS: भारत को छठा झटका

भारत को वाशिंगटन सुंदर के रूप में छठा झटका लगा है। बार्टलेट की गेंद पर वाशिंगटन पवेलियन लौट गए हैं। वाशिंगटन 14 गेंदों पर 12 रन बनाकर आउट हुए। 

12:06 PM, 23-Oct-2025

Live Score IND vs AUS: भारत के 200 रन पूरे

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत ने दूसरे वनडे मैच में 200 रन पूरे कर लिए हैं। भारत के लिए अक्षर पटेल और वाशिंगटन सुंदर क्रीज पर मौजूद हैं। 

11:49 AM, 23-Oct-2025

Live Score IND vs AUS: भारत की आधी टीम पवेलियन लौटी

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में भारतीय पारी एक बार फिर लड़खड़ा गई है। भारत ने 174 के स्कोर पर पांच विकेट गंवा दिए हैं। एडम जांपा ने केएल राहुल को आउट किया जो 15 गेंदों पर एक चौके की मदद से 11 रन बनाकर आउट हुए। 

11:31 AM, 23-Oct-2025

Live Score IND vs AUS: भारत को लगा चौथा झटका

भारत को श्रेयस अय्यर के रूप में चौथा झटका लगा है। श्रेयस अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन जांपा की गेंद पर बोल्ड हो गए। श्रेयस ने 77 गेंदों पर सात चौकों की मदद से 61 रन बनाए।

11:28 AM, 23-Oct-2025

Live Score IND vs AUS: भारत का स्कोर 150 के पार

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत का स्कोर 150 रन के पार पहुंच गया है। भारत ने 32 ओवर की समाप्ति तक तीन विकेट पर 156 रन बनाए हैं। फिलहाल श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल क्रीज पर मौजूद हैं।

11:14 AM, 23-Oct-2025

IND vs AUS 2nd ODI Live Score: रोहित आउट हुए

भारत को रोहित शर्मा के रूप में तीसरा झटका लगा है। रोहित अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे और शतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन इससे पहले ही अपना विकेट गंवा बैठे। रोहित 97 गेंदों पर सात चौकों और दो छक्कों की मदद से 73 रन बनाकर आउट हुए। रोहित और श्रेयस के बीच तीसरे विकेट के लिए 118 रनों की साझेदारी हुई जिसे मिचेल स्टार्क ने तोड़ा। 

11:09 AM, 23-Oct-2025

IND vs AUS 2nd ODI Live Score: श्रेयस का पचासा

रोहित शर्मा के बाद श्रेयस अय्यर ने भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में अर्धशतक लगाया। श्रेयस ने 67 गेंदों पर पचासा पूरा किया। रोहित और श्रेयस के बीच तीसरे विकेट के लिए 100+ रनों की साझेदारी पूरी हो गई है।

11:04 AM, 23-Oct-2025

IND vs AUS 2nd ODI Live Score: रोहित-श्रेयस के बीच शतकीय साझेदारी

रोहित शर्मा और श्रेयस अय्यर के बीच तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी पूरी हो गई है। ऑस्ट्रेलिया ने पावरप्ले में ही भारत को दो झटके दिए थे, लेकिन रोहित और श्रेयस ने साझेदारी कर भारतीय पारी को संभाला। 

10:52 AM, 23-Oct-2025

IND vs AUS 2nd ODI Live Score: भारत के 100 रन पूरे

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में भारत ने 100 रन पूरे कर लिए हैं। शुरुआती झटके लगने के बाद रोहित और श्रेयस ने तीसरे विकेट के लिए 50+ रनों की साझेदारी कर भारत को संभाले रखा है।

10:48 AM, 23-Oct-2025

IND vs AUS 2nd ODI Live Score: रोहित का अर्धशतक

रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में अर्धशतक जड़ दिया है। रोहित ने 74 गेंदों पर अपने वनडे करियर का 59वां पचासा पूरा किया। रोहित पहले मैच में कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर सके थे, लेकिन एडिलेड में उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में बल्लेबाजी की और अर्धशतक लगाने में सफल रहे। 2015 के बाद से रोहित का वनडे में यह सबसे धीमा अर्धशतक है।

10:33 AM, 23-Oct-2025

IND vs AUS Live: रोहित-श्रेयस के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

रोहित शर्मा और श्रेयस अय्यर के बीच तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी हो गई है। ऑस्ट्रेलिया ने भारत को दो झटके दिए, लेकिन रोहित ने श्रेयस के साथ मिलकर पारी को संभाला। 

10:19 AM, 23-Oct-2025

IND vs AUS Live: भारत के 50 रन पूरे

भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में 50 रन पूरे कर लिए हैं। भारतीय टीम ने 15 ओवर की समाप्ति के बाद दो विकेट पर 50 रन बनाए हैं। जेवियर बार्टलेट ने गिल और कोहली को आउट कर भारतीय टीम को दोहरा झटका दिया था, लेकिन रोहित और श्रेयस ने पारी को संभाले रखा है। 

09:50 AM, 23-Oct-2025

IND vs AUS Live: पहला पावरप्ले समाप्त

भारत ने पहले पावरप्ले में ही दो विकेट गंवाए। भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे में 10 ओवर की समाप्ति के बाद दो विकेट पर 29 रन बनाए हैं। भारत की शुरुआत इस मैच में धीमी रही है और टीम ने गिल और कोहली के रूप में दो विकेट गंवा दिए हैं। फिलहाल रोहित शर्मा और श्रेयस अय्यर क्रीज पर हैं। 

09:35 AM, 23-Oct-2025

IND vs AUS Live: फिर खाता खोले बिना आउट हुए कोहली

भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगातार दूसरे मैच में खाता खोले बिना आउट हो गए हैं। जेवियक बार्टलेट ने अपने दूसरे ही ओवर में भारत को दो झटके दिए हैं। बार्टलेट ने पहले गिल को आउट किया और फिर कोहली को एलबीडब्ल्यू आउट किया। कोहली इस सीरीज में अब तक खाता नहीं खोल सके हैं। 

09:31 AM, 23-Oct-2025

IND vs AUS Live: भारत को लगा पहला झटका

भारत को कप्तान शुभमन गिल के रूप में पहला झटका लगा है। गिल बार्टलेट की गेंद पर मिचेल मार्श को कैच थमा बैठे और नौ गेंदों पर एक चौके की मदद से नौ रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर रोहित और कोहली की जोड़ी मौजूद है। 

09:23 AM, 23-Oct-2025

IND vs AUS Live: भारत की धीमी शुरुआत

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में भारत ने धीमी शुरुआत की है। भारत के लिए रोहित और गिल बल्लेबाजी करने उतरे हैं, लेकिन टीम पांच ओवर की समाप्ति तक बिना किसी नुकसान के 14 रन ही बना सकी है। रोहित इस दौरान एक बार रन आउट होने से भी बचे।

09:02 AM, 23-Oct-2025

IND vs AUS Live: भारत की बल्लेबाजी शुरू

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में भारत की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। ऑस्ट्रेलिया ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। भारत के लिए रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने पारी की शुरुआत की है। 

08:37 AM, 23-Oct-2025

IND vs AUS Live: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

भारत: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज। 
ऑस्ट्रेलिया: मिचेल मार्श (कप्तान), ट्रेविस हेड, मैथ्यू शॉर्ट, मैट रेनशॉ, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, मिचेल ओवन, जेवियर बार्टलेट, मिचेल स्टार्क, एडम जांपा, जोश हेजलवुड। 
 

08:32 AM, 23-Oct-2025

IND vs AUS Live: ऑस्ट्रेलिया ने जीता टॉस

ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श ने भारत के खिलाफ दूसरे वनडे में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है। भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि वह भी पहले गेंदबाजी करना पसंद करते, लेकिन वह बल्लेबाजी करके भी खुश हैं। भारत ने इस मुकाबले के लिए प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। ऑस्ट्रेलियाई टीम में बदलाव हुए हैं। फिलिप की जगह एलेक्स कैरी और एलिस की जगह जेवियर बार्टलेट आए हैं। 

08:12 AM, 23-Oct-2025

IND vs AUS Live: ऑस्ट्रेलिया टीम में जांपा की वापसी

ऑस्ट्रेलिया ने पिछले मैच के हीरो बाएं हाथ के स्पिनर मैट कुहनेमैन को रिलीज कर दिया है और अनुभवी लेग-ब्रेक गेंदबाज एडम जांपा अपने बच्चे के जन्म के बाद वापस आ गए हैं। इसके अलावा विकेटकीपर बल्लेबाज एलेक्स कैरी की भी वापसी हुई है। इस बात की संभावना अधिक है कि जांपा को दूसरे वनडे के लिए प्लेइंग-11 में शामिल होने का मौका मिलेगा।

08:07 AM, 23-Oct-2025

IND vs AUS Live: रोहित-कोहली ने जमकर किया अभ्यास

पिछले मैच में विफल रहे रोहित और कोहली ने दूसरे वनडे से पहले नेट्स पर जमकर अभ्यास किया। रोहित एडिलेड ओवल के अभ्यास मैदान में कम से कम 45 मिनट पहले पहुंच गए, जबकि कुछ अन्य सदस्य वैकल्पिक नेट सत्र के लिए उनके साथ शामिल हुए। रोहित ने जहां जमकर अभ्यास किया वहीं कोहली ने मंगलवार को नेट पर काफी समय बिताने के बाद विश्राम किया।

08:06 AM, 23-Oct-2025

IND vs AUS Live: प्लेइंग-11 में बदलाव की कितनी संभावना?

इस बात की पूरी संभावना है कि भारत दूसरे मैच में भी उसी 11 खिलाड़ियों के साथ खेलेगा जो पहले मैच में खेले थे। वाशिंगटन सुंदर की जगह कुलदीप यादव गेंदबाजी में अच्छे विकल्प होते लेकिन एडिलेड ओवल की बाउंड्री छोटी हैं और यहां कलाई का यह स्पिनर रन लुटा सकता है। अगर टीम एक अतिरिक्त स्पिनर को लेने का सोचेगी तो किसी तेज गेंदबाज की जगह कुलदीप को मौका मिल सकता है। हालांकि, इसकी संभावना बेहद कम है। 

08:00 AM, 23-Oct-2025

IND vs AUS Highlights: ऑस्ट्रेलिया ने भारत को दो विकेट से हराकर सीरीज में बनाई अजेय बढ़त, कोनोली का पचासा

Live Cricket Score, India vs Australia (IND vs AUS) 2nd ODI: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच जारी वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला एडिलेड में खेला जाएगा। इस मैच में भारत की नजरें जीत के साथ सीरीज में वापसी पर होंगी। फिलहाल, ऑस्ट्रेलिया 1-0 से आगे चल रहा है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें