भारत ने इंदौर में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा है। उसने मोहाली के बाद अब यहां दूसरे वनडे में ऑस्ट्रेलिया को हराकर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। इंदौर में भारत की यह लगातार सातवीं जीत है। वह पहली बार यहां 2006 में कोई वनडे खेला था। यहां सात वनडे में उसे कभी भी हार नहीं मिली। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इंदौर के होल्कर स्टेडियम में भारत को दूसरी जीत मिली है। 2017 में टीम इंडिया ने कंगारूओं को पांच विकेट से हराया था।
सीरीज में जीत के साथ ही भारत ने ऑस्ट्रेलिया से इस साल वनडे सीरीज में मिली हार का बदला भी ले लिया। कंगारू टीम ने मार्च में तीन वनडे मैचों की सीरीज में भारत को 2-1 से हराया था। दोनों टीमों के बीच मौजूदा सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला राजकोट में बुधवार (27 सितंबर) को खेला जाएगा। इस मैच के लिए टीम इंडिया के नियमित कप्तान रोहित शर्मा, दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली, ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या सहित विश्व कप के लिए चुने गए सभी खिलाड़ी मौजूद रहेंगे। विश्व कप टीम के अलावा रविचंद्रन अश्विन और वॉशिंगटन सुंदर भी मौजूद रहेंगे। दोनों का विश्व कप से पहले एक और ट्रायल होगा। चोटिल अक्षर पटेल अगर ठीक नहीं होते हैं तो अश्विन या सुंदर को विश्व कप के लिए चुना जा सकता है।
मैच की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया । भारत ने 50 ओवर में पांच विकेट पर 399 रन बनाए। बारिश के कारण ऑस्ट्रेलिया को डकवर्थ लुईस नियम से 33 ओवर में 317 रन का लक्ष्य मिला। कंगारू टीम 28.2 ओवर में 213 रन पर ऑलआउट हो गई।
ऑस्ट्रेलिया के लिए सीन एबॉट ने 54 और डेविड वॉर्नर ने 53 रन बनााए। मार्नश लाबुशेन ने 27 और जोश हेजलवुड ने 23 रन बनाए। कैमरन ग्रीन ने 19 रन और एलेक्स कैरी ने 14 रन बनाए। मैथ्यू शॉर्ट नौ, जोश इंग्लिश छह और एडम जम्पा पांच रन बनाकर आउट हुए। कप्तान स्टीव स्मिथ खाता नहीं खोल सके। भारत के लिए रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा ने कातिलाना गेंदबाजी की। दोनों ने तीन-तीन विकेट लिए। प्रसिद्ध कृष्णा को दो और मोहम्मद शमी को एक सफलता मिली।
मोहम्मद शमी ने भारत को नौवीं सफलता दिलाई। उन्होंने जोश हेजलवुड को 28वें ओवर की आखिरी गेंद पर क्लीन बोल्ड कर दिया। हेजलवुड ने 16 गेंद पर 23 रन बनाए। उन्होंने सीन एबॉट के साथ मिलकर नौवें विकेट के लिए 77 रन की साझेदारी की।
सीन एबॉट ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के स्कोर 200 रन के पार भी पहुंचा दिया है। कंगारू टीम ने 27 ओवर में आठ विकेट पर 205 रन बना लिए हैं। उसे जीत के लिए 36 गेंद पर 112 रन और बनाने हैं। एबॉट 32 गेंद पर 51 और जोश हेजलवुड 12 गेंद पर 14 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों ने नौवें विकेट के लिए 38 गेंद पर 65 रन की साझेदारी कर ली है।
भारत को सातवीं सफलता कैमरन ग्रीन के रूप में मिली। ग्रीन 20वें ओर की पांचवीं गेंद पर रनआउट हो गए। ईशान किशन ने उन्हें रनआउट कर दिया। ग्रीन ने 13 गेंद पर 19 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया ने 20 ओवर में सात विकेट पर 136 रन बनाए हैं। एडम जम्पा और सीन एबॉट एक-एक रन बनाकर नाबाद हैं।
ऑस्ट्रेलिया को छठा झटका रवींद्र जडेजा ने दिया। उन्होंने 19वें ओवर की दूसरी गेंद पर एलेक्स कैरी को क्लीन बोल्ड कर दिया। कैरी 12 गेंद पर 14 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने दो चौके लगाए।
अश्विन ने दो ओवर के अंदर तीसरी सफलता हासिल कर ली। उन्होंने लाबुशेन और वॉर्नर के बाद जोश इंग्लिश को भी आउट कर दिया। इंग्लिश नौ गेंद पर छह रन बनाकर एलबीडब्ल्यू हो गए। ऑस्ट्रेलिया की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। उसने 16 ओवर में पांच विकेट पर 116 रन बना लिए हैं।
डेविड वॉर्नर ने सबको चौंकाते हुए मैच में दाएं हाथ से भी बल्लेबाजी की। उन्होंने अश्विन के सामने ऐसा किया। हालांकि, उनका यह प्रयोग सफल नहीं हुआ। अश्विन ने उन्हें जल्द ही पवेलियन भेज दिया। 15वें ओवर की पहली गेंद पर जब वॉर्नर दाएं हाथ से बल्लेबाजी कर रहे थे तब अश्विन ने उन्हें एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया। वॉर्नर ने 39 गेंद पर 53 रन बनाए। इस दौरान सात चौके और एक छक्का लगाया।
भारत को बड़ी सफलता रविचंद्रन अश्विन ने दिलाई। उन्होंने 13वें ओवर की पांचवीं गेंद पर मार्नश लाबुशेन को क्लीन बोल्ड कर दिया। वह 31 गेंद पर 27 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। ऑस्ट्रेलिया का स्कोर तीन विकेट पर 90 रन है। डेविड वॉर्नर 48 और जोश इंग्लिश एक रन बनाकर नाबाद हैं।
डेविड और मार्नश लाबुशेन ने तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी कर ली है। दोनों ने 63 गेंद पर 73 रन जोड़ लिए हैं। ऑस्ट्रेलिया ने 12 ओवर में दो विकेट पर 82 रन बना लिए हैं। डेविड वॉर्नर ने 34 गेंद पर 42 और लाबुशेन ने 29 गेंद पर 26 रन बना लिए हैं।
डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर ऑस्ट्रेलिया को नया लक्ष्य मिला है। अब उसके लक्ष्य को 50 ओवर में 400 से बदलकर 33 ओवर में 317 रन कर दिया गया। उसने खेल रोके जाने के समय नौ ओवर में दो विकेट पर 56 रन बना लिए थे। ऐसे में अब कंगारू टीम को बाकी बचे 24 ओवर में 261 रन बनाने होंगे।
क्रिकेट प्रशंसकों के लिए खुशखबरी है। इंदौर में बारिश रुक गई है। मैदान से कवर्स हटा दिए गए हैं। मैदान को अब सुखाने का काम जारी है। जल्द ही अंपायर नए लक्ष्य का एलान करेंगे और फिर खेल शुरू होगा।
डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर ऑस्ट्रेलिया के सामने 40 ओवर में 354 रन का लक्ष्य रखा जाएगा। वहीं, अगर मैच 35 ओवर का होता है तो लक्ष्य 328 रन होगा। 20 ओवर में यह 230 रन हो जाएगा।
बारिश अभी तक नहीं रुकी है। झमाझम बारिश के कारण मैच में देरी हो सकती है। मैदान को पूरी तरह से ढक दिया गया है। ओवर कटने शुरू हो गए हैं। अब ऑस्ट्रेलिया टीम अगर खेलने के लिए उतरी तो उसे नया लक्ष्य मिलेगा।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरे वनडे में बारिश ने एक बार फिर से खलल डाला है। यह दूसरा मौका है जब मैच को बारिश के कारण रोका गया है। मैदान को कवर्स से पूरी तरह ढक दिया गया है। ऑस्ट्रेलिया ने खेल रोके जाने के समय नौ ओवर में दो विकेट पर 56 रन बना लिए हैं।
छह ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया ने दो विकेट गंवाकर 40 रन बना लिए हैं। फिलहाल मार्नस लाबुशेन 12 रन और डेविड वॉर्नर 18 रन बनाकर क्रीज पर हैं। इससे पहले प्रसिद्ध कृष्णा ने मैथ्यू शॉर्ट (9) और स्टीव स्मिथ (0) को लगातार दो गेंदों पर आउट किया था।
दूसरे ओवर में नौ के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया को दो झटके लगे। प्रसिद्ध कृष्णा ने ओवर की दूसरी गेंद पर मैथ्यू शॉर्ट को थर्ड मैन पर अश्विन के हाथों कैच कराया। वह आठ गेंदों में नौ रन बना सके। इसके बाद अगली ही गेंद पर उन्होंने कप्तान स्टीव स्मिथ को स्लिप में शुभमन गिल के हाथों कैच कराया। स्मिथ खाता भी नहीं खोल सके। दो ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर दो विकेट पर 10 रन है। फिलहाल डेविड वॉर्नर और स्टीव स्मिथ क्रीज पर हैं।
ऑस्ट्रेलियाई पारी शुरू हो गई है। मैथ्यू शॉर्ट और डेविड वॉर्नर ओपनिंग के लिए आए हैं। पहले ओवर में कंगारुओं ने नौ रन बनाए।
इंदौर में खेले जा रहे दूसरे वनडे में भारत ने ऑस्ट्रेलिया के सामने 400 रन का विशाल लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 50 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 399 रन बनाए। यह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में भारत का उच्चतम स्कोर है। इससे पहले भारत का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उच्चतम स्कोर 383 रन का था, जो उन्होंने नवंबर 2013 में बेंगलुरु में बनाए थे।
वहीं, ओवरऑल वनडे में भारत का यह सातवां उच्चतम स्कोर है। भारत का वनडे में उच्चतम स्कोर 418/5 रन का है, जो उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ दिसंबर 2011 में इंदौर में बनाए थे। इंदौर के मैदान पर यह भारत का दूसरा उच्चतम स्कोर है।
भारत का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में उच्चतम स्कोर
| स्कोर | जगह | साल |
| 399/5 | इंदौर | 2023 |
| 383/6 | बेंगलुरु | 2013 |
| 362/1 | जयपुर | 2013 |
| 358/9 | मोहाली | 2019 |
| 354/7 | नागपुर | 2009 |
| स्कोर | खिलाफ | जगह | साल |
| 418/5 | वेस्टइंडीज | इंदौर | 2011 |
| 414/7 | श्रीलंका | राजकोट | 2009 |
| 413/5 | बरमूडा | पोर्ट ऑफ स्पेन | 2007 |
| 409/8 | बांग्लादेश | चटोग्राम | 2022 |
| 404/5 | श्रीलंका | ईडन गार्डेंस | 2014 |
| 401/3 | दक्षिण अफ्रीका | ग्वालियर | 2010 |
| 399/5 | ऑस्ट्रेलिया | इंदौर | 2023 |
भारत ने 47 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 372 रन बना लिए हैं। सूर्यकुमार यादव ने 24 गेंदों में वनडे करियर का चौथा अर्धशतक पूरा किया। यह उनका लगातार दूसरा अर्धशतक है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछले मैच में भी 50 रन बनाए थे। फिलहाल सूर्या 27 गेंदों में 58 रन और जडेजा एक रन बनाकर क्रीज पर हैं।
भारत को 46वें ओवर की आखिरी गेंद पर पांचवां झटका लगा। 355 के कुल स्कोर पर कप्तान केएल राहुल आउट हुए। उन्हें कैमरन ग्रीन ने क्लीन बोल्ड किया। राहुल ने 38 गेंदों में तीन चौके और तीन छक्के की मदद से 52 रन की पारी खेली। फिलहाल सूर्यकुमार यादव 22 गेंदों में 43 रन बनाकर क्रीज पर हैं। रवींद्र जडेजा मैदान पर आए हैं।
कप्तान केएल राहुल ने 35 गेंदों में वनडे करियर का 15वां अर्धशतक लगाया। उन्होंने अब तक शानदार बल्लेबाजी की है। वहीं, इंदौर में सूर्यकुमार यादव का तूफान देखने को मिल रहा है। उन्होंने 44वें ओवर में कैमरन ग्रीन की गेंदबाजी पर लगातार चार छक्के जड़े। उन्होंने शुरुआती चार गेंदों पर चार छक्के लगाए। इसके बाद पांचवीं गेंद पर एक रन लिया। आखिरी गेंद पर भी एक रन आया। भारत ने 44वें ओवर में 26 रन बटोरे। 45 ओवर के बाद भारत ने चार विकेट गंवाकर 345 रन बना लिए हैं। फिलहाल राहुल 36 गेंदों में 51 रन और सूर्या 18 गेंदों में 34 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
302 के स्कोर पर भारत को चौथा झटका लगा। ईशान किशन को एडम जैम्पा ने एलेक्स कैरी के हाथों कैच कराया। वह 18 गेंदों में दो चौके और दो छक्के की मदद से 31 रन बना सके। फिलहाल कप्तान केएल राहुल 28 गेंदों में 45 रन और सूर्यकुमार यादव दो रन बनाकर क्रीज पर हैं। राहुल और किशन के बीच चौथे विकेट के लिए 33 गेंदों में 59 रन की साझेदारी हुई। 41 ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 306 रन है।
39 ओवर के बाद भारत ने तीन विकेट गंवाकर 289 रन बना लिए हैं। फिलहाल ईशान किशन 14 गेंदों में 23 रन और केएल राहुल 22 गेंदों में 38 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 45+ रन की साझेदारी हो चुकी है।
श्रेयस अय्यर के बाद शुभमन गिल भी शतक लगाने के बाद बड़े शॉट के चक्कर में अपना विकेट गंवा बैठे। उन्होंने 97 गेंदों में 104 रन की पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने छह चौके और चार छक्के लगाए। 35 ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 249 रन है। श्रेयस ने 90 गेंदों में 105 रन की पारी खेली थी। शुभमन और श्रेयस के बीच दूसरे विकेट के लिए 200 रन की साझेदारी हुई थी। फिलहाल कप्तान केएल राहुल और ईशान किशन क्रीज पर हैं।
श्रेयस अय्यर के बाद इंदौर के होल्कर स्टेडियम में शुभमन गिल का जलवा देखने को मिला है। उन्होंने 92 गेंदों में वनडे करियर का छठा और ओवरऑल नौवां शतक जड़ा। वनडे में छह शतक के अलावा वह टेस्ट में दो और टी20 में एक शतक लगा चुके हैं। 33 ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 230 रन है। शुभमन 92 गेंदों में 100 रन और केएल राहुल नौ रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। इससे पहले श्रेयस अय्यर 90 गेंदों में 105 रन बनाकर आउट हुए थे।
इंदौर में यह शुभमन का दूसरा शतक है। इससे पहले उन्होंने इसी साल जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के तीसरे वनडे में 78 गेंदों में 112 रन की पारी खेली थी। तब उन्होंने 13 चौके और पांच छक्के लगाए थे। अब शुभमन ने एक बार फिर बड़ी पारी खेली है।
31वें ओवर में भारी ड्रामा देखने को मिला। दरअसल, इस ओवर में शॉन एबॉट गेंदबाजी कर रहे थे। ओवर की तीसरी गेंद पर एबॉट ने श्रेयस का कैच अपनी ही गेंद पर लपका। इसके बाद श्रेयस वापस पवेलियन लौटने लगे। हालांकि, ऑनफील्ड अंपायर कैच को लेकर पूरी तरह से संतुष्ट नहीं दिखे और उन्होंने तीसरे अंपायर को रेफर कर दिया। तीसरे अंपायर ने रिव्यू में देखा कि एबॉट कैच लेते वक्त पूरी तरह कंट्रोल में नहीं थे और गेंद जमीन से भी लगी थी। ऐसे में श्रेयस को जीवनदान मिला और तीसरे अंपायर ने नॉटआउट दिया। श्रेयस वापस लौटे और अगली ही गेंद पर चौका जड़ा। हालांकि, वह जीवनदान का फायदा नहीं उठा सके और उसकी अगली गेंद पर फिर बड़े शॉट के चक्कर में अपना विकेट गंवा बैठे। इस बार एबॉट की गेंद पर श्रेयस का कैच मैथ्यू शॉर्ट ने लपका। श्रेयस ने 90 गेंदों में 11 चौके और तीन छक्के की मदद से 105 रन की पारी खेली। श्रेयस ने शुभमन के साथ दूसरे विकेट के लिए 200 रन की साझेदारी निभाई। 31 ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 216 रन है। फिलहाल शुभमन गिल 95 रन बनाकर क्रीज पर हैं और छठे शतक के करीब हैं। उनका साथ निभाने कप्तान केएल राहुल आए हैं।
भारत के स्टार बैटर श्रेयस अय्यर भी फॉर्म में लौट आए हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे में 86 गेंदों में शतक जड़ा। यह उनके वनडे करियर का तीसरा और ओवरऑल चौथा शतक रहा। वनडे के अलावा टेस्ट में श्रेयस ने एक शतक लगाया है। मार्च में श्रेयस पीठ में चोट के कारण क्रिकेट से दूर हो गए थे। इसके बाद हाल ही में एशिया कप में उन्होंने वापसी की थी, लेकिन दो मैच खेलकर वह फिर चोटिल हो गए थे। हालांकि, पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप के पहले मैच में और इस सीरीज में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे में वह कुछ खास नहीं कर सके थे। अब शतक लगाकर श्रेयस ने विश्व कप से विपक्षी टीमों को चेतावनी दे दी है। वहीं, उनके शतक से टीम मैनेजमेंट भी राहत की सांस ले रहा होगा। श्रेयस विश्व कप की टीम में भी शामिल हैं।
भारत ने 26 ओवर के बाद एक विकेट पर 190 रन बना लिए हैं। फिलहाल श्रेयस अय्यर 76 गेंदों में 88 रन और शुभमन गिल 69 गेंदों में 86 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। श्रेयस तीसरे और शुभमन छठे वनडे शतक के करीब हैं। दोनों के बीच 135 गेंदों में 174 रन की साझेदारी हो चुकी है। भारत को एकमात्र झटका ऋतुराज गायकवाड़ के रूप में लगा। वह आठ रन बना सके थे।
भारत का स्कोर एक विकेट के नुकसान पर 150 रन के पार जा चुका है। श्रेयस और शुभमन के बीच शानदार शतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज तेज गति से रन बना रहे हैं और टीम इंडिया विशाल स्कोर की तरफ अग्रसर है। 20 ओवर के बाद भारत का स्कोर 158/1 है।
श्रेयस अय्यर ने 41 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने शुभमन गिल के साथ दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी भी की है। गिल और श्रेयस की शानदार पारी के चलते टीम इंडिया का स्कोर 150 रन के करीब पहुंच गया है।
शुभमन गिल ने 37 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उनकी शानदार पारी के चलते भारत का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। श्रेयस भी अर्धशतक के करीब हैं और दोनों के बीच बेहतरीन साझेदारी हो चुकी है। ये दोनों भारत को बड़े स्कोर तक ले जाना चाहेंगे। 15 ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 117 रन है।
भारतीय टीम ने पावरप्ले में एक विकेट खोकर 80 रन बनाए हैं। बारिश के बाद खेल शुरू हो चुका है। शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच बेहतरीन साझेदारी हो चुकी है और यह जोड़ी भारत को बड़े स्कोर तक ले जाना चाहेगी।
इंदौर में बारिश रुक गई है और मैदान से कवर्स हटा दिए गए हैं। अंपायर मैदान का निरीक्षण कर रहे हैं और जल्द ही खेल शुरू होने की उम्मीद है। मैदान को सुखाने का काम जारी है। शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर क्रीज पर हैं। भारत का स्कोर 9.5 ओवर के बाद 79/1 है।
बारिश के कारण खेल को रोकना पड़ा है। भारत का स्कोर 9.5 ओवर में 79/1 है। शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर क्रीज पर हैं। दोनों अच्छी लय में हैं और तेज गति से रन बना रहे हैं। शुभमन गिल ने खेल खत्म होने से पहले ही छक्का लगाया। इंदौर की सपाट पिच और छोटे मैदान पर भारतीय बल्लेबाज अच्छी लय में हैं और टीम इंडिया इस मैदान में बड़े स्कोर की तरफ अग्रसर है। ऑस्ट्रेलिया के लिए जोश हेजलवुड ने एकमात्र विकेट लिया है।
श्रेयस अय्यर और शुभमन गिल के बीच अर्धशतकीय साझोदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज अच्छी लय में हैं और तेजी से रन बना रहे हैं।
एक विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 50 रन के पार जा चुका है। शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर के बीच अच्छी साझेदारी हो चुकी है। दोनों अच्छी गति से रन बना रहे हैं और टीम इंडिया को बेहतर स्थिति में ले जा रहे हैं। आठ ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 54 रन है।
16 रन के स्कोर पर भारत का पहला विकेट गिरा है। ऋतुराज गायकवाड़ 12 गेंद में आठ रन बनाकर आउट हो चुके हैं। जोश हेजलवुड ने उन्हें विकेटकीपर एलेक्स कैरी के हाथों कैच कराया। अब गिल के साथ श्रेयस अय्यर क्रीज पर हैं। चार ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 17 रन है।
भारत की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। ऋतुराज गायकवाड़ और शुभमन गिल क्रीज पर हैं। ऋतुराज ने पारी की पहली गेंद पर चौका लगाकर टीम इंडिया को शानदार शुरुआत दिलाई। दो ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के 14 रन है।
भारत: शुभमन गिल, ऋतुराज गायकवाड़, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव, रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद शमी, प्रसिद्ध कृष्णा।
ऑस्ट्रेलिया: डेविड वार्नर, मैथ्यू शॉर्ट, स्टीव स्मिथ (कप्तान), मार्नस लाबुशेन, जोश इंग्लिस, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), कैमरून ग्रीन, शॉन एबॉट, एडम जैम्पा, जोश हेजलवुड, स्पेंसर जॉनसन।
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। ऑस्ट्रेलिया के नियमित कप्तान पैट कमिंस ने पिछले मैच में कलाई की चोट के बाद वापसी की थी। इस मैच में वह आराम कर रहे हैं। भारत के बुमराह इस मैच में नहीं खेल रहे हैं और उनकी जगह प्रसिद्ध कृष्णा को मौका मिला है।
भारत ने 2006 में पहली बार इंदौर में वनडे खेला था। तब उसने इंग्लैंड को सात विकेट से हराया था। उसके बाद से अब तक टीम इंडिया यहां छह वनडे खेली है। इस दौरान सभी मैच जीतने में सफल हुई है। जहां तक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबले की बात है तो दोनों टीमें यहां एक बार आमने-सामने हो चुकी है। 2017 में टीम इंडिया ने उसे पांच विकेट से हराया था।
भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह दूसरे वनडे मैच में नहीं खेलेंगे। उन्हें आराम दिया गया है और वह अपने परिवार के साथ हैं। कुछ दिन पहले ही वह पिता बने हैं। उन्होंने बेटे का नाम अंगद रखा है। बीसीसीआई ने बुमराह के बारे में जानकारी देते हुए लिखा "जसप्रीत बुमराह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे के लिए टीम के साथ इंदौर नहीं गए हैं। वह अपने परिवार से मिलने गए हैं और टीम प्रबंधन ने उन्हें एक छोटा ब्रेक दिया है। दूसरे वनडे के लिए बुमराह के रिप्लेसमेंट के तौर पर तेज गेंदबाज मुकेश कुमार टीम में शामिल हुए हैं। राजकोट में होने वाले आखिरी वनडे के लिए बुमराह टीम से जुड़ेंगे।"
Live Cricket Score Today, India vs Australia ODI 2023: नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे सीरीज का दूसरा मैच इंदौर में है। टीम इंडिया यह मैच जीतकर सीरीज अपने नाम करना चाहेगी। वहीं, ऑस्ट्रेलिया की कोशिश सीरीज में वापसी करने पर होगी। दोनों टीमों के बीच दूसरी सीरीज इसी साल मार्च में हुई थी, जो ऑस्ट्रेलिया के नाम रही थी। टीम इंडिया पिछली हार का बदला लेना चाहेगी।