भारत ने ऑस्ट्रेलिया को तीसरे टी20 मैच में पांच विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे टी20 मैच में भारत को चार विकेट से हराया था जबकि पहला मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया था। रविवार को होबार्ट में खेले गए मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने टिम डेविड और मार्कस स्टोइनिस की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 20 ओवर में छह विकेट पर 186 रन बनाए थे। जवाब में भारतीय टीम ने सिर्फ 18.3 ओवर में पांच विकेट पर 188 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। उनके लिए वाशिंगटन सुंदर ने सर्वाधिक 49 रनों की नाबाद पारी खेली।
भारत को 145 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा। तिलक वर्मा 29 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल वॉशिंगटन सुंदर और जितेश शर्मा क्रीज पर हैं। जीत के लिए 30 गेंद में 35 रन की जरूरत है। 15 ओवर के बाद स्कोर पांच विकेट पर 152 रन है।
भारत को 111 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। अक्षर पटेल 17 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल तिलक वर्मा और वॉशिंगटन सुंदर क्रीज पर हैं। नाथन एलिस को तीसरी सफलता मिली।
भारत को 76 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। मार्कस स्टोइनिस ने कप्तान सूर्यकुमार यादव को एलिस के हाथों कैच कराया। वह 11 गेंद में 24 रन बना सके। फिलहाल अक्षर पटेल और तिलक वर्मा क्रीज पर हैं। आठ ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 82 रन है। भारतीय टीम को जीत के लिए अभी भी 72 गेंद में 105 रन की जरूरत है।
भारत को छठे ओवर में 61 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। नाथन एलिस ने शुभमन गिल को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह 15 रन बना सके। इससे पहले एलिस ने अभिषेक शर्मा को आउट किया था। फिलहाल कप्तान सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा क्रीज पर हैं। भारत को अब जीत के लिए 84 गेंद में 123 रन की जरूरत है। छह ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 64 रन है।
पारी के चौथे ओवर में 33 के स्कोर पर भारत को पहला झटका लगा। नाथन एलिस ने अभिषेक शर्मा को जोश इंग्लिस के हाथों कैच कराया। वह 16 गेंद में दो चौके और दो छक्कों की मदद से 25 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल शुभमन गिल और कप्तान सूर्यकुमार यादव क्रीज पर हैं। चार ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 41 रन है।
दो ओवर के बाद भारत ने बिना विकेट गंवाए 26 रन बना लिए हैं। शॉन एबॉट के इस ओवर में भारत ने 17 रन बटोरे। अभिषेक ने दो चौके और एक छक्का लगाया। अभिषेक फिलहाल 21 रन और गिल चार रन बनाकर क्रीज पर हैं।
भारत की पारी शुरू हो चुकी है। अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों टीम को अच्छी शुरुआत दिलाना चाहेंगे। ऑस्ट्रेलिया ने भारत के सामने 187 रनों का लक्ष्य रखा है।
ऑस्ट्रेलिया ने 20 ओवर के बाद छह विकेट गंवाकर 186 रन बनाए। टिम डेविड ने 74 रन और मार्कस स्टोइनिस ने 64 रन की पारी खेली। वहीं, भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने तीन विकेट लिए। भारत के सामने 187 रन का कठिन लक्ष्य है, लेकिन टीम इंडिया की बल्लेबाजी काफी मजबूत है। ऐसे में भारतीय टीम से काफी उम्मीदें हैं।
ऑस्ट्रेलिया की पारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को शुरुआती तीन ओवरों में ही दो झटके लग चुके थे। अर्शदीप सिंह ने अपने शुरुआती दो ओवरों में ट्रेविस हेड और जोश इंग्लिस को पवेलियन भेजा। हेड ने छह रन और इंग्लिस ने एक रन बनाए। इसके बाद कप्तान मिचेल मार्श और टिम डेविड के बीच तीसरे विकेट के लिए 35 गेंद में 59 रन की साझेदारी हुई।
इस साझेदारी को वरुण चक्रवर्ती ने तोड़ा। उन्होंने पारी के नौवें ओवर में लगातार दो गेंदों पर दो विकेट झटके। ओवर की दूसरी गेंद पर वरुण ने मार्श को तिलक वर्मा के हाथों कैच कराया। मार्श 11 रन बना सके। इसके बाद अगली ही गेंद पर मिचेल ओवेन को क्लीन बोल्ड किया। ओवेन खाता भी नहीं खोल पाए। डेविड ने इस बीच अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने स्टोइनिस के साथ पांचवें विकेट के लिए 27 गेंद में 45 रन की साझेदारी निभाई। डेविड 38 गेंद में आठ चौके और पांच छक्कों की मदद से 74 रन बनाकर शिवम दुबे का शिकार बने।
इसके बाद स्टोइनिस ने मैथ्यू शॉर्ट के साथ छठे विकेट के लिए 39 गेंद में 64 रन की साझेदारी निभाई। स्टोइनिस को अर्शदीप ने आउट किया। वह 39 गेंद में आठ चौके और दो छक्कों की मदद से 64 रन बनाकर आउट हुए। शॉर्ट 15 गेंद में 26 रन और जेवियर बार्टलेट तीन रन बनाकर नाबाद रहे। भारत की ओर से अर्शदीप ने तीन विकेट लिए, जबकि वरुण चक्रवर्ती को दो विकेट मिले। दुबे ने एक विकेट लिया।
स्टोइनिस ने 32 गेंद में टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का छठा अर्धशतक जड़ा। ऑस्ट्रेलिया ने 18 ओवर के बाद पांच विकेट गंवाकर 170 रन बना लिए हैं। फिलहाल स्टोइनिस 56 रन और शॉर्ट 21 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी भी हो चुकी है।
16 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया ने पांच विकेट गंवाकर 143 रन बना लिए हैं। स्टोइनिस 37 रन और शॉर्ट 13 रन बनाकर क्रीज पर हैं। अभी तक वरुण चक्रवर्ती और अर्शदीप सिंह ने दो-दो विकेट लिए हैं, जबकि शिवम दुबे को एक विकेट मिला है। टिम डेविड ने 74 रन की तूफानी पारी खेली।
13वें ओवर में 118 के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया को पांचवां झटका लगा। शिवम दुबे ने टिम डेविड को तिलक वर्मा के हाथों कैच कराया। डेविड ने 38 गेंद में आठ चौके और पांच छक्कों की मदद से 74 रन की पारी खेली। उन्होंने स्टोइनिस के साथ पांचवें विकेट के लिए 27 गेंद में 45 रन की साझेदारी निभाई। फिलहाल मार्कस स्टोइनिस और मैथ्यू शॉर्ट क्रीज पर हैं। दुबे के इस ओवर में दो छक्के भी लगे।
नौवें ओवर में वरुण चक्रवर्ती का कहर देखने को मिला। उन्होंने ओवर की दूसरी गेंद पर मिचेल मार्श को तिलक वर्मा के हाथों कैच कराया। मार्श 11 रन बना सके। मार्श ने टिम डेविड के साथ तीसरे विकेट के लिए 35 गेंद में 59 रन की साझेदारी निभाई। इसके बाद अगली ही गेंद यानी ओवर की तीसरी गेंद पर मिचेल ओवेन को क्लीन बोल्ड किया। ओवेन खाता नहीं खोल सके। फिलहाल टिम डेविड 55 रन और मार्कस स्टोइनिस एक रन बनाकर क्रीज पर हैं। नौ ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर चार विकेट पर 75 रन है। वरुण के अलावा अर्शदीप सिंह ने दो विकेट झटके हैं।
टिम डेविड ने 23 गेंदों में टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का नौवां अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने कप्तान मिचेल मार्श के साथ अर्धशतकीय साझेदारी भी निभा ली है। आठ ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर दो विकेट पर 72 रन है। डेविड 53 रन और मार्श 11 रन बनाकर क्रीज पर हैं। शिवम दुबे ने आठवें ओवर में गेंदबाजी की और उनके ओवर में 15 रन आए। इनमें तीन चौके शामिल हैं।
सात ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया ने दो विकेट पर 57 रन बना लिए हैं। फिलहाल टिम डेविड 19 गेंद में 39 रन और मिचेल मार्श 10 रन बनाकर क्रीज पर हैं। अर्शदीप ने ट्रेविस हेड और जोश इंग्लिस को पवेलियन भेजा है।
14 पर ऑस्ट्रेलिया को दूसरा झटका लगा। अर्शदीप सिंह ने अपने दूसरे ओवर में जोश इंग्लिस को अक्षर पटेल के हाथों कैच कराया। इंग्लिस एक रन बना सके। इससे पहले अपने पहले ओवर में अर्शदीप ने ट्रेविस हेड को आउट किया था। फिलहाल कप्तान मिचेल मार्श और टिम डेविड क्रीज पर हैं। चार ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 24 रन पर दो विकेट है।
ऑस्ट्रेलिया को पारी की चौथी गेंद पर ही झटका लगा। पहले ओवर में ही अर्शदीप सिंह ने ट्रेविस हेड को पवेलियन भेज दिया। उन्होंने हेड को कप्तान सूर्यकुमार के हाथों कैच कराया। फिलहाल मिचेल मार्श और जोश इंग्लिस क्रीज पर हैं। पहले ओवर की समाप्ती के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर एक विकेट पर छह रन है।
भारत: अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह।
ऑस्ट्रेलिया: मिचेल मार्श (कप्तान), ट्रेविस हेड, जोश इंगलिस (विकेटकीपर), टिम डेविड, मिचेल ओवन, मार्कस स्टोइनिस, मैथ्यू शॉर्ट, जैवियर बार्टलेट, नाथन एलिस, मैथ्यू कुहनेमैन, शॉन एबॉट।
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव आखिरकार टॉस जीतने में कामयाब रहे। टीम इंडिया ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। भारतीय कप्तान ने बताया कि प्लेइंग-11 में तीन बदलाव हुए हैं। संजू सैमसन की जगह जितेश शर्मा को मौका दिया गया है। वही विकेटकीपिंग करेंगे। इसके अलावा हर्षित राणा की जगह अर्शदीप सिंह को मौका दिया गया है। वहीं, कुलदीप यादव की जगह वॉशिंगटन सुंदर को टीम में शामिल किया गया है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया ने एक बदलाव किया। जोश हेजलवुड की जगह शॉन एबॉट को शामिल किया गया है।
तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड की अुपस्थिति भारतीय बल्लेबाजों की वापसी की राहें तय कर सकती है। आगामी मैचों में यह गेंदबाज अब नजर नहीं आएगा, ऐसे में विपक्षी टीम इस मौके का भरपूर लाभ उठाकर सीरीज में खुद को बनाए रखना चाहेगी। रविवार को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच जारी पांच मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला होबार्ट में खेला जाएगा। इस मैच में टीम इंडिया की नजरें 1-1 की बराबरी होंगी। पहला मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे मैच में भारत को जोरदार पटखनी दी और सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।
सही लंबाई पर गेंद डालने में हेजलवुड की सटीकता और उछाल, भारतीय बल्लेबाजों के लिए दुःस्वप्न बन गई। ऑस्ट्रेलिया को इस महीने के आखिर में इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैच की सीरीज खेलनी है और उसे देखते हुए हेजलवुड को आराम दिया गया है। स्टार सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने मेलबर्न में खेले गए दूसरे मैच के बाद कहा था, 'यह निश्चित रूप से राहत की बात होगी। मैंने ऐसी गेंदबाजी का सामना पहले कभी नहीं किया।' ऐसी स्थिति में भारतीय बल्लेबाजों को राहत मिलना स्वाभाविक है और वे जेवियर बार्टलेट, नाथन एलिस या सीन एबॉट जैसे गेंदबाजों का सामना करते समय अधिक आश्वस्त महसूस करेंगे।
आगामी मुकाबले में यह देखना दिलचस्प होगा कि बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को प्लेइंग 11 में जगह मिल पाती है या नहीं। लगातार उन्हें बाहर रखे जाने से टीम प्रबंधन की रणनीतियों पर सवाल उठ रहे हैं। भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने अर्शदीप सिंह को बाहर रखने के फैसले पर हैरानी व्यक्त करते हुए अपने यूट्यूब चैनल पर कहा था, 'अगर जसप्रीत बुमराह खेल रहे हैं, तो अर्शदीप सिंह का नाम सूची में दूसरे स्थान पर होना चाहिए। अगर बुमराह नहीं खेल रहे हैं, तो अर्शदीप सिंह का नाम सूची में पहले स्थान पर होगा।' अगर आंकड़ों पर गौर करें तो स्पष्ट हो जाता है कि पिछले 15 से 20 मैचों में भारत के आठवें नंबर के बल्लेबाज ने प्रति पारी औसतन पांच गेंदों का सामना किया है और यही वजह है कि टीम प्रबंधन की इस रणनीति पर सवाल उठने लग गए हैं।
भारतीय टीम प्रबंधन अर्शदीप के बजाय हर्षित राणा को प्राथमिकता दे रहा है जिन्होंने पिछले मैच में 33 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 35 रन बनाए। यदि चार गेंदों पर बाउंड्री से बनाए गए 18 रन को हटा दिया जाए, तो दिल्ली के इस ऑलराउंडर ने 29 गेंदों पर 17 रन बनाए। उन्होंने ऐसे समय में गेंद बर्बाद की जबकि दूसरे छोर पर अभिषेक शर्मा खड़े थे और उन्हें स्ट्राइक लेने का मौका नहीं मिल रहा था। जहां तक गेंदबाजी का सवाल है तो हर्षित की गेंदबाजी में निरंतरता का अभाव है। अब यहां देखना दिलचस्प होगा कि अर्शदीप को उनकी जगह अंतिम एकादश में शामिल किया जाता है या नहीं। अगर टीम प्रबंधन हर्षित को टीम में बनाए रखने की रणनीति पर कायम रहता है तब भी अर्शदीप को किसी एक स्पिनर के स्थान पर अंतिम एकादश में रखना चाहिए क्योंकि यहां के विकेट से स्विंग मिलने की संभावना है।
कप्तान सूर्यकुमार यादव और शुभमन गिल दोनों को अतिरिक्त उछाल और अच्छी सीम मूवमेंट वाली गेंदों से निपटने में दिक्कत हो रही है। सूर्यकुमार और गिल ने कैनबरा में बारिश से प्रभावित मैच में अच्छी बल्लेबाजी की थी और वह उसको दोहराने के लिए प्रतिबद्ध होंगे। यह मैच बारिश के कारण पूरा नहीं हो पाया था। होबार्ट स्थित बेलेरिव ओवल एक ऐसा मैदान है, जहां दोनों तरफ की सीमा रेखा छोटी है और ऐसे में शार्ट पिच गेंद पर कवर, प्वाइंट, स्क्वायर लेग या मिड-विकेट पर लंबे शॉट लगाए जा सकते हैं।
बेलेरिव ओवल वह मैदान है जहां विराट कोहली ने 2012 में श्रीलंका के खिलाफ 321 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 86 गेंदों में नाबाद 133 रन की शानदार पारी खेली थी। बेलेरिव ओवल की पिच पारंपरिक रूप से सफेद गेंद से होने वाले मैचों के लिए उपयुक्त मानी जाती है। यह तेज गेंदबाज एलिस का बीबीएल में घरेलू मैदान भी है, जो स्थानीय फ्रेंचाइजी होबार्ट हरिकेंस के कप्तान हैं।
इस दौरे पर बल्लेबाजी की गहराई को लेकर भारतीय टीम प्रबंधन का जुनून चर्चा का विषय रहा है और एमसीजी में 125 रन के मामूली स्कोर पर आउट होने के बाद उसकी इस रणनीति पर सवाल उठने लग गए हैं। अतिरिक्त उछाल वाली पिच पर भारत तीन स्पिनरों के साथ उतरा और एक बार फिर अर्शदीप को अंतिम एकादश में जगह नहीं मिली, जबकि वह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 विकेट लेने वाले एकमात्र भारतीय गेंदबाज हैं।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा टी20 होबार्ट के बेलेरिव ओवल में खेला जा रहा है। पहला मैच बारिश से धुल गया था, जबकि दूसरे टी20 में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने जीत हासिल की थी। तीसरा टी20 जीतकर भारत हिसाब बराबर करना चाहेगा।