पहले दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम ने एक विकेट खोकर 77 रन बना लिए हैं। कप्तान रोहित 56 और रविचंद्रन अश्विन खाता खोले बिना क्रीज पर बने हुए हैं। ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 177 रन बनाए थे। इस लिहाज से कंगारू टीम भारत से 100 रन आगे है और भारत के नौ विकेट बचे हुए हैं। ऑस्ट्रेलिया के लिए एकमात्र विकेट टॉड मर्फी ने लिया है। उन्होंने लोकेश राहुल को 20 रन के स्कोर पर आउट किया।
पहले दिन क्या हुआ?
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत बेहद खराब रही। दो रन के स्कोर पर टीम के दोनों ओपनर पवेलियन लौट गए। इसके बाद स्टीव स्मिथ और मार्नस लाबुशेन ने 82 रन की साझेदारी कर टीम को संभाला, लेकिन जडेजा ने एक ओवर में दो विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया को बैकफुट में ठकेल दिया। इसके बाद उन्होंने स्मिथ को भी आउट कर दिया। पीटर हैंड्सकॉम्ब और एलेक्स कैरी ने भी अर्धशतकीय साझेदारी की, लेकिन अश्विन ने इस जोड़ी को तोड़ा। इसके बाद उन्होंने जडेजा के साथ मिलकर ऑस्ट्रेलिया की पारी 177 रन पर खत्म कर दी।
ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा 49 रन मार्नस लाबुशेन ने बनाए। उनके अलावा स्टीव स्मिथ 37, एलेक्स कैरी 36 और पीटर हैंड्सकॉम्ब 31 ही दहाई का आंकड़ा छू सके। भारत के लिए जडेजा ने पांच विकेट लिए। उन्होंने टेस्ट में 11वीं बार ओवर में पांच विकेट लेने का कारनामा किया। वहीं, अश्विन ने तीन विकेट लिए। इस दौरान उन्होंने टेस्ट में अपने 450 विकेट भी पूरे किए। शमी और सिराज को एक-एक विकेट मिला। सिर्फ अक्षर पटेल कोई विकेट नहीं ले सके।
76 रन के स्कोर पर भारत का पहला विकेट गिरा है। लोकेश राहुल 71 गेंद में 20 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में सिर्फ एक चौका लगाया। टॉड मर्फी ने अपनी ही गेंद पर उनका कैच पकड़ा। टेस्ट क्रिकेट में यह उनका पहला विकेट है। अब कप्तान रोहित शर्मा के साथ रविचंद्रन अश्विन क्रीज पर हैं। उन्हें नाइट वॉचमैन के रूप में बल्लेबाजी के लिए भेजा गया है।
रोहित शर्मा ने टेस्ट क्रिकेट में अपना 15वां अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने 66 गेंद में आठ चौके और एक छक्के की मदद से अपने 50 रन पूरे किए। उनकी इस पारी के चलते भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के 70 रन के पार जा चुका है। वह तेजी से रन बना रहे हैं और भारत को अच्छे स्कोर की तरफ ले जा रहे हैं।
पहले विकेट के लिए कप्तान रोहित शर्मा और लोकेश राहुल के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। रोहित शर्मा तेजी से रन बना रहे हैं और अपने अर्धशतक के करीब पहुंच गए हैं। वहीं, लोकेश राहुल दूसरे छोर पर संभलकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। भारतीय टीम अच्छी गति से रन बना रही है। 16 ओवर के बाद टीम इंडिया का स्कोर बिना किसी नुकसान के 54 रन है।
टीम इंडिया ने बिना कोई विकेट गंवाए 10 ओवर में 35 रन बना लिए हैं। कप्तान रोहित शर्मा शानदार लय में हैं। उन्होंने इनमें से 31 रन बनाए हैं। वहीं, लोकेश राहुल ने दूसरे छोर पर 26 गेंद में चार रन बनाए हैं। भारतीय टीम एक छोर से आक्रमण कर रही है और ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज इस पिच पर अब तक बेअसर साबित हुए हैं।
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने इस मैच में आक्रामक शुरुआत की है। वहीं, लोकेश राहुल दूसरे छोर पर संभलकर खेल रहे हैं। छह ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना कोई विकेट गंवाए 27 रन है। रोहित शर्मा 23 गेंद में 26 रन बनाकर खेल रहे हैं। वह अब तक पांच चौके लगा चुके हैं। वहीं, दूसरे छोर पर लोकेश राहुल संभलकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। राहुल ने 13 गेंद में एक रन बनाया है।
ऑस्ट्रेलिया के 177 रन के जवाब में भारत की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। कप्तान रोहित शर्मा और लोकेश राहुल की सलामी जोड़ी क्रीज पर है। रोहित तेजी से रन बना रहे हैं। पारी के पहले ही ओवर में उन्होंने तीन चौके लगाए हैं और ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को लय पकड़ने का मौका नहीं दे रहे हैं। पहले ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना नुकसान 13 रन है।
ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 177 रन पर सिमट गई है। रविचंद्रन अश्विन ने स्कॉट बोलैंड को क्लीन बोल्ड कर कंगारू टीम की पारी खत्म की। बोलैंड अपना खाता भी नहीं खोल पाए। इस पारी में ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा 49 रन मार्नस लाबुशेन ने बनाए। स्टीव स्मिथ ने 37 और एलेक्स कैरी ने 36 रन की पारी खेली। वहीं, पीटर हैंड्सकॉम्ब 31 रन बनाकर आउट हुए। इन चारों के अलावा कोई भी कंगारू बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाया। तीन खिलाड़ी तो अपना खाता तक नहीं खोल सके। भारत के लिए रवींद्र जडेजा ने पांच और अश्विन ने तीन विकेट लिए। मोहम्मद शमी और सिराज को एक-एक विकेट मिला।
पहली पारी में क्या हुआ?
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन भारत के लिए मोहम्मद सिराज और शमी ने शानदार शुरुआत की। दो रन के स्कोर पर कंगारू टीम के दोनों सलामी बल्लेबाज पवेलियन लौट गए थे। इसके बाद स्मिथ और लाबुशेन ने शानदार साझेदारी कर टीम को संभाला और लंच तक कोई विकेट नहीं गिरने दिया। पहले सत्र में भारत को दो विकेट मिले और ऑस्ट्रेलिया ने 76 रन बनाए।
दूसरे सत्र में जडेजा ने मार्नस लाबुशेन को 49 रन के स्कोर पर आउट कर 82 रन की साझेदारी तोड़ी फिर मैट रेनशॉ को अगली ही गेंद में आउट कर दिया। कुछ समय बाद स्टीव स्मिथ भी 37 रन बनाकर जडेजा के शिकार बन गए। 109 रन पर पांच विकेट गंवाने के बाद ऑस्ट्रेलिया की टीम बैकफुट पर आ गई। हालांकि, पीटर हैंड्सकॉम्ब और एलेक्स कैरी ने 53 रन की साझेदारी कर ऑस्ट्रेलिया को मैच में वापस लाने की कोशिश की, लेकिन अश्विन ने कैरी को अपने टेस्ट करियर का 450वां शिकार बनाया। इसके बाद उन्होंने पैट कमिंस को खाता भी नहीं खोलने दिया। चायकाल से पहले जडेजा ने टॉड मर्फी को आउट कर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 174/8 कर दिया। इस सत्र में अश्विन और जडेजा ने मिलकर कुल छह विकेट लिए। वहीं, ऑस्ट्रेलियाई टीम 98 रन बनाने में सफल रही।
तीसरे सत्र में जडेजा ने पीटर हैंड्सकॉम्ब को 31 रन के स्कोर पर आउट किया और टेस्ट क्रिकेट में 11वीं बार पारी में पांच विकेट लेने की उपलब्धि हासिल की। इसके बाद अश्विन ने स्कॉट बोलैंड को आउट कर ऑस्ट्रेलिया की पारी 177 रन पर खत्म कर दी।
176 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया का नौवां विकेट गिरा है। पीटर हैंड्सकॉम्ब 84 गेंद 31 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके लगाए। रवींद्र जडेजा ने उन्हें विकेटों के सामने फंसाया। इस पारी में जडेजा ने पांच विकेट हासिल कर लिए हैं। हैंड्सकॉम्ब उनके पांचवें शिकार बने। जडेजा ने टेस्ट क्रिकेट में 11वीं बार पारी में पांच विकेट लेने का कारनामा किया है। अब भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया की पारी खत्म करने की कोशिश करेगी। नाथन लियोन के सात स्कॉट बोलैंड क्रीज पर हैं।
दिन के तीसरे सत्र का खेल शुरू हो चुका है। पीटर हैंड्सकॉम्ब और नाथन लियोन क्रीज पर हैं। ये जोड़ी ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 200 रन के पार ले जाने की कोशिश करेगी। वहीं, भारत की कोशिश जल्द से जल्द ऑस्ट्रेलिया की पारी खत्म करने की होगी। 62 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर आठ विकेट पर 176 रन है।
चायकाल तक ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 174-8 है। पीटर हैंड्सकॉम्ब 29 रन बनाकर क्रीज पर हैं। वहीं, दूसरे छोर पर नाथन लियोन हैं, जिन्होंने अब तक अपना खाता नहीं खोला है। भारत के लिए जडेजा ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए हैं। अश्विन को दो विकेट मिले हैं। सिराज और शमी को एक-एक विकेट मिले हैं।
दूसरे सत्र में चमके जडेजा
ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे सत्र में 76 रन पर दो विकेट के स्कोर से अपनी पारी को आगे बढ़ाया। जडेजा ने लंच के बाद लय पकड़ी और लगातार दो गेंदों पर विकेट लिए। उन्होंने पहले मार्नस लाबुशेन को 49 रन के स्कोर पर आउट कर 82 रन की साझेदारी तोड़ी फिर मैट रेनशॉ को अगली ही गेंद में आउट कर दिया। कुछ समय बाद स्टीव स्मिथ भी जडेजा के शिकार बन गए। 109 रन पर पांच विकेट गंवाने के बाद ऑस्ट्रेलिया की टीम बैकफुट पर आ गई। हालांकि, पीटर हैंड्सकॉम्ब और एलेक्स कैरी ने अर्धशतकीय साझेदारी कर ऑस्ट्रेलिया को मैच में वापस लाने की कोशिश की, लेकिन अश्विन ने ऐसा नहीं होने दिया।
अश्विन ने एलेक्स कैरी को अपने टेस्ट करियर का 450वां शिकार बनाया और 53 रन की साझेदारी तोड़ी। इसके बाद उन्होंने पैट कमिंस को खाता भी नहीं खोलने दिया। चायकाल से पहले जडेजा ने टॉड मर्फी को आउट किया और ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 174/8 हो गया। इस सत्र में अश्विन और जडेजा ने मिलकर कुल छह विकेट लिए।
173 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया का आठवां विकेट गिरा है। रवींद्र जडेजा ने टॉड मर्फी को खाता भी नहीं खोलने दिया। मर्फी ने पांच गेंद का सामने किया और विकेटों के सामने पकड़े गए। इस पारी में यह जडेजा की चौथी सफलता है। अब पीटर हैंड्सकॉम्ब के साथ नाथन लियोन बल्लेबाजी के लिए आए हैं।
रविचंद्रन अश्विन ने भारत को सातवीं सफलता दिलाई है। उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस को इस मैच में अपना दूसरा शिकार बनाया। ऑस्ट्रेलियाई टीम 172 रन पर सात विकेट गंवा कर संघर्ष कर रही है। इस पारी में अब तक कोई भी ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज अर्धशतक नहीं लगा पाया है। पैट कमिंस 14 गेंद में एक चौके की मदद से छह रन बनाकर आउट हुए। विराट कोहली ने स्लिप में उनका कैच पकड़ा।
रविचंद्रन अश्विन ने टेस्ट क्रिकेट में अपने 450 विकेट पूरे कर लिए हैं। उन्होंने 89 टेस्ट में यह उपलब्धि हासिल की। वह टेस्ट में सबसे तेज 450 विकेट लेने के मामले में दूसरे नंबर पर हैं। इस मामले श्रीलंका के मुथैया मुरलीधरन शीर्ष पर हैं, जिन्होंने 80 टेस्ट में ही अपने 450 विकेट पूरे कर लिए थे। वह अनिल कुंबले के बाद सिर्फ दूसरे भारतीय गेंदबाज हैं, जिन्होंने यह उपलब्धि हासिल की है।
162 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया का छठा विकेट गिरा है। रविचंद्रन अश्विन ने एलेक्स कैरी को आउट करके भारत को छठी सफलता दिलाई है। कैरी 33 गेंद में सात चौकों की मदद से 36 रन बनाने के बाद रविचंद्रन अश्विन के खिलाफ रिवर्स स्वीप खेलने के प्रयास में क्लीन बोल्ड हो गए। अब पीटर हैंड्सकॉम्ब के साथ कप्तान पैट कमिंस क्रीज पर हैं।
पीटर हैंड्सकॉम्ब और एलेक्स कैरी के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज अच्छी लय में हैं और अच्छे स्ट्राइक रेट से रन बना रहे हैं। खासकर एलेक्स कैरी तेजी से रन बना रहे हैं और ऑस्ट्रेलिया को मुश्किल से बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं।
पांच विकेट के नुकसान पर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। एलेक्स कैरी और पीटर हैंड्सकॉम्ब ने शानदार साझेदारी की है। दोनों अच्छी गति से रन बना रहे हैं। इस जोड़ी के बीच अच्छी साझेदारी हो चुकी है और ऑस्ट्रेलियाई टीम अच्छे स्कोर की तरफ बढ़ रही है।
पांच विकेट के नुकसान पर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 130 रन के पार जा चुका है। एलेक्स कैरी और पीटर हैंड्सकॉम्ब क्रीज पर हैं। दोनों अच्छी लय में बल्लेबाजी कर रहे हैं और अच्छे स्ट्राइक रेट से रन बना रहे हैं।
109 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया की आधी टीम पवेलियन लौट गई है। रवींद्र जडेजा ने स्टीव स्मिथ को क्लीन बोल्ड कर भारत को पांचवीं सफलता दिलाई। यह इस पारी में जडेजा का तीसरा विकेट है। स्मिथ ने 107 गेंद में 37 रन बनाए। उनकी पारी में सात चौके शामिल थे। अब ऑस्ट्रेलिया की टीम छोटे स्कोर पर सिमट सकती है। पीटर हैंड्सकॉम्ब के साथ एलेक्स कैरी क्रीज पर हैं।
चार विकेट के नुकसान पर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। स्टीव स्मिथ एक छोर संभाल कर खेल रहे हैं और लाबुशेन के आउट होने के बाद उन्होंने तेजी से रन बनाए हैं। दूसरे छोर पर पीटर हैंड्सकॉम्ब ने अच्छे स्ट्राइक रेट से रन बना रहे हैं। ये दोनों भारतीय गेंदबाजों की लय बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। लाबुशेन के साथ 82 रन की साझेदारी के दौरान भी स्मिथ ने ऐसा ही किया था। शुरुआत में तेजी से रन बनाने के बाद उन्होंने आराम से बल्लेबाजी की थी।
रवींद्र जडेजा ने दो लगातार गेंदों पर विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया को बैकफुट में ढकेल दिया है। 84 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया के चार बल्लेबाज आउट हो चुके हैं। मैट रेनशॉ इस पारी में अपना खाता भी नहीं खोल पाए। वह पहली ही गेंद पर विकेट के सामने पकड़े गए। लंबे समय बाद टेस्ट मैच खेल रहे जडेजा ने शानदार वापसी की है और भारत को दो अहम विकेट दिलाए हैं। अब भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया को छोटे स्कोर पर समेटने के बारे में सोच सकती है।
84 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया का तीसरा विकेट गिरा है। रवींद्र जडेजा ने मार्नस लाबुशेन को विकेटकीपर केएस भरत के हाथों स्टंप आउट कराया। इसके साथ ही उन्होंने स्मिथ और लाबुशेन के बीच 82 रन की साझेदारी तोड़ दी है। अब भारतीय टीम के पास ऑस्ट्रेलिया के मध्यक्रम पर दबाव बनाने का मौका है। मार्नस लाबुशेन ने 123 गेंद में आठ चौकों की मदद से 49 रन बनाए और अपने अर्धशतक से चूक गए।
लंच के बाद दूसरे सत्र का खेल शुरू हो चुका है। मार्नस लाबुशेन और स्टीव स्मिथ की जोड़ी क्रीज पर जमी हुई है। दोनों बल्लेबाज बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहे हैं और अपनी टीम को मुश्किल से बाहर निकाल चुके हैं। ऑस्ट्रेलिया का स्कोर दो विकेट पर 80 रन के पार जा चुका है। 35 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया ने दो विकेट पर 84 रन बना लिए हैं।
नागपुर में पहले दिन पहले सत्र का खेल हो चुका है। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दो विकेट पर 76 रन बना लिए हैं। स्टीव स्मिथ और मार्नस लाबुशेन की जोड़ी क्रीज पर है। दोनों के बीच बेहतरीन साझेदारी हो चुकी है। लाबुशेन अपने अर्धशतक के करीब पहुंच गए हैं।
पहले सत्र में क्या हुआ?
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन भारत के लिए मोहम्मद सिराज और शमी ने शानदार शुरुआत की। दो रन के स्कोर पर कंगारू टीम के दोनों सलामी बल्लेबाज पवेलियन लौट गए थे। इसके बाद स्मिथ और लाबुशेन ने शानदार साझेदारी कर टीम को संभाला। दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। मार्नस लाबुशेन अपने अर्धशतक के करीब पहुंच गए हैं। वह 47 रन बनाकर खेल रहे हैं। वहीं, स्टीव स्मिथ 19 रन के स्कोर पर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
दो विकेट के नुकसान पर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 75 रन के पार जा चुका है। स्टीव स्मिथ और मार्नस लाबुशेन की जोड़ी क्रीज पर जमी हुई है। दोनों बहुत ही सूझबूझ के साथ बल्लेबाजी कर रहे हैं और अपनी टीम को बेहतर स्थिति में ले गए हैं। दो रन पर दोनों सलामी बल्लेबाजों को गंवाने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने शानदार वापसी की है।
ऑस्ट्रेलिया का स्कोर दो विकेट पर 50 रन के पार जा चुका है। स्टीव स्मिथ और मार्नस लाबुशेन ने कंगारू टीम की पारी संभाली है। दोनों अब अपना समय लेकर बल्लेबाजी कर रहे हैं और बड़ी साझेदारी कर ऑस्ट्रेलिया को बड़े स्कोर तक ले जाने की कोशिश कर रहे हैं।
स्टीव स्मिथ और मार्नस लाबुशेन की जोड़ी ने मैच को धीमा कर दिया है। भारत ने तीन ओवर के अंदर ऑस्ट्रेलिया के दोनों सलामी बल्लेबाजों को आउट कर शानदार शुरुआत की थी। इसके बाद स्मिथ और लाबुशेन ने शमी और सिराज के खिलाफ तेजी से रन बनाए। हालांकि, स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ इन दोनों ने बहुत धीमी बल्लेबाजी की है। 16 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर दो विकेट पर 35 रन है।
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में दो विकेट खोकर 27 रन बना लिए हैं। स्टीव स्मिथ और मार्नस लाबुशेन क्रीज पर हैं। अब तक दोनों बल्लेबाज अच्छी लय में दिखे हैं और दोनों बड़ी साझेदारी कर ऑस्ट्रेलिया को बेहतर स्थिति में पहुंचाना चाहेंगे।
ऑस्ट्रेलिया के दो विकेट सिर्फ दो रन के स्कोर पर गिर गए थे, लेकिन इसके बाद मार्नस लाबुशेन और स्टीव स्मिथ ने आक्रामक बल्लेबाजी की है। दोनों मिलकर तेजी से रन बना रहे हैं और भारतीय गेंदबाजों की लय बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। इस जोड़ी ने छह ओवर में ऑस्ट्रेलिया का स्कोर दो विकेट पर 25 रन के पार पहुंचा दिया है।
दो रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया का दूसरा विकेट गिरा है। मोहम्मद शमी ने भारत को दूसरी सफलता दिलाई है। उन्होंने डेविड वॉर्नर को अंदर आती गेंद पर क्लीन बोल्ड किया और ऑस्ट्रेलिया के दोनों सलामी बल्लेबाज अब पवेलियन लौट चुके हैं। वॉर्नर ने पांच गेंद में एक रन बनाया। अब स्टीव स्मिथ के साथ मार्नस लाबुशेन क्रीज पर हैं।
दो रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलियाई टीम को पहला झटका लगा है। उस्मान ख्वाजा तीन गेंद में एक रन बनाकर आउट हो चुके हैं। मोहम्मद सिराज ने इस मैच में अपनी पहली ही गेंद पर भारत को सफलता दिलाई है। उन्होंने उस्मान ख्वाजा को विकेटों के सामने फंसाया। हालांकि, अंपायर ने पहले ख्वाजा को आउट नहीं दिया था, लेकिन सिराज ने कप्तान रोहित को डीआरएस लेने पर मजबूर किया और रिव्यू में दिखा की गेंद स्टंप पर जाकर लग रही थी। अंपायर को अपना फैसला बदलना पड़ा और टीम इंडिया को पहली सफलता मिल गई।
टॉस जीतकर ऑस्ट्रेलिया की टीम पहले बल्लेबाजी के लिए मैदान में उतर चुकी है। डेविड वॉर्नर के साथ उस्मान ख्वाजा ने पारी की शुरुआत की है। भारत के लिए पहला ओवर मोहम्मद शमी ने किया। इस ओवर में शमी पूरी तरह से लय से बाहर दिखे। उन्होंने ऑफ स्टंप के काफी बाहर गेंदबाजी की और कंगारू गेंदबाजों को कोई परेशानी नहीं हुई। पहले ओवर में ऑस्ट्रेलिया ने दो रन बनाए।
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, श्रीकर भरत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज।
ऑस्ट्रेलिया: डेविड वॉर्नर, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, स्टीवन स्मिथ, मैट रेनशॉ, पीटर हैंड्सकॉम्ब, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), पैट कमिंस (कप्तान), नाथन लियोन, टॉड मर्फी, स्कॉट बोलैंड।
भारतीय टीम में सूर्यकुमार यादव और केएस भरत ने इस मैच में डेब्यू किया है। दोनों मध्यक्रम में खेलेंगे। भरत को विकेटकीपर ऋषभ पंत की जगह मौका दिया गया है। वहीं, सूर्यकुमार यादव श्रेयस अय्यर की जगह टीम इंडिया का हिस्सा बने हैं। पूर्व भारतीय कोच रवि शास्त्री ने सूर्यकुमार यादव को टेस्ट की कैप दी। पंत और श्रेयस चोट की वजह से टीम इंडिया से बाहर हैं। ऑस्ट्रेलिया के लिए टॉड मर्फी डेब्यू कर रहे हैं। उन्हें अनुभवी एश्टन एगर की जगह टीम में मौका दिया गया है। मर्फी ने घरेलू सीरीज में अच्छा प्रदर्शन किया है। इसी वजह से उन्हें टीम में मौका दिया गया है।
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। भारत में आमतौर पर पिच पहले दिन बल्लेबाजी के लिए आसान होती है। ऐसे में ऑस्ट्रेलियाई टीम पहले दिन बड़ा स्कोर कर बढ़त लेना चाहती है।
मैच से पहले ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने कहा है कि अगर ऑस्ट्रेलियाई टीम यहां से सीरीज जीतकर लौटती है तो यह उनके करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि होगी। क्रिकेट दौर के इस युग को इस सीरीज जीत के लिए ही याद रखा जाएगा। इससे पहले स्टीव स्मिथ ने कहा था कि यह सीरीज एशेज टेस्ट सीरीज से भी बड़ी है। एशेज टेस्ट सीरीज ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेली जाती है।
टेस्ट सीरीज के लिए दोनों टीमों ने बेहतरीन तरीके से तैयारी की है। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने मैच से पहले कहा कि ऑस्ट्रेलिया के पास दो बेहतरीन स्पिन गेंदबाज हैं और भारतीय टीम यह बात अच्छे से जानती है कि ये दोनों बल्लेबाजों को परेशान कर सकते हैं। इससे निपटने के लिए तैयारी की गई।
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस से पहले टीम चयन को लेकर कहा है कि कई खिलाड़ी बेहतरीन फॉर्म में हैं। ऐसे में टीम का चयन करना मुश्किल है, लेकिन यह अच्छी बात है। हम पिच के हिसाब से खिलाड़ियों का चयन करेंगे और यह देखेंगे कि हालातों के हिसाब से टीम को किस खिलाड़ी की जरूरत है। सीरीज से पहले सभी खिलाड़ियों को बता दिया गया है कि जरूरत के हिसाब से उन्हें टीम में शामिल किया जाएगा।
नमस्कार, उमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में है। चार मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में भारतीय टीम जीत हासिल कर सीरीज का विजयी आगाज करना चाहेगी। यह सीरीज विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से बेहद अहम है। ऐसे में दोनों टीमें पहला मैच जीतकर सीरीज में अपनी पकड़ मजबूत करना चाहेंगी।