विराट कोहली की शानदार पारी के दम पर भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में जगह बना ली है। भारत ने इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया से 2023 वनडे विश्व कप के फाइनल में मिली हार का बदला भी चुकता कर लिया है। भारतीय टीम टूर्नामेंट में अजेय रहते हुए फाइनल में पहुंची है। यह लगातार तीसरी बार है जब भारत सीमित ओवर प्रारूप के आईसीसी टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले में जगह बनाने में सफल रहा है। भारत ने इससे पहले 2023 वनडे विश्व कप, 2024 टी20 विश्व कप के फाइनल में जगह बनाई थी और अब वह चैंपियंस ट्रॉफी के खिताबी मैच में भी पहुंचने में सफल रहा है।
इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीव स्मिथ ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया था और 49.3 ओवर में 264 रन बनाए थे। लक्ष्य का पीछा करते हुए कोहली एक बार फिर चेज मास्टर साबित हुए और उन्होंने 98 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 84 रन बनाए जिसकी मदद से भारत ने 48.1 ओवर में छह विकेट पर 267 रन बनाकर मैच जीता। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और उसने 43 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद कोहली ने श्रेयस अय्यर के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 91 रनों की साझेदारी की और भारत को संभाला।
श्रेयस हालांकि अर्धशतक लगाने से चूक गए और 62 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 45 रन बनाकर आउट हुए। श्रेयस के आउट होने के बावजूद कोहली क्रीज पर डटे रहे और भारत को जीत के करीब लेकर गए। कोहली शतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन एडम जैम्पा की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में अपना विकेट गंवा बैठे। कोहली के आउट होने के बाद केएल राहुल और हार्दिक पांड्या ने मोर्चा संभाला। हार्दिक ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और भारत के जीत के बेहद करीब ले आए। जब टीम को जीत के लिए छह रन बनाने की जरूरत थी, तभी हार्दिक बड़ा शॉट लगाने के चक्कर में आउट हो गए।
हार्दिक ने 24 गेंदों पर एक चौका और तीन छक्कों की मदद से 28 रन बनाकर आउट हुए। हार्दिक के आउट होने के बाद केएल राहुल ने मैक्सवेल की गेंद पर छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई। भारत इसके साथ ही लगातार तीसरी बार चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में पहुंचा है। इससे पहले टीम 2013 और 2017 में भी चैंपियंस ट्रॉफी के खिताबी मुकाबले में पहुंचने में सफल रही थी। राहुल 34 गेंदों पर दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 42 रन बनाकर नाबाद लौटे, जबकि जडेजा भी दो रन बनाकर नाबाद रहे। ऑस्ट्रेलिया की ओर से नाथन एलिस और एडम जैम्पा ने दो-दो विकेट झटके, जबकि बेन ड्वारशुइस और कूपर कोनोली को एक-एक विकेट मिला।
हार्दिक पांड्या बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में अपना विकेट गंवा बैठे हैं। भारत को जीत के लिए अब 13 गेंदों पर छह रन की जरूरत है। हार्दिक 24 गेंदों पर एक चौका और तीन छक्कों की मदद से 28 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल क्रीज पर केएल राहुल के साथ रवींद्र जडेजा मौजूद हैं।
भारतीय टीम जीत के करीब पहुंच गई है। भारत को जीत के लिए 18 गेंदों पर 12 रन चाहिए। हार्दिक पांड्या और केएल राहुल क्रीज पर मौजूद हैं। हार्दिक आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे हैं।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सेमीफाइनल मुकाबला रोचक हो गया है। भारत को जीत के लिए 24 गेंदों पर 27 रन चाहिए। क्रीज पर फिलहाल केएल राहुल के साथ हार्दिक पांड्या मौजूद हैं।
भारतीय टीम को विराट कोहली के रूप में पांचवां झटका लगा है। कोहली धीरे-धीरे शतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन एडम जैम्पा की गेंद पर बड़ा शॉट मारने के चक्कर में अपना विकेट गंवा बैठे। कोहली 98 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 84 रन बनाकर आउट हुए। भारत ने 43 ओवर की समाप्ति तक पांच विकेट पर 226 रन बना लिए हैं और उसे अभी जीत के लिए 42 गेंदों पर 39 रनों की जरूरत है। फिलहाल क्रीज पर केएल राहुल और हार्दिक पांड्या मौजूद हैं।
भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए 200 रन पूरे कर लिए हैं। फिलहाल क्रीज पर विराट कोहली के साथ केएल राहुल मौजूद हैं। भारत ने 40 ओवर की समाप्ति तक चार विकेट पर 200 रन बना लिए हैं।
तेज गेंदबाज नाथन एलिस ने अक्षर पटेल को बोल्ड कर भारत को चौथा झटका दिया। अक्षर कोहली के साथ मिलकर साझेदारी निभाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन एलिस ने इस साझेदारी को पनपने नहीं दिया। अक्षर 30 गेंदों पर एक चौका और एक छक्का की मदद से 27 रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर कोहली और केएल राहुल मौजूद हैं।
एडम जैम्पा ने श्रेयस अय्यर को बोल्ड कर भारत को तीसरा झटका दिया है। श्रेयस अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे और अर्धशतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन जैम्पा ने उन्हें आउट किया। श्रेयस और कोहली के बीच तीसरे विकेट के लिए 91 रनों की साझेदारी हुई। अब कोहली का साथ देने अक्षर पटेल क्रीज पर उतरे हैं।
भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए अर्धशतक जड़ दिया है। कोहली ने श्रेयस अय्यर के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 80 से अधिक रनों की साझेदारी भी पूरी कर ली है। कोहली ने 53 गेंदों पर पचासा पूरा किया जो उनडे करियर का 74वां अर्धशतक है। भारत ने 26 ओवर की समाप्ति तक दो विकेट पर 134 रन बना लिए हैं।
भारतीय टीम का स्कोर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए 100 के पार पहुंच गया है। भारत के लिए विराट कोहली और श्रेयस अय्यर ने तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी कर ली है। भारतीय टीम ने 21 ओवर की समाप्ति के बाद दो विकेट पर 106 रन बना लिए हैं।
कोहली और श्रेयस के बीच तीसरे विकेट के लिए साझेदारी पनप रही है। भारत ने 17 ओवर की समाप्ति तक दो विकेट पर 85 रन बना लिए हैं। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने जल्द ही दो विकेट गंवा दिए थे।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 10 ओवर की समाप्ति के बाद भारत का स्कोर 50 रन के पार पहुंच गया है। लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने भारत को दो झटके दिए हैं, लेकिन कोहली और श्रेयस क्रीज पर मौजूद हैं। भारत ने 10 ओवर बाद दो विकेट पर 55 रन बना लिए हैं।
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के रूप में भारत ने अपना दूसरा विकेट गंवा दिया है। रोहित को तीन जीवनदान मिले थे, लेकिन कूपर कोनोली ने आखिरकार एलबीडब्ल्यू कर रोहित की पारी का अंत किया। रोहित 29 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 28 रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर विराट कोहली के साथ श्रेयस अय्यर मौजूद हैं।
भारतीय टीम को पांचवें ओवर में शुभमन गिल के रूप में पहला झटका लगा। गिल को ड्वारशुइस ने बोल्ड किया जो 11 गेंदों पर एक चौके की मदद से आठ रन बनाकर आउट हुए। भारत ने पांच ओवर की समाप्ति तक एक विकेट पर 30 रन बनाए हैं।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की पारी शुरू हो गई है। कप्तान रोहित शर्मा के साथ शुभमन गिल बल्लेबाजी के लिए उतरे हैं। ऑस्ट्रेलिया ने भारत के सामने जीत के लिए 265 रनों का लक्ष्य रखा है।
ऑस्ट्रेलिया ने कप्तान स्टीव स्मिथ और एलेक्स कैरी के अर्धशतक की मदद से भारत के सामने सेमीफाइनल मुकाबले में 265 रनों का लक्ष्य रखा है। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए स्मिथ के 96 गेंदों पर 73 रन और एलेक्स कैरी के 57 गेंदों पर 61 रनों की मदद से 49.3 ओवर में 264 रन बनाए। भारत की ओर से तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने सर्वाधिक तीन विकेट झटके, जबकि वरुण चक्रवर्ती और रवींद्र जडेजा को दो-दो विकेट मिले। वहीं, हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल को एक-एक सफलता मिली।
भारत को शमी ने कोनोली को आउट कर पहली सफलता दिलाई। इसके बाद ट्रेविस हेड ने कुछ आक्रामक शॉट खेलकर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन वरुण चक्रवर्ती ने हेड को आउट कर भारत को बड़ी सफलता दिलाई। इसके बाद स्मिथ ने मार्नस लाबुशेन के साथ साझेदारी जमाई। स्मिथ एक छोर से पारी आगे बढ़ाते रहे और उन्होंने रन गति का भी ध्यान रखा। हालांकि, दूसरे छोर पर विकेट भी गिरते रहे। स्मिथ के आउट होने के बाद एलेक्स कैरी ने मोर्चा संभाला और आक्रामक बल्लेबाजी की।
अंतिम ओवरों में भारतीय गेंदबाज विकेट निकालने में सफल रहे। जब कैरी खेल रहे थे तो लग रहा था कि ऑस्ट्रेलिया 300 के करीब स्कोर खड़ा कर लेगा, लेकिन भारतीय गेंदबाज वापसी करने में सफल रहे। ऑस्ट्रेलियाई टीम पूरे 50 ओवर भी नहीं खेल सकी, लेकिन भारत के सामने चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखने में सफल रही।
मोहम्मद शमी ने नाथन एलिस को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को नौवां झटका दिया। एलिस बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में कोहली को कैच थमा बैठे। एलिस ने सात गेंदों पर एक छक्के की मदद से 10 रन बनाए।
एलेक्स कैरी रन आउट होकर पवेलियन लौट गए हैं और ऑस्ट्रेलिया ने 249 के स्कोर पर आठ विकेट गंवा दिए हैं। कैरी शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन श्रेयस के सीधे थ्रो के कारण वह अपना विकेट खो बैठे। कैरी 57 गेंदों पर आठ चौकों और एक छक्के की मदद से 61 रन बनाकर आउट हुए।
स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने मैच का अपना दूसरा विकेट लिया और ड्वारशुइस को आउट किया। इस तरह भारत ने ऑस्ट्रेलिया को सातवां झटका दिया। ड्वारशुइस 29 गेंदों पर एक चौका और एक छक्का की मदद से 19 रन बनाकर आउट हुए।
एलेक्स कैरी ने भारत के खिलाफ अर्धशतक जड़ दिया है। कैरी की शानदार पारी से ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 43 ओवर की समाप्ति के बाद छह विकेट पर 227 रन है।
अक्षर पटेल ने ग्लेन मैक्सवेल को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को छठा झटका दिया। मैक्सवेल ने अक्षर की गेंद पर छक्का लगाकर आक्रामक रुख अपनाने के संकेत दिए थे, लेकिन अक्षर ने मैक्सवेल को बोल्ड कर पवेलियन की राह दिखाई। मैक्सवेल पांच गेंदों पर एक छक्के की मदद से सात रन बनाकर आउट हुए।
तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने कप्तान स्टीव स्मिथ को बोल्ड कर ऑस्ट्रेलिया को पांचवां झटका दिया। स्मिथ अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे और अर्धशतक लगाकर खेल रहे थे, लेकिन शमी ने स्मिथ को आउट कर भारत को राहत की सांस दिलाई। स्मिथ 96 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से 73 रन बनाकर आउट हुए। स्मिथ ने एलेक्स कैरी के साथ पांचवें विकेट के लिए 54 रनों की साझेदारी की जिसे शमी ने स्मिथ को आउट कर तोड़ा।
भारत के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 160 रन के पार पहुंच गया है। कप्तान स्टीव स्मिथ की शानदार बल्लेबाजी जारी है और वह अर्धशतक पूरा कर चुके हैं। उनका साथ देने के लिए दूसरे छोर पर एलेक्स कैरी मौजूद हैं।
ऑस्ट्रेलिया को चौथा झटका भी रवींद्र जडेजा ने ही दिया। उन्होंने जोश इंग्लिस को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ 11 रन बनाकर आउट हुए। छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए एलेक्स कैरी उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए स्टीव स्मिथ क्रीज पर मौजूद हैं। उन्होंने 68 गेंदों में अर्धशतक जड़ा है। 27 ओवर के बाद स्कोर 144/4 है।
ऑस्ट्रेलिया को तीसरा झटका रवींद्र जडेजा ने दिया। उन्होंने मार्नस लाबुशेन को एलबीडब्ल्यू आउट किया। 30 वर्षीय बल्लेबाज शानदार फॉर्म में नजर आ रहे थे। हेड के आउट होने के बाद उन्होंने स्टीव स्मिथ के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 56 रनों की साझेदारी निभाई। लाबुशेन 29 रन बनाकर आउट हुए। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए जोश इंगलिस उतरे हैं। 24 ओवर के बाद स्कोर 120/3 है।
भारत के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 100 रन के पार पहुंच गया है। दो झटके लगने के बाद स्मिथ और लाबुशेन ने कंगारू टीम की पारी को संभाला जिससे ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 20 ओवर की समाप्ति के बाद दो विकेट पर 105 रन हो गया है। स्मिथ और लाबुशेन के बीच इसके साथ ही तीसरे विकेट के लिए 50+ रनों की साझेदारी पूरी हो गई है।
कोनोली और हेड के आउट होने के बाद कप्तान स्टीव स्मिथ और मार्नस लाबुशेन क्रीज पर मौजूद हैं। ऑस्ट्रेलिया ने 14 ओवर की समाप्ति तक दो विकेट पर 72 रन बना लिए हैं। भारत को अब तक दो सफलताएं मिली हैं।
स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को बड़ा झटका दिया। हेड आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन वरुण की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में अपना विकेट गंवा बैठे। हेड 33 गेंदों पर पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से 39 रन बनाकर आउट हुए। ऑस्ट्रेलिया ने इस तरह 54 रन के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए हैं। फिलहाल क्रीज पर मार्नस लाबुशेन और कप्तान स्टीव स्मिथ मौजूद हैं।
ट्रेविस हेड की शानदार बल्लेबाजी की मदद से ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 50 रन के पार पहुंच गया है। भारत ने कोनोली को आउट कर पहली सफलता हासिल की थी, लेकिन हेड ने आक्रामक रवैया अपनाया और कुछ शानदार शॉट्स खेलकर कंगारू टीम की पारी को संभाल लिया। आठ ओवर की समाप्ति के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर एक विकेट पर 53 रन है।
पहला विकेट गिरने के बाद ट्रेविस हेड ने शानदार शॉट्स लगाकर ऑस्ट्रेलिया को संभाला। शुरुआती तीन ओवर में भारतीय गेंदबाजों ने दबाव डालने की कोशिश की थी और शमी ने कोनोली को आउट कर कंगारू टीम को पहला झटका भी दिया था, लेकिन इसके बाद हेड ने आक्रामक रुख अपनाया। ऑस्ट्रेलिया ने छह ओवर की समाप्ति तक एक विकेट पर 36 रन बना लिए हैं।
तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने तीसरे ही ओवर में सलामी बल्लेबाज कोनोली को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। शमी की गेंद पर कोनोली लगातार संघर्ष कर रहे थे और बार-बार आउट होने से बच रहे थे, लेकिन तीसरे ओवर की अंतिम गेंद पर कोनोली के बल्ले का किनारा लेते हुए गेंद विकेटकीपर केएल राहुल के पास गई और उन्होंने कैच पकड़ने में कोई गलती नहीं की। कोनोली नौ गेंदें खेल खाता खोले बिना आउट हुए।
भारत के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया की पारी शुरू हो गई है। ऑस्ट्रेलिया ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। कंगारू टीम की ओर से पारी का आगाज करने के लिए ट्रेविस हेड और कूपर कोनोली उतरे हैं। भारत के लिए तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी आए हैं।
ऑस्ट्रेलियाः कूपर कोनोली, ट्रेविस हेड, स्टीव स्मिथ (कप्तान), मार्नस लाबुशेन, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), एलेक्स कैरी, ग्लेन मैक्सवेल, बेन ड्वारशुइस, नाथन एलिस, एडम जैम्पा, तनवीर सांघा।
भारतः रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद शमी, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती।
ऑस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीव स्मिथ ने भारत के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने इस तरह वनडे में लगातार 14वां टॉस गंवाया है। ऑस्ट्रेलिया ने सेमीफाइनल मुकाबले के लिए प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए हैं। मैथ्यू शॉर्ट की जगह कूपर कोनोली आए हैं, जबकि स्पेंसर जॉनसन की जगह तनवीर सांघा को मौका मिला है। भारतीय टीम ने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। इसका मतलब है कि टीम इस मैच में भी चार स्पिनरों के साथ खेलने उतरेगी।
भारत ग्रुप ए में अपने तीनों मैच जीतने में सफल रहा। भारतीय टीम ने सबसे पहले बांग्लादेश को हराया और फिर चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को मात देकर सेमीफाइनल में जगह पक्की की। इसके बाद रविवार को आखिरी ग्रुप मुकाबले में न्यूजीलैंड पर जीत कर ग्रुप चरण का अंत शीर्ष पर रहकर किया। भारत ने तीनों ही मुकाबले में बल्लेबाजी और गेंदबाजी में अपना दम दिखाया और अब उसके और खिताब के बीच दो जीत का फासला रह गया है।
ऑस्ट्रेलिया टीम में पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड जैसे स्टार खिलाड़ी नहीं है, इसके बावजूद टीम मजबूत नजर आ रही है। ऑस्ट्रेलिया ने ग्रुप चरण के पहले मैच में इंग्लैंड को हराया था। ऑस्ट्रेलिया ने उस मैच में आईसीसी वनडे टूर्नामेंट के इतिहास का सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल किया था। पहले मैच से पूर्व लग रहा था कि ऑस्ट्रेलिया टीम कमजोर है, लेकिन जिस तरह से उसने इंग्लैंड को हराया, इसने यह साबित किया कि कंगारू टीम आईसीसी टूर्नामेंट में अलग लय में खेलती है। ऑस्ट्रेलिया का इसके बाद दोनों मैच बारिश में धुल गया। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच बिना एक भी गेंद खेले रद्द हुआ, जबकि अफगानिस्तान के खिलाफ एक पारी पूरी हो गई थी और ऑस्ट्रेलिया ने भी लक्ष्य का पीछा करते हुए कंगारू टीम ने भी 12.5 ओवर खेल लिए थे।
ऐसा नहीं है कि पिच से इतनी टर्न मिल रही है कि भारतीय गेंदबाजों कामयाब रहे है बल्कि इन पिचों पर उनका संयम कारगर साबित हुआ है। भारतीय स्पिन चौकड़ी वरुण, कुलदीप यादव, रवींद्र जडेजा और अक्षर पटेल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ नौ विकेट लिए। उन्होंने 39 ओवरों में 128 डॉट गेंद डाली। केन विलियमसन जैसा धैर्यवान बल्लेबाज भी अक्षर पटेल के सामने संयम खो बैठा और केएल राहुल की स्टम्पिंग का शिकार हो गया। इसलिए यह तय है कि भारत चार स्पिनरों के साथ ही सेमीफाइनल में उतरेगा। वहीं, तेज गेंदबाजी विभाग में हार्दिक पांड्या के साथ अनुभवी गेंदबाज मोहम्मद शमी होंगे। शमी ने हालांकि न्यूजीलैंड के खिलाफ सिर्फ चार ओवर गेंदबाजी की और वह खाली हाथ रहे थे।
भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ चार स्पिनर और दो तेज गेंदबाजों के साथ उतरने का फैसला किया था जो सही साबित हुआ। टूर्नामेंट से पहले टीम में पांच स्पिनरों को शामिल करने के फैसले की काफी आलोचना हुई थी लेकिन दुबई की धीमी पिचों पर अब यह मास्टरस्ट्रोक साबित हो रहा है। भारतीय टीम को चार स्पिनर उतारने का फायदा मिला क्योंकि न्यूजीलैंड के नौ विकेट स्पिनरों ने ही झटके। चैंपियंस ट्रॉफी में यह पहला अवसर था जब स्पिनरों ने किसी मैच में नौ विकेट लिए। न्यूजीलैंड के खिलाफ वरुण चक्रवर्ती ने काफी प्रभावित किया जो पांच विकेट लेने में सफल रहे थे। वरुण चैंपियंस ट्रॉफी में अपना पहला ही मैच खेले थे और उन्होंने चमक बिखेरी।
भारत के लिए इस मैच में सबसे बड़ी चुनौती ट्रेविस हेड को रोकने की होगी। हेड का बल्ला भारत के खिलाफ जमकर चलता है, विशेषकर आईसीसी टूर्नामेंट में वह भारतीय गेंदबाजों को काफी परेशान करते हैं। यह वही हेड हैं जिन्होंने 2023 विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल और 2023 विश्व कप के फाइनल में शानदार बल्लेबाजी से ऑस्ट्रेलिया को जीत दिलाई थी। हेड ने अफगानिस्तान के खिलाफ 40 गेंदों पर नाबाद 59 रन बनाए थे जो दिखाता है वह फॉर्म में हैं। हेड के खिलाफ शमी से काफी उम्मीदें होंगी।
रोहित शर्मा की कप्तानी में पिछले कुछ वर्षों में भारत का आईसीसी टूर्नामेंट्स में दबदबा रहा है। भारतीय टीम 2023 वनडे विश्व कप के फाइनल में पहुंची थी जहां उसे इसी ऑस्ट्रेलियाई टीम से हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद टीम रोहित की ही कप्तानी में पिछले साल टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंची और उसने दक्षिण अफ्रीका को हराकर खिताब जीता। अब टीम के पास सीमित ओवर के प्रारूप में लगातार तीसरे आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचने का मौका रहेगा।
भारत ग्रुप ए में अपने तीनों मैच जीतने में सफल रहा। भारतीय टीम ने सबसे पहले बांग्लादेश को हराया और फिर चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को मात देकर सेमीफाइनल में जगह पक्की की। इसके बाद रविवार को आखिरी ग्रुप मुकाबले में न्यूजीलैंड पर जीत कर ग्रुप चरण का अंत शीर्ष पर रहकर किया। भारत ने तीनों ही मुकाबले में बल्लेबाजी और गेंदबाजी में अपना दम दिखाया और अब उसके और खिताब के बीच दो जीत का फासला रह गया है।
Live Cricket Score Today, IND vs AUS Champions Trophy Semi Final 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय टीम का सामना ऑस्ट्रेलिया से हो रहा है। दोनों ही टीमें खिताब की प्रबल दावेदार हैं। भारत इस टूर्नामेंट में अजेय बना हुआ है और उसकी कोशिश कंगारू टीम के सामने जीत की लय बरकरार रखकर सीमित ओवर के लगातार तीसरे आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचने पर होगी।