फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs AFG Highlights: भारत ने अफगानिस्तान को पारी और 300 रन से हराया, डेब्यू टेस्ट में चमके सुथार

Mon, 08 Jun 2026 03:05 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुल्लांपुर

खास बातें

IND vs AFG 1st Test Day 3: भारतीय टीम ने गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन से अफगानिस्तान को एकमात्र टेस्ट के तीसरे ही दिन पारी और 300 रनों से हराया। भारत की टेस्ट में पारी के लिहाज से यह सबसे बड़ी जीत है। भारत के लिए इस मैच में मानव सुथार ने शानदार प्रदर्शन किया। मानव ने इस मैच से ही टेस्ट में डेब्यू किया।
विज्ञापन
यशस्वी और मानव सुथार - फोटो : PTI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

03:05 PM, 08-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: भारत की बड़ी जीत

भारत ने अफगानिस्तान को एकमात्र टेस्ट मैच में पारी और 300 रनों से हराया। भारत ने पहली पारी आठ विकेट पर 564 रन बनाकर घोषित की थी और अफगानिस्तान की पहली पारी तीसरे दिन 152 रन पर ऑलआउट की। भारत को इस तरह 412 रनों की बढ़त हासिल हुई और टीम इंडिया ने अफगानिस्तान को फॉलोऑन दिया। अफगानिस्तान की दूसरी पारी में बल्लेबाजी बेहद खराब रही और टीम 112 रन ही बना सकी। अफगानिस्तान ने दूसरी पारी में नौ विकेट गंवाए थे, लेकिन अशरफ बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरे।

भारत की टेस्ट में पारी के अंतर से यह सबसे बड़ी जीत है। भारतीय टीम ने महज तीसरे ही दिन एकमात्र टेस्ट अपने नाम कर लिया। भारत और अफगानिस्तान के बीच यह मैच विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा नहीं था, लिहाजा टीम को डब्ल्यूटीसी की अंक तालिका में कोई फायदा नहीं होगा। भारत के लिए इस मैच में डेब्यू करने वाले बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज मानव सुथार ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने पहली पारी में छह विकेट लिए और दूसरी पारी में एक विकेट चटका। दूसरी पारी में भारत के लिए वाशिंगटन सुंदर ने चार विकेट झटके, जबकि कुलदीप यादव को तीन विकेट मिले। सिराज भी एक विकेट लेने में सफल रहे। 

अफगानिस्तान की बल्लेबाजी इस मैच में बेहद खराब रही। पहली पारी में जहां रहमत शाह एकमात्र बल्लेबाज थे जिन्होंने अर्धशतक लगाया, वहीं दूसरी पारी में कोई बल्लेबाज पचासा नहीं लगा सका। टीम की बल्लेबाजी इस कदर खराब रही कि दूसरी पारी में सिर्फ तीन बल्लेबाज ही दहाई अंक तक पहुंच सके। भारत ने तीसरे ही अफगानिस्तान के 14 विकेट गिराए। अफगानिस्तान ने आज पहली पारी में पांच विकेट गंवाए, जबकि दूसरी पारी में नौ विकेट गिरे। अफगानिस्तान के लिए दूसरी पारी में सेदिकुल्लाह अटल ने सबसे ज्यादा 42 रन बनाए। दोनों टीमों के बीच अब 13 जून से तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी।

02:49 PM, 08-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: भारत जीत से तीन विकेट दूर

वाशिंगटन सुंदर ने अजमातुल्लाह ओमरजई को आउट कर अफगानिस्तान को सातवां झटका दिया। ओमरजई चार रन बनाकर आउट हुए। भारत इस तरह जीत से तीन विकेट दूर है। 

02:45 PM, 08-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: अफगानिस्तान को छठा झटका

अफगानिस्तान को अफसर जजई के रूप में छठा झटका लगा है। मानव सुथार ने जजई को अपना शिकार बनाया जो आठ रन बनाकर आउट हुए।

विज्ञापन
02:37 PM, 08-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: तीसरे सत्र का खेल शुरू

भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट के तीसरे दिन तीसरे सत्र का खेल शुरू हो गया है। अफगानिस्तान ने दूसरी पारी में पांच विकेट गंवा दिए हैं। फिलहाल क्रीज पर अजमातुल्लाह ओमरजई और अफसर जजई मौजूद हैं। 

02:15 PM, 08-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: टी ब्रेक

भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट के तीसरे दिन दूसरे सत्र का खेल समाप्त हो गया है। फॉलोऑन के बाद दूसरी पारी में उतरी अफगानिस्तान ने 98 रन पर पांच विकेट गंवा दिए हैं। अफगानिस्तान पर इस तरह पारी की हार का खतरा मंडरा रहा है। चायकाल के समय अफसर जजई चार रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। 

विज्ञापन
02:13 PM, 08-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: सेदिकुल्लाह अर्धशतक से चूके

अफगानिस्तान की आधी टीम 100 से भी कम के स्कोर पर पवेलियन लौट गई है। अफगानिस्तान को सेदिकुल्लाह के रूप में पांचवां झटका लगा है। सेदिकुल्लाह 80 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 42 रन बनाकर आउट हुए। अफगानिस्तान अभी भारत से 314 रन पीछे है।

02:00 PM, 08-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: अफगानिस्तान को चौथा झटका

वाशिंगटन सुंदर ने हशमतुल्लाह शाहिदी को आउट कर अफगानिस्तान को चौथा झटका दिया। अफगानिस्तान ने 93 रन के स्कोर पर चार विकेट गंवा दिए हैं। शाहिदी पांच रन बनाकर आउट हुए। 

01:43 PM, 08-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: रहमत शाह आउट

वाशिंगटन सुंदर ने रहमत शाह को आउट कर अफगानिस्तान को तीसरा झटका दिया है। रहमत ने पहली पारी में अर्धशतक लगाया था, लेकिन दूसरी पारी में वह 13 रन बनाकर आउट हुए। अफगानिस्तान अभी भारत से 325 रन पीछे है। 

01:39 PM, 08-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: शाहिदी ने दर्शकों को बांटा जूस

न्यू चण्डीगढ़ स्थित पीसीए स्टेडियम में भारत और अफगानिस्तान के बीच चल रहे एकमात्र टेस्ट मैच के तीसरे दिन अफगानिस्तान के कप्तान हशमातुल्लाह शाहिदी ने गर्मी की वजह से दर्शको को ठंडा जूस बांटा। 



फोटो: अमर उजाला (करुण शर्मा)

01:26 PM, 08-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: गुरबाज पवेलियन लौटे

कुलदीप यादव ने रहमानुल्लाह गुरबाज को आउट कर अफगानिस्तान को दूसरा झटका दिया है। गुरबाज 24 रन बनाकर आउट हुए। फॉलोऑन खेल रही अफगानिस्तान अभी भी भारत से 338 रन पीछे है। 

12:53 PM, 08-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: अफगानिस्तान को पहला झटका

मोहम्मद सिराज ने अब्दुल मलिक को आउट कर अफगानिस्तान को पहला झटका दिया है। अब्दुल और सेदिकुल्लाह के बीच अच्छी साझेदारी पनप रही थी, लेकिन सिराज ने इसे तोड़कर भारत को पहली सफलता दिलाई। मलिक आठ रन बनाकर आउट हुए। 

12:37 PM, 08-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: सेदिकुल्लाह-मलिक के बीच साझेदारी

सेदिकुल्लाह अटल और अब्दुल मलिक के बीच साझेदारी पनप रही है। फॉलोऑन के बाद दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान ने अच्छी शुरुआत की है। भारत के अब विकेट की तलाश है।

12:14 PM, 08-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: दूसरे सत्र का खेल शुरू

भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मैच के तीसरे दिन दूसरे सत्र का खेल शुरू हो गया है। भारत ने अफगानिस्तान को फॉलोऑन दिया है और मेहमान टीम की दूसरी पारी जारी है। अफगानिस्तान के लिए सेदिकुल्लाह अटल और अब्दुल मलिक क्रीज पर मौजूद हैं। 

11:31 AM, 08-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: लंच ब्रेक

भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मैच के तीसरे दिन पहले सत्र का खेल समाप्त हो गया है। यह सत्र पूरी तरह भारत के नाम रहा और उसने अफगानिस्तान की पहली पारी 152 रन पर समेट दी। भारत ने अफगानिस्तान को फॉलोऑन दिया। लंच ब्रेक तक अफगानिस्तान ने दूसरी पारी में बिना कोई विकेट गंवाए 18 रन बनाए हैं। टीम फिलहाल मेजबान से 394 रन पीछे चल रही है। सेदिकुल्लाह अटल 16 और अब्दुल मलिक 2 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। 

11:16 AM, 08-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: अफगानिस्तान की दूसरी पारी शुरू

भारत के खिलाफ एकमात्र टेस्ट में अफगानिस्तान की दूसरी पारी शुरू हो गई है। अफगानिस्तान की पहली पारी 152 रन पर ढेर हुई थी और भारत ने फॉलोऑन देने का फैसला किया। अफगानिस्तान भारत से 412 रन पीछे है। 

11:02 AM, 08-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: अफगानिस्तान की पहली पारी समाप्त

मानव सुथार की अगुआई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत ने अफगानिस्तान की पहली पारी 152 रन पर ढेर कर दी है। भारत ने पहली पारी आठ विकेट पर 564 रन पर घोषित की थी। इस तरह भारत को 412 रनों की बड़ी बढ़त हासिल हुई है। भारत ने अफगानिस्तान को फॉलोऑन देने का फैसला किया है। यानी एक बार फिर अफगानिस्तान ही बल्लेबाजी करने उतरेगी। अफगानिस्तान के लिए सिर्फ रहमत शाह ने 60 रन की पारी खेली। अन्य बल्लेबाज फ्लॉप रहे। भारत की ओर से डेब्यू कर रहे मानव सुथार ने छह विकेट झटके। वहीं, प्रसिद्ध कृष्णा को तीन और वाशिंगटन सुंदर को एक विकेट मिला। 

10:58 AM, 08-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: अफगानिस्तान को नौवां झटका

मानव सुथार ने एक ही ओवर में अफगानिस्तान को दो झटके दिए हैं। उन्होंने पहले रहमत को आउट किया और अब मोहम्मद सलीम को खाता खोले बिना पवेलियन भेजा। 

10:55 AM, 08-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: डेब्यू में चमके मानव सुथार

मानव सुथार ने अपने डेब्यू मैच में दमदार प्रदर्शन किया है और वह पहली पारी में फाइव विकेट हॉल पूरे करने में सफल रहे हैं। सुथार ने रहमत शाह को अपना शिकार बनाया जो 135 गेंदों पर नौ चौकों और एक छक्के की मदद से 60 रन बनाकर आउट हुए। अफगानिस्तान ने आठ विकेट गंवा दिए हैं और उस पर फॉलोऑन का खतरा बढ़ गया है। सुथार भारत के 10वें गेंदबाज और सातवें स्पिनर हैं जिन्होंने टेस्ट डेब्यू पर फाइव विकेट हॉल पूरा किया है। 

10:46 AM, 08-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: अफगानिस्तान को सातवां झटका

मानव सुथार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए अफगानिस्तान को सातवां झटका दिया है। सुथार ने शरफुद्दीन अशरफ को आउट किया जो 11 रन बनाकर आउट हुए। सुथार ने डेब्यू मैच की पहली पारी में चार विकेट ले लिए हैं। 

10:31 AM, 08-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: रहमत-अशरफ टिके

रहमत शाह और अशरफ क्रीज पर टिके हुए हैं और अफगानिस्तान की पारी को आगे बढ़ा रहे हैं। हालांकि, अफगानिस्तान पर अभी भी फॉलोऑन का खतरा बरकरार है।

09:57 AM, 08-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: रहमत का अर्धशतक

रहमत शाह ने भारत के खिलाफ पहली पारी में अर्धशतक लगा दिया है। अफगानिस्तान पर हालांकि फॉलोऑन का खतरा अभी भी बरकरार है क्योंकि टीम भारत से 440 रन से पीछे चल रही है।

09:48 AM, 08-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: अजमत खाता खोले बिना आउट

प्रसिद्ध कृष्णा ने अजमतुल्लाह ओमरजई को बोल्ड कर अफगानिस्तान को छठा झटका दिया। ओमरजई खाता खाता खोले बिना आउट हुए। अफगानिस्तान अभी भी भारत से 446 रन पीछे चल रहा है और उस पर फॉलोऑन का खतरा मंडरा रहा है।

09:32 AM, 08-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: तीसरे दिन का खेल शुरू

भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट के तीसरे दिन का खेल शुरू हो गया है। अफगानिस्तान ने पांच विकेट पर 113 रन से दिन के खेल की शुरुआत की है। अफगानिस्तान पर फॉलोऑन का खतरा है क्योंकि वह पहली पारी में भारत से अभी 451 रन पीछे है। अफगानिस्तान की ओर से रहमत शाह और अजमातुल्लाह ओमरजई क्रीज पर मौजूद हैं। 

08:52 AM, 08-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: 2023 के बाद घर में बनाए 550+ रन

भारत ने 2023 के बाद पहली बार घरेलू टेस्ट मैच में 550 से अधिक रन बनाए हैं। इससे पहले टीम ने 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अहमदाबाद टेस्ट में 571 रन बनाए थे। इसके अलावा 564 रन अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में किसी भी टीम द्वारा बनाया गया दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। इस सूची में शीर्ष पर जिम्बाब्वे है, जिसने 2024 में अफगानिस्तान के खिलाफ 586 रन बनाए थे। गिल और पंत के बीच चौथे विकेट के लिए हुई 169 रन की साझेदारी भी भारत की ओर से अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी बन गई।

08:39 AM, 08-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: भारतीय बल्लेबाजों का दिखा दम

अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच की पहली पारी में भारतीय बल्लेबाजों का दम दिखा। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी रही। यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने पहले विकेट के लिए 41 रन जोड़े। जायसवाल 24 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन इसके बाद राहुल और साई सुदर्शन ने दूसरे विकेट के लिए 139 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर पारी को संभाल लिया। सुदर्शन ने 104 गेंदों में 81 रन बनाए, जिसमें 13 चौके शामिल रहे। वहीं राहुल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 165 गेंदों में 100 रन की शतकीय पारी खेली। यह उनके टेस्ट करियर का 11वां शतक रहा।

08:28 AM, 08-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: अफगानिस्तान ने गंवाए पांच विकेट

भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच में दूसरे दिन मेजबान टीम ने पूरी तरह से दबदबा बनाए रखा। पहले भारतीय बल्लेबाजों ने विशाल स्कोर खड़ा किया, फिर गेंदबाजों ने अफगानिस्तान के शीर्ष क्रम को झकझोरते हुए मैच पर भारत की पकड़ मजबूत कर दी। भारत ने अपनी पहली पारी आठ विकेट पर 564 रन बनाकर घोषित की। जवाब में दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक अफगानिस्तान ने 39.5 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 113 रन बनाए। मेहमान टीम अभी भी भारत के स्कोर से 451 रन पीछे है।

08:24 AM, 08-Jun-2026

IND vs AFG Highlights: भारत ने अफगानिस्तान को पारी और 300 रन से हराया, डेब्यू टेस्ट में चमके सुथार

Live Cricket Score Today, IND vs AFG 1st Test Day 3: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मैच का आज तीसरा दिन है। भारतीय टीम ने अफगानिस्तान पर पकड़ मजबूत कर ली है और वह बड़ी बढ़त हासिल करने की जुगत में है। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें