भारतीय टीम ने अफगानिस्तान को दूसरे टी20 मुकाबले में सात विकेट से हरा दिया। इसके साथ ही भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। अफगानिस्तान ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 159 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम ने 14.5 ओवर में तीन विकेट पर 163 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। भारत के लिए इस मैच में जहां नीतीश रेड्डी ने गेंदबाजी में प्रभावित किया, वहीं, सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन ने फॉर्म में वापसी करते हुए अर्धशतक लगाया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए अभिषेक और सैमसन ने टीम इंडिया को मजबूत शुरुआत दिलाई। सैमसन ने 20 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। भारत के लिए सैमसन ने 22 गेंदों पर सात चौकों और चार छक्कों की मदद से 57 रन बनाए। वहीं, अभिषेक ने 39 और कप्तान श्रेयस ने 11 रन बनाए। ईशान किशन 23 गेंदों पर तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 38 और तिलक वर्मा 14 गेंदों पर एक चौके की मदद से नाबाद 15 रन बनाए। अफगानिस्तान के लिए तीनों विकेट राशिद खान ने लिए।
राशिद खान ने शानदार गेंदबाजी जारी रखते हुए कप्तान श्रेयस अय्यर को आउट किया। श्रेयस 11 गेंदों पर एक छक्के की मदद से 11 रन बनाकर आउट हुए।
संजू सैमसन अर्धशतक लगाकर आउट हो गए हैं। राशिद खान ने सैमसन को अपना शिकार बनाया जो 22 गेंदों पर सात चौकों और चार छक्कों की मदद से 57 रन बनाकर आउट हुए।
भारत को अभिषेक शर्मा के रूप में पहला झटका लगा है। राशिद खान ने अभिषेक को अपना शिकार बनाया जो 19 गेंदों पर दो चौकों और चार छक्कों की मदद से 39 रन बनाकर आउट हुए। अभिषेक और सैमसन के बीच पहले विकेट के लिए 88 रनों की साझेदारी हुई।
भारतीय टीम ने लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने अच्छी शुरुआत की है। सैमसन और अभिषेक के बीच शानदार साझेदारी जारी है।
अफगानिस्तान के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। भारत के लिए अभिषेक शर्मा के साथ संजू सैमसन पारी की शुरुआत करने उतरे हैं।
अफगानिस्तान ने भारत को 160 रनों का लक्ष्य दिया है। भारत ने टॉस जीतकर अफगानिस्तान को बल्लेबाजी का न्योता दिया। अफगानिस्तान ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 159 रन बनाए। अफगानिस्तान की बल्लेबाजी कुछ खास नहीं रही और बल्लेबाजों के छिटपुट योगदान से टीम सम्मानजनक स्कोर बना सकी। अफगानिस्तान के लिए कोई बल्लेबाज अर्धशतक भी नहीं लगा सका। भारत के लिए शिवम दुबे को छोड़कर बाकी हर गेंदबाजी को सफलता मिली।
अफगानिस्तान के लिए सबसे ज्यादा रन कप्तान इब्राहिम जादरान ने बनाए जो 33 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 37 रन बनाकर आउट हुए। उनके अलावा राशिद खान ने 28, डारविश रसूली ने 26, मोहम्मद नबी ने 20, सेदिकुल्लाह अटल ने 12, अजमातुल्लाह ओमरजई ने 11 और गुलबदिन नईब ने 10 रन बनाए। नूर अहमद नाबाद सात और मुजीब उर रहमान चार रन बनाकर नाबाद रहे। भारत के लिए नीतीश कुमार रेड्डी ने तीन विकेट लिए, जबकि अर्शदीप सिंह को दो सफलता मिली। वहीं, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और रवि बिश्नोई को एक-एक सफलता मिली।
नीतीश रेड्डी की गेंद पर राशिद खान अपना विकेट गंवा बैठे हैं। राशिद का कैच अक्षर पटेल ने लपका। अक्षर भागते हुए आए और उन्होंने हवा में डाइव लगाकर कैच पकड़ा। राशिद 16 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 28 रन बनाकर आउट हुए।
अफगानिस्तान को सातवां झटका लगा है। जसप्रीत बुमराह ने मोहम्मद नबी को आउट किया जो 14 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 20 रन बनाकर आउट हुए। नबी और राशिद के बीच सातवें विकेट के लिए 48 रनों की साझेदारी हुई।
राशिद खान शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं जिससे अफगानिस्तान का स्कोर 140 रन के पार पहुंच गया है। राशिद और मोहम्मद नबी के बीच शानदार साझेदारी पनप रही है।
अर्शदीप सिंह ने डारविश रसूली को आउट कर अफगानिस्तान को छठा झटका दिया है। डारविश 15 गेंदों पर एक चौका और दो छक्के की मदद से 26 रन बनाकर आउट हुए।
अफगानिस्तान की आधी टीम 100 से कम स्कोर पर पवेलियन लौट गई है। अक्षर पटेल ने अजमातुल्लाह ओमरजई को अपना शिकार बनाया जो 10 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 11 रन बनाकर आउट हुए।
नीतीश कुमार रेड्डी ने गुलबदिन नईब को आउट कर अफगानिस्तान को चौथा झटका दिया है। नईब आठ गेंदों पर एक चौके की मदद से 10 रन बनाकर आउट हुए।
रवि बिश्नोई ने सेदिकुल्लाह अटल को आउट कर अफगानिस्तान को तीसरा झटका दिया है। सेदिकुल्लाह 15 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 12 रन बनाकर आउट हुए।
अफगानिस्तान को इब्राहिम जादरान के रूप में दूसरा झटका लगा है। जादरान 33 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 37 रन बनाकर आउट हुए। जादरान और सेदिकुल्लाह के बीच दूसरे विकेट के लिए 51 रनों की साझेदारी हुई।
अफगानिस्तान ने भारत के खिलाफ 50 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है। इब्राहिम जादरान और सेदिकुल्लाह अटल के बीच साझेदारी जारी है।
इब्राहिम जादरान शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं जिससे अफगानिस्तान का स्कोर 20 रन के पार पहुंच गया है। गुरबाज के रूप में अफगानिस्तान को पहला झटका लगा था, लेकिन इसके बाद जादरान ने मोर्चा संभाला हुआ है।
अर्शदीप सिंह ने रहमानुल्लाह गुरबाज को आउट कर अफगानिस्तान को पहला झटका दिया है। अफगानिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पहला ओवर डालने आए जसप्रीत बुमराह ने दबाव बनाया और मेडन ओवर डाला। इसके बाद अर्शदीप भी अच्छी गेंदबाजी कर रहे थे। गुरबाज पर दबाव बढ़ा और उन्होंने शॉट लगाया, लेकिन गेंद हवा में टंग गई और रवि बिश्नोई ने आसान सा कैच पकड़ा।
भारत के खिलाफ दूसरी टी20 मुकाबले में अफगानिस्तान की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। अफगानिस्तान के लिए रहमानुल्लाह गुरबाज और इब्राहिम जादरान पारी का आगाज करने उतरे हैं।
भारत: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, रवि बिश्नोई।
अफगानिस्तान: रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान (कप्तान), सेदिकुल्लाह अटल, गुलबदिन नईब, डारविश रसूली, अजमातुल्लाह ओमरजई, मोहम्मद नबी, राशिद खान, नूर अहमद, मुजीब उर रहमान, फजलहक फारूकी।
भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। श्रेयस ने टॉस के दौरान बताया कि वरुण चक्रवर्ती चोटिल हैं जिस कारण उन्हें प्लेइंग-11 में एक बदलाव करना पड़ा है। वरुण की जगह रवि बिश्नोई को एकादश में मौका मिला है। अफगानिस्तान ने एकादश में कोई बदलाव नहीं किया है।
हार्दिक पांड्या के चोटिल होने के कारण भारतीय टीम में पांचवें विश्वसनीय गेंदबाजी विकल्प की कमी महसूस हो रही है। अर्शदीप ने 19 रन देकर तीन विकेट लिए और अफगानिस्तान को आठ विकेट पर 156 रन पर रोकने में अहम भूमिका निभाई। जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती ने भी चोट से वापसी करते हुए अच्छा प्रदर्शन किया। वहीं, दूसरे टी20 से एक दिन पहले वरुण फिर चोटिल हो गए और सीरीज से बाहर हो गए। अब उनकी जगह रवि बिश्नोई प्लेइंग-11 में शामिल हो सकते हैं। लेकिन भारत को इस महीने के आखिर में होने वाले एशियाई खेलों से पहले पांचवें गेंदबाज की समस्या का समाधान करना होगा। अय्यर को उस स्थान की भरपाई करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी क्योंकि ऑलराउंडर शिवम दुबे और नीतीश कुमार रेड्डी अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सके। रेड्डी ने दो ओवरों में 30 रन लुटाए, जबकि आखिरी ओवर में गेंद संभालने वाले दुबे ने 21 रन दिए। अर्शदीप, बुमराह, अक्षर पटेल और चक्रवर्ती के अच्छे प्रदर्शन से भारत को पांचवें गेंदबाजी के विकल्पों का खराब प्रदर्शन भारी नहीं पड़ा लेकिन भविष्य में टीम को इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।
आम परिस्थितियों में भारतीय प्लेइंग-11 में बदलाव का कोई कारण नहीं दिखता, लेकिन वरुण चक्रवर्ती की चोट के बाद एकादश में परिवर्तन तय है। इस संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता कि भारत दूसरे टी20 में सैमसन को रोटेट कर वैभव को अभिषेक के साथ पारी की शुरुआत करने भेजे।
भारतीय टीम ने पहले टी20 मुकाबले में अफगानिस्तान को एकतरफा अंदाज में हराया। भारत के लिए इस मैच में गेंदबाजी से लेकर बल्लेबाजी तक सब ठीक रहा। लेकिन अब जब दोनों टीमों के बीच मंगलवार को दूसरा टी20 खेला जाएगा तो एक बार फिर नजर इस पर होगी कि संजू सैमसन और वैभव सूर्यवंशी में से किसे एकादश में मौका मिलेगा। पहले टी20 में सैमसन ने ओपनिंग की, लेकिन वह सस्ते में आउट हो गए।
Today Cricket Live Score IND vs AFG 2nd T20i 2026: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और अफगानिस्तान के बीच आज दूसरा टी20 मुकाबला खेला जा रहा है। भारतीय टीम पहला टी20 जीतकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त ले चुकी है। अब उसकी नजरें ये मुकाबला जीतकर सीरीज में अजेय बढ़त लेने पर होंगी।