भारत ने तीन मैचों की टी20 सीरीज में अफगानिस्तान का सूपड़ा साफ कर दिया है। पहला और दूसरा टी20 छह-छह विकेट से जीतने के बाद टीम इंडिया ने तीसरे टी20 में डबल सुपर ओवर में अफगानिस्तान को हरा दिया। दोनों टीमें 20-20 ओवर के बाद 212-212 रन बना पाई थीं। इसके बाद पहले सुपर ओवर में दोनों टीमें 16-16 रन बना सकीं। फिर डबल सुपर ओवर में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 11 रन बनाए। फिर अफगानिस्तान की टीम ने तीन गेंद में ही दो विकेट गंवा दिए और इस तरह टीम इंडिया ने जीत हासिल की। रवि बिश्नोई दूसरे सुपर ओवर में गेंदबाजी के लिए आए और अफगानिस्तान की टीम उनके फिरकी में फंस गई। तीन गेंद में ही उन्होंने मोहम्मद नबी और रहमनुल्लाह गुरबाज के दो विकेट लिए। एक सुपर ओवर में किसी एक टीम के दो विकेट गिरने पर पारी वहीं समाप्त हो जाती है।
अफगानिस्तान के लिए नबी और गुरबाज बैटिंग के लिए आए। भारत की ओर से रवि बिश्नोई गेंदबाजी करने आए।
भारत और अफगानिस्तान के बीच मैच टाई होने के बाद सुपर ओवर भी टाई हो गया है। अब दोनों के बीच डबल सुपर ओवर खेला जाएगा। इस बार भारतीय टीम पहले छह गेंद खेलेगी। भारत के लिए रोहित शर्मा और रिंकू सिंह बल्लेबाजी के लिए आए हैं। वहीं, अफगानिस्तान के लिए फरीद अहमद गेंदबाजी करने आए हैं।
भारत के लिए रोहित और यशस्वी बल्लेबाजी के लिए आए हैं। वहीं, अफगानिस्तान के लिए अजमतुल्लाह ओमरजई गेंदबाजी करने आए।
भारत के लिए सुपरओवर में मुकेश कुमार गेंदबाजी के लिए आए। वहीं, अफगानिस्तान के लिए गुलबदिन नईब और रहमनुल्लाह गुरबाज बल्लेबाजी के लिए उतरे।
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीसरा टी20 टाई हो गया है। मैच सुपरओवर में पहुंच गया है। आखिरी ओवर में अफगानिस्तान को जीत के लिए 19 रन बनाने थे, लेकिन टीम 18 रन बना सकी और स्कोर बराबर हो गया। आखिरी गेंद पर अफगानिस्तान को तीन रन बनाने थे, लेकिन दो ही रन बना सकी। भारत ने 20 ओवर में चार विकेट गंवाकर 212 रन बनाए थे। वहीं, अफगानिस्तान की टीम छह विकेट पर 212 रन बना सकी। गुलबदिन नईब ने 23 गेंद में नाबाद 55 रन की तूफानी पारी खेली। अब दोनों टीमें एक-एक ओवर खेलेंगी। पहले अफगानिस्तान की टीम बल्लेबाजी करेगी और फिर भारतीय टीम उतने रन को चेज करेगी।
अफगानिस्तान को 17वें ओवर में चौथा झटका लगा। वॉशिंगटन सुंदर ने तूफानी बल्लेबाजी कर रहे मोहम्मद नबी को आवेश खान के हाथों कैच कराया। नबी ने 16 गेंद में दो चौके और तीन छक्के की मदद से 34 रन की पारी खेली। 17 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर चार विकेट पर 167 रन है। अब तीन ओवर में अफगानिस्तान को 46 रन की जरूरत है।
अफगानिस्तान ने 13 ओवर के बाद तीन विकेट गंवाकर 108 रन बना लिए हैं। फिलहाल मोहम्मद नबी और गुलबदिन नईब क्रीज पर हैं।13वें ओवर में वॉशिंगटन सुंदर ने अफगानिस्तान को लगातार दो गेंद पर दो झटके दिए। उन्होंने पहले चौथी गेंद पर इब्राहिम जादरान को विकेटकीपर सैमसन के हाथों स्टंप कराया। जादरान ने 41 गेंद पर चार चौके और एक छक्के की मदद से 50 रन की पारी खेली। वहीं, इसके बाद बैटिंग करने आए अजमतुल्लाह ओमरजई को अगली ही गेंद पर रवि बिश्नोई के हाथों कैच कराया। ओमरजई खाता नहीं खोल सके।
अफगानिस्तान को 11वें ओवर में 93 के स्कोर पर पहला झटका लगा। कुलदीप यादव ने रहमनुल्लाह गुरबाज को वॉशिंगटन सुंदर के हाथों कैच कराया। गुरबाज ने 32 गेंद में तीन चौके और चार छक्के की मदद से 50 रन की पारी खेली। फिलहाल कप्तान इब्राहिम जादरान और गुलबदिन नईब क्रीज पर हैं।
10 ओवर के बाद अफगानिस्तान ने बिना कोई विकेट गंवाए 85 रन बना लिए हैं। फिलहाल रहमनुल्लाह गुरबाज 28 गेंद में 44 रन और इब्राहिम जादरान 32 गेंद में 38 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
आठ ओवर के बाद अफगानिस्तान ने बिना कोई विकेट गंवाए 61 रन बना लिए हैं। फिलहाल रहमनुल्लाह गुरबाज 26 रन और कप्तान इब्राहिम जादरान 32 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
चार ओवर के बाद अफगानिस्तान ने बिना कोई विकेट गंवाए 37 रन बना लिए हैं। फिलहाल रहमनुल्लाह गुरबाज 18 रन और कप्तान इब्राहिम जादरान 16 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
अफगानिस्तान की पारी शुरू हो चुकी है। रहमनुल्लाह गुरबाज और इब्राहिम जादरान क्रीज पर हैं। भारत की ओर से मुकेश कुमार ने पहले ओवर में गेंदबाजी की।
121 रन रोहित का इस प्रारूप में उच्चतम स्कोर है। इससे पहले उन्होंने 2017 में श्रीलंका के खिलाफ 118 रन बनाए थे। रोहित ने पांच साल दो महीने या फिर यूं कहें 62 महीने या फिर यू कहें 1899 दिन बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय में शतक लगाया है। पिछला शतक उन्होंने नवंबर 2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ लगाया था।
आखिरी पांच ओवर में भारत ने बिना कोई विकेट गंवाए 103 रन बनाए। आखिरी ओवर में करीम जनत गेंदबाजी के लिए आए और इस ओवर में रोहित और रिंकू ने 36 रन बटोरे। पहली गेंद पर रोहित ने चौका लगाया। इसके बाद दूसरी गेंद पर रोहित ने छक्का लगाया। इसे नो बॉल दिया गया। फ्री हिट पर रोहित ने फिर छक्का जड़ा। तीसरी गेंद पर रोहित ने एक रन लिया। चौथी गेंद पर रिंकू ने छक्का जड़ा। इसके बाद आखिरी तीन गेंद पर रिंकू ने लगातार तीन छक्के जड़े।
भारत ने अफगानिस्तान के सामने 213 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट गंवाकर 212 रन बनाए। बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में रोहित और रिंकू का तूफान देखने को मिला। भारत ने अफगानिस्तान के सामने 213 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट गंवाकर 212 रन बनाए। बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में रोहित और रिंकू का तूफान देखने को मिला। एक वक्त भारत ने 22 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद रोहित और रिंकू ने पांचवें विकेट के लिए 95 गेंद में 190 रन की नाबाद साझेदारी की। किसी ने नहीं सोचा था कि टीम इंडिया 200 के स्कोर तक पहुंच पाएगी, लेकिन हिटमैन और रिंकू ने ऐसा कर दिखाया है। रोहित ने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का रिकॉर्ड पांचवां शतक लगाया। वह इस प्रारूप में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। वह 69 गेंद में 11 चौके और आठ छक्के की मदद से 121 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, रिंकू ने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का दूसरा अर्धशतक लगाया। वह 39 गेंद में 69 रन बनाकर नाबाद रहे। अपनी पारी में उन्होंने दो चौके और छह छक्के लगाए।
रोहित शर्मा ने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पांचवां शतक लगाया। वह इस प्रारूप में शतक लगाने के मामले में फिर से शीर्ष पर पहुंच गए हैं। रोहित ने अजमतुल्लाह ओमरजई की गेंद पर चौका लगाकर शतक पूरा किया। उन्होंने 64 गेंद पर शतक लगाया। इसके अलावा रिंकू ने 36 गेंद पर अर्धशतक लगाया। रोहित 14 महीने बाद इस प्रारूप में वापसी कर रहे हैं। पहले दो मैच में खाता नहीं खोल पाए थे, लेकिन अब उन्होंने धमाकेदार वापसी की है।
22 रन पर चार विकेट गिरने के बाद से रोहित शर्मा और रिंकू सिंह ने अब तक 130 से ज्यादा रन की साझेदारी कर भारत की पारी को संभाला है। रोहित अपने पांचवें टी20 शतक के करीब हैं। वहीं, रिंकू अर्धशतक के करीब हैं। 18 ओवर के बाद भारत ने चार विकेट गंवाकर 154 रन बना लिए हैं।
भारत ने 16 ओवर के बाद चार विकेट गंवाकर 131 रन बना लिए हैं। रिंकू और रोहित के बीच शतकीय साझेदारी हो चुकी है। 22 पर चौथा विकेट गिरा था। फिलहाल रोहित 68 रन और रिंकू 41 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
रोहित ने 40 गेंद में टी20 करियर का 30वां अर्धशतक लगाया। इस सीरीज में 14 महीने बाद वापसी कर रहे रोहित पिछले दो मैच में खाता नहीं खोल सके थे। हालांकि, इस मुकाबले में उन्होंने जबरदस्त वापसी की और अर्धशतक जड़ा। 14 ओवर के बाद भारत ने चार विकेट पर 104 रन बना लिए हैं।
रिंकू सिंह ने पारी के आठवें ओवर में मैच का पहला छक्का लगाया। उन्होंने डेब्यू करने वाले सलीम की गेंद पर छक्का लगाया। इसके बाद इसी ओवर में रोहित ने भी छक्का लगाया। रोहित 23 और रिंकू नौ रन बनाकर क्रीज पर हैं। आठ ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 48 रन है।
भारतीय टीम परेशानियों में दिख रही है। शुरुआती पांच ओवर में टीम इंडिया ने 22 रन पर चार विकेट गंवा दिए हैं। यशस्वी जायसवाल चार रन और शिवम दुबे एक रन बनाकर आउट हुए। वहीं, विराट कोहली और संजू सैमसन गोल्डन डक का शिकार हुए। फिलहाल कप्तान रोहित शर्मा और रिंकू सिंह क्रीज पर हैं।
भारत को 21 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। अजमतुल्लाह ओमरजई ने शिवम दुबे के विकेटकीपर रहमनुल्लाह गुरबाज के हाथों कैच कराया। दुबे एक रन बना सके। चार ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 21 रन है।
तीसरे ओवर में 18 के स्कोर पर भारत को लगातार दो गेंद पर दो झटके लगे। फरीद खान ने ओवर की तीसरी गेंद पर यशस्वी जायसवाल को नबी के हाथों कैच कराया। वह छह गेंद पर चार रन बना सके। इसके बाद अगली ही गेंद पर फरीद ने शॉर्ट बॉल पर विराट को इब्राहिम के हाथों कैच कराया। विराट खाता नहीं खोल सके। तीन ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 19 रन है। फिलहाल कप्तान रोहित शर्मा और शिवम दुबे क्रीज पर हैं।
रोहित ने इस मैच में सात गेंद खेलने के बाद खाता खोला। उन्होंने अजमतुल्लाह ओमरजई की गेंद पर एक रन लिया। दो ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना विकेट गंवाए 13 रन है। इस सीरीज में पहली बार रोहित के बल्ले से कोई रन निकला है। पहले टी20 में वह खाता खोले बिना रन आउट हो गए थे, वहीं दूसरे टी20 में पहली ही गेंद पर बोल्ड हो गए थे।
पहले ओवर में फरीद अहमद गेंदबाजी के लिए आए। उनकी पहली गेंद पर यशस्वी ने तीन रन लिए। इसके बाद पांच गेंद रोहित ने खेली, लेकिन खाता नहीं खोल सके हैं। एक चौका जरूर लगाया लेकिन अंपायर ने उसे लेग बाई दे दिया। इसके बाद फिर एक और लेग बाई दिया। एक ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना विकेट गंवाए 11 रन है।
भारत: यशस्वी जयसवाल, रोहित शर्मा (कप्तान), विराट कोहली, शिवम दुबे, संजू सैमसन (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, मुकेश कुमार, कुलदीप यादव, आवेश खान।
अफगानिस्तान: रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान (कप्तान), गुलबदीन नायब, अजमतुल्लाह ओमरजई, मोहम्मद नबी, नजीबुल्लाह जादरान, करीम जनत, शराफुद्दीन अशरफ, कैस अहमद, मोहम्मद सलीम सफी, फरीद अहमद मलिक।
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। उन्होंने प्लेइंग 11 में तीन बदलाव किए हैं। संजू सैमसन, आवेश खान और कुलदीप यादव की टीम में वापसी हुई है। वहीं, जितेश शर्मा, अक्षर पटेल और अर्शदीप सिंह नहीं खेल रहे हैं। अफगानिस्तान के प्लेइंग-11 में भी चार बदलाव हुए हैं। नवीन उल हक, मुजीब उर रहमान, फजलहक फारूकी और नूर प्लेइंग-11 से बाहर किए गए हैं।
दुबे पिछले साल डबलिन में आयरलैंड के खिलाफ टी-20 शृंखला के लिए तीन साल बाद भारतीय टीम में लौटे। उसके बाद उन्होंने एशियाई खेलों में भाग लिया, लेकिन ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टीम में जगह नहीं मिली। अपने स्टार स्पिनर राशिद खान के बिना खेल रही अफगानिस्तान के खिलाफ उन्होंने दो आक्रामक अर्धशतक लगाए। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने भी अर्धशतक जड़ा। भारत की नजरें इन दोनों युवाओं पर फिर रहेगी।
टी-20 में भारतीय टीम शुरू में सावधानी से खेलकर आखिरी ओवरों में हाथ खोलने की रणनीति अपनाती आई है। लेकिन अब बल्लेबाज पहली गेंद से ही आक्रामक खेल रहे हैं और शिवम दुबे तथा विराट कोहली ने इसकी बानगी पेश की। करीब 14 महीने बाद पहला टी-20 अंतराष्ट्रीय मैच खेले कोहली ने इंदौर में 16 गेंद में 29 रन बनाए। उन्होंने अफगानिस्तान के स्पिनर मुजीबुर रहमान का बखूबी सामना किया और उनकी सात गेंदों में 18 रन बनाए। आम तौर पर कोहली स्पिनरों के खिलाफ धीमा खेलते हैं, लेकिन दूसरे टी-20 मैच में ऐसा देखने को नहीं मिला।
सीरीज जीत चुकी भारतीय टीम अफगानिस्तान के खिलाफ बुधवार को तीसरे और आखिरी टी-20 मैच में इस लय को बरकरार रखते हुए ‘क्लीन स्वीप’ के इरादे से उतरेगी और कप्तान रोहित शर्मा के फॉर्म में लौटने की भी उम्मीद कर रही होगी। कप्तान रोहित का बल्ला अभी तक नहीं चला है। पहले मैच में शुभमन गिल के साथ गलतफहमी होने पर वह रन आउट हो गए जबकि दूसरे मैच में फजलहक फारूकी की गेंद को भांप नहीं सके और पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गए थे। रोहित के खराब फॉर्म से टीम प्रबंधन चिंतित नहीं होगा, लेकिन आखिरी मैच में उनसे बड़ी पारी की उम्मीद जरूर होगी।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जा हा है। टीम इंडिया फिलहाल इस सीरीज में 2-0 से आगे है। दोनों मुकाबले भारतीय टीम ने छह-छह विकेट से जीते थे। यह जून में होने वाले टी20 विश्व कप से पहले टीम इंडिया की आखिरी टी20 सीरीज है। ऐसे में रोहित शर्मा इस मैच को जीतकर तैयारियों को अमलीजामा पहनाने की कोशिश करेंगे।