फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs AFG Test Day-1 Highlights: पहले दिन केएल और गिल के शतक, सुदर्शन-पंत के अर्धशतक; भारत का स्कोर 368/3

Sat, 06 Jun 2026 05:05 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुल्लांपुर

खास बातें

भारत और अफगानिस्तान के बीच शनिवार से मुल्लांपुर में शुरू हुए टेस्ट मुकाबले के पहले दिन का खेल समाप्त हो गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी पहली पारी में तीन विकेट पर 368 रन बना लिए हैं। गिल और पंत क्रीज पर मौजूद हैं।
विज्ञापन
पंत-गिल - फोटो : BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

05:04 PM, 06-Jun-2026

पहले दिन का खेल समाप्त

भारत और अफगानिस्तान के बीच शनिवार से शुरू हुए एकमात्र टेस्ट मुकाबले के पहले दिन टीम इंडिया का प्रदर्शन शानदार रहा। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारत ने पहली पारी में दिन का खेल समाप्त होने तक तीन विकेट पर 368 रन बनाए। स्टंप्स तक शुभमन गिल 103 और ऋषभ पंत 50 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।

पहले दिन भारतीय बल्लेबाजों ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन मिश्रण पेश करते हुए अफगानिस्तान के गेंदबाजों को लगभग पूरे दिन दबाव में रखा। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने टीम को सधी हुई शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 41 रन जोड़े। जायसवाल अच्छी लय में नजर आए और 32 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 24 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें मोहम्मद सलीम की गेंद पर अफसर जजई ने कैच लपका।

जायसवाल के आउट होने के बाद केएल राहुल और साई सुदर्शन ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 139 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी कर भारतीय पारी को मजबूत आधार दिया। राहुल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 165 गेंदों पर 100 रन बनाए, जिसमें 11 चौके शामिल रहे। यह उनके टेस्ट करियर का 12वां शतक रहा। हालांकि, शतक पूरा करने के तुरंत बाद वह जियाउर रहमान की गेंद पर रहमानुल्लाह गुरबाज को कैच दे बैठे।

दूसरी ओर साई सुदर्शन ने भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 104 गेंदों में 81 रन बनाए और अपनी पारी में 13 चौके जड़े। वह शतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन मोहम्मद सलीम ने उन्हें अफसर जजई के हाथों कैच कराकर भारत को दूसरा झटका दिया। उस समय टीम का स्कोर 180 रन था।

इसके बाद कप्तान शुभमन गिल और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने मोर्चा संभाला और अफगान गेंदबाजी आक्रमण को कोई मौका नहीं दिया। दोनों ने चौथे विकेट के लिए नाबाद 121 रनों की साझेदारी कर भारत को दिन के अंत तक बेहद मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। गिल ने कप्तानी पारी खेलते हुए 143 गेंदों में नाबाद 103 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और एक छक्का शामिल रहा। यह गिल का 11वां टेस्ट शतक है। वहीं, पंत ने अपने चिर-परिचित अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 70 गेंदों पर नाबाद 50 रन बनाए और करियर का 19वां टेस्ट अर्धशतक पूरा करने में कामयाब रहे। उनकी पारी में दो चौके और तीन छक्के शामिल रहे।

अफगानिस्तान की ओर से मोहम्मद सलीम सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 13 ओवर में 67 रन देकर दो विकेट झटके। जियार रहमान को एक सफलता मिली, जबकि अन्य गेंदबाज भारतीय बल्लेबाजों पर प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे। नंगेयालिया खरोटे ने सबसे ज्यादा 20 ओवर फेंके, लेकिन उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। पहले दिन का खेल समाप्त होने तक भारत ने 85 ओवर में 368/3 का मजबूत स्कोर खड़ा कर लिया है। टीम के पास अभी सात विकेट शेष हैं और दूसरे दिन उसकी नजरें 500 रन के बड़े स्कोर की ओर होंगी। वहीं अफगानिस्तान की कोशिश शुरुआती सत्र में जल्दी विकेट निकालकर भारत को बड़ी बढ़त लेने से रोकने की होगी।

04:51 PM, 06-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: गिल का 11वां टेस्ट शतक

गिल ने अपने टेस्ट करियर का 11वां शतक पूरा कर लिया। वह शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं और पंत के साथ 110 से ज्यादा रनों की साझेदारी निभा चुके हैं।

03:32 PM, 06-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: गिल का अर्धशतक

शुभमन गिल ने 68 गेंदों में अपना नौवां अर्धशतक पूरा किया। वह शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। वह बतौर कप्तान 1000 टेस्ट रन पूरे करने वाले 11वें भारतीय खिलाड़ी बन गए। उन्होंने अपनी 15वीं पारी में यह उपलब्धि हासिल की, जो सुनील गावस्कर (14 पारियां) के बाद भारत के लिए दूसरी सबसे तेज उपलब्धि है। साथ ही, किसी भारतीय कप्तान द्वारा इस मुकाम तक पहुंचने में लिया गया यह सबसे कम समय (351 दिन) भी है।

विज्ञापन
03:21 PM, 06-Jun-2026
केएल राहुल - फोटो : अमर उजाला (करुण शर्मा)

IND vs AFG Live Score: शतकीय पारी खेलकर लौटे केएल

केएल राहुल 165 गेंदों में 100 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने अपनी शानदार पारी के दौरान 11 चौके लगाए। यह उनके टेस्ट करियर का 12वां शतक रहा। तीसरे विकेट के लिए केएल ने गिल के साथ 67 रनों की साझेदारी निभाई। अब गिल का साथ देने ऋषभ पंत आए हैं।

02:33 PM, 06-Jun-2026

IND vs AFG Test Live Score: तीसरे सत्र का खेल शुरू

भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट के पहले दिन तीसरे सत्र का खेल शुरू हो गया है। भारत के लिए कप्तान शुभमन गिल के साथ केएल राहुल क्रीज पर मौजूद हैं। 

विज्ञापन
02:14 PM, 06-Jun-2026

IND vs AFG Test Live Score: चाय ब्रेक

भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट के पहले दिन दूसरे सत्र का खेल समाप्त हो गया है। दूसरा सत्र पूरी तरह भारत के नाम रहा। अफगानिस्तान को इस सत्र में भी एक सफलता मिली और वे साई सुदर्शन का विकेट लेने में सफल रहे। हालांकि, सलामी बल्लेबाज केएल राहुल क्रीज पर टिके हुए हैं। चायकाल तक भारत ने पहली पारी में दो विकेट पर 209 रन बनाए हैं। फिलहाल क्रीज पर केएल राहुल 81 और शुभमन गिल 20 रन बनाकर मौजूद हैं। अफगानिस्तान को दोनों सफलता मोहम्मद सलीम सैफी ने दिलाई है। 

01:39 PM, 06-Jun-2026

IND vs AFG Test Live Score: सुदर्शन पवेलियन लौटे

भारत को साई सुदर्शन के रूप में दूसरा झटका लगा है। सुदर्शन और राहुल के बीच दूसरे विकेट के लिए 139 रनों की साझेदारी हुई। सुदर्शन को सलीम सैफी ने अपना शिकार बनाया जो 104 गेंदों पर 13 चौकों की मदद से 81 रन बनाकर आउट हुए। 

12:54 PM, 06-Jun-2026

IND vs AFG Test Live Score: राहुल-सुदर्शन के बीच शतकीय साझेदारी

केएल राहुल और साई सुदर्शन के बीच दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी पूरी हो गई है। राहुल और सुदर्शन शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं जिससे भारत का स्कोर पहली पारी में 150 रन के करीब पहुंच गया है।

12:42 PM, 06-Jun-2026

IND vs AFG Test Live Score: सुदर्शन का पचासा

केएल राहुल के बाद साई सुदर्शन ने भी अर्धशतक जड़ दिया है। सुदर्शन ने 67 गेंदों पर पचासा पूरा किया। देवदत्त पडिक्कल की जगह सुदर्शन को तीसरे स्थान पर खेलने का मौका मिला और उन्होंने इसका फायदा उठाया। राहुल और सुदर्शन के बीच दूसरे विकेट के लिए 90+ रनों की साझेदारी हो गई है। 

12:34 PM, 06-Jun-2026

IND vs AFG Test Live Score: केएल राहुल का पचासा

केएल राहुल ने अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट में अर्धशतक जड़ दिया है। राहुल ने 86 गेंदों पर अपने टेस्ट करियर का 21वां अर्धशतक लगाया। राहुल और सुदर्शन के बीच दूसरे विकेट के लिए शानदार साझेदारी जारी है जिससे टीम का स्कोर 110 रन के पार पहुंच गया है।

12:13 PM, 06-Jun-2026

IND vs AFG Test Live Score: दूसरे सत्र का खेल शुरू

भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट के पहले दिन दूसरे सत्र का खेल शुरू हो गया है। भारत के लिए केएल राहुल और साई सुदर्शन क्रीज पर मौजूद हैं। 

11:33 AM, 06-Jun-2026

IND vs AFG Test Live Score: पहले सत्र का खेल समाप्त

भारत और अफगानिस्तान के बीच शुरुआती दिन पहले सत्र का खेल समाप्त हो गया है। लंच ब्रेक तक भारत ने पहली पारी में एक विकेट पर 96 रन बनाए हैं। फिलहाल क्रीज पर केएल राहुल 37 और साई सुदर्शन 32 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। अफगानिस्तान को पहले सत्र में एकमात्र सफलता यशस्वी जायसवाल के रूप में मिली। यशस्वी 24 रन बनाकर आउट हुए। यशस्वी के पवेलियन लौटने के बाद राहुल और सुदर्शन ने पारी को संभाला। इन दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए अब तक 55 रनों की साझेदारी हुई है। 

11:20 AM, 06-Jun-2026

IND vs AFG Test Live Score: राहुल-सुदर्शन की साझेदारी

पहला झटका लगने के बाद केएल राहुल और साई सुदर्शन के बीच साझेदारी पनप रही है। ये दोनों बल्लेबाज क्रीज पर टिक गए हैं। हालांकि, साई सुदर्शन को एक बार जीवनदान मिल चुका है। 

10:52 AM, 06-Jun-2026

IND vs AFG Test Live Score: भारत के 50 रन पूरे

अफगानिस्तान के खिलाफ पहली पारी में भारत के 50 रन पूरे हो गए हैं। भारत को पहले सत्र में यशस्वी जायसवाल के रूप में एक झटका लगा है। फिलहाल केएल राहुल और साई सुदर्शन क्रीज पर मौजूद हैं।

10:31 AM, 06-Jun-2026

IND vs AFG Test Live Score: भारत को पहला झटका

भारत को यशस्वी जायसवाल के रूप में पहला झटका लगा है। यशस्वी को मलिक ने एक जीवनदान दिया था, लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा सके और सलीम सैफी की गेंद पर विकेट के पीछे जजई को कैच थमा बैठे। यशस्वी 32 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 24 रन बनाकर आउट हुए। 

10:02 AM, 06-Jun-2026

IND vs AFG Test Live Score: यशस्वी का कैच छूटा

अफगानिस्तान के खिलाफ भारत की पहली पारी जारी है। यशस्वी और केएल राहुल ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई है। हालांकि, अब्दुल मलिक ने यशस्वी को जीवनदान दिया। यशस्वी जब 11 रन के स्कोर पर थे तो सेकेंड स्लिप पर मलिक ने उनका आसान सा कैच छोड़ दिया।

09:33 AM, 06-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: भारत की पहली पारी शुरू

अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच में भारत की पहली पारी शुरू हो गई है। भारत के लिए यशस्वी जायसवाल के साथ केएल राहुल पारी की शुरुआत करने उतरे हैं। भारत ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। 

09:09 AM, 06-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

भारत: केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, वाशिंगटन सुंदर, मानव सुथार, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा। 

अफगानिस्तान: सेदिकुल्लाह अटल, रहमानुल्लाह गुरबाज, अब्दुल मलिक, रहमत शाह, हशमातुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अफसर जजई (विकेटकीपर), अजमातुल्लाह ओमरजई, शराफुद्दीन अशरफ, नांगेयालिया खरोट, जियाउर रहमान शरीफी, मोहम्मद सलीम सैफी।

09:02 AM, 06-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: भारत ने जीता टॉस

भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया है। भारत के लिए इस मैच से मानव सुथार डेब्यू करने जा रहे हैं। 

08:53 AM, 06-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: मानव सुथार का डेब्यू

मानव सुथार इस मैच से डेब्यू करने जा रहे हैं। मानव सुथार को कुलदीप यादव ने टेस्ट कैप पहनाई। 

08:25 AM, 06-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: जडेजा के विकल्प की करनी होगी तलाश

भारतीय खिलाड़ी पिछले साल बेहतरीन तैयारी के साथ मैदान में उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम से 0-2 से मिली करारी हार को नहीं भूले होंगे और वह अनुभव के अंतर के बावजूद विपक्षी टीम को हल्के में न लें तो बेहतर होगा। तीसरे नंबर का बल्लेबाज और लाल गेंद की क्रिकेट में रवींद्र जडेजा के संभावित उत्तराधिकारी दो ऐसे पहलू हैं जिन्हें मुख्य कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल अगस्त में श्रीलंका के खिलाफ होने वाली दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला से पहले इस मैच में दौरान सुलझाना चाहेंगे।

08:23 AM, 06-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: नंबर तीन पर कोच ने स्पष्ट किया रुख

सबसे ज्यादा चर्चा इस बात को लेकर थी कि इस मैच में नंबर तीन के स्थान पर साई सुदर्शन और देवदत्त पडिक्कल में से कौन उतरेगा। मैच से एक दिन पहले ही मुख्य कोच गौतम गंभीर ने स्पष्ट किया है कि तीसरे नंबर पर साई सुदर्शन बल्लेबाजी के लिए आएंगे। यानी यह तय है कि पडिक्कल अफगानिस्तान के खिलाफ मैच में नहीं खेलेंगे। गंभीर का तर्क है कि सुदर्शन को तीसरे नंबर पर ज्यादा मौके नहीं है और चार-पांच मैचों से उनका आकलन नहीं किया जा सकता है।

08:22 AM, 06-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: उचित संयोजन पर नजर

भारतीय टीम लंबे समय बाद टेस्ट मैच खेलने उतरेगी। भारत और अफगानिस्तान के बीच शनिवार से मुल्लांपुर में एकमात्र टेस्ट मैच खेला जाएगा। यह मैच विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) का हिस्सा नहीं है, लेकिन आगे टीम की डगर कठिन है इसलिए वह उचित संयोजन तैयार करने के इरादे से उतरेगा। भारत का पिछले कुछ समय में घरेलू टेस्ट मैचों में निराशाजनक प्रदर्शन रहा है, लेकिन उसकी टीम अब भी बेहद मजबूत है। 

08:13 AM, 06-Jun-2026

IND vs AFG Test Day-1 Highlights: पहले दिन केएल और गिल के शतक, सुदर्शन-पंत के अर्धशतक; भारत का स्कोर 368/3

Live Cricket Score Today, IND vs AFG 1st Test Day 1: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मैच मुल्लांपुर में खेला जा रहा है। भारतीय टीम लंबे समय बाद टेस्ट प्रारूप में खेलने उतरी है। इन दोनों टीमों के बीच ये मैच विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा नहीं है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें