पाकिस्तान ने भारत को अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में 191 रन से हराकर दूसरी बार इस टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया। इससे पहले पाकिस्तान की टीम 2012 में भारत के साथ इस टूर्नामेंट की संयुक्त विजेता बनी थी। रविवार को दुबई स्थित आईसीसी अकादमी में खेले गए मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पाकिस्तान को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। फरहान यूसफ की अगुआई वाली टीम ने समीर मिन्हास (172) की शतकीय और अहमद हुसैन (56) की अर्धशतकीय पारी की मदद से 50 ओवर में आठ विकेट पर 347 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम 26.2 ओवर में सिर्फ 156 रन ही बना सकी और ऑलआउट हो गई। पाकिस्तान के लिए अली रजा ने चार विकेट लिए जबकि मोहम्मद सय्याम, अब्दुल सुभान और हुजैफा अहसान ने दो-दो सफलताएं अपने नाम कीं।
भारत को आठवां झटका हुजैफा अहसान ने दिया। उन्होंने मोहम्मद सय्याम के हाथों खिलन पटेल को कैच आउट कराया। वह 19 रन बना पाए। अब हेनिल पटेल और दीपेश देवेंद्रन क्रीज पर मौजूद हैं।
68 के स्कोर पर भारत की आधी टीम पवेलियन लौट गई। वेंदात त्रिवेदी सिर्फ नौ रन बना पाए। अब क्रीज पर अभिज्ञान कुंडू और कनिष्क चौहान मौजूद हैं।
49 के स्कोर पर भारत को दो झटके लगे। आरोन जॉर्ज 16 और वैभव सूर्यवंशी 26 रन बनाकर आउट हुए। जॉर्ज को मोहम्मद सय्याम ने अपना शिकार बनाया। इसके बाद अली राजा ने वैभव को पवेलियन भेजा। फिलहाल क्रीज पर विहान मल्होत्रा और वेंदात त्रिवेदी मौजूद हैं।
भारत को पहला झटका आयुष म्हात्रे के रूप में लगा। उन्हें अली राजा ने फरहान यूसफ के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ दो रन बना पाए। अब वैभव का साथ देने आरोन जॉर्ज आए हैं।
भारत की पारी जारी है। वैभव सूर्यवंशी और आयुष म्हात्रे क्रीज पर मौजूद हैं।
समीर मिन्हास के शतक और अहमद हुसैन के अर्धशतक के दम पर पाकिस्तान ने भारत के सामने 348 रनों का विशाल लक्ष्य रखा है। भारत ने टॉस जीतकर पाकिस्तान को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। पाकिस्तान ने 50 ओवर में आठ विकेट पर 347 रन बनाए। भारत के लिए दीपेश देवेंद्रन ने तीन विकेट लिए जबकि हेनिल पटेल और खिलन पटेल को दो-दो सफलताएं मिलीं। वहीं, कनिष्क चौहान ने एक विकेट अपने नाम किया।
आखिरकार भारत को वो सफलता मिल ही गई, जिसका उसे बेसब्री से इंतजार था। 43वें ओवर की पांचवीं गेंद पर दीपेश ने कनिष्क के हाथों समीर मिन्हास को कैच कराया। वह 113 गेंदों में 17 चौके और नौ छक्के की मदद से 172 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अब फरहान यूसफ का साथ देने हुजैफा अहसान आए हैं। 43 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर चार विकेट पर 302 रन हो गया है।
खिलन पटेल ने पाकिस्तान को तीसरा झटका दिया। उन्होंने अहमद हुसैन को अपना शिकार बनाया। वह 72 गेंदों में 56 रन बनाकर आउट हुए। तीसरे विकेट के लिए उस्मान ने समीर मिन्हास के साथ 137 रनों की साझेदारी निभाई। अब बल्लेबाजी के लिए कप्तान फरहान यूसुफ आए हैं। 38 ओवर के बाद टीम का स्कोर तीन विकेट पर 260 रन है।
फाइनल में पाकिस्तान ने भारतीय गेंदबाजों पर दबदबा बनाया है। अहमद हुसैन ने 69 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह समीर मिन्हास के साथ 137 रनों की पारी निभा चुके हैं।
भारत के खिलाफ खेले जा रहे फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान के समीर मिन्हास ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते नजर आ रहे हैं। उन्होंने 71 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। यह इस टूर्नामेंट में उनका दूसरा शतक है। वह अंडर-19 एशिया कप में सबसे तेज शतक लगाने के मामले में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। शीर्ष पर भारत के वैभव सूर्यवंशी हैं। समीर ने अहमद हुसैन के साथ तीसरे विकेट के लिए 60 से ज्यादा रनों की साझेदारी कर ली है।
पाकिस्तान को दूसरा झटका खिलान पटेल ने दिया। उन्होंने उस्मान खान को अपना शिकार बनाया। वह 35 रन बनाकर आउट हुए। दूसरे विकेट के लिए उस्मान ने समीर मिन्हास के साथ 92 रनों की साझेदारी निभाई। अब अहमद हुसैन बल्लेबाजी के लिए आए हैं। 18 ओवर के बाद स्कोर दो विकेट पर 128 रन है।
फाइनल मुकाबले में समीर मिन्हास ने 29 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। इस टूर्नामेंट में यह उनके बल्ले से निकला दूसरा अर्धशतक है। वह उस्मान के साथ 60 से ज्यादा रनों की साझेदारी निभा चुके हैं और पाकिस्तान का स्कोर 100 के करीब पहुंच गया है।
समीर और उस्मान के बीच 30 से ज्यादा रनों की साझेदारी हो चुकी है। वहीं, पाकिस्तान का स्कोर भी 70 के करीब पहुंच गया है। अब भारत की नजर दूसरे विकेट पर है।
भारत को पहली सफलता हेनिल पटेल ने दिलाई। उन्होंने हम्जा जहूर को आयुष म्हात्रे के हाथों कैच कराया। वह 14 गेंदों में 18 रन बनाकर आउट हुए। हम्जा ने समीर मिन्हास के साथ पहले विकेट के लिए 31 रनों की साझेदारी की। अब समीर का साथ देने उस्मान खान आए हैं।
तीन ओवर का खेल पूरा हो चुका है। समीर मिन्हास 11 और हम्जा जहूर 12 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं। दोनों के बीच 25 रनों की साझेदारी हो चुकी है। भारत की नजर पहले विकेट पर है।
पाकिस्तान की पारी शुरू हो चुकी है। समीर मिन्हास और हम्जा जहूर क्रीज पर मौजूद हैं। पारी का पहला ओवर किशन कुमार डाल रहे हैं।
भारत : आयुष म्हात्रे (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, आरोन जॉर्ज, विहान मल्होत्रा, वेदांत त्रिवेदी, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), कनिष्क चौहान, हेनिल पटेल, खिलान पटेल, दीपेश देवेंद्रन, किशन कुमार सिंह।
पाकिस्तान : समीर मिन्हास, उस्मान खान, अहमद हुसैन, फरहान यूसुफ (कप्तान), हमजा जहूर (विकेटकीपर), हुजैफा अहसन, नकाब शफीक, मोहम्मद शायान, अली रजा, अब्दुल सुभान, मोहम्मद सय्याम।
अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है।
पाकिस्तान ने अब तक केवल एक बार 2012 में एशिया कप का खिताब जीता है, जबकि वह दो बार उपविजेता रह चुका है। दूसरी ओर भारत इस टूर्नामेंट का सबसे सफल देश है। हाल ही में सीनियर टीम ने भी टी20 एशिया कप में पाकिस्तान को तीन बार हराया था और जूनियर टीम उसी लय को आगे बढ़ाने की कोशिश करेगी। पिछले मुकाबलों की तरह इस मैच में भी दोनों टीमों के खिलाड़ी मैच के बाद हाथ नहीं मिलाने की नीति का पालन कर सकते हैं।
पाकिस्तान की सबसे बड़ी ताकत उनका तेज गेंदबाजी आक्रमण है, जिसमें अब्दुल सुभान के अलावा मोहम्मद सैयाम और अली रजा शामिल हैं। स्पिन विभाग में नकाब शफीक और लेग स्पिनर अहमद हुसैन अहम भूमिका निभा सकते हैं। हालांकि, बल्लेबाजी पाकिस्तान के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। कप्तान फरहान यूसुफ की टीम लगातार अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम रही है। समीर मिन्हास, जिन्होंने मलेशिया के खिलाफ नाबाद 177 रन बनाए थे, फाइनल में बड़ी पारी खेलने की कोशिश करेंगे।
तेज गेंदबाज दीपेश देवेंद्रन भारतीय गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई कर रहे हैं। उन्होंने टूर्नामेंट में 11 विकेट लिए हैं और वह पाकिस्तान के अब्दुल सुभान के साथ संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। मलयेशिया के खिलाफ 22 रन देकर पांच विकेट और पाकिस्तान के खिलाफ शीर्ष क्रम को ध्वस्त करना उनके शानदार फॉर्म को दर्शाता है।
फाइनल तक भारत का सफर हरफनमौला प्रदर्शन पर आधारित रहा है। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों ही विभागों में टीम ने खुद को एक मजबूत इकाई के रूप में साबित किया है। भारतीय बल्लेबाजों ने दो बार 400 से अधिक रन का स्कोर खड़ा किया है। इस 50 ओवर के टूर्नामेंट में युवा प्रतिभाओं ने खासा ध्यान खींचा है। 17 वर्षीय विकेटकीपर-बल्लेबाज अभिज्ञान कुंडू ने मलेशिया के खिलाफ 125 गेंदों में नाबाद 209 रन बनाकर युवा वनडे क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया। वहीं, वैभव सूर्यवंशी ने संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ 95 गेंदों में 171 रन की विस्फोटक पारी खेली थी।
जब भी शीर्ष क्रम लड़खड़ाया, मध्यक्रम ने जिम्मेदारी संभाली। हैदराबाद के आरोन जॉर्ज ने लगातार तीन अर्धशतक जड़ते हुए 100 से अधिक के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है। उन्हें विहान मल्होत्रा का अच्छा साथ मिला है, जो श्रीलंका के खिलाफ 61 रन बनाकर नाबाद रहे थे। ऑलराउंडर कनिष्क चौहान ने फिनिशर की भूमिका बखूबी निभाई है। उन्होंने 127 से अधिक के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं और गेंदबाजी में भी अहम योगदान देते हुए चार मैचों में छह विकेट चटकाए हैं। ग्रुप चरण में पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने 33 रन देकर तीन विकेट लिए थे।
भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम रविवार को आईसीसी अकादमी में खेले जाने वाले अंडर-19 एशिया कप फाइनल में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ उतरते हुए रिकॉर्ड नौवां खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी। आयुष म्हात्रे की कप्तानी में भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। भारत ने ग्रुप ए के सभी मुकाबले जीतकर शीर्ष स्थान हासिल किया था, जबकि पाकिस्तान को ग्रुप चरण में एकमात्र हार भारत के हाथों झेलनी पड़ी थी। पिछले रविवार को खेले गए उस मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 90 रन से हराया था। सेमीफाइनल में भी भारत ने अपनी लय बरकरार रखते हुए श्रीलंका को आठ विकेट से मात दी। वहीं, पाकिस्तान ने गत चैंपियन बांग्लादेश को हराकर फाइनल में जगह बनाई।
IND vs PAK Asia Cup U19 Final Live Cricket Score Today : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। अंडर-19 एशिया कप 2025 अपने चरम पर पहुंच चुका है। आज भारत और पाकिस्तान के बीच दुबई स्थित आईसीसी क्रिकेट अकादमी में फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में जीत के साथ टीम इंडिया की नजरें रिकॉर्ड नौवें खिताब पर हैं।