भारतीय टीम ने अंडर-19 विश्व कप 2024 में विजयी आगाज किया है। अपने पहले मैच में बांग्लादेश को भारत ने 84 रन से हराया है। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में सात विकेट खोकर 251 रन बनाए। इसके जवाब में बांग्लादेश की टीम 45.5 ओवर में 167 रन पर सिमट गई।
भारत के लिए सबसे ज्यादा 76 रन आदर्श सिंह ने बनाए। कप्तान उदय सहारन ने 64 रन का योगदान दिया। सचिन धास ने 26 और प्रियांशू-अविनीश ने 23-23 रन का योगदान दिया। बांग्लादेश के लिए मारुफ मृदा ने पांच विकेट झटके। मोहम्मद रिजवान और रहमान रेड्डी को एक-एक विकेट मिला।
बांग्लादेश के लिए सबसे ज्यादा 54 रन मोहम्मद सिहाब जेम्स ने बनाए। वहीं, अरिफुल इस्लाम ने 41 रन की पारी खेली। इन दोनों के अलावा सिर्फ तीन बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा छू पाए। शेख पेवेज जिबॉन 15 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, एशिकुर रहमान सिबली और जिशान आलम ने 14-14 रन का योगदान दिया। भारत के लिए सौम्य पांडे ने चार विकेट झटके। मुशीर खान ने दो विकेट लिए। राज लिंबानी, अर्शिन कुलकर्णी और प्रियांशू मोलिया को एक-एक विकेट मिला।
सौम्य पांडे ने मारुफ मृधा को बोल्ड कर टीम इंडिया को जीत दिलाई। मारुफ ने नौ गेंद में एक रन बनाए।
मोहम्मद इकबाल हुसैन इमाम को सौम्य पांडे ने खाता नहीं खोलने दिया। वह पांचवीं गेंद का सामना करते हुए विकेटों के सामने पकड़े गए।
157 रन पर बांग्लादेश का सातवां विकेट गिरा। मोहम्मद सिहाब जेम्स 77 गेंद में 54 रन बनाकर आउट हुए। मुशीर खान ने उन्हें विकेटों के सामने फंसाया।
142 रन पर बांग्लादेश का छठा विकेट गिरा। बांग्लादेशी कप्तान महफुजुर रहमान रब्बी 11 गेंद में चार रन बनाकर आउट हुए। प्रियांशू मोलिया ने उन्हें उदय सहारन के हाथों कैच कराया।
127 रन पर बांग्लादेश का पांचवां विकेट गिरा। अरिफुल इस्लाम को मुशीर खान ने अरावेल्ली अविनीश के हाथों कैच कराया। अरिफुल ने 71 गेंद में 41 रन बनाए।
चार विकेट पर बांग्लादेश का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। अरिफुल इस्लाम और मोहम्मद सिहाब जेम्स ने शानदार अर्धशतकीय साझेदारी कर बांग्लादेश को मैच में बनाए रखा है। हालांकि, इन दोनों ने काफी धीमी बल्लेबाजी की है और अब बांग्लादेश को हर ओवर में सात से ज्यादा रन बनाने हैं। 31 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर 111/4 है।
50 रन पर बांग्लादेश के चार विकेट गिर चुके हैं। अर्शिन कुलकर्णी ने अहरार अमीन को आउट किया। अहरार ने 15 गेंद में पांच रन बनाए। अब बांग्लादेश के लिए 252 रन का लक्ष्य हासिल करना बेहद मुश्किल होगा। 19 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर 62/4 है।
41 रन पर बांग्लादेश का तीसरा विकेट गिरा है। सौम्य पांडे ने लगातार दो ओवर में विकेट लेकर बांग्लादेश को बैकफुट में ढकेल दिया है। उन्होंने अशिकुर रहमान सिबली को भी क्लीन बोल्ड किया। सिबली ने 35 गेंद में 14 रन बनाए।
39 रन पर बांग्लादेश का दूसरा विकेट गिरा है। चौधरी मोहम्मद रिजवान खाता खोले बिना पवेलियन लौट चुके हैं। सौम्य पांडे ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया।
38 रन पर बांग्लादेश का पहला विकेट गिरा है। जीशान आलम 17 गेंद में 14 रन बनाकर आउट हुए। राज लिंबानी की गेंद पर मुरुगन अभिषेक ने उनका शानदार कैच पकड़ा।
भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में सात विकेट खोकर 251 रन बनाए हैं। सबसे ज्यादा 76 रन आदर्श सिंह ने बनाए। कप्तान उदय सहारन ने 64 रन का योगदान दिया। सचिन धास ने 26 और प्रियांशू-अविनीश ने 23-23 रन का योगदान दिया। बांग्लादेश के लिए मारुफ मृदा ने पांच विकेट झटके। मोहम्मद रिजवान और रहमान रेड्डी को एक-एक विकेट मिला।
245 रन पर भारत के सात विकेट गिर चुके हैं। मुरुगन अभिषेक चार गेंद में चार रन बनाकर आउट हुए। मारुफ मृदा ने उन्हें चौधरी मोहम्मद रिजवान के हाथों कैच कराया।
226 रन पर भारत का छठा विकेट गिरा है। प्रियांशू मोलिया 42 गेंद में 23 रन बनाकर आउट हुए। मारुफ मृधा ने उन्हें अहरार अमीन के हाथों कैच कराया। अब रन बनाने की जिम्मेदारी सचिन पर है।
202 रन पर भारत की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। अरावेल्ली अविनीश 17 गेंद में 23 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने एक चौका और एक छक्का लगाया। मारफा मृधा ने उन्हें मोहम्मद सिहाब जेम्स के हाथों कैच कराया। अब प्रियांशू मोलिया के साथ सचिन धास क्रीज पर हैं। 45 ओवर के बाद भारत का स्कोर 211/5 है।
169 रन के स्कोर पर भारत का चौथा विकेट गिरा है। कप्तान उदय सहारन 94 गेंद में 64 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके लगाए। महफुजुर रहमान रेड्डी ने उन्हें रोहानत दौलह बोरसन के हाथों कैच कराया। अब प्रियांशू मोलिया के साथ अरावेल्ली अविनीश क्रीज पर हैं।
भारत को मैच में तीसरा झटका आदर्श सिंह के रूप में लगा। वह 96 गेंद पर 76 रन बनाकर आउट हुए। आदर्श ने अपनी पारी में छह चौके लगाए। आदर्श को चौधरी मोहम्मद रिजवान ने रोहानात के हाथों कैच कराया। भारत ने 35 ओवर में तीन विकेट पर 160 रन बनाए हैं। उदय सहारन 58 और प्रियांशु मोलिया पांच रन बनाकर नाबाद हैं।
भारत के आदर्श सिंह ने मैच में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने कप्तान उदय के साथ 86 रन की साझेदारी भी कर ली। भारत ने 24 ओवर में दो विकेट पर 117 रन बना लिए हैं।
दो विकेट गिर जाने के बाद आदर्श सिंह और कप्तान उदय सहारन ने मोर्चा संभाल लिया है। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 42 रन की साझेदारी कर ली है। आदर्श 47 गेंद पर 37 और उदय 26 गेंद पर 19 रन बनाकर नाबाद हैं।
भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ 10 ओवर में 45 रन बना लिए हैं। टीम को दो झटके लगे हैं। अर्शिन कुलकर्णी और मुशीर खान पवेलियन लौट चुके हैं। मुशीर ने सात गेंद पर तीन रन बनाए। उन्हें मारुफ ने अशिकुर के हाथों कैच कराया।
भारतीय टीम की शुरुआत मैच में अच्छी नहीं रही। उसे चौथे ओवर में पहला झटका लगा। अर्शिन कुलकर्णी को मारुफ ने अशिकुर के हाथों कैच कराया। अर्शिन ने 17 गेंद पर सात रन बनाए। आदर्श सिंह और मुशीर खान क्रीज पर हैं।
बांग्लादेश: आशिकुर रहमान शिबली (विकेटकीपर), जिशान आलम, चौधरी मोहम्मद रिजवान, अरिफुल इस्लाम, अहरार अमीन, मोहम्मद शिहाब जेम्स, महफुजुर रहमान रब्बी (कप्तान), शेख पावेज जिबोन, मोहम्मद इकबाल हुसैन एम्मोन, मारुफ मृधा, रोहनाट डौला बोरसन।
भारत: आदर्श सिंह, अर्शिन कुलकर्णी, मुशीर खान, उदय सहारण (कप्तान), सचिन धस, प्रियांशु मोलिया, अरावेली अवनीश (विकेटकीपर), मुरुगन अभिषेक, आराध्या शुक्ला, राज लिम्बानी, नमन तिवारी।
अंडर-19 विश्व कप में भारत के खिलाफ बांग्लादेश की टीम ने टॉस जीत लिया है। उसने पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। यह मैच पिछले दो चैंपियन के बीच खेला जा रहा है। 2020 में बांग्लादेश की टीम चैंपियन बनी थी। वहीं, 2022 में भारत ने खिताब अपने नाम किया था।
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। दक्षिण अफ्रीका में हो रहे अंडर-19 विश्व कप में भारतीय टीम अपना पहला मैच शनिवार (20 जनवरी) को खेल रही है। टीम इंडिया के सामने बांग्लादेश की चुनौती है। भारत पिछली बार 2022 में चैंपियन बना था। उसकी नजर खिताब बचाने पर है।