फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND A vs PAK A Highlights: पाकिस्तान ने भारत को आठ विकेट से हराया, माज सदाकत का ऑलराउंड प्रदर्शन

Sun, 16 Nov 2025 11:14 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, दोहा

खास बातें

पाकिस्तान ए ने भारत ए को आठ विकेट से हरा दिया। रविवार को एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2025 के महामुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारत ए टीम ने 19 ओवर में 10 विकेट पर 136 रन बनाए थे। जवाब में पाकिस्तान ए ने माज सदाकत की नाबाद अर्धशतकीय पारी की मदद से महज 13.2 ओवर में 137 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
विज्ञापन
भारत बनाम पाकिस्तान - फोटो : BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:09 PM, 16-Nov-2025

पाकिस्तान ने भारत को हराया

पाकिस्तान ए ने भारत ए को आठ विकेट से हरा दिया। रविवार को एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2025 के महामुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारत ए टीम ने 19 ओवर में 10 विकेट पर 136 रन बनाए थे। जवाब में पाकिस्तान ए ने माज सदाकत की नाबाद अर्धशतकीय पारी की मदद से महज 13.2 ओवर में 137 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।

10:44 PM, 16-Nov-2025

IND A vs PAK A Live Score: 94 पर पाकिस्तान को दूसरा झटका

पाकिस्तान को दूसरा झटका सुयश शर्मा ने दिया। उन्होंने यासिर खान को यश ठाकुर के हाथों कैच कराया। वह नौ गेंदों में सिर्फ 11 रन बना पाए। अब सदाकत का साथ देने मोहम्मद फाइक आए हैं।

10:39 PM, 16-Nov-2025

IND A vs PAK A Live Score: माज सदाकत का अर्धशतक

माज सदाकत ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। वह यासिर खान के साथ साझेदारी कर भारत पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं। नौ ओवर के बाद स्कोर 93/1 है।

विज्ञापन
10:17 PM, 16-Nov-2025

IND A vs PAK A Live Score: पाकिस्तान को पहला झटका

पाकिस्तान को पहला झटका यश ठाकुर ने दिया। उन्होंने नमन धीर के हाथों मोहम्मद नईम को कैच आउट कराया। वह 10 गेंदों में 14 रन बनाकर पवेलियन लौटे। माज सदाकत और मोहम्मद नईम के बीच पहले विकेट के लिए 55 रनों की साझेदारी हुई। अब सदाकत का साथ देने यासिर खान आए हैं।

10:08 PM, 16-Nov-2025

IND A vs PAK A Live Score: पाकिस्तान की अच्छी शुरुआत

माज सदाकत और मोहम्मद नईम ने पाकिस्तान को अच्छी शुरुआत दिलाई है। चार ओवर का खेल पूरा हो चुका है और दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 34 रनों की साझेदारी हो चुकी है।

विज्ञापन
09:53 PM, 16-Nov-2025

IND A vs PAK A Live Score: पाकिस्तान की पारी शुरू

पाकिस्तान की पारी शुरू हो चुकी है। माज सदाकत और मोहम्मद नईम क्रीज पर मौजूद हैं। 

09:38 PM, 16-Nov-2025

IND A vs PAK A Live Score: 136 रन पर सिमटी भारत ए टीम

भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप राइजिंग स्टार्स का महामुकाबला दोहा में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारत ए टीम पर पाकिस्तानी गेंदबाज कहर बनकर टूटे। टीम 19 ओवर में 136 रन पर ऑलआउट हो गई। अब देखना होगा कि जितेश शर्मा की अगुआई वाली भारत ए टीम इस स्कोर को डिफेंड कर पाती है या नहीं। यूएई के खिलाफ पिछले मैच में 144 रनों की धमाकेदार पारी खेलने वाले वैभव सूर्यवंशी इस मैच में 45 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने 28 गेंदों का सामना किया और पांच चौके व तीन छक्के लगाए। उनके अलावा नमन धीर ने 35 और हर्ष दुबे ने 19 रन बनाए। पाकिस्तान के खिलाफ चार भारतीय बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके जबकि दो बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल पाए। पाकिस्तान ए के लिए शाहिद अजीज ने तीन विकेट लिए जबकि साद मसूद और माज सदाकत को दो-दो सफलताएं मिलीं। वहीं, उबैद शाह, अहमद दानियाल और सुफियान मुकीम ने एक-एक विकेट अपने नाम किए।

09:23 PM, 16-Nov-2025

IND A vs PAK A Live Score: 121 पर भारत को सातवां झटका

भारत को सातवां झटका 121 के स्कोर पर लगा। उबैद शाह ने रमनदीप सिंह को अपना शिकार बनाया। वह नौ गेंदों में 11 रन बना पाए। अब हर्ष दुबे और यश ठाकुर क्रीज पर मौजूद हैं। 

09:16 PM, 16-Nov-2025

IND A vs PAK A Live Score: भारत के छह विकेट गिरे

पाकिस्तानी गेंदबाजों के खिलाफ भारतीय बल्लेबाज संघर्ष करते दिख रहे हैं। टीम को पांचवां झटका आशुतोष शर्मा के रूप में लगा। उन्हें साद मसूद ने एलबीडब्ल्यू आउट किया। वह खाता भी नहीं खोल पाए। इसके बाद नेहल वढेरा स्टंप आउट हो गए। वह सिर्फ आठ रन बना पाए। अब क्रीज पर रमनदीप सिंह और हर्ष दुबे मौजूद हैं।

09:03 PM, 16-Nov-2025

IND A vs PAK A Live Score: भारत को चौथा झटका

भारत को चौथा झटका 101 के स्कोर पर लगा। माज सदाकत ने कप्तान जितेश शर्मा को शाहिद अजीज के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ पांच रन बना पाए। अब नेहल वढेरा का साथ देने आशुतोष शर्मा आए हैं।

08:52 PM, 16-Nov-2025

IND A vs PAK Live Score: अर्धशतक से चूके वैभव सूर्यवंशी

भारत को तीसरा झटका सुफियान मुकीम ने दिया। उन्होंने वैभव सूर्यवंशी को अपना शिकार बनाया। वह 28 गेंदों में पांच चौके और तीन छक्के की मदद से 45 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अब जितेश शर्मा का साथ देने नेहल वढेरा आए हैं।

08:44 PM, 16-Nov-2025

IND A vs PAK Live Score: 79 पर भारत को दूसरा झटका

भारत को दूसरा झटका साद मसूद ने दिया। उन्होंने नमन धीर को अपना शिकार बनाया। वह 20 गेंदों में 35 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अब वैभव का साथ देने कप्तान जितेश शर्मा आए हैं।

08:18 PM, 16-Nov-2025

IND A vs PAK Live Score: भारत को पहला झटका

भारत को पहला झटका शाहिद अजीज ने दिया। उन्होंने प्रियांश आर्या को अपना शिकार बनाया। वह नौ गेंदों में सिर्फ 10 रन बना पाए। अब वैभव सूर्यवंशी का साथ देने नमन धीर आए हैं।

07:49 PM, 16-Nov-2025

IND A vs PAK Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग 11 इस प्रकार है

भारत ए : वैभव सूर्यवंशी, प्रियांश आर्य, नेहल वढेरा, नमन धीर, जितेश शर्मा (विकेटकीपर/कप्तान), रमनदीप सिंह, आशुतोष शर्मा, हर्ष दुबे, यश ठाकुर, गुरजापनीत सिंह, सुयश शर्मा।

पाकिस्तान ए : मोहम्मद नईम, माज सदाकत, यासिर खान, मोहम्मद फाइक, इरफान खान (कप्तान), साद मसूद, गाजी गोरी (विकेटकीपर), शाहिद अजीज, उबैद शाह, अहमद दानियाल, सुफियान मुकीम।

07:46 PM, 16-Nov-2025

IND A vs PAK Live Score: पाकिस्तान ने जीता टॉस, गेंदबाजी चुनी

पाकिस्तान ने टॉस जीतकर भारत के खिलाफ गेंदबाजी चुनी है। 

07:01 PM, 16-Nov-2025

IND A vs PAK Live Score: बड़ी पारी खेलना चाहेंगे वैभव

मैच के दौरान वैभव पाकिस्तान शाहीन्स के आक्रमण को स्तब्ध रखने के इरादे से मैदान पर उतरेंगे। वर्तमान टूर्नामेंट में भारत ए के कप्तान जितेश से भी उम्मीद की जा रही है कि वह अपने सीनियर के नक्शेकदम पर चलते हुए पाकिस्तान शाहीन्स के कप्तान इरफान खान से न तो टॉस के समय और न ही मैच के बाद हाथ मिलाएंगे। सबका ध्यान हालांकि 14 साल के सूर्यवंशी पर होगा, जिन्होंने आईपीएल में शतक लगाकर विश्व क्रिकेट में तहलका मचा दिया था। उन्होंने पिछले मैच में यूएई के खिलाफ 52 गेंदों पर 15 छक्कों की मदद से 144 रन की अविश्वसनीय पारी खेली और सीनियर अंतरराष्ट्रीय (ए टीम) क्रिकेट में शतक लगाने वाले सबसे कम उम्र के भारतीय बल्लेबाज बन गए।

भारत ए के मुख्य कोच सुनील जोशी अपने बल्लेबाजों को यह याद दिलाना चाहेंगे कि पाकिस्तान का आक्रमण यूएई की तुलना में बेहतर होगा। भारत के सामने सबसे बड़ी चुनौती दाएं हाथ के तेज गेंदबाज उबैद शाह से होगी, जो सीनियर अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी नसीम शाह के छोटे भाई हैं। भारतीय टीम में अधिकतर वह खिलाड़ी शामिल हैं जिन्होंने आईपीएल में अच्छा प्रदर्शन किया था। भारतीय टीम में जितेश और रमनदीप सिंह ही दो ऐसे खिलाड़ी हैं जो सीनियर टीम की तरफ से अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं। पाकिस्तान शाहीन्स के कप्तान इरफान ने नौ वनडे खेले हैं।

06:22 PM, 16-Nov-2025

IND A vs PAK Live: बीसीसीआई की नीति का पालन करेगी टीम

भारत और पाकिस्तान के बीच पिछले कुछ समय से रिश्ते अच्छे नहीं चल रहे हैं और इसका असर क्रिकेट के मैदान पर भी दिखा है। सीनियर राष्ट्रीय टीम ने एशिया कप के दौरान पाकिस्तान के खिलाड़ियों के साथ हाथ नहीं मिलाया था जिस पर काफी विवाद हुआ था और अब जितेश शर्मा की अगुआई वाली भारत ए टीम भी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की इस नीति का पालन करेगी। 

06:19 PM, 16-Nov-2025

IND A vs PAK Live: भारत-पाकिस्तान के बीच कड़ी टक्कर

भारत और पाकिस्तान की युवा टीमों के बीच आज राइजिंग स्टार्स एशिया कप में आमना-सामना होगा। दोनों टीमों के बीच टी20 प्रारूप का यह मुकाबला भारतीय समयानुसार रात आठ बजे से दोहा में खेला जाएगा। इस मैच में एक बार फिर सभी की नजरें स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर टिकी होंगी जिन्होंने पिछले मैच में शानदार शतक लगाया था। 

06:07 PM, 16-Nov-2025

IND A vs PAK A Highlights: पाकिस्तान ने भारत को आठ विकेट से हराया, माज सदाकत का ऑलराउंड प्रदर्शन

IND A vs PAK Live Score, Doha match updates, Rising Stars Asia Cup 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज भारत ए और पाकिस्तान के बीच एशिया कप राइजिंग स्टार्स में कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी। यह मुकाबला दोहा में खेला जाएगा, जिसमें टीम इंडिया जीत की लय बरकरार रखने का लक्ष्य लेकर उतरेगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें