फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

GT vs SRH Highlights: गुजरात ने हैदराबाद को सात विकेट से हराया, मिलर ने छक्के के साथ खत्म किया मैच

Sun, 31 Mar 2024 07:05 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, अहमदाबाद

खास बातें

SRH vs GT Indian Premier League 2024 : सनराइजर्स हैदराबाद और गुजरात टाइटंस के बीच आईपीएल 2024 का 12वां मैच अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और 162 रन बनाए। जवाब में गुजरात ने 19.1 ओवर में तीन विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
विज्ञापन
डेविड मिलर और साई सुदर्शन - फोटो : IPL
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:55 PM, 31-Mar-2024

गुजरात ने हैदराबाद को हराया

आईपीएल 2024 के 12वें मैच में गुजरात टाइटंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को सात विकेट से हरा दिया है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद ने 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 162 रन बनाए थे। जवाब में गुजरात ने 19.1 ओवर में तीन विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। डेविड मिलर ने विनिंग शॉट लगाया। उन्होंने 20वें ओवर में जयदेव उनादकट की पहली गेंद पर लॉन्ग ऑफ के ऊपर से छक्के लगाया। 

मिलर 27 गेंद में चार चौके और दो छक्के की मदद से 44 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, विजय शंकर 11 गेंद में 14 रन बनाकर नाबाद रहे। साई सुदर्शन ने 45 रन की पारी खेली। इस जीत के साथ गुजरात टाइटंस की टीम अंक तालिका में तीन मैचों में दो जीत और चार अंक के साथ चौथे स्थान पर पहुंच गई है। वहीं, हैदराबाद की टीम तीन मैचों में एक जीत और दो अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है। हैदराबाद का अगला मैच पांच अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स से है। वहीं, गुजरात की टीम चार अप्रैल को पंजाब किंग्स से भिड़ेगी।

06:39 PM, 31-Mar-2024

GT vs SRH Live: गुजरात को तीसरा झटका

गुजरात को 138 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। पैट कमिंस ने साई सुदर्शन को अभिषेक शर्मा के हाथों कैच कराया। सुदर्शन 36 गेंद में चार चौके और एक छक्के की मदद से 45 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल डेविड मिलर और विजय शंकर क्रीज पर हैं। 17 ओवर के बाद गुजरात का स्कोर तीन विकेट पर 147 रन है। गुजरात को जीत के लिए 18 गेंद में 16 रन की जरूरत है।

06:22 PM, 31-Mar-2024

GT vs SRH Live: सुदर्शन-मिलर क्रीज पर

गुजरात ने 13 ओवर के बाद दो विकेट गंवाकर 98 रन बना लिए हैं। फिलहाल साई सुदर्शन 28 गेंद में 30 रन और डेविड मिलर छह रन बनाकर क्रीज पर हैं। गुजरात को 42 गेंद में 65 रन की जरूरत है। शुभमन गिल 28 गेंद में 36 रन बनाकर आउट हुए।

विज्ञापन
06:03 PM, 31-Mar-2024

GT vs SRH Live: शुभमन पवेलियन लौटे

नौ ओवर के बाद गुजरात टाइटंस ने एक विकेट गंवाकर 74 रन बना लिए थे। इसके बाद स्ट्रैटजी टाइम आउट हुआ और टाइम आउट के बाद पहली ही गेंद पर शुभमन गिल आउट हो गए। गुजरात को अब 89 रन की जरूरत है। गिल ने 28 गेंद में दो चौके और एक छक्के की मदद से 36 रन की पारी खेली। फिलहाल वॉशिंगटन सुंदर और डेविड मिलर क्रीज पर हैं।

05:43 PM, 31-Mar-2024

GT vs SRH Live: गुजरात को पहला झटका

पांचवें ओवर में 36 के स्कोर पर गुजरात को पहला झटका लगा। शाहबाज अहमद ने ऋद्धिमान साहा को पैट कमिंस के हाथों कैच कराया। वह 13 गेंद में एक चौका और दो छक्के की मदद से 25 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल शुभमन गिल और इम्पैक्ट प्लेयर साई सुदर्शन क्रीज पर हैं। छह ओवर के बाद स्कोर एक विकेट पर 52 रन है। फिलहाल साई सुदर्शन नौ रन और शुभमन गिल 18 रन बनाकर क्रीज पर हैं।

विज्ञापन
05:28 PM, 31-Mar-2024

GT vs SRH Live: गुजरात की पारी शुरू

गुजरात की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। हैदराबाद के लिए पहले ओवर में भुवनेश्वर कुमार गेंदबाजी के लिए आए और इस ओवर में सात रन बने।

05:09 PM, 31-Mar-2024

GT vs SRH Live: हैदराबाद ने 162 रन बनाए

सनराइजर्स हैदराबाद ने गुजरात टाइटंस के सामने 163 रन का लक्ष्य रखा है। टीम ने 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 162 रन बनाए। तीन विकेट तो हैदराबाद की टीम ने 20वें ओवर में गंवाए। आखिरी ओवर करने के लिए मोहित शर्मा आए। उन्होंने इस ओवर में मात्र तीन रन दिए। साथ ही दो विकेट भी लिए। आखिरी गेंद पर अब्दुल समद रन आउट हुए। मोहित ने कुल मिलाकर तीन विकेट लिए। वहीं, हैदराबाद के लिए सबसे ज्यादा रन समद ने बनाए। उन्होंने 14 गेंद में 29 रन की पारी खेली। अभिषेक ने भी 20 गेंद में 29 रन की पारी खेली।

हैदराबाद की पारी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद की शुरुआत खराब रही थी। मयंक अग्रवाल फिर फेल रहे और 17 गेंद में 16 रन बनाकर अजमतुल्लाह ओमरजई की गेंद पर पवेलियन लौटे। इसके बाद ट्रेविस हेड को नूर अहमद ने क्लीन बोल्ड किया। वह 14 गेंद में 19 रन बना सके। अभिषेक शर्मा को मोहित शर्मा ने शुभमन के हाथों कैच कराया। अपनी पारी में उन्होंने दो चौके और दो छक्के लगाए। एडेन मार्करम 19 गेंद में 17 रन और हेनरिच क्लासेन 13 गेंद में 24 रन बनाकर आउट हुए।

क्लासेन ने अपनी पारी में एक चौका और दो छक्के लगाए। शाहबाज अहमद 20 गेंद में 22 रन और समद ने 14 गेंद पर 29 रन की पारी में तीन चौके और एक छक्का लगाया। सुंदर इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर आए और खाता नहीं खोल सके। गुजरात की ओर से मोहित ने तीन विकेट लिए। वहीं, ओमरजई, उमेश, राशिद और नूर को एक-एक विकेट मिला। 

04:51 PM, 31-Mar-2024

GT vs SRH Live: शाहबाज-समद क्रीज पर

17 ओवर के बाद सनराइजर्स हैदराबाद ने पांच विकेट गंवाकर 137 रन बना लिए हैं। फिलहाल अब्दुल समद और शाहबाज अहमद क्रीज पर हैं। गुजरात ने पिछले कुछ ओवरों में शानदार गेंदबाजी की है। 13 ओवर में स्कोर तीन विकेट पर 104 रन था। पिछले चार ओवर में हैदराबाद की टीम 33 रन ही बना सकी है।

04:40 PM, 31-Mar-2024

GT vs SRH Live: हैदराबाद को पांचवां झटका

सनराइजर्स हैदराबादग को 15वें ओवर में 114 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा। एडेन मार्करम को उमेश यादव ने राशिद खान के हाथों कैच कराया। वह 19 गेंद में 17 रन बना सके। फिलहाल अब्दुल समद और शाहबाज अहमद क्रीज पर हैं। समद ने आते ही उमेश की लगातार दो गेंदों पर दो चौके लगाए। 15 ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर पांच विकेट पर 122 रन है।

04:35 PM, 31-Mar-2024

GT vs SRH Live: हैदराबाद को चौथा झटका

14वें ओवर में 108 के स्कोर पर सनराइजर्स हैदराबाद को चौथा झटका लगा। राशिद खान ने खतरनाक दिख रहे हेनरिच क्लासेन को क्लीन बोल्ड किया। बोल्ड होने के बाद क्लासेन काफी नाराज दिखे और हाथ से बल्ले पर मारा। वह 13 गेंद में एक चौका और दो छक्के की मदद से 24 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल शाहबाज अहमद और मार्करम क्रीज पर हैं। 14 ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर चार विकेट पर 109 रन है।

04:30 PM, 31-Mar-2024

GT vs SRH Live: क्लासेन-मार्करम क्रीज पर

13 ओवर के बाद सनराइजर्स हैदराबाद ने तीन विकेट गंवाकर 104 रन बना लिए हैं। फिलहाल हेनरिच क्लासेन 10 गेंद में 21 रन और एडेन मार्करम 17 गेंद में 16 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अभी तक 18 गेंद में 30 रन की साझेदारी हो चुकी है। मयंक अग्रवाल, ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा पवेलियन लौट चुके हैं।

04:17 PM, 31-Mar-2024

GT vs SRH Live: सनराइजर्स को तीसरा झटका

10 ओवर के बाद सनराइजर्स हैदराबाद ने तीन विकेट गंवाकर 74 रन बना लिए हैं। इस ओवर की आखिरी गेंद पर मोहित शर्मा ने अभिषेक शर्मा को शुभमन गिल के हाथों कैच कराया। वह 20 गेंद में दो चौके और दो छक्के की मदद से 29 रन बना सके। फिलहाल हेनरिच क्लासेन और एडेन मार्करम क्रीज पर हैं।

04:04 PM, 31-Mar-2024

GT vs SRH Live: हैदराबाद को दूसरा झटका

सातवें ओवर में 58 के स्कोर पर सनराइजर्स हैदराबाद को दूसरा झटका लगा। आईपीएल 2024 में अपना पहला मैच खेल रहे चाइनामैन स्पिनर नूर अहमद ने ट्रेविस हेड को क्लीन बोल्ड किया। हेड ने 14 गेंद में तीन चौके की मदद से 19 रन बनाए। फिलहाल अभिषेक शर्मा और एडेन मार्करम क्रीज पर हैं। सात ओवर के बाद सनराइजर्स का स्कोर दो विकेट पर 60 रन है।

04:00 PM, 31-Mar-2024

GT vs SRH Live: पावरप्ले खत्म

छह ओवर यानी पावरप्ले खत्म होने के बाद सनराइजर्स हैदराबाद ने एक विकेट गंवाकर 56 रन बना लिए हैं। पावरप्ले का आखिरी ओवर करने राशिद खान आए और उनकी लगातार दो गेंदों पर अभिषेक ने दो छक्के लगाए। फिलहाल ट्रेविस हेड 12 गेंद में 18 रन और अभिषेक शर्मा सात गेंद में 19 रन बनाकर क्रीज पर हैं।

03:48 PM, 31-Mar-2024

GT vs SRH Live: सनराइजर्स को पहला झटका

सनराइजर्स हैदराबाद को पांचवें ओवर में 34 के स्कोर पर पहला झटका लगा। मयंक अग्रवाल को अजमतुल्लाह ओमरजई ने दर्शन नालकंडे के हाथों कैच कराया। वह 17 गेंद में 16 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने दो चौके लगाए। फिलहाल अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड क्रीज पर हैं।

03:32 PM, 31-Mar-2024

GT vs SRH Live: सनराइजर्स के ओपनर्स क्रीज पर

सनराइजर्स के ओपनर्स मयंक अग्रवाल और ट्रेविस हेड क्रीज पर हैं। गुजरात के लिए पहले ओवर में अजमतुल्लाह ओमरजई ने गेंदबाजी की। एक ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर बिना कोई विकेट गंवाए 11 रन है। फिलहाल हेड चार गेंद पर 10 रन और मयंक एक रन बनाकर क्रीज पर हैं।

03:05 PM, 31-Mar-2024

GT vs SRH Live: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

गुजरात टाइटंसः ऋद्धिमान साह (विकेटकीपर), शुभमन गिल (कप्तान), अजमातुल्लाह ओमरजई, डेविड मिलर, विजय शंकर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, नूर अहमद, दर्शन नालकंडे, उमेश यादव, मोहित शर्मा। इम्पैक्ट प्लेयर: साई सुदर्शन, साई किशोर, शरथ बीआर, मानव सुथार, अभिनव मनोहर।

सनराइजर्स हैदराबादः मयंक अग्रवाल, ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, एडेन मार्करम, हेनरिच क्लासेन (विकेटकीपर), अब्दुल समद, शाहबाज अहमद, पैट कमिंस (कप्तान), भुवनेश्वर कुमार, मयंक मारकंडे, जयदेव उनादकट। इम्पैक्ट प्लेयर: उमरान मलिक, नीतीश रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, उपेंद्र यादव।
 

03:00 PM, 31-Mar-2024

GT vs SRH Live: हैदराबाद ने जीता टॉस

गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं, गुजरात के कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि अगर वह टॉस जीतते तो पहले गेंदबाजी करते। हालांकि, उन्हें उनके मनमुताबिक फैसला टॉस हारने पर भी मिला है। ऐसे में गुजरात के लिए टॉस हारने नुकसानदायक नहीं रहा। शुभमन ने प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए हैं। तेज गेंदबाज स्पेंसर जॉनसन की जगह चाइनामैन स्पिनर नूर अहमद और साई किशोर की जगह दर्शन नालकंडे आए हैं।

02:50 PM, 31-Mar-2024

GT vs SRH Live: शुभमन की बल्लेबाजी पर निर्भर गुजरात

शुभमन गिल का बल्ला अब तक इस आईपीएल में नहीं चला है। टीम पूरी तरह उन पर निर्भर है। अगर शुभमन का बल्ला आज चलता है तो सनराइजर्स के लिए मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं।

02:50 PM, 31-Mar-2024

GT vs SRH Live: अभिषेक पर रहेंगी नजरें

ऑस्ट्रेलिया को विश्व कप दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले ट्रेविस हेड में यादगार डेब्यू किया है और पिछले मैच में उन्होंने सनराइजर्स के लिए सबसे तेज 18 गेंदों पर पचासा जड़ा था। हालांकि अनकैप्ड भारतीय बल्लेबाज अभिषेक शर्मा भी पीछे नहीं रहे थे तो उन्होंने उसी मैच में हेड को पीछे छोड़ते हुए 16 गेंदों पर ही अर्धशतक लगा दिया था। 2018 में डेब्यू करने वाले अभिषेक ने 2021 सीजन तक 1 पारियों में 127.1 के स्ट्राइक रेट से 178 रन ही बनाए थे, लेकिन पिछले दो सीजन से उनकी बल्लेबाजी में काफी सुधार आया। अभिषेक ने 2022 में 14 पारियों में 426 रन बनाए, जबकि 2023 में वह 11 पारियों में 226 रन ही बना सके। मौजूदा सत्र में अभिषेक दो मैचों में 95 रन बना चुके हैं और इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 226.2 का रहा है। गुजरात के खिलाफ एक बार फिर अभिषेक पर नजरे रहेंगी। 

02:50 PM, 31-Mar-2024

GT vs SRH Live: क्लासेन के छक्कों का नहीं है तोड़

सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाज हेनरिच क्लासेन इस सीजन अपने बल्ले से काफी प्रभाव छोड़ रहे हैं। उन्होंने दोनों मैचों में टीम के लिए अच्छी पारियां खेली हैं और अबतक 15 छक्के लगा चुके हैं। इस साल क्लासेन ने टी20 प्रारूप में कुल 53 छक्के लगाए हैं जो सर्वाधिक है। क्लासेन 5.4 पर औसतन एक छक्का लगा रहे हैं। क्लासेन की खास बात यह है कि वह सामने की ओर सबसे अधिक प्रहार करते हैं। 

02:49 PM, 31-Mar-2024

GT vs SRH Live: सीएसके के खिलाफ फ्लॉप रहा था गुजरात का बल्लेबाजी क्रम

पिछले मैच में सीएसके के खिलाफ बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात का बल्लेबाजी क्रम लड़खड़ा गया था और साई सुदर्शन को छोड़कर टीम का कोई बल्लेबाज 30 से अधिक रन भी नहीं बना सका था। सुदर्शन और विजय शंकर ने इस दौरान धीमी बल्लेबाजी की, जबकि गिल की टी20 पारी की फिर आलोचना हो रही है जो इस सीजन दो पारियों में कुछ खास नहीं कर सके हैं। वहीं, डेविड मिलर भी अबतक रन बनाने के लिए जूझते नजर आए हैं और मध्य ओवरों में उनकी बल्लेबाजी काफी धीमी रही है। 

02:49 PM, 31-Mar-2024

GT vs SRH Live: गेंदबाजी गुजरात के लिए चिंता का सबब

गुजरात टाइटंस को अबतक आईपीएल के इस सीजन में तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की कमी खल रही है। उनकी जगह टीम में खेल रहे उमेश यादव शमी के बराबर का प्रदर्शन करते नहीं दिख रहे हैं जो गुजरात के लिए चिंता का सबब बनता जा रहा है। पिछले मैच में सीएसके से मिली हार के कारण गुजरात का नेट रनरेट भी काफी प्रभावित हुआ है। गुजरात के लिए पिछले दो सीजन अच्छे रहे थे जिसमें टीम एक बार विजेता बनी, जबकि पिछले सीजन उपविजेता रही। गुजरात को अगर इसी प्रदर्शन को बनाए रखना है तो उसे गेंदबाजी में सुधार करना होगा। हालांकि टीम के स्टार स्पिनर राशिद खान से गुजरात को काफी उम्मीदें जो टीम की जीत के सूत्रधार रहे हैं। गुजरात की टीम राशिद पर काफी निर्भर रहती है और कई बार उनका प्रदर्शन टीम की जीत या हार तय करता है। 

02:48 PM, 31-Mar-2024

GT vs SRH Live: सनराइजर्स के लिए गिल को रोकना होगा अहम

सनराइजर्स ने भले ही पिछले मैच में शानदार प्रदर्शन किया था, लेकिन शुभमन गिल का अहमदाबाद में रिकॉर्ड बेहतर रहा है। गिल ने अहमदाबाद में खेली 13 आईपीएल पारियों में 63.6 के औसत से 700 रन बनाए हैं। किसी एक मैदान पर कम से कम 500 रन बनाने वाले किसी बल्लेबाज का यह चौथा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। गिल ने पांच पारियों में 50 से अधिक का स्कोर बनाया है। ऐसे में गिल को इस मैदान पर रोकना किसी भी टीम के गेंदबाजों के लिए आसान नहीं होता है। सनराइजर्स को अगर अच्छा करना है तो उन्हें गिल को रोकने का तरीका ढूंढना होगा। 

02:48 PM, 31-Mar-2024

GT vs SRH Live: सनराइजर्स शायद ही करे कोई बदलाव

मुंबई के खिलाफ सनराइजर्स का प्रदर्शन जिस तरह का रहा था उससे देखकर लग रहा है कि टीम गुजरात के खिलाफ प्लेइंग-11 में किसी तरह की छेड़छाड़ से बचना चाहेगी, जबकि गुजरात की टीम में गेंदबाजी स्तर पर मामूली बदलाव हो सकता है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला अब से कुछ ही देर में शुरू होगा। सनराइजर्स हैदराबाद की कोशिश जीत की लय बरकरार रखने की होगी, जबकि गुजरात की नजरें जीत की पटरी पर लौटने की होगी।

02:44 PM, 31-Mar-2024

सनराइजर्स हैदराबाद और गुजरात टाइटंस के बीच आईपीएल का 12वां मुकाबला अब बस कुछ ही देर ही में अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में शुरू होगा। दोनों टीमों का इस सीजन अबतक किस तरह का प्रदर्शन रहा है आइए डालते हैं उस पर नजर। सनराइजर्स ने अपने पिछले मुकाबले में मुंबई इंडियंस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया था और आईपीएल इतिहास का सबसे ज्यादा बड़ा स्कोर बनाया था। वहीं, गुजरात टाइटंस को पिछले मैच में गत चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) से हार का सामना करना पड़ा था।

02:41 PM, 31-Mar-2024

GT vs SRH Highlights: गुजरात ने हैदराबाद को सात विकेट से हराया, मिलर ने छक्के के साथ खत्म किया मैच

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। सनराइजर्स हैदराबाद और गुजरात टाइटंस के बीच आज आईपीएल 2024 का 12वां मैच अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है। गुजरात और हैदराबाद ने इस टूर्नामेंट के मौजूदा सीजन में दो-दो मैच खेले हैं और दोनों टीमों के एक-एक मैच में जीत और एक में हार मिली है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें